Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 692 -
होम ब्लॉग पेज 692

जयपुर : ट्रेलर और कार की भिडन्त में 3 महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत

0

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के रेनवाल थाना क्षेत्र में चौमू रेनवाल राजमार्ग पर हरसौली ईंट के भट्टे के पास आज ट्रेलर एवं कार में भिडन्त हो जाने से तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार कार सवार लोग किशनगढ़ से चौमू की ओर जा रहे थे इसी दौरान हरसौली भट्टे के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से कार की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार में सवार तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई तथा एक घायल हो गया।

दुर्घटना के बाद चौमू रेनवाल राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी उमराव सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से रेनवाल थाने में रखवाकर यातायात सुचारू करवाया।

नीतीश के साथ मजबूती से खड़ी है भाजपा, अगला विधानसभा चुनाव साथ लड़ेगी

पटना। भारतीय जनता पार्टी ने आज घोषणा की कि पार्टी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मजबूती से है और वर्ष 2025 मे होने वाले बिहार विधानसभा का चुनाव साथ मिलकर लड़ेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने रविवार को पार्टी संयुक्त मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय हुई बैठक के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी साथ मिलकर बिहार में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में वर्ष 2024 का लोकसभा और वर्ष 2025 का विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगी साथियों के साथ मिल कर लड़ेंगे।

सिंह ने कहा कि राजग में कोई मतभेद नहीं है। राजग में आपस में बहुत प्रेम और एकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन धर्म का पालन करती है और गठबंधन के साथियों को सदैव सम्मान देती है। गठबंधन में आपस में किसी भी तरह की खींचतान से सीधे इनकार किया और कहा कि हम सब एक साथ हैं। आपस में मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

दरअसल भाजपा के संयुक्त मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी कि भाजपा बिहार में अगामी विधानसभा का चुनाव अकले लड़ेगी। इसके लिए भाजपा बिहार विधानसभा की 200 सीटों पर तैयारी कर रही है। इसी तैयारी को धार देने के लिए संयुक्त मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक हो रही है लेकिन इस बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सिंह ने चौंकाने वाला बयान दे दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कह दिया कि भाजपा राजग के सहयोगी दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

उल्लेखनीय है कि भाजपा संयुक्त मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया था। उन्होंने शनिवार को कई कार्यक्रम किये। उन्होंने पटना में रोड शो भी किया। वहीं, इस संयुक्त बैठक का समापन आज केंद्रीय गृहमंत्री एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तय कार्यक्रम के तहत किया। इसमें भाजपा के केंद्रीय शीर्ष नेता भी शामिल रहे।

बाघसुरी गांव में कांवड़ियों की आवभगत, कराया जलपान

नसीराबाद/बाघसूरी। सावन मास में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पुष्कर सरोवर का पवित्र पवित्र जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का बाघसुरी समेत मार्ग में पडने वाले गांवों में रविवार को स्वागत सत्कार किया गया।

समाजसेवी गुरुदयाल गुर्जर डूमाडा, सांवरलाल गुर्जर, गोरधनलाल गुर्जर, बनवारी लाल प्रजापत के सान्निध्य में शिवभक्तों ने ग्राम रामपुरा, नाहरपुरा, संथालिया आदि गांवों के कांवड़ियों का स्वागत किया तथा उन्हें जलपान कराया। कई जगह फलाहार बांटे।

ज्ञान चंद वैष्णव ने बताया कि रविवार देर शाम को ग्राम अजबाकाबाडियां व बाघसूरी सरहद पर समाजसेवी गुर्जर ने सैकड़ों कांवड़ियों को विश्राम के लिए ठहराव पर जलपान कराकर उनकी आवभगत की।

इसी तरह कांवडियों के काफिले का बाघसुरी गांव के बाहर स्थित श्रीबालाजी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर ठहराव हुआ। उनके लिए शीतल जल की व्यवस्था की गई।

आईआईटी-मद्रास में सेकंड ईयर की छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास

चेन्नई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-मद्रास (IIT-M) के विशाल परिसर से एक चौंकाने वाली घटना में एक अज्ञात व्यक्ति ने द्वितीय वर्ष की छात्रा का कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया, जिसके बाद संस्थान ने इसकी जांच शुरू की।

आईआईटी-एम की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह घटना रविवार/सोमवार (24/25 जुलाई) के दरम्यानी सुबह के दौरान हुई। इसकी सूचना छात्र के एक मित्र द्वारा घटना के लगभग दो दिन बाद संस्थान को दी गई। संस्थान ने तुरंत जांच शुरू की व कैमरा फुटेज की जांच की और लगभग 300 लोगों की तस्वीरें साझा कीं, जो छात्रा द्वारा दिए गए विवरण से मेल खाते थे।

बयान में कहा गया कि छात्रा ने अभी तक किसी की सकारात्मक पहचान नहीं की है। उस रात ड्यूटी पर तैनात 35 से अधिक संविदा कर्मियों की पहचान परेड भी आयोजित की गई। पर छात्रा अपने हमलावर की पहचान करने में असमर्थ थी।

आईआईटी-एम ने कहा कि परिसर के सभी गेट पर्याप्त रूप से सुरक्षित हैं और हर 100 मीटर पर एक सुरक्षा गार्ड तैनात किया गया है। संस्थान में फ्रेंड सिस्टम भी है और विषम समय में एक सुरक्षा कर्मचारी के साथ संस्थान में बस को बुलाने की सुविधा भी है। छात्रा की पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में कोई दिलचस्पी नहीं है और संस्था द्वारा जांच अभी भी जारी है।

यह घटना तमिलनाडु की मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की उस चेतावनी के कुछ दिनों के बाद हुई जब उन्होंने ऐलान किया कि सरकार छात्राओं के शारीरिक और यौन उत्पीड़न के खिलाफ मूकदर्शक नहीं बनेगी तथा अपराधियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाएगी।

मनी लॉन्ड्रिंग : ईडी की हिरासत में शिवसेना सांसद संजय राउत

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के एक मामले में रविवार को शिवसेना सांसद संजय राउत के आवास पर 9 घंटे की तलाशी और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया।

ईडी ने राउत को ‘पात्रा चॉल’ के पुनर्विकास में कथित अनियमितताओं और उनकी पत्नी से जुड़े एक लेन-देन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए तलब किया था।

इससे पहले ईडी के अधिकारी शिवसेना सांसद के आवास ‘मैत्री’ पहुंचे तो राउत ने उनसे घर आने का कारण पूछा और उनसे कहा कि वे संसद के मानसून सत्र के बाद जांच के लिए आएं। जिस पर अधिकारियों ने उनसे कहा कि चूंकि वह उनके साथ सहयोग नहीं कर रहे हैँ, इसलिए उन्हें जांच के लिए उनके घर आना पड़ा।

बाद में ईडी अधिकारियों ने संजय राउत को हिरासत में लिया और ईडी के जोनल कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे और पूछताछ किए जाने की संभावना है। इस बीच काफी संख्या में शिवसैनिक राउत के घर के बाहर जमा हो गए और ईडी के खिलाफ नारेबाजी की और शिवसेना सांसद के खिलाफ कार्रवाई का विरोध किया।

दूसरी तरफ ईडी के बेलार्ड पियर स्थित कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा सुरक्षा कारणों से कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिल्ली से ईडी के केंद्रीय अधिकारी मुंबई पहुंच गए हैँ और वे संजय राउत से पूछताछ करेंगे।

हिरासत में लिए जाने से पहले संजय राउत ने संवाददाताओं से कहा कि वह ईडी की कार्रवाई से डरते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं शिवसेना को कभी नहीं छोड़ूंगा, मैं एक सच्चा शिव सैनिक हूं।

