Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 685 -
होम ब्लॉग पेज 685

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय को पुलिस छावनी बनाने की कार्रवाई अघोषित आपातकाल : गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नेशनल हेराल्ड (यंग इंडिया) के दफ्तर को सील कर देने को अन्याय करार देते हुए कहा है कि कांग्रेस मुख्यालय एवं दस जनपथ को पुलिस छावनी बनाने की आज की कार्रवाई अघोषित आपातकाल है।

गहलोत ने कहा कि नेशनल हेराल्ड (यंग इंडिया) के दफ्तर को जबरन सील कर दिया गया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की इस तानाशाही सरकार के खिलाफ यदि कांग्रेसजनों के साथ आम जनता खड़ी नहीं हुई तो इसका खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मीडिया इस अन्याय के खिलाफ एक शब्द बोलने की हिम्मत तक नहीं कर पा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों से बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी एवं आवश्यक वस्तुओं पर मनमानी जीएसटी थोपने के विरुद्ध कांग्रेस पार्टी ने पांच अगस्त को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है। आज इस महंगाई और बेरोजगारी से देश के गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोग बुरी तरह परेशान है।

केन्द्र सरकार की इन नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं, एनजीओ एवं आमजन को भी भागीदारी निभानी चाहिए एवं अपने-अपने प्लेटफॉर्म पर भी लगातार सरकार पर दबाव बनाना चाहिए जिससे इस तानाशाही सोच की सरकार पर दबाव पड़े और उन्हें मजबूर होकर आमजन के हित में फैसले लेने पड़े।

ED ने यंग इंडियन कार्यालय सील किया, सोनिया के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात

नीता अंबानी,निर्मला सीतारमण बनी भारत की मोस्ट पॉवरफुल वुमैन इन बिजनेस-2022

नई दिल्ली। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्माला सीतारमण और रिलायंस इंडस्ट्रीज की निदेशक नीता अंबानी को फॉर्च्यून इंडियाज मोस्ट पॉवरफुल वुमैन इन बिजनेस-2022 की रैंकिंग में संयुक्त रूप से पहले पायदान पर जगह मिली है। चैनल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) लीना नायर तीसरे स्थान पर हैं।

रैंकिंग में फैशन ब्रांड नायका की सीईओ फाल्गुनी नायर, आईएमएफ की डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गीता गोपीनाथ, सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने भी जगह बनाई है। इसमें शामिल होने वाली ईशा अंबानी सबसे युवा महिला हैं।

फॉर्च्यून ने नीता अंबानी को मल्टी टास्कर (एक वक्त में अधिक कार्य करने वाली) बताया है। फॉर्च्यून ने कहा कि नीता अंबानी देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस की निदेशक और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन होने के साथ रिलायंस के फ्लैगशिप बिजनेस एंपायर और परिवार के बीच कड़ी का काम करती हैं।

पत्रिका ने कहा कि व्यक्तिगत व्यस्तताओं के बावजूद पिछले वर्ष उन्होंने जियो वर्ल्ड सेंटर और जियो इंस्टीट्यूट को खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। रिलायंस फाउंडेशन के शिक्षा और स्वास्थ्य कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। दक्षिण अफ्रीका और यूएई में क्रिकेट टी-20 टीम के अधिग्रहण को मुकाम तक पहुंचाया।

फॉर्च्यून ने सीतारमण के लिए कहा कि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से उपजी विकट आर्थिक परिस्थितियों का उन्होंने जमकर सामना किया। देश में महंगाई काबू में रखने, राजस्व बढ़ाने और अवसंरचना के लिए धन का इंतजाम करने के लिए उन्हें पहला स्थान मिला है। पत्रिका ने कहा है कि आर्थिक मोर्चे पर केन्द्रीय वित्त मंत्री ने कई कड़े फैसले लिए। आत्मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज का जिक्र भी उनकी उपलब्धियों में शामिल है।

चुनाव में लुभावने वादों का आकलन हो : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने बुधवार को कहा कि चुनावी लाभ के लिए करदाताओं की गाढ़ी कमाई मुफ्त उपहार पर लुटाने के लुभावने वादे का अर्थव्यवस्था पर होने वाले नफा-नुकसान के आकलन के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, नीति आयोग जैसा एक विशेषज्ञ निकाय का गठन किया जाना चाहिए।

