Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 651 -
होम ब्लॉग पेज 651

हमीरपुर : लड़की को न्यूड कर मारपीट, गैंगरेप की आशंका, 5 अरेस्ट

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर शहर के चंद कदम दूर सिटी फारेस्ट में लड़की को निर्वस्त्र कर छेड़खानी और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो नाबालिग समेत पांच लोगो को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल ने बताया कि दो दिन पहले सिटी फारेस्ट में दो प्रेमी युगलों को देखने के बाद आठ लोगों ने लड़की को डंडों से पीटा था और निर्वस्त्र कर उसका वीडियो वायरल किया था।

गुरूवार को वीडियो को देखने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच पड़ताल में आज पांच लोगो को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसमे हमीरपुर शहर निवासी कन्हैया शर्मा, अरविंद निषाद, प्रीतम कश्यप के अलावा दो नाबालिग शामिल है। पांचों को जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा लखन खंगार की भी पहचान कर ली गई है। उसके गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने फिलहाल गैंगरेप की घटना से इन्कार किया है मगर वीडियो से प्रतीत हो रहा है कि युवती के साथ गैंगरेप किया गया है। एसपी का कहना है कि लड़की की पहचान गुप्त रखी जा रही है यदि उसने तहरीर में रेप की शिकायत करेगी तो धारा बढ़ा दी जाएगी। मोहाल के लोगो ने पुलिस को बताया कि सिटी फारेस्ट अराजक तत्वों का अड्ड़ा बन गया है। आए दिन यही पर घटनाएं होती है।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की कार पर अंडा फेंकने के आरोप में 9 अरेस्ट

कुशलनगर। कर्नाटक के कोडागु जिला के कुशलनगर तहसील में विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की कार पर मुर्गी के अंडे फेंकने की घटना के सिलसिले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और सभी को गिरफ्तार कर लिया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया गुरूवार को जब कुशलनगर तालुक के गुड्डेहोसुर में बारिश से क्षतिग्रस्त इलाकों का निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान उनकी कार पर अंडों से हमला किया गया। इस बीच विधायक अप्पचुरंजन सहित भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने पुलिस से गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को रिहा करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है।

सिद्धारमैया को मदिकेरी में भी इसी प्रकार के विरोध का सामना करना पड़ा, जहां पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर अंडे फेंके। इस घटना के पश्चात दो समूहों के बीच झड़प हुई जिसके कारण शिवमोगा जिले और उसके पास के भद्रावती में धारा 144 लागू करनी पड़ी।

सिद्दारमैया ने शुक्रवार को सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कल कोडागू में उनके काफिले पर अंडाें से किया गया हमला राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित था। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने उनके खिलाफ ऐसी घटनाओं को रोकने में नाकाम रहने के लिए पुलिस की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में होने वाले अगले चुनाव में हार के डर से उनके खिलाफ इस प्रकार के विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर अंडे से हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि विचारों की भिन्नता का विरोध शारीरिक रूप से नहीं किया जाना चाहिए।

भरतपुर : नंदी की पीठ में कुल्हाडी मारने वाला व्यक्ति अरेस्ट

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के कैथवाडा थाना क्षेत्र में झँझपुरी में एक नंदी की पीठ में कुल्हाडी मारकर उसे क्रूरता के साथ गम्भीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार किया।

जिले के मेवात क्षेत्र में आये दिन होने बाली गौकशी की घटनाओं के बीच असामाजिक तत्वों द्वारा क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने के लिए घटित की गई इस वारदात की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए लोगो ने आक्रोश व्यक्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

यहां गौरतलब है कि गुरूवार को क्रूरता की सीमाओं को लांघते हुए असामाजिक तत्वों द्वारा नंदी को मारी गई कुल्हाड़ी नंदी की पीठ में कई घण्टों तक धंसी रही जिसे पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों ने वन विभाग के सहयोग से नंदी को ट्रेंकुलाइज कर निकलवाया और उपचार के लिए एक निजी स्वयंसेवी संस्था के पास भिजवाया।

