Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 663 -
होम ब्लॉग पेज 663

जैश से जुड़े एक और आतंकी को एटीएस ने कानपुर से किया अरेस्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े एक युवक को हाल ही में सहारनपुर से गिरफ्तार किए जाने के बाद जेईएम से जुड़े एक और संदिग्ध आतंकवादी को कानपुर से गिरफ्तार किया है।

एटीएस की ओर से रविवार को जारी बयान के अनुसार सहारनपुर से पकड़े गए मोहम्मद नदीम की निशानदेही पर हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्ला (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। वह मूलत: बिहार के मोतिहारी जिले का रहने वाला है लेकिन अस्थाई तौर पर वह फतेहपुर में रह रहा था।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बरती जा रही अतिरिक्त सतर्कता के फलस्वरूप एटीएस ने आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता की खुफिया सूचनाएं मिलने पर यूपी एटीएस ने गत शुक्रवार को जेईएम एवं अन्य आतंकवादी संगठनों से जुड़े मुहम्मद नदीम को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान नदीम से की गई प्राथमिक पूछताछ के आधार पर हबीबुल इस्लाम उर्फ सैफुल्ला को फतेहपुर से कानपुर लाकर पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार किया गया।

सैफुल्ला ने पूछताछ में स्वीकार किया गया कि वह नदीम को जानता था तथा दोनों जेईएम के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। सैफुल्ला काे वर्चुअल आईडी बनाने में महारथ हासिल है। उसी ने नदीम सहित पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के कई आतंकियों को लगभग 50 वर्चुअल आईडी बनाकर दी। वह सोशल मीडिया के तमाम माध्यमों के जरिये पाकिस्तान व अफगानिस्तान में सक्रिय कई आतंकी हैंडलर्स से जुड़ा है।

सैफुल्ला सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से ग्रुप के सदस्यों को वर्चुअल आईडी बनकर देता था। इन ग्रुप्स में जेहादी वीडियो भेजे जाते हैं। वह अन्य लोगों को भी जेहादी वीडियो भेजकर, जेहाद करने के लिए उकसाता था। उससे जेईएम के पाकिस्तानी हैंडलर ने पाकिस्तान आकर जेहादी प्रशिक्षण लेने और फिर भारत में जेहाद करने के लिए कहा था। विस्तृत पूछताछ से प्रकाश में आए उसके भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय आतंकी संपर्कों की गहनता से छानबीन की जा रही है।

मिस्र : चर्च में आग लगने से 40 लोगों की मौत, 45 घायल

काहिरा। मिस्र के गीजा शहर में रविवार को एक गिरजाघर में आग लगने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और 45 अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

रिपोर्ट के मुताबिक गीजा शहर के इम्बाबा इलाके में स्थित चर्च में आज 5,000 उपासक मौजूद थे। इसी दौरान चर्च में आग लग जाने से वहां भगदड़ मच गयी। हादसे में 40 लोगों की मौत् हो गयी जबकि 45 अन्य घायल हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।

शिक्षक की मारपीट से छात्र की मौत मामले में जल्द न्याय मिलेगा : गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जालौर के सायला थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल में शिक्षक द्वारा मारपीट के कारण छात्र की मृत्यु को दुखद बताते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा।

गहलोत ने कहा कि मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी शिक्षक के विरुद्ध हत्या एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति एक्ट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की जा चुकी है।

मामले के त्वरित अनुसंधान एवं दोषी को जल्द सजा के लिए प्रकरण को केस ऑफिसर स्कीम में लिया गया है। पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलवाना सुनिश्चित किया जाएगा।
उधर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कहा कि पीड़ित परिवार की सहायता कर दोषियों पर शीघ्र कार्यवाही करनी चाहिए।

डा पूनियां ने कहा कि जालोर जिले में नौ वर्ष के विद्यार्थी इंद्र मेघवाल की ऐसी क्या गलती थी कि उसे पीटकर गहरे जख्म दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसका जिम्मेदार कौन है। मुख्यमंत्रीजी आपके शासन में एक वंचित वर्ग का छात्र सुरक्षित नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि जालोर में मासूम इंद्र की हत्या बेहद दुखद एवं निंदनीय है। देश को आजाद हुए भले ही 75 वर्ष हो गए लेकिन कुछ लोगों की मानसिकता अब भी बदली नहीं है। राजे कहा कि मैं राजस्थान को शर्मसार करने वाली इस घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द इंद्र को न्याय दिलाने की मांग करती हूं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि जालौर के निजी स्कूल में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा की गई मारपीट से छात्र की मृत्यु होना झकझोर देने वाली घटना है। इस भयानक घटना की जितनी निंदा की जाए वह कम है। समाज में व्याप्त इन कुरीतियों को हमें ख़त्म करना ही होगा।

