Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 681 -
होम ब्लॉग पेज 681

दिल्ली में काले कपड़ों में कांग्रेस ने किया जबरदस्त प्रदर्शन

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने महंगाई, जीएसटी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को काले कपड़ों में संसद से सड़क तक जबरदस्त प्रदर्शन किया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी काली पोशाक पहन कर आई थीं। उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों के साथ संसद में जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च के लिए निकलते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस के 24 अकबर रोड स्थित मुख्यालय में प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। जब वह अपने सांसदों के साथ प्रधानमंत्री आवास घेरने के लिए निकलीं लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। जिसके बाद वह कांग्रेस मुख्यालय के सामने सड़क पर ही घरने पर बैठ गईं।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने पुलिस से कहा कि वह सरकार से समझौता करने नहीं बैठी हैं। महंगाई का विरोध करके जनता की आवाज उठाना उनका हक है। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। इस दौरान अजय माकन, सचिन पायलट, हरीश रावत, अविनाश पांडे सहित कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया।

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या को देखकर अकबर रोड पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने कई स्तरों पर जवानों को तैनात किया था। किसी भी कार्यकर्ता अंदर नहीं जाने दिया गया। दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लेकर गई। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित अन्य कांग्रेसी सांसदों को भी वहीं ले जाया गया।

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर इलाके को छोड़ पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू की गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार हमें महंगाई के खिलाफ विरोध करने से रोकना चाहती है, इसलिए लगातार कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आप समझ लें कि देश में क्या हालात हैं। किसी ने नहीं सोचा होगा कि देश में लोगों को लोकतंत्र समाप्त होते देखना होगा। देश में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर, केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का आतंक है। देश में दिल्ली, पटना, मुंबई, भोपाल आदि अनेक स्थान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।

भीलवाड़ा : बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का अंतिम संस्कार

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का आज अंतिम संस्कार किया गया। सिंह का बीमारी के बाद जयपुर में उपचार के दौरान गुरुवार को निधन हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और बनेड़ा कस्बावासियों ने जगह जगह पुष्प वर्षा करके उन्हें अंतिम विदाई दी।

सुबह नजर बाग स्थित अक्षय भवन से सिंह की अंतिम यात्रा बैंडबाजों के साथ शुरू हुई जो चौखी बावड़ी चोराहा, नाथकुई, माण्डल गेट, भोई मौहल्ला, कायमखानी मौहल्ला होते हुए महासतिया स्थित मोक्षधाम धाम पर पहुंची जहां पर सिंह की पार्थिव शरीर को उनके पुत्रों ने मुखाग्नि दी। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तरफ से सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया गया।

सिंह के अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व जिला प्रमुख शक्ति सिंह हाड़ा सहित भाजपा एवं कांग्रेस दोनों पार्टियों के कई वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस मौके पर कस्बे के शिक्षण संस्थान एवं व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख कर सिंह को अंतिम विदाई दी।

सिंह वर्ष 1993 में बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। वह बनेड़ा पंचायत समिति के प्रधान, पंचायत समिति सदस्य तथा बनेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच भी रहे और इस दौरान कस्बे में कराए ऐतिहासिक कार्यो के लिए कस्बे की जनता सदा याद करेंगी।

बिजली गिरने से एक किसान की मौत

भीलवाड़ा जिले के जहाज़पुर पंडेर के जवाहर नगर में आज दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंडेर पुलिस स्टेशन के सामने स्थित जवाहर नगर में हेमेंद्र शर्मा अपने खेत पर था कि इसी दौरान बारिश शुरु हो गई और अचानक बिजली गिर जाने से शर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पंडेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को राजकीय चिकित्सालय भिजवाया।

राजकोट में शादी का लालच देकर नाबालिग लड़की का अपहरण

राजकोट। गुजरात में राजकोट शहर के ए डिवीजन क्षेत्र में एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की का अपहरण करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पीड़िता के पिता ने मामला दर्ज करवाया है कि उसकी 14 साल की बेटी को राजकोट के लोहानगर निवासी दीपक दि. चारोलिया बहला-फुसला ले गया। आराेपी ने पीड़िता से शादी करने का उसे झांसा देकर उसका अपहरण कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

