Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 700 -
होम ब्लॉग पेज 700

भीलवाड़ा में मेडिकल शॉप संचालक पर चाकू से हमला

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में बापूनगर डिस्पेंसरी के सामने आज एक मेडिकल शॉप संचालक पर दवा लेने आए वर्ग विशेष के युवक ने चाकू से हमले की कोशिश की। गनीमत रही कि बीच में काउंटर था, जिससे आरोपित मनसुबे में कामयाब नहीं हो सका और पीड़ित के चिल्लाने से वह अपने साथी सहित फरार हो गया।

उधर, इस घटना से क्षेत्र में दहशत के साथ ही रोष व्याप्त है। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली एवं हिंदु संगठनों से जुड़े लोग प्रताप नगर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इस पर थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

ललितपुर में युवती को अगवा कर तीन युवकों ने किया गैंगरेप

ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में कोतवाली तालबेहट क्षेत्र के एक गांव की युवती ने तीन लोगों पर उसे बलपूर्वक अगवा कर उसके साथ बारी बारी से रेप करने का आरोप लगाया है।

युवती ने पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि गत 24 जुलाई की रात में वह शौच के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में गांव के अखिलेश साहू पुत्र धनीराम, आशीष साहू पुत्र राजेश व मोहित पुत्र प्रीतम लोधी मिले।

अखिलेश व आशीष ने उसे जबरन बाइक पर बिठाया और गांव के सुनसान इलाके में ले गए, जहां दोनों ने बारी बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मोहित आया और उसने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लोग उसे गांव से लगे मध्य प्रदेश के एक गांव में ले गए, जहां उसे रिश्तेदार बताकर रखा गया।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी अखिलेश के पिता धनीराम व उसका भाई पुष्पेन्द्र ने अगले दिन उस गांव में पहुंच कर आरोपियों को बताया कि पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है। इस दाैरान आरोपियों ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर पुलिस को इस वारदात के बारे में कुछ न बताने की धमकी भी दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बुधवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है।

 

हनी ट्रैप : 2 साल से पाक महिला हैण्डलरों के संपर्क में था सेना का जवान

जयपुर। पाक खुफिया एजेंसी की महिला हैंडलरों के हनी ट्रैप एवं पैसों के प्रलोभन में आकर जयपुर में अपनी रेजिमेंट के गोपनीय दस्तावेज एवं युद्ध अभ्यास के वीडियो भेजने के आरोपी सेना के जवान को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

बागुंडा पश्चिम बंगाल निवासी भारतीय सेना के जवान शांतिमोय राणा को स्टेट इंटेलिजेंस की टीम ने मंगलवार को मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट जयपुर महानगर प्रथम कोर्ट में पेश किया। अपराध की गंभीरता और गहन अन्वेषण की आवश्यकता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

डीजीपी इंटेलिजेंस उमेश मिश्रा ने आज बताया कि आरोपी जवान से अब तक किए गए अन्वेषण में पता चला है कि आरोपी करीब पिछले 2 साल से पाक महिला हैंडलरों से कई व्हाट्सएप नंबरों एवं टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क में था। आरोपो जवान अपने निजी आवश्यकताओं के लिए भारतीय सेना की सामरिक दृष्टि से संवेदनशील एवं गोपनीय सूचनाएं भेजने की एवज में धनराशि प्राप्त कर रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपी के बैंक अकाउंट रिकॉर्ड में धनराशि प्राप्त होने की पुष्टि हुई है। पाक महिला हैण्डलरों के इशारे पर आरोपी के खाते में धनराशि भेजने वाले तथा भारतीय मोबाइल नंबरों से पाक महिला हैण्डलरों को व्हाट्सएप एवं टेलीग्राम डाउनलोड करवाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में गहन अनुसंधान कर उन संदिग्ध व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है।

भरतपुर में बेकाबू कार की चपेट में आने से युवती की मौत

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में अपनी ससुराल से किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने पीहर आई एक नवविवाहिता युवती बेकाबू कार की चपेट में आने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला सपना 25 वर्ष कल देर शाम को अपने घर से निकलकर दुकान पर सामान लेने जा रही थी इसी दौरान आई तेज गति की कार से उसे चपेट में ले लिया। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 के सारस चौराहे पर हए इस हादसे में कार इतनी स्पीड में थी कि महिला कार में फंस गई और वह कार के साथ 100 मीटर तक घसीटते हुए चली गई।

