Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 653 -
होम ब्लॉग पेज 653

राजस्थान में गुरुवार कोरोना के 803 नए केस, 3 मरीजों की मौत

जयपुर। राजस्थान में गुरुवार को कोरोना के नये मामले बढ़कर आठ सौ को पार पहुंच गये वहीं इसके तीन मरीजों की मौत हो गई।

चिकित्सा विभाग के अनुसार राज्य में पिछले चौबीस घंटों में नए मामलों में 301 की वृद्धि दर्ज की गई और दौसा जिले में दो और करौली जिले में इसके एक मरीज की और मृत्यु हो गई, इससे प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9601 पहुंच गया।

नए मामलों में सर्वाधिक 269 मामले जयपुर में सामने आए जबकि भरतपुर में 128, अलवर में 116, सीकर में 35, अजमेर में 33, राजसमंद में 32, उदयपुर में 26, चित्तौड़गढ़ में 21, प्रतापगढ़ में 20, कोटा में 15, नागौर में 14, जोधपुर में 13, दौसा में 12, बूंदी, धौलपुर, हनुमानगढ़ एवं झालावाड़ में सात-सात, भीलवाड़ा में छह तथा कुछ स्थानों पर इससे कम ही नए मामले सामने आए जबकि छह जिलों में एक भी नया मामला सामने नहीं आया।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 13 लाख तीन हजार 419 हो गई। प्रदेश में 679 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 89 हजार 753 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ तीन लाख 73 हजार 798 नमूने लिए गए हैं।

राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 4065 हैं। इनमें सर्वाधिक 1411 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि अलवर में 535, भरतपुर में 400, उदयपु में 383, चित्तौड़गढ में 135, अजमेर में 130, जोधपुर में 109, दौसा में 103, नागौर में 102 तथा अन्य कई जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं जबकि चुरु एवं करौली दो ही जिले ऐसे हैं जहां कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।

छात्रसंघ चुनाव : विधि और संस्कृत महाविद्यालय में ABVP ने प्रत्याशी उतारे

0

अजमेर। छात्रसंघ चुनावों को लेकर अधिसूचना जारी होने के साथ कालेजों में छात्र राजनीति हिलोरे मारने लगी है। विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा का सिलसिला चल पडा है।

इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की अजमेर ईकाई ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी की घोषणा के बाद गुरुवार को राजकीय विधि महाविद्यालय और राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय में छात्रसंघ प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।

एबीवीपी के महानगर मंत्री विकास गोरा ने बताया कि राजकीय विधि महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र कालस, उपाध्यक्ष पद पर मोहन यादव व महासचिव पद के लिए जयेश चौरसिया का नाम अंतिम रूप से घोषित किया गया है।

इसी तरह राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय में अध्यक्ष पद के लिए सागर शर्मा, उपाध्यक्ष पद पल्लवी दाधीच, महासचिव सांवरा लाल व संयुक्त सचिव पद के लिए अनुराधा मेघवंशी प्रत्याशी घोषित किया गया। नामों की घोषणा के मौके पर परिषद के पदाधिकारी मेहुल गर्ग, आशुराम डुकिया, उदय सिंह, गजेन्द्र टाक आदि उपस्थित रहे।

बनेवड़ा संघर्ष समिति ने जन आंदोलन के लिए बांटे पीले चावल

नसीराबाद/बाघसुरी। बाघसुरी पंचायत समिति में आने वाले बनेवडा गांव में आम जन की समस्याओं व मांगों को लेकर बनेवड़ा संघर्ष समिति ने एक बार फिर आंदोलन का ऐलान किया है।

समिति सदस्य जितेंद्र सिंह ने गांव के युवाओं को पीले चावल बांटकर विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांगों को लेकर प्रस्तावित जन आंदोलन के लिए निमंत्रण दिया। इस मौके पर कैलाश, सांवरलाल, काली जीरी, लालाराम, हगामी लाल मौजूद रहे।

सिंह ने बताया कि बाघसूरी के उच्च माध्यमिक विद्यालय पियो, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को पूर्व में भी ज्ञापन प्रेषित किए गए पर कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।

बनेवडा में स्कूल की बाउंड्री, हेड पंप, अन्यत्र जगह कार्यरत टीचर्स का डेप्युटेन खत्म करने, स्कूल दसवीं तक क्रमोन्नत करने, हेड मास्टर की नियुक्ति आदि को लेकर 5 सितंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

BJP नेता शाहनवाज हुसैन पर रेप का आरोप, सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने 2018 में उन पर लगे कथित दुष्कर्म के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की निचली अदालत के आदेश पर मुहर लगाने वाले दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले को गुरुवार को शीर्ष अदालत में चुनौती दी।

