Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 673 -
होम ब्लॉग पेज 673

पहाड़ों को लीज पर देने के नतीजों से सबक सीखना जरूरी : भरत सिंह

कोटा। राजस्थान में सांगोद से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर ने एक बार फिर से अवैध खनन के मसले पर प्रदेश सरकार के खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर निशाना साधा और कहा कि जिन हालातों में भरतपुर जिले में महंत विजय दान ने आत्मदाह किया, उससे सबक सीखे जाने की आवश्यकता है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

सिंह ने आज प्रदेश की मुख्य सचिव उषा शर्मा को भेजे एक पत्र में कहा कि भरतपुर जिले के जिन पहाड़ों को खनन माफिया के खोद कर नष्ट किए जाने से बचाने के लिए महंत विजयदान ने आत्मदाह किया था, वह खाने अवैध नहीं थी। प्रदेश के खनन विभाग ने ही पत्थरों के लिए खुदाई करके इन पहाड़ों का स्वरूप नष्ट कर देने के लिए उन्हें खनन माफिया को लीज कर दिया हुआ था तो गलती खनन विभाग के स्तर पर हुई है, जिसने पर्वतों को खोद कर नष्ट कर देने के लिए लीज प्रदान कर दी जो सरासर अनुचित है लेकिन संतोष की बात यह कि तीन दिन पहले पांच अगस्त को मुख्य सचिव ने सचिवालय में बैठक करके इस खनन पर रोक लगा दी है जो संतोष की बात है।

उन्होंने आरोप लगाया कि खनन विभाग की मिलीभगत से प्रदेश में अनेक स्थानों पर पहाड़ों को काटकर प्रकृति एव पहाड़ों का सर्वनाश किया जा रहा है। यदि मुख्य सचिव जांच करवाएंगी तो इस तथ्य की पुष्टि हो जाएगी कि पहाड़ों का स्वरूप नष्ट करने के लिए खोदी जा रही इन खदानों में से ज्यादातर को खनन विभाग ने ही विधिवत लीज पर दिया हुआ है। हालांकि वैध लीज की आड़ में पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध खनन भी हो रहा है लेकिन इसके लिए तो दोषी तो खनन विभाग ही है जिससे पहाड़ों को भी खनन के लिए लीज पर दे डाला।

सिंह ने कहा कि खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने अपने निर्वाचन क्षेत्र अंता में अपने भागीदारों को तीन खानें लीज पर दिलवाई है। खनन विभाग के अनुसार यह तीनों खानें वैध हैं लेकिन मैं विजयनाथ की भाषा बोल रहा हूं कि यहां भी जो कुछ भी हो रहा है, वह अवैध है। इस खनन को रोकने के लिए महन्त का दिखाया मार्ग ही सही राह है तो हमें उसी पर चलना चाहिए।

भीलवाड़ा में दो वैन में भिड़ंत, एक युवक की मौत, 7 घायल

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रायपुर-कोशीथल के बीच सोमवार को दो वैन की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई तथा सात अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार कोशीथल निवासी रज्जाक मोहम्मद, पत्नी मेहमुना बानो, बेटे मोइनुद्दीन 17, साले के बेटे जाकिर मोहम्मद 24 के साथ अपनी वैन से रायपुर जा रहा था। वैन में उनके साथ पोटलां के जगदीश चौधरी भी थे। उनकी वैन रायपुर रोड़ पर श्रीकृष्ण गोशाला के सामने पहुंची थी कि अचानक सामने से तेज गति से एक वैन ने गलत दिशा में आकर भिडन्त हो गई।

हादसे में रज्जाक मोहम्मद सहित वैन में सवार सभी पांच लोगों के साथ ही सामने से आई दूसरी वैन में सवार बेमारी निवासी किशन 35 तेली, इसकी पत्नी मंजू एवं दस साल का बेटा सूरज घायल हो गए। सभी घायलों को रायपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जाकिर मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया।

होंडा ने लॉन्च की नई स्पोर्टी CB300F मोटरसाइकिल, कीमत 225900 रुपए

नई दिल्ली। दोपहिया वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी होण्डा मोटरसाइकिल एण्ड स्कूटर इंडिया ने आज नई पावरफुल स्पोर्टी और एग्रेसिव- सीबी 300एफ लॉन्च करने की घोषणा की जिसकी दिल्ली में शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 225900 रुपए है।

