Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 682 -
होम ब्लॉग पेज 682

गांधी परिवार की है विचारधारा की लड़ाई इसलिए होते हैं हमले : राहुल

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि गांधी परिवार देश की एकता, सामाजिक सौहार्द एवं आम नागरिकों के हितों की बात कर विचारधारा की लड़ाई लड़ता है इसलिए परिवार विरोधियों के निशाने पर रहता है।

गांधी ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित विशेष संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि उनके परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है और देश की खुशहाली तथा एकता के लिए हमेशा लड़ता रहा है इसलिए परिवार पर हमला किया जाता है।

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार विचारधारा की लड़ाई लड़ता है। सामाजिक सौहार्द के लिए सालों से लड़ता आ रहा है। मेरे परिवार ने देश की खुशहाली के लिए कुर्बानी दी है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम देश की एकता के लिए लड़े। जब किसी को गलत करके पीटा जाता है, किसी एक धर्म विशेष के लोगों के खिलाफ अन्याय होता है तो हमारी विचारधारा इसे बर्दाश्त नहीं कर पाता है।

गांधी ने कहा कि गांधी परिवार एक विचारधारा के लिए लड़ता है। हमारी विचारधारा देश को बांटने वाली विचारधारा के खिलाफ है इसलिए हम उसके खिलाफ लड़ते हैं और यह परिवार अपनी इसी विचारधारा की लड़ाई लगातार लड़ रहा है और लड़ता रहेगा।

गांधी ने कहा कि महंगाई ने पूरे देश को बदहाल बना दिया है। जहां भी जाएंगे हर आदमी महंगाई के खिलाफ आग उगल रहा है। सरकार का स्टार्टअप जैसा आइडिया टाँय-टाँय हो चुका है और यह सिर्फ नारा बन कर रह गया है।

उन्होंने सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि कोविड में देश की सरकार कहती रही है कि कोई इस महामारी से मरा नहीं है जबकि संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि हिंदुस्तान की सरकार झूठ बोल रही है। गुजरात में लाशों के ढेर लगे थे, गंगा नदी में लाखों शव तैर रहे थे लेकिन भारत की सरकार इसे गलत बताती रही।

गांधी ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भी सरकार इसी तरह का झूठ बोल रही है। अभूतपूर्व गति से बेरोजगारी बढ़ रही है लेकिन सरकार कहती है कि बेरोजगारी है ही नहीं। महंगाई बढ़ रही है लेकिन देश की वित्तमंत्री कहती हैं कि कहीं महंगाई ही नहीं है। गांधी ने कहा कि पूरा ढांचा उनके पास है और वह उसे अपनी तरह से परिभाषित कर देश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह सच बोलते हैं तो सरकार उनको निशाना बनाना शुरू कर देती है। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि मैं सच्चाई बोलूंगा तो उतना ही मुझ पर आक्रमण होगा लेकिन मैं रुकूंगा नहीं, मैं बेरोजगारी का, महंगाई का मुद्दा उठाता रहूंगा। मैं रुकूंगा नहीं। मैं यह भी जानता हूं कि जो धमकाता है वही डरता है। जनता से उन्होंने जो वादा किया था वे पूरे नहीं हुए हैं इसलिए वे जनता से डर रहे हैं। झूठ बोलते हैं और बराबर झूठ की इबारत बना रहे हैं इसलिए डर उनके अंदर घर कर चुका है।

यह पूछने पर इस डर का वह मुकाबला कैसा करेंगे तो उन्होंने कहा कि कहीं डर है नहीं। किसी चीज का डर ही नहीं है हम किसी से डरते ही नहीं है। मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं। सामाजिक सौहार्द की बात करता हूं, महंगाई की बात बेरोजगारी की बात करता हूं तो मुझ पर आक्रमण होते हैं और उससे मुझे ही फायदा होता है मुझे खुशी होती है कि मुझे मेरी विचारों पर आक्रमण होता है और उसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार सिर्फ़ कांग्रेस से ही नहीं बल्कि अन्य के साथ भी यही करती है। सरकार के खिलाफ जो भी बोलता है उस पर आरएसएस की विचारधारा के घेरे में आ चुकी हमारी संस्थाएं हमलावर हो जाती है। आरएसएस के लोगों से प्रभावित हमारी इन संस्थाओं का कड़ा हमला चारों तरफ से होता है लेकिन आरएसएस के खिलाफ लड़ना मेरा काम है और मैं यह लड़ाई लड़ता रहूंगा। देश में बेरोजगारी, महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है और उसी को लेकर हम हल्ला बोल रहे हैं।

