Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 695 -
होम ब्लॉग पेज 695

निवेशकों की बढ़ती रूचि से दुबई प्रोपर्टी बाजार में उछाल

दुबई। दुबई में निवेशकों की बढ़ती रूचि के बाद के इस वर्ष की पहली छमाही में संपत्ति बाजार में उछाल आया है। पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बाद अमीरात में धन की आवक बढ़ी है और सम्पत्ति खरीदारों की सूची में रूस पहले पांच स्थानों में शामिल है।

डॉन अखबार ने प्रोपर्टी सलाहकार बेटरहोम्स की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुये बताया कि पहली छमाही में आवासीय अचल संपत्ति लेनदेन की मात्रा 60 प्रतिशत बढ़ी, जिसमें बेची गई संपत्तियों के मूल्य में 85 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

शीर्ष खरीदारों में भारत, ब्रिटेन, इटली, रूस और फ्रांस शामिल है, इस क्रम में कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात, पाकिस्तान और मिस्र आठवें स्थान पर इसके बाद लेबनान और चीन है।

बेटरहोम्स ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इस साल की पहली छमाही में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में रूसी खरीदारों की संख्या में 164 प्रतिशत वृद्धि हुई है। फ्रांस और ब्रिटेन की संख्या क्रमश: 42 प्रतिशत और 18 प्रतिशत बढ़ी, जबकि भारतीयों खरीददारी में आठ प्रतिशत और इटली से 17 प्रतिशत की गिरावट आई है।

निवेशकों के आने से बाजार में 60 फीसदी की तेजी आयी है इनमें भारत, ब्रिटेन, इटली, रूस, और फ्रांस शीर्ष पांच खरीदार है। बेटरहोम्स ने कहा कि यूरोप में भू-राजनीतिक अस्थिरता और ब्याज दरों में बढ़ोतरी कारण मांग को बढ़ावा मिला है।

इस साल की शुरुआत में यह बताया गया था कि यूक्रेन के आक्रमण पर रूस पर पश्चिमी प्रतिबंधों के मद्देनजर रूस के लोग वित्तीय आश्रय की तलाश कर रहे है और दुबई की संपत्तियों में निवेश कर रहे है।

बेटरहोम्स ने कहा कि बाजार ने बढ़ती ब्याज दरों और मजबूत डॉलर के रूप में विपरीत परिस्थतियों का सामना किया है, लेकिन अब तक मंदी के कम संकेत के साथ मजबूत साबित हुआ है।

दुबई भूमि विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष की पहली छमाही में रिकॉर्ड 37 हजार 762 इकाइयां बेची गईं, जिसमें आवासीय संपत्ति बाजार में लगभग 89 अरब दिरहम (24.23 अरब डॉलर) का लेनदेन हुआ।

दुबई के संपत्ति बाजार ने पिछले साल की शुरुआत में 2020 की गंभीर मंदी से उबरना शुरू कर दिया था, क्योंकि अमीरात द्वारा दुनिया भर के अधिकांश शहरों की तुलना में तेजी से महामारी प्रतिबंधों में ढील दी और खरीदारों ने लक्जरी इकाइयों को खरीदना बंद कर दिया था।

सबगुरु राशिफल : 30 जुलाई शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, तृतीया तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन। आज आपका दिन कैसा रहेगा जानने के लिए पढें राशिफल।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आएगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएँ बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगेǀ जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बाँटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

बांदा में टेंपो-कार में भिड़ंत, छह की मौत, सात घायल

बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के गिरवा क्षेत्र में शुक्रवार को यात्रियों से भरी टेंपो और इनोवा कार में हुई टक्कर में दो सगे भाइयों समेत टेंपो सवार छह लोगों की मृत्यु हो गई जबकि कार चालक सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर तत्काल मौके में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन व अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलो को उपचार के लिये राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब यात्रियों से भरा टेंपो बांदा से नरैनी की ओर जा रहा था कि बांदा सतना मार्ग में गिरवा गांव के निकट सामने से आ रही एक अनियंत्रित इनोवा ने टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपों के परखच्चे उड़ गए जबकि कार खड्ड में चली गई।

