Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 726 -
होम ब्लॉग पेज 726

जनजाति समाज की बेटी को राष्ट्रपति भवन तक जाने का रास्ता दिया गया, यही अन्त्योदय है : मुर्मू

जयपुर। राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि ओडिशा में छोटे-छोटे सपनों के साथ पली-बढ़ी जनजाति समाज की बेटी को राष्ट्रपति भवन तक जाने का रास्ता दिया गया, यह लोकतांत्रिक स्वप्न है, यही अन्त्योदय है, यह गांव, गरीब और जंगल की बेटी पर विश्वास जताना है।

अपने चुनाव प्रचार के लिए जयपुर आई मुर्मू ने भाजपा विधायकों एवं सांसदों के साथ बैठक के दौरान आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार आदिवासी समाज की एक बेटी को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाना देश के सभी आदिवासी भाई-बहनों का यह बड़ा सम्मान है।

उन्होंने कहा कि राजग और समर्थक दलों की ओर से जब मुझे राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाया गया तो मैं इसके पीछे की सोच को समझ सकती थी क्योंकि मेरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संवेदनशील चेतना एवं दूरदर्शी सोच से साक्षात्कार है। वे मरूभूमि की मां-बेटियों के हाथों में किताब और कलम देखना चाहते हैं और वनभूमि की माँ-बेटियों को मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुझे इस बात की बहुत प्रसन्नता है कि मोदी सरकार के शासन में नारी शक्ति के घर नल से जल पहुंच रहा है। साथ ही जनजाति समाज की बेटियों को शिक्षा से जोड़कर उनको सपने देखने की स्वतंत्रता का अधिकार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि वह बैठक में मौजूद सांसदों और विधायकों के माध्यम से राजस्थान की देवतुल्य जनता का समर्थन मांग रही है। उन्होंने कहा कि मैंने कभी राष्ट्रपति बनने के विषय में नहीं सोचा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग ने अंतिम छोरों पर बसे गांवों के लोगों को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए मुझे माध्यम बनाया है। वंचित, आदिवासी और शोषित मुझमें स्वयं को देख सकते हैं। हम में ना कोई भेद है, ना मतभेद है, नए भारत के निर्माण के लिए आशांवित, अग्रसर और आश्वस्त हैं।

मुर्मू ने कहा कि राजस्थान और ओडिशा में भौगोलिक परिस्थितियों में भिन्नता होने के बावजूद दोनों राज्यों में काफी समानताएं हैं, जिनमें प्रकृति के साथ जीना, राजस्थान के लोगों द्वारा जल को जीवन की भांति संवारकर रखना, इसी प्रकार ओडिशा के लोगों को चक्रवाती तूफानों के बावजूद जिंदगी का पहिया नई उम्मीदों के साथ घूमाते रहना आता है।

उन्होंने कहा कि एक राजस्थानी कहावत है कि अंबर को तारो-हाथ से कौनी टूटे मैं जहां से यहां तक आई हूं इस कहावत की व्यवहारिकता को मैं समझती हूं। मेरी अब तक की जीवन यात्रा का अनुभव कहता है कि अनायास कुछ नहीं होता, हमारे आज के साथ बीते हुए कल के संघर्ष जुड़े हुए रहते हैं। संघर्ष हमें उद्देश्य व संकल्पों के प्रति सचेत रखते हैं।

पवित्र नदियां माही, सोम और जाखम के संगम की संघर्ष व बलिदान की भूमि बेणेश्वर धाम को प्रणाम करती हूं। मुझे अन्त्योदय को जमीनी रूप देने की जमीनी जानकारी है, जो मैंने विभिन्न दायित्वों पर रहते हुए अंतिम व्यक्ति के घर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के हरसम्भव प्रयत्न किए हैं और यह प्रयत्न निरन्तर जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अब सुरक्षित एवं विकसित होती व्यवस्था के मुख्य भागीदार बन रहे हैं। पिछले कई वर्षों में वंचितों, शोषितों एवं आदिवासियों के जीवन में उन्नति के साथ बड़े बदलाव आए हैं। विकास अब दूरस्थ क्षेत्रों तक बराबरी से पहुंच रहा है। स्वतंत्रता के बाद पहली बार आदिवासी समाज की एक बेटी को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाना, जिसका सबसे जीवंत उदाहरण है, जो देश के सभी आदिवासी भाई-बहनों का सम्मान है।

