Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 713 -
होम ब्लॉग पेज 713

संजय राउत के करीबी सुजीत की पत्नी स्वप्ना पाटकर से ईडी ने की पूछताछ

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉंडरिंग से जुड़े एक मामले में शिवसेना नेता संजय राउत के करीबी सुजीत पाटकर की पत्नी स्वप्ना पाटकर से शुक्रवार को पूछताछ की। इस मामले के तार भी पत्र चॉल भूमि घोटाला प्रकरण से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।

स्वप्ना पाटकर पूछताछ के लिए समन जारी होने के बाद कुछ दस्तावेजों को लेकर ईडी के कार्यालय पहुंची। इससे पहले ईडी संजय राउत की पत्नी और उनके दो सहयोगियों की 11.15 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति काे अनंतिम रूप से संलग्न कर चुकी है। यह कार्रवाई कुछ जमीन के सौदों से जुडे मनी लॉन्डरिंग जांच के दौरान की गई है।

इस बीच ईडी ने इस मामले में 27 जुलाई को संजय राउत को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। दूसरी ओर राउत लगातार केंद्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का विरोधियों के खिलाफ गलत तरह से इस्तेमाल करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने इसे प्रतिशोध की कार्रवाई बताया और दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी इल्जाम गलत साबित होंगे।

बीएस येदियुरप्पा पुत्र विजयेंद्र के लिए छोड़ेंगे शिकारपुरा सीट

शिमोगा। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी शिकारपुरा सीट को पुत्र बी वाई विजयेंद्र के लिए छोड़ने का निर्णय लिया है। इसे भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

येदियुरप्पा ने बुधवार को शिमोगा में कहा कि वह आगामी 2023 विधानसभा चुनाव में अपने शिकारपुरा निर्वाचन क्षेत्र को पुत्र विजयेंद्र के लिए छोड़ देंगे। उनके इस फैसले से न सिर्फ भाजपा को बल्कि उनके समर्थकों को भी बड़ा झटका लगा है। उनके समर्थकों का मानना है कि यदि येदियुरप्पा चुनाव में इस सीट से खड़े नहीं हुए तो पार्टी को झटका लग सकता है। उनके इस फैसले से अगले चुनाव में लिंगायत वोटों पर असर पड़ेगा। इसके बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में बड़ी बहस छिड़ गई है।

येदियुरप्पा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र शिकारपुरा के अंजनापुर जलाशय का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि विजयेंद्र पर चुनाव का दबाव है, इसलिए वे शिकारपुरा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि शिकारपुरा के लोग विजयेंद्र को भी बड़े अंतर से जिताने का प्रयास करेंगे।

ऐसी खबरें हैं कि येदियुरप्पा को भारतीय जनता पार्टी उच्च कमान की ओर से पहले जैसी तवज्जो नहीं मिल रही है। येदियुरप्पा को कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री पद से हटाकर सवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया था। येदियुरप्पा ने विजयेन्द्र को विधान परिषद सदस्य बनाकर मंत्री पद दिलाने के लिए बड़े प्रयास किए, लेकिन सब व्यर्थ गए।

येदियुरप्पा ने अब पुत्र विजयेंद्र के भविष्य के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र शिकारपुरा से उन्हें चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। येदियुरप्पा अब चुनाव लड़ेंगे या राजनीति छोड़ देंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

मनीष सिसोदिया पर लगे केस में कोई सच्चाई नहीं : अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ केन्द्रीय जांच ब्यूरो जांच की सिफारिश किए जाने पर कहा कि वह बेहद कट्टर ईमानदार और देशभक्त आदमी हैं, उन पर लगा मामला बिल्कुल झूठा है और उसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं हैं।

केजरीवाल ने उपराज्यपाल द्वारा सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश किए जाने को लेकर आज संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि मीडिया से मुझे पता चला कि इन लोगों ने उनके खिलाफ सीबीआई को कोई केस भेजा है और सीबीआई कुछ दिनों के अंदर सिसोदिया को गिरफ्तार करने वाली है।

मैंने तो तीन-चार महीने पहले ही बता दिया था। इनके लोगों ने हमें बताया था कि सिसोदिया को जल्द ही गिरफ्तार करने वाले हैं। मैंने अपने कई भाषणों में और विधानसभा में कहा था कि ये लोग शिक्षा मंत्री को गिरफ्तार करने वाले हैं। अब हमारे देश के अंदर एक नया सिस्टम लागू हुआ है। पहले यह तय किया जाता है कि किस आदमी को जेल भेजना है और फिर उसके खिलाफ एक मन गढ़ंत झूठा केस बनाया जाता है और उसे जबरदस्ती जेल भेजा जाता है।

उन्होंने कहा कि मीडिया से अभी तक मुझे पता चला है कि जो आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं, मैंने वो सारी जांच कराई। पूरा का पूरा केस बिल्कुल झूठा है। उसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। मैं सिसोदिया को 22 साल से जानता हूं। वह एक बेहद ईमानदार, कट्टर देशभक्त आदमी हैं।

हमारे देश में पिछले 75 साल में इन सारी पार्टियों और सरकारों ने मिलकर सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क कर दिया था। इन लोगों ने सरकारी स्कूलों का बहुत बुरा हाल कर दिया था। इन सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करोड़ों गरीबों के बच्चों का भविष्य अंधकार में था। पहली बार जब दिल्ली के अंदर आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तब दिल्ली के अंदर भी सरकारी स्कूलों को बहुत बुरा हाल था। सिसोदिया ने रात-दिन मेहनत करके दिल्ली के सरकारी स्कूलों में सुधार किया। सरकारी स्कूलों को ऐसा बनाया कि अब अमीर लोग भी अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भर्ती करा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिसोदिया ने केवल दिल्ली के स्कूल ठीक नहीं किए, बल्कि देश के करोड़ों-करोड़ बच्चों को एक उम्मीद दी है कि सरकारी स्कूल भी ठीक हो सकते हैं और गरीबों के बच्चों का भविष्य भी अच्छा हो सकता है। सुबह छह बजे वह अपने घर से निकल जाते हैं और अलग-अलग सरकारी स्कूलों के अंदर दौरा करते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि इस दुनिया में ऐसा कौन से व्यक्ति है, जो सुबह छह बजे उठकर स्कूलों के दौरे पर निकल जाता है और बच्चों का भविष्य बनाना चाहता है। ये लोग यह समझ लें कि हमें जेल से डर नहीं लगता है। जेल से इनको डर लगता होगा।

उन्होंने कहा कि यह सोचने वाली बात है कि ये लोग हाथ धो कर हम लोगों के पीछे क्यों पड़े हैं? हमारे इतने विधायकों को ये जेल भेज चुके हैं। सारे छूट-छूट कर आ गए। अदालत ने जब हमारे विधायकों को छोड़ा तो इन लोगों के खिलाफ ऐसे आदेश पास किए कि क्या झूठे-सच्चे केस बना रहे हो। इन्होंने डेढ़ महीने पहले श्री सत्येंद्र जैन को झूठे केस में गिरफ्तार कर लिया। अब सिसोदिया को ये लोग गिरफ्तार करने जा रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि हमारे पीछे हाथ धोकर पीछे पड़ने का दूसरा कारण यह है कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी जीती है, पूरे देश के अंदर पार्टी की चर्चा हो रही है। ये लोग आम आदमी पार्टी को रोकना चाहते हैं। ये नहीं चाहते हैं कि पूरे देश में उनकी पार्टी इनके टक्कर में खड़ी हो।

उन्होंने कहा कि 75 साल में इन पार्टियों ने मिलकर देश को बर्बाद कर दिया। इतने वर्षों में कितने देश हमसे आगे निकल गए, क्यों? भारत के लोगों में कोई कमी है। भारत के लोग सबसे ज्यादा बुद्धिमान हैं। इन पार्टियों ने दगा दिया है। इन पार्टियों ने मिलकर देश को लूटा है। ये अपनी लूट जारी रखना चाहते हैं, लेकिन अब देश खड़ा हो रहा है। दिल्ली से यह जो चिंगारी निकली है, यह पूरे देश में फैलेगी और इसे कोई नहीं रोक सकता है। क्योंकि अब समय आ गया है। अब देश खड़ा हो रहा है और जाग रहा है।

