Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 664 -
होम ब्लॉग पेज 664

सबगुरु राशिफल : 14 अगस्त रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944,सूर्योदय 05.46, सूर्यास्त 06.46, ऋतु – वर्षा, भाद्रपद कृष्ण पक्ष तृतीया, रविवार, 14 अगस्त।

मेष राशि : आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यावसायिक गतिविधियों में सफलता मिलने से मन में प्रसन्नता रहेगी और नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी, लेकिन अपने प्रयासों से सभी कार्य सफल होंगे। कारोबार को लेकर लिये गये निर्णय सार्थक सिद्ध होंगे। परिजनों का भरपूर सहयोग मिलेगा। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा और दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा। सेहत को लेकर सतर्क रहें। यात्रा पर जाने से बचें। धन व्यय अधिक हो सकता है।

वृषभ राशि : आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और नए कार्यों की जिम्मेदारी मिलने से व्यस्तता बढ़ेगी। कारोबार में धनलाभ की स्थिति रहेगी, लेकिन पूरा दिन भागदौड़ में बीतेगा। शारीरिक और मानसिक रूप से थकान का अनुभव कर सकते हैं। क्रोध पर नियंत्रण और वाणी पर संयम रखें, अन्यथा विवाद में फंस सकते हैं। धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यों के प्रति रुझान बढ़ेगा। सामाजिक गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं। सेहत को लेकर सावधानी बरतें।

मिथुन राशि : आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यापार-धंधा मध्यम चलेगा। कार्यक्षेत्र में छोटी-छोटी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यभार की अधिकता रहेगी, लेकिन अपनी मेहनत से कार्यों में सफल होंगे। अनावश्यक धन व्यय होनी की संभावना रहेगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। वाणी पर संयम रखना होगा, अन्यथा किसी परिजन से अनबन हो सकती है। स्वास्थ्य खराब होने की संभावना रहेगी। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और बाहर के खाने-पीने से बचें।

कर्क राशि : आज का दिन अच्छा रहेगा। गृहों की स्थिति आपके अनुकूल बन रही है, जिससे कार्यक्षेत्र में उन्नति के योग रहेंगे। कारोबार में धनलाभ और नौकरी में तरक्की की संभावना रहेगी। हालांकि, कार्यों में आशानुरूप सफलता नहीं मिलने से आत्मविश्वास में कमी आएगी, लेकिन अपने प्रयासों से अंतत: कार्य सफल होंगे और धनलाभ की स्थिति रहेगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों-मित्रों के साथ आनंदपूर्वक समय व्यतीत कर सकेंगे। जल्दबाजी में निवेश न करें। सेहत का ध्यान रखें।

सिंह राशि : आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में आर्थिक लाभ और नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। हालांकि, कार्यभार की अधिकता रहेगी, लेकिन परिश्रम और अपने प्रयासों से कार्यों में सफलता मिलेगी। मित्रों-परिजनों का भरपूर सहयोग मिलेगा। घरेलू माहौल अनुकूल बना रहेगा। परिवार के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। प्रॉपर्टी और शेयर बाजार में निवेश लाभदायक रहेगा, लेकिन निवेश का निर्णय सोच-समझकर लेना होगा। सेहत का ध्यान रखें।

कन्या राशि : आज का दिन अच्छा रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा। धनलाभ की स्थिति रहेगी। बेरोजगारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सफलता प्राप्त प्राप्त होगी। कार्यक्षेत्र में कामकाज की अधिकता रहेगी और भागदौड़ अधिक होगी, जिससे शारीरिक और मानसिक रूप से थकान का अनुभव होगा। बाहर के खाने से बचें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। क्रोध पर नियंत्रण रखें, अन्यथा किसी विवाद में फंस सकते हैं। अधिक लालच करने से बचे, नहीं तो नुकसान हो सकता है।

तुला राशि : आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यावसायिक गतिविधियों को छोटी-छोटी परेशानियां आ सकती हैं, लेकिन अपने प्रयासों से कार्यों में सफलता मिलेगी और धनलाभ होगा, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों-दोस्तों के साथ एक समय आनंदपूर्वक व्यतीत होगा। जीवन-साथी के साथ पारिवारिक समस्याओं को साझा करने से सुकून महसूस होगा। सेहत अच्छी रहेगी। किसी धार्मिक यात्रा का प्रवास हो सकता है। तनाव से बचें।

वृश्चिक राशि : आज का दिन सामान्य रहेगा। कारोबार की गति मध्यम रहेगी। कार्यक्षेत्र में बाधाएं उत्पन्न होंगी, लेकिन अंतत: अपने परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी। लेन-देन से बचें और निवेश को लेकर सोच-समझकर निर्णय लें। कोर्ट-कचहरी के मामलों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। नये कार्यों की शुरुआत के लिए समय अच्छा नहीं है। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा, लेकिन ध्यान रहे कि आपकी बातों से किसी ठेस न पहुंचे। सेहत को लेकर सतर्क रहें।

धनु राशि : आज का दिन अच्छा रहेगा। कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी और सभी कार्य आसानी से होंगे। काम को लेकर उच्च अधिकारियों का दबाव रहेगा, जिससे तनाव का सामना करना पड़ सकता है। अविवाहितों के लिए विवाह के नए अवसर प्राप्त होंगे। विद्यार्थी वर्ग के लिए समय अनुकूल है। कारोबार अच्छा चलेगा और धनलाभ की स्थिति रहेगी। प्रॉपर्टी में निवेश लाभदायक रहेगा। रुपये के लेन-देन से बचें। परिवार का माहौल आपके अनुकूल रहेगा। सेहत का ध्यान रखें।

मकर राशि : आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और सहयोगियों की मदद से सभी कार्यों में सफलता मिलेगी। आपकी कार्यशैली से अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। कार्यभार की अधिकता से दिन भागदौड़ में बीतेगा और थकान का अनुभव होगा। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। सामाजिक और धार्मिक कार्यों के प्रति रूझान बढ़ेगा। परिवार में मांगलिक कार्यों का आयोजन हो सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और सेहत का ध्यान रखें।

कुम्भ राशि : आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता मिलेगी और धनलाभ की स्थिति रहेगी। कारोबार विस्तार की नई योजनाएं बना सकते हैं। जल्द पैसे कमाने की इच्छा होगी, लेकिन नये कार्यों की शुरुआत करने से बचें, अन्यथा नुकसान हो सकता है। अनावश्यक व्यय की अधिकता रहेगी। क्रोध पर नियंत्रण एवं वाणी पर संयम रखें, अन्यथा परिजनों से अनबन हो सकीत है। दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा। सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे। स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

मीन राशि : आज का दिन शुभ फलदायी रहेगी। कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी और व्यापार में आर्थिक लाभ के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। आकस्मिक धनलाभ के योग बनेंगे। मित्रों-परिजनों के सहयोग से कार्यों में सफलता मिलने से आर्थिक स्थिति स्थिति मजबूत होगी। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और मधुरवाणी से संबंधों में प्रगाढ़ आएगी। आलस्य से बचना होगा, अन्यथा महत्वपूर्ण कार्यों में बाधा उत्पन्न हो सकती है। खर्चों पर नियंत्रण करना होगा। सेहत अच्छी रहेगी।

अमेठी में तिरंगा यात्रा में शामिल स्मृति ईरानी ने चलाई स्कूटी

अमेठी। केद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में स्कूटी में सवार होकर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया।

ईरानी अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंची जहां रामलीला मैदान अमेठी परिसर से बाइक तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री लगभग 25 किमी तक स्कूटी चला कर सुजानपुर पहुंची जहां उन्होंने अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। उसके बाद उन्होंने मुख्यालय स्थित एक कालेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

केंद्रीय मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेठी तो पहले से ही क्रांतिकारी थी। 1857 की क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि जब हिंदुस्तानियों ने देश की आजादी की आवाज उठाई थी कि हम आजाद हिंदुस्तान में रहना चाहते हैं। तब इस अमेठी के कादू नाला से भी आवाज उठी थी।

कादू नाला स्मारक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां 600 वीर जवानों ने शहादत दी थी। मैं उन सेनानियों को नमन करती हूं। आजादी वह नहीं होती है जब एक विधायक 20 साल तक एक बस स्टॉप के लिए प्रतीक्षा करें। आजादी वह है जो तिलोई में आलीशान बस स्टाफ के रूप में बन गया है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ समय के लिए कुछ लोगों ने आजादी छीन ली थी। अब दुबारा ऐसी स्थिति ना बने इस आजादी को बनाए रखने के लिए हमें हर दिन सतर्क रहना है। आज इस कार्यक्रम में पहुंचते ही यहां की अध्यापिकाएं मुझे कक्ष में ले गई जहां भारत विभाजन का मैप दिखाया। उस कमरे में रखा मैप विभाजन का दर्द बयां कर रहा है।