अजमेर : जवाजा में लावारिस कार से 43 पेटी शराब बरामद

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की जवाजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज तडके अहम कार्यवाही करते हुए लावारिस कार से 43 पेटी अवैध शराब की जब्त करने में सफलता प्राप्त की।

थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान में नाकेबंदी के दौरान एक इनोवा कार को रोका तो चालक ने कार कच्चे रास्ते दौड़ाया और अंधेरे का फायदा उठा कर कार छोड़ भागा।

पुलिस ने कार की तलाशी में 43 पेटियां शराब जब्त कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे बने श्रीलंका के कार्यवाहक राष्ट्रपति

कोलंबो। प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे बुधवार को श्रीलंका का कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया है। इससे पहले आज सुबह पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे एक सैन्य विमान से मालदीव पहुंचे। जिसके कारण दोनों देशों में नए सिरे से विरोध शुरू हो गया है।

राजपक्षे की गुपचुप तरीके से मालदीव की सुबह की उड़ान और विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में नियुक्त करने के उनके अप्रत्याशित निर्णय से नाराज, सैकड़ों सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों से जूझने के बाद कोलंबो के मध्य में स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय पर धावा बोल दिया। सुरक्षा बल की ओर से बार-बार आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद भी प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे और भीड़ को तितर-बितर करने में सुरक्ष बल विफल रही।

इससे पहले ऐसा ही नजारा नौ जुलाई को कोलंबो में देखा गया था जब सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन, पास के राष्ट्रपति सचिवालय और प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास टेंपल ट्रीज पर कब्जा कर लिया था।

विक्रमसिंघे ने एक राष्ट्रव्यापी प्रसारण में घोषणा की कि जिसमें उन्होंने देश में कानून और व्यवस्था बहाल करने के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, सशस्त्र बलों के तीन विंग के कमांडरों और पुलिस प्रमुख को शामिल करते हुए एक समिति बनाई है। उन्होंने कहा कि समिति को राजनेताओं के हस्तक्षेप के बिना कार्य करने का अधिकार दिया जाएगा।

राजपक्षे ने आज सुबह ही देश छोड़ दिया है। वह पत्नी के साथ सैन्य विमान के जरिए देश छोड़कर मालदीव पहुंच गए है, बाद में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वह दिन में सिंगापुर के लिए रवाना होंगे।

सभी वयस्कों को निशुल्क लगेगा कोविड का बूस्टर टीका

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कोरोना महामारी से निपटने के प्रयास तेज करते हुए देश में सभी वयस्क नागरिकों को कोविड टीके की ‘बूस्टर डोज’ निशुल्क देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।

बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि देश में आजादी के 75वें वर्ष का महोत्सव चल रहा है। इस अवसर पर यह फैसला किया गया है कि 15 जुलाई से देश में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को कोविड टीके की बूस्टर डोज निशुल्क दी जाएगी। यह अभियान 15 जुलाई से अगले 75 दिनों तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि इससे देश में 18 वर्ष से 60 वर्ष के आयु वर्ग की 80 करोड़ से अधिक आबादी को लाभ होगा। गौरतलब है कि काेरोना योद्धाओं और वरिष्ठ नागरिकों को पहले से कोविड का बूस्टर टीका निशुल्क दिया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को काेविड का बूस्टर टीका पिछले टीके के छह माह के अंतराल पर दिया जा सकता है। बूस्टर डोज सभी सरकारी कोविड टीका केंद्रों पर निशुल्क उपलब्ध होगी।

इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि आज सुबह सात बजे तक 199 करोड़ 12 लाख 79 हजार 10 टीके दिए जा चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे कोविड महामारी के विरुद्ध चल रहे संघर्ष को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मैं सभी पात्र लोगों से जल्दी से जल्दी बूस्टर डोज लेने का अनुरोध करता हूं।

एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती सुशांत को ड्रग आपूर्ति करती थी : एनसीबी

मुंबई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के आरोप पत्र में बुधवार को कहा गया है कि अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को ड्रग्स की आपूर्ति करती थी।

एनसीबी ने ड्रग मामले में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर विशेष अदालत को बताया कि रिया को अपने भाई शोविक सहित सह-आरोपियों से गांजे की कई डिलीवरी मिल रही थी जो उन्होंने राजपूत को सौंप दी थी।

