Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 728 -
होम ब्लॉग पेज 728

उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रपति पद के लिए राजग प्रत्याशी मुर्मू के समर्थन की घोषणा की

मुंबई। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसले में राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की मंगलवार को घोषणा की।

ठाकरे ने यहां शिवसेना भवन में एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में यह एलान किया कि यह उनका स्वयं का फैसला है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसके लिए उन पर पार्टी के सांसदों के दबाव संबंधी खबरों का खंडन करते हुए कहा कि मैं स्पष्ट रूप से कह रहा हूं कि सोमवार को सांसदों की बैठक में कोई दबाव नहीं बनाया गया, यह मेरा फैसला है।

आदिवासी क्षेत्र के शिव सैनिकों ने हमसे आग्रह किया था कि यदि मैं राष्ट्रपति बनाने के लिए किसी आदिवासी का समर्थन करुंगा तो उन्हें खुशी होगी। उनकी भावना का आदर करते हुए हमारी पार्टी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का एलान करती है।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतिभा पाटिल को राष्ट्रपति पद के लिए जब उम्मीदवार बनाया गया था तो शिवसेना ने उनका समर्थन किया था।

इससे पहले कल ठाकरे ने पार्टी के सांसदों के साथ अपने निवास मातोश्री पर बैठक की थी जिसमें 19 सांसद शामिल हुए थे। बैठक के बाद मीडिया में रिपोर्ट आई थी कि कम से कम 12 सांसदों ने पार्टी नेतृत्व में राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की जोरदार सिफारिश की थी।

इन रिपोर्टों में यह भी कहा गया था कि शिवसेना के कुछ सांसदों ने ठाकरे को यह समझाने का प्रयास किया था कि इस तरह के फैसले से भारतीय जनता पार्टी के साथ पुन: संवाद की संभावना बन सकती है।

राजस्थान में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ बनाएगी सरकार : जेपी नड्डा

माउंटआबू। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विश्वास जताते हुए कहा है कि माउंटआबू से मिला मार्गदर्शन सकारात्मक ऊर्जा के साथ नीचे तक की ईकाईयों में कार्यकर्ताओं तक लेकर जाएंगे, जो मिशन 2023 के विजय संकल्प को प्रचंड बहुमत के साथ हासिल करने में मील का पत्थर साबित होगा।

नड्डा ने तीन दिवसीय भाजपा प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग शिविर के समापन पर अपने संबोधन में आज यहां यह विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि कहा कि इस प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न सत्र हुए हैं। जिनमें राजनीति, संगठनात्मक, बूथ-मंडल सशक्तीकरण, मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विदेश नीति, राज्य की कांग्रेस सरकार की विफलतायें आदि विभिन्न विषयों पर चिन्तन मनन किया।

उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद एवं विश्वास है कि मां अर्बुदा देवी एवं ज्ञान सरोवर की पवित्र स्थली माउंटआबू से मिला ज्ञान एवं मार्गदर्शन सकारात्मक ऊर्जा के साथ नीचे तक की ईकाईयों में कार्यकर्ताओं तक लेकर जाएंगे और राजस्थान में भाजपा अगले वर्ष प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग पार्टी की सतत प्रक्रिया है, यह कार्यकर्ता निर्माण में महत्वपूर्ण कारक है। भाजपा को छोडक़र देश की कोई भी ऐसी पार्टी नहीं है जो अपने कार्यकर्ताओं के लिए ऐसा व्यवस्थित एवं अनुशासित प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करती है।

प्रशिक्षण हमारी पार्टी में कितना महत्वपूर्ण है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सात दिवसीय प्रशिक्षण में पांच विधायकों को प्रशिक्षण दिया था, जिसमें देश के उपराष्ट्रपति रहे एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे भैरों सिंह शेखावत ने भी प्रशिक्षण लिया था। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को सतत सीखने की प्रक्रिया में लगे रहना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना की राष्ट्रीय कार्य समिति में अपने उदबोधन में सात (स) का महत्व बताते हुए कहा था कि हमें सेवा भाव, संतुलन, संयम, समन्वय, सकारात्मकता, सभ्यता, संवाद आदि का पालन करना चाहिए और इन्हीं सात ‘स’ की पालना राजस्थान भाजपा ईकाई ने दोनों कोविड काल में जरूरतमंदों को भोजन, राशन, पानी, मास्क, सेनेटाईजर, चरणपादुका, रक्तदान आदि सेवा कार्यों से सुनिश्चित करके दिखाया। हमारी पार्टी में हुक्म चलाने की संस्कृति नहीं है, हम सब कार्यकर्ता वालिन्टियर्स की तरह कार्य करते हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हम सम्मान और ऊंचाईयां पाते हैं, इसलिए कार्यकर्ता ही हमारी ताकत व पूंजी हैं।

