Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 683 -
होम ब्लॉग पेज 683

अजमेर में हर घर तिरंगा हर मन चाहे तिरंगा अभियान का आगाज

0

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में आज केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय की ओर से जिले में हर घर तिरंगा हर मन चाहे तिरंगा अभियान का आगाज हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हर नागरिक से 13 से 15 अगस्त तक अपने घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया है। इसी क्रम में आज भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो के अजमेर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर में आयोजन किया गया जिसके तहत आजादी का अमृत महोत्सव पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया।

जिला कलेक्टर अंशदीप एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, कुलपति प्रो. अनिल शुक्ला की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में अजमेर के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी पराग मांदले एवं सहायक भारत भार्गव ने अतिथियों को तिरंगा बैज लगाया।

विधायक आजम खान को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आजम खान को फेंफड़ों में शिकायत और सांस लेने में तकलीफ होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खान को बुधवार देर रात न्यूमोनिया और सांस लेने में तकलीफ होने के कारण लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल के सघन चिकित्सा केन्द्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल की ओर से गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।

अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर की ओर से जारी बयान के अनुसार आज खान की जरूरी जांच कराई गई हैं। उनको क्रिटिकल केयर टीम की निगरानी में रखा गया है। उनकी तबीयत अभी स्थिर एवं नियंत्रण में है। मेदांता लखनऊ की क्रिटिकल केयर टीम के प्रमुख डा दिलीप दुबे की अगुवाई में चिकित्सकों का दल उनके बेहतर इलाज़ के लिए निरंतर प्रत्यनशील है।

संत विजयदास आत्मदाह मामले में कांग्रेस कर रही है राजनीति : सतीश पूनियां

भरतपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने भरतपुर के बृज मेवात अंचल में अवैध खनन के विरोध में संत विजयदास के आत्मदाह करने के मामले में कांग्रेस पर राजनीति करने, मामले की केन्द्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने में डरने तथा सरकार के नुमाइंदे के ही अवैध खनन में लिप्त होने के आरोप लगायाह है।

डा पूनियां ने आज यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर आस्था के साथ खड़ी है क्योंकि जनता जानती है कौन सा पक्ष सही है और कौन सा गलत है। उन्होंने कहा कि 551 दिन के आंदोलन में सरकार ने संज्ञान नहीं लिया जिसके बाद बाबा विजय दास ने आत्मदाह कर लिया।

उन्होंने कहा कि इस इलाके में आस्था के केंद्र 84 कोस परिक्रमा मार्ग में पहाड़ों में वैध और अवैध खनन होता रहा, उससे आस्था पर प्रहार होता रहा और सरकार सोती रही। डा पूनियां ने कहा कि इस मामले में सरकार नैतिक होती तो सीबीआई को जांच सौंपती। सरकार डरी हुई है क्योंकि सरकार के नुमाइंदे ही खनन में लिप्त हैं।

विपक्ष के नेता से सत्र के दौरान पूछताछ करना संसद का अपमान : कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि संसद सत्र के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) में पूछताछ के लिए बुलाना देश की संसद तथा लोकतंत्र का अपमान है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और हाल ही में आवश्यक वस्तुओं पर लगाए गए जीएसटी के खिलाफ पार्टी का शुक्रवार को प्रधानमंत्री के आवास का घेराव और पार्टी सांसदों का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर उन्हें स्थिति से अवगत कराने का कार्यक्रम होगा और सभी प्रदेशों की राजधानियों में कांग्रेस नेता प्रदर्शन करेंगे।

खड़गे से की जा रही पूछताछ को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने यहां संसद भवन परिसर में कहा कि खड़गे को ईडी द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए बुलाना लोकतंत्र का अपमान है और देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ जब संसद चल रही हो तो विपक्ष के नेता को ईडी या जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए बुलाया हो।

लोकतंत्र के इतिहास में ऐसा कोई उदाहरण नहीं है। यदि ईडी को बुलाना ही था तो विपक्ष के नेता को 11 बजे से पहले यानी संसद शुरु होने से पहले या संसद की कार्यवाही समाप्त होने के बाद पांच बजे बुलाया जा सकता है। यह लोकतंत्र का मजाक है।

