Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 708 -
होम ब्लॉग पेज 708

हमजा शहबाज की मुख्यमंत्री की कुर्सी बरकरार रखने की कवायद

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में सत्तारूढ़ गठबंधन ने देश के मुख्य न्यायाधीश उमर अता बंदियाल से पंजाब के मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई के लिए अपनी अध्यक्षता में एक पूर्ण पीठ का गठन करन करने का पूरजोर आग्रह किया है, ताकि तकनीकी आधार पर हमजा शहबाज की मुख्यमंत्री की कुर्सी बरकरार रखी जा सके।

पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रब्यून ने रविवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। सत्तारूढ़ गठबंधन ने कहा कि एससी के सभी सम्मानित न्यायाधीशों के लिए सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) की समीक्षा अनुरोध, वर्तमान याचिका और अन्य संबंधित आवेदनों को एक साथ सुनना उचित होगा ये बहुत ही महत्वपूर्ण राष्ट्रीय, राजनीतिक और संवैधानिक मामले हैं।

गबंधन में शामिल दलों ने अनुच्छेद 63ए पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक अस्थिरता के कारण देश की अर्थव्यवस्था दिवालिया होने के कगार पर है और साथ ही मुद्रास्फीति, बेरोजगारी और गरीबी के रूप में लोगों इसका भार झेलना पड़ रहा है।

गठबंधन ने इमरान खान को लताड़ते हुए कहा कि इमरान खान जवाबदेही से बचने, अपने भ्रष्टाचार को छिपाने और चुपके से सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से बार-बार राजनीति में अराजकता पैदा कर रहे हैं।

पत्थलगांव में युवक की हत्या का खुलासा, 6 नाबालिग सहित 9 अरेस्ट

पत्थलगांव। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव में मंहगी मोटर साइकिल हथियाने की खातिर एक युवक की उसके ही दोस्तों ने शराब की पार्टी के दौरान गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए छह नाबालिग सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक डी रविशंकर ने आज बताया कि इकबाल यादव नामक मृतक युवक के अचानक गायब हो जाने पर उसके परिजनों ने 17 जुलाई को पत्थलगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

उन्होंने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम ने सघन खोजबीन शुरू कर दी थी। इसके तहत मृतक की महंगी मोटर साइकिल हथियाने का सुराग हाथ लग जाने के चलते इस हत्याकांड के सभी दस आरोपियों का खुलासा हो गया।

एसपी रविशंकर ने कहा कि इस जघन्य हत्या के मामले में 6 नाबालिग तथा 3 युवको को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मोहन यादव नामक एक आरोपी फरार होने से पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस हत्या की वारदात के बाद दो आरोपियों ने लाश को मोटर साइकिल में रखकर मैनपाट की तराई के जंगल ले जाकर फेंक आए थे। हत्या के मामले पर पर्दा डालने के लिए तीन दिन बाद इन आरोपियों ने जंगल में पड़ी लाश पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी थी, लेकिन मृतक की महंगी मोटर साइकिल से इस जघन्य अपराध का खुलासा हो गया।

सतीश पूनियां ने वागड़ जनजाति गौरव पदयात्रा का किया शुभारंभ

बांसवाड़ा। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने देश में पहली आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर आयोजित जनजाति समाज की दो दिवसीय वागड़ जनजाति गौरव पद यात्रा का आज यहां शुभारंभ किया।

इससे पहले डा पूनियां ने त्रिपुरा सुंदरी माता के मंदिर में दर्शन एवं पूजा अर्चना करने के बाद जनजाति समाज के साथ इस पदयात्रा का शंखनाद किया। वह जनजाति समाज के लोगों के साथ मां त्रिपुरा सुंदरी से बेणेश्वर धाम तक 41 किलोमीटर पैदल चलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का आभार एवं अभिनंदन व्यक्त करेंगे।

सोमवार दोपहर में इस पदयात्रा का डूंगरपुर जिले में बेणेश्वर धाम पर समापन होगा, जहां जनजाति समाज के लोगों के साथ एलईडी स्क्रीन पर डॉ. पूनियां नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मुर्मू के पद शपथ ग्रहण समारोह को देखेंगे।

फर्रूखाबाद : शादी के लिए राजी नहीं होने पर भतीजी को गोली से उड़ाया

फर्रूखाबाद। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र मे घर वालों की मर्जी से शादी न करने पर एक व्यक्ति ने अपनी भतीजी की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम तुर्कीपुर निवासी इरफान की 22 वर्षीय पुत्री गुलफसा अपनी मर्जी से विवाह करने का दबाव पिता पर डाल रही थी। इसके बाद पिता इरफान ने अपनी बेटी को उसके मन मुताबिक विवाह करने से साफ मना कर दिया, और कई जगह उसकी शादी के लिए वर देखें, इसको लेकर उसकी बेटी अपने पिता एवं परिजनों से रंजिश मानने लगी।