शीर्ष अदालत ने इस निकाय के गठन के लिए संबंधित पक्षों को विचार-विमर्श कर अपनी राय एक सप्ताह में देने को कहा हैं। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने कहा कि ये सभी नीति से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं, जिसमे सभी को इसमें भाग लेना चाहिए।

पीठ ने केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और जनहित याचिका याचिकाकर्ता अधिवक्ता अश्विनी कुमार उपाध्याय से विचार विमर्श कर एक विशेषज्ञ निकाय के गठन करने के लिए एक सप्ताह के भीतर सुझाव देने को कहा जो इस तथ्य की जांच करेगा कि मुफ्त उपहारों को कैसे विनियमित किया जाए।

पीठ ने कहा कि हम कहेंगे वित्त आयोग, राजनीतिक दल, विपक्षी दल, ये सभी इस विशेषज्ञ समूह के सदस्य हो सकते हैं। उन्हें बहस करने दें और उन्हें बातचीत करने दें। उन्हें अपने सुझाव देने दें और (अदालत में) अपनी रिपोर्ट सौंपें।

शीर्ष अदालत ने यह सुझाव तब दिया जब केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि चुनावों से पहले राजनीतिक दलों द्वारा मुफ्त उपहार का किया गया वादा एक ‘आर्थिक आपदा’ है।

चुनाव आयोग के वकील ने कहा कि इस मामले का फैसला केंद्र सरकार को करना चाहिए। मुफ्त उपहारों के मामले में शीर्ष अदालत के फैसले से उसके हाथ बंधे हुए हैं। इस पीठ ने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है। चुनाव आयोग और केंद्र सरकार यह नहीं कह सकती कि वे इस मामले में कुछ नहीं कर सकते।

वरिष्ठ कपिल सिब्बल ने अपनी ओर से सुझाव दिया कि चुनाव आयोग को इस मामले से बाहर रखा जाना चाहिए, क्योंकि यह एक राजनीतिक और आर्थिक मुद्दा है। इस पर संसद में बहस होनी चाहिए। इस पर पीठ ने कहा कि शायद कोई भी राजनीतिक दल मुफ्त उपहारों को खत्म नहीं करना चाहेगा।

उपाध्याय ने एक जनहित याचिका दायर कर चुनाव के समय मुफ्त उपहार का वादा करने वाले राजनीतिक दलों की मान्यता रद्द करने की गुहार लगाई है। शीर्ष अदालत ने इस मामले में आगे की सुनवाई के लिए अगले सप्ताह की तारीख मुकर्रर की है।

अजमेर में भाजपा हर घर में तिरंगा लगाने का काम करेगी

अजमेर। राजस्थान में अजमेर शहर भारतीय जनता पार्टी आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर में तिरंगा लगाने का काम करेगी।

अजमेर के संगठन कार्यालय पर अध्यक्ष डॉ प्रियशील हाडा की मौजूदगी में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने का काम किया जाएगा जिसके लिए संगठन की ओर से उपाध्यक्ष आनंद सिंह राजावत को जिम्मेदारी दी गई है।

निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धर्मेंद्र गहलोत ने कहा कि यह कार्यक्रम वृहद और बूथ स्तर पर किया जाना चाहिए। साथ ही हर घर तक भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा पहुंचाने में सफल हो और तिरंगा घर घर लगे इसके प्रयास होने चाहिए। प्रभारी राजावत ने बताया कि सफल आयोजन के लिए युवा मोर्चा आगामी दिनों में एक रैली आयोजित करेगा जिसके जरिए आमजन को अभियान से जोड़ा जाएगा।

डॉ हाडा ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदत्त कार्यक्रम के तहत 11 एवं 12 अगस्त के मध्य तिरंगा यात्रा 11 एवं 13 अगस्त के मध्य प्रभातफेरी 11 से 15 अगस्त के मध्य महापुरुषों की मूर्ति सफाई एवं माल्यार्पण 13 से 15 अगस्त के मध्य हर घर तिरंगा फहराने का आयोजन किया जाएगा।