कंपनी ने कहा कि परफोर्मेन्स और बेजोड़ व्यक्तित्व के तालमेल के साथ ‘इंटरनेशनल बिग-बाईक’ डिज़ाइन के डीएनए को बनाए रखते हुए अब उपभोक्ता इसकी बुकिंग होण्डा बिगविंग शोरूम पर कर सकते हैं।

कंपनी के प्रबंध निदेशक, अध्यक्ष और सीईओ आत्सुशी ओगाता ने कहा कि भारत में दोपहिया परिवेश में मोटरसाइकिल कैटेगरी में तेज़ी से बदलाव आ रहे हैं। खासतौर पर मिडसाइज़ और इससे उपर वाले सेगमेन्ट के राइडर शानदार परफोर्मेन्स के साथ बहुमुखी और आधुनिक राइड की उम्मीद रखते हैं। गतिशील जीवनशैली की महत्वाकांक्षा के साथ राइडिंग कम्युनिटी बेहतरीन परफोर्मेन्स और बिग बाईक का बेजोड़ अनुभव चाहती है। आज हम होण्डा की फन-मोटरसाइकिल रेंज में नए अध्याय की शुरूआत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राइडिंग का पावरफुल अनुभव प्रदान करते हुए 293 सीसी ऑयल-कूल्ड 4-वॉल्व एसओएचसी इंजन एग्रेसिव और निर्बाध राइडिंग के साथ लम्बी दूरी की टूरिंग का भी शानदार अनुभव देती है। 10 नए पेटेंट ऐप्लीकेशन्स के साथ सीबी 300एफ अपने आधुनिक इनोवेशन्स, डिज़ाइन और टेक्नोलॉजी के साथ भीड़ में सबसे अलग नज़र आती है।

उन्होंने कहा कि नई तीन रंगों मैट एक्सिस ग्रे मैटेलिक, मैट मार्वल ब्लू मैटेलिक और स्पोर्ट्स रैड में दो वेरिएन्ट्स-डीलक्स और डीलक्स प्रो में उपलब्ध है। डीलक्स वेरिएन्ट की दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 2,25,900 रुपए और डीलक्स प्रो की कीमत 2,28,900 रुपए है।

ओगाता ने कहा कि नई सीबी 300 एफ सुनिश्चित करती है कि राइड का हर पहलु नियन्त्रण में रहे। ड्यूल चैनल एबीएस परफोमेन्स के साथ उत्कृष्ट सुरक्षा देते हैं, वहीं असिस्ट और स्लिपर क्लच राइड को आरामदायक बनाते हैं ताकि राइडर को थकान न हो।

गोल्डन यूएसडी फ्रंट फोर्क कुशनिंग के साथ संचालन को आसान बनाते हैं। वहीं फ्रंट (276 एमएम) और रियल (220 एमएम) ब्रेक के साथ बेजोड़ ब्रेकिंग पावर राइडर के हाथों में रहती है। 6-स्पीड ट्रांसमिशन अनुकूल गियर रेशो के साथ राइड को सहज बनाते हैं, जिससे शहर में राइड के दौरान बार-बार गियर बदलने की ज़रूरत नहीं रहती।

इसके अलावा छठा गियर हाईवे पर राइड को रोचक बना देता है। इसका फुल एलईडी हैडलैम्प और विंकर्स बेहतर विज़िबिलिटी देते हैं, वहीं फुली डिजिटल इंस्ट्रुमेन्ट पैनल सुनिश्चित करते हैं कि राइडर को सटीक जानकारी मिले, ताकि वे सड़क पर पैनी नज़र बनाए रख सकें।

शिवसेना सांसद संजय राउत को 22 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजा

मुंबई। मुंबई की एक विशेष अदालत ने सोमवार को मनी लांड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार शिवसेना सांसद संजय राउत को 22 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वकील हितेन वेनेगवकर ने अदालत को बताया कि ईडी को राउत की अतिरिक्त हिरासत की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद राउत अब आर्थर रोड जेल में रहेंगे, जहां राकांपा के दो वरिष्ठ नेता पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख और पूर्व मंत्री नवाब मलिक मनी लॉन्ड्रिंग में संलिप्तता के आरोप में रखे गए हैं। अदालत ने जेल में राउत के लिए घर का खाना और दवा की इजाजत दे दी है।

