Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 661 -
होम ब्लॉग पेज 661

भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ना होगा : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद तथा परिवारवाद को देश के सामने दो बड़ी चुनौती करार देते हुए सोमवार को कहा कि यह स्थिति अच्छी नहीं है और इनके खिलाफ पूरी ताकत से लड़ना होगा।

मोदी ने आज यहां 76वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली चुनौती भ्रष्टाचार, दूसरी चुनौती – भाई-भतीजावाद, परिवारवाद। एक तरफ वो लोग हैं जिनके पास रहने के लिए जगह नहीं है और दूसरी तरफ वो लोग हैं जिनके पास चोरी किया माल रखने की जगह नहीं है। ये स्थिति अच्छी नहीं है। हमें इनके खिलाफ पूरी ताकत से लड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार यह कोशिश कर रही है कि जिन्होंने देश को लूटा है वह इसकी भरपायी भी करे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है, उससे देश को लड़ना ही होगा। हमारी कोशिश है कि जिन्होंने देश को लूटा है, उनको लौटाना भी पड़े, हम इसकी कोशिश कर रहे हैं।

देश में ज्यादातर संस्थानों में परिवारवाद हावी रहने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब मैं भाई-भतीजावाद और परिवारवाद की बात करता हूं, तो लोगों को लगता है कि मैं सिर्फ राजनीति की बात कर रहा हूं। जी नहीं, दुर्भाग्य से राजनीतिक क्षेत्र की उस बुराई ने हिंदुस्तान के हर संस्थान में परिवारवाद को पोषित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि सबको मिलकर भ्रष्टाचार के खिलाफ नफरत का भाव पैदा करना होगा और इस मानसिकता के खिलाफ मजबूती से लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी के प्रति नफरत का भाव पैदा नहीं होता, सामाजिक रूप से उसे नीचा देखने के लिए मजबूर नहीं करते, तब तक ये मानसिकता खत्म नहीं होने वाली है।

संकल्प से हर घर को मिला ‘नल से जल’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हर लक्ष्य को हासिल करने में संकल्प महत्वपूर्ण होता है और इसी संकल्प का परिणाम है कि आज देश के हर घर में ‘नल से स्वच्छ जल’ पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है।

मोदी ने कहा कि हर संकल्प में सिद्धि होती है और यही वजह है कि 2019 में उन्होंने लालकिले की इसी प्राचीर से देश के हर घर को नल से जल पहुंचाने का जो संकल्प लिया था वह तेजी से आगे बढ़ रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि 2024 के निर्धारित लक्ष्य तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लाखों परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने का काम संकल्प से ही संभव हो पाया है। यदि संकल्प लेकर चल पड़ें तो लक्ष्य स्वतः ही मिल जाता है और ऐसे ही संकल्प का फल है कि देश में हर घर में नल से जल पहुंच रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब राष्ट्र का आजादी की 100वीं वर्षगांठ समारोह के लिए अगले 25 साल में ‘अमृतकाल’ का संकल्प है और इस अवधि में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प पूरा करने में हमें प्रण के साथ काम करना है।

अगले 25 वर्ष नारी शक्ति के

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं ज्यादा से ज्यादा अवसर देने का आह्वान करते हुए सोमवार को कहा कि अगले 25 वर्ष में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मोदी ने कहा कि देश की नारी शक्ति हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। देश ‘अमृतकाल’ में प्रवेश कर रहा है। अगले 25 वर्ष देश के लिए महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में नारी शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। अगले 25 वर्ष नारी शक्ति के लिए ‘स्वर्णकाल’ है । उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को ज्यादा से ज्यादा अवसर देने पर सपने जल्दी पूरे होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति देश के सिरमौर है।

नारी को सम्मान एवं अवसर देने से अमृतकाल को लगेंगे नए पंख : मोदी

नारी को सम्मान एवं अवसर देने से अमृतकाल को लगेंगे नए पंख : मोदी

भारत को शत-प्रतिशत विकसित राष्ट्र बनाने के लिए पांच प्रण लें देशवासी: मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारतीय समाज आकांक्षाओं से भरा है और इन्हें पूरा करने के लिए हमें ‘पंच प्रण’ लेने हाेंगे जिनके बल पर शत-प्रतिशत विकसित भारत का निर्माण होगा, जो विकास की हर कसौटी पर खरा उतरेगा और जिसके केन्द्र में मानवता होगी।

