Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 667 -
होम ब्लॉग पेज 667

राजस्थान में गुरुवार को सामने आए कोरोना केे 658 नए केस

जयपुर। राजस्थान में गुुरुवार को कोरोना के 658 नये मामले सामने आये और इससे सक्रिय मरीजों की संख्या करीब 4300 पहुंच गई।

चिकित्सा विभाग के अनुसार राज्य में पिछले चौबीस घंटों में नये मामलों में 45 की वृद्धि दर्ज की गई। नए मामलों में सर्वाधिक 214 जयपुर में सामने आए जबकि अलवर में 142, उदयपुर में 73, भरतपुर 62, चित्तौड़गढ़ में 39, दौसा में 23, जोधपुर में 20, कोटा में 17, सीकर में 16, बूंदी में 11, अजमेर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर एवं नागौर में सात-सात, धौलपुर एवं झालावाड़ में तीन-तीन, चूरू एवं जैसलमेर में दो-दो तथा बाड़मेर, बीकानेर एवं पाली में एक-एक नया मामला सामने आया।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 12 लाख 99 हजार 665 हो गई। प्रदेश में 517 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 85 हजार 774 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। नए मामलों के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 4299 हो गई।

इनमें सर्वाधिक 1398 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि अलवर में 641, उदयपुर में 437, जोधपुर में 242, भरतपुर में 203, चित्तौड़गढ़ में 190, अजमेर में 184, दौसा में 171 तथा अन्य कई जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं जबकि करौली एवं टोंक दो ही जिले ऐसे हैं जहां कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।

प्रदेश में अब तक कोरोना से 9592 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ दो लाख 86 हजार 74 नमूने लिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में पेट्रोल पंपों पर भी मिलेंगे ओडीओपी उत्पाद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) के उत्पाद अब प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर भी मिलेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले इंडियन ऑयल काॅरर्पोरेशन (आईओसी), लखनऊ के हुसड़िया और जियामऊ पेट्रोल पंप पर ओडीओपी के स्टॉल खाेले जाएंगे। इसके बाद प्रदेश में आईओसी जिन पेट्रोल पंपों को खुद संचालित कर रही हैं वहां पर भी ओडीओपी के उत्पाद मिलेंगे।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि ओडीओपी को बढ़ावा देने और इससे जुड़े स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, कुम्हारों, बुनकरों आदि को नया प्लेटफॉर्म देने के लिए योगी सरकार हर संभव कोशिश कर रही है।

इसी को ध्यान में रखते हुए इंडियन ऑयल काॅरर्पोरेशन के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश में जिन पेट्रोल पंप को इंडियन ऑयल काॅरर्पोरेशन खुद संचालित कर रही है वहां पर ओपीओडी उत्पाद बेचने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। पहले पायलट प्रोजेक्ट के तहत लखनऊ के हुसड़िया और जियामऊ पेट्रोल पंप पर स्टॉल खोले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप पर ओपीओडी उत्पाद के स्टॉल स्टैंडर्ड साइज के होंगे, लेकिन अभी इसके साइज को लेकर इंडियन ऑयल काॅरर्पोरेशन के अधिकारियों के साथ मंथन चल रहा है। जल्द ही इस पर निर्णय लेने के बाद स्टॉल खोले जाएंगे।

वर्ष 2022-23 के आम बजट में पहली बार ओएसओपी (वन स्टेशन वन प्रोडक्ट) जिक्र हुआ था। इसी की तर्ज पर पेट्रोल पंप पर ओपीओडी उत्पाद बेचने की तैयारी हो रही है। इसका उद्​देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पाद को खास पहचान दिलाने के साथ इसे एक स्थाई बड़ा बाजार उपलब्ध कराना है। इससे पारंपरिक शिल्प और छोटे उद्यमों को बढ़ावा तो मिलेगा ही साथ में रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे।