घटना में टेंपो सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य घायल को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि इनोवा चालक शराब के नशे में था। वह भी दुर्घटना में घायल हुआ। जिसे हिरासत में ले लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि मृतकों में गिरवा थाना क्षेत्र के शेखनपुर गांव निवासी 90 वर्षीय जियाउद्दीन अहमद, बासी गांव निवासी 28 वर्षीय ओम प्रकाश, नरैनी कोतवाली थाना क्षेत्र के पनगरा गांव निवासी दो सगे भाई 13 वर्षीय मोहित व 6 वर्षीय छोटू पुत्र प्रमोद द्विवेदी व देहात कोतवाली क्षेत्र के जमनीपुर गांव निवासी 40 वर्षीय गोरे और हमीरपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के सैयदवाड़ा निवासी शमशेर सिंह शामिल है। शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही इनोवा चालक की प्रतीत हुई जिसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। सभी घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मांगी माफी

नई दिल्ली। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर उनसे माफी मांगते हूए कहा है कि उनसे भूल हुई है और उन्होंने ज़ुबान फिसलने के कारण गलत शब्द का इस्तेमाल किया है और इसके लिए वह क्षमा प्रार्थी हैं।

चौधरी ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कहा कि मैंने राष्ट्रपति पद के लिए जिस गलत शब्द का इस्तेमाल किया है वह भूल से उच्चरित हुआ है और इसके लिए मुझे खेद है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि यह मुझसे ज़ुबान फिसलने के कारण चूक हुई है और इसके लिए मैं माफी मांगता हूं और आपसे प्रार्थना करता हूं कि आप मेरी क्षमा याचना को स्वीकार करें।

गौरतलब है कि चौधरी ने राष्ट्रपति के लिए अमर्यादित शब्द का इस्तेमाल किया था जिसको लेकर के भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को ही कटघरे में खड़ा कर दिया और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा चौधरी से देश की महिलाओं और आदिवासियों से माफी मांगने की मांग की। इसकी वजह से पिछले दो दिन से संसद में जबरदस्त हंगामा हो रहा है और कोई कामकाज नहीं हो पाया है।

नसीराबाद उपखंड कार्यालय का रीडर 9000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज नसीराबाद उपखंड कार्यालय के रीडर को नौ हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी रीडर गिरिराज प्रसाद सैनी परिवादी से एक हजार रुपए पूर्व में ही वसूल चुका था। उसने परिवादी से एसडीएम कोर्ट में विपक्षी पार्टी को पाबंद कराने के नाम पर घूस मांगी थी।

ब्यूरो के दल ने उपाधीक्षक प्रभुलाल कुमावत के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए सैनी को दबोच लिया। ब्यूरो रिश्वतखोर रीडर के आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी कर रहा है।

किशनगढ नगर परिषद आयुक्त जोधाराम विश्नोई निलंबित

राजस्थान में अजमेर जिले की किशनगढ़ नगर परिषद के आयुक्त जोधाराम विश्नोई को आज तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। राज्य के स्वायत शासन निदेशक हरदेश कुमार शर्मा ने आज जारी आदेश में उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच के मद्देेनजर उक्त फैसला लिया। निलम्बनकाल के दौरान उनका मुख्यालय जैसलमेर रखा गया है। साथ ही जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान नियमानुसार उन्हें किशनगढ से ही दिेये जाने के आदेश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि निलम्बित आयुक्त विशनोई किशनगढ़ से पहले नागौर आयुक्त रह चुके हैं।

अलवर : देवर-भाभी मालगाडी के आगे कूदे, देवर की मौत

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा में आज देवर-भाभी मालगाड़ी के आगे कूद गए। जिसमें देवर की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को ट्रेन से एक युवक एवं महिला कट गए। दौसा के अजीतपुर के निवासी युवक निरंजन 22 की मौत हो गई। जबकि वीरमती 25 वर्ष घायल हुई हैं। जिसका अस्पातल में इलाज जारी है। महिला अस्पताल में वह बार-बार निंरजन के बारे में पूछती रही। बाद में पता लगा कि निरंजन उसका देवर है। जिसके साथ वह घर से निकली थी।

महिला के परिजनों ने बताया कि बालाजी के पास सिगरिया गांव में महिला का पीहर है। जिसकी शादी 14 साल पहले अजीतपुर में हुई थी। महिला का पति चिनाई मिस्त्री है। अब दोनों के तीन बच्चे हैं। महिला का पति शुक्रवार को घर पर ही था।

पहले दोनों चक्की पर अनाज डालने गए। इसके बाद महिला को वापस घर आना था। लेकिन, घर की बजाय वह उसी के परिवार के देवर निरंजन के साथ चली गई। दोपहर में मालाखेड़ा के पास ट्रेन के आगे कटे मिले। निरंजन की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

पेड़ को करोगे नष्ट तो सांस लेने में होगा कष्ट

0

आबूरोड(सिरोही)। सिरोही जिले के आबूरोड तहसील के किवरली ग्राम पंचायत के बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन आबूरोड उपखंड अधिकारी, पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में आबूरोड उपखंड अधिकारी अरविंद शर्मा ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों, वृक्ष प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। वृक्षों के संरक्षण में बरती गई लापरवाही का परिणाम ग्लोबल वार्मिंग के रूप में देखा जा रहा है। यदि हम इन्हें नष्ट करेंगे तो मानव जीवन को प्राणवायु ग्रहण करने में होगा कष्ट।

इस मौके पर पंचायत समिति प्रधान लीलाराम गरासिया ने सूखी धरती करे पुकार मत लो तुम वृक्षों की जान से अपनी बात रखते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं। अधिकाधिक वृक्षारोपण कर हम मानव जीवन के उपकार में भागीदार बन सकते हैं।

पंचायत समिति विकास अधिकारी नवलाराम ने पौधा जब तक पेड़ नहीं बने तब तक देखभाल करने के संकल्प पर प्रकाश डाला। पंचायत समिति के उपप्रधान ललित सांखला ने प्रकृति से सदैव जुड़े रहकर पर्यावरण संतुलन के पक्ष में हरसंभव भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

पौधे-संरक्षण के ली शपथ

पौधरोपण कार्यक्रम में गांव के प्रत्येक ग्रामीण, विद्यार्थियों, वृक्ष प्रेमियों ने अपने गांव को पर्यावरण की मिसाल बनाने के लिए 5-5 पौधे संरक्षण की शपथ ली तथा कार्यक्रम में गांव के विभिन्न शिक्षण संस्थानों व अन्य परिसरों में लगभग 100 पौधे रोपे गए। बालिका विद्यालय में बेहतर वृक्षारोपण के रखरखाव को लेकर शिक्षक शिवलाल बारोट एवं विद्यालय कार्मिकों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में रेंजर हरचंद राम, जलदाय सहायक अभियंता हेमंत गोयल, जिला परिषद सदस्य कन्हैयालाल खरे, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नारायण सिंह सोलंकी, सरपंच रमेश मीणा, उपसरपंच केसर सिंह देवड़ा, पीईईओ विद्यालय के उत्तम सिंह देवड़ा, स्थानीय बालिका विद्यालय के कार्यवाहक संस्था प्रधान शिवलाल बारोट, शारीरिक शिक्षिका कविता वर्मा, स्कूल शिक्षा के मांगीलाल, पंचायत ग्राम विकास अधिकारी ऋषि सैनी, पंचायत सहायक शंकर लाल पुरोहित, पर्यावरण मित्र ईश्वर सिंह देवड़ा, राधेश्याम पुरोहित, जोराराम, पुष्पेंद्र कंवर, प्रकाश कंवर व अधिक संख्या में ग्रामीणजन व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अजमेर डिस्कॉम के अभियंताओं का अश्लील वीडियो, अधीक्षण अभियंता सोनी एपीओ

