Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 657 -
होम ब्लॉग पेज 657

आदमपुर में हवस में अंधे जीजा ने की साली की 8 माह की बच्ची की हत्या

जालंधर। पंजाब के आदमपुर में हवस में अंधे एक व्यक्ति ने शनिवार को अपनी साली की आठ माह की बेटी का कत्ल कर दिया।

आदमपुर सब डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक सरबजीत राय ने मंगलवार को बताया कि गांव पढियाना में शनिवार को एक जीजा ने साली से जबरदस्ती करने की कोशिश का विरोध करने पर उसकी आठ महीने की बच्ची का गला घोंट मौत के घाट उतार दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 24 घंटों के भीतर आरोपित रामानंद निवासी पढियाना आदमपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

राय ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि शनिवार रात करीब 12 बजे गांव पढियाना में आठ महीने की बच्ची का कत्ल हुआ है। इसके बाद पीड़िता बच्ची की लाश लेकर कपूरथला चली गई। सूचना मिलते ही थाना आदमपुर प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार व पुलिस बल पीड़िता सरिता देवी का बयान दर्ज करने के लिए कपूरथला पहुंचे।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति गोलू चौधरी काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गया था। बीते वीरवार को वह अपनी विवाहित बहन से मिलने आदमपुर के गांव पढियाना आई थी। यहां पर शनिवार रात करीब 9 बजे वह अपनी बच्ची के साथ अलग कमरे सो गई और उसकी बहन पति के साथ अलग कमरे में सोए हुए थे।

उसी रात करीब 10 बजे उसका जीजा रामानंद उसके कमरे में आकर जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर रामानंद गुस्से से बाहर चला गया। रात 12 बजे अचानक उसकी आंख खुली तो देखा उसकी बच्ची संगीता अपने जगह पर नहीं थी। बच्ची को खोजते वह बहन के कमरे में गई तो जीजा भी वहां पर नहीं था।

सरिता देवी ने बताया कि थोड़ी देर बाद रामानंद परेशान और डरा हुआ अंदर आया। सख्ती से पूछने पर पता चला कि उसने बच्ची की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया है।

नीतीश मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 31 मंत्रियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ

पटना। बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल का मंगलवार को विस्तार किया गया और 31 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन के राजेंद्र मंडपम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल फागू चौहान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 16, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के 11, कांग्रेस के 02, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के एक और एक निर्दलीय को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।

शपथ लेने वालों में जदयू के विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, संजय झा, शीला मंडल, सुनील कुमार, जयंत राज और जमा खान, राजद के आलोक कुमार मेहता, तेज प्रताप यादव, सुरेंद्र प्रसाद यादव, रामानंद यादव, कुमार सर्वजीत, ललित यादव, समीर कुमार महासेठ, चंद्रशेखर, अनीता देवी, सुधाकर सिंह, इसरायल मंसूरी, शमीम अहमद, कार्तिकेय सिंह, सुरेंद्र राम, मोहम्मद शाहनवाज और जितेंद्र कुमार राय, कांग्रेस के मो. अफाक आलम और मुरारी गौतम, हम के संतोष सुमन तथा निर्दलीय सुमित कुमार सिंह शामिल हैं।

गौरतलब है कि 10 अगस्त को महागठबंधन की सरकार बनने के बाद जदयू नेता नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री और राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंत्री के तौर पर शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे के बाद शाम साढ़े चार बजे मंत्रिमंडल की बैठक हुई।

नई सरकार में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई महागठबंधन सरकार में आज मंत्रिमंडल विस्तार के कुछ देर बाद ही मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया।