मोदी ने सोमवार को 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से करीब डेढ घंटे तक चले अपने नौवें संबोधन में कहा कि देश का युवा समाज आकांक्षाओं से भरा है और उसके मन में आकांक्षाओं का तूफान उमड़ रहा है, वह अब इंतजार नहीं करना चाहता और विकसित देश के स्वतंत्रता सेनानियों तथा शहीदों के सपने को अपने सामने पूरा करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि देश ने लंबे समय तक इंतजार किया है लेकिन युवा पीढ़ी अब अगली पीढ़ी को इसका इंतजार कराने के लिए मजबूर नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत काल के प्रथम दिन देख रहा हूं कि भारत का जनमानस आकांक्षाओं से भरा हुआ है। हर आदमी चीजों को बदलते देखना चाहता है और वह यह परिवर्तन अपने आंखों से देखना चाहता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अमृतकाल के पहले प्रभात पर वह युवा पीढ़ी का आह्वान करते हैं कि वह देश को पूरी तरह से विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि इसके लिए अमृतकाल के 25 वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमें इन वर्षों में पंच प्रण पर अपनी शक्ति को केंद्रित करना होगा, अपने सामर्थ्य को केंद्रित करना हो और हमें उन पंच प्रणों को लेकर 2047 तक आजादी के दीवानों के सारे सपनों को पूरा करने की जिम्मेदारी उठा कर चलना होगा।

पंच प्रणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को पहला बड़ा संकल्प और प्रण भारत को पूरी तरह विकसित बनाने का लेना होगा। ऐसा विकसित राष्ट्र जो सभी कसौटियों पर खरा उतरे तथा जिसके केन्द्र में मानवता हो।

दूसरा प्रण हमारे मन के भीतर यदि गुलामी का कोई भी अंश है तो उसे जड़ से खत्म करना होगा, उससे मुक्ति पानी होगी। तीसरा प्रण हमें अपनी विरासत पर गर्व करने का लेना होगा। चौथा प्रण देश में एकता और एकजुटता को बढ़ावा देना का और पांचवां प्रण यह है कि सभी नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि जब समाज आकांक्षाओं वाला होता है तो सरकारों को भी तलवारों की धार पर चलना होता है क्योंकि हर सरकार को जनता की आस्था-आकांक्षाओं का समाधान करना ही होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को इससे कष्ट हो सकता है लेकिन सरकार को इसे पूरा करना होगा।

मोदी ने कहा कि देश में सामाजिक चेतना का पुनर्जागरण हुआ है, पुनर्चेतना जागृत हुई है और हर घर तिरंगा अभियान इसका प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व भारत की ओर अब अलग नजरिये और गर्व तथा उम्मीदों के साथ देख रहा है। यह हमारे 75 वर्षों की यात्रा और संघर्ष का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत में पिछले दिनों में सामूहिक चेतना का जागरण हुआ है, वह संकल्प में परिवर्तित हो रहा है, पुरुषार्थ की पराकाष्ठा और संकल्प की सिद्धि की ओर प्रगति हो रही है।

प्रधानमंत्री ने राजनीतिक स्थिरता के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सबका साथ और सबका विकास का मंत्र लेकर चले थे, देशवासियों ने उसमें सबका साथ और सबका विश्वास का मंत्र जोड़ कर उसको उस में नया रंग भर दिया।

संबोधन के शुरू में मोदी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैं विश्व भर में फैले हुए भारत प्रेमियों को, भारतीयों को आजादी के इस अमृत महोत्सव की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज का यह दिवस ऐतिहासिक है। एक पुण्य पड़ाव, एक नई राह, एक नए संकल्प और नए सामर्थ्य के साथ कदम बढ़ाने का ये शुभ अवसर है। हमारे देशवासियों ने भी उपलब्धियां की हैं, पुरुषार्थ किया है, हार नहीं मानी है और संकल्पों को ओझल नहीं होने दिया है। मैंने भी अपने पूरे कार्यकाल को अंतिम व्यक्ति को समर्थ बनाने में समर्पित किया है।