प्रदेश के जिलों के विशिष्ट उत्पादों के समग्र विकास के लिए योगी सरकार ने 24 जनवरी 2018 को ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) नाम से यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू की थी। योजना के तहत उत्पाद विशेष के समग्र विकास के लिए ऋण योजना, प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना, विपणन सहायता योजना व कामन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत दूसरे देशों के दूतावासों में भी उत्पाद की ब्रांडिंग की जा रही है।

सहगल ने कहा कि ओपीओडी उत्पाद को खास पहचान दिलाने और इसे बड़ा बाजार उपलब्ध कराने के उद्​देश्य से प्रदेश के पेट्रोल पंप भी स्टॉल खोलने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर इंडियन ऑयल काॅरर्पोरेशन के अधिकारियों से बात हो चुकी है। जल्द ही आपको पेट्रोल पंप पर ओपीओडी के उत्पाद मिलेंगे।

जगदीप धनखड़ ने उप राष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति का पदभार संभाला

नई दिल्ली। जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को राष्ट्र के चौदहवें उपराष्ट्रपति और राज्य सभा के सभापति के रूप में पदभार ग्रहण किया।

पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल धनखड़ को राष्ट्रपति मुर्मू द्रौपदी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक शपथ ग्रहण समारोह में‌ उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पहले धनखड़ ने सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

धनखड़ ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा किठाना गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय से की। इसके बाद उन्होंने सरकारी मिडिल स्कूल, घरधाना और सैनिक स्कूल, चित्तौड़गढ़ में शिक्षा प्राप्त की। अ

पनी कॉलेज की शिक्षा के लिए धनखड़ ने महाराजा कॉलेज जयपुर में प्रवेश लिया और बीएससी (ऑनर्स) भौतिकी की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से कानून में डिग्री हासिल की। उन्होंने एक वकील के रूप में अपना पेशेवर करियर शुरू किया।

धनखड़ 1989 में झुंझुनूं संसदीय क्षेत्र से संसद के लिए चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 1990 में संसदीय मामलों के राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया। जुलाई 2019 में धनखड़ को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया था।

हावड़ा में जेठानी समेत परिवार के 4 सदस्यों का कत्ल करने वाली देवरानी अरेस्ट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बुधवार रात एक विवाद के कारण आरोपी महिला ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेहरमी से हत्या कर दी गई। मरने वालों में दो महिलाएं, एक व्यक्ति और एक नाबालिग है।

हावड़ा शहर में अपने ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से हमला और पीट पीटकर मारने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। जिसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हावड़ा थाना क्षेत्र के एमसी घोष लेन में पल्लवी घोष नामक महिला ने कल रात अपने परिवार के सदस्यों पर हमला कर चार सदस्यों को मार डाला। यह घटना कल रात करीब 10 बजे हुई, जब देबाशीष और उनकी पत्नी रेखा शौचालय में नल से पानी बहने को लेकर आपस में बात कर रहे थे।

तभी आरोपी महिला ने ‘कटारी’ से सबसे पहले अपनी सास माधवी घोष, फिर बहनोई देबाशीष और उनकी पत्नी हमला किया उसके बाद उनकी 13 वर्षीय पुत्री तियाशा को मार दिया। तियाषा के चिल्लाने पर उसे बचाने आए दो अन्य रिश्तेदार भी हमले में घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि महिला के हमला करने के बाद से उसका पति देबराज फरार है। पुलिस ने फरार युवक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी महिला को गुरुवार को हावड़ा अदालत में पेश किया जाएगा।

क्या है मामला

बताया जा रहा है कि मध्य हावड़ा के एमसी घोष लेन में शिशिर घोष का दो मंजिला मकान है। मकान की पहली मंजिल पर मकान मालिक घोष अपने छोटे बेटे देवराज, बहू पूर्णिमा और पोते के साथ रहते थे। निचले तल पर घोष की पत्नी माधवी घोष अपने बड़े बेटे देवाशीष, बहू रेखा और पोती के साथ रहती थीं। दोनों भाइयों और उनकी पत्नी के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। आए दिन पारिवारिक झगड़े होते रहते थे।

बुधवार की रात करीब 11 बजे जेठानी और देवरानी के बीच बहस हो गई। राखी पूर्णिमा के दिन सत्यनारायण पूजा किसके घर होगी को लेकर विवाद छिड़ गया। बाद में बाथरूम से पानी गिरने को लेकर दोनों उलझ पड़ीं। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच, छोटी बहू तैश में आकर अपने कमरे से कटारी लेकर आ गई।

पूर्णिमा ने सबसे पहले जेठानी, फिर जेठ और इसके बाद सास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह सब देखकर जेठ की बेटी त्रिशा डंडा लेकर चाची को मारने आई, तो पूर्णिमा ने उसे मार डाला। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर के अंदर आ गए। पड़ोसियों को देख पूर्णिमा भड़क गई। एक-एक कर सब पर हमला करने लगी। खबर मिलते ही एसीपी रैंक के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

सलमान खान ने आईएनएस विशाखापट्टनम के नाविकों के साथ समय बिताया

मुंबई/नई दिल्ली। सलमान खान अपनी फिल्मों की शूटिंग के बीच से फुर्सत निकालकर आईएनएस विशाखापट्टनम पहुंचे थे। सलमान इस वक्त टाइगर-3 और भाईजान की शूटिंग में व्यस्त हैं। सलमान ने ‘भाईजान’ की शूटिंग के बीच भारतीय नौ सेना के ‘आईएनएस विशाखापट्टनम’ मिसाइल विध्वंसक जहाज पर नाविकों के साथ अपना समय बिताया।

बॉलीवुड अभिनेता ने मिसाइल विध्वंसक जहाज में सवार नाविकों के जीवन के बारे में जानने से लेकर, प्रशिक्षण, अपनों से दूर, अत्याधुनिक पोत को देखने, जहाज पर खाना पकाने से लेकर पुश-अप करने, ऑटोग्राफ देने और भारतीय ध्वज फहराने, देशभक्ति गाना गाने, हँसी मजाक से भरा दिन रहा। अपनी दिन भर की गतिविधियों को लेकर दबंग अभिनेता ने सोशल मीडिया में जहाज पर बिताए गए लम्हों की तस्वीरें साझा की।

आईएनएस विशाखापट्टनम को 21 नवंबर 2021 को राष्ट्र को समर्पित किया गया था और यह भारतीय नौसेना के साथ सेवा में सबसे बड़े विध्वंसक में से एक है। इसमें मध्यम और छोटी दूरी की बंदूकें, पनडुब्बी रोधी रॉकेट और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और संचार की विशेषता है।

नौसेना के यह जहाज में 312 चालक दल को समायोजित कर सकता है। यह 4,000 समुद्री मील तय कर सकता है और क्षेत्र के बाहर के ऑपरेशन में विस्तारित मिशन समय के साथ 42 दिन तक मिशन को अंजाम दे सकता है। सलमान को उनकी आने वाली फिल्मों टाइगर-3, कभी ईद कभी दिवाली और पठान में देखा जा सकेगा।

कोर्ट ने बेटे की मौत पर मुआवजा मांगने वाली याचिका खारिज की

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट ने 2004 में अपने बेटे की मौत के मुआवजे और जांच की मांग करने वाली एक पिता की याचिका को खारिज कर दिया है। याचिकाकर्ता ने सेना पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया था।

याचिकाकर्ता (जिसका अब निधन हो चुका है) ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि उसके बेटे बशीर अहमद अहंगर को 19 मार्च 2004 को अनंतनाग में जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष कार्य बल ने पकड़ा था और उसे सेना के पांच पैरा के सुपुर्द किया था तथा उसे गोली मार दी गई थी।

याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि मृतक के शरीर पर यातना देने के निशान दिखाई दे रहे थे क्योंकि उसे लोहे की रॉड से पीटा गया था। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि उसका बेटा आतंकवाद से संबंधित किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं था और न ही उसका कोई आपराधिक इतिहास था और उसने अपने पुत्र की मौत के लिए मुआवजे की मांग की।

प्रतिवादियों ने याचिकाकर्ता द्वारा किए गए दावों का खंडन किया और दावा किया कि मृतक ने स्वीकार किया था कि वह लश्कर-ए-तैयबा का एक सक्रिय आतंकवादी था। उन्होंने कहा कि वह लश्कर-ए-तैयबा के डिवीजनल कमांडर के ठिकाने के पास हुई एक मुठभेड़ में वह मारा गया, सुरक्षा बलों को ठिकाने का पता भी उसी ने बताया था।

शुरूआत में कर्नल विनीत सेठ के एक हलफनामे में इस बात से इनकार किया था कि उन्होंने बशीर को हिरासत में लिया उसके बाद उसकी हत्या कर दी। सेना ने जोर देकर कहा कि मृतक को कभी भी पांच पैरा के जवानों को नहीं सौंपा गया। बाद में एक पैरा के एक अधिकारी द्वारा एक विस्तृत जवाबी हलफनामा दायर किया गया, जिसने कहा कि यूनिट के कर्मियों ने बशीर को पकड़ लिया और उसी ने ठिकाने के स्थान का खुलासा किया था।

एक संयुक्त अभियान चलाया गया जिसके दौरान आतंकवादियों ने सैनिकों पर गोलीबारी की। मुठभेड़ में बशीर घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। न्यायमूर्ति संजय धर ने कहा कि पुलिस और सेना की बात में विरोधाभास है, लेकिन दोनों ने कहा कि बशीर की मौत एक मुठभेड़ के दौरान हुई थी।

न्यायाधीश ने कहा कि केस डायरी के रिकॉर्ड में ऐसी सामग्री भी है जिससे प्रथम दृष्टया यह पता चलता है कि मृतक एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के लिए काम करता था। अदालत ने कहा कि वह विवादित सवालों के निर्धारण के क्षेत्र में नहीं उतरेगी, खासकर मौत के कारण से संबंधित। न्यायाधीश ने कहा कि मुझे इस रिट याचिका में कोई दम नहीं नजर आता है। तदनुसार, इसे खारिज किया जाता है।

करीना कपूर खान ने बताई ट्विटर पर नहीं होने की वजह

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर ने ट्विटर पर नहीं होने की वजह बताई है। करीना कपूर ने कहा कि हर दिन, कुछ न कुछ ऐसी चीजें होती हैं, जिसके लिए हमें ट्रोल किया जाता हैं। इसलिए मैं ट्विटर पर भी नहीं हूं।

मुझे ऐसा लगता है कि ये उन लोगों के लिए है जो सिर्फ अपनी भड़ास निकालना चाहते हैं। मैं अपने बच्चों, फैमिली और काम में बहुत बिजी हूं। मेरे पास इसके लिए समय नहीं है।

करीना, आमिर खान के साथ फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में काम करती नजर आएंगी। यह फिल्म हॉलीवुड फिल्म ‘फॉरेस्ट गंप’ की हिंदी रीमेक है।

HPCL की प्रदर्शनी में विभाजन की हदय विदारक घटनाओं का चित्रण

अजमेर/मांगलियावास। राजस्थान में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से मांगलियावास स्थित सांई कृपा पेट्रोल पंप पर ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के उपलक्ष्य में गुरुवार को प्रदर्शनी लगाई गई तथा देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के रिटायर्ड कैप्टन मांगू सिंह, विशिष्ट आतिथ सूबेदार बीजा सिंह व कैप्टन फूल सिंह थे। अध्यक्षता मांगलियावास सरपंच दुर्गेन्द्र सिंह गौड़ ने की। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया।

