Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 711 -
होम ब्लॉग पेज 711

संत विजयदास की मौत के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने भरतपुर जिले में अवैध खनन को लेकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले संत विजय दास की मौत के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया हैं।

संत विजय दास के निधन के बाद डा पूनियां ने आज अपने बयान में कहा कि यह ह्रदय विदारक सूचना हैं कि संत विजय दास का निधन हो गया। उन्होंने कहा कि संत विजय दास ने एक तरह खनन माफाया के खिलाफ अपने प्राणों की आहूति दी हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मौत का जिम्मेदार कोई है तो वह खनन माफिया को संरक्षण देने वाली राजस्थान की सरकार हैं। बृज चौरासी आस्था का स्थान है और जिस तरह पर्यावरण एवं आस्था को चुनौती थी और अवैध खनन के खिलाफ संत समाज का 551 दिन से आंदोलन चल रहा था। यह सरकार के संज्ञान में था लेकिन सरकार ने इसे नजर अंदाज किया।

उन्होंने कहा कि केवल इतना ही नहीं खनन माफियों को संरक्षण सरकार की फितरत बन चुकी हैं। राजस्थान में जितने माफिया हैं उनमें जिस प्रकार खान माफिया ने सरकार को गिरफ्त में लिया है और उसकी प्रणति आज एक साधु के बलिदान से हुई है।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से खान माफािया ने राजस्थान की शांति को लीला, भ्रष्टाचार पनपा और कानून व्यवस्था चुनौतीपूर्ण बनी है, इस पर सोचने की जरुरत हैं। उन्होंने कहा कि संत के निधन से बड़ा जनाक्रोश एवं संत समाज में आक्रोश है कि सरकार इतना लापरवाह क्यों हैं और प्रदेश के गृह मंत्री अपनी नैतिक जिम्मेदारी से बचते क्यों है। उल्लेखनीय है कि संत विजयदास का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शुक्रवार देर रात निधन हो गया।

भरतपुर जिले में आत्मदाह का प्रयास करने वाले संत विजय दास का निधन

भरतपुर जिले में आत्मदाह का प्रयास करने वाले संत विजय दास का निधन

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में डीग के पसोपा में अवैध खनन के खिलाफ आत्मदाह का प्रयास करने वाले संत विजय दास का शुक्रवार देर रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संत विजय दास का शुक्रवार देर रात ढाई बजे निधन हुआ। पोस्टमार्टम के बाद संत विजय दास का पार्थिव शरीर उत्तरप्रदेश के बरसाना ले जाया जा रहा है जहां उनका उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि डीग क्षेत्र में खनन गतिविधियों को बंद करने की मांग को लेकर पसोपा में साधु-संतों का आंदोलन चल रहा था इस दौरान गत बुधवार को संत विजय दास ने आत्मदाह का प्रयास किया था।

इसमें गंभीर रुप से झुलस जाने पर उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन गंभीर हालत के कारण उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया था। संत विजयदास हरियाणा में फरीदाबाद के बडाला के निवासी थे। साधु बनने से पहले उनका नाम मधुसूदन शर्मा था।

शिवपुरी : डाक्टर के बेटे को रेप केस में फंसाने की धमकी, नर्स अरेस्ट

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला मुख्यालय पर एक चिकित्सक पुत्र को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 11 लाख रुपए से अधिक की वसूली के मामले में नर्स और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस सिलसिले में कल शाम ही कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर नर्स रितु और उसके साथी शिशुपाल को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आदित्य बंसल नाम के युवक की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है।

सूत्रों ने कहा कि यहां एक नर्सिंग होम के चिकित्सक के पुत्र और नर्सिंग होम में काम करने वाली एक नर्स से जुड़ा मामला है। नर्स ने अपने एक साथी के साथ कथित तौर पर चिकित्सक पुत्र को दुष्कर्म के मामले में फसाने की धमकी देकर 11 लाख रुपए से अधिक की वसूली कर ली।

शिकायत में चिकित्सक-पुत्र ने कहा है कि उसके पिता के नर्सिंग होम में रितु नाम की नर्स काम करती थी और वह नर्सिंग होम के मेडिकल स्टोर पर कभी-कभी बैठने जाता था, जिससे उसका नर्स से परिचय हुआ। आरोपी नर्स ने उसे प्यार के जाल में फंसाया, जब पिता को इस बात का पता चला तो उन्होंने नर्स को नौकरी से निकाल दिया।