यह पूछने पर कि सरकार उनकी नहीं सुनती है तो उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और यदि एक तरीका सफल नहीं हुआ तो दूसरा तरीका अपनाएंगे लेकिन लड़ाई नहीं छोड़ेंगे। उनका कहना था कि जो लोगों को डराते हैं, चर्चा से पर विश्वास नहीं करते हैं, जनता के मुद्दों से भागते हैं वे लोग डरते हैं और वही चर्चा में हिस्सा नहीं लेते हैं।

चर्चा से भागते हैं और यह सरकार इन मुद्दों पर संसद के भीतर या बाहर चर्चा नहीं होने देना चाहती है और विपक्ष की आवाज दबा रही है। उनका कहना था कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ही नहीं बल्कि किसी भी दल के सामने चर्चा के लिए खड़ी नहीं हो सकती।

भाजपा लगातार चुनाव जीतने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि हिटलर भी चुनाव जीत जाता था। मशीनरी का इस्तेमाल कर चुनाव जीता जा रहा है और यह काम वह भी कर सकते हैं। उन्होंने मीडिया पर भी हमला किया और कहा कि मीडिया की हिम्मत नहीं है कि वह सच्चाई की लड़ाई में उनके साथ खड़ा हो। मीडिया सच्चाई की लड़ाई में उनके साथ खड़े होने की हिम्मत नहीं दिखा सकता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश में जो कुछ हो रहा है ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। देश में प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो का आतंक फैल गया है। आश्चर्य की बात है कि जब देश की संसद चल रही है तो विपक्ष के नेता को पूछताछ के लिए बुलाया जाता है। यह देश के लोकतंत्र पर संकट है इसलिए जनता को कांग्रेस के साथ खड़ा होकर देश के लोकतंत्र को बचाना होगा। आज अगर चुप रहे तो इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।

बांग्लादेश : लूटपाट के बाद बस में सवार महिला से गैंगरेप

ढाका। बांग्लादेश में तंगेल जिले की एक अदालत ने एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ न्यायिक दंडाधिकारी बादल कुमार चंद्रा ने पुलिस की जासूसी शाखा की ओर से सात दिन के रिमांड की मांग पर यह आदेश दिया।

इससे पहले दिन में जासूसी शाखा के अधिकारियों ने जिले के देवला इलाके से आरोपी राजा मियां को गिरफ्तार किया था। उसके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक सरकार मोहम्मद कैसर ने बताया कि राजा ने एक इकबालिया बयान दिया है, लेकिन दुष्कर्म के आरोप से इनकार किया है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार की देर रात राजा अपने साथियों के साथ चटगांव जाने वाली ईगल परिवहन की बस में सवार हो गया और कुछ देर बाद बस को अपने नियंत्रण में ले लिया। उन्होंने यात्रियों से पैसे, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान छीन लिया।

उन लोगों ने एक महिला यात्री के साथ दुष्कर्म भी किया भी और बाद में उसे सड़क किनारे खाई में फेंक दिया। आरोपियों ने बुधवार तड़के करीब तीन बजे मधुपुर इलाके में रोक्तिपारा जम्मे मस्जिद के सामने बस को रेत के ढेर में ढकेल दिया और वहां से भाग निकले।

पीड़ित महिला को तंगैल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रेहेना परवीन ने जांच में उसके शरीर पर चोट के निशान पाए जाने की पुष्टि की। बस में सवार हेकमत अली ने मधुपुर थाने में 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

विदेशी फंडिंग मामले में कानून का उल्लंघन नहीं : इमरान खान

इस्लामाबाद। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि उनकी पार्टी ने 2012 में कंपनियों से धन एकत्र किया जबकि इस कार्रवाई को प्रतिबंधित करने वाला कानून 2017 में लागू किया गया था इसलिए इस मामले में किसी प्रकार का उल्लंघन नहीं किया गया है।