नड्डा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी होने के कारण राष्ट्रीय हितों के साथ स्थानीय आंकाक्षाओं की आपूर्ति करते हुए कार्य करती है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का संवाद हो और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान करने के प्रयास होंं। हमें पद एवं दायित्व को सुगंधित करने का प्रयत्न ईमानदारी से करना चाहिए। भारत में केवल भाजपा ही राष्ट्रीय पार्टी है बाकि पार्टियां परिवारवाद, वंशवाद व व्यक्तिवाद तक ही सिमटकर रह गई हैं।

हमें पार्टी में क्या मिला, उसकी चिंता छोडक़र यह सोचना चाहिए कि हमने देश को क्या दिया, पार्टी को क्या दिया। भाजपा केवल एक ऐसी पार्टी है जो राष्ट्र पहले को प्राथमिकता देती है। हमारा संकल्प यह होना चाहिए कि देश और पार्टी का भला होगा तभी हमारा भला होगा। कोई भी कार्य हो वह समय पर पूरा होना चाहिए।

इस अवसर पर द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद उम्मीदवार बनाने पर मेवाड़ अंचल जनजाति समाज ने नड्डा को अभार पत्र सौंपकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं का सौभाग्य है कि समय समय पर टीम राजस्थान भाजपा को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मार्गदर्शन एवं संबोधन मिलता है, जिससे हम नई ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।

बिहार की छात्र राजनीति से लेकर इमरजेंसी में जेल में रहे और हिमाचल प्रदेश सहित देश भर में भाजपा को मजबूत करने में नड्डा का महत्वपूर्ण योगदान है एवं निरंतर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं और कोरोनाकाल में सेवा ही संगठन अभियान के तहत प्रधानमंत्री और श्री नड्डा के आह्वान पर देश भर में कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों की सेवा की, जो पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल बना।

उन्होंने कहा कि नड्डा का राजस्थान और विशेषकर जनजाति अंचल माउंटआबू आना हम कार्यकर्ताओं के लिए अतुलनीय, अभिनन्दनीय और अनुकरणनीय है। नड्डा के आह्वान एवं निर्देशानुसार पार्टी पूरे राजस्थान में बूथ एवं पन्ना सशक्तीकरण अभियान को मजबूती से पूर्ण करने में जुटी हुई है, जिसका लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और आगामी दिनों में शत प्रतिशत इस कार्ययोजना को मूर्तरूप दे दिया जाएगा।

डॉ. पूनियां ने कहा कि एक सशक्त संगठन हरेक राजनीतिक प्रश्न का उत्तर होता है, राजस्थान की जनता में कांग्रेस के खिलाफ एंटी इनकमबेंसी है, यह हमारे पक्ष में है लेकिन इससे भी बड़ी बात है कि हम संगठन की ताकत से मिशन 2023 में प्रचंड बहुमत की भाजपा की सरकार बनाकर और 2024 में प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटें जीतकर मोदी और नड्डा को यह जीत समर्पित करेंगे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, राजेंद्र गहलोत, कनकमल कटारा आदि मौजूद थे।

भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे में तनाव के बाद बाजार बंद

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे में आज दोपहर बाद एक युवती से छेड़छाड के मामले के बाद तनाव व्याप्त हो गया और कस्बे में बाजार बंद हो गए। इसके मद्देनजर पुलिस बल कस्बे में तैनात कर दिया गया है और पुलिस अधिकारी स्थिति पर निगाह बनाए हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड स्थित एक गेस्ट हाउस में एक युवक के युवती से छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर कुछ युवकों ने युवती से छेड़छाड़ करने वाले युवक के साथ मारपीट कर दी।

इसके बाद माहौल गरमा गया और कस्बे में व्यापारियों ने अपनी दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद कर दिए। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। कस्बे में किसी अप्रिय खबर की सूचना नहीं हैं और बाजार बंद के बीच शांति बनी हुई।