उन्होंने भारत विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे देश के टुकड़े किए गए यह एक साजिश थी। भारत को कमजोर करने के लिए भारत का विभाजन किया गया। अमेठी की पुण्य भूमि से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभिनंदन करती हूं। भारत के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस तिरंगे को फहराने का लाल किले से किसी एक व्यक्ति को नही है।इस तिरंगे पर हर हिंदुस्तानी का अधिकार है। आप सब ने प्रधानमंत्री की बात को स्वीकारा और सम्मान से हर घर में तिरंगा लहराए आज हम यही निवेदन लेकर अमेठी आए हैं।

सजा दो तिरंगा हर घर में, मना लो आजादी का पर्व जन-जन में…

सिरोही। भारतीय लोकतंत्र के सबसे बड़े त्यौहार 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा नगर मण्डल सिरोही के कार्यकर्ताओं ने बाजारों में व्यापारियों, ठेला चालकों, रिक्शा चालक, मजदूर, कामगार, ग्रहणीयों, बच्चों, युवाओं आदि को 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान मे हर्षोल्लास पूर्वक बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए राष्ट्रीय ध्वज घरों पर लगाने का आग्रह किया।

शुक्रवार को भाजपा शहर मंडल के कार्यकर्ताओं ने हर घर तिरंगा अभियान के नगर संयोजक ताराराम माली के नेतृत्व एवं नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी पदाधिकारियों के सान्निध्य में हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर सघन जनसंपर्क किया।

इस मौके पर लोगों से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि ध्वज संहिता का पालन करते हुए आमजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप हर घर पर तिरंगा लहराकर आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न मनाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ध्वज खरीदने मे असक्षम जरूरतमंद लोगों को तिरंगा ध्वज निशुल्क उपलब्ध करवाएं।

घर-घर में हम तिरंगा लहराएंगे…

75वें स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पूरे शहर को तिरंगामय करने की भावना से भाजपा के जागरूकता व जन जागरण अभियान के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारे लगाए हुए कहा कि तिरंगा रंग का यह वस्त्र नहीं, यह ध्वज देश की शान है…, सजा दो तिरंगा हर घर में, मना लो आजादी का पर्व जन-जन में… आदि गीत गाकर देशभक्ति का ज्वार पैदा किया।

इन्होंने की अभियान में की शिरकत

जागरूकता अभियान में नगर मंडल के महामंत्री वीरेंद्र एम चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपालसिंह चारण, मंत्री महेंद्र माली, पार्षद प्रवीण राठौड़, गोविंद माली, रणछोड़ प्रजापत, ललित प्रजापत, हिमांशु वाघेला, चिराग रावल, कपूराराम पटेल, गोविंद सैनी, अर्जुन हीरागर, बाबूसिंह मकरोड़ा, इंदरसिंह मकवाना, सूरज कलावंत, महेंद्र खंडेलवाल सहित कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद थे। उधर जालौर सिरोही सांसद देवजी एम पटेल ने भी आमजन से अपील करते हुए तिरंगा अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

स्पेन में मेडुसा संगीत समारोह का मंच गिरने से एक की मौत, 17 घायल

मैड्रिड। स्पेन के तटीय शहर कुलेरा में मेडुसा संगीत समारोह में तेज हवा के कारण मंच के कई हिस्से ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए।

यह समारोह कुलेरा वालेंसिया में आयोजित किया जा रहा था तभी सुबह लगभग चार बजकर बीस मिनट पर अचानक तेज हवाएं चलीं और मंच के कई हिस्से ढह गए। वीडियो में हवा में धूल और मलबा उड़ता हुआ दिखाई दिया।

मरने वाले व्यक्ति की उम्र 28 वर्ष है। कम से कम तीन घायलों को फ्रैक्चर का सामना करना पड़ा जबकि शेष में अलग-अलग चोटों के निशान हैं और उन्हें वालेंसिया के अस्पताल में पहुंचाया गया।