न्यायाधीश एनवी रामना की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष हुसैन के अधिवक्ता ने विशेष उल्लेख के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री की याचिका पर शीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया। पीठ इस मामले को अगले सप्ताह विचार करने पर सहमत हुई।

उच्च न्यायालय की न्यायाधीश आशा मेनन की एकल पीठ ने बुधवार दिल्ली पुलिस पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि लगता है कि पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने को इच्छुक नहीं है। न्यायालय ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का जो आदेश दिया था वह उचित है। हाईकोर्ट की एकल पीठ ने हुसैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, तीन महीने के भीतर जांच पूरी करने और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 173 के तहत विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था।

अदालत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें विशेष न्यायाधीश के 12 जुलाई, 2018 के आदेश को चुनौती दी गई थी, जिन्होंने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के आदेशों के खिलाफ उनकी पुनरीक्षण याचिका को खारिज कर दिया था।

याचिकाकर्ता हुसैन के खिलाफ जून 2018 में दिल्ली की एक महिला द्वारा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (बलात्कार), 120-बी (आपराधिक साजिश) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत अपराध करने का आरोप लगाते हुए एक शिकायत दर्ज की गई थी। महिला ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता ने बाद में अदालत में याचिका दायर कर दिल्ली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने की गुहार लगाई थी। भाजपा नेता ने उच्च न्यायालय से झटका लगने के बाद शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपनी विशेष अनुमति याचिका में तर्क दिया कि उच्च न्यायालय इस तथ्य पर गौर करने में विफल रहा कि याचिकाकर्ता को गलत, झूठे और अवैध रूप से मामले में महिला-शिकायतकर्ता द्वारा गलत मकसद से फंसाया गया था।

त्रिपुरा के वरिष्ठ भाजपा नेता रानावीर भट्टाचार्य का इस्तीफा

अगरतला। त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को आगामी स्वायत्त जिला परिषद (ADC) के ग्राम समिति चुनाव और राज्य विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका उस समय लगा जब पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने गुटबाजी और नेताओं के बीच सत्ता की लड़ाई का आरोप लगाते हुए गुरुवार को इस्तीफा दे दिया।

कुछ महीने पहले कैलाशहर के मंडल अध्यक्ष के रूप में चुने गए रानावीर भट्टाचार्य ने संगठन में निहित स्वार्थ के बात करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा को अपना कर्तव्य जारी रखने में असमर्थता व्यक्त करते हुए डाक से अपना इस्तीफा भेज दिया।

भट्टाचार्य ने अपने पत्र में कहा कि श्रम मंत्री भगवान दास के करीबी कुछ राजनीतिक नेताओं की मनमानी के कारण उनके लिए संगठन का प्रबंधन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद, मैंने उन सभी भ्रष्ट लोगों को हटाकर संगठन को नया रूप देने की कोशिश की, अन्यथा वे लोग भाजपा के लिए हानिकारक साबित हो जाते लेकिन इस कदम से पार्टी नेताओं के उस वर्ग के नेताओं के साथ कई असहमतियां पैदा हो गई जो मंत्री के करीबी हैं।

उन्होंने कहा कि कैलाशहर के विभिन्न बूथों के बूथ अध्यक्षों को बिना बताए उन्हें हटा दिया गया और नए बूथ अध्यक्ष नियुक्त किए गए। राज्य के नेता उनकी जानकारी के बिना पार्टी की बैठकें करते रहे हैं। दुर्भाग्य से मामला राज्य समिति के संज्ञान में लाया गया, लेकिन कोई सुधारात्मक उपाय नहीं किया गया।

उन्होंने पत्र में शिकायत की कि बड़ी संख्या में निर्वाचित पंचायत सदस्य, जो मंत्री दास के करीबी है, भ्रष्टाचार और कई असामाजिक गतिविधियों में लिप्त है। इसकी जानकारी कई बार पार्टी को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई बल्कि भट्टाचार्जी अलग-थलग पड़ गए।

राज्य के अनुभवी भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कई वरिष्ठ नेता जो कभी पार्टी संगठन के निर्माण के शिल्पकार थे और त्रिपुरा 2018 में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार स्थापित की थी, कथित तौर पर पार्टी और सरकार के कामकाज पर आपत्ति जताने के बाद उन्हें किनारे कर दिया गया है। इस पार्टी ने अब त्रिपुरा में अपना सारा गौरव और विश्वसनीयता खो दी है।

