Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 655 -
होम ब्लॉग पेज 655

जबलपुर : देह व्यापार में लिप्त पिता-पुत्र-बहू सहित 10 अरेस्ट

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर के संजीवनी नगर क्षेत्र के जसूजा सिटी धनवंतरी नगर स्थित एक मकान में दबिश देकर देह व्यापार में लिप्त पिता-पुत्र और बहू सहित 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर प्रतिष्ठा राठौर आज बताया कि धनवंतरी नगर जसूजा सिटी स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार संचालित होने के संबंध मेें सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर कल रात्रि कार्रवाई करते हुए एक पुलिस कर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया।

पुलिस कर्मी को हस्ताक्षर युक्त पांच सौ रूपए के दो नोट दिए गए थे। पुलिस कर्मी घर के अंदर गया तो कृष्ण कुमार दुबे पलंग में बैठा मिला। उसे साथ बेटा सुनील कुमार दुबे, बहू तथा तीन अन्य लोग बैठे हुए थे। एक हजार रूपए में सौदा तय होने के बाद निर्धारित योजना के तहत पुलिस कर्मी ने मिक्ड कॉल टीम को किया। टीम ने तुरंत दबिश दी तो दो अलग-अलग कमरे में दो युवती और दो युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले।

दो युवती मुम्बई और नागपुर की निवासी थी, जिन्हें देह व्यापार के लिए जबलपुर बुलाया गया था। तलाशी लेने पर वृद्ध के पास दो हजार रूपए मिले, जिसमें से पांच-पांच सौ के दो हस्ताक्षर युक्त नोट थे। बहू के पास एक मोबाइल फोन मिला।

पूछताछ करने पर उसने बताया कि कई ग्राहक ऑनलाइन पैमेंट करते थे। ऑनलाइन ट्रांसजेक्शन में माध्यम से अन्य ग्राहकों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस ने सभी आरेापियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

खाकी वर्दी में नागिन डांस करने वाले दरोगा और सिपाही पर गिरी गाज

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में 15 अगस्त को खाकी वर्दी में नागिन डांस करने वाले दरोगा और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पूरनपुर थाना परिसर में 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक सौरभ कुमार और कांस्टेबल अनुज का फिल्मी गाने की धुन पर वर्दी में डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक पीलीभीत ने दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है। इस सम्बन्ध में विभागीय जांच क्षेत्राधिकारी पूरनपुर को दी गई है।

वायरल वीडियो के बाद जब पूरनपुर इंस्‍पेक्‍टर से बात की गई तो उन्‍होंने अनभिज्ञता प्रकट की थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी पूरनपुर वीरेंद्र विक्रम ने पत्रकारें को बताया कि इंस्पेक्टर सहित पुलिसकर्मियों का डांस का वीडियो संज्ञान में आया है लेकिन अभी तक किसी ने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की है। अगर कोई शिकायत करता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।

रोहिंग्या समुदाय को दिल्ली में फ्लैट नहीं दिए जाएंगे: गृह मंत्रालय

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने बुधवार को स्पष्ट किया कि राजधानी में अवैध रूप से रहने वाले रोहिंग्या समुदाय के लोगों को दिल्ली में फ्लैट नहीं दिए जायेंगे और उसने इस संबंध में किसी को कोई निर्देश नहीं दिया है।

मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि मीडिया के एक वर्ग में इस तरह की खबर आ रही है कि रोहिंग्या समुदाय के लोगों को राजधानी के बक्करवाला में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए बनाए गए फ्लैट दिए जाएंगे।

दरअसल यह विवाद केन्द्रीय शहरी कार्य एवं आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के एक ट्वीट के बाद पैदा हुआ जिसमें कहा गया था कि रोहिंग्या समुदाय के लोगों को बक्करवाला में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए बनाए गए फ्लैट में स्थानांतिरत किया जाएगा।

इस ट्वीट के बाद आम आदमी पार्टी तथा खुद भारतीय जनता पार्टी के नेता तथा हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता इसके विरोध में उतर आए और उन्होंने इसकी कड़ी आलोचना की।