मुख्यमंत्री कुमार ने सामान्य प्रशासन, गृह विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन के साथ ही ऐसे सभी विभाग अपने पास रखे हैं, जो किसी को आवंटित नहीं हैं। इसी तरह उप मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के पास स्वास्थ्य, पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास एवं ग्रामीण कार्य विभाग हैं।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विजय कुमार चौधरी को वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य, विजेंद्र प्रसाद यादव को ऊर्जा तथा योजना एवं विकास, अशोक चौधरी को भवन निर्माण, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, लेशी सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, मदन सहनी को समाज कल्याण, संजय कुमार झा को जल संसाधन और सूचना एवं जनसंपर्क, शीला मंडल को परिवहन, सुनील कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, जयंत राज को लघु जल संसाधन और जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

इसी तरह राजद के आलोक कुमार मेहता को राजस्व एवं भूमि सुधार, तेजप्रताप यादव को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, सुरेंद्र प्रसाद यादव को सहकारिता, रामानंद यादव को खान एवं भूतत्व, कुमार सर्वजीत को पर्यटन, ललित कुमार यादव को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, समीर कुमार महासेठ को उद्योग, चंद्रशेखर को शिक्षा, अनीता देवी को पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण, सुधाकर सिंह को कृषि, इसरायल मंसूरी को सूचना प्रावैद्यिकी, शमीम अहमद को गन्ना उद्योग, कार्तिकेय सिंह को विधि, सुरेंद्र राम को श्रम संसाधन, मोहम्मद शाहनवाज को आपदा प्रबंधन और जितेंद्र कुमार राय को कला, संस्कृति एवं युवा विभाग का मंत्री बनाया गया है।

कांग्रेस के मो. अफाक आलम को पशु एवं मत्स्य संसाधन और मुरारी गौतम को पंचायती राज, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संतोष कुमार सुमन को अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण तथा निर्दलीय सुमित कुमार सिंह को विज्ञान एवं प्रावैद्यिकी विभाग की जिम्मेवादी दी गई है।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन की इस नई सरकार को सात दलों जदयू, राजद, कांग्रेस, हम, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त है। वामदल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं और मंत्रिमंडल में शामिल नहींं होनेे का निर्णय लिया है।

खानपान प्रबंधक को थप्पड़ मारते हुए शिवसेना विधायक का वीडियो वायरल

मुंबई। महाराष्ट्र में कलामनुरी के शिवसेना विधायक संतोष बांगर का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह हिंगोली जिले में अनुबंधित मजदूरों को घटिया मध्याह्न भोजन देने के कारण एक निजी खानपान प्रबंधक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं। सोमवार को हुई इस घटना के बाद स्थानीय थाने में एक शिकायत दर्ज की गई है।

बांगर ने इससे पहले कहा था कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके समूह को गद्दार कहने वाले किसी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाए। वह उन लोगों पर अप्रसन्नता व्यक्त कर रहे थे, जो विद्रोहियों को गद्दार कह रहे थे। इस बयान के बाद वह काफी सुर्खियों में आए थे। बांगर से संपर्क किया गया तब वे अपने बयान पर कायम थे और कहा कि एक सच्चा शिवसैनिक कभी गद्दार नहीं हो सकता है।

प्रथम दृष्टया ‘तलाक-ए-हसन’ अनुचित नहीं : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने मंगलवार को कहा कि मुसलमानों में तलाक के लिए ‘तलाक-ए-हसन’ का रिवाज प्रथम दृष्टया अनुचित नहीं लगता।

न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश की पीठ इस प्रथा की वैधता को चुनौती देने वाली बेनज़ीर हीना की याचिका कर मौखिक रूप से कहा कि प्रथम दृष्टया यह (तलाक-ए-हसन) इतना अनुचित नहीं है। महिलाओं के पास भी एक ‘खुला’ का विकल्प मौजूद है।

इस्लाम धर्म में ‘तलाक-ए-हसन’ में पत्नी से तलाक के लिए तीन महीने की अवधि में एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा महीने में एक बार ‘तलाक’ का उच्चारण किया जाता है। यदि इस अवधि के दौरान शारीरिक संबंध फिर से शुरू नहीं किया जाता है तो तीसरे महीने में तीसरे उच्चारण के बाद तलाक को औपचारिक रूप दिया जाता है।

यदि तलाक के पहले या दूसरे उच्चारण के बाद शारीरिक संबंध फिर से शुरू हो जाता है तो माना जाता है कि संबंधित पक्षों के बीच सुलह हो गई है। पहले और दूसरे ‘तलाक’ कहने को अमान्य माना जाता है।

इसी प्रकार ‘खुला’ एक ऐसी प्रथा है जो एक मुस्लिम महिला को दहेज (महर) या कुछ अन्य, जो उसने अपने पति से प्राप्त किया था या पति-पत्नी के समझौते के अनुसार कुछ भी लौटाए बिना पति को तलाक देने की अनुमति देती है।

गाजियाबाद निवासी हीना ने ‘तलाक-ए-हसन’ का शिकार होने का दावा करते हुए इसकी वैधता को चुनौती दी है। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए पीठ ने कहा कि वह याचिकाकर्ता से सहमत नहीं है। न्यायमूर्ति कौल ने कहा कि प्रथम दृष्टया, मैं याचिकाकर्ताओं से सहमत नहीं हूं। मैं नहीं चाहता कि यह किसी अन्य कारण से एजेंडा बने।

शीर्ष अदालत ने ‘तलाक-ए-हसन’ के मुद्दे पर फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया। लेकिन याचिकाकर्ता के वकील के अनुरोध पर इस मामले में आगे की सुनवाई के लिए 29 अगस्त की तारीख मुकर्रर कर दी। हीना ने अपनी याचिका में दावा किया है कि यह प्रथा कई महिलाओं और उनके बच्चों, विशेषकर समाज के कमजोर आर्थिक वर्गों से संबंधित लोगों तबाह करने वाली है।

भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ कस्बे में एक महिला की हत्या

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ कस्बे में एक बुजुर्ग महिला की हत्या एवं उसके पति को गंभीर रुप घायल कर देने का मामला सामने आया हैं।

पुलिस के अनुसार हमीरगढ़ में होली का चौक के पास गली में सत्तर वर्षीय नाथूलाल सोमानी, पत्नी प्रेम देवी एवं मानसिक विक्षिप्त पौते के साथ रह रहे थे। सुबह प्रेम देवी का शव बाथरुम में पाया गया जबकि नाथूलाल घायल होकर अचेतावस्था में मिले। दंपती के सुबह घर के बाहर नहीं आने पर एक महिला ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर अंदर जाकर देखने पर घटना का पता चला।

इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया और घायल नाथूलाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मामले को लेकर जांच की जा रही है। घायल नाथूलाल के होश में आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

रोडवेज बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत दो घायल

भीलवाड़ा शहर से कुछ दूर चित्तौड़गढ हाइवे पर रोडवेज बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। पुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक भंवर सिंह ने आज बताया कि सोमवार रात समेलिया फाटक के नजदीक यह हादसा उस समय हुआ जब बड़ा महुआ हाल रामनगर मंडपिया निवासी सूरज एक अन्य युवक के साथ मंडपिया जा रहा था कि समेलिया फाटक के पास अपने परिचित किशन के पास रुक गए और आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी रोडवेज बस ने इन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में सूरज सिंह की मौके पर मौत हो गई जबकि किशन सिंह एवं नरेश बैरवा घायल हो गये, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

भीलवाड़ा शहर में एक व्यवसायी ने की आत्महत्या

भीलवाड़ा शहर के बापूनगर में एक रेडीमेड वस्त्र व्यवसायी के आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया हैं। प्रताप नगर पुलिस ने बताया कि मंगलवार को बापूनगर में एक युवक के फांसी लगाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची जहां एक मकान में जालोर जिले के धानसा गांव निवासी अमर सिंह (40) गले में स्टोल का फंदा लगाकर पंखे से झूलते मिले।

