Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 737 -
होम ब्लॉग पेज 737

मानहानि मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ जमानती वारंट

मुंबई। महाराष्ट्र में मुम्बई की एक स्थानीय अदालत ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी नेता किरीट सोमैया की पत्नी प्रोफेसर मेधा सोमैया द्वारा दायर मानहानि मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है।

महानगर मजिस्ट्रेट पीएल मोकाशी ने राउत के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया और उन्हें 5000 रुपये का जमानती मुचलका भरने तथा 18 जुलाई को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया। स्थानीय अदालत ने पहले समन जारी कर उन्हें अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था और उनके हाजिर नहीं होने पर जमानती वारंट जारी किया है।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती सोमैया ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि राउत ने मीरा भायंदर नगर निगम क्षेत्र में कुछ सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और रखरखाव में 100 करोड़ रुपए के घोटाले में शामिल होने का निराधार आरोप लगाकर उनकी उनके पति की मानहानि की है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि संजयराउत ने प्रथम दृष्टया भाजपा नेता किरीट सोमैया की पत्नी मेधा सोमैया के खिलाफ मानहानि का बयान दिया है।

सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह को ‘डी कंपनी’ के नाम पर धमकी देने वाला अरेस्ट

भोपाल। भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को ‘डी कंपनी’ के नाम पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान हैदराबाद निवासी शेख नाजिर के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई और उसके खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया गया था। इसके चलते उसे दिल्ली में उस समय हिरासत में लिया गया, जब वह दिल्ली से हैदराबाद की फ्लाइट इंटरचेंज के दौरान इम्रिग्रेशन की प्रक्रिया में व्यस्त था। हिरासत में लेने के बाद पुलिस की अपराध शाखा की टीम आरोपी को यहां लाई और पूछताछ में उसने व्हाट्सएप कॉल के जरिए सांसद काे धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।

सूत्रों ने कहा कि आरोपी ने अंतरराष्ट्रीय मोबाइल फोन नंबरों का उपयोग करके हाल ही में 18 जून को स्वयं को इब्राहिम कॉस्कर ग्रुप का व्यक्ति बताया और सांसद को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल का उपयोग किया था।

आरोपी ने फोन पर सांसद से कहा था कि तीन दिनों के अंदर उनकी हत्या कर दी जाएगी। आरोपी ने इसके बाद अपना फोन भी बंद कर लिया था। इस बीच सांसद की शिकायत पर यहां टीटीगनर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण जांच के लिए साइबर क्राइम शाखा काे सौंप दिया।

सूत्रों ने कहा कि साइबर क्राइम शाखा ने तकनीकी बिंदुओं के आधार पर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई और एक टीम को हैदराबाद भी भेजा गया। इसके बाद आरोपी के बारे में पूरी जानकारी मिल गई। इसके बाद उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया। आरोपी दसवीं तक पढ़ा लिखा है और मूल रूप से प्लंबर है। मामले की गंभीरता को देखकर आरोपी के संबंध में भी और भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

उखड चुकी थी शिंजो आबे की सांसे, 6 घंटे चलीं जिंदा करने की कोशिश

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की आज यहां एक अधेड़ उम्र के पूर्व नौसैनिक ने गोली मार कर हत्या कर दी।

क्योतो के निकट नारा शहर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते समय 41 वर्षीय हमलावर ने बंदूक से आबे को नज़दीक से गोली मार दी जिससे वह नीचे गिर गए। बाद में सुरक्षा अधिकारियों को पता चला कि उन्हें गोली मारी गई है।

आबे को तत्काल निकट के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार आबे के शरीर में जीवन के लक्षण नहीं दिख रहे थे लेकिन करीब छह घंटे तक उन्हें जीवित करने की कोशिशें जारी रहीं।

देश के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा अपने सरकारी कार्यक्रम रद्द करके तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आबे के उपचार की पल-पल की जानकारी लेते रहे। उन्हें भारी मन से राष्ट्र को इस बारे में अवगत भी कराया।

जापान टाइम्स के अनुसार छह घंटे की जद्दोजहद के बाद डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए और अधिकारियों ने आबे के निधन की पुष्टि कर दी।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमला, स्थिति बेहद गंभीर

श्रीगंगानगर में युवती का शव मिला, तेजाब से चेहरा झुलसा दिया

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर थाना क्षेत्र में रत्तेवाला गांव की आबादी से लगभग एक किमी दूर मृत पशुओं को डाले जाने वाली जगह हड्डारोड़ी के पास आज एक अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

ग्राम पंचायत रत्तेवाला की सरपंच के पति द्वारा सूचना दिए जाने पर पदमपुर थाना प्रभारी रामकेश मीणा, श्रीकरणपुर के डीएसपी सुरेंद्रसिंह राठौड़ तथा रायसिंहनगर सैक्टर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीएल मीणा कुछ ही देर में घटनास्थल पर आ गए।

थाना प्रभारी रामकेश मीणा ने बताया कि 32-33 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मोटी चद्दर (रजाई) में बंधा हुआ था। उसका चेहरा किसी केमिकल संभवत तेजाब से झुलसाया हुआ है ताकि पहचान नहीं हो सके।

घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए जिला मुख्यालय से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल), संदिग्ध हत्यारों के पद चिन्ह उठाने के लिए एमओबी तथा हत्यारों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड को बुलाया गया।

इन टीमों द्वारा मौके की कारवाई के पश्चात शव को पदमपुर के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने पंजाब और हरियाणा के समीपवर्ती जिलों की पुलिस को भी यह शव मिलने की सूचना दी गई है ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके।

न्यूज़ एंकर रोहित रंजन को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने शुक्रवार को ज़ी न्यूज़ के एंकर रोहित रंजन को कथित रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक फर्जी वीडियो चलाने के मामले में राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। एंकर के खिलाफ जयपुर, रायपुर और नोएडा में प्राथमिकी दर्ज है।

न्यायमूर्ति इंदिरा बनर्जी और न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी की अध्यक्षता वाली दो न्यायाधीशों की अवकाश पीठ ने यह आदेश पारित किया है। शीर्ष अदालत ने रोहित की याचिका पर केंद्र सरकार और अन्य को नोटिस भी जारी किया है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार एक जुलाई को प्रसारित एक फर्जी खबर के संबंध में रोहित रंजन के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर कई प्राथमिकी दर्ज हैं। न्यायालय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह उनके खिलाफ कठोर कदम न उठाए और न ही उन्हें हिरासत में लें।

गौरतलब है कि रोहित रंजन ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द करने और उन्हें एक स्थान पर सुनवाई करने के लिए शीर्ष न्यायालय से अनुरोध किया था।

जल शक्ति मंत्री शेखावत से बयां किया पुष्कर सरोवर का दर्द

पुष्कर। पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के पुष्कर आगमन पर उन्हें पुष्कर सरोवर की दुर्दशा से अवगत कराया।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय मंत्री शेखावत गुरुवार को पुष्कर होकर गुजर रहे थे। इस दौरान के पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपाइयों ने उनका अभिनंदन किया।

विधायक रावत ने तीर्थनगरी पुष्कर के पवित्र सरोवर में सीवरेज एवं बरसात के गंदे पानी को जाने से रोकथाम एवं गंदे पानी के ट्रीटमेंट प्लांट से पानी रिसाईकल कर वन भूमि को हरियाली से आच्छादित करने के उपयोग में लेने की जरूरत बताते हुए विस्तृत डीपीआर बनाकर कार्य करवाने का पत्र केंद्रीय मंत्री शेखावत को सौंपा।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जल्दी ही भारत सरकार से डीपीआर बनवा कर कार्रवाई करवाने का विधायक रावत को भरोसा दिलाया। विधायक रावत ने पत्र में लिखा कि तीर्थनगरी पुष्कर की धार्मिक एवं पौराणिक आस्था व महत्व को बनाए रखने के लिए सरोवर में सीवरेज व बरसाती पानी के साथ गंदगी जाने से बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। पुष्कर सरोवर का जल दूषित होने से श्रद्धालुओं की आस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता हैं।

पुष्कर अण्डानुमा भौगोलिक संरचना लिए हुए है, जिससे पानी के बहाव का ढाल सीधे पवित्र सरोवर की ओर ही पड़ता हैं। बारिश से एकत्रित होने वाला पानी नदी, नालों एवं सीवरेज को ओवरफ्लो करता हुआ सीधा पवित्र सरोवर में समाहित होता है। सीवरेज लाइन अत्यंत पुरानी एवं अत्यंत छोटी होने से आए दिन टूटती रहती हैं। इनके ओवरफ्लो होने से गंदा पानी पवित्र सरोवर को दूषित करता हैं।

पवित्र सरोवर की स्वच्छता एवं पवित्रता को बनाए रखने के लिए सरोवर में सीवरेज एवं बरसात के गंदे पानी को रोकने की नितांत आवश्यकता है। गंदे पानी का ट्रीटमेन्ट प्लांट लगाकर रिसाइकल पानी से वन क्षेत्र को हरियाली आच्छादित करने के लिए नवीन कार्ययोजना की डीपीआर बनाकर अतिशीघ्र बजट स्वीकृत कराने की कृपा करावें।

विधायक रावत के साथ नगर पालिका चेयरमैन कमल पाठक, वाइस चेयरमैन शिव स्वरूप महर्षि, प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

उत्तराखंड के रामनगर में पर्यटकों की कार नदी में बही, 9 की मौत

नैनीताल। उत्तराखंड के रामनगर में शुक्रवार को पर्यटकों की एक कार के नदी में बह जाने से नौ लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार आज तड़के सुबह पंजाब से आए पर्यटकों की कार कार्बेट पार्क से सटे ढेला बरसाती नाले में बह गई। पानी का बहाव अधिक होने के चलते कार काफी दूर तक बह गई, जिससे कार में सवार नौ लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को रामनगर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने बताया कि नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में चार पटियाला के हैं जबकि दो रामनगर के हैं तथा बाकी की अभी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही रामनगर और ढेला चैकीक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचावकार्य शुरू किया गया।

भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 मुकाबले 50 रनों से दी मात

साउथैम्पटन। हार्दिक पांड्या (51 रन, चार विकेट) के ऑल राउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 मुकाबले में 50 रन से मात दी।

भारत ने गुरुवार को साउथैम्पटन में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 199 रन का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में इंग्लैंड सिर्फ 148 रन पर ही ऑल आउट हो गई।

199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने अपने शुरुआती चार विकेट सिर्फ 33 रन पर ही गंवा दिये। सलामी बल्लेबाज जॉस बटलर को भुवनेश्वर कुमार ने पहली ही बॉल पर बोल्ड किया, जिसके कुछ देर बाद ही पांड्या ने डेविड मलान (21) और लायम लिविंग्सटोन (0) को पवेलियन लौटाया।

हार्दिक ने जेसन रॉय का भी विकेट लिया जो 16 गेंदें खेलकर सिर्फ चार रन बना पाए। इसके बाद हैरी ब्रुक और मोईन अली ने इंग्लैंड को मैच में वापस लाने के प्रयास में पांचवें विकेट के लिए 61 रन जोड़े। युज़वेंद्र चहल की गेंद पर आउट होने से पहले ब्रुक ने 23 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की बदौलत 28 रन बनाए, जबकि मोईन ने 20 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन की पारी खेली।

इसके अलावा क्रिस जॉर्डन ने 26(17) रन की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। इनके अलावा कोई बल्लेबाज महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सका और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते हुए इंग्लैंड 148 रन पर ऑल आउट हो गई।

भारत के लिये पांड्या ने 33 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि टी20 में अपना पदार्पण कर रहे अर्शदीप सिंह (18/2) और चहल (32/2) को भी दो-दो विकेट प्राप्त हुए।

इससे पहले, आलराउंडर हार्दिक पांड्या (51) के शानदार अर्धशतक और सूर्यकुमार यादव (39), दीपक हुड्डा (33) तथा कप्तान रोहित शर्मा (24) की तेज तर्रार पारियों से भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 198 रन का मजबूत स्कोर बना लिया।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पॉवरप्ले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 66 रन ठोक डाले। कोरोना से उबरने के बाद टीम में लौटे कप्तान रोहित शर्मा ने 14 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाए। ईशान किशन आठ रन बनाकर आउट हुए। दोनों बल्लेबाजों को ऑफ स्पिनर मोईन अली ने आउट किया।

दीपक हुड्डा 17 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए जबकि सूर्य ने 19 गेंदों पर 39 रन में चार चौके और दो छक्के लगाए। भारतीय पारी को संभालने का काम हार्दिक ने किया जिन्होंने 33 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए।

अक्षर पटेल ने 12 गेंदों में 17 रन और दिनेश कार्तिक ने सात गेंदों में नौ रन बनाये। भारत अंतिम ओवरों में थोड़ा धीमा रहा और आखिरी तीन ओवरों में 20 रन ही बटोर सका। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली और क्रिस जॉर्डन ने दो-दो विकेट लिए।

भारत ने लगातार विकेट गिरते रहने के बावज़ूद तेज़ शुरूआत की थी और लगातार रनों की गति को बनाए रखा था। बीच में दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने कमाल की पारियां खेलीं और एक समय लगा था कि भारत 200 से ऊपर का बड़ा स्कोर खड़ा करेगा। लेकिन अंतिम पांच ओवरों में इंग्लिश गेंदबाज़ों ने कमाल की वापसी की और सिर्फ़ 41 रन देते हुए भारत के चार प्रमुख विकेट लिए और भारत को 200 के भीतर ही बांध दिया। हार्दिक पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमला, स्थिति बेहद गंभीर

नारा। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को शुक्रवार को एक चुनावी अभियान के दौरान एक पूर्व नौसैनिक ने गोली मार दी। देश के लोकप्रिय नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार गोली लगने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री को दिल का दौरा भी पड़ा। जिस समय उन्हें अस्पताल ले जाया गया उस समय उनके शरीर में कोई हरकत नहीं देखी गई। अस्पताल में चिकित्सक उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं।

हमले से स्तब्ध जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि शिंजो को बचाने की पूरी कोशिश जारी है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस वक्त मैं प्रार्थना कर रहा हूं कि उनकी जान बच जाए। डॉक्टर अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। यह जापान के लोकतंत्र पर हमला है। हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने कहा कि हमलावर तेत्सुया यामागामी (41) स्वीकार किया कि उसने आबे को मारने की कोशिश की क्योंकि वह उससे ‘असंतुष्ट’ था। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या करने के इरादे से आया था।

जापानी मीडिया एनएचकेवर्ल्ड ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री की हालत के बारे में अभी और कोई जानकारी सामने नहीं आई है। आपातकालीन अधिकारियों का कहना है कि उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

आबे पर हमला उस समय हुआ जब वह लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव अभियान के दौरान नारा शहर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि उन्हें स्थानीय समयानुसार साढ़े ग्यारह बजे दो गोलियां लगी।

आबे ने रविवार को होने वाले उच्च सदन चुनाव के लिए एक उम्मीदवार का समर्थन करते हुए शहर में चुनाव प्रचार के दौरान भाषण दे रहे थे। इस दौरान पीछे से गोलियां चली और माइक पर बोलते-बोलते पूर्व प्रधानमंत्री अचानक गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए। आबे को पहले शहर के एक अस्पताल में ले जाया गया और फिर मेडवेक द्वारा काशीहारा शहर के नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

सबगुरु राशिफल : 8 जुलाई शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास,शुक्ल पक्ष, नवमी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 06.25 दशमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज कोर्ट-कचहरी का काम अनुकूल रहेगा। आज लाभ का अवसर हाथ आएगा। आज कारोबार में वृद्धि होगी। आज शेयर मार्केट शुभ रहेगा। आज परिवार में प्रसन्नता बनी रहेगी।

वृष राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज विद्यार्थी वर्ग सफलता अर्जित करेगा। आज व्यापार-व्यवसाय अच्छा चलेगा। आज निवेश लाभदायक रहेगा। आज धन प्राप्ति अच्छी होगी। आज आय में वृद्धि होगी। आज प्रसन्नता रहेगी।

मिथुन राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज नौकरी में प्रमोशन मिलेगा। आज कारोबार से लाभ मिलेगा। आज आपको मित्रों का सहयोग करने का अवसर मिलेगा। आज सामाजिक प्रतिष्ठा बढेगी। आज मान-सम्मान मिलेगा।

कर्क राशि स्वामी चंदमा रत्न मोती

आज व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। आज बकाया वसूली का प्रयास सफल रहेगा। आज कारोबार अच्छा चलेगा। आज नौकरी में चैन रहेगा। आज पार्टनरों का सहयोग मिलेगा।

सिंह राशि स्वामी सूर्य रत्न माणकीय

आज नई योजना बनेगी। आज कार्यप्रणाली में सुधार होगा। आज व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। आज नौकरी में उच्चाधिकारी का सहयोग मिलेगा। आज परिवार में सुख-शांति रहेगी।

कन्या राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज किसी विशेष से कहासुनी होगी। आज स्वाभिमान को ठेस लगेगी। आज अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। आज कर्ज लेना पड़ेगा। आज चिंता व तनाव रहेगा। आज समय नेष्ट रहेगा।

तुला राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज परिवार में मांगलिक कार्य होगा। आज स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। आज यात्रा शुभ रहेगी। आज कारोबार अच्छा चलेगा। आज धन प्राप्ति होगी। आज लेन देन में सावधानी रखें।

वृश्चिक राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज रोजगार प्राप्ति का प्रयास सफल रहेगा। आज परीक्षा व साक्षात्कार में सफलता मिलेगी। आज भूमि-भवन संबंधी बाधा दूर होगी। आज सुख का साधन मिलेगा। आज मन प्रसन्न रहेगा।

धनु राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। आज भेंट व उपहार मिलेगा। आज किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन मिलेगा। आज व्यापार-व्यवसाय से लाभ मिलेगा। आज नौकरी में प्रभाव बड़ेगा।

मकर राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज कार्यसिद्धि होगी। आज कारोबार अनुकूल रहेगा। आज शेयर मार्केट लाभदायक रहेगा। आज प्रयास सफल रहेगा। आज धन की प्राप्ति के योग है। आज पारिवारिक सहयोग मिलेगा।

कुंभ राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज मेहमानों का आगमन होगा। आज शुभ समाचार मिलेगा। आज उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। आज आत्मसम्मान रहेगा। आज जोखिम उठाने का साहस करेगा। आज यश बड़ेगा।

मीन राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज किसी समस्या से मुक्ति मिलेगी। आज बेरोजगारी दूर करने का प्रयास सफल रहेगा। आज रोजगार मिलेगा। आज शेयर मार्केट से लाभ मिलेगा। आज जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा।

जीवन दर्पण ज्योतिष सुरेश कुमार आसवानी
संपर्कसूत्र : 9413761512 / 9610160966