Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 693 -
होम ब्लॉग पेज 693

भाजपा से लड़ने को क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची : जेपी नड्डा

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कहा कि देश में उनकी पार्टी से लड़ने की क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची है।

नड्डा ने रविवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राज्य के अलग-अलग जिलों में 16 नवनिर्मित पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन एवं सात कार्यालयों का शिलान्यास करने के बाद कहा कि अब कोई राष्ट्रीय पार्टी इस स्थिति में नहीं रही जो भाजपा को मात दे सके। कांग्रेस अब राज्यों से भी उखड़ रही है। उन्होंने कहा कि वैसे सारे राजनीतिक दल समाप्त हो गए या हो जाएंगे, रहेगी तो सिर्फ भाजपा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल समेत देश के अन्य क्षेत्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार प्रजातंत्र की धरती है और यहां परिवारवाद के खिलाफ सिर्फ भाजपा ही लड़ सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पारिवारिक पार्टी है, बिहार में राजद से हम लड़ रहे हैं जो एक परिवार की पार्टी है। ओडिशा में नवीन पटनायक की पार्टी एक व्यक्ति की पार्टी है। महाराष्ट्र में शिवसेना जो अब समाप्ति की ओर है वह भी एक परिवार की पार्टी है। उन्होंने कहा कि इसी तरह कांग्रेस भाई- बहन की पार्टी बन चुकी है।

नड्डा ने कहा कि भाजपा वैचारिक पृष्ठभूमि वाली राजनीतिक पार्टी है। आज अनेक लोग जो दो से तीन दशकों तक दूसरी पार्टियों में रहें, वो अपनी पार्टियां छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसे सभी लोगों को समझ में आ गया है कि कार्य करते हुए देश को परिवर्तित करने का उपकरण है तो वह भाजपा ही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दक्षिण भारत में अपनी पार्टी के विस्तार की योजना पर कहा कि विचार के आधार पर हम दक्षिण के राज्यों में भी कमल खिलाएंगे। बिहार के जिलों में भाजपा कार्यालयों के उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने को लेकर कहा कि पार्टी कार्यालय पावर जेनरेट करने के सेंटर बन गए हैं। लड़ाई कमिटमेंट से होती है और कमिटमेंट से ही ताकत पैदा होती है।

उन्होंने अपने पटना आगमन को लेकर कल हुए भव्य स्वागत का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा यह बताती हैं कि भाजपा की ताकत कैसे बढ़ रही है। भाजपा आम जनता से जुड़ी हुई पार्टी है। भाजपा विकास का पर्यायवाची है। उन्होंने भाजपा की बढती स्वीकार्यता का दावा करते हुए कहा कि अब एक देश में एक निशान एक विधान है।

जेपी नड्डा ने कहा कि हमलोग कार्यालय बोलते हैं ऑफिस नहीं, कार्यालय संस्कार का केंद्र होता है। कार्यालय संस्कार का जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कार्यालय आकर लोग संस्कार सीखते हैं ।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को संस्कार सिखाती है। कार्यालय में बैठने से एक साथ काम करने का संस्कार मिलता है। कार्यालय संस्कार देने का केंद्र है। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य दलों पर पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिनके पास विचार नहीं वे या तो समाप्त हो गए या फिर हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हम लोग वैचारिक पृष्ठभूमि के साथ खड़े हैं। यदि हमारे पास विचार नहीं होता तो हम इतनी बड़ी लड़ाई नहीं लड़ते। उन्होंने कहा कि सब लोग मिट गए…समाप्त हो गए, जो नहीं मिटे हैं वह मिट जाएंगे, रहेगी तो सिर्फ भाजपा।

 

अजमेर में ऐतिहासिक कांवड यात्रा, झरनेश्वर महादेव का जलाभिषेक


अजमेर।
सावन मास में झरनेश्वर मंदिर समिति की ओर से बैंड बाजों के साथ रविवार को निकाली गई कावड़ यात्रा में शिवभक्तों का सैलाब उमड पडा। सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुषों ने झरनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पुष्कर तीर्थ के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