मौके पर सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें एक व्यक्ति पर उन्हें उलझाने का हवाला दिया गया है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि अमर सिंह की पत्नी चित्तौडग़ढ़ जिले के नेगडिय़ा गांव स्थित अपने पीहर गई हुइ्र थी और वह सुबह बेटी को स्कूल जाने के लिए टेंपो में बैठाकर घर लौटे। इसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि अमर सिंह की कुंभा सर्किल पर नेहा कलेक्शन के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान थी।

केविन ओ’ब्रायन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा

0

डबलिन। आयरलैंड के दिग्गज ऑल-राउंडर केविन ओ’ब्रायन ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।

आयरलैंड में क्रिकेट की रूपरेखा बदलने वाले ओ’ब्रायन ने 2006 में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। आयरलैंड के सह-सदस्य से टेस्ट मैच टीम बनने के सफर में ओ’ब्रायन का किरदार बेहद अहम रहा था। आयरिश दिग्गज ने अपने दो दशक के करियर में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

ओ’ब्रायन एकदिवसीय मैचों में आयरलैंड के लिए सर्वाधिक विकेट (114) लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके अलावा आईसीसी पुरुष विश्व कप में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है। ओ’ब्रायन ने विश्व कप 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ 327 रन का पीछा करते हुए 50 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था।

उन्होंने इस पारी में 13 चौके और छह गगनचुंबी छक्के जड़ते हुए 63 गेंदों पर 113 रन बनाए थे और अपनी टीम को ऐतिहासिक विश्व कप जीत दिलाई थी। ओ’ब्रायन टेस्ट क्रिकेट में आयरलैंड के पहले और एकलौते शतकवीर भी हैं। उन्होंने 14 मई 2018 को पाकिस्तान के खिलाफ डबलिन में खेले गये टेस्ट मैच में 118 रन की पारी खेली थी।

अड़तीस वर्षीय ओ’ब्रायन अपने सुसज्जित करियर को अलविदा कहते हुए पहले ही कोचिंग की ओर बढ़ गए हैं। वह इस समय एस्टोनिया के परामर्शदाता की भूमिका निभा रहे हैं, जो टी20 विश्व कप 2024 के क्वालीफिकेशन की तैयारी कर रही है।

‘मोटकी दुल्हनिया’ में नजर आएंगी भोजपुरी एक्ट्रेस नेहा श्री

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री नेहा श्री फिल्म ‘मोटकी दुल्हनिया’ में काम करती नजर आएंगी।

नेहा श्री एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी भोजपुरी फ़िल्म ‘मोटकी दुल्हनिया’ की शूटिंग पूरी हो गई है। इस फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री नेहा श्री है जबकि लीड एक्टर रिषभ कश्यप गोलू है। इस फिल्म के निर्देशक रितेश ठाकुर है। ‘मोटकी दुल्हनियां’ महिला परिवेश की कहानियों पर केंद्रित होगी।

नेहा श्री ने बताया कि ‘मोटकी दुल्हनिया’ के रोल में फिट बैठने के लिए दो वर्षों तक अपने शरीर पर खूब वर्क आउट किया, वजन भी बढ़ाया जिससे अपने कैरेक्टर में पूरी से ढल जाउं।रिषभ कश्यप गोलू ने कहा, यह फ़िल्म भोजपुरी में एक अलग ही मिसाल पेश करेगी, जो बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाएगी।

निर्देशक रितेश ठाकुर ने कहा कि मोटकी दुल्हनिया का कॉन्सेप्ट और अलग है। शानदार गीत संगीत की अनोखे संगम पर केंद्रित इस फ़िल्म का पहला लुक जल्द ही रिलीज किया जाएगा।

