Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 649 -
होम ब्लॉग पेज 649

2nd वनडे मैच : भारत ने ज़िम्बाब्वे को पांच विकेट से मात दी

हरारे। भारत ने शार्दुल ठाकुर (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद संजू सैमसन (43 रन) और शिखर धवन (33 रन) के योगदानों की बदौलत ज़िम्बाब्वे को दूसरे एकदिवसीय मैच में शनिवार को पांच विकेट से मात देकर शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की।

ज़िम्बाब्वे ने भारत को 50 ओवर में 162 रन का न्यून लक्ष्य दिया था, जिसे केएल राहुल की टीम ने 25.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और तेज़ गेंदबाज़ों ने ऊपरी क्रम को बिना समय व्यर्थ किए पवेलियन लौटाया। ठाकुर ने जहां इनोसेंट काइया (16) और कप्तान रेगिस चकाब्वा (2) का विकेट लिया, वहीं मोहम्मद सिराज ने टी काइटानो (7) और प्रसिद्ध कृष्णा ने वेस्ले माधेवेरे (2) को आउट किया।

सिकंदर रज़ा और सीन विलियम्स के बीच पांचवें विकेट के लिए साझेदारी पनप रही थी, लेकिन कुलदीप यादव ने रज़ा (16) को आउट करके इसपर विराम लगाया। ज़िम्बाब्वे की आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद विलियम्स ने रायन बर्ल के साथ मिलकर पारी को संभालना चाहा, लेकिन वे नाकाम रहे और टीम 161 पर ऑल आउट हो गई। विलियम्स ने 42 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की बदौलत 42 रन बनाए, जबकि बर्ल 47 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारतीय टीम में दीपक चाहर की जगह आए शार्दुल ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने किफायती गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए आठ ओवर में मात्र 16 रन दिये और एक विकेट झटका। दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, कृष्णा और यादव को भी एक-एक विकेट हासिल हुआ।

जब भारत 162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरा तो गिल के स्थान पर कप्तान राहुल ओपनिंग करने आए। राहुल एशिया कप से पहले विकेट पर समय बिताना चाहते थे लेकिन विक्टर न्यौची की गेंद ने उनकी मंशा पर पानी फेर दिया और वह एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गिल ने धवन के साथ 42 रन की साझेदारी की। धवन ने आउट होने से पहले 21 गेंदों पर चार चौकों की बदौलत 33 रन बनाए। ल्यूक जॉन्ग्वे ने कुछ देर बाद चौथे नंबर पर आए ईशान किशन (6) और गिल (33) को भी आउट कर दिया।

भारत के 97 रन पर चार विकेट गिरने के बाद सैमसन और दीपक हुड्डा ने 56 रन की साझेदारी की। संजू ने तीन चौकों और चार छक्कों के साथ 39 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि हुड्डा ने 36 गेंदों पर तीन चौके लगाते हुए 25 रन की पारी खेली।

जब भारत को जीत के लिए नौ रन की आवश्यकता थी तब हुड्डा सिकंदर रज़ा की गेंद पर अपना विकेट खो बैठे जिसके बाद संजू और अक्षर पटेल (6) ने भारत को जीत तक पहुंचाया। भारत ने शृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने के साथ-साथ ज़िम्बाब्वे पर लगातार 14वीं जीत दर्ज की है, जो एक प्रतिद्वंदी के खिलाफ भारत की सर्वाधिक लगातार विजय हैं। सीरीज़ का तीसरा और आखिरी मैच हरारे के मैदान में 22 अगस्त को खेला जाएगा, जिसके बाद भारतीय टीम एशिया कप का रुख करेगी।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

अगरतला। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव के खिलाफ शहर के बनमालीपुर इलाके में बिना किसी घोषणा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी तस्वीर को अवैध रूप से खड़ा करने को लेकर एक वकील ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

त्रिपुरा उच्च न्यायालय के अधिवक्ता भास्कर देववर्मा ने पूर्वी अगरतला थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें शिकायत की गई है कि देव ने बनमालीपुर के कई स्थानों पर अपनी और प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों के साथ बड़ी संख्या में फ्लेक्स लगाए लेकिन प्रिंटर और प्रकाशकों का उल्लेख किए बिना आजादी का अमृत महोत्सव अंकित किया।