उन्होंने कहा कि आखिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरते क्यों है। महंगाई बढ़ी है यह पूरा देश जानता है और कांग्रेस अपनी नहीं देश की जनता की लड़ाई लड़ रही है और शुक्रवार को कांग्रेस के सांसद राष्ट्रपति से मिलेंगे और उनको स्थिति के बारे में बताएंगे।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि लोकसभा, राज्यसभा या विधानसभाएं स्थापित परंपराओं से चलती हैं। उनका कहना था कि विपक्ष के नेता को अपनी बात कहने के लिए संसद में नोटिस लगा है उस पर चर्चा नहीं हो इसके बावजूद उन्हें ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया है और यह परंपराओं, लोकतंत्र और संसद का अपमान है।

रंजीत रंजन ने कहा कि परंपराओं का उल्लंघन करके सरकार ने न सिर्फ विपक्ष के नेता बल्कि संसद और देश का अपमान किया है। सदन में सबसे ज्यादा हैसियत सभापति की होती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी जब से सता में आई है, उनकी हैसियत को कम किया जा रहा है और सरकार के मंत्री जो बोलते हैं उसको महत्व दिया है यह शर्मनाक है और इसकी भर्त्सना करते हैं।

इस बीच कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि खड़गे से साढे़ 12 बजे से लगातार पूछताछ की जा रही है। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।

ईडी ने फिर से खंगाला हेराल्ड हाउस स्थित यंग इंडिया का कार्यालय

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) की टीम ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नियंत्रण वाली कंपनी यंग इंडिया लिमिटेड के दिल्ली के हेराल्ड हाउस स्थित कार्यालय की गुरुवार को फिर से तलाशी ली।

सूत्रों ने बताया कि नेशनल हेराल्ड मामले की जांच कर रही ईडी के फिर से कंपनी कार्यालय की तलाशी लेने की कार्रवाई की गांधी ने कड़े शब्दों मे आलोचना करते हुए इसे पार्टी को आतंकित करने के लिए की गई कार्रवाई बताया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को ईडी ने तलब किया है जबकि संसद का अधिवेशन चल रहा है। वास्तव में वह 12 बजकर 20 मिनट पर वहां के लिए निकल चुके थे और उन्होंने अपनी हाजिरी भी लगा दी है। यह मोदीशाही चल रही है जो दिनोंदिन निचले स्तर पर गिर रही है।

सूत्रों ने बताया कि जब ईडी की रेड चल ही रही थी इसी दौरान खड़गे भी हेराल्ड हाउस पहुंच गए थे। ईडी ने बुधवार को यंग इंडिया के कार्यालय को सील करने से पहले ही मंगलवार को हेराल्ड हाउस और हेराल्ड हाउस पत्र समूह के कई जगहों पर स्थित कार्यालयों पर छापे मारे थे। खड़गे ने मंगलवार को कहा था कि नेशनल हेराल्ड के कई कार्यालयों पर ईडी के छापे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है।

पिछले सप्ताह कांग्रेस अध्यक्ष को तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था और इससे पहले गांधी से यहां ईडी मुख्यालय पर पांच दिनों तक 50 घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की गई थी। मंगलवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र के कार्यालय पर ईडी के छापे के खिलाफ हेराल्ड हाउस के बाहर प्रदर्शन किया था।

कांग्रेस ने पहले देश लूटा, अब अराजकता फैला रही है : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस एवं उसके नेता राहुल गांधी पर आज आरोप लगाया कि उन्होंने भ्रष्टाचार करके देश को लूटा और उसके बाद वे देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को ये बताना आवश्यक है कि जिस प्रकार का आचरण कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किया जा रहा है, ये उचित नहीं है। पहले आप चोरी करते हैं, देश को लूटते हैं और उसके बाद पूरे देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाटिया ने कहा कि ये तथ्य भी सर्वविदित है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों भ्रष्टाचार के आरोप में जमानत पर बाहर हैं। सार्वजनिक जीवन में आप हैं और आपकी जिम्मेदारी भी बड़ी है। आपको चाहिए कि जो सवाल जनता पूछ रही है और हम यहां से उठा रहे हैं, आप उनका उत्तर दें।