उत्तर प्रदेश : बसपा सांसद अफजाल अंसारी के घर ईडी का छापा

गाजीपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरूवार सुबह उत्तर प्रदेश में बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के भाई और गाजीपुर से लोकसभा सांसद अफजाल अंसारी के यहां स्थित पैतृक आवास के अलावा दिल्ली और लखनऊ स्थित ठिकानों पर छापा मारा। विभिन्न आपराधिक मामलों में मुख्तार अंसारी इन दिनों जेल में बंद है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय की टीम गाजीपुर जनपद में सांसद अफजाल अंसारी के पैतृक घर यूसुफपुर फाटक पर केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम के साथ पहुंच गई। इसके अतिरिक्त गाजीपुर नगर स्थित अंसारी बंधुओं के करीबी प्रॉपर्टी व्यवसाई गणेश दत्त मिश्रा, सर्राफा व्यवसाई विक्रम अग्रहरि और ट्रैवेल्स व्यवसाई समसुद्दीन खान के घर पर भी छापेमारी की गई।

सूत्रों के अनुसार ईडी ने गाज़ीपुर के अलावा अफजाल अंसारी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी छापेमारी की। अंसारी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास में भी जांच एजेंसी ईडी की टीम ने छापेमारी कर दस्तावेज खंगाले। इस दौरान अंसारी के घर के बाहर अर्धसैनिक बलों की टीम को तैनात किया गया।

इस बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित डालीबाग की मस्जिद वाली गली में मुख्तार के करीबियों पर ईडी की छापेमारी की गई। सीआरपीएफ के जवानों को भी छापेमारी वाले घरों के बाहर तैनात किया गया है। समझा जाता है कि ईडी ने अफजाल व मुख्यतार के लखनऊ स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान किसी को अंदर बाहर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

एक साथ चार जगहों पर छापेमारी के चलते जनपद में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग एक दूसरे से सवाल पूछते रहे हालांकि अभी तक किसी भी अधिकारी की आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं प्राप्त हो सकी है। फिलहाल कार्रवाई जारी है। जेल में बंद बाहुबली सांसद मुख्तार अंसारी के खिलाफ ईडी का शिंकजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में आज उनके भाई और करीबियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

मारुति सुजुकी ने लॉन्च की नई अल्टो K10, कीमत 3.99 लाख से शुरू

नई दिल्ली। यात्री वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने ऑल-न्यू अल्टो के10 के लॉन्च की घोषणा की जिसकी दिल्ली में शुरूआती एक्स शोरूम कीमत 3.99 लाख रुपए है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ हिसाशी ताकेउची ने आज यहां इसे लॉन्च करने के मौके पर कहा कि गर्व, भरोसे और विश्वसनीयता की प्रतीक ऑल-न्यू अल्टो के10 अब एक नए डिज़ाईन, ज्यादा बढ़ा इंटीरियर, बेहतर परफॉर्मेंस और अनेक कम्फर्ट जैसे सुरक्षा, सुविधा और कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि 22 सालों वर्षाें में 43 लाख परिवारों तक पहुंच चुकी आल्टाे का यह नया अवतान भी लोगों के बीच खासा लोकप्रिय होगा।

उन्होंने बताया कि इसमें ज्यादा शक्तिशाली एवं प्रभावशाली नैक्स्ट जनरेशन के-सीरीज़ 1.0 लीटर ड्युअल जेट, ड्युअल वीवीटी इंजन है जो 24.90 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है। इसमें सुरक्षा के 15 फीचर दिये गये हैं तथा दो एयरबैग स्टैंडर्ड है। ऑल-न्यू अल्टो के10 – 5-स्पीड मैन्युअल और ऑटो गियर शिफ्ट ट्रांसमिशन के साथ आ रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों में अल्टो हर नए अपग्रेड के साथ और ज्यादा आकर्षक होती चली गई और यह एक ऐसे आईकोनिक ब्रांड का प्रमाण बन गई, जिसने युवा भारत की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप खुद का विकास किया है।

43 लाख से ज्यादा भारतीय ग्राहकों का दिल जीतते हुए अल्टो अपने 22 सालों के सफर में लगातार 16 सालों तक देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी हुई है। ऑल-न्यू अल्टो के10 अपने नए डिज़ाईन, आधुनिक टेक एवं सुरक्षा विशेषताओं, इंटीरियर और नैक्स्ट जनरेशन के के-सीरीज़ 1.0 लीटर इंजन के साथ अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

मोबिलिटी समाधानों को जनसमूहों तक पहुंचाना हमेशा से मारुति सुजुकी का मुख्य उद्देश्य है और ऑल-न्यू अल्टो के10 के लॉन्च के साथ हम मोबिलिटी की खुशी और ज्यादा घरों तक पहुँचाना तथा अपने ग्राहकों के साथ अपने लगातार विकसित होते संबंधों को मजबूत करना चाहते हैं।

दुष्प्रचार करने वाले आठ यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध

नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत के विभिन्न देशों के साथ संबंधों तथा कानून व्यवस्था के बारे में दुष्प्रचार करने वाले आठ यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है जिनमें से सात भारत और एक पाकिस्तान से संचालित किया जा रहा था।

ये सभी यूट्यूब चैनल समाचारों से संबंधित थे और इन पर सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 के तहत प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें से एक चैनल के फेसबुक अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ब्लॉक किए गए यूट्यूब चैनलों को 114 करोड़ बार देखा गया था और इनके 85 लाख 73000 सब्सक्राइबर हैं इन चैनलों ने भारत विरोधी फर्जी विषय वस्तु को मोनेटाइज करा रखा था।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जिन यूट्यूब चैनल पर प्रतिबंध लगाया है उनमें भारत से संचालित किए जाने वाले लोकतंत्र टीवी, यू एंड वी टीवी, एएम रजवी, गौरवशाली पवन मिथिलांचल, सी टॉप फाइव टीएच, सरकारी अपडेट और सब कुछ देखो शामिल हैं। पाकिस्तान से संचालित यूट्यूब चैनल जिस पर प्रतिबंध लगाया गया है उसका नाम न्यूज़ की दुनिया है। मंत्रालय ने लोकतंत्र टीवी के फेसबुक अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया है।

भीलवाड़ा जिले में कार के ट्रक से टकराने पर 4 लोगों की मौत

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के विजयनगर में कार के खड़े ट्रक से टकरा जाने पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित चार लोगों की आज सुबह मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कमला विहार निवासी अंकित अग्रवाल उनकी पत्नी राखी और बच्चा प्रेक्षम के साथ जयपुर से भीलवाड़ा लौट रहे थे कि सुबह उनकी कार विजयनगर में राजदरबार होटल के पास खड़े ट्रक से जा टकराई।

हादसा इतना तेज था कि उसमें फंसे इन लोगों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में अग्रवाल एवं उनकी पत्नी एवं कार चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि प्रेक्षम ने अस्पताल ले जाने के बाद दम तोड़ा।

यार्न कारोबारी अपने परिवार के साथ हिमाचल घूमने गए थे। वहां से वापस आते समय जिले के विजयनगर के पास हादसा हो गया। कारोबारी की कार एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में सभी की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि शवों को निकालने के लिए भी पुलिस और लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

तेज गति में होने के कारण कार की छत अलग हो गई। हादसे में दंपती और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे तीनों शवों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला और पीएम के लिए अस्पताल भेजा।

अंकित अग्रवाल यार्न (धागा) करोबारी थे। हाल ही में वह पत्नी और अपने इकलौते बेटे के साथ हिमाचल घूमने गए थे। उनके साथ कार चालक कय्यूम भी गया था। वहां से वापस आते समय यह हादसा हो गया।

मध्यप्रदेश के दमोह में छह किशोरों की डूबने से मौत

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में तीन अलग-अलग हादसों में तालाब में डूबने से छह किशोरों की मौत हो गई। एक घटना में बच्चों के परिजन ने देर रात चक्काजाम कर हंगामा किया।

तेंदूखेड़ा पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नरगुवा में नहाने गए चार किशोरों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी चौथे बच्चे ने जाकर परिजन को दी। परिजन तालाब पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों डूब चुके थे।

हादसे में कल्प पुत्र दामोदर नामदेव (12), राज पुत्र राजू साहू (13) और कपिल पुत्र कैलाश जैन (13) नहाते समय डूब गए। उनका साथी अभिषेक तालाब में नहीं उतरा जिससे बच गया। उस ने जाकर परिवार के लोगों को सूचना दी। रात्रि में तीनों के शव निकाले गए।

वहीं दमोह देहात थाना अंतर्गत किशन तलैया में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित रैकवार (12) और राजू रैकवार (13) सुबह घर से स्कूल के लिए निकले थे। उसके बाद वे घर नहीं पहुंचे।

आशंका होने पर परिजन ने दोनों को किशन तलैया में खोजा, तो दोनों के शव पानी में मिले। इससे आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम लगा दिया। परिजन का आरोप था कि बच्चे लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी लेकिन पुलिस ने खोजने का प्रयास नहीं किया। नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने मौके पर पहुंचकर परिजन को समझाने का प्रयास किया, तब परिजन ने चक्काजाम समाप्त किया।

तीसरी घटना जिले के जबेरा थाना अंतर्गत ग्राम भाट खमरिया की है। यहां एक किशोर गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया। वो गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। किशोर की पहचान जबेरा थाना अंतर्गत ग्राम भाट खमरिया निवासी सत्यम प्रजापति (15) के तौर पर हुई है।