झरनेश्वर महादेव के भक्त बड़ी संख्या में शनिवार देर रात ही पुष्कर पहुंच गए थे। भक्तों ने रविवार सुबह कावड़ में जल भरा और सरोवर की पूजा अर्चना के साथ पैदल कावड़ यात्रा प्रारंभ की। पुष्कर से अजमेर के बीच कई किलोमीटर की यात्रा में जगह जगह कांवड यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

रास्ते में शिवभक्त हर हर महादेव, बम बम भोले के जयकारे लगाते चल रहे थे। कावड़ में चल रही भजन मंडली के बीच हर तरफ झंकारों की गूंज सुनाई पड रही थी। भजनों पर नाचते झूमते शिवभक्त पैरों में पडें छालों की परवाह भी ना करते हुए आगे बढते रहे। सुबह से ही मौसम में उमस के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह चरम पर था।

अजमेर शहर के मुख्य मार्गों, दरगाह बाजार से होती हुई कावड़ यात्रा झरनेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचकर भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

मुरैना में दहेज की खातिर गर्भवती महिला को जलाया, उपचार के दौरान मौत

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की एक गर्भवती महिला को गंभीर रुप से जलने के चलते ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। महिला के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए जलाने का आरोप लगाया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान के अनुसार मुरैना के उत्तमपुरा निवासी एक विवाहित गर्भवती महिला रेनू जाटव (23) को दहेज में कार नहीं दिए जाने पर गत 27 जुलाई को उसके ससुराली जनों ने खटिया से बांधकर केरोसिन डालकर जला दिया था।

गंभीर रूप से जली हुई महिला रेनू को उपचार के लिए ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। कल देर रात उसने दम तोड़ दिया। कल पोस्टमार्टम के बाद मृतका के परिजन जब रेनू और उसके शिशु के शव को ससुराल में अंतिम संस्कार के लिए सौंपने गए, तो वहां घर का ताला लगा हुआ मिला, क्योंकि वे रेनू की मौत की खबर सुनकर फरार हो गए हैं।

मृतका के पिता केशव जाटव ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी तीन साल पहले उत्तमपुरा निवासी लज्जाराम के बेटे सन्तोष से की थी। लेकिन बेटी के ससुराली जन उसे तभी से अपने मायके से दहेज में कार लाने के लिए प्रताड़ित किया करते थे और उसी के चलते उसे 27 जुलाई को जिंदा जला दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ईडी अधिकारी शिवसेना सांसद संजय राउत के घर पहुंचे, तलाशी शुरू की

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के एक मामले में रविवार को शिवसेना सांसद संजय राउत के घर की तलाशी शुरू की।

इससे पहले ईडी संजय राउत को इस मामले में जांच के लिए पेश होने के लिए दो बार समन जारी किया था। वह हालांकि दोनों बार यह कहकर पेश नहीं हुए कि वह संसद के मानसून सत्र में व्यस्त हैं।

ईडी अधिकारियों का दल केन्द्रीय रिवर्ज पुलिस बल की (सीआरपीएफ) की सुरक्षा में आज सुबह सात बजे राउत के घर पहुंचा। सूत्रों ने बताया कि ईडी के अधिकारी राउत को पूछताछ के लिए अपने कार्यालय ले जा सकते हैं और उनके खिलाफ की कार्रवाई की जा सकती है।

सूत्रों ने बताया कि ईडी के अधिकारियों के राउत के आवास से कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए जाने की उम्मीद है। कुछ दिन पहले ईडी ने राउत को जांच में शामिल होने के लिए कहा था। लेकिन वह दिल्ली में थे इसलिए ईडी कार्यालय में पेश नहीं हुए।

उन्होंने बुधवार को अपने वकीलों के जरिए ईडी से संपर्क किया था और जांच में शामिल होने के लिए सात अगस्त तक का समय मांगा था। लेकिन ईडी ने उनके अनुरोध को खारिज करते हुए नया समन जारी किया।

इसके बाद संजय राउत को 27 जुलाई को ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया और वह बार फिर पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए।

सेवा भारती की ओर से मेहंदी प्रशिक्षण शिविर में मेहंदी प्रतियोगिता

0

जयपुर। सेवा भारती जयपुर महानगर के करधनी नगर में किशोरी विकास एवं स्वावलंबन केंद्र पर मेहंदी प्रशिक्षण शिविर के दौरान शनिवार को प्रतिभागियों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में हर उम्र की बालक बालिकाओं तथा बहनों ने शिरकत की तथा हाथों में एक से बढकर एक डिजाइन में मेहंदी लगाई। इस मौके पर सावन के गीतों पर नृत्य कर महिलाओं ने लहरिया उत्सव मनाया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय महिला समन्वयक अनिल शुक्ला, चेयरमैन रश्मि सैनी, सीमा दया, बाबू लाल शर्मा, कृष्णा सैनी, महावीर बलवदा, सत्यनारायन प्रधान समेत बडी संख्या में शिविरार्थी उपस्थित रहे।

सबगुरु राशिफल : 31 जुलाई रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, तृतीया तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 04.18 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि : आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं

वृषभ राशि : आज आपकी कार्य-शक्ति गजब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिजनेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि : आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि : आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि : आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि : आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं। प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि : आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि : आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे। किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोतरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

मीन राशि : आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

DHFL घोटाला : सीबीआई ने पुणे से जब्त किया अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर

नई दिल्ली। कथित तौर पर 34000 करोड़ रुपए के डीएचएफएल घोटाले की जांच कर रही सीबीआई यानी केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शनिवार को पुणे में बिल्डर अविनाश भोसले के परिसर से अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर को जब्त किया है।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने शनिवार को बताया कि जांच के दौरान यह पता चला कि आरकेडब्ल्यू डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (वधावन परिवार के स्वामित्व वाली एक कंपनी) की कथित तौर पर वरवा एविएशन (एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स) में हिस्सेदारी है, जिसके पास एडब्ल्यू109एसपी ग्रैंड न्यू हेलीकॉप्टर (अगस्टा वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर) है, जिसे कथित तौर पर 2011 में खरीदा गया था।

सीबीआई ने बताया कि आरकेडब्ल्यू डेवलपर्स प्रा. लिमिटेड 2017 में व्यक्तियों के संघ में शामिल हुआ और उक्त हेलीकॉप्टर के लागत मूल्य और रखरखाव में योगदान दिया। अविनाश भोसले के स्वामित्व वाली कंपनी एबीआईएल इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड कथित तौर पर उक्त हेलीकॉप्टर में हिस्सेदारी रखती है।

सीबीआई की ओर से जारी बयान में बताया गया कि कथित तौर पर यह माना गया था कि एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स में हिस्सेदारी के भुगतान के लिए इस्तेमाल की जाने वाली धनराशि विभिन्न बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण निधि से प्राप्त की गई थी। इसलिए सीबीआई ने शनिवार को पुणे में बनेर रोड स्थित भोसले के परिसर के एक हैंगर में खड़े हेलीकॉप्टर को जब्त कर लिया। सीबीआई ने कहा कि आगे की जांच जारी है।

बंगाल में करोडों की नकदी के साथ झारखंड के 3 कांग्रेसी विधायक पकड़े गए

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला में शनिवार को झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों को उनकी कार में भारी मात्रा में नगदी के साथ रोका गया।

हावड़ा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक स्वाति भंगालिया ने बताया कि झारखंड कांग्रेस के तीन विधायक, जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा के विधायक नमन बिक्सल को एक विशेष सूचना के बाद एक नाका चेकिंग के दौरान पंचला में पकड़ा गया। खबर थी कि तीनों विधायक कार में भारी मात्रा में नकदी ले जा रहे हैं।