राउत ने कुछ गलत नहीं किया है तो डरें नहीं : शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि अगर शिवसेना नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कुछ गलत नहीं किया तो उन्हें डरने की आवश्यकता नहीं है।

शिंदे ने मुंबई में राउत के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा चल रही जांच के मुद्दे पर सवालों के जवाब में कहा कि राउत महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे और उन्हें वर्तमान जांच के नतीजे का इंतजार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने जवाबी कार्रवाई की संभावना से भी इनकार किया और कहा कि इससे पहले भी जांच एजेंसियों ने काम किया है।

शिंदे ने लोगों से ईडी की कार्रवाई के डर से उनके पास नहीं आने का भी आग्रह किया। शनिवार की रात दिल्ली के अपने तत्काल दौरे के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यहां मराठवाड़ा और संबंधित क्षेत्रों की समस्याओं को हल करने के लिए आए हैं।

शिव के प्रिय मास श्रावण में राम नगरी में झूला महोत्सव का आगाज

अयोध्या। आदि देव शिव के प्रिय मास श्रावण के मौके पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में प्रसिद्ध सावन झूला महोत्सव रविवार से शुरू हो गया।

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि मणिपर्वत से शुरू हो रहे सावन झूला मेला श्रावण पूर्णिमा रक्षाबंधन तक चलेगा। 12 दिनों तक चलने वाला सावन झूला मेले का मुख्य केन्द्र मणिपर्वत रहता है। इस दौरान रामजन्मभूमि, कनक भवन समेत रामनगरी के दो हजार से अधिक मंदिरों से भगवान श्रीराम निकल कर मणिपर्वत झूला झूलने आते हैं। मणिपर्वत मेेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा का प्लान तैयार किया गया है।

सावन झूला मेला में श्रद्धालु रिमझिम फुहारों में भी भव्य राम रस का रसास्वादन करते हैं और रात-रात भर मंदिरों में घूम-घूमकर विग्रहों को झुलाते हैं। इस समय छटा देखते ही बनती है। सावन में गाये जाने वाली कजरी गीतों का भी चारों ओर गूंज सुनाई देती है मणिपर्वत के मेले के दिन सीताराम झांकी को लेकर रामधुन गाते हुए श्रद्धालु मणिपर्वत पहुंचते हैं जहां वृक्षों में झूले डालकर भगवान के विग्रहों को झुलाया जाता है।

पूरे सावन में मंदिरों में दोनों समय भगवान विग्रहों को झुलाने की परम्परा है। मणिपर्वत पर पडऩे वाले झूलों में विग्रहों के अलावा छोटे-छोटे बच्चों को राम-सीता के रूप में सजाकर झुलाया जाता है। सखी सम्प्रदाय के लोग मनमोहक पोशाक पहनकर सोलह श्रृंगार करते हैं। इसी प्रकार 12 दिन तक चलने के बाद पूर्णिमा अर्थात् रक्षाबंधन के दिन मेला समाप्त हो जाता है। इस मेले में दूरदराज से श्रद्धालु आते हैं और मेले का आनंद उठाते हैं।

डीएम ने बताया कि मणिपर्वत मेले में लाखों श्रद्धालु आते हैं ऐसे में टीले पर विराजमान भगवान सीताराम के दर्शन समूह में करना खतरा भरा होता है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा मणिपर्वत तक काफी हद तक मरम्मत कराई जा चुकी है। खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। मेला क्षेत्र को सात जोन में बांट कर सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है तथा बैरियर को भी चिन्हित स्थानों पर लगा दिया गया है। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