खान ने लाइव वीडियो के माध्यम से अपने संबोधन में कहा कि यह विदेशी फंडिंग का मामला नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) के फैसले के अनुसार विदेशी पाकिस्तानियों से एकत्र किए गए दान को विदेशी फंडिंग माना जाता है और कोई भी कानून राजनीतिक दलों को विदेशी पाकिस्तानियों से पैसा इकट्ठा करने से नहीं रोकता है।

खान ने कहा कि इस्लामाबाद को किला बना दिया गया है। वे ऐसा क्यों कर रहे हैं। विरोध करना हर किसी का संवैधानिक अधिकार है। पीटीआई ने हमेशा संविधान और कानून के दायरे में विरोध जताने का प्रयास किया है।

इससे पहले पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान रजा की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने मंगलवार को अपने सर्वसम्मत फैसले में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को विदेश से प्रतिबंधित धन प्राप्त करने का दोषी ठहराया था। इस फैसले के परिप्रेक्ष्य में पीटीआई ने गुरुवार को इस्लामाबाद में ईसीपी मुख्यालय के बाहर शांतिपूर्ण विरोध का आह्वान किया था। पार्टी कार्यकर्ताओं को रेड जोन में प्रवेश से रोक लगाए जाने के बाद एफ9 पार्क में प्रदर्शन किया गया।

सबगुरु राशिफल : 5 अगस्त शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, अष्टमी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 03.57 बजे बाद नवमी तिथि प्रारंभ।

मेष :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रह सकती है। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बाँटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएँ और छुपाएँ नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। दूसरों को खुशियाँ देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। परिवार में धार्मिक यात्रा की योजना बन सकती है। समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको लगेगा कि आपको किसी सलाहकार, खास तौर से किसी वरिष्ट व्यक्ति को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। रिश्तेदारों के चलते जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। मुमकिन है कि आप अपने प्रिय के साथ आनंद उठाए।

मीन :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलाएगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन में फँसने से सावधान रहें।

राजस्थान में गुरुवार को कोरोना केे 413 नए केस, दो मरीजों की मौत

जयपुर। राजस्थान में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं और गुरुवार को इसके नए मामलों की संख्या चार सौ को पार गई और दो मरीजों की मौत हो गई वहीं इसके सक्रिय मरीज भी बढ़कर तेईस सौ के पार पहुंच गए।

चिकित्सा विभाग के अनुसार राज्य में 413 नए मामले सामने आए और पिछले चौबीस घंटों में इनमें 70 की वृद्धि हुई। नए मामलों में सर्वाधिक 153 मामले जयपुर में सामने आए जबकि जोधपुर में 41, अलवर में 35, उदयपुर में 29, अजमेर में 25, दौसा में 24, चित्तौड़गढ़ में 18, भीलवाड़ा एवं बीकानेर में 16-16, कोटा में 14, सिरोही में 12, जैसलमेर में सात, धौलपुर एवं सीकर में पांच -पांच, नागौर एवं राजसमंद में चार-चार, बांसवाड़ा एवं डूंगरपुर में दो-दो तथा बारां में एक नया मामला सामने आया।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 12 लाख 95 हजार 631 हो गई। प्रदेश में 289 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 83 हजार 713 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

नए मामलों के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 2331 हो गई। इनमें सर्वाधिक 771 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि जोधपुर में 200, अलवर में 175, उदयपुर में 160, दौसा में 130, अजमेर में 118, राजसमंद में 95 एवं भीलवाड़ा में 92 तथा अन्य कई जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं जबकि बूंदी, झुंझुनू एवं पाली में एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।

प्रदेश में कोरोना से गुरुवार को अजमेर में दो और मरीजों की मृत्यु हो जाने से अजमेर में इससे मरने वालों की संख्या 451 हो गई वहीं प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा भी बढ़कर 9587 पहुंच गया। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ एक लाख 97 हजार 273 नमूने लिए गए हैं।