पुबुदु दासानायका ने नेपाल मुख्य कोच के पद से इस्तीफ़ा दिया

काठमांडू। पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर पुबुदू दासानायका ने नेपाल नेशनल टीम के मुख्य कोच पद से पारिवारिक कारणों से इस्तीफ़ा दिया है। उनके अनुबंध में अभी डेढ़ साल का समय बचा था और अब वह 2023 के अंत तक कनाडा के मुख्य कोच का पद संभालेंगे।

52 वर्षीय दासानायका 1990 के दशक में टेस्ट क्रिकेट खेलने के बाद 2001 से ओंटारियो, कनाडा के ही निवासी हैं। उन्होंने 2005 में आयरलैंड में खेले गए आईसीसी ट्रॉफ़ी में पहली बार कनाडा का प्रतिनिधित्व किया था और अपनी टीम को 2007 के विश्व कप के लिए क्वालिफ़ाई करने में अहम भूमिका निभाई थी।

2007 से 2011 विश्व कप तक वह कनाडा के मुख्य कोच भी थे। यह कनाडा के लिए 50 ओवर विश्व कप खेलने का आख़िरी मौक़ा था। उसके बाद वह नेपाल टीम से जुड़े और 2015 तक मुख्य कोच बने रहे और इस दौरान नेपाल को 2014 में पहली बार टी20 विश्व कप तक पहुंचाया।

दासानायका 2016 से 2019 तक यूएसए के मुख्य कोच थे और इसके बाद उन्होंने दिसंबर 2021 में दूसरी बार नेपाल की कमान संभाली। हालांकि उन्होंने कहा कि कोविड के चलते उन्होंने अपने पारिवारिक जीवन को ज़्यादा प्राथमिकता देने का फ़ैसला किया है।

उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान मैं क्रिकेट से दूर था। मेरी बीवी कनाडा में पशु चिकित्सक हैं और इस दौरान वह काफ़ी व्यस्त रहीं और मैं उनकी सहायता करने लगा था। जब कोविड का क़हर थोड़ा कम हुआ तब मुझे नेपाल को कोच करने का अवसर मिला था। एक लंबे अंतराल के बाद यह नौकरी मेरे लिए सही थी। लेकिन नेपाल में पहली बार इस काम के दौरान हालात अलग थे। अब मेरे बच्चों को उनकी पढ़ाई के लिए मेरी मदद की ज़रूरत है। मेरी सास भी पिछले दो महीनों से अस्वस्थ हैं। सब कुछ मेरी बीवी को संभालना पड़ रहा है। ऐसे में मेरा दूर रहना मुनासिब नहीं।

दासानायका ने कहा कि वह क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नेपाल को अपना त्यागपत्र स्कॉटलैंड में हालिया वनडे दौरे के दौरान ही देना चाहते थे लेकिन बोर्ड ने उन्हें कोच बने रहने का आग्रह किया। इस हफ़्ते काठमांडू लौटने पर उन्होंने बोर्ड के साथ एक मीटिंग में अपना इस्तीफ़ा दिया जिसे बोर्ड ने स्वीकार किया।

दासानायका का मानना है कि नेपाल टीम में सफल होने के लिए एक अच्छे टीम की नींव मौजूद है। कप्तान संदीप लामिछाने के अलावा उन्होंने 19-वर्षीय उपकप्तान रोहित पौडेल और 17-वर्षीय शीर्ष क्रम बल्लेबाज़ देव खनाल की तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि जब मैं नेपाल आया तो संगठन और खिलाड़ियों में काफ़ी अनबन थी। दोनों में कोई बातचीत नहीं चल रही थी और दोनों अपने पक्ष पर अड़े थे।

ऐसे में मैं दोनों के बीच मध्यस्थ बन सका क्योंकि खिलाड़ियों का भरोसा मुझ पर था और बोर्ड ने भी माना कि वह मेरे फ़ैसलों का सम्मान करेंगे। जब बोर्ड ने युवा प्रतिभाओं को देखा तो उन्होंने उनका समर्थन किया। खिलाड़ियों के वेतन, मैच फ़ी और अलाउंस में वृद्धि हुई। इस पूरे विवाद की वजह से हमें कुछ सीनियर खिलाड़ियों को ड्रॉप करना पड़ा।

