Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 675 -
होम ब्लॉग पेज 675

सीकर : खाटूश्यामजी मेले में भगदड़ में 3 महिलाओं की मौत, 4 गंभीर घायल

सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में खाटूश्यामजी के मासिक मेले में आज सुबह भगदड़ मच जाने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार घटना में हरियाणा के हिसार की शांति देवी, उत्तर प्रदेश में हाथरस की माया देवी तथा राजस्थान के जयपुर में मानसरोवर क्षेत्र के शिप्रापथ निवासी कृपा देवी की मृत्यु हो गई जबकि हरियाणा में करनाल की इंद्रा देवी एवं राजस्थान के अलवर की अनोजी देवी सहित चार श्रद्धालु घायल हो गए।

इनमें एक श्रद्धालु की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर एसएमएस अस्पताल भेजा गया हैं जबकि कुछ घायल श्रद्धालुओं को खाटूश्याम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही उपचार कर दिया गया।

घटना सुबह करीब सवा पांच बजे की है। आज एकादशी पर्व एवं सावन का आखिरी सोमवार होने से खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा थी और सुबह जब मंदिर प्रशासन ने दर्शन के लिए मंदिर का दरवाजा खोला तो भगदड़ मच गई और तीन महिलाएं उसके नीचे दब जाने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद खाटू श्याम मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

श्रद्धालुओं के परिजन एक दूसरे के बारे में जानकारी लेनेे लगे। हालांकि घटना के बाद फिर से व्यवस्था बहाल होने पर मंदिर में दर्शन शुरु कर दिया गया और व्यवस्था के लिए और पुलिसकर्मी तैनात किए गए।

खाटूश्याम मंदिर कमेटी नहीं करती ठीक से व्यवस्था : वीरेन्द्र

सीकर जिले के दांतारामगढ़ से कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र सिंह ने प्रसिद्ध खाटूश्याम श्याम मंदिर कमेटी पर ठीक से व्यवस्था नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मंदिर में वीआईपी दर्शनों के नाम पर मंदिर कमेटी की ओर से मिस मैनेजमेंट होता है।

मंदिर में दर्शनों के लिए मची भगदड़ के दौरान आज सुबह तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत के बाद श्री सिंह ने आज मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्याम मंदिर कमेटी के मैनेजमेंट को लेकर विधानसभा में मामला उठाया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।

उन्होंने कहा कि खाटूश्यामजी थाने में नफरी बढ़ाई जानी चाहिए। जो भी घटना होती है वह मंदिर परिसर में होती है। उन्होंने कहा कि मंदिर के नाम पर करोड़ों-अरबों रुपए का चंदा इकट्ठा होता है, वो रुपए कहां है, किसने पूछा, संबधित एजेंसी छापा क्यों नहीं मारती। सिंह ने कहा कि हम विधानसभा में भी बोलते हैं, लेकिन सुनी नहीं जाती, किसको बोले।

गहलोत ने तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत पर जताया दुख

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर में भगदड़ से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई हैं और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 20-20 हजार रुपए की सहायता के निर्देश दिए।

गहलोत ने कहा कि खाटूश्यामजी के मंदिर में भगदड़ होने से तीन दर्शनार्थी महिलाओं की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से उन्हें यह आघात सहने की शक्ति एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि इस हादसे की संभागीय आयुक्त द्वारा जांच की जाएगी। इस घटना में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 20-20 हजार रुपए सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष (सीएमआरएफ) से देने के निर्देश दिए हैं।

इस हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने भी दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धालुओं के लिए उचित प्रबंधन पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि खाटूश्यामजी मंदिर में भगदड़ मचने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मृत्यु की घटना बहुत दुःखद है। इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। उन्होंने ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति तथा घायलों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कई नेताओं ने भी इस गहरा दुख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

सबगुरु राशिफल : 8 अगस्त सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 09.00 बजे बाद द्वादशी तिथि प्रारंभ।

मेष :- आज आप धार्मिक या मांगलिक प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इज़हार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आपमें कमियाँ निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