उन्होंने कहा कि ये अनर्गल बयान सुनने में आ रहे हैं कि ईडी को सोनिया गांधी, राहुल गांधी से पूछताछ के लिए उनके घर जाना चाहिए। कांग्रेस के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी संविधान से ऊपर हैं। लेकिन कोई आरोपी है तो कानून कहता है कि उससे पूछताछ होगी और पूछताछ करने वाली एजेंसी के कार्यालय में ही होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी परिवार के करीबी स्वर्गीय मोतीलाल वोरा के सिर पर पूरा ठीकरा फोड़ा जा रहा है। ये कहा जा रहा है कि हमें कुछ पता ही नहीं है, जो किया वो मोतीलाल वोरा जी ने किया। क्या ये सत्य नहीं कि यंग इंडिया में 38 फीसदी राहुल गांधी की है और 38 फीसदी सोनिया गांधी की हिस्सेदारी है।

उन्होंने कहा कि आधी से ज्यादा हिस्सेदारी में आपकी नियंत्रणकारी हिस्सेदारी है। जब नियंत्रणकारी हिस्सेदारी राहुल गांधी और सोनिया गांधी की है, तो ठीकरा एक ऐसे व्यक्ति पर फोड़ा जा रहा है जो आज दुनिया में नहीं है। ये जो घोटाला हुआ, मनी लॉन्ड्रिंग की गई, ये किसने किया? ये फैसला किसने लिया था?

भाटिया ने कहा कि जिस कंपनी के पास कोई संपत्ति नहीं है उसे दूसरी कंपनी एक करोड़ रुपए क्यों देती है। राहुल गांधी की जेब से एक रुपया भी नहीं गया। लेकिन 2,000 करोड़ रुपए की संपत्ति का नियंत्रणकारी हिस्सेदारी उनकी हो गई। ऐसा हमने कभी नहीं देखा, ये कैसे हो गया राहुल गांधी इसका भी जवाब दें।

डरा धमका कर हमें चुप कराने में कामयाब नहीं होगी सरकार : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि सरकार चाहती है कि उससे कोई जनता से जुड़े मुद्दों पर सवाल नहीं पूछे इसलिए वह डरा धमका कर हमें चुप कराने का प्रयास कर रही है लेकिन उसकी यह कोशिश सफल नहीं होगी।

गांधी ने यहां नेशनल हेराल्ड मामले में पूछे एक सवाल पर कहा कि यह पूरा मामला डराने धमकाने का है और सरकार बराबर धमकाने की कोशिश कर रही है। सरकार का प्रयास यही है कि विपक्षी दलों की आवाज को दबाया जाए ताकि वह सरकार से सवाल नहीं पूछ सके।

उन्होंने कहा कि ये सोचते हैं कि थोड़ा-सा प्रेशर डालकर हमें चुप कर देंगे। हम चुप नहीं होने वाले। जो इस देश में नरेन्द्र मोदी जी, अमित शाह जी कर रहे हैं, लोकतंत्र के खिलाफ, उसके खिलाफ हम खड़े रहेंगे, चाहे ये कुछ भी कर लें, कोई फर्क नहीं पड़ता।

कांग्रेस नेता से जब पूछा गया कि भारतीय जनता पार्टी कहती है कि वह रण छोड़ने भी नहीं देगी और भागने भी नहीं देगी, इस पर गांधी ने कहा कि भागने की कौन बात कर रहा है। भागने की वो बात कर रहे हैं। देखिए, हम इंटिमिडेट नहीं होंगे, हम मोदी से नहीं डरते हैं। कर लें, जो करना है, कुछ फर्क नहीं पड़ेगा। जो मेरा काम है, देश की रक्षा करना, लोकतंत्र की रक्षा करना, देश में जो भाईचारा है, उसको बनाए रखना, वो मैं करता रहूंगा, ये कुछ भी कर लें।

सीजेआई रमना ने उदय उमेश ललित को अपना उत्तराधिकारी बनाने की सिफारिश की

नई दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने वरिष्ठतम न्यायाधीश उदय उमेश ललित को अपने उत्तराधिकारी के रूप में नामित करने की सिफारिश की है। न्यायमूर्ति रमना ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय को तीन अगस्त को भेजी गई सिफारिश पत्र की एक प्रति गुरुवार को न्यायमूर्ति ललित को सौंपी।

सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के सचिवालय को बुधवार को कानून और न्याय मंत्रालय से एक पत्र मिला, जिसमें उनसे (न्यायमूर्ति रमना) अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने का अनुरोध किया गया था।

भारत के 48वें मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति रमना 26 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वरिष्ठता क्रम में उनके बाद न्यायमूर्ति ललित आते हैं, जो (सिफारिश के अनुसार) 49वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।

वकालत करते हुए 13 अगस्त 2014 को सीधे सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनने वाले न्यायमूर्ति ललित के 27 अगस्त, 2022 को कार्यभार संभालने की संभावना है। यदि वह मुख्य न्यायाधीश बनते हैं (जिसकी पूरी संभावना है) तो वह दो महीने 13 दिनों के बाद आठ नवंबर 2022 तक इस पद पर बने रहेंगे।

न्यायमूर्ति ललित को 1983 के जून में एक वकील के रूप में पंजीकृत किया गया था और उन्होंने दिसंबर 1985 तक बम्बई उच्च न्यायालय में वकालत की थी। उन्हें अप्रैल 2004 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एक वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था।

मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के सभी मामलों में सुनवाई करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के लिए विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) के रूप में नियुक्त किया था।

रक्षाबन्धन पर यात्रा डॉट कॉम की विशेष ऑफरों की घोषणा

नई दिल्ली। ऑनलाइन ट्रेवल सेवायें प्रदान करने वाली कंपनी यात्रा डॉट कॉम ने अपने 16वें वर्षगांठ के साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष पेशकश की घोषणा की है।

कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि ये ऑफर 10 अगस्त तक उपलब्ध रहेंगे। इसके लिए कंपनी ने विभिन्न बैंकों (आईसीआईसीआई, कोटक, एचएसबीसी, और वनकार्ड) और एयरलाइन्स (एयर इंडिया, एयर एशिया, इंडिगो, विस्तारा, स्पाइसजेट, गो फर्स्ट, एयर सेशेल्स, अमेरिकन एयरलाइंस, ब्रिटिश एयरवेज, एतिहाद एयरवेज, जापान एयरलाइंस, मलेशिया एयरलाइंस, ओमान एयर, स्कूट और वर्जिन अटलांटिक जैसी) के साथ करार किया है।

यह विभिन्न चैनलों, जैसे यात्रा डॉट कॉम की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफार्मो और कंपनी के ऐप पर भी लाइव है। यात्रा ऑनलाइन इंक के सह-संस्थापक और सीईओ ध्रुव श्रृंगी ने कहा कि यात्रा और आतिथ्य उद्योग में हमारे लिए यात्रा डॉट कॉम की 16 वीं वर्षगांठ महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है, जहाँ भारत के अग्रणी यात्रा कंपनियों में से एक होने के लिए हमने अपने पोर्टफोलियो को काफी मजबूत किया है।

इस अवसर पर हम अपने प्लेटफार्म पर अपने ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर्स की घोषणा करते हुए रोमांचित हैं। हमने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ-साथ होटलों, छुट्टियों के पैकेज, बसों और गतिविधियों पर विशेष ऑफरों की घोषणा की है जिसमे ग्राहक 32 प्रतिशत तक की छूट का लाभ उठा सकते हैं।

कोर्ट ने शिवसेना सांसद संजय राउत की ईडी हिरासत 8 अगस्त तक बढ़ाई

मुंबई। मुंबई में धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की एक विशेष अदालत ने गुरुवार को कथित मनी लॉन्ड्रिंग पात्रा चॉल भूमि मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत आठ अगस्त तक बढ़ा दी।

एजेंसी द्वारा चॉल के पुनर्विकास में कथित अनियमितता पाए जाने के बाद धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने सोमवार (एक अगस्त) को शिवसेना सांसद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया था। इससे पहले ईडी के विशेष लोक अभियोजक हितेन वेनेगांवकर ने एक अगस्त को राउत की आठ दिन की हिरासत मांगी थी।

उल्लेखनीय है कि ईडी ने गत रविवार (31 जुलाई) को शिवसेना सांसद राउत को उनके आवास पर नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ करने के बाद धन-शोधन निवारण अधिनियम के तहत हिरासत में ले लिया था। बाद में उन्हें ईडी कार्यालय ले जाया गया था। जहां उनसे सोमवार को सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। आज पीएमएलए की विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान राउत की ईडी हिरासत की समय सीमा आठ अगस्त तक बढ़ा दी गई।