तीन महिलाओं सहित आठ जुआरी अरेस्ट

राजकोट शहर के भक्तिनगर क्षेत्र में शुक्रवार को तीन महिलाओं सहित आठ जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर कोठारिया मन रोड़ मणीनगर शेरी-49 बद शेरी स्थित एक मकान पर आज तड़के छापा मारा गया। इस दौरान मौके से जुआ खेल रही तीन महिलाओं और पांच पुरुषों को पकड़ लिया गया। उनसे 16,640 रुपए तथा अन्य सामान जब्त कर लिया गया।

राजा भैया के आंदोलनरत पिता को पुलिस नेे किया घर में नजरबंद

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुन्डा विधान सभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया के आंदोलनरत पिता उदय प्रताप सिंह को पुलिस ने शुक्रवार को सुबह घर में नजरबंद कर दिया। सिंह, इलाके में मौजूद एक मस्जिदनुमा पुराने दरवाजे को हटवाने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से धरने पर बैठे थे।

कुन्डा के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के आदेश पर सिंह को आज सुबह उस समय ‘हाऊस अरेस्ट’ कर लिया गया, जब वह धरना स्थल से नित्य क्रिया के लिए अपने आवास ‘भदरी कोठी’ गए थे। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार काफी संख्या में पुलिस के जवान सुबह 6 बजे भदरी कोठी के सामने तैनात हो गए और सिंह को घर में ही नजरबंद कर दिया।

कुन्डा स्थित शेखपुर आशिक गांव में एक मस्जिद नुमा गेट हटवाने की मांग को लेकर सिंह कुन्डा तहसील परिसर में दो दिन से धरने पर बैठे थे। उन्हें आंदोलन खत्म करने के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मनाया, लेकिन वह नहीं माने। उनकी इस मांग के समर्थन में कुन्डा और आसपास के व्यापारियों ने शुक्रवार को अपनी दुकानें बन्द रखने का ऐलान किया था। मामले को बढ़ते देख स्थानीय प्रशासन ने उन्हें घर में ही नजरबंद करने का फैसला किया।

महंगाई को लेकर प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए राहुल, कांग्रेस नेता

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी को शुक्रवार को संसद से विरोध मार्च निकालने के बाद कई अन्य सांसदों के साथ उस समय हिरासत में ले लिया गया जब वह राष्ट्रपति भवन की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को संसद भवन से कुछ ही मीटर दूर विजय चौक पर रोक कर हिरासत में ले लिया गया।

गौरतलब है कि कांग्रेस बढ़ती महंगाई और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) बढ़ाने को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ आज राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। सांसदों ने जीएसटी और बढ़ती कीमतों को लेकर संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में मुद्दा उठाया ,जिस पर सदन को अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दिया गया।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, अधीर रंजन चौधरी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य कई कांग्रेस सांसदों को विरोध के रूप में काले कपड़े पहने हुए देखा गया। जैसे ही कांग्रेस नेता संसद के गेट नंबर एक पर एकत्र हुए। सोनिया गांधी ने नारे लगाते हुए सांसदों का नेतृत्व किया।

इसके बाद कांग्रेस सांसदों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन सौंपने के लिए संसद परिसर के बाहर निकलकर राष्ट्रपति भवन की ओर जाने लगे। संसद के गेट के ठीक बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे सांसदों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी अवरोधकों को लगा रखा था। जैसे ही कांग्रेस नेता एवं सांसद वहां पहुंचे पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई सांसदों को हिरासत में लिया।

राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने अपने कर्तव्य का निवर्हन करते हुए पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का मुक्की के बीच उनका बयान लिया।

पुलिस द्वारा उन्हें रोकने और सांसदों के साथ दुर्व्यवहार के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा कि हम यहां पर खड़े हैं और पुलिस हमें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दे रही है। उन्होंने (पुलिस ने) हमारे सांसदों को घसीटा और हिरासत में लिया है, और तो और कुछ को पीटा भी गया है। हम किसी अन्य मुद्दे पर बात नहीं कर रहे केवल महंगाई और बेरोजगारी की बात कर रहे हैं। हमें आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है।

इसके अलावा कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व कर रही थी, उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी आज महंगाई और जीएसटी बढ़ोतरी के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है।

