Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 652 -
होम ब्लॉग पेज 652

मनीष सिसोदिया के आवास पर सीबीआई का छापा, 21 ठिकानों पर तलाशी

नई दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की नई आबकारी नीति में भ्रष्टाचार की रिपोर्ट की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास सहित कुल 21 ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई की।

सीबीआई ने इस मामले में प्राथमिकी दायर की है जिसमें सिसौदिया सहित कम से कम 15 लोगों को नामित किया गया है। आम आदमी पार्टी ने हालांकि भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज किया है।

सिसोदिया ने अपने आवास पर सीबीआई के तलाशी अभियान की ट्विटर पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर के जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी के काम में पूरा सहयोग करेंगे ताकि जल्द ही ‘सच्चाई’ सामने आ सके। सिसोदिया ने हिंदी में ट्वीट किया कि सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है, उसे इसी तरह परेशान किया जाता है, इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर-वन नहीं बन पाया है।

उन्होंने कहा कि हम सीबीआई का स्वागत करते हैं। जांच में पूरा सहयोग देंगे ताकि जल्द ही सच्चाई सामने आ सके। दिल्ली के मुख्य सचिव की एक रिपोर्ट में केजरीवाल सरकार की नई शराब नीति में अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था। उसके आधार पर उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस मामले की तह तक जाने के लिए पिछले महीने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

दिल्ली सरकार ने नयी नीति के तहत नवंबर में शराब की दुकान के लाइसेंस निजी कारोबारियों को सौंपे थे, जिससे दिल्ली में शराब की दुकानों की संख्या बहुत बढ़ गई थी। विपक्षी दलों ने सरकार और शराब के ठेकेदारों के बीच साठगांठ का आरोप लगाते हुए इस नीति की आलोचना की थी। कई सामाजिक संगठनों ने भी इस नीति को शराबखोरी बढ़ाने वाली नीति बता कर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए थे।

सीबीआई के कार्रवाई के बारे में कोई आधिकारिक ब्योरा अभी नहीं दिया है। सूत्रों ने यह भी बताया कि इस कार्रवाई में एक लोक सेवक के ठिकाने से दिल्ली की आबकारी नीति से संबंधित गोपनीय दस्तावेज बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी ने प्राथमिकी दर्ज कर के इस मामले की जांच शुरू की है। इसमें सिसोदिया सहित 15 लोगों को नामित किया गया है। इस मामले में कुछ अन्य लोगों के भी शामिल होने का संदेह है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय एजेंसी की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि 75 सालों में जिसने भी अच्छे काम की कोशिश की, उसे रोका गया, इसीलिए देश पीछे रह गया, लेकिन दिल्ली के अच्छे कामों को रुकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की पूरी दुनिया चर्चा कर रही है। इसे ये रोकना चाहते हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रियों पर छापा और गिरफ़्तारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिस दिन अमरीका के सबसे बड़े अख़बार न्यूयार्क टाइम्स के मुख्य पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ़ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने सीबीआई भेजी। सीबीआई का स्वागत है। पूरा सहयोग करेंगे। पहले भी कई जांच/छापे पड़े। कुछ नहीं निकला। अब भी कुछ नहीं निकलेगा।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आबकारी नीति में भ्रष्टाचार ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का असली चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के डर से आप नेता इसे अपनी सरकार के शिक्षा और स्वास्थ्य के काम से जोड़ रहे हैं।

कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने हालांकि ट्वीट किया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के निरंतर दुरुपयोग का दूसरा पहलू यह है कि एजेंसियों की वैध, सही कार्रवाई भी संदेह के घेरे में आ जाती है।

आप के राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई छापे का मकसद शराब नीति नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को रोकना है।‌

उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल की लोकप्रियता बढ़ रही है और चुनाव में जीत रहे हैं। एक के बाद दूसरे और तीसरे राज्य में पहुंच रहे हैं, तो उसका सबसे बड़ा कारण दिल्ली का शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल है। दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य की क्रांति से परेशान होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रात में नींद नहीं आती। उनको सिर्फ एक ही चिंता लगी रहती है कि कैसे केजरीवाल को रोकना है? कैसे शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को रोकना है?