भीलवाड़ा जिले के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का निधन

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे पराक्रम सिंह का आज निधन हो गया। वह पिछले करीब डेढ़ साल से बीमार चल रहे थे जयपुर में उपचार ले रहे थे। सिंह के निधन की खबर से बनेड़ा एवं आसपास के इलाकों में शोक की लहर छा गई।

उनके पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सिंह की अंतिम यात्रा शुक्रवार सुबह नौ बजे नजर बाग स्थित अक्षय भवन से रवाना होकर रामसरोवर तालाब के किनारे स्थित महासतिया मोक्षधाम पहुंचेगी जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सिंह बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1993 में भाजपा प्रत्याशी के रुप में विधायक चुने गए थे। वह प्रधान एवं सरपंच भी रह चुके थे और वह पंचायत समिति सदस्य थे।

खेत में जहरीले जंतु के काटने से दो किसानों की मौत

भीलवाड़ा जिले में गुरुवार को दो अलग अलग जगहों पर खेतों में कृषि कार्य करते समय जहरीले जंतु के काटने से दो किसानों की आज मौत हो गई।

थानाधिकारी भागचंद ने बताया कि बगतावरपुरा निवासी कल्याण (52) सुबह करीब साढ़े छह बजे घर से खेत जाने के लिए निकला था। इसके करीब एक घंटे बाद कल्याण का बड़ा भाई ईश्वर लाल खेत पर गया। जहां उसे कल्याण ने बताया कि उसे जहरीले जंतु ने काट लिया। इसके बाद ईश्वर, अपने भाई कल्याण को रायला अस्पताल ले जा रहा था, तभी रास्ते में ही कल्याण ने दम तोड़ दिया।

उधर एक अन्य घटना में जिले के बिजौलियां थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुरा निवासी हीरा (62) खेत में मक्का की फसल में खाद डाल रहा था। इस दौरान उसे सांप ने डस लिया। इसके चलते हीरा की मौत हो गई। शव को बिजौलियां अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

धर्मेंद्र राठौड़ ने ब्रह्मा मंदिर के जीर्णोद्धार करवाने का आग्रह किया

अजमेर। राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने आज नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला तथा केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मुलाकात कर अजमेर जिले के तीर्थराज पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर के जीर्णोद्धार करवाने का आग्रह किया है।

राठौड़ ने दोनों नेताओं से मुलाकात कर कहा कि ब्रह्मा जी का मंदिर पुष्कर में है और वह विश्व में एकमात्र मंदिर है जो कि हिंदू समुदाय की आस्था का बड़ा केंद्र है लेकिन वर्तमान में वह जीर्ण शीर्ण अवस्था में है।

उन्होंने अवगत कराया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग यहां जीर्णोद्धार का कार्य नहीं करा रहा किंतु राजस्थान सरकार इस बात के लिए तैयार है लेकिन सर्वेक्षण विभाग न तो स्वीकृति प्रदान कर रहा है और न ही अनापत्ति प्रमाण पत्र दे रहा है।

राठौड़ ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पुष्कर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के प्रति संवेदनशील है। बजट घोषणा के अनुसार पुष्कर सरोवर में गंदे पानी की आवक को रोकने, पुष्कर के सर्वांगीण विकास, सौंदर्यीकरण व आधुनिकीकरण के साथ साथ परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ, सुंदर व एवं सुगम बनाने के लिए संकल्परत है। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने शीघ्र उच्च स्तरीय कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

विशेष योग्यजनों को निःशुल्क स्कूटी हेतु आवेदन 31 अगस्त तक

0

जयपुर। राजस्थान में विशेष योग्यजनों को उच्च अध्ययन एवं रोजगार की गतिशीलता हेतु सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से निःशुल्क स्कूटी वितरण की जाएगी, जिसके लिये ऑनलाइन आवेदन करने की अन्तिम तिथि 31 अगस्त रहेगी।

सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अरविन्द कुमार सैनी ने बताया कि स्कूटी हेतु विशेष योग्यजन पेन्शन पीपीओ, आय प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र, नियमित अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, ड्राईविंग लाईसेन्स नियोक्ता का रोजगार का प्रमाण पत्र आदि के साथ आवेदन पत्र अन्तिम तिथि से पूर्व ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा।

भाजपा संतों की रक्षा एवं मान सम्मान के लिए भाजपा मजबूती से लड़ेगी : पूनियां

भरतपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने ब्रज चौरासी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ संत समाज की मांगों का समर्थन एवं इन्हें पूरा करने की राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण की पवित्र भूमि ब्रज चौरासी और संतों की रक्षा एवं मान-सम्मान के लिए भाजपा प्रदेश में सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।

डॉ. पूनियां भरतपुर जिले के पसोपा गांव पहुंचकर अवैध खनन के खिलाफ आत्मदाह करने वाले संत विजय दास को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संत समाज को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, सुखबीर सिंह जौनपुरिया एवं रंजीता कोली, पार्टी के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश मंत्री महेंद्र जाटव, जिला अध्यक्ष शैलेश सिंह, जिला प्रमुख जगत सिंह आदि ने भी संत विजय दास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

डा पूनियां ने कहा कि जब-जब देश और धर्म पर संकट आया भारत मां की रक्षा के लिए संत समाज ने अपने प्राणों का उत्सर्ग करने से कोई हिचक नहीं दिखाई। दुनिया गवाह है कि, भारत की धरती जहां भगवान राम पैदा हुए, इस धरती पर 500 वर्षों का संघर्ष और लाखों लोगों का बलिदान था, लाखों साधु संत बलिदान हो गए, साधुओं की तपस्या विफल नहीं हुई, पूरी दुनिया ने देखा कि अयोध्या की पवित्र राम जन्मभूमि पर भगवान राम के मंदिर का निर्माण प्रशस्त हुआ, जो भव्य और ऐतिहासिक मंदिर बन रहा है।

उन्होंने कहा कि जब बाबा विजयदास जीवन के अंतिम समय में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे थे तो मैं उनसे जयपुर में अस्पताल में मिलने गया, उस समय विकट पीड़ा और वेदना में भी वह राधे राधे का जाप कर रहे थे, तो यह उनके ब्रज चौरासी क्षेत्र की रक्षा के लिए समर्पण और संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संत विजय दास ने इस पूरे ब्रज क्षेत्र को बचाने के लिए प्रकृति और पर्वत को बचाने के लिए पर्वत जैसा बलिदान दिया है जो व्यर्थ नहीं जाएगा।

डॉ. पूनियां के आह्वान पर जिला प्रमुख जगत सिंह ने संत विजय दास स्मृति स्थल और पसोपा के विकास में 30 लाख रुपए के विकास कार्य कराने स्वीकृति दी और सांसद रंजीता कोली ने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

डा पूनियां ने कहा कि भाजपा के भरतपुर जिले सभी जनप्रतिनिधि जो पसोपा के विकास में और संत विजय दास स्मृति स्थल के लिए जो सहयोग कर सकते हैं, वह सभी करेंगे। उन्होंने संत विजयदास के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि हमारा धर्म और हमारी संस्कृति हमारी विरासत है, ऐसे में यदि कोई साधु, संत और महात्मा दिशा देकर जाता है तो समग्र हिंदू समाज को खड़ा होने की ताकत और प्रेरणा देता है।

इससे पहले भरतपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. पूनियां ने कहा कि संत समाज के साथ भाजपा मजबूती से खड़ी हुई है, विजय दास का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, संतों को न्याय दिलाने के लिए और अवैध खनन पर रोक लगवाने के लिए भाजपा संतों के संतों के साथ खड़ी हैं।

उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसान कर्जमाफी, भ्रष्टाचार, लचर कानून व्यवस्था, नकल माफिया, पेपर लीक माफिया, रेत माफिया, बजरी माफिया राज्य सरकार के कुशासन के प्रमाण हैं। राज्य सरकार की लापरवाही, उदासीनता के कारण संत विजय दास को अपने प्राणों का बलिदान देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी की इतनी चिंता है कि इंटेलिजेंस और पुलिस को विधायकों की जासूसी में लगा रखा है और राज्य की कानून व्यवस्था एवं बहन बेटियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता में नहीं है।

साधु के प्राणों की आहूति के बाद भी राज्य सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी, संतों के आंदोलन को दबाने का षड़यंत्र करना और अवैध खनन को बढ़ावा देना यह राज्य सरकार की नीयत पर सवाल खड़ा करता है।

डा पूनियां ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश पर केंद्रीय टीम ने पसोपा सहित आसपास के क्षेत्र में अवैध खनन और संत के आत्मदाह मामले को लेकर दौरा कर रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी है, जिसमें राज्य सरकार की पूरी तरह विफलता सामने आई है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए कांग्रेस के विधायकों को लूट का लाइसेंस दे रखा है और जिस पुलिस और इंटेलिजेंस को जासूसी में लगा रखा है, उसे महिला सुरक्षा और राज्य की सुरक्षा में लगाया जाए तो राज्य हित में होगा।

उन्होंने दावा करते हुए विश्वास जताया कि कि अगले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में और जनकल्याणकारी नीतियों से राजस्थान में प्रचंड बहुमत की भाजपा की सरकार बनेगी और भाजपा की यह सरकार ब्रज चौरासी क्षेत्र से लेकर समस्त राजस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेगी।

भाजपा की ओर से पसोपा गांव में संत विजयदास को दी पुष्पांजलि

राजस्थान में भरतपुर के डीग के पसोपा गांव मे अवैध खनन को लेकर 552 दिनों तक चले साधुसंतों के आंदोलन के दौरान पिछले दिनों आत्मदाह करने बाले संत विजयदास के आत्मदाह के मामले में भाजपा की ओर से आज पसोपा गांव में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुष्पांजलि कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, अलवर सांसद बाबा बालक नाथ, सीकर सांसद सुमेधानंद, सवाई माधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, भरतपुर सांसद रंजीता कोली शामिल हुए।

केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि संतों का मामला कोई राजनीतिक विषय नहीं है यह धार्मिक मान्यता और जन भावना के उल्लंघन का विषय है लेकिन धार्मिक प्रतिबद्धताओं से जुड़े पहाड़ों का सर्वनाश किया जा रहा था। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। संतों और स्थानीय लोगों के साथ विश्वासघात हो रहा था। उन्हें पुलिस के द्वारा दबाया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की सरकार तुष्टिकरण की नीति के तहत यह चाहती है कि कोई राजनीतिक दल या प्रतिनिधि हिंदुओं की आवाज न उठाए। उन्होंने करौली, भीलवाड़ा जोधपुर की घटनाओं के साथ उदयपुर में गला रेत दिए जाने एवं भरतपुर में संत के आत्मदाह के मामलों को एक साथ जोड़ते कहा कि इन सभी का जवाब राजस्थान के मुखिया को देना चाहिए।

रिश्वत के दो मामलों में मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित तीन अरेस्ट

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रिश्वत के दो अलग अलग मामलों में जयपुर नगर निगम ग्रेटर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी जगदीश फुलवारी सहित तीन लोगों को आज गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ब्यूरो की विशेष अनुसंधान इकाई जयपुर ने रिश्वत के मामले में उसके वाहन चालक श्रवण कुमार के माध्यम से परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दी कि उसकी फर्म द्वारा लगाए गए अग्निशमन उपकरणों के संबंध में एनओसी जारी करने की एवज में फुलवारी एक लाख रुपए की रिश्वत मांग कर उसे परेशान कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मामले में सत्यापन के बाद चालक श्रवण कुमार को परिवादी से 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। इस पर इस मामले में फुलवारी को भी गिरफ्तार किया गया। ब्यूरो के उप महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाश जारी है।

सोनी ने बताया कि दूसरे मामले में हनुमानगढ़ जिले की नोहर तहसील की मलवानी ग्राम पंचायत में कृषि पर्यवेक्षक दयाराम को पन्द्रह हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दी कि उसकी डिग्गी निर्माण की फाइल को पास कराने की एवज में कृषि पर्यवेक्षक 40 हजार रूपये की रिश्वत मांग रहा रहा है।

इसके बाद ब्यूरो टीम ने कृषि पर्यवेक्षक को परिवादी से पन्द्रह हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने शिकायत के सत्यापन के दौरान ही परिवादी से पांच हजार रुपए रिश्वत के रुप में वसूल कर लिए थे। आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाश जारी हैं।