नारी को सम्मान एवं अवसर देने से अमृतकाल को लगेंगे नए पंख : मोदी

नारी को सम्मान एवं अवसर देने से अमृतकाल को लगेंगे नए पंख : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि राष्ट्र की समृद्धि के लिए नारी शक्ति का अपमान नहीं करने और उसे गौरव के साथ अवसर देकर विकास प्रक्रिया से जोड़ने से राष्ट्र की प्रगति को गति मिलेगी तथा ‘अमृतकाल’ में देश को आगे बढ़ाने में और पंख लगेंगे।

मोदी ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के मौके लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए कहा कि वह नारी शक्ति में विकास की गति को स्पष्ट देख रहे हैं और उन्हें लगता है कि नारी शक्ति को गौरव और सम्मान देकर यदि इस प्रक्रिया से जोड़ा जाता है तो देश की आजादी के 100 वर्ष यानी अगले 25 साल के इस ‘अमृतकाल’ में राष्ट्र की प्रगति को इससे और पंख लगेंगे।

माेदी ने नारी अपमान को अपने भीतर का दर्द बताते हुए देशवासियों से नारी का अपमान न करने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि किसी न किसी कारण हमारे अंदर ऐसी विकृति आई है जिसमें हम अपने शब्दों से, व्यवहार से नारी का अपमान करते हैं। इस विकृति से समाज को मुक्त करने के लिए हमें अपने स्वभाव और कर्म से नारी का अपमान करने से मुक्ति लेने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अपनी आंखों से नारी शक्ति में प्रगति की ताकत को देख रहे हैं। वह देख रहे हैं कि नारी का सम्मान करना, उसे गौरव देना और उसका अपमान न करना राष्ट्र के सपने को पूरा करने की दिशा में बहुत बड़ी ताकत बनने वाला है, इसलिए नारी का सम्मान करके उनके गौरव को बनाए रखने का संकल्प जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देश में नारी शक्ति ताकत बनकर के सामने आ रही है और अगले 25 साल में देश की प्रगति के लिए यही शक्ति अहम भूमिका होने वाली है। इसलिए देश की बेटियों के लिए ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं तथा अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें सम्मान देना देश का दायित्व सबका होना चाहिए। उनका कहना था अमृतकाल में यदि नारी शक्ति को जोड़ेंगे तो हमारे सपनों को और पंख लग जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने इसी संदर्भ में नागरिक कर्तव्य का भी उल्लेख किया और इसे बहुत बड़ी शक्ति करार दिया। उनका कहना था कि अनुशासित जीवन, कर्तव्य के प्रति समर्पण किसी भी देश को प्रगति पथ पर ले जाने का बड़ा मंत्र है।

उन्होंने कहा कि सरकार का काम देश के लोगों को बिजली उपलब्ध कराना है लेकिन नागरिक का कर्तव्य जरूरत की बिजली खर्च कर उसे बेकार खर्च नहीं कर हर यूनिट को बचाने का प्रयास करना है। इसी तरह से सरकार का काम हर घर जल उपलब्ध कराना है लेकिन जल की बर्बादी नहीं हो, यह देश के नागरिक का कर्तव्य है। जिस देश के नागरिक इन कर्तव्यों का पालन करते हैं, वह देश निश्चित रूप से प्रगति के शिखर पर पहुंचता है।

सबगुरु राशिफल : 15 अगस्त सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा खास

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, कृष्ण पक्ष, चतुर्थी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 09.02 बजे बाद पंचमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज का दिन सब तरह से सुखमय बीतेगा। परिवारजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। शारीरिक स्वस्थता तथा मानसिक प्रफुल्लितता का अनुभव होगा। नौकरी करने वालों को साथी कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। मायके से आपको अच्छे समाचार मिलेंगे। धनलाभ होगा। अधूरे कार्य आज पूरे होंगे।

वृषभ राशि :- आज का दिन आपके लिए शुभ है। परिवारजन, स्नेहीजन तथा मित्रों के साथ स्नेहमिलन समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए उत्साह रहेगा, लेकिन अति उत्साह से हानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। शारीरिक तथा मानसिक स्वस्थता का भी ध्यान रखिएगा। आज धन प्राप्ति का योग बन रहा है।