थानाधिकारी रामनरेश मीणा ने बताया कि नंदी को कुल्हाडी मारकर घायल करने के आरोपी बल्लो खां उम्र 59 साल निवासी गढीझीलपटटी थाना कैथवाडा को गांव पसोपा के पास से गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया जहां से उसे रिमांड पर लिया है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी की जाएगी तथा वारदात का पूरा खुलासा किया जाएगा।

सिरोही में गंभीर बीमारी के दर्द से तड़प रहा आदिवासी मरीज!

0

आबूरोड (सिरोही)। आबूरोड के भैसासिंह गांव के नईवला फली निवासी एक मरीज को उसके शरीर में उत्पन्न बीमारी के दर्द की पीडा झेलना नरक काटने की सजा से भी ज्यादा कष्टदायक बन गया है। उसे पहले पेट में चुंभन जैसा लगता था अब पेट से बाहर खून से सना मांस बाहर निकल आया है।

नई वेलाफली भैसासिंह ग्राम पंचायत निवासी मरीज वेलाराम पुत्र नरसाजी गरासिया गंभीर बीमारी से ग्रस्त है। उसे तीन माह पहले पेट में हल्का चूंभन जैसा लगता था। धीरे धीरे चूंभन बढ़ने लगी। असहनीय होने पर परिजनों ने उसे आबू पर्वत के ग्लोबल हॉस्पिटल में जांच कराई, जहां जांच करने के बाद चिकित्सकों ने कैंसर होना बताया और अहमदाबाद इलाज करवाने के बारे में रेफर किया।

आयुष्मान भारत और चिरंजीवी योजना में नहीं हो सका था रजिस्ट्रेशन

परिवार जन मरीज को अहमदाबाद ले गए वहां पर करीब 10 लाख रुपए उपचार का खर्च बताया तथा कहा कि आयुष्मान भारत योजना का कार्ड होने पर निशुल्क उपचार होगा। आयुष्मान कार्ड के अभाव में परिजन उसे लेकर वापस राजस्थान यहां पर भी चिरंजीवी योजना में नाम रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाने से अब मरीज का उपचार खटाई में पड़ गया है लगातार पेट से ऊपर बढ़ रहा खून से सना मांस और दर्द मरीज के जीवन लीला की सांसें गिन रहा है।

होण्डा ने पेश किया नया 2022 एक्टिवा प्रीमियम संस्करण

नई दिल्ली। दोपहिया वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने आज अपने लाेकप्रिय स्कूटर होंडा एक्टिवा का 2022 एक्टिवा प्रीमियम संस्करण लॉन्च करने की घोषणा की जिसकी दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 75400 रुपए है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक और सीईओ आत्सुशी ओगाता ने कहा कि हमेशा अग्रणी स्थिति बरक़रार रखते हुए होण्डा एक्टिवा अपनी आकर्षक अपील के साथ देश के सभी आयुवर्गों के राइडरों को लुभाती रही है।

पिछले दो दशकों के दौरान ब्राण्ड एक्टिवा न सिर्फ तकनीकी बदलाव से होकर गुज़री है बल्कि हर नए अपडेट के साथ पहले से अधिक शार्प, ट्रेंडी और आकर्षक अपील देती रही है। 2022 प्रीमियम एडीशन के साथ, हमें खुशी है कि हम एक्टिवा को नए अवतार में लेकर आए हैं जो सुनहरे स्पर्श के साथ उपभोक्ताओं से बेजोड़ आकर्षण का वादा करती है।

प्रीमियम डिज़ाइन, नए आकर्षक लुक के साथ कंपनी ने कहा कि एक्टिवा का प्रीमियम संस्करण 3 नए रंगों- मैट सैंगरिया रैड मैटेलिक, मैट मार्शल ग्रीन मैटेलिक और पर्ल साइरन ब्लू में उपलब्ध है।