बुलंदशहर में नाबालिग लडकी को नशीला पदार्थ खिलाकर गैंगरेप

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के थाना आहार क्षेत्र में एक आयोजन में भाग लेने गई किशोरी को गांव के ही दो युवकों ने जबरन पकड़ लिया तथा नशीला पदार्थ खिलाकर कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।

पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सिंह ने बताया कि अहार थाना क्षेत्र में सोमवार की रात्रि में एक कार्यक्रम में पीड़िता भी शामिल हुई।

जब वह आयोजन स्थल से सुबह चार बजे अपने घर के लिए निकली, तभी निर्जन स्थान पर गांव के दो युवकों ने उसे पकड़ कर जबरन नशीला पदार्थ खिला दिया और बेहोशी की हालत में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी कालू पुत्र दुर्जन सिंह और सचिन पुत्र पप्पन सिंह ने पीड़िता को वारदात का वीडियो बनाने का डर दिखाकर इस घटना का जिक्र न करने की धमकी भी दी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को परीक्षण मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे गंभीर हालत बताकर भर्ती कर लिया है। एसपी देहात बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

बारां में नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बनाने वाला पिता अरेस्ट

बारां। राजस्थान में बारां जिले के अटरू थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ देह शोषण करने वाले पिता को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीणा ने बताया कि गत 10 जुलाई को नाबालिग पीडिता ने थाना पर एक रिपोर्ट दी जिसमें उसने उसके पिता द्वारा गत चार माह से उसे साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पीडिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान करते हुये एक टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा मुल्जिम के वक्त घटना से फरार होने से मुल्जिम के सम्भावित स्थानो पर दबीशे देकर मुल्जिम की तलाश- पतारसी की जाकर मुल्जिम इशुफ उर्फ युसुफ को 36 घण्टे में गिरफ्तार कर लिया। मुल्जिम से प्रकरण मे गहनता से अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार मुल्जिम इशुफ उर्फ युसुफ पुत्र अब्दुल सत्तार जाति मुसलमान निवासी बटावदा हाल हाउंसिग बोर्ड अटरू का निवासी है।

चीनी नागरिक लियू यी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

भुवनेश्वर। ओड़िशा में आव्रजन कार्यालय ने भारत में अवैध ऋण एप चलाने वाले चीन के नागरिक लियू यी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।

यह नोटिस भुवनेश्वर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के आग्रह पर जारी किया गया है। इस मामले में लियू यू के खिलाफ मुख्य आरोपी के तौर पर इस साल जनवरी में मामला दर्ज किया गया था। यह चीनी नागरिक भारत में कई अवैध डिजिटल ऋण ऐप चलाता था जैसे -कोको लोन, जोजो लोन, गोल्डन लाइटनिंग लोन तथा कुछ अन्य।

ईओडब्ल्यू को संदेह था कि इन ऐप्स के माध्यम से देश भर में लाखों लोगों विशेष कर निम्न मध्यम वर्ग के लोग ठगे गए जिन्हें कोरोना के समय में पैसों की आवश्यकता थी। लियू ली ने भारत में अपना अवैध कारोबार 2019 में बेंगलूरु से शुरु किया था। उसकी कंपनी चीन के हांग्जो में जियानबिंग टेक्नोलॉजी थी।

ईओडब्ल्यू चीन के मास्टरमाइंड के पांच आरोपी साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुका है और विभिन्न राज्य पुलिस के संपर्क में है तथा मुंबई, बैंगलूरु तथा दिल्ली में छापा भी मारा था। अब तक 6.57 करोड़ रुपए से अधिक को जब्त किए जा चुके हैं।ईओडब्ल्यू ने लोगों से अपील की है कि वह इंटरनेट पर अनाधिकारिक लॉन एप्पस से ऋण नही लें।

कन्हैयालाल हत्याकांड : 3 आरोपियों का रिमांड बढ़ा, 4 को भेजा जेल

जयपुर। राजस्थान के उदयपुर कन्हैयालाल हत्याकांड मामले के दो मुख्य आरोपियों सहित तीन आरोपियों का रिमांड सोलह जुलाई तक बढ़ा दिया गया हैं जबकि चार आरोपियों को जेल भेज दिया गया हैं।