मिथुन राशि :- व्यापारी वर्ग के लिए आज का दिन शुभफलदायी है। व्यापार में तथा आय में वृद्धि होगी। मित्रों से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारियों की कृपादृष्टि से आपके लिए पदोन्नति भी संभव है। विवाह इच्छुक व्यक्तियों को जीवनसाथी मिलने का योग है। परिवार में पत्नी और पुत्र से अच्छे समाचार मिलेंगे।

कर्क राशि :- इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ है। व्यापारियों के अपर अधिकारी खुश रहेंगे। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति का योग है। परिवार में मैत्रीपूर्ण वातावरण बना रहेगा। नई साज-सजावट से घर की शोभा में अभिवृद्धि करेंगे। माता से भी लाभ मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे। धन और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- आज का दिन आलस्य तथा थकान में बीतेगा। उग्र स्वभाव में मानसिक रूप से व्यग्रता रहेगी। पेट से सम्बंधित दर्द से परेशानी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम अधिक करना पड़ेगा। संकटजनक विचार, वर्तन और आयोजन से दूर रहिएगा। धार्मिक यात्रा या प्रवास की योजना टलेगी। क्रोध पर संयम बरतिएगा।

कन्या राशि :- आपको आज अपने खान-पान पर विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आवेश और क्रोध की मात्रा अधिक रहेगी, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दीजिएगा। साथ में वाणी पर भी संयम बरतिएगा। अनैतिक कृत्यों से दूर रहिएगा। सरकार-विरोधी प्रवृत्तियों के कारण परेशानी खड़ी न हो इसका ध्यान रखिएगा। खर्च की मात्रा बढ़ेगी।

तुला राशि :- आज व्यापारीगण व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपको सफलता और यश-कीर्ति मिलने का भी योग है। आकस्मिक धन लाभ की संभावना है। क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पुराने विवाद का हल निकालने के लिए किसी का अहसान लेना पड़ेगा।

वृश्चिक राशि :- शारीरिक तथा मानसिक रूप से आज आप व्यग्र रहेंगे। चिंताओं के कारण मानसिक भार रह सकता है, जो कि आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ रख सकता है। परिवारजनों के साथ भी मनमुटाव होने का प्रसंग बन सकता है, जिससे घर का वातावरण बिगड़ सकता है। परिश्रम की अपेक्षा सफलता की प्राप्ति कम होने से आर्थिक संकट की चिंता रहेगी। बिना सोचे-समझे निर्णय न लें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक रहेगा।

धनु राशि :- आज आपको अपने क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पेट सम्बंधित बीमारियों की समस्या रहेगी। किसी भी कार्य में सफलता न मिलने से निराशा आने की संभावना है। साहित्य या अन्य किसी सृजनात्मक कला के प्रति रुचि रहेगी। संतानों के प्रति चिंता रहने से मन में व्यग्रता रहेगी। प्रवास को संभव हो तो टालिएगा।

मकर राशि :- आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आज आप में स्फूर्ति का अभाव रहेगा। परिवारजनों के साथ झगड़े-टंटे के अथवा तो निरर्थक चर्चा के प्रसंग बनेंगे। इससे आप का मन व्यथित रह सकता है। अपकीर्ति, अपयश मिलने की संभावना है। निद्रा संपूर्ण न मिलने से आपका स्वास्थ्य बिगड़ेगा।

कुंभ राशि :- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके मन से चिंता का भार हल्का हो जाएगा और आप मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। साथ में शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। पारिवारिक वातावरण आनंदित रहेगा। विशेषकर भाई-बहनों के साथ संबंधों में मधुरता का अनुभव करेंगे। अविवाहित के लिए रिश्ता बनने की संभावना है।

मीन राशि :- नकारात्मक विचारों को अपने मन से हटाइएगा। क्रोध और वाणी पर संयम बरतना होगा। किसी से वाद-विवाद या झगडे-टंटे को संभव हो तो टाल दीजिएगा। खान-पान पर संयम रखिएगा। शारीरिक स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। रुका हुआ धन पाने के लिए किए गए प्रयास रंग लाएंगे। कला से धनार्जन करने की सोच रहे हैं तो निश्चित ही लाभ होगा। किसी पर आसानी से विश्वास न करें।

करौली : ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, सगे भाई ही निकले हत्यारे

करौली। राजस्थान में करौली जिले के मासलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चौनपुर गांव के ब्लाइंड मर्डर का 24 घंटे में खुलासा करते हुए मृतक के दो भाइयों को आज गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि 12 अगस्त को मासलपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव चौनपुर निवासी रामधन प्रजापत अपने खेत में घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज हेतु करौली हॉस्पिटल पहुंचाया।

करौली से जयपुर रेफर करने पर जयपुर ले जाते समय रास्ते में घायल रामधन की मृत्यु हो गई। मृतक के बेटे अमृतलाल ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध पिता के गंभीर चोट पहुंचा कर हत्या करने के संबंध में मुकदमा दर्ज करवाया गया।

उन्होंने करौली के हॉस्पिटल में घटना का खुलासा करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ मृतक रामधन के भाइयों बीरबल, लज्जाराम एवं भन्तू द्वारा पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जम कर प्रदर्शन किया। गठित टीम द्वारा गहनता से अनुसंधान किया गया।

अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर संदिग्ध मृतक के भाई बीरबल 55 वर्ष एवं लज्जा राम 45 वर्ष को डिटेन कर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गए। पूछताछ में उन्होंने जमीनी विवाद को लेकर अपने भाई रामधन प्रजापत की हत्या करना कबूल किया, जिन्हें गिरफ्तार किया गया। एक और आरोपी भाई भन्तू पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

राजस्थान सरकार को बर्खास्त कर लगाया जाए राष्ट्रपति शासन : मायावती

लखनऊ। राजस्थान की कांग्रेस सरकार को दलित और आदिवासियों की सुरक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो ने वहां की सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की है।

मायावती ने जालौर जिले में एक दलित छात्र की पिटाई से हुई मृत्यु का जिक्र करते हुए रविवार को ट्वीट किया कि राजस्थान के जालौर जिले के सुराणा में प्राइवेट स्कूल के 9 साल के दलित छात्र द्वारा प्यास लगने पर मटके से पानी पीने पर सवर्ण जाति के जातिवादी सोच के शिक्षक ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि कल उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना की जितनी निन्दा व भर्त्सना की जाए वह कम।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में आए दिन ऐसी जातिवादी दर्दनाक घटनाएं होती रहती हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस की सरकार वहां खासकर दलितों, आदिवासियों और उपेक्षितों आदि के जान व इज्जत आबरू की सुरक्षा करने में नाकाम है। अत: इस सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए तो बेहतर।

जालौर जिले में स्कूली बच्चे की मौत के मामले में सुराणा गांव में पुलिस पर पथराव

जालौर जिले में स्कूली बच्चे की मौत के मामले में सुराणा गांव में पुलिस पर पथराव

जालौर। राजस्थान के जालोर जिले के सायला थाना क्षेत्र के सुराणा गांव में एक स्कूल के हैड मास्टर द्वारा उसकी मटकी से पानी पीने को लेकर मारपीट के बाद मासूम बच्चे की मौत के मामले में आज एकत्रित हुई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। तनाव बढने के बाद क्षेत्र में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

बच्चे के शव के गांव पहुंचने पर भीम आर्मी के लोगों सहित ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और बच्चे के परिजनों ने पचास लाख रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग करने लगे और मांगे पूरी नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही गई।

मृतक के परिजनों एवं प्रशासन के साथ सुलह के लिए बात चल रही थी कि इसी दौरान वहां माहौल गर्मा गया और कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया जिससे कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस पर स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। इस दौरान कई लोगों के चोंटे आई और कई लोगों ने अपनी मोटरसाइकिले झाड़ियों फेंककर भागना पड़ा।

बाद में मृतक के परिजनों के साथ सहमति बन जाने पर वे बच्चे का अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। उल्लेखनीय है कि गत 20 जुलाई को सुराणा गांव एक निजी स्कूल के हैड मास्टर छैल सिंह ने नौ साल के छात्र इंद्र के साथ उसकी मटकी से पानी पी लेने को लेकर मारपीट की जिससे बच्चे की हालत खराब हो गई और उसे इलाज के लिए अहमदाबाद भी ले जाया गया लेकिन उसकी शनिवार को मौत हो गई।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर अजमेर भाजपा ने निकाला मौन जुलूस