अजमेर में नाबालिग से रेप के दोषी को 20 वर्ष का कारावास

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की पोक्सो मामलों की विशिष्ट अदालत संख्या एक ने आज नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को बीस वर्ष की सजा तथा आर्थिक दंड से दंडित किया।

लोक अभियोजक रुपिंदर कुमार परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला अजमेर जिले के जवाजा थाने से जुड़ा है जहां 18 नवंबर 2020 को पीड़िता के पिता ने थाने में प्रकरण दर्ज कराया कि उनकी अनुपस्थिति में पड़ोस में रहने वाले युवक ने उनकी 16 वर्षीय नाबालिग को डरा धमका एवं बहला फुसलाकर अहमदाबाद ले जाकर दुष्कर्म किया।

दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आज न्यायाधीश पन्नालाल जाट ने दुष्कर्म के आरोपी को बीस वर्ष का कठोर कारावास तथा 48 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।

गहने ठगने वाली अंतरराज्यीय महिला ठग अरेस्ट

अजमेर की क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने महिलाओं को धोखा देकर गहने ठगने वाली अंतरराज्यीय महिला ठग को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थाना अधिकारी डॉ रवीश सांवरिया ने बताया कि कल अजमेर के ही राजकीय जनाना अस्पताल से पीड़िता नजमा बानो की ओर से उसके सोने के टोप्स, अंगूठी आदि चोरी होने का प्रकरण दर्ज कराया गया जिसके अनुसंधान में पुलिस ने आरोपी महिला ठग रुक्साना बानो (50) पुलिस थाना नयापुरा कोटा को गिरफ्तार कर चोरी किए गए टॉप्स बरामद कर लिए।

अनुसंधान में उजागर हुआ कि आरोपी महिला अंतरराज्यीय स्तर की ठग है और उसके खिलाफ टोंक, बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, झालावाड़ आदि में तेरह प्रकरण दर्ज है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला ने वारदात करना कबूल कर लिया है।

भीलवाड़ा : पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे 5 बदमाश अरेस्ट

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की बनेड़ा पुलिस ने पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे पांच बदमाशों को आज गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार बनेड़ा थाना प्रभारी राजेंद्र ताड़ा पुलिस दल के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे कि सूचना मिली कि स्टेट हाइवे संख्या 12 मानपुरा मोड़ में पहाड़ी की दीवार के पास एक काले रंग की बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल खड़ी है और दीवार की ओट में चार-पांच व्यक्ति बैठे हैं, जो हाइवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं।

इस पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घेेरा डालकर उन्हें पकड़ लिया। मौके से पल्सर मोटरसाइकिल, तलवार, गुप्ती, लोहे का पाइप, दो थैलियों में 400 ग्राम मिर्ची पाउडर, एक लंबा मोटा पाइप एवं नकाब मिले। पुलिस ने मोटरसाइकिल एवं हथियार जब्त कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार बदमाशों में खातीखेड़ा, मंगरोप सोनूसिंह, मनीष निवासी सोला का खेड़ा मंगरोप, महावीर छापरीखेड़ा सदर, रतन छापरीखेड़ा एवं देवेंद्र निवासी ईंटमारिया, शाहपुरा शामिल हैं। ताड़ा ने बताया कि पकड़े गए पांच में से चार बदमाशों के खिलाफ पूर्व में भी प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा नौ मामले मनीष पर, तीन महावीर, सोनू एवं रतन पर दो-दो मामले दर्ज हैं।

एक व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत

भीलवाड़ा जिले के बिजौलि‍यां कस्बे के विजय सागर तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया हैं। पुलिस ने बताया कि‍ भील बस्ती निवासी एवं मवेशी चराने वाले रंगलाल भील (60) का शव आज तालाब में पानी पर तैरता मिला। ग्रामवासियो की सूचना पर शव तालाब से बाहर निकाला गया। रंगलाल गत एक अगस्त को मवेशी चराने घर से निकला था। इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। घर वालों ने तलाश भी की लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया और बुधवार को उसका शव तालाब में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत

भीलवाड़ा में प्रतापनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में आज दोपहर स्कूटर के ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। थाने के हैडकांस्टेबल सत्यकाम सिंह ने बताया कि पुर निवासी और ट्रांसपोर्ट नगर में रायपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक इमामुद्दीन का बेटा रिजवान (21) दोपहर स्कूटर लेकर ट्रांसपोर्ट नगर में ही किसी काम से जा रहा था कि ट्रक ने उसके स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रिजवान गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां रिजवान को उदयपुर भेज दिया गया लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

धौलपुर में बदमाशों ने तेल मिल मालिक के पैर काटे

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में सदर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में बदमाशों द्वारा मिल के बाहर सो रहे एक मिल मालिक के पैर काट दिए जाने की लोमहर्षक वारदात की जानकारी प्राप्त हुई है।पुलिस के अनुसार इस वारदत मे गम्भीर रूप से घायल मिल मालिक गंगाराम 55 खेड़ा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया है।

बताया गया है कि मिल मालिक को किसी बात को लेकर बदमाशों ने दो दिन पहले पैर काटने की धमकी भी दी थी। पैर काटने की घटना से गुस्साए कुशवाहा समाज के लोगों ने बुधवार को खेड़ा गांव के बाजार को बंद कर कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए नारेबाजी की।

बताया गया कि गंगाराम खेड़ा गांव में अपनी तेल मिल के बाहर सो रहा था। इसी दौरान मंगलवार देर रात करीब दो बजे गांव का रहने वाले आरोपी ने तीन साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी और फरसे से मिल मालिक के दोनों पैर काट दिए। पता चला है कि पीड़ित और आरोपी युवक का एक साथ बैठना उठना था। दो दिन पहले उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।

इस पर आरोपी ने गंगाराम को पैर काटने की धमकी दी थी लेकिन उसने इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुशवाहा समाज के लोगों ने धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की।

थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए कुछ लोगों को राउंडअप किया है। जिनसे पूछताछ करने के बाद मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

धौलपुर में भाजपा के कद्दावर नेता अशोक शर्मा का निधन

धौलपुर में भाजपा के कद्दावर नेता अशोक शर्मा का निधन

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में भारतीय जनता पार्टी भाजपा के कद्दावर नेता अशोक शर्मा का बुधवार को हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया।

अशोक शर्मा के निधन की खबर सुनते ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उनके निवास स्थान पर पहुंची। राजे के अलावा करौली-धौलपुर सांसद मनोज राजोरिया, बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को सांत्वना दी। बताया गया कि शर्मा के निधन की खबर सुनकर उनके गांव में रहने वाले परिवार में चाचा गोविंद शर्मा का भी निधन हो गया।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नजदीकी माने जाने वाले अशोक शर्मा पूर्व मंत्री बनवारी लाल शर्मा के सबसे बड़े बेटे थे। अशोक शर्मा साल 2018 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। धौलपुर के चंबल मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अशोक शर्मा ने 2008 में कांग्रेस की टिकट पर धौलपुर विधानसभा और 2018 में भाजपा की टिकट पर राजाखेड़ा विधानसभा से चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों ही बार उनको हार का सामना करना पड़ा था।

2018 में कांग्रेस की अंदरूनी कलह के बाद अशोक शर्मा ने जिला अध्यक्ष का पद छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली थी और राजाखेड़ा विधानसभा से चुनाव लड़ा था। अशोक शर्मा के निधन की खबर सुनकर उनके गांव में रहने वाले परिवार में चाचा गोविंद शर्मा का भी निधन हो गया।

राजस्थान में बुधवार को सामने आए कोरोना के 343 नए केस

जयपुर। राजस्थान में कोरोना के मामलों में वृद्धि जारी है और बुधवार को इसके 343 नये मामले सामने आए, जिससे इसके सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 2200 के पार पहुंच गई।