उन्होने बताया कि इरफान का छोटा भाई मुस्तीम उर्फ गुड्डू का आज सुबह गुलफसा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने भतीजी की गोली मारकर हत्या कर दी। युवती को घायल समझ कर परिजन उसे फर्रुखाबाद के डॉक्टर राम लोहिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस फरार गुड्डू की तलाश कर रही है।

पत्नी घर आने को तैयार नहीं तो लगायी फांसी

फर्रुखाबाद जिले के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में मायके से पत्नी के घर न आने को राजी होने पर मायूस पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि मोहल्ला भीकमपुरा दाऊद खां निवासी रामकुमार (20) एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां कंपाउंडर का काम करता था। पिछले तीन माह से उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। 20 जुलाई को वह अपनी पत्नी को बुलाने ससुराल गया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और पत्नी को नहीं भेजा जिससे वह मायूस हो गया था।

उन्होने बताया कि रामकुमार ने शुक्रवार की रात में किसी समय घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार तड़के भाई रोहित ने रामकुमार का शव फांसी पर लटकता देख पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें ससुराल जनों द्वारा धन मांगे जाने एवं मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को अदालत में घसीटने की दी धमकी

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने अपनी पुत्री के खिलाफ गैर-कानूनी तरीके से गोवा में रेस्तरां के लिए बार लाइसेंस हासिल करने के आरोप को लेकर कांग्रेस को अदालत में घसीटने की धमकी दी है।

ईरानी ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी पुत्री का सार्वजनिक रूप से चरित्र हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरी पुत्री पढ़ाई कर रही है वह कोई बार नहीं चलाती।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं कांग्रेसियों से पूछना चाहती हूं कि वे जो दस्तावेज लहरा रहे हैं, उसमें मेरी पुत्री का नाम कहां लिखा है। कांग्रेस के मुख्यालय पर कांग्रेसियों द्वारा आज एक 18 वर्ष की कॉलेज की छात्रा का चरित्र हनन किया गया। उसकी गलती यही है कि उसकी मां ने राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी में चुनाव लड़ा। इस लड़की का कांग्रेस ने चरित्र हनन किया है। उसका अपराध है कि उसकी मां ने सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री राजनीति में नहीं है फिर भी उसपर हमला किया गया। वह पढ़ती है लेकिन कांग्रेस के प्रवक्ता ने कुछ कागज लहराकर कहा कि वह गैर-कानूनी शराबखाना चलाती है।

ईरानी ने कहा कि मैं पवन खेड़ा (कांग्रेस प्रवक्ता) को बता देना चाहती हूं कि मेरी 18 वर्ष की पुत्री कॉलेज में पढ़ती है वह कोई बार नहीं चलाती। पवन खेड़ा ने कहा है कि मेरी बेटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मैं पूछती हूं कि उन कागजों में उसका नाम कहां है? जयराम रमेश ने कहा है कि यह कागज सूचना के अधिकार कानून के तहत मिला है।

ईरानी ने कहा कि वे आरटीआई के कागज के आधार पर मेरी पुत्री को दोषी ठहरा रहे हैं, उसका नाम उसमें हैं कहां? उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रवक्ताओं ने हंस-हंस कर कहा कि मैं सोनिया और राहुल के खिलाफ संवाददाता सम्मेलन करती हूं… मैं संवाददाता सम्मेलन करती रहूंगी। मैं अब अदालत में- कानून की अदालत में और जनता की अदालत में उनसे जवाब मांगूगीं।

इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि ईरानी की पुत्री द्वारा गोवा में चलाए जा रहे एक बार को शराब परोसने का लाइसेंस गैरकानूनी तरीके से मिला है। कांग्रेस प्रवक्ता और महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि गोवा के एक वकील ने आरटीआई आवेदन के जरिए यह जानकारी हासिल की है। कांग्रेस पार्टी ने इस प्रकरण को लेकर ईरानी से इस्तीफा मांगा है।

बांदा में 4 साल की बच्ची के साथ रेप, आरोपी फरीद अरेस्ट

बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 4 साल की एक मासूम बच्ची के साथ बलात्कार करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शनिवार को बताया कि नरैनी कस्बे के शास्त्री नगर मुहल्ला निवासी फरीद नामक युवक शुक्रवार को रात में बच्ची को फुसला कर झाड़ियों के बीच ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया। बाद में खून से लथपथ पीड़ित बच्ची झाड़ियों में पड़ी मिली।