इसके बाद गृह मंत्रालय ने सफाई देते हुए कहा कि सरकार ने इस संबंध में किसी को कोई निर्देश नहीं दिया है। मंत्रालय ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने रोहिंग्या समुदाय के लोगों को नई जगह पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया था जबकि केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि रोहिंग्या समुदाय के लोगों को उनकी मौजूदा जगह कंचन कुंज, मदनपुर खादर में ही रखा जाए क्योंकि उन्हें उनके देश वापस भेजने के लिए संबंधित देश की सरकार के साथ विदेश मंत्रालय ने यह मामला उठाया है।

गृह मंत्रालय ने कहा है कि रोहिंग्या समुदाय के लोगों को कानून के अनुसार हिरासत केन्द्रों में ही रखा जाए। मंत्रालय के अनुसार दिल्ली सरकार ने अभी रोहिंग्या के मौजूदा आवास स्थल को हिरासत केन्द्र घोषित नहीं किया है। मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को तत्काल यह कदम उठाने का निर्देश दिया है।

बिहार के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह विवादों में घिरे, भाजपा ने मांगा इस्तीफा

पटना। बिहार के नवनियुक्त कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह उर्फ कार्तिक कुमार अपहरण के एक मामले को लेकर विवादों में घिर गए हैं।

भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को कहा कि पटना जिले के बिहटा इलाके में हुए एक बिल्डर के अपहरण मामले में कानून मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह आरोपी हैं। इनके खिलाफ बिहटा थाना कांड संख्या 859/2014 दर्ज है।

उन्होंने कहा कि कार्तिकेय पर अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है और उन्हें 16 अगस्त को अदालत में पेश होना था लेकिन वह अदालत में हाजिर होने की बजाय उस दिन मंत्री पद की शपथ ले रहे थे। इसी अपहरण कांड में पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह भी आरोपी हैं।

मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से तुरंत कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्तिकेय सिंह को सोची समझी रणनीति के तहत कानून मंत्री बनाया गया है ताकि उनके जरिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं के खिलाफ चल रहे मुकदमों को रफा-दफा कराया जा सके।

भाजपा सांसद ने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी जिम्मेवार ठहराया और कहा कि मंत्री बनाने से पहले उनका पुलिस सत्यापन जरूर कराया गया होगा इसके बावजूद उन्हें मंत्री बनाया गया इसलिए कुमार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों को मंत्रिमंडल में शामिल करना नीतीश कुमार की मजबूरी है। ऐसा लंबे समय तक रहने वाला है।

मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार चाहकर भी अच्छे चेहरों को सरकार में शामिल नहीं कर पाएंगे। आने वाले दिनों में उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का राजद में विलय हो जाएगा या पार्टी ही विलीन हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कुमार राजनीति की अंतिम पारी खेल रहे हैं, उनके बाद जदयू में कुछ नहीं है।

भाजपा के ही वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस घटना को पीड़ादायक तथा शर्मनाक बताया और कहा कि अपहरण मामले में 16 फरवरी 2017 को कार्तिकेय सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी को पटना उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया था और उन्हें अदालत में समर्पण कर नियमित जमानत के लिए प्रार्थना करने का आदेश दिया था। इसके बावजूद उन्होंने अदालत में समर्पण नहीं किया और पांच साल तक गिरफ्तारी से बचते रहे।

प्रसाद ने कहा कि जब 10 अगस्त को राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी और उनका मंत्री बनना तय हुआ तब उन्होंने दानापुर के तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) से राहत ले ली ताकि वह मंत्री पद की शपथ ले सकें।

उन्होंने कहा कि एडीजे का आदेश पूरी तरह गैरकानूनी है। जब उच्च न्यायालय किसी की अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज कर दे तो एडीजे को उसे राहत देने का अधिकार नहीं है। उनकी पटना उच्च न्यायालय से अपेक्षा होगी कि वह इस पर संज्ञान ले और एडीजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।

इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। वहीं, दूसरी ओर कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उनके खिलाफ चल रहे मुकदमों के संबंध में उन्होंने विधान परिषद चुनाव के समय हलफनामे में जिक्र किया है।

गौरतलब है कि अपहरण मामले में कार्तिकेय सिंह के खिलाफ 2017 में ही वारंट जारी हुआ था। पटना उच्च न्यायालय से उनकी अग्रिम जमानत की अर्जी भी खारिज हो चुकी है। उन्‍हें 16 अगस्त को अदालत में आत्मसमर्पण कर नियमित जमानत के लिए अर्जी दायर करना थी।