कांग्रेस के नेता एवं पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने कहा कि उन्हें आश्चर्य हैं कि ये छापे पहले क्यों नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शराब के ठेकों का मामला हो, स्कूल कक्षों के निर्माण की बात हो या स्कूली शिक्षकों की भर्ती का मामला, इनकी जांच के लिए सीबीआई को कम से कम 10 छापे मारने चाहिए।

‘डोली सजा के रखना’ 2 सितंबर को होगी रिलीज

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारीलाल यादव और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे स्टारर ‘डोली सजा के रखना’ 02 सितंबर को रिलीज होगी। एसआरके म्यूजिक फिल्म्स प्रस्तुत एवं रौशन सिंह, शर्मिला आर सिंह द्वारा निर्मित फिल्म ‘डोली सजा के रखना’ 02 सितंबर को पैन इंडिया रिलीज होगी।

आम्रपाली दुबे ने बताया कि यह फिल्म मेरे लिए बेहद अलग है। इसमें मेरा किरदार थोड़ा टेढ़ा मेढा है, जब यह फिल्म रिलीज होगी। तब देख कर सबों को मजा आने वाला है। आम्रपाली ने खेसारीलाल यादव, निर्देशक रजनीश मिश्रा और निर्माता रौशन सिंह की भी तारीफ की और कहा कि यह बेस्ट टीम थी जिसके साथ काम करने का अनुभव खास रहा। हमारी फिल्म दर्शकों को खूब हंसाने वाली है। खेसारीलाल यादव जितना हमें स्क्रीन पर एंटरटेन करते हैं, उससे ज्यादा सेट पर सबों को हंसाते हैं। उनकी यह क्वालिटी उन्हें सबसे अलग बनाती है।

खेसारीलाल यादव ने कहा कि यूं तो दुनिया में सबके पास परेशान होने के लिए बहुत से वजह हैं, लेकिन यदि आप किसी को हंसा लें तो यह सुकून दायक होता है। हमारी फिल्म ऐसी ही है, जिसमें मनोरंजन के साथ एक संदेश भी होगा। इसलिए आप सबों से आग्रह होगा कि 2 सितंबर को आप सिनेमाघरों में जाकर हमारी फिल्म जरूर देखें।

हम निर्माता और निर्देशक का आभार व्यक्त करते हैं कि वे इतनी अच्छी फिल्म लेकर आ रहे हैं। जब दर्शक अच्छी फिल्मों को आगे बढ़ाएंगे, तभी मेकर्स ज्यादा से ज्यादा अच्छी फिल्में लेकर आएंगे। इसलिए मैं हमेशा फिल्म की कहानी और कॉन्सेप्ट को वरीयता देकर काम करता हूं।

रजनीश मिश्रा ने कहा कि फिल्म ‘डोली सजा के रखना’ में खेसारीलाल यादव और आम्रपाली दुबे की जोड़ी शानदार लग रही है। ट्रेलर सबों ने देखा, जिससे अंदाजा हो गया होगा कि फिल्म कितना शानदार होने वाला है। हमारी कोशिश हमेशा सार्थक सिनेमा की रही है, इसमें रौशन सिंह का बेहद सपोर्ट मिला है, तब जाकर इतनी अच्छी फिल्म संभव हो सकी है और आज रिलीज को तैयार है। इस फिल्म को रेणु विजय फिल्म्स के निशांत उज्ज्वल सभी सिनेमाघरों में रिलीज कर रहे हैं। उम्मीद है दर्शकों को यह फिल्म खूब पसंद आएगी।

गौरतलब है कि फिल्म ‘डोली सजा के रखना’ में खेसारीलाल यादव और आम्रपाली दुबे के साथ रक्षा गुप्ता, विनोद मिश्रा, अनूप अरोड़ा, समर्थ चतुर्वेदी, फलक नाज़, बिना पांडेय और दिलकश मुख्य भूमिका में हैं। देव पांडेय का भी फ़िल्म में योगदान रहा है। फिल्म का खूबसूरत संगीत रजनीश मिश्रा, छोटे बाबा और आर्या शर्मा का है। लिरिक्स प्यारेलाल यादव, सुमित सिंह चंद्रवंशी, कृष्णा बेदर्दी, विजय चौहान, परफुल्ल तिवारी, छोटू और गोलू यादव का है। कोरियोग्राफर कानू मुखर्जी और परसुन यादव हैं।