हत्या या आत्महत्या? झांसी में पंचकुइयां मंदिर के पास मिली युवती की जली लाश

झांसी। उत्तर प्रदेश में झांसी जिले में टोडीफतेहपुर थानाक्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक मंदिर के पास से युवती की जली लाश बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार टोडीफतेहपुर थानाक्षेत्र के महेबा गांव में मंदिर में सुबह पूजा अर्चना के लिए पहुंची महिलाओं ने पास ही में एक लड़की की जली हुई लाश दिखाई दी। महिलाओं ने गांव में और ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर पेट्रोल की बोतल भी बरामद की गई। लड़की की पहचान अंजू यादव (20) पुत्री सुखनंदन यादव के रूप में की गई है। ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रहे हैं। लड़की के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर इस हत्या का आरोप लगाया है।

सूत्रों के अनुसार युवक और अंजू के बीच दो तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन इसी बीच कुछ समय पहले युवक की सगाई तय हो गई जिसके बाद से अंजू काफी दुखी रहने लगी थी। इस प्रकार मामला आत्महत्या और हत्या के बीच फंसता नजर आ रहा है लेकिन फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।

इस बीच खबर लिखे जाने तक पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का मुआयना किया है। पूरे घटनाक्रम पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शिवहरि मीणा ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही दोषी को गिरफ्तार कर घटना का पटाक्षेप किया जाएगा।

सिसोदिया के घर सीबीआई छापे का मकसद ‘शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल’ को रोकना : आप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई छापे का मकसद शराब नीति नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके ‘शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल’ को रोकना है।‌

सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी और केजरीवाल तीन बार दिल्ली का चुनाव जीते हैं। दिल्ली में तीन बार भारतीय जनता पार्टी को धूल चटाने का काम किया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ जीती। दिल्ली और पंजाब जीतने के बाद केजरीवाल की लोकप्रियता पूरे देश में बढ़ रही है। पूरे देश में केजरीवाल का शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल पहुंच रहा है।

पूरे देश में केजरीवाल के नाम पर लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। अभी 2 दिन पहले भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने का अभियान शुरू किया। जिसके समर्थन में देश के अलग-अलग हिस्सों के लोग जुड़ रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भी हमें बड़ा समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल की लोकप्रियता बढ़ रही है और चुनाव में जीत रहे हैं। एक के बाद दूसरे और तीसरे राज्य में पहुंच रहे हैं तो उसका सबसे बड़ा कारण दिल्ली का शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल है। दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य की क्रांति से परेशान होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रात में नींद नहीं आती। उनको सिर्फ एक ही चिंता लगी रहती है कि कैसे केजरीवाल को रोकना है? कैसे शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को रोकना है?

आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि अब केजरीवाल आपसे रुकने वाला नहीं हैं और ना ही शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल रुकने वाला है। आपने हमारे स्वास्थ्य मंत्री को जिसने मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल पूरी दुनिया को दिया, उसको उठा करके जेल में डाल दिया। अब हमारे शिक्षा मंत्री को जेल में डालने की तैयारी है। शिक्षा मंत्री को जेल में डालने की तैयारी कैसे हुई?

उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दो ऐसा क्षेत्र है, जहां पर केजरीवाल मॉडल पूरी दुनिया और पूरे देश में लोकप्रिय हो रहा है। अमरीका का अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स नरेंद्र मोदी सरकार के बारे में छपता है कि कोरोना के दौरान लाखों लोगों की मृत्यु हुई। अमरीका का अखबार मोदी सरकार की असलियत को पूरी दुनिया के सामने रखता है। वही अमरीका का न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार कल मनीष सिसोदिया की फोटो के साथ दिल्ली के शिक्षा मॉडल और केजरीवाल मॉडल की चर्चा करता है।

सिंह ने कहा कि सिसोदिया के घर सीबीआई की छापेमारी का मकसद शराब नीति नहीं है। इसका मकसद सिर्फ अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता को रोकना है। अगर शराब नीति मुद्दा होती तो सबसे पहली जांच गुजरात के अंदर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की होती जो नकली शराब बनाते हैं। गुजरात में जहरीली शराब पीकर सैंकड़ों लोगों की जान चली गई है। शराब मुद्दा होती तो जांच गुजरात के भाजपा नेताओं के खिलाफ होनी चाहिए थी। उनके खिलाफ सीबीआई, ईडी सहित किसी भी एजेंसी ने जांच नहीं की। ऐसे में मुद्दा अरविंद केजरीवाल के शिक्षा-स्वास्थ्य मॉडल को रोकना है।

माउंट आबू : बारिश से ढह रहे मकान, सडक धंसने से बड़े वाहनों के प्रवेश रोका

माउंट आबू। राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल माउंट आबू में तेज बारिश होने से कई स्थानों पर भवनों के गिरने, दीवारों के दरकने, घरों में पानी घुसने, प्लास्टर उखड़ कर गिरने का सिलसिला जारी है।

वाहनकर नाके के समीप गैस गोदाम के सामने सडक़ धंसने से प्रशासन ने बड़े वाहनों के आवागमन पर मार्ग के दुरूस्त होने तक लगाई रोक। सर्वे ऑफ इंडिया के पीछे की कालोनी में एक मकान की दीवार ढह गई। दीवार के सहारे घर का रखा सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

दीवार एक दुपहिया वाहन पर गिर गई जिससे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रहीं जिस तरफ दीवार गिरी उस तरफ रास्ता था लेकिन उस समय रास्ते पर कोई व्यक्ति नहीं जा रहा था अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था।

इसी तरह से ढुंढाई में सुभाषचंद्र के मकान के ऊपर के टीन पतरे उड़ गए। म्युनिसिपालिटी कालोनी में लक्ष्मी देवी मेघवाल का घर ढह गया। कुम्हारवाड़ा में भी सोनी आदिवाल के घर की दीवार ढह गई।

तेज बारिश के चलते वाहनकर नाके के समीप पुराने चुंगी नाके के पास गैस गोदाम के सामने सडक़ धंस गई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन की ओर से भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। हालांकि हल्के, टेक्सी, दुपहिया वाहन आदि का आवागमन जारी है। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने धंसे हुए सडक़ मार्ग को दुरूस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर आरंभ कर दिया गया है।

पर्यटन स्थल माउंट आबू में कभी हल्की कभी तेज बारिश का क्रम निरंतर जारी है। जिसके चलते शक्रुवार सवेरे अब तक कुल 1878 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। क्षेत्र के लोअर कोदरा, अपर कोदरा, नक्की झील, मिनी नक्की झील समेत सभी जलाशयों व ऐनिकटों में तीवव्रेग से चादर चल रही है।

वन्यक्षेत्र की पहाडिय़ों से बहकर आने वाले पानी से सडक़ मार्ग के दोनों ओर जगह-जगह झरने बह रहे हैं। गहरी धुंध एवं बारिश के बीच सैलानियों को दर्शनीयस्थलों का अवलोकन करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बांग्लादेश ने पैंगबर पर टिप्पणी का विरोध नहीं किया : अब्दुल मोमन

ढाका। बांग्लादेश के विदेश मंत्री अब्दुल मोमन ने कहा कि हाल ही में भारत की राजधानी दिल्ली में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी की एक प्रवक्ता द्वारा पैंगबर के खिलाफ अपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद भी हमने इसके खिलाफ विरोध करने वालों का साथ नहीं दिया।

मोमन ने चंटगांव में एक भाषण के दौरान कहा कि मैंने प्रधानमंत्री शेख हसीना से कहा कि जब मैं भारत जाऊंगा आप इस पर कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत दोनों को राजनीतिक स्थिरता की जरूरत है और यह तभी संभव है यदि भारत शेख हसीना की सरकार का समर्थन करता है।