इस बीच पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और कुछ सबूत एकत्र किए गए हैं। जांच के क्रम में यदि आवश्यक हुआ तो देव को उनके बयान के लिए बुलाया जाएगा और तय समय में मामले को निर्णय लेने के लिए अदालत के समक्ष रखा जाएगा।

देववर्मा ने कहा कि कोई भी राजनीतिक नेता प्रचार कर सकता है, लेकिन कानून के प्रावधानों के अनुसार फ्लेक्स, होर्डिंग्स और साइनबोर्ड में प्रिंटर का नाम और उन्हें कहां से मुद्रित किया गया है, उल्लेख करने की आवश्यकता है। हैरानी की बात यह है कि प्रधानमंत्री की तस्वीर का उपयोग करके सभी औपचारिकताओं का उल्लंघन करते हुए ने बड़ी संख्या में फ्लेक्स लटकाए जबकि अगरतला नगर निगम ने इस तरह के अभियान के लिए देव को कोई अनुमति नहीं दी।

सवालों से भाग रहे हैं सिसोदिया, केजरीवाल, वे कानून से बच नहीं सकेंगे: अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में शराब के ठेकों के आवंटन में आम आदमी पार्टी सरकार की धांधली को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर जोरदार हमला बाेलते हुए कहा कि आम आदमी सरकार ने नई आबकारी नीति तब वापस ली जब उसमें भ्रष्टाचार सार्वजनिक हो गया।

भाजपा ने कहा है कि इस नीति में नौ हजार करोड़ रुपए राजस्व का दावा किया गया था लेकिन सरकार को मिले केवल 1400 करोड़ रुपए जबकि इसी दौरान ह्विस्की और वाइन की बिक्री में 60 से लेकर 80 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई।

पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पार्टी मुख्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नई आबकारी नीति को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के समक्ष कई सवाल खड़े करते हुए कहा कि वे इन सवालों से भाग रहे हैं, पर कानून उनका पीछा नहीं छोड़ेगा।

ठाकुर ने इस प्रकरण में दिल्ली सरकार के आचरण को ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ दिखने पर चोर द्वारा दाढ़ी मुड़वा लेने’ जैसा बताते हुए कहा कि जब शराब के ठेके देने में दिल्ली सरकार का भ्रष्टाचार दिख गया तो सिसोदिया और केजरीवाल ने नीति वापस लेली।

सवाल है कि दिल्ली की शराब नीति शराब माफिया ने बनाई थी या दिल्ली की सरकार ने इसे शराब माफिया के लिए बनाई। ठाकुर ने कहा कि पंजाब के चुनाव के पहले दिल्ली में नई शराब की नीति का आना बहुत कुछ कहता है। उन्होंने क्रिकेट की शब्दावली का उपयोग करते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार में एक के बाद एक विकेट गिर रहे हैं। दिल्ली से पंजाब तक आप सरकार के भ्रष्टाचार को बोलबाला दिखने लगा है।

ठाकुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आबकारी नीति में जब यह मनाही थी कि शराब बनाने वाली कंपनियों को दिल्ली में खुदरा दुकान चलाने का लाइसेंस नहीं दिया जा सकता तो इस शर्त का उल्लंघन कर ऐसी कंपनियों को ठेके क्यों दिए गए? कार्टेल कंपनियों को शराब बेचने का ठेका क्यों दिया? आप यह भी बताएं कि इंडोस्प्रिट जैसी ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को ठेका दिया कि नहीं दिया?

दिल्ली के ही आबकारी विभाग ने जब 25 अक्टूबर को ब्लैक लिस्टेड कंपनियों और बाकी कंपनियों को नोटिस दिया था तो उस पर आप सरकार ने क्या कार्रवाई की? ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार न केवल रेवड़ी की सरकार है बल्कि बेवड़ी सरकार भी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा था कि उनका कोविड से कोई लेना-देना नहीं है तो शराब माफिया से उनका क्या लेना-देना है?

ठाकुर ने कहा कि सवाल यह भी कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बिना शराब माफिया को 144 करोड़ रुपए क्यों वापस किए? किसके कहने पर वापस किए गए? क्या यह केवल श्री सिसोदिया का निर्णय था, या इसमें केजरीवाल भी शामिल थे?