महिला को घायल हालत में आरबीएम अस्पताल लाया गया वहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया गया जहां महिला की मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक कार को लेकर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सारस चौराहा निवासी सपना की शादी ढाई महीने पहले शहर में गोपालगढ़ के रहने वाले अमित के साथ हुई थी।

युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

भरतपुर में डीग के गांव पान्होरी में एक युवक द्वारा खेत पर खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर लेने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पान्होरी निवासी रवि पुत्र पप्पू ने आज अपने खेत पर स्वयं पर गोली चला दी। घटना के बाद रवि के परिजन उसे डीग अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी के बाद थाना प्रभारी हवासिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर खेत पर काम कर रहे लोगों से पूछताछ की लेकिन युवक ने खुद को गोली क्यों मारी इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिवार के लोगों का कहना है कि रवि के पिता की मौत साल 2020 में हुई थी और रवि ही अपने परिवार का लालन पोषण करता था। रवि का एक छोटा भाई और दो बहन है।

लखनऊ में एक परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में बुधवार को एक परिवार के तीन लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर मिले सुसाइड नोट के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है जबकि अन्य दो की तलाश की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त उत्तरी एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि क्षेत्र के सुलतानपुर गांव में एक परिवार के तीन लोग शैलेन्द्र उनकी पत्नी गीता और पुत्री प्राची ने सल्फास खाकर आत्महत्या की है। शव के पास सुसाइड नोट मिला है जिसमे चार लोगों को आत्महत्या के लिए बाध्य करने की बात लिखी है। पुलिस ने इनमें से दो लोगों को गिरफतार कर लिया है जबकि दो की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शैलेंद्र कुमार ट्यूबवेल विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात थे। बुधवार दोपहर उन्होंने पत्नी गीता और बेटी प्राची के साथ सल्फास खा लिया। हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां, डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या का कारण लेन-देन बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अजमेर : PWD का लेखाकार दस हजार रूपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में भष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अजमेर में सार्वजनिक निर्माण विभाग नगर खण्ड के डिविजनल लेखाकार अनिल दायमा को आज दस हजार रूपए की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

अधिकृत पुष्ट जानकारी के मुताबिक गिरफ्त में आए आरोपी दायमा ने परिवादी से सड़क निर्माण का बिल पास करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। परिवादी की शिकायत के बाद मुख्यालय के निर्देश पर अजमेर ब्यूरो के दल ने सतनामसिंह एवं मीरा बेनीवाल के नेतृत्व में आरोपी को दस हजार की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी थाना झोटवाड़ा जयपुर निवासी है। आरोपी दायमा के घर की तलाशी जारी है। आरोपी को गुरूवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

कांग्रेस कर रही है, ‘असत्य के लिए दुराग्रह’ : जेपी नड्डा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस के नेताओं के कथित भ्रष्टाचार की जांच के खिलाफ धरना प्रदर्शन को सत्याग्रह की जगह ‘असत्य के लिए दुराग्रह’ करार दिया और कहा कि आरोपों का कानूनी ढंग से मुकाबला करने की बजाय जांच के विरोध में सड़क पर उतरना दर्शाता है कि वह कानूनी रूप से कमज़ोर है।

नड्डा ने संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी आज अपने शीर्ष नेतृत्व के भ्रष्टाचार की हो रही जांच के खिलाफ जो धरना-प्रदर्शन कर रही है, वह सत्याग्रह नहीं है बल्कि असत्य के लिए दुराग्रह है। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस पार्टी सत्य पर ग्रहण लगाने की नापाक कोशिश कर रही है।

