Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 676 -
होम ब्लॉग पेज 676

राजस्थान में रविवार को भी कोरोना केे 600 नए मामले सामने आए

जयपुर। राजस्थान में रविवार को भी कोरोना के छह सौ नए मामले सामने आये जबकि एक मरीज की मौत हो गई वहीं नए मामलों से इसके सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 3400 को पार पहुंच गई।

चिकित्सा विभाग के अनुसार हालांकि राज्य में पिछले चौबीस घंटों में नए मामलों में कोई कमी एवं वृद्धि दर्ज नहीं की गई लेकिन झालावाड़ जिले में इसके एक मरीज की और मृत्यु हो गई, जिससे झालावाड़ में इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 209 हो गई वहीं प्रदेश में अब तक कोरोना मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9590 पहुंच गया।

नए मामलों में सर्वाधिक 176 जयपुर में सामने आए जबकि अलवर में 109, उदयपुर एवं नागौर में 38-38, जोधपुर में 37, चित्तौड़गढ़ में 34, अजमेर में 31, भरतपुर एवं दौसा में 25-25, धौलपुर मे 16, कोटा में 13, डूंगरपुर में 11, भीलवाड़ा में 10, जैसलमेर एवं सिरोही में सात-सात, झालावाड़ में पांच, सीकर एवं बीकानेर में चार-चार, बारां में तीन, जालौर में दो तथा बांसवाड़ा, बाड़मेर, एवं हनुमानगढ़ में एक-एक नया मामला सामने आया।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 12 लाख 97 हजार 262 हो गई। प्रदेश में 177 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 84 हजार 234 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ दो लाख 35 हजार 861 नमूने लिए गए हैं।

नए मामलों के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 3438 हो गई। इनमें सर्वाधिक 1173 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि उदयपुर में 287, अलवर में 278, जोधपुर में 236, अजमेर में 192, दौसा में 163, राजसमंद में 115, सिरोही में 104 एवं चित्तौडगढ़ में 102 तथा अन्य कई जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं जबकि करौली एवं झुंझुनूं दो ही जिले ऐसे हैं जहां कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।

मध्यप्रदेश में बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत, 3 अन्य झुलसे

भोपाल। मध्यप्रदेश के सतना, विदिशा और गुना जिलों में पिछले चौबीस घंटों के दौरान बिजली गिरने की अलग अलग घटनाओं में नौ लोगों की मृत्यु हो गई और तीन अन्य झुलस गए हैं।

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सतना में दो अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की घटना में चार लोगों की मौत हो गई। पहली घटना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के पौंड़ी पतौरा गांव में हुई, जहां बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े तीन लोगों की बिजली गिरने के कारण मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के मनिहार गांव की है, जहां खेत पर काम के दौरान बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। प्रशासन ने सभी चारों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृति की है।

इसी प्रकार विदिशा जिले की बासौदा तहसील की ग्राम पंचायत ग्रहणी के ग्राम आगासोद में बिजली गिरने से चार लोगों की मृत्यु हो जाने की सूचना प्राप्त हुई है। जिला कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतकों के निकटतम परिजनों को आरबीसी के प्रावधानों के तहत चार-चार लाख रूपए की राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।

बासौदा एसडीएम रोशन राय ने बताया कि बिजली गिरने से ग्राम आगासौद में जिन चार व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, उनमें गुड्डा आदिवासी, रामू आदिवासी, प्रभूलाल अहिरवार तथा ग्रहणी के गोलू बरेठा शामिल हैं।

इसके अलावा गुना जिले में बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई और तीन अन्य महिलाएं झुलस गई हैं। घायलों को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले के बमौरी ब्लॉक के भौंरा गांव में लगभग एक दर्जन महिलाएं गांव में ही सोयाबीन की निदाई करने गई थीं। वहां बिजली गिरने की घटना में वह हादसे का शिकार हो गईं।

राजगढ़ : भैरव धाम पर सावन के रविवार कोे उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


अजमेर।
भैरव धाम राजगढ़ पर सावन मास के रविवार को श्रद्धालुओं की बढ़ती हुई भीड़ को देखते हुए मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने सुबह जल्दी ही बाबा भैरव, मां कालिका एवं मनोकामनापूर्ण स्थम्भ की पूजा अर्चना की तथा प्रदेशभर से आए सभी श्रद्धालुओं को मन्दिर परिसर में प्रवेश दिया गया। भैरव धाम पर सुबह से ही मेले जेसा माहौल रहा।

धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि सावन मास के चलते कावड़ियों ने भी धाम पर पहुंच कर बाबा भैरव, मां कालिका के दर्शन कर मनोकामनापूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा की।