अजमेर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी शहर ने शहर के विभिन्न स्थानों से हाथ में तिरंगा व नारों की तख्तियां थामे मौन जुलूस निकाला जिसका मदारगेट स्थित गांधी भवन पर संगम हुआ।

जिलाध्यक्ष डाॅ. प्रियशील हाडा के नेतृत्व में निकाले गए मौन जुलूस में सांसद भागीरथ चौधरी, पूर्व सांसद ओंकार सिंह लखावत, विधायक वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, महामंत्री संपत सांखला, रमेश सोनी, वेदप्रकाश जोशी, शहर जिला संयोजक कंवल प्रकाश किशनानी, सह संयोजक राजेश घाटे सहित शहर जिले मंडल मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, संयोजक, सह-संयोजक सहित उत्तर व दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता गांधी भवन पहुंचे, जहां विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष डाॅ. प्रियशील हाडा ने कहा कि बंटवारे में विस्थापित होने वाले और अपनी जान गंवाने वाले हमारे लाखों भाईयों और बहनों के संघर्ष एवं बलिदान की याद में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस’ के तौर पर मनाया जा रहा है।

पूर्व सांसद लखावत ने कहा कि इस विभाजन से लाखों हिन्दुओं को पीडा सहनी पडी। केन्द्र सरकार ने देश भर में मौन जुलूस निकालकर उन लाखों बलिदानियों को श्रृद्धासुमन अर्पण का निश्चिय किया है।

शहर जिला संयोजक कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि अजमेर शहर भाजपा ने मण्डल स्तर पर मौन जुलूस का आयोजन किया। अजमेर उत्तर व दक्षिण के मंडल के मौन जुलूस आर्य मंडल वैदिक यात्रालय केसर गंज, आदर्श मंडल मांर्टिडल ब्रिज के नीचे से, झलकारी बाई मंडल गायत्री मंदिर तोपदड़ा रेल्वे फाटक के पास से, पृथ्वीराज मंडल राजकीय संग्राहलय गोल प्याऊ से, दाहरसेन मंडल आगरा गेट चौराहा से, बजरंग मंडल क्षेत्रपाल कचहरी रोड़ से, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल नया बाजार चौपड़ से प्रारंभ होकर गांधी भवन पर समापन हुआ जहां पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

महिला मोर्चा अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, एससी मोर्चा अध्यक्ष मुकेश खीचीं, सोशल मीडिया संयोजक अनिल आसनानी, आर्य मंडल अध्यक्ष मोहनलाल लालवाणी, नरेन्द्र सोनी संयोजक व सह-संयोजक जीवन तेजी, आदर्श मंडल अध्यक्ष अरूण शर्मा, संयोजक रोमेश मिश्रा व सह-संयोजक दिलीप शर्मा, झलकारी बाई मंडल अध्यक्ष हेमन्त सांखला, संयोजक गौरव उपाध्याय व सहसंयोजक चेतन माली, पृथ्वीराज मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंसल, संयोजक अनिल नरवाल व सहसंयोजक जातवेद सोनी, दाहरसेन मंडल अध्यक्ष दीपेन्द्र लालवाणी, संयोजक सत्येन्द्र शर्मा व सहसंयोजक विक्रम सिंह राठौड, बजरंग मंडल अध्यक्ष महेन्द्र जादम, संयोजक गोपाल शर्मा व सहसंयोजक अजय नरूका, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल अध्यक्ष सतीश बंसल, संयोजक सुभाष जाटव व सहसंयोजक अरविन्द पाराशर ने मौन जुलूस में कार्यकर्ताओं सहित भाग लिया।

इसी तरह किशनगढ के छहों मण्डलों ने भी मौन जुलूस में भाग लिया। शहर जिला सह संयोजक राजेश घाटे ने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 6 मंडल में अंराई मंडल के बस स्टैण्ड से पावर हाऊस अराई, किशनगढ़ मंडल अम्बेडकर सर्किल किशनगढ़ शहर मालियों की वाड़ी से मुख्य बाजार सिलोरा, मदनगंज मंडल मैन चौराहा से सिटी रोड मदनगंज, सुरसुरा मंडल बालाजी मंदिर से तेजा मंदिर सुरसुरा तक, बोराड़ा मंडल बारोडा चौराहा से मौन जुलूस का संचालन किया गया इस जुलूस में सभी मण्डलों के बूथ अध्यक्षों व सदस्यों भाग लिया।