अजमेर। राजस्थान में अजमेर विद्युत वितरण निगम ने पुष्कर में अभियंताओं के शराब और शबाब के साथ नशे में झूमते अधिकारियों का अश्लील वीडियो वायरल मामले में सख्त कार्यवाही करते हुए आरोपी अधीक्षण अभियंता बीएस सोनी को एपीओ कर दिया है।

एवीएनएल के सत्रों के अनुसार निलंबित अधीक्षण अभियंता का मुख्यालय झुंझुनूं किया है। इस मामले में एक अन्य सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता वीएस शेखावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एनएस निर्वाण ने उक्त फैसला लेने के बाद एसई विजिलेंस के पद पर जीएस मीना को नियुक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि अजमेर डिस्कॉम से जुड़े अभियंताओं ने सेवानिवृत्ति के मौके पर 18 जून को पुष्कर की आलीशान होटल में अश्लील वीडियो पार्टी आयोजित की थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पार्टी में वीडियो बनाए जाने पर मनाही थी, मगर शराब के नशे में कुछ लोगों ने वीडियो बना लिए। जो आपसी विवाद के चलते अब सामने आया है।

वीडियों देखने के लिए यहां क्लीक करें
https://www.youtube.com/watch?v=g8yfhs9840I

बताया जा रहा है कि कहने को तो यह डिस्कॉम के एक अफसर की रिटायरमेंट पार्टी ही थी लेकिन इसमें शराब के जाम छलक रहे थे, नशे में मदहोश अधिकारी अश्लील गानों पर डांस कर रही महिला के साथ मंच पर ठुमके भी लगा रहे थे। एक निजी होटल में आयोजित इस पार्टी के मोबाइल कैमरे में कैद किए गए दो वीडियो अब जमकर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में 25 से 30 लोग नजर आ रहे हैं।

एक वीडियो में डिस्कॉम का एक अधिकारी मंच पर महिला डांसर के साथ जमकर ठुमके लगा रहा है। दूसरे वीडियो में उस अकेली महिला डांसर को चारों तरफ से घेरकर कई लोग उसके शरीर से चिपके नजर आ रहे हैं। मौजूद लोग तालियां बजा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार डिस्कॉम अधिकारियों की यह पार्टी कुछ दिनों पूर्व ही आयोजित की गई थी।

ऐतिहासिक फैसले देने वाले न्यायमूर्ति खानविलकर सुप्रीम कोर्ट से सेवानिवृत्त

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए. एम. खानविलकर शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। न्यायमूर्ति खानविलकर ने सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश, आधार, व्यभिचार के आपराधिक प्रावधान और समलैंगिक यौन संबंध को अपराध से मुक्त करने सहित कई ऐतिहासिक फैसला करने वाली शीर्ष न्यायालय की पीठ में शामिल रहे।

न्यायमूर्ति खानविलकर की अध्यक्षता वाली पीठ ने पिछले दिनों प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के प्रावधानों को बरकरार रखने वाला फैसला सुनाया था। न्यायमूर्ति खानविलकर ने उस पीठ की भी अध्यक्षता की थी, जिसने 2002 के दंगों में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और 63 अन्य को क्लीन चिट की पुष्टि की थी।

छह साल से अधिक समय के अपने कार्यकाल की समाप्ति पर न्यायमूर्ति खानविलकर ने मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना और दो अन्य न्यायाधीशों के साथ औपचारिक पीठ पर बैठे हुए कहा कि विदाई के रूप में मैं केवल सभी को प्यार और स्नेह के लिए धन्यवाद कहूंगा। बहुत-बहुत धन्यवाद। भगवान आपका भला करे।

न्यायमूर्ति खानविलकर को मई 2016 में शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। उनका जन्म 30 जुलाई, 1957 को पुणे में हुआ था। उन्होंने मुंबई के एक लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई की थी। उन्हें 4 अप्रैल 2013 को हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश और बाद में 24 नवंबर 2013 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

अयोध्या में रात दिन हो रहा है राम मंदिर निर्माण का काम

अयोध्या। श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मंदिर का निर्माण कार्य दिन-रात तेजी से हो रहा है।

रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने कार्य की प्रगति के बारे में शुक्रवार को बताया कि श्रीराम मंदिर निर्माण 24 घंटे रात्रि में दूधिया प्रकाश में भी किया जा रहा है। फर्श का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है वहीं पश्चिम दिशा से शुरू हुए सुपर स्ट्रेक्चर के निर्माण में तराशे गये करीब सवा दो सौ पत्थर लगाएजा चुके हैं। इस बीच राजस्थान से तराशे गए पत्थरों की आपूर्ति भी शुरू हो गई है। परिवर्तित मॉडल में स्तम्भों की मोटाई तीन इंच बढ़ाई गई है।

सीडीआरआई रुडक़ी की अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार गर्भगृह के लिए नए सिरे से पत्थरों की तराशी की जा रही है। इनके स्तम्भों की मोटाई लगभग तीन इंच बढ़ा दी गई है। स्तम्भ साढ़े चौदह से सोलह फिट तक ऊंचे और आठ फिट व्यास वाले होंगे। प्रत्येक स्तम्भ यक्ष यक्षणियों की सोलह मूर्तियों से सज्जित होगा। इसलिए राजस्थान में गर्भगृह के लिए नए सिरे से एक लाख घन फुट पत्थरों की तराशी का काम किया जा रहा है।

राम मंदिर के मॉडल में परिवर्तन के पश्चात अब गर्भगृह के लिए नए सिरे से पत्थरों की तराशी की जा रही है। पुराने मॉडल के आधार पर रामघाट स्थित कार्यशाला में लगभग तीस वर्षों तक पत्थरों की तराशी की गई थी। इस तराशी में राम मंदिर के गर्भगृह के लिए लगभग 75 हजार घन फुट पत्थर व 112 खंभों की तराशी व नक्काशी की गई थी। लम्बे समय से खुले आसमान में होने के कारण लगभग 35 हजार घन फुट पत्थर अनुपयोगी हो गए। शेष 40 हजार घनफुट पत्थरों की खुदाई कराकर उन्हें सुरक्षित कर दिया गया है। अब उनका आवश्यकतानुसार उपयोग किया जाएगा।

ट्रस्ट के मुताबिक इधर मंदिर मॉडल में परिवर्तन होने व मंदिर की ऊंचाई बढऩे के पश्चात गर्भगृह के स्तम्भों की डिजाइन में भी परिवर्तन कर दिया गया है। अब पहली मंजिल में 160 स्तम्भ होंगे। मंदिर भवन के भार को देखते हुए इन स्तम्भों की डिजाइन में परिवर्तन किया गया है। नई डिजाइन के पत्थरों की तराशी व नक्काशी राजस्थान में की जा रही है। राम मंदिर के शिखर सहित ऊंचाई कुल 161 फिट होगी। मंदिर में तीन तल होंगे। प्रत्येक तल की ऊंचाई बीस फिट होगी।

मंदिर के भूतल में 160 स्तम्भ, प्रथम तल में 132 स्तम्भ व दूसरे तल में 74 स्तम्भ होंगे जो पुराने पत्थरों व स्तम्भों की तराशी की गयी थी वह दो तल के हिसाब से थी। चूंकि मंदिर अब तीन तल का कार्य हो गया है इसलिए पुराने स्तम्भ मंदिर का भार उठाने में सक्षम नहीं होंगे।