राउत को प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद पेश किया था। अदालत ने पिछले सप्ताह राउत की ईडी हिरासत आठ अगस्त तक बढ़ा दी थी, जबकि एजेंसी ने मामले में ‘उल्लेखनीय प्रगति’ की है।

ईडी ने दावा किया कि राज्यसभा सदस्य राउत पहले सामने आए 1.06 करोड़ रुपए के अलावा 1.17 करोड़ रुपए की अपराधिक आय का लाभार्थी पाया है। गोरेगांव में पात्रा चॉल के पुनर्विकास में कथित वित्तीय अनियमितताओं के सिलसिले में शिवसेना नेता को एक अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। संजय राउत (60) शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी हैं।

 

बारां में पार्वती नदी की पुलिया पार करते दो युवक बहे

बारां। राजस्थान में बारां जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में पार्वती नदी की पुलिया पार कर रहे दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए जिसमें से एक को ग्रामीणों ने बचा लिया। इस दौरान नदी के किनारों पर मौजूद ग्रामीणों ने एक युवक को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थानाधिकारी उत्तम सिंह जादौन और अटरू थाना सीआई रामविलास गुर्जर टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उधर, सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और बहे युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि आगरा के शमशाबाद निवासी रूपेश राजपूत (22) और उसका भाई राखी बेचने के लिए बाइक से जा रहे थे। इस दौरान बराना -नाहरगढ़ स्टेट हाईवे-72 पर देगनी गांव के पास पार्वती नदी की पुलिया पर डेढ़ फीट पानी बह रहा था।

इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनको मना किया, लेकिन दोनों युवक बेखौफ नदी पार करने लगे। इस दौरान तेज बहाव के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक पानी में बह गए। इस दौरा ग्रामीणों ने एक युवक को बचा लिए लेकिन रूपेश पानी में बह गया।

प्रतापसिंह सिंघवी ने दिया एक माह का वेतन

छबड़ा के विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रतापसिंह सिंघवी ने गौवंश में फैल रही लम्पी स्किन बीमारी के दौरान गायों की सुरक्षा के लिए अपील की है। सिंघवी ने कहा कि गायों को लंपी रोग से बचाने के लिए सरकार को हरसंभव प्रयास बिना किसी देरी के करने चाहिए। सिंघवी ने गौवंश की सुरक्षा के लिए एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया है।

उन्होंने कहा कि गौवंश में फैल रही लम्पी स्किन बीमारी ने राजस्थान में महामारी का रूप ले लिया है। सरकार के पास पर्याप्त संसाधन नही होने की वजह से लगातार हजारों गायें मौत का शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि गौवंश का भारतीय संस्कृति में बहुत सम्मान है। सिंघवी ने अपील की है कि गौवंश को बचाने के लिए प्रदेश के सभी लोगों को आगे आकर मदद करनी चाहिए।

रतलाम में शादी का झांसा देकर 17 साल की लड़की से रेप

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के कालूखेडा थाना क्षेत्र के रसूलपुर मुण्डली नामक गांव में एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रसूलपुर मुण्डली गांव निवासी मंगल ने कुछ दिन पूर्व गांव की ही एक सत्रह वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया था। आरोपी मंगल लड़की को गुजरात के मोरवी ले गया, वहां उसने दुष्कर्म किया।

बाद में लड़की किसी तरह अपने घर लौटी और उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। लड़की के परिजन उसे पुलिस थाने ले गए, जहां लड़की की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मंगल के विरुद्ध दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी मंगल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज न्यायालय में पेश किया गया।

बीसीसीआई ने मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी को भेजा नोटिस

मुंबई। आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी को बीसीसीआई के नैतिक मामलों के अधिकारी विनीत सरन ने उनके ख़िलाफ़ दायर हितों के टकराव की शिकायत का जवाब देने के लिए कहा है।

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सदस्य संजीव गुप्ता ने शिकायत की थी। उन्होंने यह मुद्दा उठाया था कि आईपीएल में मुंबई फ़्रेंचाइज़ी की मालिक अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) की भी निदेशक हैं, जिसकी सहायक कंपनी वायकॉम 18 ने आईपीएल प्रसारण के अधिकार ख़रीदे थे। वायकॉम ने यह अधिकार 23,758 करोड़ में 2023 से 2027 तक की अवधि के लिए ख़रीदा था।

