Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 716 -
होम ब्लॉग पेज 716

रायबरेली : भीषण सड़क हादसे दो परिवारों के 5 लोगों की मौत

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मंगलवार को देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो व्यापारी परिवारों के पांच सदस्यों की माैत हो गयी, इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार रायबरेली के भदोखर थाने के कुचरिया गांव के पास प्रयागराज को जाने वाले हाईवे पर यह हादसा एक कार पर राख (फ्लाई ऐश) से लदा डंपर पलट जाने के कारण हुआ। कार में समाजसेवी महेंद्र अग्रवाल के बेटे कारोबारी बेटे राकेश अग्रवाल और एक अन्य कारोबारी के परिजन सवार थे।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को हटवाकर कार को बाहर निकलवाया। कार में सवार आठ लोगों में से पांच की माैत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कल रात कारोबारी राकेश (45), अपनी पत्नी सोनम(35) और बेटे आदित्य (11) एवं तनसी (9) के साथ खाना खाने शहर के बाहर एक ढाबे पर गए थे। उनके साथ कार से ही कारोबारी रचित अग्रवाल, उनकी पत्नी रुचिका (35) और उनके बच्चे रईसा (9) और रेयांस (6) भी खाना खाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी मुंशीगंज के पास एक डंपर ओवरटेक करते वक्त उनकी कार पर पलट गया। इसमें राकेश, सोनम, रुचिका, रईसा और रेयांस की मौत हाे गई।

पुलिस के अनुसार आदित्य और तनसी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया और रचित अग्रवाल का पुलिस लाइन स्थित एक नर्सिग होम में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।

इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। साथ जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने का आदेश दिया है।

रानिल विक्रमसिंघे श्रीलंका के राष्ट्रपति, एकता का किया आह्वान

कोलम्बो। श्रीलंका के कार्यवाहक राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को बुधवार को देश को आठवां राष्ट्रपति चुन लिया गया, जो पूर्व राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे का स्थान लेंगे। वर्ष 1948 के बाद से देश के सबसे खराब आर्थिक दौर से उबरने के लिए विक्रमसिंघे ने राष्ट्रपति चुने जाने के तुरंत बाद राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया।

विक्रमसिंघे को 134 सांसदों का समर्थन मिला है। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दुल्लास अल्हाप्पेरुमा को महज 82 वोट मिले। राष्ट्रपति चुनाव में तीसरे उम्मीदवार अनुरा कुमारा दिसानायके को सिर्फ तीन वोट ही मिल पाए।

श्रीलंका की 225 सदस्यीय सदन में जादुई आंकड़ा छूने के लिए 113 का समर्थन चाहिए था। विक्रमसिंघे को इसके लिए 16 वोटों की और जरूरत थी। उनको तमिल पार्टी के 12 वोटों में से कम से कम नौ के उनके पक्ष में मतदान करने पर भरोसा था, हालांकि विक्रमसिंघे को 134 वोट मिले हैं। जबकि दो तमिल सांसद अनुपस्थित रहे। कुल 219 वोट मान्य थे और चार वोट अमान्य पाए गए।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने अपने दावेदारों को धन्यवाद दिया और सभी सांसदों से नए तरीके से मिलकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने विजय हासिल करने के बाद कहा कि लोग पुरानी राजनीति के बारे में नहीं पूछ रहे हैं। मैं विपक्षी नेता साजिथ प्रेमदासा, पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे और मैत्रीपाला सिरिसेना सहित अन्य विपक्षी दलों से एक साथ काम करने का अनुरोध करता हूं। हम पिछले 48 घंटों से बंटे हुए थे। वह अवधि अब समाप्त हो गई है। हमें अब एक साथ मिलकर काम करना होगा।

विक्रमसिंघे को तत्कालीन राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे द्वारा उनके भाई एवं प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे द्वारा नौ मई को द्वीप राष्ट्र में हिंसा के बीच अपना इस्तीफा देने के बाद प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया था। वह इससे पहले दो बार राष्ट्रपति चुनाव और यहां तक ​​कि अपनी सांसद सीट भी हार चुके हैं।