मोमन ने कहा कि बहुत से लोग मुझे भारत का दलाल कहते हैं क्योंकि जब कभी ऐसा कुछ होता है तो मैं कड़ा संदेश नहीं देता। मंत्री ने भारत को संबोधित करते हुए भाजपा के एक प्रवक्ता के संदर्भ में कहा कि भाजपा प्रवक्ता को आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद निलंबित कर दिया गया था।

महिला प्रवक्ता ने कुछ समय पहले पैगंबर के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी लेकिन हमने इस पर एक शब्द नहीं कहा। जबकि विभिन्न देशों ने इस टिप्पणी को कड़ा विरोध जताया था। हम आपको इस तरह की सुरक्षा दे रहे हैं। यह आपके और हमारे भले के लिए है।

जींद में एमबीबीएस छात्र को ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपए ऐंठने वाले 3 अरेस्ट

जींद। हरियाणा में जींद पुलिस ने एमबीबीएस छात्र को झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने और धमकाने तथा बदनामी का भय दिखाकर ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपए ऐंठने के मामले में कल शाम एक महिला सहित तीन लोगों को पकड़ा है।

शहर थाना पुलिस पकड़े गए आरोपी समेत नौ लोगों के खिलाफ ब्लैकमेल करने, जबरन वसूली करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर रही है।

कानूनगो मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा उदयपुर राजस्थान में एमबीबीएस का छात्र है। उसकी सहपाठी महक उसकी मां अनुप्रिया, बॉयफ्रेंड गगन नागरा, चचेरा भाई प्रथम तथा उसकी सहेली सृष्टि लगातार फोन कर उसके बेटे को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं और मामले को रफा दफा करने के लिए एक करोड़ रुपए की मांग कर रहे हैं। साथ ही आरोपी लॉरेंस बिश्नोई के करीबी होने की धमकी भी देते हैं।

पीड़ित ने बताया कि बार-बार धमकियों के चलते वह 10 अगस्त को हिसार रेस्टोरेंट में अनुप्रिया तथा प्रथम से मिला जिन्होंने बेटे का कैरियर बर्बाद होने का भय दिखाते हुए उसे धमकी दी और एक सप्ताह का समय दिया। आखिर में उन्होंने 50 लाख में मामले को निपटाने की बात कही।

अनुप्रिया ने 20 लाख रुपए की पहली किस्त देने को कहा। साथ में मिलने तथा पैसे देने की जगह को भी तय करने के बारे में बताया। किसी तरह वह 10 लाख का इंतजाम करने में सफल हो गया, लेकिन उसने पुलिस में इसकी शिकायत भी कर दी जिसके आधार पर छापामार टीम का गठन किया गया।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तहसीलदार अजय सैनी को नियुक्त किया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने दो-दो हजार के नोटों को हस्ताक्षर कर शिकायतकर्ता को थमा दिए। संपर्क साधने पर उन्होंने गांव गुलकनी के निकट फौजी ढाबे पर बुला लिया। शिकायतकर्ता ने गाड़ी में बैठे अनुप्रिया व उसके साथियों को नोटों से भरा बैग थमा दिया।

इशारा मिलते ही छापामारी टीम ने गाड़ी में सवार लोगों को काबू कर लिया। पकड़े गए लोगों की पहचान शांतिनगर निवासी भगवती उर्फ अनुप्रिया, गांव भोडिया बिश्नोई हिसार निवासी शेर सिंह तथा तीसरे व्यक्ति की पहचान गांव बड़ोपल निवासी कुलदीप के रूप में हुई। छापामार टीम ने पकड़े गए तीनों लोगों से ऐंठी गई 10 लाख की राशि को बरामद कर लिया।

पीड़ित को ब्लैकमेल करने तथा जबरन वसूली करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना शहर के जांच अधिकारी सतीश ने बताया कि एमबीबीएस के छात्र को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर सहपाठी तथा उसके जानकारों द्वारा ब्लैकमेल किया जा रहा था।