भंगालिया ने कहा कि हमें एक विशिष्ट सूचना मिली थी कि एक निश्चित कार में बड़ी मात्रा में नगदी ले जाया जा रहा है। इसलिए हमने कार को रोका। हमें एक विधायक के बैग से बड़ी मात्रा में नकदी मिली है। उन्होंने कहा कि पैसा इतना अधिक है कि हमें नोट गिनने की मशीनों की व्यवस्था करनी पड़ी है। मशीनों के आने के बाद नगदी की गिनती की जाएगी।

रुपयों के स्रोत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हम तीनों विधायकों से पूछताछ करके लगाने की कोशिश कर रहे हैं। कानूनी प्रक्रिया जारी है। यह पूछे जाने पर कि क्या विधायकों को हिरासत में लिया जा रहा है, भंगालिया ने कहा कि पहले हमें यह पता लगाना होगा कि उनके पास इतनी नकदी कैसे और कहां से आई और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।

इराक में प्रदर्शनकारियों ने फिर बोला संसद पर धावा, 125 लोग घायल

बगदाद। इराक की राजधानी बगदाद के तथाकथित ग्रीन ज़ोन, सरकारी भवनों और विदेशी दूतावासों वाले क्षेत्र में शनिवार को फिर से अशांति फैल गई। एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा मौका है, जबकि ईरान के समर्थक को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने से गुस्साए लोगों ने संसद भवन पर धावा बोला।

इराकी न्यूज एजेंसी (आईएनए) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि प्रदर्शनकारियों ने ग्रीन जोन में लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और संसद में धरने के लिए इकट्ठा हो गए।

उधर, प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी ने सुरक्षा बलों को प्रदर्शनकारियों और आधिकारिक इमारतों की रक्षा करने का आदेश दिया, लेकिन उन्हें व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी कानूनी उपाय करने की छूट भी दी है।

आईएनए ने स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय के संस्थानों द्वारा रिपोप्ट्स के मुताबिक 125 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 100 नागरिक और सैनिक शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि इराक में शिया धर्मगुरु मुक्तादा अल-सद्र के समर्थक ईरान के समर्थक को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनाए जाने के खिलाफ रैली कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी गत बुधवार को भी ग्रीन ज़ोन में घुसने में सफल हो गए थे और अल-सदर के कहने के बाद ही निकले थे।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 : मीराबाई चानू ने दिलाया भारत को पहला स्वर्ण

बर्मिंघम। भारत की शीर्ष भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शनिवार को 49 किग्रा भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीता। यह भारत का पहला स्वर्ण और कुल तीसरा पदक है। यह मीराबाई का भी राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा पदक है।

राष्ट्रमंडल खेल 2018 में भारत का पहला स्वर्ण जीतने वाली 27 वर्षीय मीराबाई ने यहां भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने फाइनल में स्नैच के दूसरे प्रयास में 88 किग्रा के साथ नया राष्ट्रीय और राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क को भी एकतरफा जीतते हुए पहले प्रयास में 109 किग्रा भार उठाकर देश का पहला स्वर्ण पक्का किया।

वह इतने पर भी नहीं रुकीं और अपने ही प्रदर्शन को बेहतर करते हुए टोक्यो 2020 की रजत पदक विजेता ने दूसरे प्रयास में 113 किलो वज़न उठाया। वह तीसरे प्रयास में असफल रहीं लेकिन उससे फर्क नहीं पड़ा क्योंकि 201 किलो के स्वर्णिम प्रदर्शन के साथ वह पोडियम पर पहले स्थान पर रहीं। मीराबाई के बाद मौरिशियस की मारी रानाइवोसोआ दूसरे स्थान पर रहीं जबकि कनाडा की हानाह कामिंस्की ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

नीरज चोपड़ा ने विश्व चैंपियनशिप में 19 साल बाद भारत को दिलाया पदक