सिक्का धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने 25 जगहों पर छापेमारी की

जयपुर/नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने करीब 11 करोड़ रूपयों के कथित सिक्का धोक्षाधड़ी में मामले में दिल्ली, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, उदयपुर और भीलवाड़ा में 25 स्थानों पर पूर्व बैंक अधिकारियों के परिसरों में गुरुवार को छापे मारे।

सीबीआई की ओर से बयान के मुताबिक करोडों के सिक्के गायब होने के मामले में पूर्व शाखा प्रबंधक/संयुक्त संरक्षक और नकद अधिकारियों सहित लगभग 15 पूर्व बैंक अधिकारियों तथा अन्य के परिसरों पर छापे मारे गए। तलाशी के दौरान बरामद आपत्तिजनक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

सीबीआई ने राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में 13 अप्रैल- 2022 को मामला दर्ज किया था और 11 करोड़ रूपयों के सिक्कों की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस थाना टोडाभीम, करौली (राजस्थान) में पहले दर्ज मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी।

सुल्तानपुर : सीएमएसडी स्टोर में ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट से लगी आग

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ऑफिस के बगल में स्थित स्वास्थ्य विभाग के सीएमएसडी स्टोर में गुरुवार को ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट से भयानक आग लग गई। इस घटना में हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पड़ोस में स्थित घनी आबादी वाली कांशीराम आवास कॉलोनी, सीएमओ कर्मचारी आवासीय परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को रात में लगभग 10:15 बजे स्टोर रूम में अचानक एक सिलेंडर विस्फोट हुआ और स्टोर रूम में आग लग गई। इसके बाद लगातार करीब 6 घमाके हुए जिससे आसपास इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगो ने मुख्य मार्ग रोक दिया गया। इस विस्फोट से कमरे की दीवारें और छत टूट गई। बताया जा रहा है कि चिकित्सा विभाग का यह ऑक्सीजन कलेक्शन सेंटर व दवाओं का भी स्टॉक रूम है।

सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता से आग बुझाने का काम किया। इससे आग पर काबू पाए जाने के बाद सिलेंडरों में विस्फोट होना बंद हो सका। इस स्थिति को देखने के लिए सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई है। साथ ही चिकित्सा विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

सैमसंग ने लुभावने आफर्स के साथ गैलेक्सी जैड सीरीज बाजार में उतारी

लखनऊ। देश में लाेकप्रिय कंज़्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड, सैमसंग ने गुरूवार को लेटेस्ट गैलेक्सी जैड सीरीज़ भारतीय बाजार में पेश की। चौथी जनरेशन के फोल्डेबल, गैलेक्सी जैड फोल्ड4 और गैलेक्सी जैड फ्लिप4 अब ऑनलाईन एवं सभी रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध है।

सैमसंग इंडिया में सीनियर डायरेक्टर, मोबाइल बिज़नेस, गुफरान आलम ने कहा कि गैलेक्सी की चौथी जनरेशन में गैलेक्सी जैड 4 में सैमसंग का बेहतरीन स्मार्टफोन इनोवेशन है। फ्लैगशिप कैमरा के साथ अपनी श्रेणी में सबसे तीव्र प्रोसेसर और ऑल-न्यू डिज़ाईन प्रदान करते हुए गैलेक्सी जैड फोल्ड 4 अभी तक का सबसे शक्तिशाली स्मार्टफोन है। गैलेक्सी जैड फ्लिप4 के फ्लेक्सकैम के द्वारा हैंड्सफ्री वीडियो शूट किए जा सकते हैं। हमारी लेटेस्ट गैलेक्सी जैड सीरीज़ यूज़र्स का स्मार्टफोन से इंटरैक्ट करने का अनुभव बदल देगी।