वायकॉम 18 ने जून में बीसीसीआई द्वारा आयोजित नीलामी में ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, यूके और साउथ अफ़्रीका के लिए डिजिटल अधिकार और मीडिया अधिकार (टीवी और डिजिटल दोनों) हासिल किए थे। संजीव के अनुसार आईपीएल में एक टीम के मालिक के रूप में और आईपीएल प्रसारण अधिकार हासिल करने वाली सहायक कंपनी के मालिक के रूप में अंबानी की स्थिति हितों के टकराव का प्रतिनिधित्व करती है।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश सरन ने शिकायत पर लिखित जवाब दाखिल करने के लिए अंबानी को 2 सितंबर तक का समय दिया है। सरन ने अंबानी को अपने नोटिस में लिखा कि आपको सूचित किया जाता है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नैतिकता अधिकारी को बीसीसीआई के नियमों और विनियमों के नियम 39 (बी) के तहत कुछ कृत्यों के बारे में शिकायत मिली है, जो कथित तौर पर ‘हितों के टकराव’ का गठन करते हैं। आपको 2-9-2022 को या उससे पहले संलग्न शिकायत पर अपनी लिखित प्रतिक्रिया दर्ज करने का निर्देश दिया जाता है।

शिकायत दर्ज कराने वाले संजीव का भारतीय क्रिकेट में हितों के टकराव के मुद्दों को उठाने का इतिहास रहा है। अतीत में उन्होंने विराट कोहली, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला सहित अन्य लोगों के ख़िलाफ़ ऐसी शिकायतें दर्ज की हैं।

ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो और डिज़्नी स्टार, वॉल्ट डिज़्नी कंपनी का हिस्सा हैं। डिज़्नी स्टार भी ई-नीलामी का हिस्सा था और उसने 2023 से 2027 तक भारत के लिए आईपीएल टीवी अधिकार हासिल किए हैं।

कोटा में आईजी कार्यालय, सीजेएम आवास में निकले सांप

0

कोटा। राजस्थान के कोटा में आज दो महत्वपूर्ण सरकारी स्थानों पर सांप मिलने की घटना से हड़कंप मच गया। बाद में वन्यजीव प्रेमी स्नेक कैचर ने मौके पर पहुंच गए सांपों को पकड़ा और सुरक्षित ले जाकर जंगल में छोड़ा गया।

सांप मिलने की यह घटनाएं कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास में हुई जिन्हें बाद में सुरक्षित पकड़ लिए जाने के बाद आवास-कार्यालय में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

कोटा के सिविल लाईंस इलाके में स्थित कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय परिसर में सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही पुलिसकर्मी एव स्टाफ के लोग इधर-उधर भागने लगे। आनन-फानन में इस बारे में कोटा नगर निगम के स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को सूचित किया गया जिन्होनें मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद सांप का रेस्क्यू किया। पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्नकुमार खमेसरा ने स्नेक कैचर गोविंद शर्मा द्वारा किए गए सूझबूझ भरे सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

एक अन्य घटना में आज सिविल लाईंस स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आवास पर सांप मिला। आवास पर सांप दिखाई देने के बाद वहां उपस्थित लोगों में हड़कम्प मच गया। यह करीब चार फीट लंबा कोबरा सांप था। सूचना मिलने पर स्नैक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे एवं कोबरा सांप को रेस्क्यू किया।

बताया जाता है कि हरियाली से आच्छादित सिविल लाईंस इलाके में मानसूनी सीजन में बरसात के दौरान सांप जैसे जीव-जंतु अकसर अपने बिलों से बाहर निकल कर इस क्षैत्र में स्थित सरकारी आवासों-कार्यालयों में घुस जाते हैं जिसके कारण ड़र का माहौल उत्पन्न हो जाता है।

गौमाता को बचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता : प्रमोद जैन भाया

जैसलमेर। प्रदेश के खान, पेट्रोलियम एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि गौवंश में आई महामारी के समय गौवंश को बचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