इससे पहले अतिथियों ने विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी दीर्घा का फीता काटकर उदघाटन कर अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान घटित हदय विदारक घटनाओं का चित्रण किया गया है। एचपीसीएल के एरिया सेल्स मैनेजर नमोनारायण मीणा ने उपस्थित सेवानिवृत सैनिकों का सम्मान किया। वरिष्ठ नागरिकों ने आजादी की लड़ाई में स्वतंत्रता सेनानियों के संस्मरण सुनाए।

इस मौके पर मीणा ने कहा कि आजादी के ऐन पहले हमने विभाजन का दर्द सहा है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश को पिछली सदी में बहुत बड़ी संख्या में मानव आबादी के विस्थापन की याद दिलाती है, इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान भी गंवाई थी।

उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे में जान गंवाने वाले हजारों भाई बहनों, उनके संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन लोगों के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है। प्रदर्शनी का अवलोकन 14 अगस्त तक किया जा सकेगा। उन्होंने 13 से 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने की भी अपील की।

इस अवसर पर एचपीसीएल के वरिष्ठ मैनेजर नमोनारायण, जिला परिषद सदस्य दिलीप पचार, कैप्टन मांगू सिंह, फूल सिंह रावत, सूबेदार बीजा सिंह, विशाल सिंह, हवलदार बीरम सिंह, नारायण सिंह रावत, सरपंच दुर्गेंद्र सिंह गौड़, सचिव कोपरेटी नरेंद्र सिंह रावत, जेठाना के टिल्लू शर्मा, मांगलियावास के प्रबुद्धजन सहित ग्रामीण मौजूद थे।

क्यों मनाया जाता है विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

गौरतलब है कि भारत के निवासियों ने लाखों कुर्बानियां देकर ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। लेकिन भारत की आजादी के साथ देश का भी विभाजन हुआ और पाकिस्तान अस्तित्व में आया।

दरअसल, 14 अगस्त 1947 का दिन इतिहास का एक गहरा जख्म है। यह वही दिन है, जब देश का बंटवारा हुआ और पाकिस्तान अस्तित्व में आया। बंटवारे की शर्त पर भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली। इस विभाजन में भारतीय उप महाद्वीप के दो टुकड़े किए। इस बंटवारे ने बंगाल का भी विभाजन किया गया जिसमें बंगाल के पूर्वी हिस्से को भारत से अलग कर पूर्वी पाकिस्तान बना दिया गया जो 1971 में बांग्लादेश के रूप में स्वतंत्र राष्ट्र बना।

भारत का बंटवारा सबसे खूनी घटनाक्रम का दस्तावेज बन गया। दोनों देशों के बीच बंटवारे की लकीर खिंचते ही रातों रात लाखों लोग अपने ही देश में बेगाने हो गए और मजहब के आधार पर लाखों लोग न चाहते हुए भी जानें को मजबूर हुए। इस अदला-बदली में लाखों लोगों का कत्लेआम, सदी की सबसे बड़ी त्रासदी में बदल गया। यह किसी देश की भौगोलिक सीमा का बंटवारा नहीं बल्कि लोगों के दिलों और भावनाओं का भी बंटवारा था।

पशु तस्करी मामला : सीबीआई ने तृणमूल नेता अनुब्रत मंडल को किया अरेस्ट

कोलकाता। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने यह कार्रवाई मंडल को इस संबंध में 10वें समन पर भी सीबीआई के समक्ष उपस्थित नहीं होने पर की।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई ने केंद्रीय सशस्त्र बलों के साथ मिलकर मंडल को बीरभूम के इलुम बाजार स्थित निचुपट्टी घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद सीबीआई अधिकारी चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें एक कार में बैठाकर अस्पताल ले गए।

सूत्रों ने बताया कि सीबीआई मंडल को बीरभूम से बाहर लेकर गई है, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि सीबीआई उन्हें दुर्गापुर, आनसोल या कोलकाता लेकर गई है। सीबीआई ने मंडल पर पशु तस्करी मामले में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में सीबीआई ने अनुच्छेद 41-ए के तहत मंडल को नोटिस भेजा था। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई अधिकारी कल रात मंडल के घर पहुंचे और आज सुबह करीब एक घंटे तक पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

सेंसेक्स 4 माह बाद हुआ 59 हजारी, निफ्टी में 124.25 अंक की बढ़त

मुंबई। वैश्विक बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर वित्त, आईटी, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और टेक समेत तेरह समूहों में हुई लिवाली से सेंसेक्स आज करीब एक प्रतिशत चढ़कर चार माह के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 515.31 अंक की छलांग लगाकर चार महीने बाद 59 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 59332.60 अंक पर रहा। इससे पहले यह 08 अप्रैल को 59447.18 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 124.25 अंक की बढ़त लेकर 17659 अंक पर रहा।

इस दौरान बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह छोटी और मझौली कंपनियों में भी लिवाली हुई। मिडकैप 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,727.38 और स्मॉलकैप 0.52 प्रतिशत चढ़कर 27,798.02 अंक पर रहा। बीएसई में कुल 3537 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1843 में तेजी जबकि 1548 में गिरावट रही वहीं 146 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 29 कंपनियां हरे जबकि शेष 21 लाल निशान पर रही।

बीएसई में तेरह समूहों में लिवाली जबकि पांच में बिकवाली का दबाव रहा वहीं तेल एवं गैस समूह में स्थिरता रही। इस दौरान सीडीजीएस 0.58, वित्त 1.51, इंडस्ट्रियल्स 0.74, आईटी 1.61, बैंकिंग 1.64, कैपिटल गुड्स 0.98, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.35, रियल्टी 1.34 और टेक समूह के शेयर 1.15 प्रतिशत मजबूत रहे। वहीं, एफएमसीजी समूह ने सबसे अधिक 0.72 प्रतिशत का नुकसान उठाया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई 0.37, जर्मनी का डैक्स 0.06 और जापान का निक्केई 0.65 प्रतिशत गिर गया जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में 2.40 और चीन के शंघाई कंपोजिट में 1.60 प्रतिशत की तेजी रही।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 503 अंक की उछाल लेकर 59,320.45 अंक पर खुला और मजबूत लिवाली की बदौलत थोड़ी देर बाद ही 59,484.99 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बिकवाली होने से दोपहर बाद यह 59,251.14 अंक के निचले स्तर तक फिसल गया। अंत में पिछले दिवस के 58,817.29 अंक के मुकाबले 0.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,332.60 अंक पर रहा।

इसी तरह निफ्टी भी 177 अंक चढ़कर 17,711.65 अंक पर खुला। सत्र के दौरान यह 17,719.30 अंक के उच्चतम जबकि 17,631.95 अंक के निचले स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 17,534.75 अंक की तुलना में 0.71 प्रतिशत मजबूत होकर 17,659 अंक पर पहुंच गया।

इस दौरान मुनाफा कमाने वाली प्रमुख कंपनियों में एक्सिस बैंक 2.75, बजाज फाइनेंस 2.36, एचडीएफसी 2.32, टेक महिंद्रा 2.12, टीसीएस 1.98, एसबीआई 1.95, विप्रो 1.93, एचडीएफसी बैंक 1.42, आईसीआईसीआई बैंक 1.27, इंफोसिस 1.14, एचसीएल टेक 1.00, रिलायंस 0.32 और अल्ट्रासिमको 0.06 प्रतिशत शामिल रही।

वहीं, आईटीसी 1.56, एनटीपीसी 1.38, हिंदुस्तान यूनीलीवर 1.04, भारती एयरटेल 0.76, मारुति 0.69, नेस्ले इंडिया 0.39, पावरग्रिड 0.25, एशियन पेंट 0.22, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.15 और टाटा स्टील ने 0.14 प्रतिशत का नुकसान उठाया।