उल्लेखनीय है कि जालोर जिले के सायला थाना क्षेत्र के सुराणा गांव में एक निजी स्कूल में गत 20 जुलाई को छात्र इंद्र मेघवाल ने स्कूल में शिक्षक की मटकी से पानी पीने पर शिक्षक छैल सिंह ने छात्र के साथ मारपीट कर दी। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाया गया जहां उसकी शनिवार को मृत्यु हो गई।

आईएसआई के दो एजेन्ट भीलवाड़ा व पाली से अरेस्ट

भीलवाड़ा/पाली। राजस्थान के भीलवाड़ा एवं पाली से दो लोगों को पाकिस्तान की खुफियां एजेंसी आईएसआई से संपर्क होने के मामले में गिरफ्तार किया गया हैं।

इंटेलिजेंस पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा के अनुसार इस मामले में भीलवाड़ा से बेमाली निवासी नारायण लाल गाडरी और जयपुर निवासी कुलदीप सिंह शेखावत को पाली के जैतारण से शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के सोशल मीडिया के माध्यम से आईएसआई से सम्पर्क में होने की जानकारी मिली थी।

ये दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से सामरिक सूचनाएं पाकिस्तान भेजते थे। आरोपी नारायणलाल आईएसआई के संपर्क में रहते हुए रुपए के लालच में मोबाइल सिमकार्ड जारी करवाता और पाकिस्तान अधिकारियों की ओर से भारतीय मोबाइल नम्बरों से सोशल मीडिया अकाउंट संचालन के लिए उपलब्ध कराता था। उन नम्बरों पर सेना से सम्बंधित गोपनीय सूचनाएं भी भेज रहा था।

इसी तरह कुलदीप सिंह पाली जिले के जैतारण में शराब ठेके पर सेल्समैन का कार्य करते हुए आईएसआई के संपर्क में रहते हुए सेना के जवानों से दोस्ती करके सेना से सम्बंधित गोपनीय सूचनाएं लेकर उपलब्ध करवाता था।

राजस्थान रॉयल्स के मालिक ने मुझे तीन-चार चांटे मारे : रॉस टेलर

वेलिंगटन। न्यूज़ीलैंड के पूर्व बल्लेबाज़ रॉस टेलर ने खुलासा किया है कि आईपीएल के 2011 सत्र के एक मैच में उनके शून्य पर आउट होने के कारण राजस्थान रॉयल के एक मालिक ने उन्हें तीन-चार चांटे मारे थे। टेलर ने कहा कि यह चांटें हंसी-मज़ाक के माहौल में मारे गए थे लेकिन यह पूरी तरह से नाटक नहीं था।

टेलर ने अपनी आत्मकथा ब्लैक एंड व्हाइट में लिखा कि राजस्थान और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मोहाली में मैच हुआ। हमें 195 रन के लक्ष्य का पीछा करना था, मैं शून्य पर पगबाधा हो गया और हम करीब भी नहीं पहुंचे। इसके बाद टीम, सपोर्ट स्टाफ और प्रबंधन होटल की सबसे ऊपरी मंज़िल के बार में थे। (शेन) वॉर्न के साथ वहां लिज़ हर्ली भी थीं। रॉयल्स के एक मालिक ने मुझसे कहा कि रॉस, हमने तुम्हें 10 लाख डॉलर इसलिए नहीं दिए हैं कि तुम शून्य रन बनाओ और यह कहकर उन्होंने मेरे चेहरे पर तीन-चार चांटे मारे।

उन्होंने कहा कि वह हंस रहे थे, और चांटे भी तेज़ नहीं थे मगर मुझे यकीन नहीं है कि यह पूरी तरह से नाटक-अभिनय था। मैं उन परिस्थितियों में बखेड़ा खड़ा करने नहीं जा रहा था, लेकिन मैं कल्पना नहीं कर सकता था कि यह सब पेशेवर खेल वातावरण में हो रहा है।

आईपीएल के पहले तीन सीज़न रॉयल चैंलेंजर बैंगलोर में गुज़ारने के बाद टेलर को राजस्थान ने 10 लाख डॉलर में टीम में शामिल कर लिया था। टेलर ने कहा कि 10 लाख डॉलर में बिकना शानदार था, लेकिन वह चौथी बार भी बैंगलोर में रहना पसंद करते।