वृषभ :- अपनी दीर्घकालीन योजनाओं के साथ आगे बढ़ो, जैसा कि पहलुओं का दृढ़ संकल्प और संरचना का पक्ष है नई चीजों की कोशिश करने से डरो मत, खासकर जब आप अपने पसंदीदा लोगों के साथ हों। कार्यक्षेत्र में कोई आपसे दुर्व्यवहार कर सकता है। इसलिए तैयार रहें और प्रतिक्रिया न करें। आपकी लगन और मेहनत पर लोग गौर करेंगे और आज इसके चलते आपको कुछ वित्तीय लाभ मिल सकता है। आपकी ऊर्जा का स्तर ऊंचा रहेगा क्योंकि आपका प्रिय आपने लिए बहुत सारी खुशी की वजह साबित होगा। अपने उद्देश्यों की ओर शान्ति से बढ़ते रहें और सफलता मिलने से पहले अपने पत्ते न खोलें।

मिथुन :- आज मन चिंतामुक्त रह सकता है। कार्यों में विघ्न आने से कार्यपूर्ति में विलंब हो सकता है। सहकर्मियों का सहयोग प्राप्त करने में असफल रह सकते है। दांपत्य जीवन में तकरार का वातावरण रह सकता है अतः जीवनसाथी से सम्मानजनक तरीके से आचरण रखें। शाम के समय सफलता मिल सकती है। आपके हंसने-हंसाने का अंदाज आपकी सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा। आपको अपने जीवनसाथी से जुड़ी कोई ऐसी बात पता चल सकती है, जिसे आप कभी नहीं जानना चाहते थे। कार्यक्षेत्र में हिम्मत न हारें। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुँचा सकते हैं। आपके खर्चे बजट को बिगाड़ सकते हैं।

कर्क :- आज आपके व्यापार-धंधे में खूब सफलता मिलेगी। कानूनन न फंसे, इसका ध्यान जरूर रखें। अगर आप कई दिनों से कामकाज में दिक्कत महसूस कर रहे हैं, तो आज के दिन आपको राहत महसूस हो सकती है। सुनी-सुनाई बातों पर आंखें मूंदकर यकीन न करें और उनकी सच्चाई को भली-भांति परख लें। किसी के साथ पैसों की लेन-देन को लेकर सफल रहेंगे। देश-विदेश में व्यवसाय करने वालों को फायदा होगा। सब कुछ दोबारा जांचें और दूसरी राय प्राप्त करें, यह गलत समय और भ्रम की स्थिति के रूप में कुछ भी नया शुरू करने का एक अच्छा समय नहीं है, लेकिन पुराने मुद्दों को खत्म करने के लिए यह अच्छी अवधि है।

सिंह :- नौकरी पेशा के लोगों लिए समय अनुकूल दिखाई दे रहा है। आज के दिन आप अत्यधिक संवेदनशील रह सकते हैं। कार्यक्षेत्र की बात की जाए तो आज का दिन कार्यक्षेत्र को लेकर आपके लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगा। आर्थिक लाभ की प्राप्ति होगी। किसी की वाणी तथा बर्ताव की वजह से आपके मन को चोट लग सकती है तथा माता के स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आज आप बौद्धिक शक्ति से लेखनकार्य और सृजन कार्य अच्छी तरह से पूरे कर सकेंगे। आपका विचार किसी एक बात पर स्थिर नहीं रहेगा तथा उसमें लगातार परिवर्तन होता रहेगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है। यात्रा-प्रवास हो सके तो न करें।

कन्या :- आज स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही सेहत बिगाड़ सकती है। नकारात्मक विचारों को अपने पर प्रभावी न होने दें। आकस्मिक व्यय होने के संकेत हैं। मध्याह्न के बाद परिस्थिति में कुछ सुधार आ सकता है। स्वभाव में उग्रता रह सकती है। आज के दिन आपको मकान, वाहन, वगैरह के दस्तावेजों को अत्यंत संभालकर रखना होगा। परिवार का माहौल बिगड़े नहीं, इसके लिए वाद-विवाद टालें। माता का स्वास्थ्य बिगड़ेगा। धन-प्रतिष्ठा की हानि होगी। स्वास्थ्य को लेकर ज्यादा चिंता न करें, क्योंकि इससे आपकी बीमारी और बिगड़ सकती है। व्यापार धंधे के लिए भावी योजना सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