श्रीलंका में नौ जुलाई को विद्रोह होने पर राष्ट्रपति राजपक्षे के मालदीव भाग जाने के बाद विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया गया। संविधान के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति के शेष कार्यकाल को पूरा करने के लिए एक नए राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए आज एक मतदान हुआ।

गौरतलब है कि आजादी के बाद से श्रीलंका वर्तमान में सबसे खराब आर्थिक दौर से जूझ रहा है। जहां खाद्यान्न, ईंधन और दवाओं जैसे आवश्यक सामानों की भी बड़ी मात्रा में कमी हो गई है। इस देश के पास इन वस्तुओं का आयात करने के लिए कोई विदेशी मुद्रा नहीं है।

मारुति सुजुकी ने गेमचेंजर एसयूवी द ग्रांड विटारा से उठाया पर्दा

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी यात्री कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने बुधवार को अपनी गेमचेंजर एसयूवी द ग्रांड विटारा पेश कर दिया। कंपनी इसे नेक्सा की सातवीं सालगिरह पर सामने लाई है। ग्रैंड विटारा को 11,000 रुपए पर बुक किया जा सकता है जिसकी बुकिंग गत 11 जुलाई से चल रही है।

कंपनी ने दावा किया है कि ग्रांड विटारा एक लीटर ईंधन में 27.97 किलोमीटर का सफर तय करती है। गाड़ी में 1.5 लीटर इंटेलिजेंट इलेक्ट्रिक हाईब्रिड ऑफर किया गया है जिसमें ड्युअल इलेक्ट्रिक एवं इंटरनल कंबस्शन इंजन पॉवर के साथ एनर्जी रिजनरेशन-सेल्फ चार्जिंग बैटरी है। यह बेहतर एक्सलरेशन के साथ प्रदर्शन करता है।

यह मारुति सुजुकी की पहली गाड़ी है, जिसमें पैनोरेमिक सनरूफ दिया गया है। मारुति की इस नई कार में आधुनिक आरामदायक सुविधाओं के साथ एडवांस्ड ट्रांसमिशन, सुजुकी ऑलग्रप लीजेंडरी ऑफ-रोडिंग क्षमता, कलर्ड हेड अप डिस्प्ले, 360 व्यू एचडी कैमरा, 22.86 सेटींमीटर का स्मार्ट प्ले प्रो प्लस इन्फोटेनमेंट सिस्टम, एलईडी इंडीकेटर, छह एयरबैग दिए गए हैं।

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिसाशी ताकेयुची ने इस मौके पर कहा कि मारुति सुजुकी ने हमेशा विभिन्न श्रेणियों में अपने नए उत्पाद पेश करके बाजार में हलचल मचाई है। ग्रांड विटारा के वैश्विक अनावरण के साथ हम ऐसी एसयूवी लेकर आए हैं, जिसमें सुजुकी का सर्वश्रेष्ठ डिजाइन, टेक्नॉलॉजी एवं परफॉर्मेंस हैं।

सुजुकी की बेहतरीन सड़क पर बेहतरीन ढंग से चलने और मजबूत एवं शक्तिशाली डिजाइन के साथ इसमें आईकोनिक ब्रांड, विटारा का शुद्ध एययूवी डीएनए है। हमें विश्वास है कि ग्रांड विटारा देश में एसयूवी प्रेमियों के लिए नए मानक स्थापित करेगी और ग्राहकों की खुशी को बढ़ाएगी।

महाराष्ट्र राजनीतिक संकट पर संविधान पीठ की आवश्यकता : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले ‘शिवसेना’ के नेताओं और उनके समर्थक विधायकों द्वारा दायर याचिकाओं पर विचार करते हुए बुधवार को कहा कि कुछ मुद्दों पर एक बड़ी पीठ के निर्णय की आवश्यकता होगी।

मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी एवं न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने कहा कि महाराष्ट्र में राजनीतिक उथल-पुथल से संबंधित एक मामले में कई संवैधानिक सवाल उठे हैं। उसके लिए पांच-न्यायाधीशों की पीठ द्वारा विचार की आवश्यकता हो सकती है।

शीर्ष अदालत ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष से कहा कि वह अगले आदेश तक ‘अयोग्यता’ संबंधी याचिकाओं पर विचार नहीं करे। अदालत ने राज्य विधायी सचिव को ‘राजनीतिक उठापटक’ से संबंधित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया।

पीठ ने कहा कि क्या किसी पार्टी में अल्पसंख्यक को बहुमत द्वारा की गई नियुक्तियों को भंग करने का अधिकार है? इसके साथ ही अन्य मुद्दों पर फैसला किया जाना है। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने आगे पूछा कि क्या होगा अगर एक मुख्यमंत्री को विधानसभा में नेता होने के बावजूद अपनी पार्टी का विश्वास हासिल नहीं है।

शीर्ष अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख एक अगस्त मुकर्रर की है। शीर्ष अदालत ने 11 जुलाई को महाराष्ट्र विधानसभा के नवनियुक्त अध्यक्ष को अयोग्यता याचिकाओं पर कार्यवाही आगे नहीं बढ़ाने को कहा था।

शीर्ष अदालत ने शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे और 48 अन्य विधायकों के बगावत के एक मामले की सुनवाई के बाद 29 जून को ठाकरे की नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार के लिए 30 जून को विधानसभा में विधायकों के शक्ति परीक्षण करने के महाराष्ट्र के राज्यपाल के निर्देश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।

हल्द्वानी : महिला से यौन संबंध बनाने के चक्कर में दरोगा फंसा, मुकदमा दर्ज

नैनीताल। उत्तराखंड में हल्द्वानी के मुखानी थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने अपने लिए बिन बुलाए मुसीबत मोल ली है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस महकमे ने थाना प्रभारी को निलंबित कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।

दरअसल मामला हल्द्वानी के मुखानी थाना के एक महिला के यौन उत्पीड़न से जुड़ा हुआ है। महिला की ओर से यौन उत्पीड़न का आरोप एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष तरूण साह पर मढ़ा गया है। इस संबंध में मुखानी थाना में मामला दर्ज कराया गया है। मामले की अभी जांच चल रही है।

इस दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी तरूण साह ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और न्यायमूर्ति रवीन्द्र मैठाणी की अदालत ने आरोपी को जून में अग्रिम जमानत प्रदान कर दी।

मंगलवार को इस मामले में उस समय मोड़ आया। पीड़ित महिला की ओर से अदालत के संज्ञान में मामला लाया गया कि मुखानी थाना प्रभारी दीपक बिष्ट पीड़िता को मामला वापस लेने के लिए विभिन्न प्रकार से दबाव बना रहा है। उससे यौन संबंध बनाने और पांच लाख रूपए की मांग कर रहा है। इस मामले के सुबूत मौजूद हैं।

पीड़िता की ओर से अदालत को यह भी बताया गया कि उसने पुलिस महानिदेशक को भी शिकायत की लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। अदालत ने इस मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस महकमे से 24 घंटे के अदंर जवाबतलब किया। अदालत ने यह भी पूछा कि आरोपी दरोगा के खिलाफ क्या कार्यवाही की गई है।

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इसके बाद पुलिस हरकत में आई। आरोपी दरोगा के खिलाफ प्राथमिक जांच के साथ ही कल रात 8.45 मिनट पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया। साथ ही जांच रामनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी को सौंप दी।