यदि कोई व्यक्ति किसी भी जांच एजेंसी की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है, तो इसके लिए न्यायालय का दरवाजे हमेशा खुले हैं। जांच एजेंसियों के खिलाफ सड़कों पर उतरना और भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच का विरोध करना कहीं ना कहीं यह दर्शाता है कि भ्रष्टाचार के मामले के आरोपी कानूनी लड़ाई में स्पष्ट रूप से कमजोर हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शक्तियों को लेकर दायर याचिका पर अभी-अभी उच्चतम न्यायालय का फैसला आया है। सर्वोच्च अदालत ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट और ईडी के न्यायिक अधिकार क्षेत्र को सही ठहराया है और उसे बरकरार रखा है। हम न्यायालय का सम्मान करते हैं। हम देश के संविधान एवं कानून का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपए के नेशनल हेराल्ड भ्रष्टाचार मामले में ईडी द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ की जा रही है तो कांग्रेस इसके विरोध में तथाकथित सत्याग्रह कर रही है। यह एक परिवार को बचाने का कुत्सित प्रयास है। यह सब धरना-प्रदर्शन केवल एक परिवार को बचाने का राजनीतिक अभियान चल रहा है। कांग्रेस पार्टी जांच एजेंसियों पर जो सवाल उठा रही है और जिस तरह से सड़क पर भ्रष्टाचार के समर्थन में धरना-प्रदर्शन कर रही है, वह कहीं से भी उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि नेशनल हेराल्ड मामले में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है। इससे जुड़े लोगों को जांच एजेंसी के सामने जबाव देना चाहिए। यह उनकी जिम्मेदारी है। लेकिन यह गांधी परिवार अपने आप को देश और कानून से ऊपर समझता है। यदि कोई इस बारे में उनसे सवाल पूछे तो उन्हें नागवार गुजरता है। उनसे सवाल करने की कोई हिमाकत करे, तो यह गांधी परिवार स्वीकार नहीं करता है।

नड्डा ने कहा कि देश संविधान से चलता है। कानून अपना काम कर रहा है। कानून के सामने अपनी बात रखना, किसी भी व्यक्ति का अधिकार है लेकिन कांग्रेस पार्टी द्वारा नेशनल हेराल्ड भ्रष्टाचार की जांच के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, कांग्रेस और एक परिवार (गांधी परिवार) द्वारा खुद को कानून से उपर समझने का कुत्सित प्रयास है। यह इस देश में चलने वाला नहीं है। कानून एवं नियम सबके लिए बराबर होते हैं। नियम एवं कानून का पालन करना और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करना, उनके सवालों के जबाव देना सबकी जिम्मेवारी भी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को भी नियम और कानून के अनुसार चलना चाहिए और जाँच एजेंसियों के सवाल का जबाव देना ही चाहिए। देश में कोई व्यक्ति या संस्थान जांच एजेंसी का दुरुपयोग कैसे कर सकता है? ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है और अपने ढंग से काम करती है। कोई भी जांच एजेंसी कानून के दायरे में काम करती है।

ईडी, सीबीआई आदि जांच एजेंसियां ने अपने नियमित कार्रवाई के दौरान छापेमारी कर लाखों करोड़ रुपए नकद जब्त किए हैं। जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलेरेंस नीति के तहत सराहनीय कार्य करते हुए देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

लोकसभा में बैकफुट पर आया विपक्ष, निलंबन वापस लेने की अपील

नई दिल्ली। लोकसभा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, द्रविड़ मुनेत्र कषगम और तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस के चार सदस्यों के निलंबन को वापस लेने की अपील करते कहा कि अब वे आसन के सम्मुख नहीं आएंगे।

एक बार के स्थगन के बाद दो बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद पीठासीन अधिकारी रमा देवी ने नियम 377 के तहत मामले उठाने के लिए सदस्यों के नाम पुकारना शुरू कर दिया। राकांपा की सुप्रिया सुले ने अपील की कि कांग्रेस के चार सदस्यों को सत्रावधि के लिए निलंबित किया है। उनका निलंबन समाप्त करके सदन में वापस बुलाना चाहिए। सरकार महंगाई पर चर्चा के लिए तैयार है तो हम भी चर्चा में भाग लेना चाहते हैं।

तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंद्योपाध्याय ने और द्रमुक के ए राजा ने भी कहा कि उन्हें खेद है कि कांग्रेस के सदस्यों ने आसन के सम्मुख आ कर अमर्यादित आचरण किया लेकिन उनका निलंबन समाप्त करके सदन में वापस लिया जाना चाहिए।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि निलंबन समाप्त करने का निर्णय लोकसभा अध्यक्ष लेंगे लेकिन सुले, राजा और बंद्योपाध्याय इस बात की गारंटी लेंगे कि उक्त सदस्य दोबारा ऐसा आचरण नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से कह रही है कि वह महंगाई समेत हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

लेकिन विपक्ष की ओर से गारंटी वाले मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई और सदन में नियम 377 और फिर शून्य काल में लोक महत्व के महत्वपूर्ण मुद्दों काे उठाया गया।

खंडवा में तीन सगी बहनों के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले

खण्डवा। मध्यप्रदेश के खण्डवा जिले के आदिवासी बहुल ग्राम में एक आदिवासी परिवार की तीन सगी बहनों ने पेड़ से एक ही रस्सी से लटककर आत्महत्या कर ली।

एडिशनल एसपी सीमा अलावा ने बताया कि खण्डवा के समीपस्थ थाना जावर के अंतर्गत ग्राम कोठाघाट में आदिवासी हरलीबाई जामसिंह मुजाल्दे अपने परिवार के साथ रहती है जिसमें 5 बेटियां और 3 बेटे है।

कल रात घर में हरलीबाई उसका बेटा भुरू और उसकी पत्नी, छोटा बेटा रवि (12) और तीन बेटियां सनू (23), सावित्री (20) और ललिता (19) घर में खाना खाने के बाद सो गई थी। इसके बाद रात में हरलीबाई की नींद खुली तो उसने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो तीनो बेटियां गायब थी।

कमरे की बाहर से कुण्डी लगी हुई थी और आसपास कहीं कोई नज़र नहीं आ रहा था। वह रात में टोर्च लेकर निकली तो करीब ही एक नीम के पेड़ से तीनों बहने एक ही रस्सी से गले में फन्दा डालकर लटकी हुई थी। इस बीच शोर मचाया तो गांव के और भी लोग आए। पुलिस को सूचना देने के बाद तीनों शवों को पेड़ से उतारा गया।

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि अभी जो शॉर्ट रिपोर्ट आई है उसमें आत्महत्या बनाया गया है। एंटी मार्टम हैगिंग यानी मारने के बाद लटकाए जाने की कोई आशंका नहीं है। उन्होंने बताया कि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है और न ही उनके साथ किसी दुष्कृत्य का कोई साक्ष्य मिला है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया है, विस्तार से पोस्टमार्टम की रिपोर्ट कल तक मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आत्महत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है।

बताया गया कि तीनों बहने मोटरसाईकल से कल बाजार गई थी और शाम को घर आ गई थी। परिजनों ने साथ में खाना खाया। जब उसकी मां ने दस बजे उठी तो बाहर से कुण्डी लगी थी उसने भुरू को जगाया और पीछे के दरवाजे से निकलकर बाहर देखा तो टॉर्च के उजाले में वे तीनों नीम के पेड़ पर लटकी दिखी। उन्होंने बताया कि रस्सी नई थी, पूरे मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि क्या कारण रहा।

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, तनाव

मेंगलरु। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक नेता प्रवीण नेट्टारू की कल देर रात धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया और प्रशासन ने कडबा, पूट्टूर और सुल्लिया में धारा 144 के अन्तर्गत निषेधाग्या लागू कर दी है। इस मामले में आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने इलाके में दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल आदि बंद करा दिए हैं। वारदात के बारे में जानकारी के अनुसार प्रवीण बेल्लारे में मंगलवार की रात चिकन की दुकान बंद कर रहे थे कि इसी बीच वहां मोटर साइकिल पर कुछ अज्ञात व्यक्ति आए और उन पर हमला कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग बेल्लारे थाने के सामने जमा हो गए। कई हिन्दूवादी संगठनों ने उस अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया जहां प्रवीण का शव रखा गया था।

पुट्टूर तालुका में कुछ लोगों ने घटना के विरोध कर्नाटक राज्य परिवहन निगम की एक बस पर पथराव किया। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए विभिन्न इलाकों में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद करवा दिए।

विश्व हिन्दू परिषद ने सुलिया, कडबा और पुट्टूर में बुधवार को बंद का आह्वान किया। घटना के विरोध में वहां आज छिटपुट प्रदर्शन हुए। कुछ लोगों का कहना था कि प्रवीण नेट्टारु ने राजस्थान के उदयपुर में धार्मिक उन्मादियों के हमले में मारे गए दर्जी कन्हैया लाल को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा था। वे इस प्रवीण की हत्या को उसी घटना से जोड़कर कर देख रहे हैं।