तुला :- आज के दिन आप चिंता के बोझ से मुक्ति पा लेंगे बहुत अधिक रह सकती है। कला के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगा। आज के दिन आप परिजनों की तरफ से विशेष ध्यान देने की कोशिश करेंगे। इस समय आपके आर्थिक आयोजन भी पूरे होंगे आपकी इच्छा शक्ति को प्रोत्साहन मिलेगा, क्योंकि आप बहुत पेचीदा हालात से निकलने में कामयाब रहेंगे। भावुक फैसला लेते वक़्त अपनी तार्किकता न छोड़ें। अनुमान नुकसानदेह साबित हो सकता है, इसलिए हर तरह का निवेश करते वक़्त पूरी सावधानी बरतें। आज आपके प्रिय की मनोदशा ज्वार-भाटे की तरह उतार-चढ़ाव भरी होगी।

वृश्चिक :- शारीरिक-मानसिक सुख बने रहेंगे। मित्रों और स्वजनों के साथ आज का दिन खूब आनंद और उल्लास से व्यतीत करेंगे। आज मन खुश और शांत रहेगा। जीवनसाथी के प्रति विशेष आकर्षण अनुभव करेंगे, जिससे मधुरता रहेगी। आर्थिक लाभ के योग हैं। आज के दिन किसी से छेड़छाड़ या किसी से झगड़ा, वाद-विवाद करने से बचे, इससे भविष्य में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अपने अतिरिक्त खर्चों पर रोक लगाए नहीं तो आपको भविष्य में बहुत सारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

धनु :- आपको आज के दिन विशेष रुप से हर प्रकार के कार्य में सफलता प्राप्त होगी लेकिन थोड़ा विलंब भी हो सकता है। धैर्य से काम करें आप अपने तमाम कार्य को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे आर्थिक आयोजनों में अवरोध दूर होगा। किया गया हर कार्य सफलतापूर्वक पूरा होगा। घर परिवार और निजी जिंदगी से जुड़े कुछ खास काम आज आपके हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सफलता के योग है। कफ्यूजन दूर करने के लिए दिमाग में नया तरीका आ सकता है। विद्यार्थी के लिए आज का दिन अति उत्तम रहेगा। आज यात्रा टालनी होगी।

मकर :- आज साधारण सी बात दांपत्य जीवन में कलह का कारण बन सकती है। सांसारिक विषयों पर अपने व्यवहार को उदासीन बनाए रखें। वाद-विवाद से बचें। अदालती कार्यवाही के संकेत है। सामाजिक दृष्टि से अपमानित हो सकते हैं। चिंता के भार से स्वास्थ्य को हानि पहुंचेगी। उग्र दलीलों या वाद-विवाद से किसी के साथ संघर्ष हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के कार्य में सावधानीपूर्वक कदम उठाएं। भावनाओं के प्रवाह में बहकर आप कोई अविचारी कार्य न कर बैठें, इसका ध्यान रखें। वाणी और व्यवहार में संयम तथा विवेक बनाए रखने की सलाह है।

कुंभ :- आज आउटडोर गतिविधियां काफी थकावटी और तनाव देने वाली साबित होंगी। उधार मांगने वाले लोगों को नजरअंदाज करें। अपनी बातों पर काबू रखें, क्योंकि इसके चलते बड़े बुजुर्ग आहत महसूस कर सकते हैं। बेकार की बातें करके समय बर्बाद करने से बेहतर है कि आप शांत रहें। आज आप अपने आसपास के लोगों के इरादे आसानी से समझ सकते हैं। कोई करीबी व्यक्ति आज आपको बात-बात में खास जानकारी दे सकते हैं। हर चुनौती को अलग करते हुए लगे रहने का समय है। अपने कामकाजी जीवन में अपने संपर्कों का फायदा उठाने में सफल हो सकते हैं। कफ्यूजन की स्थिति कार्यक्षेत्र में निर्मित हो सकती है।

मीन :- आज पूरी तरह किसी काम के परिणाम आपके अनुसार मिल सकते हैं। आज वही होगा जो आप चाहेंगे। आर्थिक मामलों में मजबूती मिलेगी। आज आप खुद में बदलाव महसूस करेंगे। नौकरी की दिशा में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। नए अवसर पर खुले मन से विचार करना होगा। खुद को किसी भी गलत और गैर जरूरी चीज से दूर रखें, क्योंकि आप उसकी वजह से मुश्किल में फँस सकते हैं। अगर आप किसी विवाद में उलझ जाएँ तो तल्ख़ टिप्पणी करने से बचिए। आपका जीवन-साथी थोड़ा अजीब व्यवहार कर सकता है। लेकिन सब्र का बांध न टूटने दें। स्त्री वर्ग अपनी वाणी पर काबू रखें।

बीकानेर के डूंगरगढ़ में दो कारों की टक्कर में 4 लोगों की मौत

0

बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ क्षेत्र में दो कारों के आमने सामने टकरा जाने से आज एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार राजस्थान बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा जयपुर से बीकानेर आ रहे थे कि उनकी कार और बीकानेर से सीकर जा रही एक अन्य कार आमने सामने टकरा गई।

हादसे में शर्मा के चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रुप से घायल शर्मा, उनकी पत्नी शालिनी, दूसरी कार में सवार जयपुर की सुलोचना एवं उनके चालक झुंझुनूं निवासी विनोद को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक शर्मा, सुलोचना एवं विनोद ने दम तोड़ दिया।

ERCP को घोषित किया जाए राष्ट्रीय परियोजना : अशोक गहलोत

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र सरकार से पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने सहित विभिन्न केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं में केन्द्र की आर्थिक सहायता बढ़ाने की मांग की है।

गहलोत ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की सातवीं बैठक में यह मांग की। गहलोत ने राजस्थान से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से राज्य का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी 37 हजार करोड़ रूपए की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिससे पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में लगभग दो लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान तिलहन उत्पादन का मुख्य क्षेत्र है। इसके साथ ही राष्ट्रीय परियोजना घोषित होने से इन जिलों में पेयजल की समस्या का भी समाधान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस परियोजना के संबंध में पूर्व में सकारात्मक रूख अपनाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के आर्थिक सहभागिता पैटर्न में किए गए बदलावों से राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ रहा है। उन्होंने केन्द्र से जीएसटी क्षतिपूर्ति की अवधि पांच वर्ष बढ़ाकर जून 2027 करने और राजस्थान को 2017-18 से जीएसटी की बकाया मुआवजा राशि लगभग 3,780 करोड़ रूपए एकमुश्त जारी करने की मांग की है।