आयोजकों ने एक बयान जारी कर कहा है कि समारोह स्थल को खाली करा लिया गया है और अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे पिछली सुबह जो हुआ उससे पूरी तरह से तबाह और निराश हैं। युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सिविल गार्ड ने जांच शुरू कर दी है।

बाड़मेर : तालाब में नहाने उतरे तीन युवकों की डूबने से मौत

0

बाड़मेर। राजस्थान में बाडमेर जिले के सीमावर्ती गडरारोड तहसील के अमियानी गांव के तालाब में शनिवार को नहाने उतरे तीन युवकों की डूबने से मौत होने के बाद गांव में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर गडरा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार आज सुबह से चल रही बारिश के दौरान तालाब में नहाने उतरे तीन युवक आरीफ, रजाक खान, एवं अज़ीज़ खान निवासी अमियनि सभी की उम्र बीस से बाईस वर्ष की डूबने से मौत हो गई।

घटना का समाचार मिलने पर ग्रामीण बड़ी तादाद में एकत्रित हुए, पुलिस को इत्तला करने पर गडरा पुलिस मौके पहुंची। तालाब में डूबे तीनों युवकों को तालाब से निकाल कर गडरा अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही गांव से तीन युवकों की मौत से कोहराम मच गया।

समीर वानखेडे को मिली सीवीसी की ओर से क्लीन चिट

मुंबई। भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े को शनिवार को जाति वैधता समिति (सीवीसी) ने क्लीन चिट दे दी। वानखेड़े पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने फर्जी जाति प्रमाण पत्र पर आरक्षित श्रेणी के तहत सरकारी नौकरी हासिल की थी।

तीन सदस्यीय समिति ने मामले की जांच के बाद वानखेड़े को क्लीन चिट दे दी है। समिति ने आदेश में लिखा है कि वानखेड़े जन्म से मुसलमान नहीं थे। यह साबित नहीं हुआ है कि वानखेड़े और उनके पिता ने इस्लाम धर्म अपना लिया था, लेकिन यह साबित हो गया है कि अनुसूचित जाति महार से ताल्लुक रखते हैं।

इससे पहले मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक ने आरोप लगाया था कि समीर वानखेड़े ने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की है।

मुंबई पुलिस को दो शिकायतें भी मिलीं जिसमें शिकायतकर्ता ने सबूत के तौर पर वानखेड़े का जन्म और विवाह प्रमाण पत्र समिति के समक्ष रखा था। वानखेड़े ने इससे पहले भी इन आरोपों का खंडन किया था और उन्होंने कहा था कि स्कूल रिकॉर्ड में 1985 से 1989 तक उनकी जाति मुस्लिम समुदाय के तौर पर दर्शाई गई है और इसके बाद उनके प्रमाण पत्र में उन्हें अनुसूचित जाति महार दर्शाया गया है।

गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में एक क्रूज पर ड्रग पार्टी से जुड़े मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के पुत्र आर्यन खान और कुछ अन्य को आरोपी बनाए जाने के बाद मलिक ने समीर वानखेड़े के खिलाफ कई आरोप लगाए थे।

वेंटिलेटर पर हैं सलमान रुश्दी, गंवा सकते हैं आंख

न्यूयॉर्क। प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी अमेरिका के न्यूयॉर्क में चाकू से हुए हमले के बाद वेंटिलेटर पर हैं। रुश्दी के एजेंट ने मीडिया को बताया कि रुश्दी के हाथ की नसें कट गई थीं। यहां एक कार्यक्रम में शुक्रवार को उन पर चाकू से हमला हुआ था।

उधर, इस हमले को भयावह बताते हुए व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने ट्वीट किया कि हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हम अच्छे नागरिकों और उन लोगों के आभारी हैं कि उन्होंने इतनी तेजी से मदद की।

उल्लेखनीय है कि यहां एक व्याख्यान के दौरान रुश्दी पर चाकू से हमला हुआ था। दुनिया के शीर्ष साहित्यिक पुरस्कारों के विजेता को पश्चिमी न्यूयॉर्क में चौटाउक्वा संस्थान में एक व्याख्यान देने से पहले मंच पर कम से कम दो बार चाकू मारा गया था।