दूसरी ओर आरोपी तरूण साह की अग्रिम जमानत पर भी आज अदालत में सुनवाई हुई। आरोपी की ओर से कहा गया कि उस पर लगाए गए आरोप गलत हैं। चार साल बाद अभियोग पंजीकृत कराया गया। अदालत के रूख से साफ है कि वह इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेगी। आरोपी के अधिवक्ता की मांग पर अदालत ने 22 जुलाई की तिथि नियत कर ली। अब अदालत इस दिन तय करेगी कि आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज करती है या नहीं।

हावड़ा में जहरीली शराब पीने से 7 की मौत, 19 की तबीयत बिगड़

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में हावड़ा के औद्योगिक घुसूरी इलाके में देसी शराब पीने से बुधवार को कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि मंगलवार रात को घुसरी इलाके में जहरीली देसी शराब का सेवन करने से सात लोगों की मौत होने के साथ-साथ 19 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों के परिवार का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर बनी जहरीली शराब का सेवन करने से उनके परिजनों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों ने कल रात मालीपंचघरा पुलिस थाना इलाके में एक रेलवे स्टेशन के निकट से ‘चोलाई’ देसी शराब का सेवन किया था। पुलिस ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

इस बीच, जहरीली शराब के सेवन से मौत की खबर फैलने के बाद गुस्साई भीड़ ने आज तड़के इलाके के देसी शराब बनाने वाली जगह में जमकर तोड़फोड की है। हावड़ा पुलिस आयुक्त प्रवीण त्रिपाठी पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

कुपोषित बच्चें राष्ट्र की प्रगति में अवरोध -डॉ ध्रुव सनाढ़य

0

भारतीय संस्कृति में एक पुरानी कहावत है पहला सुख निरोगी काया यदि आप स्वस्थ है तो आप हर एक कार्य दक्षतापूर्वक कर सकते है बिना भौतिक सुख सुविधाओं के भी एक सुखमय जीवन व्यतीत कर सकते है परंतु कुपोषित व अस्वस्थ व्यक्ति खुद के लिए भी बोझ बन जाता है ,पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा के निजी सहायक डॉ ध्रुव सनाढ़य ने बताया कि भारत में 33 लाख से ज्यादा कुपोषित बच्चे है एवं कोरोना महामारी के पश्चात इसमें भारी मात्रा में इजाफ़ा हुआ है।

कुपोषण देश की एक प्रमुख समस्या बन चुका है जिसमे प्रभावित इंसान शारेरिक समस्याओं के साथ साथ मानसिक रूप से भी अपंग हो जाता है जिसके फलस्वरूप वह शैक्षणिक योग्यताएँ अर्जित नहीं कर पाता और ना ही व्यावसायिक योग्यता अर्जित कर पाता है कोरोना के बाद दुनिया भर में विटामिन डी की कमी पाई गई है जिसका कुपोषण से सीधा संबंध है इसकी पूर्ति करने के लिए रोज आधा घंटा धूप का सेवन किया जाना चाहिए।

डॉ ध्रुव सनाढ़य ने बताया कि भारतीय संस्कृति में सूर्यदेव को जल चढाने की परंपरा इसी कारण बनी है सरकार द्वारा कुपोषण से लड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है सरकारी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार ,दालें आटे, एव अन्य पोषक तत्वों का वितरण किया जाता रहा है परंतु समय के साथ इन योजनाओं में परिवर्तन की जरूरत है कई बार इन योजनाओं के क्रियान्वयन के समय अत्यंत अनियमितताओं की जानकारी मिलती है जो खेदजनक है सरकार को चाहिए कि इनकी कड़ी जांच करवाए एव दोषियों को उचित सजा दे।

रांची में महिला दरोगा की गौ तस्करों ने वाहन से कुचलकर की हत्या

रांची। झारखण्ड की राजधानी रांची में महिला दरोगा की वाहन चेकिंग के दौरान वाहन चालक ने वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह मामला रांची जिले के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू का है। जहां वाहन चेकिंग के दौरान 2018 बैच की दरोगा संध्या टोपनो को पशुओं से लदा पिकअप वैन के चालक ने कुचल दिया जिसमें दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना बुधवार की अहले सुबह 3:00 बजे के आसपास हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी पहुँचे हैं।मौके पर हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा,धुर्वा और जगरनाथपुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी पहुंचकर दरोगा के शव को कब्जे में ले लिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गौ तस्कर सिमडेगा से पिकअप वैन में तस्करी के लिए पशुओं को ले जाने की सूचना सिमडेगा पुलिस को मिली। उसके बाद सिमडेगा के बसिया थाना पुलिस ने पिकअप वैन का पीछा किया। पशुओं से लदा पिकअप वैन चालक गाड़ी लेकर भागना शुरू किया। इसकी सूचना खुंटी पुलिस को दी।

खू़ंटी पुलिस ने रात में नाका पर चैकिंग लगाया वहां से चकमा देकर रांची की ओर भागा। उसके बाद सिमडेगा पुलिस ने सूचना रांची पुलिस को दी। रांची पुलिस ने खूंटी -रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास चेकिंग लगाई। इसी बीच करीब 3 बजे बड़ी तेजी से एक सफेद रंग का पिकअप वैन आते दिखी।

चेकिंग पोस्ट पर सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो दलबल के साथ थी। गाड़ी को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी महिला दरोगा के उपर चढ़ाकर दिया और भागने लगा। दरोगा की मौके पर मौत हो गई। वहीं कुछ दूरी पर गश्ती दल ने चालक को दबोच लिया है। बताया जाता है कि गाड़ी से कई तस्कर कूदकर भाग गए हैं। चालक पुलिस की गिरफ्त में है। अन्य की तलाश जारी है।

लखनऊ के लुलू मॉल में नमाज विवाद मामले में चार अरेस्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित लुलू मॉल में नमाज पढ़ने से जुड़े विवाद के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर पुलिस ने मंगलवार को दो भाईयों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित लुलू मॉल में बिना अनुमति लिए नमाज पढ़ते कुछ लोगों का एक वीडियो 12 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में मॉल के जनसंपर्क अधिकारी सिब्तेन हुसैन ने 14 जुलाई की रात को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर इस मामले में चार लोगों काे गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान मोहम्मद रेहान, आतिफ खान, मोहम्मद लोकमान और मोहम्मद नौमान के रूप में की गई है। चारों लखनऊ के अबरार नगर के निवासी हैं। लोकमान ओर नौमान भाई हैं।

गौरतलब है कि योगी ने इस मामले में गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रशासन को प्रदेश का सांप्रदायिक सौहार्द्र खराब करने के लिये इस मामले में अनावश्यक विवाद पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

ईडी ने मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख संजय पांडेय को किया अरेस्ट

मुंबई। महाराष्ट्र में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज फोन टैपिंग घोटाले के सिलसिले में मुम्बई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडेय को गिरफ्तार किया है। ईडी ने उन्हें धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया हैं।

सूत्रों ने बताया कि एनएसई कर्मचारियों के कथित फोन टैपिंग से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए पूर्व पुलिस प्रमुख आज ईडी के सामने पेश हुए। एजेंसी ने उनसे सोमवार को भी पूछताछ की थी। वह 30 जून को सेवानिवृत्त हुए हैं। ईडी के सूत्रों ने बताया कि संजय पांडे पर कई आरोप हैं।

वहीं, केंद्रीय जांच ब्यूरो ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ 100 करोड़ रुपए की रंगदारी के मामले में ईशा पांडेय और मुंबई के एक अन्य पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह से पूछताछ की गई है।

सीबीआई और ईडी दोनों ने संजय पांडेय के खिलाफ एनएसई कर्मचारियों के कथित अवैध फोन टैपिंग में मामला दर्ज किया है। ईडी ने इस महीने की शुरुआत में ‘को-लोकेशन’ घोटाला मामले में भी उनसे पूछताछ की थी।