गहलोत ने कहा कि राजस्थान आम लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के क्षेत्र में मॉडल राज्य बन चुका है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना के अन्तर्गत सभी सरकारी अस्पतालों में पूरा इलाज निःशुल्क मिल रहा है और सभी जांचे भी पूर्णतः निःशुल्क की जा रही हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना अगला कदम है। जिसके तहत राज्य के 88 प्रतिशत परिवारों को बीमा कवर दिया गया है। इस क्षेत्र में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि चिरंजीवी योजना के तहत एक करोड़ 34 लाख परिवारों को सरकारी और निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार मिल रहा है। अब तक 18 लाख मरीजों के उपचार पर 2,202 करोड़ रूपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है। इस योजना के अन्तर्गत लीवर, हार्ट और किडनी ट्रान्सप्लान्ट तक की सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने इस योजना की तर्ज पर केन्द्र सरकार से आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे को बढ़ाने की भी मांग की है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रधानमंत्री का ध्यान किसानों की आय दुगुनी करने के उनके लक्ष्य की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि नेशनल सैम्पल सर्वे आर्गेनाइजेशन (एनएसएसओ) द्वारा वर्ष 2018-19 में किसान परिवारों की मासिक आय लगभग 10,218 रूपए आंकी गई थी। अब मंहगाई की दर को ध्यान में रखते हुए यह आय लगभग 21,600 रूपए प्रतिमाह होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार को अत्यन्त ठोस कदम उठाने होंगे। मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए मनरेगा योजना, ग्रामीण विकास और कृषि के बजट में पर्याप्त बढ़ोतरी करने तथा ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत कृषक परिवारों को दी जाने वाली राशि बढ़कार दो हजार रूपए प्रतिमाह करने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार प्रत्येक कृषक परिवार को विद्युत सब्सिडी के रूप में एक हजार रूपए प्रतिमाह का लाभ दे रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने वर्ष 2022-23 से अलग कृषि बजट लागू किया है और किसानों की सुविधा के लिए समग्र कृषि पोर्टल विकसित किया है।

उन्होंने कहा कि कृषि संबंधित सभी योजनाओं पर केन्द्र सरकार को अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 75 प्रतिशत करनी चाहिये। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा बाजार हस्तक्षेप योजना में संशोधन में मांग करते हुए सहनीय हानि सीमा 25 प्रतिशत से अधिक होने पर उसका भार राज्य सरकार पर डालने के प्रावधान को समाप्त करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही अभूतपूर्व प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि देश में सबसे ज्यादा 89 विश्वविद्यालय राजस्थान में हैं, जिनमें से तीन महिला विश्वविद्यालय हैं। राजस्थान राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के नए केन्द्र के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान स्कूलों के परफॉर्मेन्स ग्रेडिंग इन्डेक्स में पहले स्थान पर है।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों मे 93 कन्या विश्वविद्यालय खोले जा चुके हैं। गहलोत ने बताया कि राज्य में 1494 महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जा चुके हैं। जिनमें 2.50 लाख से ज्यादा बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। गहलोत ने बताया कि राज्य सरकार आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और यूनिफॉर्म उपलब्ध करवा रही है।

गहलोत ने राजस्थान में मिड-डे मील के साथ बच्चों को सप्ताह में दो दिन दूध देने की बाल गोपाल योजना को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने के साथ ही आरटीई के तहत कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों को भी शामिल करने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने राज्य के अनुसूचित क्षेत्रों में खोले गये कॉलेजों को उत्तर- पूर्वी राज्यों की तरह विशेष अनुदान देने तथा राजस्थान में ग्लोबल यूनिवर्सिटी खोलने की मांग रखी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग द्वारा राजस्थान में डिजिटल यूनिवर्सिटी के लिए 400 करोड़ की केंद्रीय सहायता देने की सिफारिश को लागू करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा की जोधपुर में खुलने वाली इस डिजिटल फिनटैक यूनिवर्सिटी बनाने के लिए राज्य सरकार भी 200 करोड़ रुपए खर्च करने के लिए तैयार है।

कोटा : कन्हैया लाल की तरह हत्या की धमकी, तीन युवक अरेस्ट

कोटा। राजस्थान में कोटा के एक व्यापारी को उदयपुर के कन्हैया लाल की तर्ज पर मार डालने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आज तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधीक्षक (शहर) केसर सिंह शेखावत ने बताया कि बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंग नगर के अटवाल नगर निवासी सुरेश चावला (55) ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी कि उसे अंतरराष्ट्रीय नम्बर ये कॉल कर गत 14 जुलाई और छह अगस्त को धमकी दी गई कि उसकी भी उदयपुर के कन्हैया लाल की तरह हत्या कर दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय नंबर से दो बार आए इस फोन के बाद फरियादी सुरेश चावला घबरा गया और उसने इस बारे में पुलिस थाने में लिखित में शिकायत दर्ज करवाई।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 223, 505 (2) और आईटी एक्ट की धारा 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से इस मामले में कोटा की विज्ञान नगर निवासी दीपक सोनेजा (21) एवं उसके साथियों के शामिल होने की सूचना मिली।

पुलिस ने गुप्त तरीके से उनके बारे में व्यापक पैमाने पर जांच-पड़ताल करने के बाद यह पुख्ता पता कर लिया कि दीपक सोनेजा और उसके दो साथी प्रशान्त कुकरेजा (18) और हितेश मखीजा (29) इस मामले में शामिल है। इसके बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए तीनों आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया।

शेखावत ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि यह केवल मजे लेने के लिए व्यापारी को धमका कर उसके मन में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस से पूछताछ करने यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने कहीं रुपए ऐंठने की नीयत से तो व्यापारी को नहीं धमकाया है।

अजमेर : भाजपा की ओर से 14 अगस्त को निकाला जाएगा मौन जुलूस

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में शहर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस को मौन जुलूस निकाला जाएगा।

यह मौन जुलूस अजमेर में नया बाजार स्थित राजकीय संग्रहालय से प्रारंभ होकर गांधी भवन चौराहे तक जाएगा और मौन जुलूस में शामिल होने वाले लोग राष्ट्र ध्वज तिरंगे को थामे रहेंगे।

अजमेर भाजपा शहर अध्यक्ष प्रियशील हाडा की अनुशंसा पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता ने उक्त मौन जुलूस के लिए प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कंवलप्रकाश किशनानी को संयोजक बनाया है। किशनानी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के समय नफरत और हिंसा की वजह से विभाजन के समय यातनाएं झेलनी पड़ी और प्राणों की आहुति भी देनी पड़ी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर जब उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे के दर्द को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उस दौरान के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस मनाने का फैसला लिया गया।

विफल हुआ एसएसएलवी मिशन, गलत कक्षा में स्थापित हुए उपग्रह : सोमनाथ

श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ ने रविवार को कहा कि देश के अगली पीढ़ी के पहले छोटे उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी-डी 1) का मिशन विफल हो गया।

डॉ़ साेमनाथ ने बताया कि इस प्रक्षेपण यान की मदद से प्रक्षेपित किए गए दोनों उपग्रह ईओएस-02 तथा आजादीसैट गलत कक्षाओं में स्थापित होकर नीचे गिर गए और अब ये किसी काम के नहीं रह गए।

एसएसएलवी-डी1 शानदार ढंग से उड़ान भरने और सभी तीन चरणों में सामान्य प्रदर्शन के बाद उपग्रहों को सही कक्षाओं में स्थापित नहीं कर पाया और अब ये उपग्रह किसी काम के नहीं रह गए हैं। इस अभियान की विफलता की वजह का पता कर लिया गया है। अब इसके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि उपग्रहों को अंडाकार कक्षा की जगह पृथ्वी की सतह के निकट वृत्ताकार कक्षा में स्थापित कर दिया है। जब उपग्रहों को ऐसी कक्षा में स्थापित किया जाएगा, तो वे वहां लंबे समय तक नहीं रहेंगे और नीचे आ जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में विशेषज्ञों का एक समूह इसकी विफलता की वजहों का पता लगाएगा। मामूली सुधार करने के बाद इसरो जल्द ही एसएसएलवी-डी2 लॉन्च करेगा।

मध्यप्रदेश में 35 निकायों में हुए निर्वाचन में 32 पर भाजपा की विजय

भोपाल। मध्यप्रदेश में रविवार को 35 निकायों में संपन्न हुई निर्वाचन प्रक्रिया में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। 35 निकायों में से 32 स्थानों पर भाजपा पार्षद अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वहीं कांग्रेस सिर्फ 3 निकायों पर सिमट कर रह गई।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में जीत के बाद हो रहे अध्यक्षों के निर्वाचन में भी भाजपा का शानदार विजय अभियान जारी है, तो कांग्रेस प्रदेश के ज्यादातर निकायों से समाप्ति की ओर है। सिंह ने कहा कि भाजपा पर लोगों का जो अटूट विश्वास बना हुआ है उसका वे हृदय से आभारी हैं। निकाय चुनाव में शानदार सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जनकल्याणकारी योजनाओं को जाता है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की अनेक योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है।

सिंह ने कहा कि आज देश में करोड़ों गरीब परिवारों के पक्के मकान हो गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला। पथ विक्रेताओं के लिए बिना ब्याज का लोन दिया गया है। ऐसी कई योजनाओँ का लाभ गरीब परिवारों को मिला, जिसका सीधा असर चुनाव परिणाम में भी दिख रहा है।

कांग्रेस ने गरीबों के लिए कभी कुछ नहीं किया, उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझा। भाजपा सेवा के लिए राजनीति करती है और कांग्रेस सत्ता सुख के लिए राजनीति करती है, उसी का परिणाम है कि आज कांग्रेस समाप्ति की ओर है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा कि अब तक 107 निकायों में हुए निर्वाचन में 98 स्थानों पर भाजपा के अध्यक्ष चुने गए हैं। 7 अगस्त को 35 में से 32, 6 अगस्त को 37 में से 36, 5 अगस्त को 21 में से 18, 4 अगस्त को 8 में से 6, 3 अगस्त को 5 में से 5 और एक अगस्त को एक में से एक स्थानों पर भाजपा को विजय मिली है।

इजरायल पर गाजा पट्टी से दागी गईं लगभग 600 मिसाइलें

तेल अवीव। इजरायल पर गाजा पट्टी की ओर से एक सप्ताह में लगभग 600 मिसाइलें दागी जा चुकी है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने कहा कि इस सप्ताह की शुरूआत में संघर्ष बढ़ने के बाद से अबतक इजराइल पर गाजा पट्टी की ओर से लगभग 600 मिसाइलें दागी जा चुकी है।

एक ब्रीफिंग में प्रवक्ता ने कहा कि 580 मिसाइलें पहले ही दागी जा चुकी हैं। शायद ये संख्या और ज्यादा हो सकती है। इनमें से 450 मिसाइलों ने इजराइली क्षेत्र में प्रवेश किया है जबकि 20 प्रतिशत असफल रही हैं। इज़रायल की आयरन डोम एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा इंटरसेप्ट की गई मिसाइलों की हिस्सेदारी लगभग 97 प्रतिशत है।

आईडीएफ द्वारा शुक्रवार को गाजा पट्टी में इस्लामिक जिहादी अभियान के खिलाफ ब्रेकिंग डॉन अभियान चलाया गया और मिसाइलों से हमला किया गया। इस हवाई हमलों के बाद, ज़ियाद नखलाह, फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के नेता, ने तेल अवीव पर मिसाइल द्वारा जवाबी कार्रवाई की धमकी दी।

इज़राइल ने आपातकाल की घोषणा की और तब से मिसाइल हमले रोके गए लेकिन गाजा पट्टी पर हमले जारी रहे। शुक्रवार दोपहर से, गाजा की सीमा से सटे हुए इजराइली क्षेत्रों और देश के कुछ प्रमुख शहरों में हवाई हमलों के सायरन सुनाई दे रहे हैं।

पाकिस्तान में सड़क हादसा, 11 की मौत, 24 घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में दो अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गयी है तथा 24 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

स्थानीय मीडिया ने रविवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि पाकिस्तान के पूर्वी प्रांत पंजाब के हफीजाबाद जिला में एक बस पलटकर खाई में गिर गयी, जिसके कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गयी तथा 20 अन्य घायल हो गए।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक यह हादसा जलालपुर भट्टियान शहर में तेज रफ्तार की वजह से हुआ। राहत एवं बचाव दल ने क्रेन के सहारे बस के पानी से बाहर निकाला।

वहीं एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए। प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के नीलम घाटी जिला में एक कार से टक्कर लगने के बाद तीन जीप पलट गई, जिसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए। चारों वाहनों में सवार लोग पर्यटक थे।