गौरतलब है कि फ़िल्म मोटकी दुल्हनिया में नेहा श्री, रिषभ कश्यप गोलू, अनूप आरोड़ा, नीलम वशिष्ट, रोशनी सिंह, केके गोस्वामी, गिरीश शर्मा, पुष्पा शुक्ला, चन्द्र प्रकाश तिवारी, ऋतु पाण्डेय, अश्वनी शर्मा, बालेश्वर सिंह की अहम भूमिका है।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में कश्मीरी पंडित की हत्या, भाई घायल

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में एक और लक्षित हमले में आतंकवादियों ने कश्मीरी पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी और हमले में पीड़ित का भाई घायल हो गया है।

कश्मीरी पंडित संघर्ष समिति (केपीएसएस) ने कहा कि मंगलवार को हुई लक्षित हत्या से कश्मीरी पंडित समुदाय में दहशत फैल गई है। केपीएसएस ने हिंदू समुदाय के लोगों से घाटी छोड़ने की अपील की।

पुलिस ने कहा कि शोपियां के चोटीगाम इलाके में अल्पसंख्यक समुदाय के दो नागरिक सुनील कुमार और पिंटू कुमार को आतंकवादियों ने निशाना बनाकर गोली मार दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनमें से सुनील कुमार की मौत हो गई और पिंटू घायल हो गया।

पुलिस ने हमले के लिए आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया है। हमले के तुरंत बाद, हमलावरों का पता लगाने के लिए सघन तलाश अभियान शुरू किया गया है।

बडगाम जिले के गोपालपोरा गांव में सोमवार शाम आतंकवादियों द्वारा ग्रेनेड फेंकने के बाद अल्पसंख्यक समुदाय का एक सदस्य घायल हो गया था। जिले में पिछले 15 घंटे के भीतर यह दूसरा लक्षित हमला है।

कश्मीर में इस वर्ष मारे गए कश्मीरी पंडितों में सुनील दूसरा कश्मीरी पंडित हैं। इससे पहले गत 12 मई को कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की बडगाम जिले में उनके सरकारी कार्यालय में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

राहुल की हत्या का कश्मीरी पंडित समुदाय द्वारा व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया था। तब से प्रधानमंत्री रोजगार पैकेज के तहत काम करने वाले 5,000 से अधिक कश्मीरी पंडित कर्मचारी कश्मीर से लौट आए थे। तब से उन्होंने लक्षित हमलों के डर से अपना काम फिर से शुरू नहीं किया है।

कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट्ट और एक महिला टीवी कलाकार अमरीन भट की हत्या में कथित रूप से शामिल एक शीर्ष कमांडर लतीफ राथर सहित लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादियों के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के छह दिन बाद गैर प्रवासी पंडित सुनील की हत्या हुई है।

आतंकवादी राथर की हत्या के बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने कहा कि कुलगाम के बासित डार को छोड़कर अलग-अलग मुठभेड़ों में लक्षित हत्या में शामिल सभी आतंकवादियों को सफाया किया गया है।

आतंकवादियों ने इस साल लगभग 15 नागरिकों की लक्षित हत्याएं की हैं जिनमें ज्यादातर गैर स्थानीय और पंचायत सदस्य हैं। लक्षित हमलों में चार पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई है। अल्पसंख्यक समुदाय ने उनके एक सदस्य की हत्या के मामले में जम्मू-कश्मीर सरकार और मुख्यधारा के राजनीतिक दलों की व्यापक निंदा की है।

जम्मू कश्मीर : अनंतनाग में 7 आईटीबीपी जवान शहीद, 32 अन्य घायल

छात्र की मौत पर एनएचआरसी का राजस्थान सरकार, डीजीपी को नोटिस

जयपुर/नई दिल्ली। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पिछले महीने जालोर जिले में तीसरी कक्षा के एक छात्र की मौत पर राजस्थान के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मंगलवार को नोटिस जारी किया।

एनएचआरसी ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया कि सुराना क्षेत्र के सरस्वती विद्यालय में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के एक छात्र को 20 जुलाई को प्रधानाध्यापक ने कथित तौर पर पीटा था जिसके कारण उसे गंभीर चोटें आईं। अहमदाबाद के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे को इलाज के लिए राजस्थान से गुजरात क्यों भेजा गया। सुराणा अहमदाबाद से 600 किमी से अधिक दूर है और वहां पहुंचने में 12 घंटे से अधिक समय लगता है। राजस्थान की राजधानी जयपुर सुराना गांव से सिर्फ 345 किमी दूर है और इसमें छह घंटे से थोड़ा अधिक समय लगता है।

एनएचआरसी ने पुलिस द्वारा की जा रही जांच की वर्तमान स्थिति और चार सप्ताह के भीतर अपराधी के खिलाफ की गई कार्रवाई सहित मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने एक बयान में कहा कि डीजीपी से यह स्पष्ट करने की उम्मीद है कि पीड़ित के परिवार द्वारा किए गए प्रयासों के बावजूद पुलिस ने 23 दिनों तक मामले में प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं की।

एनएचआरसी ने अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार से यह भी पूछा कि एससी और एसटी सहित समाज के कमजोर वर्गों के साथ इस तरह के ‘अमानवीय’ और क्रूर कृत्यों को सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं या क्या कदम उठाए जाने का प्रस्ताव है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बच्चे ने एक बर्तन से पानी पीने के लिए लिया था जो कि प्रधानाध्यापक के लिए रखा गया था और जब प्रधानाध्यापक ने देखा तो उसने कथित तौर पर उसे बुरी तरह पीटा।आयोग ने कहा कि पीड़ित के कान के पास चोटें आई थीं।

प्रधानाध्यापक ने परिवार पर समझौता करने के लिए कथित तौर पर अनुचित दबाव डाला और मामले को शांत करने के लिए उन्हें 1.5 लाख रुपये की राशि दी। परिवार के तमाम प्रयासों के बावजूद पुलिस ने 23 दिन तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की।

गहलोत का पुलिस के ट्रकों में रुपया भरकर भाजपा के कार्यालय पहुंचाने का बयान गैरजिम्मेदाराना : घनश्याम तिवाड़ी

जयपुर। राजस्थान से राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैरा मिलिट्री फोर्सेज एवं पुलिस के ट्रकों में रुपए भरकर भाजपा कार्यालय पहुंचाने के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे गैर जिम्मेदाराना वक्तव्य करार दिया हैं।

तिवाड़ी ने आज अपने बयान में कहा कि पैरा मिलिट्री फोर्सेज एवं पुलिस पर जिस प्रकार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं इस प्रकार के आरोप मुख्यमंत्री पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। बिना किसी प्रमाण के इस तरह की बात कहना नितांत ही गैर जिम्मेदाराना हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपना वक्तव्य वापस लेना चाहिए अथवा क्षमा याचना करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस बात से घबराए हुए हैं की नेशनल हेराल्ड के मामले में जो कानूनी कार्यवाही हो रही है, उनको लगता है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में सजा होगी और उन्होंने जो सार्वजनिक सम्पत्ति, गैर कानूनी तरीके से हड़पी है उसको वापस देना पड़ेगा।

गहलोत के भाजपा के जो कार्यालय बन रहे हैं वह पैसा कहां से आ रहा है के बयान पर श्री तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा के जितने भी कार्यालय बन रहे हैं वह सारे वैधानिक है। सारे एक नंबर के पैसे से बन रहे हैं और भाजपा को जो चंदा मिला है, जिसका प्रमाण चुनाव आयोग के पास उपलब्ध है और सार्वजनिक भी किया हुआ है इसलिए इस प्रकार का वक्तव्य देकर मुख्यमंत्री केवल अपनी बौखलाहट और हताशा प्रकट कर रहे हैं।

गहलोत का पुलिस के ट्रकों में रुपया भरकर भाजपा के कार्यालय पहुंचाने का बयान गैरजिम्मेदाराना : घनश्याम तिवाड़ी