उन्होने कहा कि गैलेक्सी जैड फ्लिप4गैलेक्सी जैड फ्लिप4 में कंपैक्ट क्लैमशेल डिज़ाईन है। इसके इनोवेटिव फॉर्म फैक्टर द्वारा आप पूरी तरह से हैंड्सफ्री रह सकते हैं और फोन को खोले बिना ही बहुत कुछ कर सकते हैं, आप कॉल्स ले सकते हैं और टैक्स्ट का जवाब भी दे सकते हैं। हमारे फ्लेक्सकैम इनोवेशन द्वारा आप वॉईस कमांड द्वारा या फिर केवल अपनी हथेली को सामने रखकर हैंड्सफ्री वीडियो शूट कर सकते हैं और विभिन्न एंगल्स पर ग्रुप सेल्फी ले सकते हैं।

आप अपग्रेडेड क्विक शॉट मोड के साथ मुख्य कैमरा द्वारा कवर स्क्रीन से हाई क्वालिटी सेल्फी ले सकते हैं। आप क्विक शॉट मोड में हाई-क्वालिटी वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू करें और फिर सुगमता से फ्लेक्स मोड में स्विच करके वीडियो रोके बिना रिकॉर्डिंग को हैंड्सफ्री जारी रखें। क्विक शॉट के साथ यूज़र्स पोट्रेट मोड में सेल्फी शूट कर सकते हैं और वास्तविक फोटो अनुपात में प्रिव्यू देख सकते हैं।

गुफरान ने कहा कि गैलेक्सी जैड फ्लिप 4 में लेटेस्ट स्नैपड्रैगन 8+ जनरेशन 1 का प्रोसेसर है और इसमें 10 प्रतिशत ज्यादा बैटरी क्षमता है। इसमें 3700 एमएएच की बैटरी है, जिसके द्वारा आप एक बार बैटरी पूरी चार्ज करके ज्यादा लंबे समय तक कैप्चर कर सकते हैं, वॉच कर सकते हैं और कनेक्टेड रह सकते हैं। सुपर फास्ट चार्जिंग द्वारा आपके फोन की बैटरी 30 मिनट में 50 प्रतिशत चार्ज हो जाती है।

उन्होने बताया कि गैलेक्सी जैड फ्लिप 4 और गैलेक्सी जैड फोल्ड 4 की प्रि-बुकिंग 16 अगस्त को सभी प्रमुख ऑनलाईन एवं ऑफलाईन रिटेल स्टोर्स पर शुरू हो चुकी है। गैलेक्सी जैड फ्लिप4 का मूल्य 8जीबी+128जीबी वैरिएंट के लिए 89,999 रुपए और 8जीबी+256जीबी वैरिएंट के लिए 94,999 रुपए है। बिस्पोक एडिशन में ग्लास कलर और फ्रेम ऑप्शंस हैं, जो सैमसंग लाईव और सैमसंग एक्सक्लुसिव स्टोर में 97,999 रुपए में उपलब्ध होगा।

गैलेक्सी जैड फोल्ड 4 का मूल्य 12जीबी+256जीबी वैरिएंट के लिए 1,54,999 रुपए और 12जीबी+512जीबी वैरिएंट के लिए 1,64,999 रुपए है। ग्राहक 12जीबी+1टीबी वैरिएंट केवल सैमसंग लाईव और सैमसंग एक्सक्लुसिव स्टोर्स पर 1,84,999 रुपए में खरीद सकते हैं। जो ग्राहक गैलेक्सी जैड फोल्ड 4 प्रिबुक करेंगे, उन्हें 34,999 रुपए की गैलेक्सी वॉच 4 क्लासिक 46मिमी बीटी केवल 2,999 रुपए में मिलेगी। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट या डेबिट कार्ड पर 8,000 रुपए का कैशबैक या 8000 रुपए का अपग्रेड बोनस मिलेगा।

जो ग्राहक गैलेक्सी जैड फ्लिप 4 प्रि-बुक करेंगे, उन्हें 31,999 रुपए की गैलेक्सी वॉच 4 क्लासिक 42मिमी बीटी केवल 2,999 रुपए में मिलेगी। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट या डेबिट कार्ड पर 7,000 रुपए का कैशबैक या 7000 रुपए का अपग्रेड बोनस मिलेगा।

भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है पाक : शहबाज शरीफ

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि पाकिस्तान भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है और कश्मीर मुद्दे का समाधान चाहता है साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस संबंध में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

डॉन समाचार पत्र ने प्रधान मंत्री कार्यालय (पीएमओ) के हवाले से बताया कि शरीफ ने गुरुवार को पाकिस्तान में नव-नियुक्त ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त नील हॉकिन्स के साथ एक बैठक के दौरान ये विचार व्यक्त किए।

पीएमओ ने प्रधान मंत्री के हवाले से कहा कि पाकिस्तान समानता, न्याय और आपसी सम्मान के सिद्धांतों के आधार पर भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है। इस संदर्भ में, प्रासंगिक संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की इच्छाओं के अनुसार जम्मू और कश्मीर विवाद का एक उचित और शांतिपूर्ण समाधान अपरिहार्य है।

प्रधान मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस संबंध में एक उचित भूमिका तैयार करनी होगी ,क्योंकि यह दक्षिण एशिया में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए आवश्यक है। शरीफ ने उस सहयोग पर भी प्रकाश डाला जो पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में स्थिति के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए जारी रखा है, खासकर पिछले साल अगस्त से।

इस अवसर पर ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की और अफगानिस्तान से अपने नागरिकों और अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने में पाकिस्तान की सहायक भूमिका के लिए गहरा आभार व्यक्त किया।

सबगुरु राशिफल : 19 अगस्त शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, कृष्ण पक्ष, अष्टमी तिथि, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 10.59 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आएगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएं बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगेǀ जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बाँटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा का 20 अगस्त को जयपुर में प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था, महिला अत्याचार, अवैध खनन, साधु-संतों पर अत्याचार, मॉब लिंचिंग, हिंदुओं पर हो रहेे अत्याचार आदि मुद्दों को लेकर 20 अगस्त को जयपुर में प्रदर्शन करेगी।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने आज प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा राजस्थान इकाई ने यह निश्चित किया है 20 अगस्त को जयपुर में इसे लेकर विशाल प्रदर्शन होगा, हम लोग शहीद स्मारक पर इकट्ठा होकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे, जिसमें पार्टी कई नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में सबसे ज्यादा पीड़ित और प्रताड़ित कोई है, वह अनुसूचित जाति और जनजाति तबके हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एक के बाद एक अपराधों की जो फेहरिस्त बढी हुई है, यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, अभी ताजातरीन मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ी, अलवर के गोविंदगढ़ में चिरंजीलाल सैनी की हत्या, पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज वहां तथ्यात्मक जांच के लिए गया है।

उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में कल साधु की हत्या हुई, जयपुर जिले के जमवारामगढ़ में एक महिला शिक्षिका की जलाकर हत्या कर दी गई, आज जयपुर में एक साधु ने आग लगाकर आत्मदाह की कोशिश की है, इस तरीके की घटनाएं स्पॉन्सर्ड नहीं होती हैं, अपराध तभी होता है जब अपराधी बेखौफ होता है।

कोई हत्या और कोई आत्मदाह या आत्महत्या का कारण दुष्प्रेरण जरूर होता है। उदयपुर में कन्हैयालाल टेलर की नृशंस हत्या, भीलवाड़ा में आदर्श तापड़िया की हत्या, चित्तौड़गढ़ में रतन सोनी की हत्या, झालावाड़ में कृष्णा वाल्मीकि की हत्या, अलवर में हरीश जाटव और योगेश जाटव की हत्या, इस तरीके से पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न खड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार प्रतिपक्ष के नाते अनेक उपक्रमों के जरिए राज्य सरकार को चेताते रही, जिसमें सड़क से लेकर सदन तक सरकार को हमने जगाने और चेताने का काम निरंतर किया है। लेकिन कांग्रेस सरकार की नीयत में खोट है, सरकार ने इस तरीके का उपक्रम किया है कि अपराधों और अपराधियों पर नकेल डालने के बजाय उन्होंने तुष्टीकरण की राजनीति शुरू की है, इसी कारण करौली की घटना हुई, जोधपुर, भीलवाड़ा की घटनाएं हुई, क्योंकि सरकार ने तुष्टीकरण की राजनीति को प्रश्रय दिया।