केंद्रीय ड्रग रोधी एजेंसी ने पिछले महीने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर अदालत को यह जानकारी दी। उसकी प्रति बुधवार को मीडिया को उपलब्ध कराई गई।

आरोप पत्र में बताया गया कि सभी आरोपी मार्च 2020 के बीच एक आपराधिक साजिश में शामिल थे और उसी वर्ष दिसंबर में ‘उच्च समाज और बॉलीवुड’ में नशीली दवाओं की खरीद, बिक्री और वितरण में एक दूसरे के साथ थे।

आरोप पत्र में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने मुंबई महानगर क्षेत्र के भीतर अवैध रुप से गांजा, चरस, कोकीन और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन किया। इसलिए उन पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। न्यायाधीश वीजी रघुवंशी ने आरोप पत्र को रिकॉर्ड में लेने के बाद सुनवाई 27 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी।

मुंबई से छपरा जा रही गोदान एक्सप्रेस मे लगी आग, मची अफरा तफरी

जौनपुर। मुंबई से छपरा जा रही रेलगाड़ी गोदान एक्सप्रेस (11059) में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बुधवार को दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इसमें दो यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली है।

रेलवे के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बरसठी और भन्नौर रेलवे स्टेशन के बीच भगवानपुर गांव पास गोदान एक्सप्रेस की जनरल बोगी से निकल रहे धुएं का गुबार और चिंगारी को देखकर यात्री सहम गए। जान बचाने के लिए कुछ यात्री ट्रेन से कूद भी गए, जिसमें 15 वर्षीय राधेश्याम और 6 वर्षीय एक बच्चा घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि गोदान एक्‍सप्रेस ट्रेन में आग लगने की वजह ब्रेक का बाइडिंग जाम होना है। इस बाबत अधिकारियों के निर्देशन में तकनीकी ट्रेन की टीम ने आग लगने के कारणों की जांच की। जांच होने के तकरीबन डेढ़ घंटे बाद ट्रेन को वहां से रवाना किया गया।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने इस ने बरसठी थाने के प्रभारी दिनेश कुमार को मोबाइल फोन पर जानकारी दी कि गोदान एक्सप्रेस की एक बोगी से धुंआ निकल रहा है। कुमार ने फौरन इसकी जानकारी मड़ियाहूं रेलवे स्टेशन पर दी। इसके बाद ट्रेन को मडियाहूं स्‍टेशन पर ही रोक दिया गया। जांच के दौरान तकनीकी टीम की ओर से खामी को पूरी तरह से दुरुस्त करने के बाद ट्रेन को आगे की ओर रवाना किया गया।

ह्युंडई ने अपनी प्रीमियम एसयूवी टूसॉन काे किया पेश

नई दिल्ली। यात्री वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी ह्युंडई मोटर इंडिया ने अपनी प्रीमियम एसयूवी नई ह्युंडई टूसॉन का आज अनावरण किया।

कंपनी ने कहा कि यह नयी एसयूवी अपनी श्रेणी में 29 फर्स्ट और बेस्ट इन सेगमेंट फीचरों के साथ नए मानक तय करेगी। 19 ह्यूंडई स्मार्टसेंस (एडीएएस) फीचरों के साथ नई टूसॉन एसयूवी सेगमेंट में नया उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

सेंसुअस स्पोर्टीनेस की ग्लोबल डिजाइन आइडेंटिटी पर तैयार की गई नई टूसॉन उस दौर को दिखाती है, जहां टेक्नोलॉजी और लक्जरी एक-दूसरे के पूरक बन जाते हैं। उसने दावा किया एक डेडिकेटेड प्रीमियम कार लाइन पर प्रोडक्शन के साथ नई टूसॉन प्रीमियम मैन्यूफैक्चरिंग एक्सीलेंस को नई ऊंचाई देगी।

कंपनी ने कहा कि 4,630 एमएम की बेस्ट इन सेगमेंट लंबाई के साथ नई टूसॉन में ग्राहकों को इंटरस्पेस तथा सेगमेंट में सबसे लंबे व्हीलबेस की खूबी मिलेगी। सेगमेंट के पावरफुल डीजल इंजन के साथ नई टूसॉन में 137 केडब्ल्यू की पावर और 416 एनएम का टॉर्क मिलता है। ग्राहकों के कनेक्टेड कार एक्सपीरियंस को और बेहतर करते हुए एसयूवी में 60 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचरों के साथ ह्यूंडई ब्लूलिंक की खूबी मिलती है।