इसके बाद उसने चिकित्सक के पुत्र के माध्यम से वापस नौकरी पर रखने का दबाव बनाया और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी दी। इसके चलते उसने चिकित्सक के पुत्र से 11 लाख रुपए से अधिक की वसूली भी कर ली। कुछ दिन‎ बाद उसने नौकरी पर वापस रखने, प्लॉट और 10‎ लाख रुपए की और डिमांड कर दी।

ब्लैकमेलिंग से परेशान डॉक्टर‎ और उनके बेटे ने कोतवाली पहुंचकर‎ शिकायत दर्ज कराई।‎ पुलिस ने नर्स और उसका साथ देने वाले आरोपी को पकड़कर 5 लाख का चेक व 4‎ लाख रुपए बरामद कर लिया। सूत्रों ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

हजरत बाबा फरीद का चिल्ला मोहर्रम की 4 तारीख को खोला जाएगा

0

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह परिसर में स्थित हजरत बाबा फरीद का चिल्ला मोहर्रम की चार तारीख को खोला जाएगा।

अजमेर दरगाह कमेटी के अनुसार साल में एक बार मोहर्रम (मिनी उर्स) के मौके पर ख्वाजा साहब की दरगाह स्थित हजरत बाबा फरीद गंज शक्कर का चिल्ला तड़के चार बजे आम जायरीनों के लिए खोला जाएगा ताकि वे चिल्ले की जियारत कर सकें। चिल्ला तीन दिन खुला रहेगा।

उल्लेखनीय है कि बाबा फरीद की दरगाह पाकिस्तान के पाक पट्टन में है जहां इन्हीं दिनों में उनका उर्स भरा जाता है। बाबा फरीद के अजमेर सहित हिंदुस्तान में भी बड़ी संख्या में अनुयायी है और यहां साल में एक बार खुले चिल्ले पर जियारत कर वे अमन चैन, खुशहाली व सुख समृद्धि की कामना करते हैं।

भीलवाड़ा में रीट परीक्षा में देरी पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को नहीं मिला प्रवेश

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में आज अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) शुरू हुई और निर्धारित समय से देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया।

दो दिन चलने वाली रीट परीक्षा के पहले दिन शुक्रवार को सुबह नौ बजे बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। कई परीक्षार्थी नौ बजे बाद पहुंचे लेकिन किसी को प्रवेश नहीं मिला।

एक परीक्षा केंद्र पर एक महिला अभ्यर्थी पांच मिनट देरी से पहुंची तो उसे रोक दिया गया। वह बूंदाबांदी होने का हवाला देते हुए प्रवेश के लिए खूब आग्रह किया लेकिन मैन गेट पर मौजूद गार्ड ने उसकी एक नहीं सुनी।

इससे पूर्व सभी परीक्षार्थियों को आवश्यक जांच के बाद परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दिया गया। कुछ परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश के बाद फोटोकॉपी कराने के लिए दौड़ लगाते दिखे।
राउमावि राजेंद्र मार्ग के प्रिंसीपल डॉ. श्यामलाल खटीक ने बताया कि 23 व 24 जुलाई को दो दिन दो पारियों में परीक्षा होगी।

हर पारी में 552 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। आज पहली पारी में परीक्षार्थियों की तीन स्तरीय जांच करने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक होगी।

रीट परीक्षा के लिए भीलवाड़ा जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर दो दिन में चार पारियों में करीब 30 हजार परीक्षार्थियों के आने की संभावना है।

पार्थ चटर्जी के आवास पर ईडी की छापेमारी जारी

कोलकाता। स्कूल सेवा आयोग और पश्चिम बंगाल बोर्ड ऑफ प्राइमरी एजुकेशन बोर्ड भर्ती घोटाले से कथित तौर पर जुड़े होने को लेकर पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता पार्थ चटर्जी के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी शनिवार को भी जारी रही।

सूत्रों ने बताया कि दक्षिण कोलकाता के नकटला इलाके में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के आवास पर शुक्रवार सुबह शुरू हुई छापेमारी 24 घंटे से अधिक समय तक चल रही है। ईडी ने शुक्रवार रात करीब चर्टजी की सहयोग अर्पिता मुखर्जी के आवासीय परिसर से 20 करोड़ रुपए नकद बरामद करने का दावा किया था। इस रकम के एसएससी घोटाले से जुड़े होने के संदेह है।

राज्य के शिक्षा मंत्री के रूप में चटर्जी के कार्यकाल के दौरान गैर-शिक्षण और शिक्षण कर्मचारियों की अवैध नियुक्तियों से संबंधित घोटाले में हवाला कारोबार की दृष्टिकोण से जांच कर रही ईडी के कम से कम नौ अधिकारी चटर्जी के घर की तलाशी ले रहे हैं।