डा पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत जब गुजरात में प्रेस को संबोधित कर रहे थे तो उनको इस बात की जानकारी नहीं थी कि प्रदेश में उनकी नाक के नीचे क्या घटित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक बानगी है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री जो गृहमंत्री भी हैं, प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाओं पर कितने संवेदनहीन हैं और कितने अनभिज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस सरकार को साढे तीन सालों में कोई पूर्णकालिक गृहमंत्री मिला ही नहीं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हालातों से ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री को राजस्थान की जनता की जनसुरक्षा से कोई सरोकार नहीं है, उन्हें कोई सरोकार है तो अपनी कुर्सी से है, कुर्सी की सुरक्षा उनके लिए जनसुरक्षा से बड़ी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में साढ़े तीन वर्षों में अब तक सात लाख, 97 हजार 693 मुकदमे दर्ज हुए हैं, यह पहली बार हुआ है जो कभी नहीं हुआ।

इनमें छह हजार 325 हत्याएं हो चुकी हैं, पांच हजार से भी अधिक लूट की वारदात हो चुकी हैं, चोरी की वारदात एक लाख 29 हजार 489 हो चुकी हैं, महिलाओं पर अत्याचार के मामले एक लाख 45 हजार 288 दर्ज हो चुके हैं, बच्चियों, महिलाओं पर रेप एवं गैंगरेप से संबंधित मामलों में 22 हजार 148 दर्ज हो चुके हैं, 26 हजार 794 मामले अनुसूचित जाति से संबंधित मामले दर्ज हुए।

‘डोलो-650’ टैबलेट : डॉक्टरों को 1,000 करोड़ का मुफ्त उपहार, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने ‘डोलो-650’ टैबलेट मरीजों को लिखने (लेने की सलाह) के लिए डॉक्टरों के मुफ्त उपहार पर संबंधित दवा कंपनी की ओर से 1000 करोड़ रुपए खर्च करने के आरोप को गंभीर मामला बताते हुए गुरुवार को केंद्र सरकार से इस संबंध में 10 दिनों के अंदर अपना पक्ष रखने को कहा।

‘डोलो-650’ टैबलेट कोविड-19 महामारी के दौरान बुखाररोधी दवा के तौर बड़ी संख्या में रोगियों ने उपयोग की थी। न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना की पीठ ने कहा कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने ‘डोलो-650’ टैबलेट के निर्माताओं पर इस टैबलेट को मरीजों को देने की सलाह के एवज में 1,000 करोड़ रुपये के मुफ्त उपहार बांटने पर खर्च करने का आरोप लगाया है।

न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने कहा कि उन्हें भी कोविड के दौरान ये दवा दी गई थी। एक गंभीर मामला है। पीठ ने केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज से 10 दिनों के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा।

फेडरेशन ऑफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन ऑफ इंडिया का पक्ष वकील वरिष्ठ संजय पारिख ने रखा। उन्होंने अदालत के समक्ष दलील देते हुए दावा किया कि ‘डोलो’ ने रोगियों को बुखार-रोधी दवा देने (डॉक्टरों द्वारा मरीजों को सलाह देने के लिए) डॉक्टरों पर 1,000 करोड़ रुपए खर्च किया था।

उच्चतम न्यायालय दवा कंपनियों कथित अनैतिक विपणन प्रथाओं को नियंत्रित करने और विनियमित करने के लिए दिशानिर्देश जारी करने की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका में दावा किया गया है कि मौजूदा व्यवस्था की की स्वैच्छिक प्रकृति के कारण, अनैतिक प्रथाएं बढ़ रही हैं। यहां तक कि कोविड -19 जैसे वैश्विक महामारी के दौरान भी यह देखने को मिली थी।

शीर्ष न्यायालय ने महासंघ की जनहित याचिका पर गत मार्च को केंद्र सरकार से जवाब मांगा था। शीर्ष न्यायालय ने इससे पहले गत फरवरी 22 फरवरी को एक अलग फैसले में दवा लिखने के एवज में दवा बनाने वाली कंपनियों की ओर से डॉक्टरों के मुफ्त उपहार पर बड़ी राशि खर्च करने पर चिंता व्यक्त की थी। न्यायालय ने छुट्टियों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्राओं या चिकित्सा सम्मेलनों में भाग लेने के नाम पर सोने के सिक्के, फ्रिज और एलसीडी टीवी जैसे उपहार डॉक्टरों को देने को गंभीरता से लिया था।

जन्माष्टमी में मथुरा के मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा के विशेष इंतजाम

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आने वाला हर तीर्थयात्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मन्दिरों में अभिषेक और दर्शन करने के लिए लालाइत रहता है और इसीलिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर तीर्थयात्रियों के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि जन्माष्टमी पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए है। मन्दिरों में जेबकटी आदि की घटना को रोकने के लिए सादे वेश में भी पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।शहर के अन्दर बाहरी वाहन का प्रवेश रोकने के लिए प्रत्येक प्रवेश मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान का प्रबन्ध तंत्र भी तीर्थयात्रियों को हर सुविधा देने का प्रयास कर रहा है।श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी पर जन्म के अभिषेक में भाग लेने आये प्रत्येक भक्त को प्रसाद वितरित किया जाएगा। कोविड -19 के दौरान भक्तों में प्रसाद का वितरण बन्द कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में जन्माष्टमी की शुरूवाद शहनाई वादन से होगी तथा मंगला के दर्शन शहनाई और नगाड़े के वादन से होंगे। वर्तमान में श्रीकृष्ण जन्मस्थान बिजली अनोखी सजावट से नई नवेली दुल्हन की तरह सज गया है तो जन्मस्थान पर धार्मिक कार्यों की श्रंखला सी बन गई है।

उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए जन्मस्थान के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर जहां जूता एवं सामान घर बनाया गया है वहीं जन्मस्थान के गेट नम्बर 1 के पास खोया पाया केन्द्र बनाया गया है।

सचिव के अनुसार सारंग शेाभा पुष्प बंगले में ठाकुर जी श्री हरिंकांता पोशाक धारण करेंगे तथा मोर्छल आसन में विराजमान होकर ठाकुर जी अभिषेक के लिए पधारेंगे।ठाकुर जी का अभिषेक रजत कमल पुष्प में स्वर्ण मण्डित रजत कामधेनुस्वरूपा गाय द्वारा किया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महन्त नृत्य गोपालदास के सानिध्य में ठाकुर जी का अभिेषेक किया जाएगा।

मथुरा के द्वारकाधीश मन्दिर एवं प्राचीन केशवदेव मन्दिर में श्रीकृष्ण जन्म के सुलभ दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है साथ ही जन्म के अभिषेक के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा।

वृन्दावन के तीन मन्दिरों में दिन में जन्माष्टमी मनाए जाने के कारण जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पूर्वान्ह में श्रद्धालुओं का जमघट वृन्दावन में रहता है वहीं अपरान्ह में व्रज के अन्य मन्दिरों की भक्तों का हजूम मुड़ जाता है।

वृन्दावन के राधारमण मन्दिर में अभिषेक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मन्दिर में जन्माष्टमी की सुबह 27 मन दूध, दही, घी, बूरा, शहद, औषधियों और महा औषधियों से मुख्य विग्रह का अभिषेक वैदिक मंत्रों के मध्य किया जाएगा। राधादामोदर मन्दिर एवं टेढ़े खम्भेवाले मन्दिर में भी 19 अगस्त केा दिन में ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। इन मन्दिरों का चरणामृत गृहण करने के बाद ही वृन्दावनवासी उपवास का क्रम करते हैं।

उधर उ0प्र0 व्रज तीर्थ विकास परिषद एव पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जन्माष्टमी पर आकर्षक कार्यक्रम कराने के लिए कलाकार बुलाए गए हैं। आज इन कलाकारों की शोभायात्रा निकाली गई जिसका उदघाटन उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी द्वारा किया गया। गोवर्धन, नन्दगांव, गोकुल, बल्देव, रमणरेती के मन्दिर भी नई नवेली दुल्हन की तरह सजाए गए है। कुल मिलाकर ब्रजमण्डल में जन्माष्टमी की पूर्व बेला से ही भक्ति की बयार तेज हो गई है।