टेलर ने अपनी किताब में लिखा कि आईपीएल हालांकि काफी असंवेदनशील है, लंबे समय तक एक टीम में रहने वाले खिलाड़ियों के प्रति टीम वफादार रहती हैं, और शायद एक फ्रेंचाइजी में रहने से मेरा आईपीएल करियर लंबा होता। दूसरी ओर, अगर मैं आरसीबी में रहता तो मैं वीरेंद्र सहवाग, शेन वार्न, महेला जयवर्धने और युवराज सिंह जैसे महान खिलाड़ियों के साथ नहीं खेल पाता।

टेलर ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल 2009 में 134.61 के स्ट्राइक रेट से 11 पारियों में 280 रन बनाए थे, जहां आरसीबी फाइनल में पहुंची थी। उन्होंने 2010 में सिर्फ सात मैच खेले, जिसके बाद वह राजस्थान में शामिल हो गए। टेलर ने यह स्वीकार किया कि नई टीम में उन्होंने अधिक दबाव महसूस किया।

टेलर ने लिखा कि जब आप इस तरह का पैसा लाते हैं, तो आप यह साबित करने के लिए बेहद उत्सुक होते हैं कि आप इसके लायक हैं। जो लोग आपको उस तरह का पैसा दे रहे हैं, वे ऊंची उम्मीदें रखते हैं। यह पेशेवर खेल और मानव स्वभाव है। मैंने आरसीबी में अपना कर्ज चुकाया था। अगर वहां मेरा प्रदर्शन खराब होता तो प्रबंधन को मुझ पर भरोसा होता क्योंकि मैं अतीत में खुद को साबित कर चुका था। जब आप एक नई टीम में जाते हैं, तो आपको वह समर्थन नहीं मिलता। आपको कभी सहज नहीं लगता। आप जानते हैं कि यदि आप बिना स्कोर के दो या तीन मैच खेलते हैं, तो आप सबकी निगाहों में आ जाते हैं।

शिव संग्राम प्रमुख विनायक मेटे की सड़क हादसे में मौत

मुंबई। शिव संग्राम के प्रमुख विनायक मेटे का रविवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर महाराष्ट्र में खोपोली के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि मेटे दुर्घटना के समय एक एसयूवी कार से यात्रा कर रहे थे। पुणे से लौटते समय यह हादसा हुआ। घायल अवस्था में उन्हें कामोठे के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनका निधन हो गया।

सूत्रों ने बताया कि वह एक बैठक भाग लेने के लिए मुंबई जा रहे थे और बाद में स्वतंत्रता दिवस की रैली में भाग लेने के लिए अपने गृहनगर बीड लौटने वाले थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार सुबह अस्पताल पहुंचे।

शिंदे ने मेटे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विनायक मेटे की मौत चौंकाने वाली और दर्दनाक है। हमने एक ईमानदार योद्धा खो दिया है, जो मराठा समुदाय के लिए लड़ा। वह मेरे द्वारा बुलाई गई मराठा समुदाय से संबंधित मुद्दों पर बैठक में भाग लेने के लिए मुंबई आ रहे थे। वह अपनी अंतिम सांस तक इस उद्देश्य और राज्य में सामाजिक आंदोलनों के लिए प्रतिबद्ध रहे।

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने ट्वीट किया कि शिव संग्राम संगठन के अध्यक्ष विनायक मेटे की आकस्मिक मौत की खबर बेहद चौंकाने वाली है। उनका सामाजिक कार्य और समाज के वंचित वर्गों के विकास में योगदान महान है।

मेटे ने वर्ष 2014 विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी से हाथ मिलाया था। इससे पहले वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के समर्थक रहे थे। उनको मराठा समाज के लिए काम करने के लिए जाना जाता है। वह तीन बार विधायक रह चुके थे।

दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

औरंगाबाद। महाराष्ट्र में मराठवाड़ा क्षेत्र के बीड जिली में पटोदा-मंजरसुबा राजमार्ग पर बमदाले बस्ती में रविवार सुबह कार और ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जीवाचिवाड़ी के रामहरी चिंतामन कुटे का परिवार कार से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पुणे जा रहा था। इसी दौरान बमदाले बस्ती में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतकों में दो बच्चे शामिल हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों के सहयोग से मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचाया।

नागपुर में RSS मुख्यालय पर तिरंगा फहराया, भागवत की डीपी पर राष्ट्रध्वज

नागपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नागपुर स्थित मुख्यालय पर तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर संघ प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद रहे। इसके पहले संघ ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइल पिक्चर बदल दी। इनमें संघ के भगवा ध्वज को हटाकर तिरंगा लगा दिया।

केंद्र सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के बाद विपक्ष लगातार संघ पर हमलावर था। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने भी अपनी डीपी में राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगा लगा लिया है।

आरएसएस प्रचार विभाग के सह प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि संघ अपने सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने की खुशी में सरकार आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है।

मन की बात के 91वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत महोत्सव के तहत 13 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा झंड़ा फहराने और अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तिरंगा लगाने की अपील की थी। उसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रोफाइल फोटो में तिरंगा लगाया है।

आरएसएस द्वारा अपने ऑफिशियल हैंडल पर भगवा ध्वज हटाकर तिरंगे की डीपी न लगाने को लेकर विपक्षी दल उसकी आलोचना कर रहे थे। सवाल किया जा रहा था कि आरएसएस और उसके नेता कब डीपी में तिरंगा लगाएंगे।

कांग्रेस के नेशनल मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने कहा था कि क्या संगठन जिसने 52 वर्षों तक नागपुर में अपने मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया, वह ‘तिरंगा’ को प्रोफाइल बनाने के लिए प्रधानमंत्री के संदेश का पालन करेगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि संघ वालों, अब तो तिरंगा को अपना लो।

इससे पहले आरएसएस के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने संघ के सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगे की तस्वीर नहीं लगाने के लिए हो रही आलोचना का बुधवार को जवाब देते हुए कहा था कि ऐसी चीजों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। आरएसएस पहले ही ‘हर घर तिरंगा’ और ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम को समर्थन दे चुका है।

संघ ने जुलाई में सरकारी और निजी निकायों और संघ से जुड़े संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में लोगों और स्वयंसेवकों के पूर्ण समर्थन और भागीदारी की अपील की थी। आंबेकर ने कहा था कि इस तरह के मामलों और कार्यक्रमों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि जो पार्टी ऐसे सवाल उठा रही है वह देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार है।

सलमान रुश्दी की हालत में सुधार, वेंटिलेटर से हटाया

न्यूयॉर्क। भारतीय मूल के जाने-माने लेखक सलमान रुश्दी की हालत में सुधार है और उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। लेखक अमरीका के न्यूयार्क शहर में 12 अगस्त को एक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें सर्जरी के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया था।

साथी लेखक आतिश तासीर ने शनिवार शाम ट्वीट किया कि रुश्दी वेंटिलेटर से बाहर आ गए हैं और बात कर रहे हैं। उन्होंने बातचीत के दौरान कुछ मजाक भी किया।

उपन्यास ‘द सैटेनिक वर्सेज’ से विवादों में आए लेखक पर हमला करने वाला शख्स न्यू जर्सी का रहने वाला है। न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में वह आख्यान देने वाले थे, तभी वह मंच पर चढ़ा और उन्हें घूंसे मारे तथा उन्हें चाकुओं से गोद दिया। रुश्दी मंच पर गिर पड़े। खून से लथपथ लेखक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने हमलावर की पहचान हादी मतर(24) के रूप में की है। हमला करने के कुछ देर बाद पुलिस ने हादी को हिरासत में ले लिया था।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1991 में ‘द सैटेनिक वर्सेज’ उपन्यास के जापानी अनुवादक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस उपन्यास के इतालवी अनुवादक पर भी हमला हुआ था और वह बुरी तरह घायल हो गए। उपन्यास के नॉर्वेजियन प्रकाशक को 1993 में ओस्लो में उनके घर के बाहर तीन बार गोली मारी गई थी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

फिल्म गंगा गीता में डबल रोल में नजर आएंगी रानी चटर्जी

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री रानी चटर्जी अपनी आने वाली फिल्म ‘गंगा गीता’ में डबल रोल में नजर आयेगी।

रानी चटर्जी अपनी आने वाली फिल्म गंगा गीता में डबल रोल में नजर आने वाली हैं। गंगा गीता फिल्म के दो अहम किरदार होने वाले हैं, जिसमें रानी चटर्जी के दो अलग शेड्स नज़र आएंगे। अब फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में शुरू भी हो चुकी है। फिल्म के निर्देशक दिलीप गुलाटी हैं और निर्माता कोमल गुलाटी हैं।

रानी चटर्जी ने कहा कि फिल्म गंगा गीता की कहानी बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें मेरा किरदार सभी को पसंद आने वाले हैं। मैंने अब तक जितने भी डबल रोल किए हैं, उन सबसे अलग है और नया है। इसमें एक्शन, इमोशन, लव, म्यूजिक और संवाद का बेहतर सामंजस्य देखने को मिलने वाला है। हमारी टीम बेहद प्रतिभाशाली है। उनके साथ काम करने में बेहद मजा आ रहा है। फिल्म की शूटिंग बड़े स्केल पर हो रही है। इसलिए जब फिल्म थियेटर में आएगी, तो सबको मजा आने वाला है। बस इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।

गौरतलब है कि प्रोमिस पिक्चर्स 1997 के बैनर से बन रही फिल्म गंगा गीता में रानी चटर्जी के साथ प्रेम सिंह, रवि यादव और सागर पांडेय मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ संजय पांडे और अयाज खान, निरज गुप्ता भी नजर आएंगे।

फिल्म में गाने का लिरिक्स दिलीप गुलाटी और संगीत अमन श्लोक का होगा। कोरियोग्राफर कैलाश भोर हैं। आर्ट रिशिव विश्वकर्मा का है। प्रोडक्शन सुमीत पांडेय का है। सिंगर मोहन राठौड़, रानी चटर्जी, खुशबू जैन, शिल्पी राज, ममता राउत, मनोरंजन झा और पुष्पा लता हैं।

महात्मा गांधी की भूल की वजह से देश का हुआ बंटवारा : इंद्रेश कुमार

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा है कि महात्मा गांधी की भूल की वजह से देश का बंटवारा हुआ। अगर बापू अंग्रेजों से वार्ता के लिए नेहरू और जिन्ना को एडीसी नहीं चुनते तो भारत के टुकड़े नहीं होते। उनकी जगह अगर सरदार पटेल, सुभाष और महर्षि अरविंदो को एडीसी चुन लेते तो भारत का विभाजन नहीं होता। बापू की छोटी सी भूल ने भारत के दो टुकड़े कर दिए। इसलिए आजादी मिली लेकिन टुकड़ों के साथ मिली।

शनिवार को जयपुर में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के कार्यक्रम में इन्द्रेश कुमार ने कहा कि विश्व व देश मे जनसंख्या बढ़ने से असंतुलन बढ़ा है। जल, जमीन व संसाधन कम होने लग गए हैं। आंकलन के अनुसार भारत में 80 -90 करोड़ आबादी होनी चाहिए, लेकिन 135 करोड़ हो गई है। कुछ लोग वोट को भारत पर कब्जा करने का माध्यम मान कर जनसंख्या बढ़ा रहे हैं। अब वक्त आ गया है बेरोजगारी, दंगों, हिंसा वाला भारत नहीं चाहिए। विश्व में जनसंख्या नियंत्रण के लिए आंदोलन चलाए जा रहे हैं। भारत में भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए आंदोलन शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारत में डबल स्टैंडर्ड चल रहा है, इसलिए जनसंख्या की बेहिसाब वृद्धि है। गरीबी, बेरोजगारी, अपराध जलालत भी है। ऐसे हिंदुस्तान के लिए हम नहीं हैं। हिंदुस्तान सबका है तो सजाकर रखना होगा, यह हर एक की पहली जिम्मेदारी है। अगर ऐसा नहीं है तो देशद्रोह है।

उन्होंने कहा कि पूजा स्थल से निकले तो मन में शांति होनी चाहिए, लेकिन भारत में शुक्रवार तो पत्थर वाला शुक्रवार बन गया। किसी भी पूजा के बाद शांति मिलनी चाहिए, हिंसा नहीं होनी चाहिए। लेकिन देश कुछ अलग ही माहौल है। पूजा स्थलों पर टूटी हुई मूर्तियां कहां से आ गई। सभी इबादतगाहों में टूटी हुई मूर्तियां हैं, इसका अर्थ है आक्रांताओं ने मूर्तियां तोड़ी। यदि मूर्तियां है तो पूरी मूर्तियां लगवा लें।

संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि एक दिन आएगा जब सुबह उठेंगे पता लगेगा कि पीओके फिर से भारत में आ गया है। आप भी आ—जा सकें तो कोई खतरा नहीं है। पाकिस्तान में अलग अलग प्रांत आजादी की बात कर रहे हैं, एक दिन पाकिस्तान को ढूंढ़ना पड़ेगा। 1947 से पहले भी नक्शे में नहीं था और आगे भी आपको पाकिस्तान ढूंढना पड़ेगा कहां है।