इसी बीच 10 अगस्‍त को महागठबंधन की सरकार बन गई। दो दिन बाद 12 अगस्‍त को दानापुर की एक निचली अदालत ने कार्तिकेय सिंह को एक सितंबर तक के लिए राहत दे दी। इसके बाद 16 अगस्‍त को कार्तिकेय ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्‍हें कानून मंत्री बनाया गया।

गडकरी, शिवराज पर गिरी गाज, भाजपा संसदीय बोर्ड, चुनाव समिति से बाहर

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संसदीय बोर्ड और केन्द्रीय चुनाव समिति से पार्टी के ताकतवर नेताओं में शुमार होने वाले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी के 11 सदस्यीय नए संसदीय बोर्ड और 15 सदस्यीय नई केन्द्रीय चुनाव समिति की घोषणा की। पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने यहां दो विज्ञप्तियों में संसदीय बोर्ड एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के नए सदस्यों के नामों की जानकारी दी। दोनों निकायों में शामिल नए सदस्यों में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और केन्द्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को शामिल किया गया है।

भाजपा के नए संसदीय बोर्ड के सदस्यों में भाजपा अध्यक्ष नड्डा के अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा, केन्द्रीय मंत्री एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल, महासचिव के लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, लंबे समय से हाशिये पर चल रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया तथा भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष शामिल है।

भाजपा के नई केन्द्रीय चुनाव समिति में भाजपा अध्यक्ष नड्डा, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, येदियुरप्पा, सोनोवाल, महासचिव के लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, पार्टी के उपाध्यक्ष ओम माथुर, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन (पदेन) तथा भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष को शामिल किया गया है।

निवर्तमान संसदीय बोर्ड एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य गडकरी और चौहान को इन दोनों निकायों में जगह नहीं मिली है। नए संसदीय बोर्ड में राज्यों में नेतृत्व करने वाले किसी भी सदस्य को स्थान नहीं दिया गया है। जबकि केन्द्रीय चुनाव समिति में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस को स्थान दिया गया है। मौजूदा केन्द्रीय चुनाव समिति में बिहार के नेता सैयद शाहनवाज हुसैन और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जुएल ओरांव को बाहर किया गया है।

उज्जैन में एक परिवार के 4 सदस्यों ने ट्रेन के सामने कूदकर की सुसाइड

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन के उज्जैन-नागदा रेलखंड पर स्थित नई खेड़ी स्टेशन पर आज एक व्यक्ति ने अपनी तीन मासूम पुत्रियों के साथ ट्रेन के सामने कूंदकर आत्महत्या कर ली।

रेलवे पुलिस सूत्रों ने बताया कि उज्जैन निवासी रवि पांचाल ने अपनी तीन बेटियां अनामिका, अनुष्का और आराध्या के साथ सुबह मोटर साइकिल से नई खेड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचा और मोटर साइकिल खड़ी कर ट्रेन के सामने कूंदकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल पर सुसाइड नोट मिला है, जिसमें ससुराल से परेशान होना पाया गया है। वह किसी काम पर जाने का कहकर निकला था।

मृतक रवि पांचाल की ट्रेन के ट्रेक के करीब सड़क किनारे खड़ी मोटर साइकिल बरामद कर लिया गई है। इसके पास से दो स्कूली बैग भी जमीन पर पड़े मिले हैं। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे घरेलू कलह का मामला मानकर आत्महत्या के तौर पर जांच कर रही है।

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में ट्रेनों की टक्कर में 50 यात्री घायल

गोंदिया। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में बुधवार तड़के मालगाड़ी और यात्री रेलगाड़ी की टक्कर में 50 से अधिक लोग घायल हो गए।

एक अधिकारी ने बताया कि हादसा तड़के करीब 2:30 बजे उस समय हुआ जब छत्तीसगढ़ से राजस्थान जा रही यात्री रेलगाड़ी को पीछे से आ रही मालगाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे रेलगाड़ी पटरी से उतर गई।

उन्होंने कहा कि हालांकि ट्रेन के चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाए थे लेकिन दुर्घटना को टाला नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि सभी घायलों की प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि यात्री रेलगाड़ी को तीन घंटे से अधिक विलंब के बाद आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।

राजकोट और सूरत में जुआ खेल रही 16 महिलाओं समेत 18 अरेस्ट

राजकोट/सूरत। गुजरात में राजकोट और सूरत शहर में जुआ खेल रही 16 महिलाओं सहित 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सूचना के आधार पर राजकोट तालुका क्षेत्र में कालावड रोड़ पर स्वास्तिक पार्टी प्लॉट के निकट कल रात छापा मारा गया। इस दौरान वहां जुआ खेल रही नौ महिलाओं और दो पुरुषों को पकड़ लिया गया। उनसे 12650 रुपए जब्त कर लिए गए।

इसी तरह सूरत शहर में कापोद्रा क्षेत्र के समर्पण अपार्टमेंट के एक मकान पर छापेमारी करके मकान की गैलरी में जुआ खेल रही सात महिलाओं को पकड़ लिया गया। उनसे 14,720 रुपए जब्त कर लिए गए। पुलिस ने मामले दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिल्मों को बायकॉट किए जाने पर हम सबने चुप रहकर गलती की : अर्जुन कपूर

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स द्वारा बॉलीवुड फिल्मों को बायकॉट करने को लेकर कहा है कि इस मामले में हम सबने चुप रहकर गलती की है और इस ट्रेंड को खत्म करने के लिए इंडस्ट्री के लोगों को एक साथ रहने की जरूरत है।

अर्जुन कपूर ने कहा कि सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स द्वारा फिल्मों को बायकॉट किए जाने के मामले में हम सबने इस बारे में चुप रहकर गलती की है। जब सब इस पर चुप रहकर अपनी डिग्निटी बना रहे थे, तब लोग इसका फायदा उठाने लगे। इंडस्ट्री में लोग सोच रहे हैं कि उनका काम उनके लिए बोलेगा। हालांकि अब ट्रोलर्स ने इसे अपनी आदत बना ली है।

अर्जुन कपूर ने कहा कि अब इंडस्ट्री के लोगों को एक साथ आने और इसके बारे में खुलकर बात करने की जरूरत है। क्योंकि लोग उनके बारे में क्या लिखते हैं, वो सच्चाई से बहुत दूर होता है। जब हम ऐसी फिल्में करते हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म करती हैं, तो उस समय लोग उन्हें हमारे नाम की वजह से नहीं बल्कि फिल्म की वजह से पसंद करते हैं। हालांकि, यह अब बहुत ज्यादा हो रहा है और यह गलत है।

जम्मू में दो मकानों से एक ही परिवार के 6 शव बरामद, एसआईटी गठित

जम्मू। जम्मू पुलिस ने बुधवार को शहर के बाहरी सिध्रा इलाके में दो मकानों से छह शव बरामद किए और मौत की कारणों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है।

जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कोहनी ने कहा कि शव आज सुबह तवी विहार इलाके के दो मकानों से मिल थे जिनमें तीन शव महिलाओं के एक हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी अस्पताल भेज दिया गया है।

कोहली ने कहा कि मौत की कारणों की जांच के लिए संजय शर्मा (पुलिस अधीक्षक ग्रामीण) के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है जिनमें प्रदीप कुमार (एसडीपीओ नगरोटा), इंस्पेक्टर विश्व प्रताप (थाना प्रभारी नगरोटा) और एसआई माजिद हुसैन (आईसी पीपी सिध्रा) शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि आशंका है कि सभी को जहर देकर मारा गया है। जांच के बाद ही हालांकि सही कारणों का पता चल पाएगा। कानूनी औपचारिकताओं के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

मृतकों की पहचान नूर उल हबीब, सकीना बेगम, सजाद अहमद, नसीमा अख्तर, रुबीना बानो और जफर सलीम के रूप में हुई है। रिपोर्टों के अनुसार शव आंशिक रूप से सड़ चुके हैं। सभी छह परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कल रात करीब 10 बजे फोन पर घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिस दल को घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला और अंदर से दुर्गंध आ रही थी।

स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजे को तोड़ा गया वहां सडे गले शव बरामद हुए। जिसके बाद फोरेंसिक अपराध जांचकर्ताओं और फोटोग्राफर को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कोहली ने घटना की गहन जांच के निर्देश दिए।