जैन भाया आज यहां आयोजित जिला अधिकारियों, गौशाला प्रतिनिधियों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गौवंश को बचाने के लिए बहुत ही संवेदनशील है एवं उन्होंने इस महामारी में गौवंश को बचाने के लिए हर स्तर पर उपचार के पुख्ता प्रबन्ध किए हैं।

उन्होंने कहा कि गौवंश को बचाने के लिए हमें दवाईयों के साथ प्राचीन पद्धति के उपचार को भी काम में लेना है, जिससे की हम गौवंश को बचा सके, इसके लिए उन्होंने पशुपालकों को जागरूक कर बीमार पशुओं को फिटकरी के पानी, नीम के पतों के पानी से नहलाने एवं गुड का पानी पिलाने की सलाह दें।

उन्होंने जैसलमेर में जिला प्रशासन व पशुपालन विभाग की टीम द्वारा लम्पी स्किन डिजीज में गौवंश को बचाने के लिए किए गए उपचार प्रबन्धन की भी सराहना की एवं निर्देश दिए कि वे टीम भावना से कार्य कर जो भी पशु इस बीमारी से ग्रसित हैं, उसकों बचाने का भरसक प्रयास करें।

तिजारा में अशोक गहलोत को ABVP के कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे

अलवर। राजस्थान में अलवर के तिजारा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होने तिजारा पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए।

गहलोत का हेलीपैड पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं तथा विधायकों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद सड़क मार्ग से तिजारा जैन मंदिर की तरफ जा रहे थे कि रास्ते में अचानक एबीवीपी के कार्यकर्ता आ गए। उन्होंने गहलोत एवं काफिले को काले झंडे दिखाते हुए मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।

अशोक गहलोत को काले झंडे दिखाने की प्रशासन को भनक तक नहीं लगी। बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर रास्ते में आ गए। युवाओं ने गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

केन्द्र सरकार आईआरसीपी परियोजना को शीघ्र लागू करें: गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि 13 जिलों की जल परियोजना की आईआरसीपी एक महत्वकांक्षी परियोजना है। इसे केंद्र सरकार को राष्ट्रीय परियोजना मानते हुए शीघ्र लागू लागू करना चाहिए।

गहलोत ने आज यह बात अलवर जिले के तिजारा में कार्यक्रम में भाग लेने आने के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय जल योजना जिस पर 40 हजार करोड रूपए व्यय होंगे और हमारी कोशिश जाएगी इसे बंद नहीं होने दिया जाएगा। दिल्ली में रविवार को हुई नीति आयोग की बैठक में भी इस पर विस्तृत चर्चा की गई। अनेक मामलों में राजस्थान का पक्ष रखा गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 909 हजार करोड़ स्वीकृत कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना लागू नहीं की गई तो 13 जिलों में पानी का संकट पैदा हो जायेगा। ये योजना समय पर पूरा नहीं हो पाएगी।

भरतपुर जिले में साधु संत द्वारा अवैध खनन को लेकर की गई आत्मदाह एवं सांसद रंजीता कोली पर जानलेवा हमले के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि साधु ने वहां आत्मदाह क्यों किया क्योंकि वहां लीगल माइंस थी अन लीगल खनन नहीं है। धार्मिक स्थल को देखते हुए उसके बावजूद भी हमने साधु-संतों की बात को मानते हुए वहां खनन पर रोक लगाई है।

गहलोत ने किए भगवान चन्द्रप्रभ के दर्शन

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को अलवर जिले के तिजारा कस्बा पहुंचे जहां उन्होंने पूर्व में निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद तिजारा स्थित भगवान चन्द्रप्रभ देहरा मंदिर में भगवान चन्द्रप्रभ के दर्शन किए।

गहलोत के साथ राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली आदि सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे जिनकी देहरा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, महामंत्री अनिल कुमार जैन, पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र जैन कुमार जैन, पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के अध्यक्ष राकेश सहित अनेक पदाधिकारियों ने अगवानी की तथा उन्हें मंदिर में ले जाकर विधी पूर्वक दर्शन कराये। मंदिर में लगभग दस मिनट रूकने के बाद गहलोत सहित अन्य सभी नेता रवाना हो गए।

इस अवसर पर अशोक गहलोत को मंदिर कमेटी की ओर से स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए। मुख्यमंत्री ने इस मंदिर को देखकर इसमें हो रही कलाकारी की सराहना की।