चिकित्सा विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटों में नए मामलों में 43 की वृद्धि हुई। नए मामले राजधानी जयपुर में ज्यादा सामने आ रहे हैं जहां सर्वाधिक 109 मामले सामने आए जबकि अलवर जिले में 35, दौसा में 31, उदयपुर में 27, जोधपुर में 24, अजमेर एवं भीलवाड़ा में 14-14, राजसमंद में 12, जालोर में 11, बांसवाड़ा एवं कोटा में 10-10, चित्तौड़गढ़ में आठ, जैसलमेर, नागौर, सवाईमाधोपुर एवं सिरोही में छह-छह, बाडमेर एवं झालावाड़ में चार-चार एवं बीकानेर, सीकर एवं चूरु जिले में दो-दो नए मामले सामने आए।

नए मामलों के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 12 लाख 95 हजार 218 हो गई। प्रदेश में 222 मरीजों के और स्वस्थ होने से अब तक 12 लाख 83 हजार 424 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना से अब तक 9585 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना जांच के लिए अब तक दो करोड़ एक लाख 89 हजार 232 नमूने लिए गए हैं।

प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 2209 पहुंच गई। इनमें सर्वाधिक 715 सक्रिय मरीज जयपुर जिले में है जबकि जोधपुर में 215, अलवर में 181, उदयपुर में 132, अजमेर 108, एवं दौसा में 107 तथा अन्य कई जिलों में इससे कम सक्रिय मरीज हैं जबकि बूंदी, झुंझुनूं एवं पाली जिले में कोरोना का कोई सक्रिय मरीज नहीं हैं।

ED ने यंग इंडियन कार्यालय सील किया, सोनिया के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दिल्ली स्थित हेराल्ड हाउस में यंग इंडियन कंपनी के कार्यालय को सील कर दिया। इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के यहां 10 जनपथ आवास पर पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है।

धन शोधन निवारक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आने वाले मामलों की जांच करने वाली ईडी ने बीते दो दिनों में नेशनल हेराल्ड के देश भर में विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली थी। इसके विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली में बहादुरशाह मार्ग स्थित हेराल्ड हाउस पर प्रदर्शन किया था। इन प्रदर्शनों के बाद एजेंसी ने इस भवन में यंग इंडियन कंपनी के कार्यालय को अस्थाई रूप से सील कर दिया। नेशनल हेराल्ड और उसके अनुषंगी प्रकाशनों का स्वामित्व इसी कंपनी के अधीन है।

दस जनपथ पर शाम को पुलिस बंदोबस्त बढ़ाए जाने के कुछ ही देर में पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडगे, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम, अभिषेक मनु सिंघवी और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता कांग्रेस के मुख्यालय 24, अकबर रोड पहुंच गए। कांग्रेस मुख्यालय सोनिया गांधी के आवास से सटा हुआ है। हेराल्ड हाउस को सील करने के बाद ईडी ने हिदायत दी है कि उसकी अनुमति के बगैर यंग इंडियन के कार्यालय काे नहीं खोला जा सकता है।

नेशनल हेराल्ड मनी लॉड्रिंग मामले में सोनिया गांधी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से कई दौर की पूछताछ कर चुका है। यंग इंडियन कंपनी में श्रीमती गांधी के 38 प्रतिशत शेयर हैं और राहुल गांधी के भी इसमें 38 फीसदी शेयर हैं। इस कंपनी के माध्यम से नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र समूह का परिचालन करने वाली एसोसिएटेड जर्नल्स लि (एजेएल) का अधिग्रहण किया था। इस कंपनी के अन्य शेयर धारकों में कांग्रेस नेता मोती लाल बोरा और ऑस्कर फर्नाडीज भी थे।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता जयराम रमेश ने इस बीच ट्वीट किया कि पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास को घेर लिया है। यह बदले की राजनीति है।

इससे पहले राज्य सभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आवासों की पुलिस घेराबंदी का मामला उठाने का प्रयास किया। डोपिंग रोधी विधेयक पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के जवाब के दौरान उन्होंने यह मामला उठाने का प्रयास किया लेकिन उप सभापति हरिवंश ने इसकी अनुमति नहीं दी। सदन के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि कानूनी एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, सरकार उनके काम में हस्तक्षेप नहीं करती। इस पर कांग्रेस के सदस्य सदन से उठकर चले गए।