Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 680 -
होम ब्लॉग पेज 680

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल को बताया ‘नकली गांधी’

नई दिल्ली। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘ नकली गांधी’ करार दिया। जोशी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी महात्मा गांधी के वंशज नहीं हैं, वह नकली गांधी हैं।

यह टिप्पणी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद आई जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उन पर हमला इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वह बेरोजगारी, मूल्य वृद्धि और सांंप्रदायिक विभाजन जैसे मुद्दों पर सवाल उठा रहे हैं।

राहुल गांधी ने शुक्रवार सुबह कहा कि वे गांधी परिवार पर हमला क्यों करते हैं? ऐसा इसलिए है क्योंकि हम एक विचारधारा के लिए लड़ते हैं और भारत में करोड़ों लोग हमारे साथ हैं।

उन्होंने कहा कि मेरे परिवार ने अपने जीवन का बलिदान दिया है। हम इस विचारधारा के लिए लड़ते हैं। हम दर्द महसूस करते हैं जब भारत सांप्रदायिक आधार पर विभाजित होता है, जब किसी को दलित होने के लिए पीटा जाता है तो हमें दर्द होता है, जब एक महिला को पीटा जाता है, तो हम दर्द महसूस करते हैं, इसलिए हम लड़ते हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस बीच कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वे संसद से लेकर सड़कों तक विरोध करें तो भी उनका भ्रष्टाचार छुपाया नहीं जा सकता, वे जांच एजेंसियों से क्यों डरते हैं? वे सड़कों पर आकर क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं?

देश भर में कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर और दिल्ली में संसद भवन और कांग्रेस मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित कांग्रेस के कई अन्य शीर्ष नेताओं तथा पार्टी के लगभग सभी सांसदों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं को शुक्रवार शाम रिहा कर दिया गया।

जयपुर में ज्वैलरी शोरूम लूटने आए मुरैना के 4 बदमाश अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ज्वैलरी शोरूम को लूटने आए चार बदमाशों को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश मुरैना के गिरोह के हथियारबंद चार बदमाशों के जयपुर में ज्वैलरी शोरूम लूटने के लिए आने की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई लेकिन बोलेरो से कालवाड़ की तरफ़ से झोटवाड़ा की ओर आ रहे बदमाशों ने कालवाड़ रोड पर नाकाबंदी को तोड़कर अपनी बोलेरो गाड़ी को भगाकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीमों ने बदमाशों को पीछा कर उन्हें रोक लिया।

पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने बोलेरो को अंदर से लॉक कर लिया और दरवाजा नहीं खोला बाद में पुलिस ने शीशे तोड़कर गेट खोला तो एक बदमाश ने पुलिस को हथियार दिखाकर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने चारों बदमाशों को पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में पंकज शर्मा उर्फ ढोलू, संतोष सिंह चौहान उर्फ कृष्णा निवासी अंबा मुरैना मध्यप्रदेश, भूपेश यादव उर्फ भुपेन्द्र निवासी कोतवाली मुरैना मध्यप्रदेश और तरुण गौड़ निवासी सुभाष नगर-ए रीको एरिया पाली शामिल हैं। बदमाशों के पास से दो पिस्तौल तीन मैग्जीन, 13 कारतूस, दो एयरगन, कुछ मास्टर चाबियां और बोलेरो गाड़ी जब्त की गई है।

CWG 2022 : बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने जीते स्वर्ण, अंशु मलिक को रजत

बर्मिंघम। भारत की स्वर्ण पदक की सबसे बड़ी उम्मीद पहलवान बजरंग पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन के साथ कनाडा के लेकलन मेकनील को मात देकर सोना जीत लिया। महिला पहलवान साक्षी मलिक ने भी स्वर्ण जीता जबकि अंशु मलिक को रजत से संतोष करना पड़ा।

गोल्डकोस्ट 2018 खेलों के स्वर्ण पदक और टोक्यो ओलम्पिक के कांस्य विजेता विजेता बजरंग ने पुरुष 65 किग्रा भार वर्ग के एकतरफा फाइनल मुकाबले में कनाडा के लेकलन मेकनील को 9-2 से मात दी। टोक्यो ओलंपिक 2020 के कांस्य पदक विजेता बजरंग ने मैच की शुरुआत से ही मेकनील पर दबाव बनाना शुरू कर दिया, जबकि मेकनील उनके सामने बेअसर नज़र आए।