उन्होंने आगे कहा कि हमने कुछ मैच इसलिए हारे कि 17 और 19 साल के लड़के इस स्तर पर खेलने के आदि नहीं थे। थोड़ा समय लगेगा लेकिन यह बहुत प्रतिभावान हैं। वर्ल्ड क्रिकेट लीग टू में मैंने कई एसोसिएट देशों को देखा है और प्रतिभा के मामले में यह किसी से कम नहीं। मैं अगर यहां ना भी रहूं मैं हमेशा इनका समर्थन करूंगा।

दासानायका के लिए कनाडा के साथ पहला कार्यक्रम होगा आईसीसी वर्ल्ड कप चैलेंज लीग ए में दूसरा राउंड, जो 27 जुलाई से 6 अगस्त तक खेला जाएगा। कनाडा फ़िलहाल छह टीम के तालिका में पहले पांच में से चार मैच जीतकर शीर्ष पर है। आगे उन्हें सिंगापुर, क़तर, डेनमार्क, मलेशिया और वानुआटु की मेज़बानी करनी है।

सुकमा में पत्नी और बच्चे के सामने व्यापारी को पीट-पीटकर हत्या

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र में पंद्रह से अधिक नक्सलियों ने घर में घुसकर पत्नी और बच्चे के सामने डंडे से पीट-पीटकर व्यापारी की हत्या कर दी। नक्सलियों ने घर के सामने खड़े उसके पिकअप में भी आग लगा दी। सूचना मिलने के बाद जवानों की एक टीम आज सुबह गांव पहुंची है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पोलमपल्ली का रहने वाला मड़कम जोगा गांव में ही किराने की दुकान चलाता था। कल देर रात जब मड़कम अपने परिवार के साथ घर पर सो रहा था, तो उसी समय करीब 15-16 नक्सली घर में घुस आए।

उन्होंने मड़कम को उठाया तथा पत्नी और बच्चे को पकड़ कर रखा था। फिर मड़कम की डंडे से पिटाई की गई। पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए उसे इतना मारा गया कि उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद नक्सलियों ने पिकअप वाहन का डीजल टैंक तोड़कर आग लगा दी।

नक्सलियों ने पोलमपल्ली थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही वारदात को अंजाम दिया। माओवादियों ने गांव में पर्चे भी फेंके हैं। पर्चे में नक्सलियों ने व्यवसायी की हत्या करने की जिम्मेदारी ली है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।

उज्जैन : महाकालेश्वर मंदिर परिसर में लगी आग, बड़ा हादसा टला

उज्जैन। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंंदिर परिसर में फोल्डिंग ब्रिज बनाने के दौरान आग लग गई। हालांकि कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

महाकालेश्वर मंदिर सूत्रों ने बताया कि नागपंचमी पर महाकालेश्वर मंदिर के विशाल परिसर में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट वर्ष में एक ही बार खुलते हैं। दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु आते हैं। मंदिर तीसरे तल पर हैं।

मंदिर में पहुंचने के लिए लोहे का अस्थायी ब्रिज बनाने का काम पिछले कुछ दिनों से चल रहा है। अगले माह दो अगस्त को नागपंचमी है। पर्व नजदीक होने के कारण रात-दिन काम किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि कल रात करीब 10 बजकर 30 मिनट ब्रिज पर वेल्डिंग की जा रही थी। नीचे ब्रिज निर्माण का कचरा भी पड़ा था। स्पार्किंग से कचरे में आग लग गई। वहीं पर मौजूद कर्मचारियों और पंडे पुजारियों ने आग पर काबू पाया।

अलवर में पूर्व ग्रंथि के बाल काटने का मामला सामने आया

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक पूर्व ग्रंथि के बाल काट देने का मामला सामने आया है।

इस मामले में सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम गुरुवार देर रात रामगढ़ थाने पहुंची और मामले की जानकारी ली। उन्होंने इस मामले में विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया है और पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।

क्षेत्र के मिलकपुर एवं अलावड़ा गांवों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले में जो भी शामिल होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी चाहे वह किसी भी जाति या धर्म को हो।

उन्होंने बताया कि दोनो गांवों के दोनों समुदाय के बीच लड़की भगाने को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। उन्होंने बताया कि मेव पंचायत के सदर से भी बात की है और शांति की अपील की गई है और सभी को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।