झांसी : पेट्रोल पंप पर तेल भराने को लेकर विवाद, सेल्समैन को मारी गोली

झांसी। उत्तर प्रदेश में झांसी के चिरगांव थानाक्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तेल भराने को लेकर हुए विवाद में बाइक सवार युवकों ने सेल्समैन को गोली मार दी है जो उसके पैर में जाकर लगी। घटना को अंजाम देकर युवक मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि चिरगांव थानक्षेत्र में पेट्रोल पंप पर गुरूवार देर रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पहुंचे। पेट्रोल पंप पर तेल भराने काे लेकर युवकों का गार्ड और सेल्समैन से विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और इसके बाद युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली सेल्समैन के पैर में लगी और इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए।

घायल युवक को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच थाना पुलिस और आला अधिकारियों को घटना की जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक देहात(एसपीआरए) नैपाल सिंह ने बताया कि कुछ युवक पेट्रोल पंप पर तेल भराने पहुंचे थे और इसी बीच किसी बात पर सेल्समैन और उनके बीच विवाद हुआ जिसके बाद मारपीट भी हुई और युवकों ने सेल्समैन को गोली मार दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शिवहरि मीणा ने बताया कि तेल भराने को लेकर हुए विवाद में सेल्समैन को गोली लगी हालांकि अब सेल्समैन पूरी तरह से खतरे से बाहर है। इस घटना को अंजाम देने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। चारों युवक स्थानीय ही हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है, जल्द ही सब पुलिस के शिकंजे में होंगे।

दमोह : पिता ने कुल्हाड़ी से काटा बेटे का हाथ, जबलपुर ले जाते समय मौत

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के जेरठ चौकी के ग्राम बोबई में मोटर साइकिल की चाबी ना देने पर पिता और छोटे भाई ने मिलकर बड़े भाई का बायां हाथ कुल्हाड़ी से काटकर अलग कर दिया। गंभीर रूप से घायल बेटे ने जबलपुर ले जाते समय रास्ते में दमतोड़ दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह ने बताया कि दमोह जिले की पथरिया थाना अंतर्गत ग्राम जेरठ चौकी के गांव बोबई में मोती पटेल के बेटे संतोष पटेल (21) के पास मोटर साइकिल थी, जिसे उसके पिता मोती पटेल और छोटा भाई राम किशन कल शाम कहीं जाने के लिए संतोष से मांग रहे थे। संतोष ने बाइक देने से इंकार कर दिया।

इस बात को लेकर पिता मोती और रामकिशन ने मिलकर संतोष पर हमला बोल दिया। विवाद के बीच पिता मोती ने संतोष का बायां हाथ लकड़ी के पट्टे पर रखा और उसे कुल्हाड़ी से काटकर अलग कर दिया।

इस क्रूरता के बाद पिता मौके से भागा नहीं बल्कि कुल्हाड़ी कंधे पर रखकर और हाथ में कटा हुआ हाथ लेकर करीब 5 किलोमीटर दूर जेरठ पुलिस चौकी पहुंचा। जैसे ही पुलिस ने मोती के हाथ में कटा हुआ हाथ देखा तो स्टाफ भी दंग रह गया। तुरंत मोती को पुलिस ने पकड़ लिया।

बाद में घायल संतोष को अस्पताल पहुंचाया, संतोष की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसने बचाव का प्रयास किया, लेकिन ससुर और देवर ने उसे धक्का देकर अलग कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि ससुर हाथ काटने के बाद उसे अपने साथ लेकर गए और नदी में फेंकने जा रहे थे। लेकिन बाद में पुलिस चौकी लेकर चले गए।

पुलिस द्वारा तत्काल ही गंभीर रूप से घायल संतोष को पथरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। वहां पर डॉ शशिकांत पटेल ने बताया कि संतोष को शाम को लाया गया था, लेकिन उसके हाथ के बारे में जानकारी ली तो पुलिस ने बताया कि कटा हुआ हाथ चौकी में रखा है। इस पर डॉक्टर ने उस हाथ को बुलवाया, लेकिन इस बीच लगभग 3 घंटे से अधिक का समय हो गया था। इस कारण से उसे जोड़ने में असंभव महसूस हो रहा था।

संतोष को दमोह के जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही रात्रि में उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा हत्या के आरोप में पिता मोती एवं भाई राम किशन को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला परिषद सीओ के खिलाफ विधवा महिला कार्मिक ने दर्ज कराया मुकदमा

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमन्त स्वरूप माथुर के खिलाफ कोतवाली थाने में विधवा महिला कार्मिक ने मुकदमा दर्ज कराया है।

सीओ माथुर पर पीड़ित महिला ने जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने तथा जातिय भेदभाव का आरोप लगाया है। स्थानीय भगवानगंज निवासी कार्मिक चांदनी हाडा ने कोतवाली पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह वर्ष 2009 से जिला परिषद में जिला प्रशिक्षण समन्वयक संविदा पर कार्य कर रही है।

पांच माह से वेतन नहीं मिलने पर गत दिनों पद सम्भालने वाले सीओ माथुर से मिलने गई जहां उनके द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। वह मानसिक तौर पर इतनी आहत हुई कि उसे पुलिस में मुकदमा दर्ज कराना पड़ रहा है।

बहरहाल कोतवाली पुलिस ने पीडिता की शिकायत पर सीओ माथुर के खिलाफ एससी एसटी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है। अजमेर उपाधीक्षक छवि शर्मा मामले की जांच कर रही है।

थाईलैंड के नाइट क्लब में आग लगने से 13 लोगों की मौत

बैंकॉक। थाईलैंड के चोनबुरी प्रांत में एक नाइट क्लब में शुक्रवार तड़के आग लगने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

सवांग रोजाना थम्मासथान फाउंडेशन के बचावकर्मी विसारुत पेटचरत ने बताया कि स्थानीय समयानुसार करीब 1 बजे नाइट क्लब में आग लग गई। घटना में चार महिलाओं समेत 13 लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने 18 घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। आग लगने के कारणों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

लाल सिंह चड्ढा के लिए करीना कपूर नहीं थी पहली पसंद: आमिर खान

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के लिए करीना कपूर पहली पसंद नहीं थी। अद्वैत चंदन के निर्देशन में बनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा में आमिर खान और करीना कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई है।

आमिर खान और करीना कपूर हाल ही में करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को प्रमोट करने के लिए पहुंचे थे। शो में करण जौहर ने आमिर से पूछा कि क्या करीना कपूर इस फिल्म के लिए आपकी पहली चॉइस थीं?

इसके जवाब में आमिर ने कहा कि नहीं इस फिल्म में हम किसी 25 साल की अभिनेत्री को लेना चाहते थे। क्योंकि हम इस फिल्म में 18 से लेकर 50 साल उम्र का सफर दिखाना चाहते थे, इसी वजह से करीना इस फिल्म की पहली चॉइस नहीं थीं।

आमिर खान ने बताया कि कास्टिंग डायरेक्टर ने मुझे कई सारी नई अभिनेत्रियों के वीडियो दिखाए थे, जिसमें से एक वीडियो करीना का भी था। उनके वीडियो को देखने के बाद मुझे अपनी सोच को बदलना पड़ा। इसके बाद मैं समझ गया कि इस फिल्म के लिए करीना ही सबसे बेस्ट रहेंगी। ऐज ग्रुप को लेकर जो चीजें हमने सोची थीं, उन चीजों को हमने बदल लिया।

गौरतलब है कि फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ हॉलीवुड स्टार टॉम हैंक्स की फिल्म ‘फॉरेस्ट गंप’ का रीमेक है। फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में आमिर खान और करीना कपूर के अलावा मोना सिंह और नागा चैतन्य की भी अहम भूमिका में हैं।

आमिर खान प्रोडक्शंस, किरण राव और वायकॉम18 स्टूडियोज द्वारा निर्मित ‘लाल सिंह चड्ढा’ को भारत के 100 से अधिक स्थानों पर शूट किया गया है। लाल सिंह चड्ढा में भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं जैसे इमरजेंसी, 1983 क्रिकेट विश्व कप, ऑपरेशन ब्लू स्टार, रथ यात्रा और 1999 का कारगिल युद्ध आदि को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 11 अगस्त 2022 को रिलीज होगी।