इस जघन्य वारदात की सूचना पर तत्काल पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ घायल बच्ची को अस्पताल भेजकर उसका डाक्टरी परीक्षण एवं उपचार कराया। पुलिस ने आरोपी की पहचान 22 वर्षीय फरीद के रूप में कर उसके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार मंत्री पार्थ चटर्जी कोलकाता के SSKM अस्पताल में भर्ती

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से गिरफ्तार किए गए मंत्री पार्थ चटर्जी की तबीयत बिगड़ गई है। उसके बाद अदालत के आदेश से उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार राज्य के मंत्री पार्थ चटर्जी की बैंकशॉल कोर्ट में जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। पार्थ चटर्जी के वकीलों ने उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में चिकित्सा की अनुमति देने की सिफारिश की। उसके बाद उन्हें एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि शिक्षक भर्ती घोटाले मामले में पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद कोर्ट ने अर्पिता मुखर्जी को दो दिनों की ईडी हिरासत का निर्देश दिया है। पार्थ चटर्जी ने पूछताछ के दौरान शिकायत की थी कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। जोका के ईएसआई अस्पताल में उनकी चिकित्सा की जांच भी हुई थी।

ईडी ने स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) घोटाले में बंगाल के वरिष्ठ मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता पार्थ चटर्जी घोटाले से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में आज उनके दक्षिण कोलकाता स्थित आवास से गिरफ्तार किया।

उल्लेखनीय है कि जब प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के गैर-शिक्षण और शिक्षण कर्मचारियों के पदों पर विवादास्पद भर्तियां की गई थीं, उस समय चटर्जी राज्य के शिक्षा मंत्री थे।

ईडी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कोलकाता के नकटला इलाके में चटर्जी के घर पर 27 घंटे की लंबी छापेमारी के दौरान वह इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सूत्रों ने बताया कि चटर्जी से उनकी एक करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के फ्लैट से भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी को लेकर भी सवाल पूछे, जिसका भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। ईडी ने अर्पिता मुखर्जी को भी हिरासत में ले लिया है। इससे पहले ईडी ने अर्पिता मुखर्जी के घर से 21 करोड़ रुपए नकद बरामद किए थे।

वर्ष 2006 से 2011 तक राज्य में विपक्ष के नेता रहे एवं पांच बार के विधायक चटर्जी ने कोलकाता के बाहरी इलाके में स्थित अस्पताल के बाहर कार से उतरने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया। इससे पहले करीब 10 बजे गिरफ्तारी के बाद चटर्जी को केंद्रीय बलों के साथ एक काफिले के साथ ले जाया गया।

ईडी ने वाणिज्य, उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री चटर्जी के आवास और राज्य के विभिन्न हिस्सों में उनके करीबी सहयोगियों तथा रिश्तेदारों के ठिकानों पर शुक्रवार सुबह छापेमारी शुरू हुई थी। ईडी के कम से कम नौ अधिकारियों ने घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच के तहत चटर्जी के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चटर्जी के वकील भी उनके आवास पर मौजूद थे।

ईडी ने शुक्रवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्थ चटर्जी के कई सहयोगियों और उनके दामाद कल्याणमय भट्टाचार्य सहित उनके करीबी रिश्तेदारों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

ईडी के अधिकारियों ने उत्तर बंगाल में कूचबिहार जिले के मेखलीगंज में शिक्षा राज्य मंत्री परेश चंद्र अधिकारी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा ईडी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक माणिक भट्टाचार्य, पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष के आवास और कई मौजूदा तथा पूर्व अधिकारियों के परिसरों पर घोटाले से उनके कथित संबंधों को लेकर छापे मारे।

ईडी के अनुसार अर्पिता मुखर्जी के पास से 20 मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिसका उद्देश्य और उपयोग पता लगाया जा रहा है। ईडी ने शुक्रवार रात मीडिया को बताया कि कैश काउंटिंग मशीन के जरिए बरामद रुपयों की गिनती के लिए सर्च टीम बैंक अधिकारियों की मदद ले रही है।

ईडी ने कहा कि इसके अलावा घोटाले से जुड़े व्यक्तियों के विभिन्न परिसरों से कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज, रिकॉर्ड, संदिग्ध कंपनियों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विदेशी मुद्रा और सोना भी बरामद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अप्रैल में कई रिट याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए समूह सी और डी कर्मचारियों, नौवीं-बारहवीं कक्षा के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती घोटाले की जांच करने का निर्देश दिया था। ईडी ने कहा कि ईडी गैर-शिक्षण कर्मचारियों (ग्रुप सी एंड डी), कक्षा नौ से 12 के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की अवैध नियुक्ति से जुड़े मामलों की धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के तहत जांच कर रही है।

इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) चटर्जी और अधिकारी से पूछताछ कर चुकी है। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार योग्यता सूची की अनदेखी करके रोजगार हासिल करने को लेकर अधिकारी की पुत्री को स्कूल शिक्षक की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, उन्हें अपनी नौकरी से प्राप्त पूरा वेतन वापस करने के लिए कहा गया था और उसे स्कूल परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया था।

पार्थ चटर्जी के दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई : टीएमसी

भीलवाड़ा : ममेरी बहन से रेप, इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में भाई-बहन के रिश्ते को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक युवक के खिलाफ ममेरी बहन के साथ रेप करने का मामला दर्ज किया गया है।

युवक ने अपनी ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया और शादी करने के लिए दबाव डालने लगा, लेकिन युवती ने शादी से इनकार कर दिया। इससे तैश में आए युवक ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसे लेकर पीडि़ता ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

कोटड़ी थाने में एक युवती ने अपने मामा के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दी। एएसआई गोपाल लाल ने बताया कि पीडि़त युवती का आरोप है कि दस महीने पहले वह खेत पर अकेली थी। इस दौरान आरोपी खेत में घुस आया। उसने जेब से चाकू निकाला और डरा-धमका कर दुष्कर्म करते हुए वीडियो बना लिया।

इसके बाद भी वह युवती से दुष्कर्म करता रहा। उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे शादी के लिए मजबूर करने लगा। युवती ने जब उसे शादी करने मना किया तो आरोपी ने पीडि़ता के बनाये अश्लील वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

साठ किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद

भीलवाड़ा जिले साठ किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद किया गया है। मांडलगढ़ थाना प्रभारी सुरजीत ठोलिया ने बताया कि शनिवार को तस्करों की कार बेगूं-मांडलगढ़ मार्ग पर मेनाली नदी में पलट गई। पकड़े जाने के डर से तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार सहित 60 किलो 300 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कियाऔर तस्करों की तलाश शुरू कर दी।

नीरज चोपड़ा ने विश्व चैंपियनशिप में 19 साल बाद भारत को दिलाया पदक

यूजीन। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने शनिवार (भारत में रविवार सुबह) को इतिहास रचते हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की भाला फेंक प्रतियोगिता में रजत पदक जीता।

नीरज ने अमरीका के यूजीन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में 88.13 मीटर के थ्रो के साथ भारत को 19 साल बाद विश्व चैंपियनशिप पदक दिलाया। इससे पहले भारत का एकलौता विश्व चैंपियनशिप पदक 2003 में आया था जब अंजू बॉबी जॉर्ज ने महिला लंबी कूद में कांस्य पदक जीता था।

इसी के साथ नीरज विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय और पहले पुरुष एथलेटिक्स बन गए। चोपड़ा के फाइनल की शुरुआत फाउल के साथ हुई। 24 वर्षीय नीरज ने दूसरे और तीसरे प्रयास में क्रमशः 82.39 मीटर और 86.37 मीटर का थ्रो किया।

भारत को ओलंपिक में पहला स्वर्ण दिलाने वाले नीरज ने चौथे प्रयास में वापसी करते हुए 88.13 मीटर का थ्रो किया, जिसकी बदौलत वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनका पांचवां और आखिरी थ्रो हालांकि फाउल रहा, लेकिन वह भारत को विश्व चैंपियनशिप का पहला रजत दिलाने में कामयाब रहे।

पूर्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने अपने खिताब की रक्षा करते हुए 90.54 मीटर के थ्रो के साथ लगातार दूसरी बार स्वर्ण हासिल किया। वहीं, ओलंपिक के रजत पदक विजेता जुकुब वाडलेक को 88.9 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

इसी इवेंट में भारत के रोहित यादव ने 78.72 मीटर थ्रो के साथ 0वें स्थान पर रहे। इससे पहले के उनके दो प्रयास 77.96 मीटर और 78.05 मीटर रहे थे।

पार्थ चटर्जी के दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई : टीएमसी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शनिवार को कहा है कि पार्टी के वरिष्ठ मंत्री पार्थ चटर्जी के एसएससी घोटाले में दोषी पाये जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी के बयान से इस बात के संकेत मिलते है कि चटर्जी को तुरंत मंत्री और पार्टी महासचिव के पद से नहीं हटाया जाएगा।

तृणमूल नेताओं ने संयुक्त रुप से मामले की त्वरित जांच और मुकदमे की मांग की और दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय ने चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के आवास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है उस राशि का पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

उसी समय राज्य मंत्री फिरहाद हकीम और अरूप विश्वास और तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर अपने राजनीतिक हितों के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि अगर कोई साजिश का शिकार हुआ तो पार्टी विरोध करेगी। पार्टी प्रवक्ता घोष ने कहा कि अगर अदालत चटर्जी को दोषी करार देती है तो उनके खिलाफ सरकार और पार्टी स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।