उसने कहा कि नई टूसॉन के प्रीमियर के साथ मोबिलिटी की दुनिया में ऑप्यूलेंस को नए सिरे से परिभाषित करने के लिए तैयार है। भारत में चौथी पीढ़ी की इस एसयूवी के साथ ह्यूंडई प्रीमियम हाई सेगमेंट एसयूवी के मामले में नए मानक स्थापित करेगी और ग्राहकों के लक्जरी अनुभव को नई ऊंचाई मिलेगी।

ओप्पो द्वारा 4389 करोड़ रुपए की सीमा शुल्क चोरी का खुलासा

नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मोबाइल बनाने वाली कंपनी ओप्पो मोबाइल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 4,389 करोड़ रुपए की सीमा शुल्क चोरी का पता लगाया है।

चीन की कंपनी ग्वांगडोंग ओप्पो मोबाइल टेलीकम्युनिकेशन्स कॉरपोरेशन की सहायक भारतीय की जांच के दौरान डीआरआई ने यह पता लगाया है। ओप्पो इंडिया पूरे भारत में निर्माण, कलपुर्जे जोड़ने, खुदरा व्यापार, मोबाइल हैंडसेट और एक्सेसरीज के वितरण के कारोबार में लगी हुई है। ओप्पो इंडिया मोबाइल फोन के विभिन्न ब्रांडों- ओप्पो, वनप्लस और रियलमी में डील करता है।

जांच के दौरान, डीआरआई ने ओप्पो इंडिया के कार्यालय परिसरों और इसके प्रमुख प्रबंधन कर्मचारियों के आवासों की तलाशी ली जिसके परिणामस्वरूप ओप्पो इंडिया द्वारा मोबाइल फोन के निर्माण में उपयोग के लिए आयात की गई कुछ वस्तुओं के विवरण में जानबूझकर गलत जानकारी देने संबंधी संकेत देने वाले आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद हुए।

इस गलत घोषणा के परिणामस्वरूप ओप्पो इंडिया द्वारा 2,981 करोड़ रुपए की अपात्र शुल्क छूट लाभ का गलत लाभ उठाया गया। अन्य लोगों के अलावा, ओप्पो इंडिया के वरिष्ठ प्रबंधन कर्मचारियों और घरेलू आपूर्तिकर्ताओं से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने स्वैच्छिक बयानों में आयात के समय सीमा शुल्क अधिकारियों के सामने गलत विवरण प्रस्तुत करना स्वीकार किया।

जांच में यह भी पता चला कि ओप्पो इंडिया ने मालिकाना टेक्नोलॉजी/ब्रांड/आईपीआर लाइसेंस आदि के उपयोग के बदले चीन में स्थित विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों को ‘रॉयल्टी’ और ‘लाइसेंस शुल्क’ के लिए धनराशि का हस्तांतरण/भुगतान के प्रावधान किए थे।

ओप्पो इंडिया द्वारा भुगतान की गई रॉयल्टी’ और ‘लाइसेंस शुल्क’ को उनके द्वारा आयात किए गए सामान के लेनदेन मूल्य में नहीं जोड़ा जा रहा था, जो सीमा शुल्क कानून, 1962 की धारा 14 का उल्लंघन है। इसे सीमा शुल्क मूल्यांकन (आयातित वस्तुओं के मूल्य का निर्धारण), नियम 2007 के नियम 10 के साथ पढ़ा जाए। इस खाते पर ओप्पो इंडिया द्वारा 1,408 करोड़ रुपये की कथित शुल्क चोरी की गई।

ओप्पो इंडिया ने उसके द्वारा भुगतान किए गए आंशिक अंतर सीमा शुल्क के रूप में 450 करोड़ रुपए की राशि जमा की। जांच पूरी होने के बाद ओप्पो इंडिया को 4,389 करोड़ रुपए की राशि की मांग करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

मेरठ : पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की सौ करोड़ की संपत्ति कुर्क

मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के खिलाफ अवैध रूप से मीट का कारोबार करने के मामले में उनकी करीब सौ करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क कर ली गई है।