ईडी ने उत्तर बंगाल में कूचबिहार जिले के मेखलीगंज में शिक्षा राज्य मंत्री परेश चंद्र अधिकारी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक माणिक भट्टाचार्य, पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष के आवास और कई मौजूदा तथा पूर्व अधिकारियों के ठिकानों पर भी घोटाले से उनके कथित संबंधों को लेकर छापे मारे गए।

ईडी के अनुसार भारी मात्रा में नकदी बरामद करने के अलावा अर्पिता मुखर्जी के पास से 20 मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिसका उद्देश्य और उपयोग पता लगाया जा रहा है।

ईडी ने मीडिया को बताया कि कैश काउंटिंग मशीन के जरिए बरामद रुपये की गिनती के लिए सर्च टीम बैंक अधिकारियों की मदद ले रही है। ईडी ने कहा कि इसके अलावा घोटाले से जुड़े व्यक्तियों के विभिन्न परिसरों से कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज, रिकॉर्ड, संदिग्ध कंपनियों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विदेशी मुद्रा और सोना भी बरामद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अप्रैल में कई रिट याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए समूह ‘सी’ और ‘डी’ कर्मचारियों, नौवीं-बारहवीं कक्षा के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती घोटाले की जांच करने का निर्देश दिया था।

ईडी ने कहा कि ईडी गैर-शिक्षण कर्मचारियों (ग्रुप सी एंड डी), कक्षा IX-XII के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की अवैध नियुक्ति से जुड़े मामलों की धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के तहत जांच कर रही है। इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) चटर्जी और अधिकारी से पूछताछ कर चुकी है।

उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ने योग्यता सूची की अनदेखी करके रोजगार हासिल करने को लेकर अधिकारी की पुत्री स्कूल शिक्षक की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, उन्हें अपनी नौकरी से प्राप्त पूरा वेतन वापस करने के लिए कहा गया था और उसे स्कूल परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया था।

बंगाल में मंत्री पार्थ चटर्जी के सहयोगी के आवास से 20 करोड़ रुपए बरामद

हाथरस के सादाबाद में देर रात डंपर ने कावंड़ियों को रौंदा, 6 की मौत

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में सादाबाद मार्ग पर बीती रात करीब डेढ़ बजे एक डंपर ने गंगाजल लेकर जा रहे सात कांवड़ियों को कुचल दिया। इनमें से छह की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री कार्यालय से शनिवार को जारी शोक संदेश में योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने और आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में मारे गए सभी कांवड़िये मध्य प्रदेश में ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं। वे हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे। यह हादसा सादाबाद थाना क्षेत्र के बढार गांव के पास हुआ।

हादसे की जानकारी मिलते ही आगरा क्षेत्र के अपर महानिदेशक पुलिस राजीव कृष्ण, आईजी अलीगढ़ व अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीजी ने बताया कि डंपर के चालक के बारे में जानकारी मिल गयी है। उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पांच कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो कांवड़ियों को उपचार के लिए आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद अन्य कांवड़ियों में भी भारी आक्रोश है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे भी मौके पर पहुंच गए।

बंगाल में मंत्री पार्थ चटर्जी के सहयोगी के आवास से 20 करोड़ रुपए बरामद

कोलकाता। कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) घोटाले में मामले में तृणमूल कांग्रेस के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी के एक सहयोगी के आवासीय परिसर से लगभग 20 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए है। ईडी ने दिन के दौरान चटर्जी के परिसरों पर छापा मारा था।

ईडी ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि नकदी की गिनती का काम मशीनों से करने के लिए बैंक अधिकारियों की सहायता ले जा रही है। ईडी ने तलाशी में चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के आवासीय परिसर से लगभग 20 करोड़ रुपए की भारी नकदी बरामद की है। इस राशि का संबंध एसएससी घोटाले से होने का संदेह है।

विज्ञप्ति के अनुसार तलाशी में इसके अलावा कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज, रिकॉर्ड, संदिग्ध कंपनियों का विवरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विदेशी मुद्रा और सोना संबंधितों के विभिन्न परिसरों से बरामद किए गए हैं। केंद्रीय एजेंसी ने यह भी दावा किया कि उसने मुखर्जी के परिसर से 20 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ईडी के अधिकारियों ने कूचबिहार जिले के मेखलीगंज स्थित शिक्षा राज्य मंत्री परेश अधिकारी के घर पर भी छापेमारी की। इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा चटर्जी और अधिकारी से कई बार पूछताछ की गई थी। कलकत्ता उच्च न्यायालय के अप्रैल में आदेश के बाद सीबीआई ने घोटाले की जांच शुरू की।

पाकिस्तान : हमजा शहबाज पंजाब के मुख्यमंत्री निर्वाचित

इस्लामाबाद। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएलएन) के उम्मीदवार एवं पंजाब प्रांत के मौजूदा मुख्यमंत्री हमजा शहबाज ने शुक्रवार को तीन मतों से जीत हासिल की।

हमजा ने पाकिस्तान तहरीक ए-इंसाफ (पीटीआई) तथा पाकिस्तान मुस्लिम लीग क्यू (पीएमएलक्यू) के संयुक्त उम्मीदवार को हराकर अपनी कुर्सी बरकरार रखने में कामयाबी हासिल की।

रिपोर्टों में कहा गया है कि पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के सह-अध्यक्ष आसिफ जद्रारी और पीएमएलक्यू अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन ने पार्टी के विधायकों को पत्र भेजकर हमजा शहबाज को वोट देने का निर्देश दिया। पत्र में इमरान खान की पार्टी पीटीआई के उम्मीदवार चौधरी परवेज इलाही को मत देने से मना किया गया था।

चौधरी शुजात के पत्र ने 10 पीएमएलक्यू विधायकों के मतों को अप्रभावी बना दिया। संविधान के अनुच्छेद 63-ए की व्याख्या के संबंध में पाकिस्तान के सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले के मद्देनजर इन्हें खारिज कर दिया गया।

विपक्ष के उम्मीदवार चौधरी परवेज इलाही को 186 वोट मिले थे, जबकि शहबाज को 179 वोट मिले थे। डिप्टी स्पीकर सरदार दोस्त मुहम्मद मजारी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार पीएमएलक्यू के वोटों को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि पार्टी प्रमुख के निर्देशों के खिलाफ विधायकों द्वारा डाले गए वोटों की गिनती नहीं की जाएगी और ऐसे विधायकों को भी हटा दिया जाएगा।

रहमना ने दिलाई हमजा को मुख्यमंत्री पद की शपथ

पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के राज्यपाल बलीघुर रहमान ने शनिवार को हमजा शहबाज को मुख्यमंत्री पद शपथ दिलाई। हमजा ने शुक्रवार को आश्चर्यजनक तरीके से पाकिस्तान मुस्लिम लीग क्यू (पीएमएल-क्यू) के परवेज इलाही हो हराकर मुख्यमंत्री पद का चुनाव जीता था। शपथ ग्रहण समारोह पंजाब के गवर्नर हाउस में आयोजित किया गया।

सबगुरु राशिफल : 23 जुलाई शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, कृष्ण पक्ष, दशमी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 11.27 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज के दिन आप के मन मे कुछ ना कुछ तिकडम लगी रहेगी। थोड़ी सी सफलता पाकर सामर्थ से अधिक सोचेंगे अतिआत्मविश्वास भविष्य के लिए हानि कारक रहेगा। आर्थिक दृष्टिकोण से आज का दिन भी संतोषजनक रहेगा। कार्य व्यवसाय से थोड़ी मेहनत के बाद आशाजनक लाभ कमा लेंगे। खर्च भी आय के हिसाब से रहेगा फिर भी बचत के अवसर मिलेंगे। व्यापार विस्तार आज कर सकते है निवेश भी फायदेमंद रहेगा परन्तु नए कार्य का आरंभ आज ना करें। पारिवारिक वातावरण बीच में थोड़ा उग्र होगा थोड़ी देर में ही स्थिति सामान्य बन जाएगी।

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन वैसे तो सामान्य ही रहेगा फिर भी राजसी खर्च रहने से धन की कमी रहेगी। व्यवसाय में मंदी रहने से धन की आमद खर्च की तुलना में आधी भी नही होगी। कार्य क्षेत्र पर आज छोटी सी चूक बड़ा नुकसान करा सकती है प्रत्येक कार्य को देखभाल कर करें। आज पारिवारिक सदस्य का जिद्दी व्यवहार घर मे अशांति का कारण बनेगा। विद्यार्थी वर्ग अध्ययन में लापरवाही करेंगे। महिलाये अनर्गल प्रवृति में समय और धन व्यर्थ करेंगी बाद में पश्चाताप भी होगा। दिखावे की भावना आर्थिक उलझनों में फ़सायेगी। बुजुर्गो को भी आज सम्मान कम ही देंगे।

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपका आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आर्थिक समस्याएं यथावत बनी रहने से मानसिक कष्ट भोगेंगे काम-काज भी ठप्प सा ही रहेगा। नौकरो के भरोसे काम छोड़ना भारी पड़ सकता है। आर्थिक कारणों से आज भी घर एवं बाहर खीचतान की स्थिति बनेगी। विरोधी आपको नीचा दिखाने का हर संभव प्रयास करेंगे। पारिवारिक वातावरण गलतफहमियों एवं धैर्य हीनता के चलते अशांत रहेगा। उधार आज नहीं किसी से लें ना ही ही दें। परिवार में बीमारियों का प्रकोप अतिरिक्त परेशानी बढ़ाएगा दवाओं पर खर्च करना पड़ेगा। महिलाओं से आज सावधान रहें झगड़े का कारण बनेंगी।

कर्क (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज का दिन आपको सहज लाभ दिलाएगा। लेकिन आसानी से बन रहे कामों के कारण आपमें अतिआत्मविश्वास एवं अहम की भावना भी रहेगी जिससे निकट भविष्य में हानि होने की संभावना है। कार्य क्षेत्र पर किसी अन्य के दख़ल देने पर वातावरण कुछ समय के लिए अशांत बनेगा फिर भी आज आपके धन लाभ को कोई नही रोक पाएगा। नौकरीपेशा जातकों को किसी विषय मे विशेष अनुभव का लाभ मिलेगा। बच्चे एवं महिलाएं जबरदस्ती अपनी बात को मनवा लेंगी। बुजुर्गो आज अपनी किसी बात पर अड़ सकते है जिससे थोड़ी असुविधा होगी। रक्त पित्त संबंधित समस्या हो सकती है।

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सरकारी नौकरी वाले जातक अथवा सरकार संबंधित कार्यो के लिए आज का दिन विशेष रहेगा। नौकरी में पदोन्नति एवं सरकार से आर्थिक विषयों में लाभ की संभावना है परंतु ध्यान रहे आज आपकी राह में अड़चन डालने वाले भी बहुत रहेंगे इसलिए विनम्रता का परिचय दें। व्यवसायी वर्ग आकस्मिक सहायता मिलने से उत्साहित रहेंगे। कार्य व्यवसाय थोड़े उतार-चढ़ाव के बाद गति पकड़ लेगा लेकिन आज घरेलू अथवा रिश्तेदारी के खर्च अधिक होने से बचत करना मुश्किल रहेगा। महिलाएं किसी कारण से नाराज होंगी जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनेगी। संतानें भी आपके विपक्ष में रहेंगी।

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन सुख शांतिदायक रहेगा फिर भी आपसी संबंधों में आज शक की गुंजाइश ना रखें मामूली बातों को अनदेखा करें। कार्य क्षेत्र पर आरम्भ में निर्णय लेने में दुविधा होगी अहम की भावना आने से किसी की सहायता लेना पसंद नही करेंगे जिससे कार्यो में विलंब हो सकता है। लेकिन आज आप जो निर्णय लेंगे उनमे से अधिकांश सही साबित होंगे। आपके कारण परिवार का भी मान बढेगा आज आप तंत्र मंत्र अथवा अन्य पूजापाठ से जुड़े कार्यो की अपेक्षा कर्म को ज्यादा महत्त्व देंगे इस विषय को लेकर किसी से वाद-विवाद भी हो सकता है। स्त्रीवर्ग आज पुरुषों की अपेक्षा ज्यादा खर्चीली रहेंगी।

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज दिन के अंतिम भाग को छोड़ शेष विपरीत फलदायी रहेगा। दिन भर भागदौड़ करने के बाद भी कुछ भी आपकी आशा के अनुरूप नही होगा। धन संबंधित कार्य भी अंत समय मे आकर उलझ जाएंगे फिर भी उधारी के व्यवहार यथासम्भव ना करे अन्यथा नई मुसीबत सर पड़ेगी। किसी से काम निकालने में भी अभिमान आड़े आएगा। समाज के वर्जित कार्यो की ओर मन भटकेगा यह भविष्य में मान हानि कराएगा। गृहस्थ में किसी बाहरी व्यक्ति के कारण मतभेद रहेगा। विद्यार्थी मन मर्जी करेंगे। सेहत को लेकर लापरवाही ना करें। धैर्य से सही समय की प्रतीक्षा करें रात्रि में शुभ समाचार मिल सकते है।

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज का दिन आपके लिए आशाजनक रहेगा। बेरोजगार लोग आज थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करें निश्चित सफलता मिलेगी। व्यवसायी अथवा नौकरी पेशा जातक कार्य भार को देखकर घबरा सकते है लेकिन एक बार आरंभ करने पर जटिल कार्य भी आसान नजर आएगा समय पर सहयोग भी मिल जाएगा। आर्थिक विषयों को आज गंभीरता से लेंगे धन लाभ बीच बीच मे आवश्यकता अनुसार होता रहेगा लेकिन फिर भी धन को लेकर परिवार में असंतोष रहेगा। महिलाओ का दिमाग आज धन खर्च करने पर भी अस्थिर रहेगा किसी का दिया प्रलोभन दिमाग में घूमता रहेगा। आज आपको जितना भी मिले कम ही लगेगा।

धनु (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन सामान्य बीतेगा। धन लाभ आज अवश्य होगा परन्तु अधिक पाने की लालसा मूल लाभ से भी वंचित कर सकती है। कार्य व्यवसाय में आज ज्यादा दिमाग लगाना पड़ेगा जिसका फल थोड़ा विलंब से मिलेगा। उलझनों के बाद भी हास्य के अवसर मिलते रहने से मन हल्का रहेगा। महिलाएं पुरुषों से प्रतिस्पर्धा कर आगे निकलने का प्रयास करेंगी लेकिन इसमें सफल नहीं हो पाएंगी। जोखिम वाले कार्यो में आज निवेश कर सकते हैं, आने वाले समय में लाभ देगा। यात्रा पर्यटन की इच्छा मन में ही रहेगी फिर भी घरेलू वातावरण आनंद में कमी नहीं रखेगा। आज उधार ना दें।

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आप अपने विवेकी व्यवहार के चलते कार्य क्षेत्र एवं परिवार में अन्य लोगों से बेहतर आंके जाएंगे परन्तु बीच बीच मे किसी कारण से क्रोध आ सकता है जिससे लोगो की विचारधारा आपके प्रति अकस्मात बदलेगी। कार्य व्यवसाय अथवा घरेलू मामलों में अपने निर्णय औरों पर थोपेंने पर वैचारिक मतभेद बढ़ेंगे। महिलाओं के गलत आचरण से पारिवारिक सम्मान को ठेस पहुंच सकती है। आर्थिक रूप से दिन मिला जुला रहेगा धन लाभ आज अकस्मात ही होगा अथवा निराश भी कर सकता है। चोट मोच का भय है यात्रा अतिआवश्यक होने पर ही सावधानी से करें।

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपको आज का दिन मिलाजुला फलदेगा। प्रातः काल से ही मानसिक रूप से निराश रहेंगे। कार्यो की असफलता का गुस्सा परिजनों पर निकालने से अशांति फैलेगी। दिनचार्य प्रातः काल से ही अस्त-व्यस्त बनेगी जिसे शाम तक नहीं सुधार सकेंगे। सब परिजन मिलकर आज आपके विरुद्ध एकजुट होंगे जिससे अकेलापन महसूस करेंगे। व्यावसायिक स्थल पर भी आज किसी के सहयोग की अपेक्षा ना करें आर्थिक लाभ संध्या के आस-पास अल्प मात्रा में होगा। भोजन में अरुचि रहेगी शारीरिक स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव लगा रहेगा कमजोरी रहने से उत्साहहीनता एवं स्वभाव में रूखापन आएगा।

मीन (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज आप अपने अंदर एक नई ऊर्जा का संचार अनुभव करेंगे। कार्यो को लेकर थोड़े लापरवाह भी रहेंगे लेकिन किसी का सहयोग मिलने से कार्य निश्चित समय पर पूर्ण कर लेंगे। पारिवारिक एवं व्यावसायिक विषयो में समाज के वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन निकट भविष्य के लिए लाभदायी रहेगा। नौकरीपेशा जातक कार्य क्षेत्र पर किसी से गरमा गर्मी होने पर मानसिक संतुलन खो सकते हैं विवेक से काम लें अन्यथा बाद में पछताना पड़ेगा। धार्मिक कार्यो में रुचि रहेगी फिर भी उपयुक्त समय नहीं दे सकेंगे दैनिक पूजा पाठ में खानापूर्ति मात्र रहेगी। आकस्मिक यात्रा करनी पड़ सकती है। स्त्री एवं संतान को लेकर असमंजस की स्थिति बनेगी।