इस मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों को आज एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने मुख्य आरोपी मोहम्मद गौस एवं रियाज अत्तारी तथा मोहसिन को सोलह जुलाई तक फिर रिमांड पर भेज दिया गया।

अदालत ने आरोपी आसिफ, वसीम अली एवं फरहाद मोहम्मद सहित चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में गिरफ्तार इन सातों आरोपियों का मंगलवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदालत में पेश किया गया। गत 28 जून को उदयपुर में कन्हैयालाल साहू की हत्या कर देने के बाद इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में NIA अजमेर पहुंची, गौहर चिश्ती की तलाश

केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में विस्फोट

कन्नूर। केरल के पय्यनूर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय में सोमवार देर रात बम विस्फोट होने से कार्यालय की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। विस्फोट के समय कार्यालय में कोई नहीं था। किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं है।

यह हमला किसने और किस इरादे से किया? फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। गनीमत रही कि इस विस्फोट में कोई जनहानि नहीं हुई है।

पय्यनूर पुलिस के मुताबिक विस्फोट कल देर रात डेढ़ बजे हुआ था। विस्फोट के कारण आरएसएस कार्यालय की खिड़की के शीशे चकनाचूर हो गए और अलमारियां आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटनास्थल पर अन्य कोई बम की तलाश के लिए खोजी स्वान को भी लगाया गया। विस्फोट के बाद कार्यालय के बाहर काफी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं।पुलिस ने कहा कि पय्यनूर और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में है।

भारतीय जनता पार्टी और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कस्बे में एक विरोध मार्च निकाला, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने सोमवार देर रात पय्यानूर के निकट कुन्नारवु में सीवी धनराज के छठे शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। जिसकी आरएसएस कार्यकर्ताओं ने हत्या की थी।

उद्धव ठाकरे कर सकते हैं द्रौपदी मुर्मू का समर्थन : संजय राउत

मुंबई। शिवसेना के प्रवक्ता एवं सांसद संजय राउत ने मंगलवार को संकेत दिया कि पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को पार्टी का समर्थन करने की घोषणा करने की संभावना है।

सोमवार को एक बैठक में ठाकरे के साथ बैठक में शिव सेना के अधिकतर सांसदों ने मुर्मू को समर्थन करने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुर्मू के समर्थन का मतलब भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करना नहीं है।

राउत ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र में आदिवासियों का एक बड़ा समुदाय है और शिवसेना के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आदिवासी क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठाकरे उनकी मंशा को समझते हैं और वह इस बारे में अंतिम निर्णय लेंगे।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभाताई पाटिल के समर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन ने उन्हें राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार के रूप में उतारा था और उस समय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का सहयोगी होने के बावजूद शिवसेना ने पाटिल के पक्ष में मतदान किया था।

REET परीक्षा के लिए 1376 परीक्षा केन्द्र गठित

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 23 एवं 24 जुलाई को राज्य भर में आयोजित होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट)-2022 के लिए 1376 परीक्षा केंद्र गठित किए जाएंगे।

अजमेर स्थित रीट मुख्यालय सूत्रों के अनुसार बोर्ड प्रबंधन ने त्रुटि रहित सफलतापूर्वक परीक्षा आयोजित करने के लिए कमर कस ली है। परीक्षा प्रश्नपत्र और परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी एवं व्यवस्था को अंजाम दिया जा रहा है। इस परीक्षा में 15 लाख 66 हजार 992 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे जिसमें से लेवल एक की परीक्षा में चार लाख एक हजार छह अभ्यर्थी तथा लेवल दो में 12 लाख 94 हजार 186 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

राज्य सरकार के उच्च स्तरीय निर्देशो के अनुसार परीक्षा को निर्बाध सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे है और सतर्कता बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर कार्मिकों को भी अलग से पहचान पत्र दिए जाएंगे तथा सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे के जरिए निगरानी में रहेंगे।

इधर, रीट परीक्षा में अभ्यर्थियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज निशुल्क बस सुविधा उपलब्ध करा रहा है। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने इस बाबत आवश्यक बैठक लेकर निर्देश दिए हैं ताकि बसों की पर्याप्त व्यवस्था संभव हो सके। रोडवेज सूत्रों के अनुसार परीक्षा से पूर्व एवं परीक्षा के बाद प्रवेश पत्र दिखाने पर अभ्यर्थी यात्रा कर सकेंगे।