2016 रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने 62 किग्रा में स्वर्ण पदक हासिल किया। साक्षी मलिक ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कनाडा की एना गोंज़ालेज़ के खिलाफ फाइनल में शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

साक्षी ने गोंज़ालेज़ को चित्त (विन बाई फॉल) करके स्वर्ण पदक जीता। साक्षी पहले हाफ के अंत तक मैच में 4-0 से पीछे चल रही थीं, लेकिन दूसरे हाफ में उन्होंने शानदार वापसी की। साक्षी ने पहले गोंज़ालेज़ को दो बार टेकडाउन करके मैच को 4-4 की बराबरी पर पहुंचाया, और फिर अपनी प्रतिद्वंदी को चित्त करते हुए उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला स्वर्ण प्राप्त किया।

भारत कुश्ती में अब तक दो स्वर्ण और एक रजत सहित तीन पदक जीत चुका है। इससे पहले, अंशु मलिक 57 किग्रा महिला में रजत जीता। युवा पहलवान अंशु मलिक को महिला 57 किग्रा फाइनल में नाइजीरिया की ओडुनायो अडेकुरोये के हाथों हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की स्वर्ण पदक विजेता ओडुनायो ने अंशु को 6-4 से मात दी। अपनी इस हार के बाद अंशु रो पड़ीं।

फ्री स्टाइलिंग कुश्ती ने बर्मिंघम खेलों में अपना पदार्पण किया और भारत के चार पहलवानों ने फ़ाइनल में जगह बनायी जिनमें से साक्षी मालिक (महिला 62 किग्रा ) और बजरंग पुनिया (पुरुष 65 किग्रा) ने स्वर्ण जीते जबकि अंशु के खाते में रजत गया। एक अन्य पहलवान दीपक पुनिया (पुरुष 86) भी फ़ाइनल में जगह बना चुके हैं। दो अन्य भारतीय पहलवानों दिव्या काकरान (महिला 68) और मोहित ग्रेवाल (पुरुष 125) ने कांस्य पदक मुकाबलों में जगह बनाकर दो और पदकों की उम्मीद बंधा दी है।

महंगाई के खिलाफ अजमेर में कांग्रेस का हल्ला बोल

अजमेर। अजमेर डेयरी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामचंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसान विरोधी सरकार है। केंद्र सरकार श्वेत क्रांति में बाधा डाल रही है।

डेयरी अध्यक्ष चौधरी आज कलेक्ट्रेट के बाहर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महंगाई, बेरोजगारी एवं आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी थोंपने के विरोध में आयोजित हल्ला बोल कार्यक्रम में धरने को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है एवं किसान एवं पशुपालकों की आमदनी को दुगना करने की प्रधानमंत्री की घोषणा थोथी साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आटे, दाल के साथ दही, लस्सी और छाछ पर भी जीएसटी लागू कर देश में चल रही श्वेत क्रांति में अवरोध पैदा कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी से देश के गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोग बुरी तरह परेशान हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन किया जा रहा है जिससे केंद्र सरकार की तानाशाही सोच पर दबाव पड़े और वह आमजन के हित में फैसले लेने को मजबूर हो।

उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है और लोकतंत्र में केंद्र सरकार की तानाशाही के विरोध में आवाज उठाने वालों की आवाज को दबाया जा रहा है।

हल्ला बोल कार्यक्रम में सुबह कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना स्थल पर जिले के विभिन्न स्थानों से किसान एवं दूध उत्पादक भारी संख्या में पहुंचे और बरसात के बावजूद जमे रहे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, डॉ श्रीगोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह गुर्जर, रामनारायण गुर्जर, पूर्व जिला प्रमुख रामस्वरूप चौधरी, महेंद्र सिंह रलावता, हाजी इसांफ अली, शिव कुमार बंसल, हरि सिंह गुर्जर, छीतर मल टेपण, गीता चौधरी, गोवर्धन लाल, गजेंद्र रलावता, लालाराम वैष्णव, हनुमान बेगलियावास, राकेश मेवाड़ा, मांगीलाल काठात, सहित बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक व कांग्रेसजन मौजूद रहे।

राजस्थान में कांग्रेस का महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन

महंगाई को लेकर प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए राहुल, कांग्रेस नेता

चीन नैंसी पिलोसी के खिलाफ प्रतिबंध लगाएगा

बीजिंग। चीन के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा है कि चीन अमरीकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पिलोसी और उसके नजदीकी रिश्तेदारों पर ताइवान की उकसाने वाली यात्रा के संबंध में प्रतिबंध लगाएगा।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अमरीकी अधिकारी पिलोसी ताइवान में शांति और स्थिरता को खतरे में डालकर एक चीन के सिद्धातों पर गहरी चोट पहुंचाई है। बयान में कहा गया है कि चीन के प्रासंगिक कानून के आधार पर चीन की तरफ से पिलोसी और उनकी नजदीकी रिश्तेदारों पर इस उकसाने वाली कार्रवाई पर प्रतिबंध लगाने की निर्णय लिया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि चीन ने अमरीका के साथ जलवायु परिवर्तन वार्ता, अवैध अप्रवासियों के प्रत्यावर्तन पर सहयोग, आपराधिक और कानूनी सहायता तथा अंतरराष्ट्रीय अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लड़ाई को रोकने का भी फैसला किया है।

पिलोसी ने मंगलवार को चीन की चेतावनियों के बावजूद एशिया दौरे पर ताइपे का दौरा किया। चीन ताइवान को अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है और उसके साथ किसी भी प्रत्यक्ष आधिकारिक विदेशी संपर्क का विरोध करता है। पिलोसी 25 वर्षों में ताइवान की यात्रा करने वाली सर्वोच्च रैंकिंग वाली अमरीकी अधिकारी हैं।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का 40 फीसदी काम पूरा : ट्रस्ट

अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दावा किया है कि अयोध्या में रामजन्मभूमि स्थल पर भव्य राम मंदिर निर्माण का 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय ने राम मंदिर निर्माण की दूसरी वर्षगांठ पर चर्चा करते हुए बताया कि राम मंदिर निर्माण का लगभग 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इन दो सालों में मंदिर निर्माण में कई बाधाएं भी आईं जिसमें कोरोना काल सबसे बड़ी बाधा रहा। इसके बावजूद मंदिर निर्माण कार्य चलता रहा।

उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के प्रति भक्तों की आस्था का आलम यह है कि अब तक करीब पांच हजार करोड़ रूपए से अधिक का दान ट्रस्ट को प्राप्त हो चुका है। भूमि पूजन के बाद से मंदिर निर्माण के लिए दान का जो सिलसिला शुरू हुआ वह आज भी जारी है। यही नहीं भारी मात्रा में चांदी व सोने का दान भी ट्रस्ट को प्राप्त हुआ है।

हर रोज राम मंदिर के लिए चेक, नकदी, आरटीजीएस व आनलाइन माध्यमों से लाखों का दान आ रहा है। मंदिर निर्माण की लागत श्रीरामजन्मभूमितीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने करीब 11 करोड़ रूपए तय कर रखी है। लागत से कई गुना की धनराशि भक्तों ने ट्रस्ट को समर्पित कर दी है।

राय ने बताया कि श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के चढ़ावे में भी दो सालों में तीन गुना वृद्धि हुई है। चढ़ावा हर माह 12 से 15 लाख रूपए होता था जो अब बढक़र 35 से 40 लाख रूपए पहुंच गया है।

मंदिर निर्माण में देश की आठ नामी तकनीकी एजेंसिया काम कर रही हैं। भूमि पूजन के बाद से रामलला के दर्शन को अब तक देश व प्रदेश की नामी हस्तियां आ चुकी हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित कई राज्यों के राज्यपाल, दस राज्यों के मुख्यमंत्री भी रामलला का दर्शन-पूजन कर चुके हैं।उन्होंने बताया कि कई बड़े फिल्मी कलाकार व नेपाल सहित श्रीलंका देश के भी अतिथि रामलला की पूजा अर्चना करने आ चुके हैं।

गौरतलब है कि नौ नवम्बर 2019 को राम मंदिर के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद पांच अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था। इसी दिन प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भव्य राम मंदिर के साथ ही विश्व की सबसे सुंदरतम नगरी व दिव्य अयोध्या के निर्माण का सूत्रपात भी हो गया था।

इन दो सालों में मंदिर का निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। पांच फरवरी 2020 को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन हुआ और पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूमि पूजन कर राम मंदिर की आधारशिला भी रखी।

राजस्थान में कांग्रेस का महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ आज राजधानी जयपुर सहित विभिन्न जिलों में धरना-प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दी।

केन्द्र सरकार की गलत नीतियों से देश में बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जयपुर में सिविल लाईन्स फाटक पर प्रदर्शन किया तथा राजभवन का सांकेतिक घेराव करते हुए सामूहिक गिरफ्तारी दी।

इस अवसर पर डोटासरा ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में अराजकता का माहौल है, महंगाई एवं बेरोजगारी चरम पर है जिससे उद्वेलित होकर पूरे देश में केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देश, प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का शासन आने से पूर्व नरेन्द्र मोदी को जब प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था तब मोदी महंगाई एवं बेरोजगारी को घटाने के बड़े-बड़े दावे किए थे।

उन्होंने कहा कि लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने जनता से किए गए वादों को भुला दिया है तथा देश की जनता सत्तर साल का हिसाब मांगने वाले लोगों से अब आठ साल में महंगाई एवं बेरोजगारी पर केन्द्र सरकार से जवाब मांग रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुने हुए जनप्रतिनिधि संसद में महंगाई पर चर्चा करना चाहते हैं, मोदी सरकार को जनता से किए वादे याद दिलाकर आठ साल का हिसाब मांगना चाहते हैं, किन्तु मोदी सरकार महंगाई एवं बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता की वस्तुओं की जिस प्रकार मूल्य वृद्धि हुई है उससे आम आदमी के घर का बजट गड़बड़ा गया है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहिनों को गैस का सिलेण्डर भरवाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है तथा बच्चों को दूध-दही खिलाने में भी मुश्किल हो रही है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें चरम पर होने के बावजूद करों का पुर्नभरण कर पेट्रोल-डीजल के दामों में मूल्य वृद्धि को रोकने में सफलता पाई गई थी तथा जनता पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ने दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज के हालात में महंगाई के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है।

डोटासरा ने कहा कि इस कारण कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज देशभर में प्रदर्शन कर केन्द्र की मोदी सरकार को चेतावनी दी हैं कि देश में अविलम्ब महंगाई कम की जाए नहीं तो वर्ष 2024 में केन्द्र की सत्ता से विदाई के लिए तैयार रहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा आज भाई को भाई से लड़ा रही है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर महंगाई एवं बेरोजगारी जैसे मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है।

डोटासरा ने कहा कि संप्रग शासन के दौरान पेट्रोल की कीमत 70 से 72 रूपए थी जो आज बढक़र 100 रूपए से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दामों में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, डीजल के दाम 36 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, एलपीजी गैसे सिलेण्डर के दाम 125 प्रतिशत बढ़ गए हैं, अरहर दाल 22 प्रतिशत, सोयाबीन तेल 76 प्रतिशत, सरसों तेल 59 प्रतिशत, चाय के दामों में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि दो करोड़ नौकरियां प्रतिवर्ष देने का वादा कर शासन में आई मोदी सरकार बेरोजगारी कम करने में असफल रही है। कोरोना महामारी के दौरान निजी क्षेत्र में कार्यरत लाखों लोगों की नौकरियां चली गई तथा आज भारत में बेरोजगारी दर 21 प्रतिशत से बढक़र 45 प्रतिशत हो गई है, लेकिन केन्द्र सरकार जनता के इन मुद्दों पर कार्य करने की बजाये आम जनता की आवाज उठाने वाले विपक्ष को डराने, धमकाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं पर झूठे मुकद्में दर्ज किए जा रहे हैं, ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स का दुरूपयोग कर दहशत का वातावरण केन्द्र सरकार द्वारा बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हिन्दु-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान के नारे लगाकर केन्द्र सरकार अपना कुशासन चला रही है जिससे देश में अराजकता का माहौल बना गया है तथा कोई भी व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा कि गरीब आदमी को दो वक्त की रोटी जुटाने में संघर्ष करना पड़ रहा है तथा बीमार को ईलाज नहीं मिल रहा है, मजदूर को मजदूरी नहीं मिल रही है, उद्योगपति गलत जीएसटी के कारण उचित लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं एवं किसानोंं को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण पूरे देश का तंत्र विफल हो चुका है, किन्तु मोदी सरकार केवल धार्मिक उन्माद फैलाकर पुन: सत्ता में आने के लिए कार्य कर रही है।

डोटासरा ने कहा कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी सरकार के तानाशाहीपूर्ण रवैये से बिना डरे जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे तथा जिस प्रकार मोदी सरकार को भूमि अधिग्रहण बिल के संशोधन तथा तीन काले कृषि कानून वापस लेने पड़े उसी प्रकार केन्द्र की भाजपा सरकार को अपने गलत नीतियों को वापस लेकर आटा, दूध, दही जैसी मूलभूत आवश्यकता की वस्तुओं पर लगाये गये जीएसटी को वापस लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वर्ष 2024 में भाजपा को केन्द्र सरकार से हटाकर ही दम लेंगे।

जयपुर में आयोजित प्रदर्शन में मुख्य रूप से राज्य सरकार के मंत्री डॉ. महेश जोशी, परसादीलाल मीणा, हेमाराम चौधरी, सुखराम विश्नोई, प्रतापसिंह खाचरियावास, गोविन्दराम मेघवाल, विधायक मदन प्रजापत, प्रीति शक्तावत, आलोक बेनीवाल, गोपाल मीणा, अमित चाचाण, हाकम अली, पदमाराम मेघवाल एवं मनोज मेघवाल तथा कई बोर्डों के अध्यक्ष एवं कई पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इसी तरह प्रदेश में जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, नागौर, सीकर सहित अन्य जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सामूहिक गिरफ्तारी दी।

नीतिगत दरें कोरोना काल से पहले के स्तर के पार, घर कार खरीदना होगा महंगा

मुंबई। बढ़ती महंगाई को काबू में करने के लिए रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नीतिगत दरों में आज आधी फीसदी की बढ़ोतरी करने के साथ ही यह अब कोरोना महामारी के पहले के स्तर को पार कर गई है। रिजर्व बैंक के आज के इस निर्णय से अब घर, कार और अन्य प्रकार के ऋण महंगे हो जाएंगे।

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक के बाद गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि देश में वैश्विक कारकों से महंगाई में बढ़ोतरी हो रही है। इस वर्ष जून में लगातार छठे महीने में खुदरा महंगाई रिजर्व बैंक के लक्ष्य छह प्रतिशत से ऊपर बनी रही है।

विकास को गति देने तथा महंगाई को काबू में करने के उद्देश्य से नीतिगत दरों में आधी फीसद की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से खुदरा महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है और महंगाई को मध्यावधि में छह प्रतिशत के लक्षित दायरे में लाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस बढ़ाेतरी के बाद रेपो दर 4.90 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत बढ़कर 5.40 प्रतिशत पर, सटैडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी दर (एसडीएफ) 4.65 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत बढ़कर 5.15 प्रतिशत, बैंक दर 5.15 प्रतिशत से बढ़कर 5.65 प्रतिशत पर तथा मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (एमएसएफ) 5.65 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के शुरू होने से पहले रेपो दर 5.15 प्रतिशत पर थी। माहामारी के दौरान लॉकडॉउन से मांग प्रभावित होने के कारण रिजर्व बैंक ने नीतिगत दरों में भारी कमी की थी और यह रिकाॅर्ड निचले स्तर पर आ गई थी।

रिजर्व बैंक ने तीन बार बढ़ोतरी कर इसको कोरोना काल के पहले के स्तर के पार पहुंचा दिया है। हालांकि रिजर्व बैंक इसका उपयोग महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कर रहा है लेकिन इससे घर, कार और अन्य वस्तुओं के लिए ऋण महंगा हो जाएगा।

अलवर में मोबाईल चोरी करने वाले 4 बदमाश अरेस्ट, 10 मोबाईल बरामद

अलवर। राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज मोबाईल चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी के 10 मोबाईल बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदयसिह मीना उम्र 23 साल निवासी सकट थाना टहला, हरिओम मीना उम्र 23 साल निवासी कचन का बास, हितेश कुमार मीना उम्र 21 साल निवासी सालवाडी थाना खेडली एवं राजकुमार मीना उम्र 22 साल निवासी बाजार पट्टी हुडला थाना महवा जिला दौसा के रूप में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है जिनसे अन्य वारदातें खुलने की सम्भावना है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से अब तक की पूछताछ के आधार पर सामने आया है कि ये लोग अक्सर शाम के वक्‍त अपने ठिकानों से मोटर साईकिल से निकलते है और शहर में सुनसान जगहो पर घूमते रहते है। जैसे ही कोई राहगीर मोबाईल पर बात करता हुआ जाता है तो उसके नगदीक पहुंच कर झप्पटा मार कर मोबाईल छीन लेते हैं और झट से अपने ठिकानों पर चले जाते हैं।

एनआईए ने श्रीलंकाई ड्रग तस्कर से जुड़े व्यक्ति के घर छापा मारा

चेन्नई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों की एक टीम ने शुक्रवार को तमिलनाडु के बाहरी इलाके केलमबक्कम में एक घर पर छापेमारी की। सुबह से ही छापेमारी की जा रही है। तमिलनाडु के तिरुचि विशेष शिविर सहित 22 ठिकानों पर 20 जुलाई को ली गई तलाशी के बाद यह कार्रवाई की गई।

एनआईए सूत्रों ने कहा कि शिविर में बंद श्रीलंकाई ड्रग माफियाओं के एक घर की तलाशी ली जा रही है। एनआईए की एक विज्ञप्ति के अनुसार पहले की तलाशी के दौरान उनकी टीम ने एक लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के साथ 60 से अधिक मोबाइल फोन और 50 से अधिक सिम कार्ड जब्त किए।

एनआईए ने सी गुनाशेखरन उर्फ गुना और पुष्पराज उर्फ पुकुट्टी कन्ना पाकिस्तान स्थित ड्रग और हथियार आपूर्तिकर्ता हाजी सलीम के सहयोग द्वारा संचालित श्रीलंकाई ड्रग माफिया की अवैध गतिविधियों के मामले में 20 जुलाई को तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुपुर, चेंगलपट्टू और तिरुचि जिलों में आरोपियों और संदिग्धों के 22 परिसरों की तलाशी ली।

ये ड्रग और हथियार तस्कर भारत और श्रीलंका में काम कर रहे हैं और इनका इरादा हिंसक गतिविधियों को अंजाम देना है। एनआईए द्वारा आठ जुलाई को आईपीसी की धारा 120-बी, धारा 18, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी), 23(सी), 24, 27ए, 28 और 29 के साथ पठित धारा 8(सी) के अलावा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 20, 38, 39 और 40 के तहत मामला दर्ज किया गया।

सूत्रों ने बताया कि तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरणों और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए। एनआईए ने साल 2021 में तिरुवनंतपुरम के पास विझिंजम बंदरगाह तट पर श्रीलंका की एक नाव से 300 किलोग्राम हेरोइन, पांच एके-47 राइफल और गोला-बारूद बरामद किए थे।

दनुका रोशन, गुणाशेखरन, पुकुट्टी कन्नन, विक्रमासिंगम, कट्टा गामिनी, सुरंगा प्रदीप, रूपन मोहम्मद रियाज, कैनेडी और उमा रमन सहित 14 कैदी कथित तौर पर पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे ताकि भारत और श्रीलंका में ड्रग का कारोबार आगे बढ़ा सकें। विशेष शिविर में 140 से अधिक विदेशी कैदी हैं, जिनमें श्रीलंका के 100 से अधिक लोग शामिल हैं।