प्रशासन ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी को कोई हक नहीं कि किसी भी धर्म को आघात पहुंचाए। उन्होंने बताया कि अब आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिले में धारा 144 लगी हुई है और सोशल मीडिया पर जो अफवाह फैलाएगा उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। सोशल मीडिया पर भी पूरी निगरानी रखी जा रही है।

रामगढ़ क्षेत्र के अलावड़ा से मिलकपुर आ रहे गुरुद्वारा के पूर्व ग्रंथि गुरुबख्श सिंह को अज्ञात लोगों ने गुरुवार देर रात रास्ते में रोककर उनके बाल काट दिए और उनकी आंखों में मिर्च डालकर पट्टी बांधी और रास्ते में छोड़ गए। उसके बाद ग्रंथि गांव पहुंचकर इसकी सूचना दी।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पीड़ित को रामगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया है। अस्पताल में भर्ती श्री गुरुबख्श सिंह ने बताया कि वह अलावडा से दवाई लेकर मिलकपुर आ रहा था कि रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उसके बाल खींचते हुए एक तरफ ले गए।

आंखों में मिर्च डाल कर आंखों पर पट्टी बांधने के बाद उन्होंने बैठा लिया और गर्दन काटने की बात करने लगे। उनसे मारने का कारण पूछा तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। वे लोग किसी जुम्मा नाम के व्यक्ति से फोन पर बात कर रहे थे।

यौन शोषण के आरोपी NSUI के पूर्व जिलाध्यक्ष तरुण साह की अग्रिम जमानत खारिज

नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने यौन शोषण के आरोपी भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के पूर्व जिलाध्यक्ष तरूण साह की अग्रिम जमानत शुक्रवार को खारिज कर दी। पुलिस अब तरूण साह के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। अदालत के आदेश से यह भी साफ है कि आने वाले समय में आरोपी तरूण साह व मुखानी थाना के पूर्व प्रभारी दीपक बिष्ट की परेशानी बढ़ सकती है।

तरूण साह पर हल्द्वानी की एक महिला की ओर से इसी साल अप्रैल में यौन शोषण का आरोप लगाया गया था। महिला की ओर से मुखानी थाने में इसी साल अप्रैल में एक तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि उसने वर्ष 2018 में उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद वह लगातार उसका यौन शोषण करता रहा।

पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिये तरूण साह उच्च न्यायालय पहुंचा और अदालत ने 29 जून 2022 को उसे अग्रिम जमानत प्रदान कर दी। इस घटना में मोड़ तब आया जब महिला ने उच्च न्यायालय में एक प्रार्थना पत्र देकर कहा कि मुखानी थाना प्रभारी दीपक बिष्ट उस पर मुकदमा वापस लेने के लिये दबाव बना रहा है।

यही नहीं थाना प्रभारी की ओर से भी पीड़िता से यौन संबंध स्थापित करने और पांच लाख रुपये की मांग भी की गयी। इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रवीन्द्र मैठाणी की अदालत में हुई। अदालत ने इस प्रकरण को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस से 24 घंटे के अदंर जवाब-तलब कर दिया। अदालत के दबाव में पुलिस हरकत में आयी और प्राथमिक जांच के बाद थाना प्रभारी दीपक बिष्ट को निलंबित कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी बिठा दी।

अदालत ने आज तरूण साह की अग्रिम जमानत पर सुनवाई की। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि यह गंभीर प्रकरण है और आरोपी अपने राजनीतिक रसूख के चलते पीड़िता का लगातार यौन शोषण के साथ ही प्रताड़ित करता रहा। जब महिला ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने महिला के घर पर जाकर मारपीट और तोड़फोड़ भी की।

अदालत ने इस पूरे प्रकरण में पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठाये और कहा कि पुलिस ने महिला की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत नहीं किया। यहां तक कि महिला को घंटों तक थाने में बैठाकर उस पर समझौता का दबाव बनाया गया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया।

हालांकि आरोपी की ओर से आज फिर यही दुहाई दी गई कि वह पाक साफ है और चार साल के बाद आरोप लगाए गए हैं। उसने स्वयं इस मामले की सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की है। अंत में अदालत ने मामले को सुनने के बाद आरोपी की अग्रिम जमानत को खारिज कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में मुखानी थाने के पूर्व थाना प्रभारी दीपक बिष्ट पर भी गंभीर टिप्पणी की है। अदालत के आदेश से साफ है कि आने वाले समय में निलंबित थाना प्रभारी बिष्ट व तरूण साह की भी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