कुमार बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था देना हमारी प्रतिबद्धता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश से लेकर निकासी मार्ग तक पांच बैरियर लगाए जा रहे हैं। भीड़ बढऩे की स्थिति में बैरियर की संख्या बढ़ाई जा सकती है। मणिपर्वत पर जत्थे में श्रद्धालुओं को भेजा जाएगा तथा उनके उतरने के बाद दूसरा जत्था जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार में 15 से 20 श्रद्धालु को भेजा जाएगा। श्रद्धालु मणिपर्वत के प्रवेश मार्ग से टीले पर जाएंगे, फिर दर्शन-पूजन के बाद टीले के पीछे के रास्ते से मनमुनि कुंड होते हुए वापस मुख्य मार्ग पर आएंगे। अयोध्या में प्रारम्भिक सावन मेला होता है जो मणिपर्वत पर भगवान के प्रमुख विग्रहों पर अपने-अपने मंदिर से लेकर श्रद्धालु आते हैं और झूलनोत्सव में श्रद्धालु लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि अति संवेदनशील और संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती करके पुलिस बलों की तैनाती की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि श्रावण झूला मेला का शांति व सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए मेले को छह जोन, छब्बीस सेक्टर में विभाजित करके 67 सब सेक्टर प्रत्येक जोन में बनाया गया है जिसमें प्रत्येक सेक्टर में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी, सब इंस्पेक्टर, उपनिरीक्षक की तैनाती रहेगी।

मेला क्षेत्र में छह अपर पुलिस अधीक्षक, 25 पुलिस उपाधीक्षक, 40 निरीक्षक, 200 उपनिरीक्षक, 100 कांस्टेबिल, 150 पचास कांस्टेबिल, 15 महिला उपनिरीक्षक, 15 महिला हेड कांस्टेबिल, 50 हेड कांस्टेबिल, नौ कम्पनी पीएससी, एक कम्पनी सीआरएफ सहित एक टीम एटीएस कमांडो की लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि सरयू घाट पर जल बैरीकेडिंग व जल पुलिस, फ्लैट पीएससी कम्पनी व एसटीआरएफ की टीम द्वारा लगातार गश्त व निगरानी की जा रही है। 42 जवान व दो नाव इंजन चलित एसटीआरएफ की 16 जवान या तीन जवान इंजन चलित पीएससी की 29 जवान व चार नाव इंजन चलित पुलिस की, 53 प्राइवेट गोताखोर व 53 नाव चलित लगाई गई है। यह 24 घंटे शिफ्ट वाइज गश्त करके लोगों को लगातार जागरूक करते हुए सुरक्षित किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया जा सके।

वर्मा ने बताया कि इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए और मेले के दौरान कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा बढऩे से यातायात व पार्किंग की भी व्यवस्था सुचारू रूप से की गई है। उन्होंने बताया कि सत्रह पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और मेला क्षेत्र में 46 स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है। जहां जरूरत पड़ी तो रूट डायवर्जन भी किया गया है। यातायात व्यवस्थापन में 20 उपनिरीक्षक यातायात, 30 हेड कांस्टेबिल यातायात, 80 कांस्टेबिल यातायात लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त मेला को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सीसीटीवी ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।

गहलोत को PFI पर बैन के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखना चाहिए : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने पाॅपुलर फ्रंट आफ इंडिया (PFI) पर प्रदेश में अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर राज्य की सुरक्षा और शांति के लिए पीएफआई पर बैन के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखना चाहिए।

डा पूनियां ने पीएफआई पर प्रतिबंध को लेकर आज मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक समय देश और प्रदेश में सिमी अराजकता का ऐसा कारक बन गई थी जिस पर प्रतिबंध लगा, पिछले दिनों एक के बाद एक इस तरह की घटनाएं हुई तो हम यह सोचने पर विवश हुए कि यह केवल एक व्यक्ति की साजिश नहीं हो सकती, इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।

उन्होंने कहा कि अब यह खुलासे में साबित हो गया कि उदयपुर में कन्हैयालाल की घटना हो और अमरावती की घटना, यह साफ तौर पर जो टेरर फंडिंग है, जो पीएफआई के जरिए हो रही है। पीएफआई टेरर फंडिंग में एक बड़ा जरिया बना है और लगभग दो लाख परिवारों तक बहरीन, कुवैत, अरब आदि देशों से पैसा ट्रांसफर होता है, यह प्रथम दृष्टया साबित हो गया कि एक बड़ा समूह प्रदेश में अराजकता और अशांति फैला रहा है।

उन्होंने कहा कि गहलोत इन बातों को बार-बार केंद्र के पाले में डालते हैं लेकिन प्रदेश की शांति और सुरक्षा का मसला राजस्थान सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए, जो नहीं है।

पूनियां ने कहा कि जब यह साबित हो गया है कि पीएफआई प्रदेश में अशांति फैला रहा है, तो यह सही समय है कि बिना किसी सोच-विचार के, तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर राजस्थान की सुरक्षा और शांति के लिए गहलोत को पीएफआई पर बैन के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखना चाहिए।

कैशकांड : कांग्रेस के तीनों विधायकों के खिलाफ अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज

रांची। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भारी कैश के साथ पकड़े गए कांग्रेस के तीन विधायकों इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी के खिलाफ रांची के अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

कांग्रेस के बेरमो विधायक अनूप सिंह उर्फ जयमंगल सिंह रविवार को करीब साढ़े 11 बजे प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने यह शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं सरकार के खिलाफ साजिश रची जा रही थी और अब जांच करने का काम पुलिस का है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, तो कहा गया कि प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी को जानकारी दिए बिना शिकायत दर्ज करा दी गई, लेकिन आज प्रदेश अध्यक्ष खुद उनके साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि निश्चित रूप से गठबंधन सरकार के खिलाफ साजिश की जा रही थी और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से जल्द ही इस संबंध में पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

इधर, कांग्रेस विधायक दल के नेता और ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि कैश के साथ पकड़े गए पार्टी विधायकों की सारी गतिविधियों की जांच की जा रही है, फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस विधायकों को निलंबित करने और शिकायत दर्ज कराने के पहले कांग्रेस नेतृत्व से भी बात की गई है।

योगी ने राम दरबार में लगाई हाजिरी, मंदिर निर्माण का लिया जायजा

अयोध्या। रामजन्म भूमि आंदोलन के नायक स्वर्गीय रामचन्द्र परमहंस दास की पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि देने राम की नगरी अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी और रामलला के दरबार में जाकर दर्शन पूजन किया और भव्य राममंदिर के निर्माण कार्य का अवलोकन किया।

भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में चल रहे भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में भाग लेने के पहले याेगी आज अपरान्ह अयोध्या पहुंचे और हेलीपैड से सीधे हनुमान गढ़ी पहुंचे जहां उन्होने राम भक्त हनुमान की आरती उतारी और प्रदेश के विकास की कामना की।

योगी बाद में रामलला के अस्थायी मंदिर गए और दर्शन पूजन किया और राम जानकी की आरती उतार कर वंदना की। बाद में मुख्यमंत्री का काफिला राम जन्मभूमि स्थल की ओर बढ़ चला जहां उन्होने मंदिर निर्माण के कार्यो का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों का जरूरी दिशा निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रामचन्द्र परमहंस दास की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हे भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की और दिगंबर अखाड़ा में साधु संतों से मुलाकात की।

श्रीगंगानगर जिले में पानी की डिग्गी में डूबने से 5 बच्चों की मौत

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूब जाने से आज पांच बच्चों की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा के अनुसार क्षेत्र के उदासर पांचयूडीएन गांव में एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में ये बच्चे डूब गए जिससे उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में खेतों में बनी डिग्गियां इस समय पानी से भरी हुई हैं और ये बच्चे डिग्गी में नहाने गए थे कि उसमें डूब गए।

उन्होंने बताया कि इन बच्चों की उम्र दस-बारह साल की हैं और इनमें दो लड़कियां और तीन लड़के शामिल हैं। उन्होंने बताया कि डिग्गी से पानी खाली कराया जा रहा है ताकि पूरी तरह तलाशा जा सके कि कहीं और बच्चा तो नहीं डूब गया हैं। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया।