Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 736 -
होम ब्लॉग पेज 736

अन्नाद्रमुक नेतृत्व की खींचतान तेज, जीसी पर सोमवार तक आदेश सुरक्षित

चेन्नई। अन्नाद्रमुक में नेतृत्व के मुद्दे पर दो दिनों तक चली बहस के बाद, मद्रास उच्च न्यायालय ने शुक्रवार रात पार्टी की आम परिषद (जीसी) की बैठक से ठीक 15 मिनट पहले सोमवार की सुबह नौ बजे के लिए आदेश सुरक्षित रख लिया।

अन्नाद्रमुक नेता ई के पलानीसामी और उनके विरोधी ओ. पन्नीरसेल्वम के बीच नेतृत्व की खींचतान ने पार्टी में एकात्मक नेतृत्व पर कब्जे को लेकर दोनों नेताओं के बीच खींचतान जारी है।

एक ओर पलानीस्वामी खेमा एमजीआर और जयललिता के दिनों में वापस लौटने के लिए एकल नेतृत्व की बहाली के पक्ष में है जबकि दूसरी ओर ओपीएस खेमा दोहरे नेतृत्व की वर्तमान प्रणाली को जारी रखना चाहता है। एक ऐसा मुद्दा जहां ओपीएस शिविर 23 जून को हुई आम परिषद (जीसी) बैठक में विचलित हो गया था। इस बैठक में ईपीएस खेमे ने ओपीएस खेमे से अधिक बहुमत हासिल किया।

अदालत ने पिछले दो दिनों से दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि वह सोमवार को सुबह नौ बजे (तथाकथित निष्क्रिय समन्वयक) पन्नीरसेल्वम द्वारा दायर एक दीवानी मुकदमे पर 11 जुलाई की आम परिषद की बैठक को रोकने के लिए आदेश पारित करेगा।

अन्नाद्रमुक के (23 जून की जीसी बैठक में उनके पदों की पुष्टि नहीं की थी) संयुक्त समन्वयक ई के पलानीस्वामी और उनके समर्थकों ने यह बैठक बुलाई थी। मैराथन सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति कृष्णन रामासामी ने कहा कि वह निर्धारित जीसी बैठक से ठीक 15 मिनट पहले 11 जुलाई की सुबह आदेश पारित करेंगे।

ओ पन्नीरसेल्वम और एआईएडीएमके जीसी सदस्य अम्मन वैरामुथु द्वारा दायर दीवानी मुकदमों के साथ जज से इस बैठक को राकने की मांग की गई थी। अन्नाद्रमुक के उप-नियमों के खिलाफ जीसी बैठक को अवैध बताते हुए इसे रोकने के निर्देश देने की भी मांग की गई थी।

सबगुरु राशिफल : 9 जुलाई शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 04.39 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारंभ। आज आपका दिन कैसा रहेगा जानने के लिए पढें राशिफल।

मेष राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज किसी समस्या से मुक्ति मिलेगी। आज बेरोजगारी दूर करने का प्रयास सफल रहेगा। आज रोजगार मिलेगा। आज शेयर मार्केट से लाभ मिलेगा। आज जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा।

वृष राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज मेहमानों का आगमन होगा। आज शुभ समाचार मिलेगा। आज उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। आज आत्मसम्मान रहेगा। आज जोखिम उठाने का साहस करेगा। आज यश बढेगा।

मिथुन राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज कार्यसिद्धि होगी। आज कारोबार अनुकूल रहेगा। आज शेयर मार्केट लाभदायक रहेगा। आज प्रयास सफल रहेगा। आज धन की प्राप्ति के योग है। आज पारिवारिक सहयोग मिलेगा।

कर्क राशि स्वामी चंदमा रत्न मोती

आज प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। आज भेंट व उपहार मिलेगा। आज किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन मिलेगा। आज व्यापार-व्यवसाय से लाभ मिलेगा। आज नौकरी में प्रभाव बढेगा।

सिंह राशि स्वामी सूर्य रत्न माणकीय

आज रोजगार प्राप्ति का प्रयास सफल रहेंगा। आज परीक्षा व साक्षात्कार में सफलता मिलेगी। आज भूमि-भवन संबंधी बाधा दूर होगी। आज सुख का साधन मिलेगा। आज मन प्रसन्न रहेगा

कन्या राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज परिवार में मांगलिक कार्य होगा। आज स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। आज यात्रा शुभ रहेगी। आज कारोबार अच्छा चलेगा। आज धन प्राप्ति होगी। आज लेन देन में सावधानी रखे।

तुला राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज किसी विशेष से कहासुनी होगी। आज स्वाभिमान को ठेस लगेगी। आज अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। आज कर्ज लेना पड़ेगा। आज चिंता व तनाव रहेगा। आज समय नेष्ट रहेगा।

वृश्चिक राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज नई योजना बनेगी। आज कार्यप्रणाली में सुधार होगा। आज व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। आज नौकरी में उच्चाधिकारी का सहयोग मिलेगा। आज परिवार में सुख-शांति रहेगी।

धनु राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। आज बकाया वसूली का प्रयास सफल रहेगा। आज कारोबार अच्छा चलेगा। आज नोकरी में चेन रहेगा। आज पार्टनरों का सहयोग मिलेगा।

मकर राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज नौकरी में प्रमोशन मिलेगा। आज कारोबार से लाभ मिलेगा। आज आपको मित्रों का सहयोग करने का अवसर मिलेगा। आज सामाजिक प्रतिष्ठा बढेगी। आज मान-सम्मान मिलेगा।

कुंभ राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज विद्यार्थी वर्ग सफलता अर्जित करेगा। आज व्यापार-व्यवसाय अच्छा चलेगा। आज निवेश लाभदायक रहेगा। आज धन प्राप्ति अच्छी होगी। आज आय में वृद्धि होगी। आज प्रसन्नता रहेगी।

मीन राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज कोर्ट-कचहरी का काम अनुकूल रहेगा। आज लाभ का अवसर हाथ आएगा। आज कारोबार में वृद्धि होगी। आज शेयर मार्केट शुभ रहेगा। आज परिवार में प्रसन्नता बनी रहेगी।

जीवन दर्पण ज्योतिष सुरेश कुमार आसवानी
संपर्कसूत्र : 9413761512 / 9610160966

सिपाही संदीप जेएलएन से डिस्चार्ज, अस्पताल प्रशासन को कहा ‘धन्यवाद‘

0

अजमेर। उदयपुर हिंसा के बाद भीम में हुई घटना में घायल सिपाही संदीप चौधरी को पूर्णतः स्वस्थ होने के बाद शुक्रवार को राजकीय जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय से डिस्चार्ज कर दिया गया। संदीप ने सम्पूर्ण उपचार, प्रमोशन, आर्थिक सहायता और शाबासी के लिए राज्य सरकार और अस्पताल प्रशासन को धन्यवाद दिया।

भीम हिंसा में अपनी जान की बाजी लगाकर साम्प्रदायिक हिंसा रोकने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए राजस्थान पुलिस के सिपाही संदीप को शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। संदीप ने बेहतरीन उपचार के लिए अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी 30 जून को अजमेर आकर संदीप की कुशलक्षेम पूछी थी। उन्होंने संदीप की बहादुरी को देखते हुए उसे आउट ऑफ टर्न प्रमोशन तथा दस लाख रूपए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की थी। संदीप ने इस उत्साहवर्धन के लिए राज्य सरकार को भी धन्यवाद कहा।

जेएलएन अस्पताल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. नीरज गुप्ता ने बताया कि कान्सटेबल संदीप चौधरी को आज मेडिकल बोर्ड द्वारा जांच के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। संदीप की स्थिति में लगातार सुधार व विभिन्न जांचों के सामान्य आने पर बोर्ड द्वारा उसे छूटटी करने का निर्णय किया गया। सिर में लगे सारे टांके निकाल दिये गये है, पिछले तीन-चार दिन से वह स्वयं चलने में समर्थ है।

उन्होंने बताया कि समान्य रूप से मेडिकल बोर्ड द्वारा नियमित रूप से उसके उपचार में गहनता व गम्भीरता से लिए गए निर्णय के फलस्वरूप गंभीर स्थिती में लाए गए संदीप को नया जीवन मिला है।

संदीप के उपचार में मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव माहेश्वरी, शल्य चिकित्सक डॉ. अनिल शर्मा, फिजिशियन चिकित्सक डॉ. मुनेश मीना, न्यूरोसर्जन डॉ. गोगराज, न्यूरोफिजिशियन डॉ. दिलीप, प्लास्टिक सर्जन डॉ. मधु माहेश्वरी, निश्चेतन विभाग से डॉ. अरविन्द खरे एवं डॉ. प्रदीप कुमार, नाक कान गला रोग विभाग से डॉ. दिग्विजय सिंह एवं गेस्ट्रोलजी विभाग से डॉ. मनोज इत्यादि चिकित्सकों की अहम भूमिका रही।

बारां में कोतवाली चौकी प्रभारी एक लाख की रिश्वत लेते अरेस्ट

बारां। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बारां शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी प्रभारी रामदयाल मधुकर को आज एक लाख रूपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पर गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के उपाधीक्षक हर्ष राज सिंह खरेडा ने परिवादी ने गुरुवार को ही ब्यूरो में शिकायत दी थी। जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने षडयंत्र करके मेरे नाबालिक पौत्र को तेल फेक्टरी हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी बुलाया। वहां एक अज्ञात लड़के ने मेरे पौत्र पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर गाड़ी की चाबी निकाल ली और भीड़ एकत्रित कर ली।

इस पर एसआई मधुकर ने मेरे पौत्र को छोडने की एवज में 10 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद निवेदन करने पर चार लाख एसआई ने किए और फिर करीब डेढ़ लाख में सौदा तय हुआ। परिवादी से आरोपी एसआई रामदयाल मधुकर ने सात जुलाई को 50 हजार रुपए रिश्वत सत्यापन के दौरान ली। शेष राशि एक लाख रुपए देने शुक्रवार को परिवादी को चौकी पर बुलाया।

इस पर शुक्रवार को ब्यूरो की टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी ने परिवादी से रिश्वत के एक लाख रुपए ले लिए। इसके बाद परिवादी का इशारा मिलते ही ब्यूरो टीम ने आरोपी को दबोच लिया।

डूंगरपुर में कॉपरेटिव बैंक के दो मैनेजर डेढ लाख रूपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज कॉपरेटिव बैंक दो मैनेजरों को डेढ लाख रूपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के उपअधीक्षक दिनेश सुखवाल ने बताया कि खजूरी लेम्पस के अध्यक्ष देवीलाल डामोर ने ब्यूरो में शिकायत की कि कॉपरेटिव बैंक के मैनेजर मितार्थ श्रीमाली एवं शाखा मैनेजर विकास गुप्ता खजूरी लेम्प्स के भवन निर्माण के 10 लाख रुपए के बजट में से 15 प्रतिशत कमीशन के रूप में एक लाख 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद शुक्रवार को ब्यूरो टीम ने ट्रैप की कार्यवाही की। इसके तहत परिवादी देवीलाल ने रिश्वत की राशि कनबा ब्रांच में जाकर कॉपरेटिव बैंक प्रधान कार्यालय के मैनेजर मितार्थ श्रीमाली को एक लाख 25 हजार एवं ब्रांच मैनेजर विकास गुप्ता को 25 हजार रूपए की रिश्वत दी। इसी दौरान ब्यूरो टीम ने दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

तमिलनाडु में सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, 10 घायल

चेन्नई। तमिलनाडु में चेन्नई-त्रिची राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचरपक्कम के निकट राज्य एक्सप्रेस परिवहन निगम (TNSTC) की बस और लॉरी की टक्कर में दो महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घटना शुक्रवार करीब छह बजे के करीब हुई, जब चेन्नई मुफस्सिल बस टर्मिनस (सीएमबीटी) से चिदंबरम के लिए जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा टकराई, जिसमें दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक अन्य यात्री को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस, दमकल एवं बचाव दल के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर और बचाव और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान सड़क पर भारी जाम लग गया था।

हनुमानगढ़ में 17 साल की बेटी के देहशोषण के आरोप में पिता अरेस्ट

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपनी नाबालिग बेटी का देहशोषण करने के आरोप में पिता को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी बिशनसहाय ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी हनुमानाराम की गिरफ्तारी की गई है। उसके खिलाफ चार दिन पहले 17 वर्षीय बेटी ने मामा के साथ थाने में आकर रिपोर्ट देते हुए देहशोषण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया था।

थानाधिकारी के अनुसार हनुमाना राम की पत्नी का लगभग तीन साल पहले देहांत हो गया था। उसके दो पुत्रियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी गांव में दादा दादी के पास रहने लगी। छोटा बेटा ननिहाल में रहने के लिए चला गया।

खेत में बनी ढाणी में हनुमानाराम के साथ उसकी दूसरी 17 वर्षीय छोटी बेटी रहती थी। लगभग 2 महीने पहले उसने अपने ननिहाल वालों को आकर अपने पास ले जाने के लिए कहा। ननिहाल वाले उसे अपने पास ले आए, तब उसने बताया कि डेढ़ वर्ष से पिता उससे गलत हरकत कर रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कई दिन तक ननिहाल परिवार के लोग लोक-लाजवश असमंजस में रहे की इस मामले में क्या किया जाए। आखिरकार उन्होंने दोषी को उसके मुकाम तक पहुंचाने के लिए पुलिस में जाने का फैसला किया।

थाना अधिकारी के अनुसार मामला दर्ज होने पर लड़की का मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसकी रिपोर्ट में उससे शारीरिक संबंध बनाए जाने की पुष्टि हुई। पीड़िता के सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट से बयान कलमबद्ध करवाए गए।

पीड़िता ने बताया कि डेढ वर्ष में पिता ने उसके साथ कई बार डरा धमकाकर शारीरिक संबंध बनाए। थाना अधिकारी ने बताया कि जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

21वीं सदी में उस ऊंचाई को हासिल करेंगे जिसका देश हकदार : नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सर्वसमावेशी विकास पर जोर देते हुए आज कहा कि 21वीं सदी में उस ऊंचाई को हासिल किया जाएगा जिसका भारत हकदार है।

मोदी ने समावेशिता के माध्यम से विकास, विकास के माध्यम से समावेशिता विषय पर आज यहां आयोजित प्रथम अरूण जेटली स्मृति व्याख्यान को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन मेरे लिए अपूर्णीय क्षति और असहनीय पीड़ा का दिन है। मेरे घनिष्ठ मित्र और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे जी अब हमारे बीच नहीं है। मेरे मित्र होने के साथ ही वह भारत के भी सच्चे दोस्त थे। उनके कार्यकाल में दोनों देशों की साक्षी विरासत खूब आगे बढी है।

जापान के सहयोग के जो भारत के विकास में काम हो रहे उसके लिए आबे हमेशा याद किए जाएंगे। आज का यह आयोजन मेरे और घनिष्ठ मित्र अरूण जेटली जी को समर्पित है। उनकाे याद करने पर बहुत सी बाते याद आती है। उनके बोलने की अदा से हम सब कायल है। उनका व्यक्तित्व विविधता से भरा था। आज हर कोई अरूण जी को याद करते हैं। जो विषय वस्तु रखा गया है वह सरकार का मूल मंत्र है।

मोदी ने कहा कि सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों पर भरोसा करने का मौका है जिससे विकास आगे बढ़ रहा है। विकास से जुड़ा हर क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। 21वीं सदी में उस ऊंचाई को हासिल करेंगे जिसका भारत हकदार है। चुनौतियां है तो उसका 130 करोड़ जबाव भी है। समावेशन के बल पर विकास को हासिल करना है।

उन्होंने कहा कि बगैर समावेशन का न तो विकास संभव है और बगैर विकास के समावेशन के लक्ष्य को भी हासिल नहीं किया जा सकता है। इसके लिए सरकार ने सबके समावेशन पर जोर दिया है। पिछले आठ वर्षाें में समावेशन के लिए जिस तरह से काम किया गया है वैसा उदाहरण दुनिया में कहीं भी नहीं मिलेगा।

देश में नौ करोड़ महिलाओं को गैस के कनेक्शन दिए गए हैं। बीते आठ वर्ष में भारत ने 10 करोड़ से अधिक शौचालय बनाकर गरीबों को दिया है जो दक्षिण कोरिया की आबादी से दोगुना है। 45 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं। गरीबों को तीन करोड़ पक्के मकान दिये गये हैं। भारत में कुछ वर्ष पहले आयुष्मान भारत योजना शुरू की गई। इसकी वजह से 50 करोड़ से अधिक गरीबों को पांच लाख रुपए तक का मुक्त उपचार मिलना सुनिश्चित हुआ है। 3.5 करोड़ लोगों ने इसका उपयोग कर उपचार कराया है।

इसमें समावेशन पर जोर दिया गया है ताकि गरीबों को भी आरोग्य के मामले में अच्छी सुविधा मिले। जो पहले अलग से अब उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। देश की एक तिहाई लोगों को अब आयुष्मान योजना के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा गया है जिससे हेल्थकेयर क्षेत्र का कायाकल्प हो गया है।

भड़काऊ वीडियों डालने वाले खादिम सलमान चिश्ती का पुलिस रिमांड 2 दिन बढाया

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के बहुचर्चित भड़काऊ वीडियो मामले के आरोपी हिस्ट्रीशीटर खादिम सलमान चिश्ती को आज अदालत ने एकबार फिर दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक आरोपी सलमान चिश्ती की दो दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दरगाह थाना पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक बार फिर दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपने के आदेश हुए।

पुलिस को आरोपी से अभी भी कई राज उगलवाने है। इसे देखते हुए पुलिस ने अदालत के समक्ष आरोपी को पेश कर रिमांड की मांग की जिस पर न्यायाधीश अजंता अग्रवाल ने दो दिन का और रिमांड मंजूर कर दिया।

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि आरोपी सलमान के मोबाइल की जांच पुलिस एवं साइबर सेल कर रही है जिसमें उसके यूट्यूब चैनल का खुलासा हुआ है जिस पर विवादित वीडियो अपलोड किया गया।

उन्होंने बताया कि इस वीडियो को बनाने अथवा जारी करने में और किन किन लोगों की भूमिका है इस पर भी पुलिस काम कर रही है। साथ ही ओरिजनल वीडियो की बरामदगी भी करना शेष है।

उल्लेखनीय है कि आरोपी सलमान चिश्ती ने अपने वीडियो में भाजपा की निष्कासित प्रवक्ता नुपूर शर्मा का गला काटकर लाने वाले को अपना घर गिफ्ट करने का ऐलान किया था।

अमरनाथ गुफा के पास बादल फटा, 12 की मौत, मोदी ने जताया शोक

श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में निचली गुफा के निकट अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार शाम को भारी बादल फटने से अब तक कम से कम एक दर्जन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

पुलिस ने हालांकि, इस घटना में अब तक केवल आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात कर यात्रियों की स्थिति और उनके लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी ली।

सूत्रों ने कहा कि बादल उस स्थान पर फटा, जहां लंगर के अलावा तीर्थयात्रियों को टेंट आवास प्रदान किया गया था। उन्होंने बताया कि अचानक आई बाढ़ में कई तंबू बह गए जिसमें एक दर्जन यात्रियों की मौत हो गई और कई अब भी लापता हैं। शुरुआत में घटनास्थल से दो शव बरामद किए गए और बाद में छह और शव निकाले गए। अन्य लापता श्रद्धालुओं की तलाश जारी है।

पुलिस महानिरीक्षक ने एक ट्वीट में कहा कि छह और मौतों की सूचना दी (अब तक कुल 8 मौतें) गई है। घायलों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया। बचाव अभियान अभी भी जारी है। सूत्रों ने हालांकि, कहा कि देर शाम घटनास्थल से चार और शव बरामद किए गए जिससे मरने वालों की संख्या 12 हो गई। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है क्योंकि अभी भी कई लोग लापता हैं। घटना में घायल कई लोगों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया।

पुलिस, सुरक्षा बलों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की बचाव टीमों ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया है। एनडीआरएफ के महानदिशेक अतुल करवाल ने यहां बताया कि शाम करीब साढे पांच बजे बादल फटने की घटना के बाद आई बाढ़ में श्रद्धालुओं के शिविर बह गये है।

करवाल ने बताया कि राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गयी हैं। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की एक टीम गुफा के पास तैनात की गई थी जो तुरंत बचाव एवं राहत कार्य में लग गई थी। टीम ने कुछ लोगों को जीवित बचाया।

एनडीआरएफ और राज्य आपदा मोचन बल तथा अन्य टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। घटना के बाद उस इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। पहाड़ों से सैलाब के साथ मलबा भी आया, जिससे यह हादसा हुआ। आईजीपी ने ट्वीट कर कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। कश्मीर घाटी के कई राजनीतिक नेताओं ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है और अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की है।

बादल फटने को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने बताया अत्यंत दुर्भाग्यजनक

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पवित्र अमरनाथ गुफा के समीप शुक्रवार शाम बादल फटने से हुई दुर्घटना को अत्यंत दुर्भाग्यजनक बताया। उन्होंने केवल पुष्ट सूचनाओं पर ही ध्यान केंद्रित करने की अपील की। शेखावत ने कहा कि न गलत खबरों पर भरोसा करें और न उन्हें प्रसारित करें।

ट्वीट कर शेखावत ने कहा कि मौके पर एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ और स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटे हैं। यह गंभीरता से संयम बनाए रखने का समय है। उन्होंने कहा कि मैं मृत्यु का शिकार हुए श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।

शिवराज ने की तीर्थ-यात्रियों की कुशलता की कामना

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पवित्र अमरनाथ गुफा में फंसे श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना की है। मुख्यमंत्री चौहान ने अमरनाथ गुफा के पास आज शाम अचानक आई बाढ़ में श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है।

अद्यतन जानकारी के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में आपदा दल राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय हैं। आईटीबीपी (इंडो तिब्बत बार्डर पुलिस) का दल भी कार्य कर रहा है। क्षेत्र में जहाँ लंगर संचालित हो रहे थे वहां सैलाब की चपेट में आने से कुछ तीर्थ-यात्रियों की असामयिक मृत्यु हो गई है।

सैकड़ों श्रद्धालु अभी फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिजन को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।