बुधवार को सुबह ही याकूब कुरैशी की मीट फैक्टरी को कुर्की की कार्रवाई करते हुए सील कर दिया गया था। पुलिस ने बताया कि बिना अनुमति पशु कटान के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से याकूब और उनका पूरा परिवार लंबे समय से फरार हैं। इस बाबत कई बार उसके घर पर नोटिस भी चस्पा किया गया था। याकूब ने उच्च न्यायालय से राहत पाने की भी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

मेरठ के एएसपी चंद्रकांत मीणा ने इस मामले की जांच के आधार पर बताया कि अल फहीम मीटेक्स कंपनी की आड़ में याकूब का परिवार चार अलग अलग कंपनियां चला रहा था, जिससे टैक्स की चोरी की जा सके। दो कंपनी में याकूब का परिवार शेयर धारक है, जबकि अल फोजान कंपनी इमरान के बेटे फोजान के नाम पर है।

उल्लेखनीय है कि हापुड़ रोड स्थित याकूब कुरैशी की फैक्टरी में 31 मार्च की देर रात पुलिस ने अवैध तरीके से मीट की पैकिंग करते 10 कर्मचारियों को रंगे हाथों दबोच लिया था। इस मामले में याकूब कुरैशी, उनकी पत्नी संजीदा बेगम, बेटे इमरान और फिरोज समेत 17 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था।

पुलिस अधीक्षक (देहात) केशव कुमार का कहना है कि याकूब कुरैशी के घर पर कुर्की वारंट चस्पा किया गया था। इसमें अदालत ने याकूब को परिवार के साथ पेश होने का आदेश दिया था। याकूब की ओर से इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद आज कुर्की की कार्रवाई की गई है।

छात्रा से रेप के मामले में आसींद कस्बा दूसरे दिन भी रहा बंद

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले का आसींद कस्बा एक छात्रा को घर छोडऩे का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले को लेकर आज दूसरे दिन भी बंद रहा वहीं इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस मामले को लेकर कस्बा दूसरे दिन भी स्वैच्छिक रुप से बंद रहा। बंद के चलते आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग जरुरत की वस्तुओं के लिए परेशान नजर आए। इस दौरान आसींद थाने के बाहर लोगों ने धरना प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा जिसमें घटना वाली होटल को सीज कराने, मामले को को केस ऑफिसर स्कीम में शामिल कर मुकदमा फास्ट ट्रैक अदालत में चलाने, पीड़िता को सुरक्षा एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई।

प्रदर्शन को गुलाबपुरा नगर पालिका के पूर्व चैयरमेन धनराज गुर्जर ने संबोधित कर इस तरह की घटनाओं पर नाराजगी जाहिर की। गुर्जर ने कहा कि आसींद, मालासेरी आदि स्थान देवभूमि के नाम से विख्यात है लेकिन ऐसे लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम देकर इस भूमि को कलंकित करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दरिंदों को चौराहे पर फांसी दी जानी चाहिए।

पुलिस ने बंद एवं प्रदर्शन के मद्देनजर कस्बे में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए। पुलिस ने बताया कि कस्बे में शांति बनी हुई है और इस दौरान कहीं से कोई अप्रिय सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि छात्रा ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि वह मंगलवार दोपहर परीक्षा देकर लौट रही थी कि खातोला निवासी अजीज मोहम्मद और अब्दुल मोहम्मद उर्फ पीरू स्विफ्ट कार लेकर आए और उसे गांव छोड़ने का झांसा देकर कुछ सामान लेने के बहाने उसे बस स्टैंड स्थित जिया पैलेस ले गए।

जिया पैलेस में छात्रा को कमरे में बैठा दिया और पीने के लिए ठंडा पेय दिया। इसके चलते उसे चक्कर आने लगे। इसका फायदा उठाकर अजीज मोहम्मद ने उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर अजीज ने चाकू दिखाकर जान से खत्म करने की धमकी दी।

वह चिल्लाई तो जिया पैलेस के मालिक एवं अब्दुल मोहम्मद ने उसे धमकाया और कहा कि किसी को बताया तो जान से खत्म कर देंगे। अजीज और अब्दुल ने उसके संदिग्धावस्था के फोटो भी खींचे। वह चिल्लाई तो आसपास के लोग दौड़कर आए और उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और अजीज को लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीज मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया।