Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 658 -
होम ब्लॉग पेज 658

भाजपा दफ्तर में ट्रक में भरकर पहुंचता है पैसा : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जहां इनकी सरकारें होती हैं, ट्रक में भरकर पैसा भाजपा दफ्तर पहुंचता हैं जो देश के साथ बहुत बड़ा षड़यंत्र हैं।

गहलोत सोमवार को यहां शहीद स्मारक पर प्रदेश कांग्रेस के स्वाधीनता दिवस समारोह के कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि ये क्या करते हैं, मालूम है आपको, ये पैरामिलिट्री फोर्सेज या पुलिस वालों को पकड़ते हैं, जहां इनकी सरकारें होती हैं। ट्रक में भरकर पैसा लाते हैं, बीजेपी के दफ्तर के पिछवाड़े ले जाते हैं ट्रक को। उससे वो बॉक्स उतरते हैं और अंदर डालते हैं। गाड़ी पुलिस की होती है, उसे पकड़े कौन।

उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा षडयंत्र है देश के साथ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है, सच्चाई आपके साथ है और जीत कांग्रेस की ही होगी। उन्होंने कहा कि गोवा, अरुणाचल, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और अब महाराष्ट्र में आलू प्याज से सरकारें नहीं बदली गई हैं।

मोदीजी ने नोटबंदी की। कॉमन सेंस की बात है, 1000-500 के नोट बंद कर दिए, वो नोट बड़ी जगह घेरते हैं। एक हजार का नोट बंद करके दो हजार का नोट क्यों शुरू कर दिया गया। रुपए का जो ट्रांसपोर्टेशन होता है, उसमें दो हजार का नोट जगह कम घेरेगा, इसीलिए यह किया गया।

गहलोत ने कहा कि ये लोग छुआछूत को मिटाने की बात क्यों नहीं करते है। उन्होंने मोदी के गुजरात मॉडल को फ्लॉप बताते हुए कहा कि गुजरात मॉडल फ्लॉप मॉडल था। उन्होंने कहा कि मॉडल-मॉडल करके मोदी इसके सहारे दिल्ली पहुंच गए। उन्होंने कहा कि मॉडल कुछ था ही नहीं, केवल मार्केटिंग थी। आज आईटी और सोशल मीडिया का जमाना है, बीजेपी वाले इस पर जमकर पैसा खर्च कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम एक ऐसा मौका था कि जब देश में तनाव का माहौल हैं, ऐसे में मोदी एक संदेश देते, लेकिन इस संबंध में कोई बात नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव का नाम केन्द्र सरकार ने दिया हैं, कोई दिक्कत नहीं हैं और इसके तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने राजस्थान की योजनाओं के बारे में जिक्र करते हुए खासकर चिरंजीवी योजना पर कहा कि मोदी को राजस्थान मॉडल अपना लेना चाहिए।

भाजपा दफ्तर में ट्रक में भरकर पहुंचता है पैसा : अशोक गहलोत

दिल्ली में सास-बहू की चाकू घोंपकर हत्या, घर में मिली लाश

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सुभाष पार्क इलाके में दो महिलाओं को घर पर मृत पाया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान विमला देवी (70) और उनकी बहू डोली राय (45) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम उस वक्त दिया गया, जब मृतका राय के दोनों पुत्र दो-तीन दिन के लिए ऋषिकेश और मसूरी घूमने गए हुए थे। जब वे तीन दिन बाद आज सुबह घर लौटे तो उन्होंने दोनों महिलाओं को मृत पाया।

उन्होंने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके बाद, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया और इस घटना से संबंधित मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाओं की चाकू मारकर हत्या की गई है।

शिक्षक की पिटाई से बच्चे की मौत में छुआछूत की कोई बात नहीं : जोगेश्वर गर्ग

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा है कि जालोर जिले के सुराणा गांव में शिक्षक की पिटाई से बच्चे की मौत के मामले को दुर्भाग्यपुर्ण बताते हुए कहा है कि इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए लेकिन इसमें छुआछूत वाली कोई बात नहीं हैं।

गर्ग ने आज मीडिया से कहा कि स्कूल में बच्चे के साथ मारपीट हुई हैं और वह नहीं करनी चाहिए। पीड़ित को मदद भी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के लोग, स्कूल के बच्चे एवं स्टाफ सभी कह रहे हैं कि स्कूल में कोई मटका ही नहीं हैं और स्कूल में सभी पानी एक टंकी से पीते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिस तरह छुआछूत की बात कहकर उनके विधानसभा क्षेत्र को बदनाम किया गया हैं उसे लेकर वह दुखी हैं।

उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया हैं और आरोपी ने स्वीकार भी कर लिया हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।

प्रशासन एवं पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं, पहले स्पष्ट होने देना चाहिए कि यह मामला पानी पीने को लेकर हुआ या नहीं। उन्होंने निवदेन किया कि इस मामले में उत्तेजित होने एवं आक्रामक बयानबाजी करने से पहले इसके सच की जांच कर लेनी चाहिए।

ख्वाजा साहब का 811वां सालाना उर्स आगामी जनवरी में भरेगा

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर स्थित सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती का 811वां सालाना उर्स आगामी जनवरी में भरेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दरगाह से जुड़े खुद्दाम-ए-ख्वाजा ने देश दुनियां में बैठे महमानों को उर्स का दावतनामा भेजना शुरू कर दिया है। गरीब नवाज का सालाना उर्स अगले वर्ष 22 जनवरी से चांद दिखाई देने पर आरम्भ होगा और एक फरवरी तक भरेगा। छह दिवसीय इस उर्स में लाखों जायरीन शिरकत करते हैं।

दरगाह कमेटी सहित राज्य सरकार, जिला एवं पुलिस प्रशासन जायरीनों के लिए विशेष प्रबंध करता है। खादिमों की संस्थाएं चार माह पहले से अकीदतमंदों को सूचना भेजकर उर्स में बुलावा भेजता है जिसका आगाज हो चुका है।

सालाना उर्स की सभी रसूमातें चांद रात को चांद दिखाई देने पर होगी और 22 जनवरी को जन्नति दरवाजा भी छह दिनों के लिए खोल दिया जाएगा।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सड़क दुर्घटना में 20 लोगों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार तड़के बस और टैंकर की टक्कर में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

स्थानीय मीडिया के अनुसार प्रांत में जलालपुर पीरवाला जिले के पास यह दुर्घटना हुई। बस की तेल टैंकर से टक्कर में कम से कम 20 लोगों की मौके पर मौत हो गई और छह घायल हो गए। हादसे के समय बस लाहौर से कराची जा रही थी।

समाचार पत्र ‘डान’ ने मुल्तान के उपायुक्त ताहिर वट्टू के हवाले से कहा कि लाहौर से कराची जा रही यात्री बस ने मोटरवे पर जलालपुर पीरवाला इंटरचेंज पर पीछे से तेल टैंकर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आग लगने से 20 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस में चालक और सह चालक समेत 26 लोग सवार थे।

मैनपुरी में मकान तोड़ कर घुसा ट्रक, 4 की मौत, 6 घायल

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक के घर में घुसने से गृहस्वामी समेत चार लोगों की मृत्यु हो गई जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91 पर खिरिया पीपर गांव के निकट सोमवार देर रात सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में घुस गया। हादसे में घर में सो रहे रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई। ट्रक में सवार दो लोगों की भी जान गई है जबकि छह लोग घायल हैं। ट्रक में आठ लोग सवार थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मलबे में भी एक शख्स के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही जांच शुरू कर दी है।

उन्होने बताया कि मृतकों में मकान स्वामी रिटायर्ड उपनिरीक्षक विश्राम सिंह (61), उनकी पत्नी विनोद कुमारी (58), ट्रक चालक कवींद्र निवासी रुद्रपुर, विष्णुगढ़ जिला कन्नौज, परिचालक अंकित निवासी कुंदरकोट अहिरवां, जिला औरैया शामिल है।

घायलों में मुनेश कुमार (35) निवासी रुद्रपुर विशुन गढ़ जिला कन्नौज, रामनारायण निवासी रुद्रपुर विशुन गढ़ जिला कन्नौज, संजीव (40) निवासी रुद्रपुर कन्नौज, सुनील (24) भोजपुर कन्नौज, देवेंदर (40) रुद्रपुर विशुन गढ़ कन्नौज और अखिलेश (19) निवासी रुद्रपुर विशुनगढ़ कन्नौज शामिल हैं।

फीफा ने भारतीय फुटबॉल महासंघ को निलंबित किया

ज़्यूरिख। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) ने भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को इस आरोप के साथ मंगलवार को निलंबित कर दिया कि वह तीसरे पक्ष के अनुचित प्रभाव में काम कर रहा है।

फीफा ने यहां जारी बयान में कहा कि फीफा परिषद के ब्यूरो ने सर्वसम्मति एआईएफएफ को तीसरे पक्ष के अनुचित दबाव के तहत काम करने के आरोपों के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है। एआईएफएफ का यह कदम फीफा के नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

फीफा ने बयान में कहा है कि प्रशासनिक समिति गठित करने के आदेश के निरस्त होने और एआईएफएफ के दैनिक मामले एआईएफएफ प्रशासन के नियंत्रण में आने के बाद निलंबन हटा लिया जाएगा।

गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने मई 2022 में एआईएफएफ के पूर्व अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल को हटाकर एक प्रशासनिक समिति का गठन करते हुए जल्द से जल्द महासंघ के चुनाव कराने का आदेश दिया था।

इस निलंबन का अर्थ है कि अक्टूबर 2022 में भारत में होने वाला फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप 2022 फिलहाल भारत में आयोजित नहीं होगा। फीफा फिलहाल टूर्नामेंट के संबंध में अगला कदम उठाने पर विचार कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर परिषद के ब्यूरो से परामर्श करेगा।

फीफा ने यह भी कहा कि वह भारत के युवा मामले और खेल मंत्रालय से लगातार संपर्क में है और उसे उम्मीद है कि मामले का सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकता है।

फीफा का निलंबन का निर्णय आश्चर्यजनक

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की प्रशासनिक समिति (सीओए) ने मंगलवार को फीफा द्वारा एआईएफएफ को निलंबित करने के फैसले पर आश्चर्य और निराशा व्यक्त की।

समिति ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार फीफा, एशियाई फुटबॉल महासंघ (एएफसी), एआईएफएफ, सीओए और खेल मंत्रालय के बीच बीते कुछ दिनों से गहन बातचीत चल रही थी, और ऐसे में फीफा का यह निर्णय आश्चर्यजनक है।

सीओए ने कहा कि जबकि सीओए माननीय उच्चतम न्यायालय के तीन अगस्त को पारित किए गए फैसले को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध था, वह सभी हितधारकों से लगातार संपर्क में भी था।

जम्मू कश्मीर : अनंतनाग में 7 आईटीबीपी जवान शहीद, 32 अन्य घायल

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी में मंगलवार सुबह सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सात जवान शहीद हो गए और पुलिसकर्मियों समेत 32 अन्य लोग घायल हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बारिश की वजह से सड़क पर फिसलन थी। इस बीच चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन नाले में जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में कम से कम 35 सुरक्षाकर्मी सवार थे। ये लोग वार्षिक अमरनाथ यात्रा में अपनी ड्यूटी समाप्त होने के बाद लौट रहे थे।

बीएसएफ के एक हेलीकॉप्टर ने घायलों को विशेष इलाज के लिए श्रीनगर अस्पताल पहुंचाया, इनमें से छह की हालत नाजुक बताई गई है। उन्होंने बताया कि नागरिक प्रशासन और सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल के पास व्यापक बचाव अभियान शुरू किया है।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक ट्वीट किया कि घटना के बारे में जानकर गहरी पीड़ा हुई हैं। मैं शोकग्रस्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करता हूं और घायल कर्मियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा जाएगी।आईटीबीपी के महानिदेशक डॉ सुजॉय लाल थाओसेन ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

थाओसेन ने ट्वीट किया कि मैं जम्मू कश्मीर में हुए दुखद हादसे से बहुत दुखी हूं, जहां आईटीबीपी के सात जवानों की जान चली गई। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। इस दुख की घड़ी में मैं उनके साथ खड़ा हूं। हम घायलों की देखभाल कर रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