न्यूयॉर्क पुलिस ने कहा कि आज चौटाउक्वा में जो कुछ हुआ वह हमारे लगभग 150 वर्षों के इतिहास में किसी भी घटना के विपरीत एक घटना है। हमलोगों ने हमलावर की पहचान कर ली है। पुलिस ने कहा कि हमारा काम अभी सलमान रुश्दी के परिवार के लिए एक संसाधन बने रहना है। हम इस हमले की वजह को जानने के लिए एफबीआई के साथ काम कर रहे हैं।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय मीडिया को भेजे एक ईमेल में सलमान रुश्दी के बुक एजेंट एंड्रयू वायली ने कहा कि खबर अच्छी नहीं है। सलमान की एक आंख खोने की संभावना है। उनकी बांह की नसें कट गई थीं और उनके लिवर में छुरा घोंपा गया है और वह क्षतिग्रस्त हो गया है।

अखंड भारत का विभाजन एक दुखद त्रासदी, चित्र प्रदर्शनी में झलकी पीडा

अजमेर। देश के बंटवारे में विस्थापित होने वाले और जान गंवाने वालों तथा संघर्ष और बलिदान की याद में आजादी के एक दिन पहले 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी शहर ईकाई की ओर से गांधी भवन में प्रदर्शनी लगाई गई।

अखंड भारत का विभाजन एक दुखद त्रासदी को सदैव याद रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विगत स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले 14 अगस्त 2021 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषण की थी। प्रदर्शनी का उद्घाटन जिलाध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाडा ने किया। इस मौके पर विधायक वासुदेव देवनानी, नीरज जैन, अरविंद यादव, कंवल प्रकाश किशनानी, राजेश घाटे, राम धनवानी समेत बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर डॉ. हाडा ने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प व नए भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी देशवासी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। विभिन्न कार्यक्रमों एवं संकल्पों के साथ हम सभी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी शहर की ओर से प्रदर्शनी व मंडल स्तर पर मौन जुलूस का आयोजन किया जा रहा है।

विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि विभाजन के कारण पलायन करने को मजबूर हुए लाखों लोग ट्रेनों से वापस आते समय सांप्रदायिक दंगों की भेंट चढ़ गए। यह मानव इतिहास की सबसे बड़ी विभिषिका थी। विश्व की किसी भी त्रासदी में इतनी बड़ी संख्या में न तो लोगों ने अपने प्रांण गंवाए, ना ही अपने घरों से उजाड़े गए।

नीरज जैन ने कहा कि शरणार्थी बनने को मजबूर हुए करोड़ों लोग अपने घर-बार को छोड़कर पैदल ही चल दिए। गांव के गांव उजड़ते गए, वे काफिलों में बदलते गए और यह काफिला मीलों तक पसरा रहा।

अरविंद यादव ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन की आई आंधी, नफरत और हिंसा में लाखों ने जान गंवाई, करोड़ों लोग बर्बाद हो गए। यह सब मजहब के नाम पर हुआ था। देश के विभाजन की विभिषिका ने करोड़ों को उजाड़ा दिया।

शहर जिला संयोजक कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि भाजपा के 13 मंडलों, तीन विधानसभा क्षेत्रों में मौन जुलूस का आयोजन किया जाएगा। अजमेर उत्तर व दक्षिण के मंडल का मौन जुलूस रविवार को शाम 5 बजे से, आर्य मंडल वैदिक यात्रालय, केसर गंज, आदर्श मंडल मांर्टिडल ब्रिज के नीचे से, झलकारी बाई मंडल गायत्री मंदिर, तोपदड़ा रेल्वे फाटक के पास से, पृथ्वीराज मंडले राजकीय संग्राहलय, गोल प्याऊ से, दाहरसेन मंडल आगरा गेट चौराहा से, बजरंग मंडल क्षेत्रपाल कचहरी रोड़ से, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल नया बाजार चौपड़ से प्रारंभ होकर गांधी भवन पर समापन होगा। जहां कार्यकर्ता प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।

शहर जिला सह संयोजक राजेश घाटे ने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 6 मंडल मे अंराई मंडल के बस स्टैण्ड से पावर हाऊस अराई, किशनगढ़ मंडल अम्बेडकर सर्किल किशनगढ़ शहर मालियों की वाड़ी से मुख्य बाजार सिलोरा, मदनगंज मंडल मैन चौराहा से सिटी रोड मदनगंज, सुरसुरा मंडल बालाजी मंदिर से तेजा मंदिर सुरसुरा तक, बोराड़ा मंडल बारोडा चौराहा से मौन जुलूस का संचालन करेंगे। इस जुलूस में सभी मण्डलों के बूथ अध्यक्ष व सदस्य भाग लेंगे।

अजमेर : स्कूली बच्चों संग मनाया आजादी का अमृत महोत्सव

0

अजमेर। मानव अधिकार मिशन अजमेर के पदाधिकारियों ने नाका मदार स्थित आदर्श विद्या निकेतन में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में छात्र छात्राओं तथा शिक्षकों को वैज प्रदान कर आजादी के अमृत महोत्सव को उल्लासपूर्वक मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर हर घर तिरंगा ध्वज मन तिरंगा, हर उल्लास तिरंगा का नारा दिया गया।

इस अवसर पर संस्था के जिलाध्यक्ष अध्यक्ष इंजीनियर वीपी सिंह ने राष्ट्रप्रेम को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि छात्र छात्राओं को आजादी के अमृत महोत्सव में स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं को पढ़ना चाहिए। राष्ट्रप्रेम की भावना शिक्षार्थीकाल से ही जागृत हो जाएगी तो यही बच्चे भविष्य में देश को परम वैभवशाली बनाने वाले साबित होंगे।

इस मौके पर मानव अधिकार मिशन के सचिन शर्मा, भूपेंद्र सिंह नेगी, एडवोकेट अर्चना, जसराज शर्मा, महेंद्र मोहन बारोटिया, सोहनलाल भादा, धन सिंह, गुंजन सिंह, यमृणाल कुमार, देवेंद्र कुमार और अन्य राष्ट्र प्रेमी उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक मनोज जैन आगंतुक अतिथियों व संस्था के पदाधिकारियों का स्वागत किया।

आजादी का अमृत महोत्सव : एक साथ हुआ देशभक्ति गीतों का गायन

अजमेर। आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को राजकीय एवं निजी विद्यालयों द्वारा देशभक्ति गीतों का एक साथ गायन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित हुआ।

संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में देश के प्रति प्रेम जागृत करने का अनूठा कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित हुआ। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा इसका आयोजन किया गया। जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों द्वारा एक साथ देशभक्ति गीतों का गायन किया गया। इस कार्यक्रम के लिए सरकार ने 6 गीतों का चयन किया था। वन्देमातरम, सारे जहां से अच्छा, आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं, झण्डा ऊंचा रहे हमारा, हम होंगे कामयाब तथा राष्ट्रगान का सामूहिक स्वरों में गायन किया गया।

उन्होंने बताया कि देशभक्ति गीतों के सामूहिक गायन से नई पीढ़ी में देश प्रेम की भावना विकसित होगी। सभी देशवासी आपस में प्रेम, शांति तथा बंधुत्व के साथ रह सकेंगे। इससे सभी मिलकर देश को आगे बढ़ाने के लिए अपना योगदान देने के लिए संकल्पित होंगे। इसी प्रकार नशा मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत नशा मुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं, परिवार, रिश्तेदारों तथा जान-पहचान वालों को नशे से दूर करने का संकल्प लिया।

कलक्टर अंश दीप ने बताया कि सामूहिक देश भक्ति गायन से विद्यार्थी आजादी का महत्व समझ सकेंगे। इस वर्ष का स्वाधीनता दिवस विशेष है। हम सभी को 75 वीं वर्षगांठ पर गर्व है। आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों में इस आयोजन का अपना महत्व है। इसका आयोजन समस्त विद्यालयों में किया गया। मुख्य जिला स्तरीय समारोह कायड़ विश्राम स्थली के पाण्डाल में किया गया। इसी प्रकार उपखण्ड स्तर तथा विद्यालय स्तर पर भी गायन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें लगभग 40 विद्यालयों ने अपनी सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों को अजमेर डेयरी के माध्यम से लस्सी तथा प्रशासन की ओर से रिफ्रेसमेण्ट उपलब्ध कराया गया।

सांसद भागीरथ चौधरी ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव प्रत्येक देशवासी में राष्ट्रप्रेम पैदा करेगा। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देश और तिरंगे के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वालों को याद किया जा रहा है। देशभक्ति गीतों का गायन एतिहासिक है। इसका भाव विद्यार्थियों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक पहुंचेगा। हम सभी का धर्म राष्ट्र है। हमें अपने समस्त कार्य राष्ट्र प्रथम को सामने रखकर करने चाहिए।

अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में देश के प्रति प्रेम का भाव जागृत होगा। आजादी को प्राप्त करने में वीरों के द्वारा दी गई आहूतियों के बारे में नई पीढ़ी जान पाएगी। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक एवं पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने बताया कि गीतों के सामूहिक गायन के माध्यम से आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों में राजस्थान देश का नेतृत्व कर रहा है। राज्य में करोड़ों विद्यार्थियों द्वारा एक साथ देशभक्ति पूर्ण गीतों का गायन कर रिकॉर्ड बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों को देश भक्ति की प्रेरणा मिलेगी।

कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम का निर्देशन सावित्री राजकीय बालिका महाविद्यालय की व्याख्याता डॉ. शारदा देवड़ा ने किया। इनके साथ मीना वर्मा तथा श्री दीनेश्वर ने संगत की। सामुहिक गायन को विद्यार्थी जय श्री सोनी, मानसी, सरला, विधि, मधुश्री, नन्दिनी, अनुष्का, पूनम, तनीश, प्रीती, राजेश्वरी, भारती, कुसुम, राजलक्ष्मी, प्रियंका, पलक, सुमनलता, कृष्णा एवं स्नेहल ने अंजाम दिया। कार्यक्रम के समापन के पश्चात भी विद्यार्थियों का जोश बना रहा। विद्यार्थियों ने बाद में भी देशभक्ति पूर्ण गीतों पर सामूहिक नृत्य किया।

इन विद्यालयों की रही भागीदारी

कार्यक्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर, केन्द्रीय पुरानी मण्डी, फाईसागर, गुलाबबाड़ी, रामगंज, सावित्री, पहाड़गंज, मॉडल, क्रिश्चयनगंज, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोईनिया., तोपदड़ा, जवाहर, माखुपुरा, महात्मा गांधी श्रीनगर रोड, राजेन्द्र, रामगंज, गुलाबबाड़ी, कल्याणीपुरा, रामनगर, तथा महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यमिक राजकीय विद्यालय वैशालीनगर विद्यालयों ने भाग लिया।

इसी प्रकार निजी विद्यालयों ऑलसेन्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्यावर रोड, एचकेएच उच्च माध्यमिक विद्यालय वैशालीनगर, सेंटमेरी कान्वेन्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीबीएन उच्च माध्यमिक विद्यालय ब्यावर रोड, सेंट फ्रांसिस अलवर गेट, सेंट पाल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय अलवर गेट, सेंट एन्सलमउच्च माध्यमिक विद्यालय, सौफिया बालिकाउच्च माध्यमिक विद्यालय, क्वीन मेरी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बीके कॉल नगर, सेंट स्टीफन उच्च माध्यमिक विद्यालय पंचशील, सैन्ट्रल एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रगति नगर कोटड़ा, रेयान इन्टरनेशनल स्कूल कोटड़ा, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, भगवान महावीर उच्च माध्यमिक विद्यालय पंचशील, डीएवी शताब्दी उच्च माध्यमिक विद्यालय नसीराबाद रोड, गुजराती उच्च माध्यमिक विद्यालय कचहरी रोड, सम्राट उच्च माध्यमिक विद्यालय पुष्कर रोड, वृन्दावन उच्च माध्यमिक विद्यालय माकड़वाली रोड़ तथा ईस्ट पाईन्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय गुलाबबाड़ी अजमेर ने भी अपनी भागीदारी निभाई।

जिले में किया 4 लाख से अधिक व्यक्तियों ने सामूहिक गायन

स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर ऑनलाईन अपलोड किए गए डाटा के अनुसार जिले में 4 लाख 22 हजार 176 व्यक्तियों ने भाग लिया। जिले के 3 हजार 419 विद्यालयों में से 2 हजार 689 विद्यालयों के द्वारा ऑनलाईन सूचना भरी गई। इसके अनुसार 6 लाख 15 हजार 837 व्यक्तियों ने एन्रोलमेन्ट कराया। इनमें से 4 लाख 22 हजार 176 व्यक्तियों की सूचना पोर्टल पर दर्ज हुई। इनमें 3 लाख 60 हजार 172 विद्यार्थी, 21 हजार 379 स्टाफ तथा 40 हजार 625 अभिभावक शामिल थे।

इस अवसर पर पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमन्त स्वरूप माथुर, प्रोटोकॉल ऑफिसर आलोक जैन, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सहसंयोजक शक्ति प्रताप सिंह, दरगाह कमेटी के सहायक नाजिम डॉ. मोहम्मद आदिल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र शर्मा, शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक भागचन्द मण्डरावलिया, एडीपीसी अजय गुप्ता, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भगवती प्रसाद एवं वीणा अग्रावत सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

जिले में विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति गीतों का गायन

आजादी का अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों के अन्तर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति गीतों का एक साथ सामूहिक गायन किया गया।

आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों के अन्तर्गत जिले में शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर देशभक्तिपूर्ण गीतों का सामूहिक गायन किया गया। उपखण्ड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए। अजमेर उपखण्ड का कार्यक्रम संस्कृति स्कूल में आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र की राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में 2650 से अधिक विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत गाए। कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी महावीर सिंह, विकास अधिकारी विजय सिंह, सीबीईओ तिलोक राज भाटी उपस्थित रहे।

अपना घर मूक-बधिर एवं दृष्टिहीन संभाग स्तरीय आवासीय विद्यालय कोटड़ा एवं ज्योर्तिगमय संस्थान पुष्कर में भी अमृत महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां दृष्टिबाधित विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत गाए। समस्त विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली। पुष्कर में मानसिक विमदिंत बच्चों ने भी तिरंगा फहरा कर देश भक्ति का परिचय दिया।

पटवार प्रशिक्षण केन्द्र सराधना में भी देशभक्ति गीतों का गायन किया गया। प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा के निर्देशन में नवनियुक्त प्रशिक्षु पटवारियों ने सामूहिक गायन किया। इसमें नीरज स्वरूप तंवर, सुभाष गुप्ता एवं गजराज खटाना उपस्थित रहे। हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत 14 अगस्त को सराधना में रैली का आयोजन किया जाएगा।

भारत की प्रतिष्ठा संस्कृत और संस्कृति में ही निहित है- अदिति माहेश्वरी

आजादी का अमृत महोत्सव एवं संस्कृत सप्ताह के कार्यक्रमों में भारत की प्रतिष्ठा संस्कृत और संस्कृति में ही होने की बात कही गई।

राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार मिश्र ने बताया कि संस्कृत सप्ताह एवं आजादी के अमृत महोत्सव समारोह का महाविद्यालय में शुक्रवार को आयोजन किया गया। समारोह मुख्य अतिथि राजकीय बालिका गृह की अधीक्षक अदिति माहेश्वरी ने विद्यार्थियों से कहा कि भारत की प्रतिष्ठा संस्कृत और संस्कृति में ही निहित है। जब तक संस्कृत है तब तक संस्कृति जीवित है। छात्रों को अपने जीवन में संस्कृत को आत्मसात कर तदनुरूप जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. विनय चन्द्र झा ने कहा कि अजमेर की धरा ने अनेक संस्कृत के प्रतिष्ठित विद्वान देश को दिए है। उनके ग्रन्थों ने संस्कृत का भण्डार समृद्ध किया है। विद्यार्थियों को ऎसे विद्वानों का अनुकरण करते हुए संस्कृत की सेवा करनी चाहिए। साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक विद्यार्थी को हर घर तिरंगा कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाते हुए घर-घर तिरंगा फहराएं।

राजेन्द्र िंसंह लखावत ने कहा कि वीरसपूताें के प्राणोत्सर्ग से हमें आजादी मिली है। उनके योगदान को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। उनकी कुर्बानी से प्ररेणा ग्रहण कर मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्यौछावर के लिए तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम में व्याख्याता अलका देश, चन्द्रप्रकाश जोशी, लोकेश शर्मा तथा कन्हैया लाल शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर संस्कृत सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। श्लोक पाठ प्रतियोगिता में साक्षी एवं पल्लवी दाधीच, संस्कृत निबन्ध प्रतियोगिता में तनुजा बालोटिया एवं संयोगिता, संस्कृत गीत गायन में प्रगति शर्मा एवं मनजीत कुमारी प्रजापति तथा श्लोक अन्त्याक्षरी प्रतियोगिता में हीना शर्मा एवं सुमन कंवर विजेता एवं उपविजेता रही।