सीबीएसई के बारहवीं कक्षा के नतीजों में लड़कियों ने मारी बाजी

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को बारहवीं बोर्ड के नतीजे घोषित किए, जिसमें लड़कियों ने एक फिर से बाजी मारी। लड़कियों का उतीर्ण प्रतिशत 94.54 रहा जबकि लड़कों का 91.25 फीसदी रहा।

इस साल कुल 1435366 छात्रों ने बारहवीं की परीक्षा दी जिनमें से 1330662 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की जिनके अंक 92.71 प्रतिशत रहे। जबकि पिछले वर्ष यह 99.37 प्रतिशत था। इस वर्ष बारहवीं के नतीजों में 33432 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक और एक लाख 34 हजार 797 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

केरल के तिरुवनंतपुरम में उच्चतम उत्तीर्ण प्रतिशत 98.83 रिकॉर्ड किया गया है, इसके बाद बेंगलुरु में 98.16, चेन्नई में 97.79, दिल्ली पूर्व और दिल्ली पश्चिम में 96.29 प्रतिशत रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हालांकि सबसे कम पास प्रतिशत 83.71 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

बारहवीं की परीक्षा में जवाहर नवोदय विद्यालय का उतीर्ण प्रतिशित 93.93 रहा। जबकि सीटीएसए का 94.96 प्रतिशत, केन्द्रीय विद्यालय का 97.04 प्रतिशत, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलाें का 94.81, सरकारी स्कूल का 93.38 प्रतिशत और अन्य स्कूलाें का परिणाम 92.20 प्रतिशत रहा। गौरतलब है कि इस वर्ष बारहवीं की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू हुई और 15 जून तक चली।

श्रीलंका : सुरक्षा बलों ने सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों को हटाना शुरू किया

कोलंबो। श्रीलंका में सुरक्षा बलों ने राजधानी कोलंबो में सरकार विरोधी मुख्य विरोध शिविर पर छापा मारा और तंबुओं को गिराना शुरू कर दिया तथा प्रदर्शनकारियों को भी हटाना शुरू कर दिया।

रानिल विक्रमसिंघे के राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद यह दवाब आया है, जिन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार को गिराने या सरकारी भवनों पर कब्जा करने का कोई भी प्रयास लोकतंत्र नहीं है। साथ ही चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने वालों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा।

रिपोर्टों में कहा गया है कि सैकड़ों सैनिकों और पुलिस कमांडो ने राष्ट्रपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों पर हमला किया, इससे पहले कि वे क्षेत्र छोड़ने वाले थे। जब प्रदर्शनकारियों ने उनकी मौजूदगी पर आपत्ति जताई तो सुरक्षाकर्मियों ने मार्च किया और प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेल दिया।

चंद सेकंड के भीतर, सैनिक लोगों पर चिल्ला रहे थे और फुटपाथ पर अस्थायी तंबू और अन्य सामानों को तोड़ना तथा नष्ट करना शुरू कर दिया। सैनिक भी राष्ट्रपति के कार्यालय में चले गए, जहां पिछले सप्ताह भारी भीड़ ने धावा बोल दिया था।

कार्यकर्ताओं ने पहले कहा था कि वे शुक्रवार दोपहर को इमारत सौंप देंगे, लेकिन सैनिकों ने अपने रास्ते में सब कुछ साफ करना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों को 100 मीटर से भी कम दूरी पर निर्दिष्ट विरोध स्थल तक धकेल दिया गया और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए स्टील बैरिकेड्स लगाए गए।

पूर्व प्रधानमंत्री विक्रमसिंघे जनता के बीच बहुत अलोकप्रिय हैं और उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकल्प व्यक्त किया है। कई प्रदर्शनकारी चाहते थे कि वह भी जाएं, लेकिन कुछ ने कहा है कि वे उन्हें मौका देंगे।

श्रीलंका ने देश के अब तक के सबसे खराब आर्थिक संकट को लेकर महीनों से बड़े पैमाने पर अशांति देखी है। प्रदर्शनकारियों के बीच यह चिंता है कि सरकार जल्द या बाद में विरोध आंदोलन पर धीरे-धीरे कार्रवाई कर सकती है।