अजमेर में स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

अजमेर। स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर जवाहर रंगमंच में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में देशभक्ति गीतों और राजस्थानी संस्कृति के लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी गई।

सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि कलक्टर अंश दीप थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण राजकीय केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रस्तुति रही। इनके समूह गीत स्वर्ग से सुन्दर देश हमारा, भारत जिसका नाम के शानदार जीवंत गायन ने सबका मन मोह लिया। इस गीत का निर्देशन प्रिया गुप्ता ने किया था। इसके संगतकार दीनेश्वर एवं देवी सिंह थे। महात्मा गांधी विद्यालय के छात्रों ने ओ देश मेरे गीत समुच्च के माध्यम से सभी में देश प्रेम की ऊर्जा भर दी।

कार्यक्रम में हरिसुन्दर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा वन्देमातरम एवं मीनू मनोविकास स्कूल चाचियावास द्वारा ऎ वतन, ऎ वतन सामूहिक गायन काफी रोचक रहा। इन विद्यार्थियों ने खूब तालियां बटोरी। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल द्वारा भारत अनोखा राग है, सेन्ट स्टीवन्ज सीनियर सैकण्डरी स्कूल द्वारा मैं रहूं या ना रहूं भारत ये रहना चाहिए, ईस्ट पाइन्ट सीनियर सैकेण्डरी स्कूल द्वारा मेरी शान तिरंगा, स्वामी सर्वानन्द विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय आशागंज द्वारा मोहे मोहे तू रंग दे बसंती, संस्कृति द स्कूल द्वारा सुनो गौर से दुनियां वालों, सेंट मेरी कॉन्वेन्ट स्कूल द्वारा मैं देश नहीं मिटने दूगां, राजकीय केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा भारत की बेटी, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय फॉयसागर रोड द्वारा वन्दे मातरम, ख्वाजा मॉडल स्कूल द्वारा भारत हम को जान से प्यारा है, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रिश्चियनगंज द्वारा डंका बाजे रे दुनिया में तथा संत कंवरराम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल आशागंज द्वारा फर्ज अपना हम निभाने चले पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया गया।

इसी प्रकार गुरूकुल पब्लिक सीनियर सैकेण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने ए वतन आबाद रहे तू, राजकीय केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पुरानी मण्डी के विद्यार्थियों ने ए मेरे वतन के लोगाें तथा संस्कार सीनियर सैकेण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सेना का बलिदान…घर में घुस कर मारेंगे गीत पर प्रस्तुति दी। स्वामी विवेकानन्द राजकीय मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान की सुमधुर धुन बजाई गई। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर भावना गर्ग ने कहा कि देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। देश इसी प्रकार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। नई पीढ़ी ही देश का भविष्य है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चूना राम जाट, उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह, सेनि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेश सिंधी, प्रशिक्षु आरएएस भरत राज गुर्जर एवं शिवाक्षी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा, शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक भागचन्द मण्डरावलिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी वीणा अग्रावत सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

बलिया में विक्षिप्त युवक ने की युवती की हत्या, दो को किया घायल

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक ने घर में सो रही युवती की हत्या कर दी व दो अन्य लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद युवक ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार जिले के बलिया सदर कोतवाली क्षेत्र में बहेरी निवासी दिलशाद का कुछ दिनों पहले गांव की ही एक युवती अरमाना (27) से रास्ते में टक्कर लगने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान युवती ने दिलशाद को थप्पड़ मार दिया था। इस घटना से क्षुब्ध दिलशाद ने शनिवार की मध्य रात्रि चुपके से घर में घुसकर धारदार हथियार से अरमाना की गर्दन पर प्रहार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

घटना की आहट पाकर सक्रिय हुए युवती की मामी बदरुन्निसा (56) व मामा कुर्बान शाह (60) को भी उसने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दिलशाद ने बलिया शहर कोतवाली में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

बलिया के पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने बताया कि दिलशाद मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस ने दिलशाद की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।