उन्होंने कहा कि देश और दिल्ली सरकार का पैसा शराब व्यापारियों को क्यों दिया गया, इसका जवाब केजरीवाल को देना ही होगा। न्यूयार्क टाइम्स अखबार में दिल्ली के स्कूलों की तारीफ वाली खबर को ढाल बनाए जाने की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कहा शराब घोटाले को अन्य बातों से नहीं ढका जा सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि आप के नेता सवालों और सच्चायी से भागते हैं? सिसोदिया आज मीडिया के सवालों से भाग रहे थे। केजरीवाल और सिसोदिया को जनता से भी भागना पड़ेगा। ठाकुर ने यह भी पूछा कि ठेकों के लिए बोली लगाने 30 करोड़ रुपए ईएमडी (अर्नेट मनी) क्यों वापस की गई, इसमें से कितना पैसा आप के पाकेट में गया?

केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल को खुली चुनौती है कि वे मीडिया के सामने आकर इन सवालों का जवाब दें। आप सीबीआई के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहे हैं और आप मीडिया के सवालों का सामना भी नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने यह भी पूछा कि आप सरकार ने शराब के दुकानदारों के कमीशन दो प्रतिशत से बढ़ा कर 12 प्रतिशत क्यों किए? उन्हें लाइसेंस के ठेके में शामिल बिचौलियों के साथ आपने रिश्तों का भी जवाब देने होंगे।

ठाकुर ने कहा अरविंद केजरीवाल भष्टाचार के सरगना है और मनीष सिसोदिया का नया नाम है मनी-ष। इनका धंधा है कमाई करो और चुप रहो, घोटाले करो जनता से मुंह चुराओ, महिला पत्रकार को टेढ़े सवाल पर उसको धमकाओं। यह निंदनीय है।

गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल ने अन्ना आंदोलन के समय अपनी जो ‘स्वराज’ पुस्तक बांटी थी उसमें शराब की दुकानों के विस्तार का विरोध किया गया है, पर उसे भुला कर उन्होंने राजधानी में शराब की दुकानों का जाल तीन गुना कर दिया। उन्होंने कहा कि आप के लोगों ने जब नई आबकारी नीति पेश की थी तो उसकी तारीफ करते थकते नहीं थे। इक्कीस नवंबर 2021 को जब यह नीति घोषित की गई थी, तो पत्रकारों ने इसकी जरूरत के बारे में पूछा तो, यह नीति दिल्ली में शराब के समान वितरण में उपयोगी होगी।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की आप सरकार को जनता को साफ पानी, सीवरेज और परिवहन व्यवस्था के समान वितरण की चिंता नहीं थी। दिल्ली के युवाओं को शराब की लत में कैसे झोंका जाए, इसकी चिंता उन्हें जरूर थी।

उन्होंने सवाल किया कि पहले दिल्ली में 21 ड्राई डे थे। आजादी के बाद पहली बार किसी राज्य ने ड्राई डे (शराब बिक्री बंद रखने) के दिनों की संख्या घटा कर तीन किया। दिल्ली में गुरुगोविंद जयंती, होली, दिवाली, राम नवमी, मोहर्रम जैसे पर्वों पर शराब बंदी को खत्म कर दिया। यह नई शराब नीति की घोषणा के बाद किया गया। बीयर पर आयात शुल्क 50 रुपए घटाया गया। यह बिल्कुल गैर कानूनी था।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में ढाई सौ ठेकों को बढ़ाकर साढ़े आठ सौ कर दिया था। यह काम नई शराब नीति की घोषणा के बाद किया गया और मंदिर, विद्यालय तथा नान कन्फर्मिंग जोन तक में शराब की दुकानों के लाइसेंस दिए गए। जब महिलाएं अपने इलाकों में शराब की दुकानों का विरोध कर रही थीं तो बाउंसरों से पिटवाया गया। केजरीवाल और सिसौदिया को इन घटनाओं पर मुंह नहीं खोलना था। उनकी चिंता केवल शराब माफिया को फायदा पहुंचाने की थी।

गुप्ता ने कहा कि जब तक आप सरकार को शराब नीति वापस लेने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ा था, तब तक सिसोदिया और केजरीवाल इसे फायदे की नीति बता रहे थे और अब अपनी बात बदल रहे हैं।

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आप सरकार शराब हित के लिए काम करने को प्रसिद्ध हो गई है। स्कूल और धर्मस्थलों के सामने शराब की दुकानें खुलने पर महिलाएं अपने बच्चों के भविष्य के लिए रो रहीं थी। उन महिलाओं की हाय इस सरकार को लगी है।

तिवारी ने कहा कि पहले सिसोदिया का कहना था कि यह बेस्ट आबकारी पालिसी है। गड़बड़ी सामने आई तो कहना शुरू कर दिया कि इसे तो एलजी साहब लाए थे और जैसे जांच शुरू होते है नीति वापस ले ली। अब फिर मनीष सिसौदिया का यह कहना कि यह सबसे अच्छी नीति है।

तिवारी ने सवाल किया कि यदि ऐसा है तो दिल्ली सरकार को इससे 9500 करोड़ रुपए के राजस्व होने के दावों के समक्ष केवल 1400 करोड़ रुपए का राजस्व ही क्यों मिला? दिल्ली में ह्विस्की वाइन की बिक्री 60 से 80 प्रतिशित बढ़ी तो राजस्व क्यों कम हुआ। 8100 करोड़ रुपए का राजस्व कहां गया? उन्होंने कहा कि सिसौदिया और केजरीवाल इस मुद्दे को भटकाना चाहते हैं लेकिन अपराध करने वाले कानून से बच नहीं सकते।

मुंबई पुलिस को मिली ’26/11 स्टाइल’ हमले की धमकी

मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस यातायात नियंत्रण कक्ष को शनिवार को एक पाकिस्तानी नंबर से धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें देश की आर्थिक राजधानी में ’26/11 जैसे हमले की चेतावनी दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि व्हाट्सऐप संदेश के जरिए यह धमकियां भेजी गईं, हालांकि इन धमकियों में यह स्पष्ट नहीं है कि हमले कब होंगे। लेकिन इसमें कहा गया है कि भारत में छह लोग इस योजना को अंजाम देंगे।

संदेश में दावा किया गया है कि अगला हमला 26/11 के आतंकी हमलों की यादें ताजा कर देगा जिसे हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी चरमपंथियों द्वारा किया गया था।

उन्होंने बताया कि इन धमकियों के बाद पुलिस ने ‘अलर्ट’ जारी कर सार्वजनिक जगहों पर निगरानी बढ़ा दी है। प्रतिपक्ष और एनसीपी के नेता अजीत पवार ने कहा कि राज्य सरकार को खतरे को गंभीरता से लेना चाहिए और जांच करनी चाहिए।

भारतीय फुटबॉल के दिग्गज समर बनर्जी का कोरोना से निधन

कोलकाता। भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी और मेलबर्न 1956 ओलंपिक में देश को चौथे स्थान पर पहुंचाने वाले समर बनर्जी का शनिवार तड़के यहां के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में 92 साल की उम्र में कोविड-19 के कारण निधन हो गया। बनर्जी के परिवार में उनकी एक पोती है। उनके एकलौते बेटे उनसे पहले इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मशहूर फुटबॉलर और बेहतरीन खिलाड़ी समर बनर्जी के निधन से आहत हूं। पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें 2016-17 में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया था। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। वह कई लोगों के प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

बनर्जी के करीबी रिश्तेदारों के अनुसार उन्हें कोरोनो वायरस से संक्रमित होने के बाद 27 जुलाई को बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें एसएसकेएम में स्थानांतरित कर दिया गया। वह पिछले कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थे और शनिवार सुबह 2:10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

फ़ुटबॉल जगत में बदरू के नाम से प्रख्यात बनर्जी का जन्म 30 जनवरी 1930 को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बल्ली में हुआ था। उन्होंने आयुर्विज्ञान का अध्ययन करने के लिए आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दाखिला लिया, लेकिन फुटबॉल में अपना करियर बनाने के लिए बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी।

अपने स्कोरिंग कौशल के लिए प्रसिद्ध बनर्जी ने 1948 में कोलकाता थर्ड डिवीजन फुटबॉल लीग में बल्ली प्रतिभा क्लब की ओर से पदार्पण किया। उन्होंने इसके बाद बीएनआर और मोहन बागान का भी प्रतिनिधित्व किया। बनर्जी 1959 में संन्यास लेने से पहले तक मोहन बागान का हिस्सा रहे।

समर ‘बदरु’ बनर्जी ने मेलबर्न 1956 ओलंपिक में भारत की कप्तानी भी की जहां टीम ने सेमीफाइनल तक जगह बनायी। सेमीफाइनल में हालांकि भारतीय टीम को यूगोस्लाविया के हाथों 1-4 से हार मिली। कांस्य पदक मैच में बुल्गारिया से 0-3 से हारने के बाद भारत ने चौथा स्थान हासिल किया।

बनर्जी ने संन्यास लेने के बाद संतोष ट्रॉफी में बंगाल के कोच की भूमिका भी निभाई। उनकी अगुवाई में टीम ने 1961 में संतोष ट्रॉफी का खिताब भी जीता। बनर्जी को 2009 में मोहन बागान रत्न से सम्मानित किया गया था, जबकि पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें 2017 में लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया था।

भीलवाड़ा में वैन के ट्रेलर की चपेट में आने से तीन रामदेवरा श्रद्धालुओं की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में जहापुर थाना क्षेत्र में भीलवाड़ा-देवली मार्ग पर जालमपुरा के नजदीक वैन के ट्रेलर की चपेट में आने से रामदेवरा से आ रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि अन्य चार घायल हो गए।

थाने के एएसआई दुर्गालाल ने आज बताया कि झालावाड़ जिले के सूनैल थाने के सलोतिया गांव निवासी प्रेमचंद (45) अपने भाई शिवलाल मेघवाल एवं रमेश मेघवाल एवं भतीजे गोविंद (35) तथा एक अन्य रतन मेघवाल के साथ रामदेवरा मंदिर में दर्शन के बाद गांव लौट रहे थे कि शुक्रवार देर रात इनकी वैन जालमपुरा के पास ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

हादसे में प्रेमचंद मेघवाल एवं वैन चालक एवं झालवाड़ जिले में रायपुर के डोबरा निवासी रवि शर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि गंभीर रुप से घायल हुए वैन में सवार शेष लोगों और ट्रेलर चालक सुरेश बैरागी को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद कुछ घायलों में कोटा भेज दिया गया।

इनमें गोविंद मेघवाल ने जहाजपुर से कोटा ले जाते समय कुछ ही दूरी पर दम तोड़ दिया। हादसे में घायल रमेश को प्राथमिक उपचार के बाद जहाजपुर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सुबह शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।

सोमालिया : होटल में आतंकी हमले में 15 से अधिक की मौत

मोगादिशु। सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में हयात होटल पर हुए हमले के दौरान सुरक्षा बलों और अल-शबाब के आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

इससे पहले शनिवार दिन में मीडिया रिपोर्टों में कम से कम आठ लोगों के मारे जाने और कई के घायल होने की सूचना दी थी। दलसन रेडियो स्टेशन के अनुसार पीड़ितों की सूची में होटल के मालिक अब्दिरहमान हसन इमान भी शामिल हैं।

हयात होटल में सोमाली सुरक्षा बलों और अल-शबाब कट्टरपंथी इस्लामी समूह के सदस्यों के बीच शुक्रवार रात गोलीबारी हुई जो सांसदों और सरकारी अधिकारियों के लिए एक लोकप्रिय स्थान है। होटल के आसपास कम से कम दो धमाकों की आवाज भी सुनी गई।

अल-कायदा आतंकी समूह से संबद्ध अल-शबाब सोमालिया की केंद्र सरकार के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष कर रहा है और अभी भी देश के दक्षिणी और मध्य भागों में बड़े क्षेत्रों को नियंत्रित कर रहा है।

मई में अमेरिका ने अल-शबाब द्वारा अमरीकी सहयोगी बलों के लिए बढ़ते खतरे का मुकाबला करने के लिए समूह की स्थिति के खिलाफ हमलों को नवीनीकृत करने का निर्णय लिया। विशेष रूप से अमेरिकी अफ्रीका कमांड के अनुसार 14 अगस्त को सोमालिया में अमरीकी हवाई हमले में अल-शबाब के 13 आतंकवादी मारे गए।

बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने जयपुर में किया प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जयपुर में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां के नेतृत्व में आज प्रदर्शन किया।

पूनिया, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा अरुण चतुर्वेदी, विधायक मदन दिलावर एवं अनीता भदेल, जयपुर शहर सत्येंद्र राघव सहित कई नेता, महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए और इसके बाद वे रैली के रुप में प्रदर्शन करते हुए सरदार पटेल मार्ग होते हुए सिविल लाइन फाटक पर पहुंचे।

सिविल लाइन फाटक पर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बेरीकेंडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

इस दौरान डा पूनियां, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, डा चतुर्वेदी, सांसद घनश्याम तिवाड़ी एवं मनोज राजोरिया, विधायक अनिता भदेल एवं मदन दिलावर सहित अन्य कई नेता धरने पर बैठ गए। इसके बाद डा पूनियां सहित इन नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। इस दौरान कानूून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

ऐश्वर्या राय की फिल्म पोन्नियन सेलवन पार्ट 1 का गाना चोला चोला रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय की आने वाली फिल्म ‘पोन्नियन सेलवन पार्ट 1’ का गाना चोला चोला रिलीज हो गया है। दक्षिण भारतीय फिल्मकार मणिरत्नम इन दिनों फिल्म ‘पोन्नियन सेलवन पार्ट 1’ बना रहे हैं। इस फिल्म से ऐश्वर्या राय लंबे अरसे के बाद वापसी कर रही हैं।

इस फिल्म में तमिल के ताकतवर चोल सम्राज्य का इतिहास देखने को मिलेगा। इस फिल्म का गाना चोला-चोला रिलीज कर दिया गया है। यह गाना युद्ध के बाद जीत के जश्न की कहानी बयां करता है। चोला चोला गाने को एआर रहमान ने कंपोज किया है। गाने के बोल इलांगो कृष्णन ने लिखे हैं।

इस गाने को विद्या सुब्रमण्यम ने सेट पर 300 से अधिक कलाकारों के साथ कोरियोग्राफ किया है।500 करोड़ रुपए के मेगा बजट में बनी यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी। इसका पहला पार्ट 30 सितंबर को पांच भाषाओं (तमिल, हिंदी, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़) में रिलीज होगा।

फिल्म में ऐश्वर्या के अलावा विक्रम, कर्थी, जयम रवि, तृषा कृष्णन, शोभिता धूलिपाला और प्रकाश राज जैसे कलाकार भी होंगे। यह फिल्म लेखक कल्कि कृष्ण्मूर्ति के 1955 में लिखे गए उपन्यास ‘पोन्नियन सेल्वन’ पर आधारित है।

फिल्म की कहानी 10वीं सदी के इर्द-गिर्द बुनी गई है। यह फिल्म चोल साम्राज्य के शक्ति संघर्ष की कहानी बयां करेगी। इसमें कावेरी नदी के बेटे पोन्नियन सेल्वन के भारतीय इतिहास के सबसे महान शासकों में से एक राजराजा चोल बनने की कहानी को दिखाया गया है।

वृंदावन : बांके बिहारी मंदिर में भारी भीड़ के कारण दम घुटने से 2 की मौत, 7 घायल

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पर्व पर साल में एक बार होने वाली मंगला आरती में शामिल होने के लिए भारी भीड़ जुटने से शनिवार को रात में दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम सात श्रद्धालुओं के घायल होने की भी सूचना है।

स्थानीय प्रशासन के सूत्रों ने आज बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बांके बिहारी मंदिर में होने वाली मंगला आरती के समय यह दर्दनाक घटना हुई। अधिक भीड़ हो जाने के कारण कुछ श्रद्धालुओं ने दम घुटने की शिकायत की। जिसकी वजह से 02 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 7 लोगों की तबियत बिगड़ने पर उन्हें आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि मंदिर में जन्माष्टमी के पर्व पर कृष्ण जन्म के बाद साल में सिर्फ एक बार मंगला आरती होती है। इसमें शामिल होने के लिए मंदिर में शुक्रवार को रात से ही भारी भीड़ जुट गई थी। इस दाैरान मंदिर में तैनात पुलिस बल भी भीड़ के आगे बेबस नजर आया। सूत्रों के अनुसार हादसे के समय मंदिर में जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद थे।