चम्पालाल महाराज ने आए हुए श्रद्धालुओं से कहा कि वर्तमान में गौवंश लिंपी रोग के कहर से पीड़ित होकर दम तोड़ रहा है। हम सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को आगे आकर गौवंश का उपचार करवा कर उनकी सेवा करनी चाहिए। गायों को जितना जल्दी हो सके चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिए अग्रसर रहना चाहिए और हम सभी को गौशालाओं विशेषकर पशुपालकों की जितनी सहायता कर सकें करनी चाहिए।

महाराज ने कहा कि भगवान तो देता है लेता कुछ भी नहीं, भगवान से बड़ा कोई नहीं होता। भैरव धाम राजगढ़ की अन्यत्र कोई कोई शाखा नहीं है। महाराज ने आए हुए श्रद्धालुओं को रक्तदान करने के लिए भी प्रेरित किया और कहा कि आज हर इंसान धन को दान करने की होड़ में लगा रहता है।

रविवार को आए हुए देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं नेे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व कन्या भूण हत्या रोकने का महाराज की प्रेरणा से संकल्प लेते हुए ‘कन्या भ्रूण हत्या महापाप है, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ जैसे कई नारों से पूरे राजगढ़ गाँव को गुंजायमान कर दिया।

राजगढ़ धाम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां किसी भी प्रकार का दान, चन्दा, चढावा, पूजा सामग्री, गुप्तदान स्वीकार नहीं किया जाता। धाम पर प्रदेशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने नशामुक्ती का संकल्प लिया जिसमें बीड़़ी, सिगरेट, गुटका, शराब, चोरी, अपराध आदि को बाबा के चरणों में छोडा। श्रद्धालुओं ने ज्योति के दर्शन किए व मत्था टेककर एवं मनोकामना पूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा लगाकर सुख समृद्धि की कामना की।

सिरोही के एक और प्रभारी मंत्री की काम से पहले माउंट आबू तफरीह

माउंट आबू के मिनिस्टर कॉटेज पहुंचे प्रभारी मंत्री महेंद्र चौधरी।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जिले को एक और प्रभारी मंत्री ऐसे मिल गए हैं जो मुख्यमंत्री द्वारा सौंपे गए काम से पहले माउंट आबू में तफरीह को ज्यादा तरजीह देते दिख रहे हैं। जिले के ये दूसरे प्रभारी मंत्री हैं जो ऐसा करते दिख रहे हैं।

हिमाचल हाईकोर्ट ने कर्मचारी चयन आयोग पर 10 लाख रुपए का लगाया जुर्माना

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने एक उम्मीदवार के प्रति दोहरा एवं टकरावपूर्ण रवैये अपनाने कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह पहला मौका है, उच्च न्यायालय द्वारा किसी सरकारी संस्थान पर जुर्माने के रूप में इतनी बड़ी रकम तय की गई है।

न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल ने हाल ही में जारी अपने फैसले में आयोग को 22 अगस्त तक अदालत में जुर्माना भरने का आदेश दिया। उन्होंने हालांकि अभी यह तय नहीं किया गया कि जुर्माने की राशि किसे दी जाएगी।

न्यायाधीश ने कहा कि आयोग ने कुलविंदर सिंह नाम के याचिकाकर्ता के साथ-साथ अदालत के प्रति भी टकरावपूर्ण रवैया अपनाया है। यह दुखदायी है। उन्होंने कहा कि याचिकर्ता समाज के कमजोर वर्गों से हैं और सरकारी नौकरी पाना उनका सपना है। उनके सपनों को एक कठोर रवैये से कुचल दिया जाता है, तो केवल भगवान ही भर्ती एजेंसियों को बचा सकते हैं।

बाघसुरी के प्राचीन शिव मंदिर में सहस्त्रधारा, हर तरफ ओम् नमः शिवाय की गूंज

नसीराबाद। समीपवर्ती बाघसुरी गांव में राजदरबार के बाग स्थित रियासतकालीन प्राचीन शिवमंदिर में रविवार को सहस्त्रधारा का आयोजन किया गया।

समाजसेवी महावीर सोनी के सान्निध्य में हुए शिवलिंग जलाभिषेक कार्यक्रम में बडी संख्या में शिवभक्तों ने शिरकत की। सुबह 11 बजे शाम 4 बजे तक मुख्य पंडित ललित किशोर शर्मा के साथ कमलेश कुमार शर्मा व नानू राम शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण कर शिवलिंग पर जलाभिषेक कराया। शिवालय में ओम् नमः शिवाय के जयकारों से गूंज सुनाई पडती रही।

इस मौके पर महादेव मंदिर को फूलों से सजाया गया तथा व शिवलिंग का श्रृंगार किया गया। शाम को महाआरती के पश्चात प्रसादी का आयोजन ​हुआ। सहस्त्रधारा के दौरान अधिराज सिंह राठौड (भंवर बना), सुरेन्द्र पोखरणा, रमेश चौधरी, एडवोकेट गोरधनलाल गुर्जर, नेमीचंद सोनी, प्रीतम रोल्या, कौशल कुमार सेन, कल्याणमल सेन, कैलाश शर्मा, राजू चौपडा, स्वरूपचंद सोनी, अर्जुन खारोल, तन्नू पाराशर, सत्यनारायण शर्मा, बबलू सेन, सुरेन्द्र पोखरणा, अर्जुन सिंह धाभाई समेत बडी संख्या में धर्मप्रेमी शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।

सोमवार को बाबा रामदेव मंदिर जलाभिषेक

बाघसूरी गांव के नसीराबाद- भवानीखेड़ा चौराहा स्थित नवनिर्मित बाबा रामदेव मंदिर स्थित शिवालय पर सोमवार को सहस्त्रजलधारा होगी। समाजसेवी रामकरण गुर्जर ने बताया कि रविवार को शेखर गुर्जर के सान्निध्य में पुष्कर सरोवर से पवित्र जल लेने गए 21 कांवड़ियों की ओर से शिवलिंग पर सोमवार को जलाभिषेक किया जाएगा। शाम को आरती के पश्चात शिवभक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को भी अच्छी बरसात

जयपुर। राजस्थान में मानसून की अच्छी बरसात का दौर जारी है और राजधानी जयपुर में रविवार को भी बरसात हुई। पिछले तीन-चार दिन से जयपुर में रोज वर्षा हो रही हैं।

जयपुर में दोपहर में सिविल लाइंस, चौमू हाउस, सी स्कीम सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। इसी तरह प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मानसून की अच्छी बरसात का दौर जारी हैं और इस बार एक भी जिले में बारिश की कमी नहीं हैं। जयपुर जिले में अब तक 404़.65 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी हैं जो सामान्य से 27़.7 प्रतिशत अधिक हैं।

जल संसाधन विभाग के अनुसार इस कारण राज्य में अब तक 389़.04 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है जो सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक हैं। इस दौरान पिछले वर्ष 348़.02 मिलीमीटर बरसात हुई थी।

राज्य में अब तक बीकानेर, चूरु, गंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोघपुर एवं नागौर में असामान्य वर्षा हो चुकी है जबकि बारह जिलों अजमेर, बाड़मेर, बूंदी, दौसा, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, कोटा, राजसमंद, सीकर, टोंक एवं उदयपुर सामान्य से अधिक एवं चौदह जिलों में सामान्य वर्षा हुई हैं।

जयपुर सहित कई जिलों को पेयजल आपूर्ति करने वाले टोंक के बिसलपुर बांध का जल स्तर भी 380़.89 एमक्यूएम पहुंच गया जो भराव क्षमता का 34़.76 प्रतिशत हैं। राज्य में अगले दो दिनों में अजमेर, बारां, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, उदयपुर, पाली आदि जिलों में भारी बरसात की संभावना जताई गई है।

रामायण सर्किट रेल यात्रा का उठाएं आनंद, किस्तों में दें किराया

आगरा। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम से जुड़े स्थलाें की यात्रा के लिए रेलवे ने एक बार फिर न सिर्फ शानदार और लुभावने पैकेज का ऐलान किया है बल्कि यात्रा टिकट का भुगतान तीन महीने से लेकर तीन साल तक करने की सुविधा भी प्रदान की है।

रेलवे के सूत्रों के अनुसार दूसरी रामायण सर्किट रेल यात्रा का आयोजन 24 अगस्त से किया जा रहा है। यह यात्रा दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होकर 19 रात और 20 दिन में पूरी होगी। ट्रेन भगवान राम से जुड़े स्थलों जैसे अयोध्या, सीतामढ़ी, जनकपुर, बक्सर, काशी, प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक, हंपी, रामेश्वरम, कांचीपुरम एवं भद्रचलम का दर्शन कराएगी।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने पत्रकारों को बताया कि इस ट्रेन में थर्ड एसी श्रेणी के कोच होंगे। इसमें कुल 600 यात्रियों के शुद्ध शाकाहारी भोजन के साथ सफर का आनंद लेने की सुविधा मिलेगी। एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य 84 हजार रुपए और दो से तीन व्यक्तियों के साथ ठहरने पर पैकेज 73,500 रुपए प्रति व्यक्ति होगा। एक बच्चे के लिए पैकेज का मूल्य 67,200 रुपए होगा।

आईआरसीटीसी द्वारा पहले 100 यात्रियों की बुकिंग पर 10 प्रतिशत डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। यात्रा का भुगतान किस्तों पर तीन से लेकर 36 माह में भी किया जा सकता है। 36 माह के भुगतान में प्रति व्यक्ति प्रति माह 2690 रुपये किस्त होगी। यह कुल मिलाकर 800 किलोमीटर की यात्रा है। इस बार ठहराव में दो दिन का इजाफा किया गया है।

इस ट्रेन में बोर्डिंग की सुविधा दिल्ली सफदरजंग, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर एवं लखनऊ से होगी। यात्रा की बुकिंग पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय और वेबसाइट से कराई जा सकती है।

सिन्हा ने बताया कि इससे पूर्व भारत गौरव ट्रेन के माध्यम से रामायण सर्किट रेल यात्रा सफल रही थीं और पर्यटकों में इसकी विशेष मांग रही। इसी कारण दूसरी रामायण सर्किट रेल यात्रा की योजना बनाई गई।

मणिपुर में 82 करोड़ रुपए कीमत की ब्राउन शुगर जब्त

इम्फाल। मणिपुर में राज्य बलों की एक संयुक्त टीम ने रविवार को मादक पदार्थ जब्त किया जिसकी कीमत करीब 82 करोड़ रुपए है।

इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी), नारकोटिक्स एंड अफेयर्स ऑफ बॉर्डर (एनएबी) और लिलोंग पुलिस टीम, कमांडेंट 8 आईआरबी संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर देर रात करीब 12:30 बजे इमेम बीबी नाम की एक महिला के घर छापेमारी की।

जहां युमखैबम मुस्तफा नाम का तस्कर, अवैध रूप से संदिग्ध ब्राउन शुगर का निर्माण करते पाया गया। उसके पास से कुल 54.685 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 82 करोड़ रुपये आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि टीम ने नशीली दवाओं के अलावा, अवैध गतिविधियों के दौरान इस्तेमाल किए गए कई अन्य सामान जैसे रसायन, बर्तन, गैस बर्नर, सिलेंडर, मोबाइल फोन भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी व्यक्ति के साथ जब्त आपत्तिजनक सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लिलोंग थाने को सौंप दिया गया।

भारतीय विमानन क्षेत्र में अकासा एयरलाइन्स ने किया प्रवेश

नई दिल्ली। भारतीय विमानन क्षेत्र में नवागत ‘अकासा एयरलाइन’ ने आज मुंबई से अहमदाबाद के लिए पहली वाणिज्यिक उड़ान संचालित की।

नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नागर विमानन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने हरी झंडी दिखा कर पहली उड़ान को रवाना किया। मुंबई हवाई अड्डे पर आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में सिंधिया और जनरल सिंह के साथ नागर विमानन सचिव राजीव बंसल एवं संयुक्त सचिव उषा पाधी वीडियो लिंक से जुड़े थे जबकि एयरलाइन के संस्थापक जाने माने उद्योगपति राकेश झुनझुनवाला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय दुबे मुंबई हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

अकासा एयरलाइन के टिकटों की बिक्री 22 जुलाई काे मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलूरु एवं कोच्चि से शुरू हो गई थी। शुरुआत में एक सप्ताह तक अकासा एयरलाइन मुंबई एवं अहमदाबाद के बीच 28 उड़ानें संचालित करेगी तथा 13 अगस्त से कोच्चि एवं बेंगलूरु के बीच सेवा शुरू करेगी और सप्ताह में 28 उड़ानें भरेगी। अकासा एयरलाइन के बेड़े में 72 विमान शामिल होेंगे।

इस मौके पर सिंधिया ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है। बहुत अरसे के बाद भारतीय वायुक्षेत्र में कोई स्वदेशी एयरलाइन प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय विमानन क्षेत्र के लोकतांत्रीकरण होने का एक और प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब 130 करोड़ की आबादी में 0.02 प्रतिशत लोग ही विमानों में यात्रा करते थे लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वप्न देखा है कि हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई जहाज में उड़ सकें। इस लिए देश में हवाई यात्रा अवसंरचनाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऐसी आशा है कि आने वाले समय में करीब 40 करोड़ लोग हवाई यात्राएं किया करेंगे।

जनरल सिंह ने भी अपने संबोधन में नई विमान सेवा के आरंभ होने को एक ऐतिहासिक अवसर बताया और उम्मीद जतायी कि यह विमान यात्रियों की आशाओं पर खरी उतरेगी। अकासा एयरलाइन की रणनीति टियर-2 और टियर-3 शहरों के लिए किफायती विमानन सेवाएं प्रदान करना है और इसके लिए ईंधन की कम खपत वाले विमानों को खरीदा जा रहा है।