भारत ने श्रीलंका को डोर्नियर विमान उपहार में दिया

नई दिल्ली। भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा में अधिक योगदान देने वाले एक कदम के तहत सोमवार को श्रीलंका को डोर्नियर मैरीटाइम टोही विमान उपहार में दिया। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक कटुनायके स्थित एयर फ़ोर्स बेस में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में यह डोर्नियर मैरीटाइम टोही विमान दिया गया।

बयान में कहा गया है कि विमान देश की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करेगा। भारत में करीब चार महीने तक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले श्रीलंका की नौसेना और वायु सेना के कर्मी इस विमान का संचालन करेंगे तथा उन्हें अपने भारतीय समकक्षों से भी परिचालन सहायता प्राप्त होगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि विमान एक बल गुणक के रूप में कार्य करेगा, जिससे श्रीलंका अपने तटीय जल में मानव और मादक पदार्थों की तस्करी तथा अपराध के अन्य संगठित रूपों जैसी कई चुनौतियों से निपटने में सक्षम होगा। श्रीलंका की समुद्री सुरक्षा के लिए वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए विमान को समय पर शामिल करना है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐतिहासिक कार्यक्रम भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के साथ हुआ। खोज और बचाव कार्यों को करने के लिए विमान की क्षमता लोगों को इसके प्रत्यक्ष लाभ का उदाहरण देती है। गौरतलब है कि समुद्री सुरक्षा को कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में पहचाना गया है।

इस अवसर पर उच्चायुक्त गोपाल बागले ने जोर देकर कहा कि विमान को शामिल करने से भारत और श्रीलंका के लोगों की प्रगति और समृद्धि के लिए शांतिपूर्ण वातावरण बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि डोर्नियर विमान का उपहार रक्षा और सुरक्षा क्षेत्रों में दो समुद्री पड़ोसियों के बीच सहयोग को रेखांकित करता है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के सहयोग की परिकल्पना श्रीलंका में और सामर्थ्य और क्षमता जोड़ने के लिए की गई है तथा यह क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा व विकास (सागर) के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

इस अवसर पर श्रीलंकाई राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, उच्चायुक्त गोपाल बागले, राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ सगला रत्नायक, रक्षा महासचिव कमल गुणरत्ने, भारतीय नौसेना के वाइस चीफ वाइस एडमिरल एस एन घोरमडे, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल शैवेंद्र सिल्वा और श्रीलंका के तीन सेवा प्रमुख मौजूद रहे।

ममता बनर्जी ने तिरंगा फहराया, आदिवासी नृतकों संग मिलाए कदम

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां एक कार्यक्रम में तिरंगा फहराया और सलामी ली।

इंदिरा गांधी सरानी पर दिन के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेते हुए ममता बनर्जी ने मंच से नीचे उतर कर आदिवासी नृतकों के साथ कदम मिलाए। कार्यक्रम में हेलीकाप्टर से फूल बरसाये गए और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रदर्शन में भाग लिया। शहर और राज्य की पुलिस और सरकार के कई अन्य विभागों ने परेड में हिस्सा लिया।

ममता बनर्जी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि वह एक ऐसे भारत का सपना देखती हैं जहां कोई भूखा न रहे और कोई भी महिला असुरक्षित महसूस न करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा भारत के लोगों के लिए एक सपना है। मैं एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना चाहती हूं, जहां कोई भूखा न रहे, जहां कोई महिला असुरक्षित महसूस न करे, जहां हर बच्चा शिक्षा की रोशनी देखे, जहां सभी के साथ समान व्यवहार किया जाए।

उन्होंने कहा कि इस महान राष्ट्र के लोगों से मेरा वादा है कि मैं अपने सपनों के भारत के लिए हर रोज प्रयास करूंगी। उन्होंने सभी लोगों से भारत के लिए उनके सपने के बारे में पूछा और अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 साल पूरे हो गए है। आज हम अपने पूर्वजों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हैं जिनके कारण भारत को आजादी मिली और हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें भारतीयों की पवित्र विरासत को संरक्षित रखना और अपने लोकतांत्रिक मूल्यों तथा लोगों के अधिकारों एवं गरिमा को बनाए रखना चाहिए। सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई।