Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 738 -
होम ब्लॉग पेज 738

आईडिया ऑफ इंडिया-12: सँघर्ष नहीं करना पड़े इसका संघर्ष कर रही है माउंट आबू की सँघर्ष समिति

अनुमति होने के बावजूद माउंट आबू उपखण्ड अधिकारी द्वारा निर्माण सामग्री जारी नहीं करने के कारण गिरी सीलिंग का प्लास्टर।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। बारिश शुरू हो गई है। माउंट आबू के हर घर में एक ही समस्या सामने आ रही है। वो है घर के किसी ना किसी कोने से पानी टपकना। किराएदार नया ठिकाना ढूंढने में लगे हैं, लेकिन मकान मालिकों के क्या जो घर को छोड़कर जा नहीं सकते।
माउंट आबू के लोगों को हक दिलवाने के लिए संघर्ष समिति बनाई गई थी। भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार में वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री रहते हुए माउंट आबू अपने हक के लिए ऑक्टोबर 2018 में तीन दिन बन्द रहा था। इसके कारण उसे आठ साल बाद जोनल मास्टर प्लान मिल गया। तब माउंट आबू में बोर्ड भी भाजपा का था और संघर्ष समिति की कमान भी वर्तमान भाजपा नेताओं के पास थी। अब नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड है और संघर्ष समिति में फिर से उन्हीं भाजपा नेताओं का दबदबा है जिनका ऑक्टोबर 2018 में था।

लेकिन, कथित रूप से माउंट आबू के आम आदमी की भवन निर्माण की समस्या के निराकरण के लिए बनाई सँघर्ष समिति का दो तीन कागज पकड़ाने की औपचारिकता के अलावा कांग्रेस सरकार और कांग्रेस बोर्ड में चुप्पी साधना ये बता रहा है कि शायद सँघर्ष समिति का उद्देश्य आम माउंट वासी के हितों को आम की तरह चूसकर उनकी समस्याओं को गुठली की तरह फेंकने से ज्यादा कुछ नहीं रहा है।
वरना राजस्थान और अन्य प्रदेशों में ऐसे कई उदाहरण हैं जिनमें सँघर्ष समितियों के संघर्ष ने लोगों के जीवन और जीविका के मूल अधिकारों का न्यायालय की आड़ में हनन करने वाले अधिकारियों से सुप्रीम कोर्ट से न सिर्फ लोगों को राहत दिलवाई, बल्कि ऐसे अधिकारियों पर जुर्माना भी लगवाया। ऐसा हुआ क्योंकि उनके अन्याय के खिलाफ वहाँ के लोगों के लिए बनी सँघर्ष समितियों ने सँघर्ष किया।
-उदयपुर के लोगों से ही सीख सकते थे

न्यायालयों के निर्देशों की गलत व्याख्या करके आम आदमी को परेशान करने वाले अधिकारियों से राहत देने का सबसे निकटतम उदाहरण है राजस्थान का उदयपुर। यहां पर्यावरण सुरक्षा की आड़ में न्यायालयों के आदेशों को गलत तरीके से व्याख्या करके प्राकृतिक स्रोतों  के किनारे बरसों से बसे हुए लोगों के व्यावसायिक और रिहायशी कामो को अधिकारियों ने अटकाया। तमाम कानूनी लड़ाइयां लड़ने के बाद वहां के लोग उच्चतम न्यायालय पहुंचे। वहां से न सिर्फ सालों से बसे स्थानीय मूल निवासियों को राहत मिली बल्कि लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन करने वाले अधिकारियों पर आर्थिक दंड भी लगाया।
– भीमताल और नैनीताल को भी मिली राहत
भीमताल और नैनीताल में भी वहां के अधिकारियों ने पर्यावरण सुरक्षा के नाम पर माउंट आबू की तरह ही स्थानीय लोगों को शोषित करना शुरू कर दिया था। माउंट आबू की तरह ही वहां भी निर्माण गतिविधियों को नियंत्रित करने को कहा गया था। लेकिन, वहां के अधिकारियों ने भी मेहनत से बचने के लिये  माउंट आबू उपखण्ड अधिकारियों की तरह रेगुलेशन की जगह रेस्ट्रिक्शन लागू कर दिया।
वहां के स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने रीगन गुप्ता के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई। भीमताल निवासी रीगन गुप्ता ने सबगुरु न्यूज को बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने वहां के स्थानीय निवासियों को राहत दी और अब वहां भी नियमानुसार पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए रेगुलेशन लागू करते हुए स्थानीय निवासियों को राहत दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि हमने न्यायालय के समक्ष स्थानीय लोगों के जीवन, रहवास और व्यवसाय के मौलिक अधिकारों को प्रभावित करने के तथ्य रखे। अवैध निर्माण के लिए अधिकारियों द्वारा मोनिटरिंग करने की दलील दी न कि पाबन्दी लगाकर स्थानीय लोगों के हक छीनने की।

-इन जगहों की माउंट से समानता और अंतर
माउंट आबू में भी ईको सेंसेटिव ज़ोन है। अन्य जगहों की तरह यहां भी एनवायरमेंट एक्ट की तहत केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने ईको सेंसेटिव ज़ोन में भवन निर्माण की गतिविधियों को नियंत्रित करने को कहा है,लेकिन उपखण्ड अधिकारी और नगर पालिका ने एकाधिकार नहीं टूटे इस कारण इनको रेगुलेशन की जगह रेस्ट्रिक्शन लगा रखा है। लेकिन वहां की सँघर्ष समितियां न्यायालय में गईं और पर्यावरण कानून के दायरे में मिले हक ले आये।
इसके विपरीत माउंट आबू की सँघर्ष समिति 2018 के बाद एक सफल निर्णय नहीं ला पाई। सिर्फ बिल्डिंग बाय लॉज़ के सीमांकन का काम दो साल तक अटका रहाओ सिरोही विधायक संयम लोढ़ा के प्रयास से बनकर आया। अब <span;> इस संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की कर्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है कि आखिर 2018 के बाद माउंट आबू को ईको सेंसेटिव जोन के तहत केंद्रीय एवं राज्य पर्यावरण विभाग और राज्य सरकार से मिली नियन्त्रित राहत दिलवाने के लिए इस समिति ने कागज पकड़ा कर फ़ोटो खिंचवाने में अलावा किया क्या?
जिस जगह पर पाबंदी लगी है और जोनल मास्टर प्लान में रेसिडेंशियल इलाका है अधिकारी उस लिमबड़ी कोठी को अनियंत्रित निर्माण सामग्री जारी कर रहे हैं और जोनल मास्टर प्लान व बिल्डिंग बायलॉज़ में जिन लोंगो को माउंट आबू में राहत देने के लिए नियंत्रण के प्रावधान किए गए हैं उन पर मामूली मरम्मत का अधिकार होने का बहाना बनाते हुए तमाम पाबंदी लगा दी हैं।
नैनीताल, भीमताल और उदयपुर के विपरीत माउंट आबू में तो ईको सेंसेटिव जोन के प्रावधानों के अनुसार सबकुछ हो चुका है। सिर्फ भवन निर्माण समिति की बैठक आयोजित करवाकर 34 साल से लगी पाबन्दी से परेशान लोगों को राहत देने की जरूरत है लेकिन, दिन भर नगर पालिका में डेरा डाले मिल जाने वाले सँघर्ष समिति के सदस्यों की उपलब्धि नगण्य है।

हम केवल डिग्री धारक युवा तैयार न करें : मोदी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मूल उद्देश्यों का जिक्र करते हुए कहा है कि इस नीति का पहला मूलमंत्र युवाओं को संकुचित सोच से निकालकर, उन्हें तकनीकी और उन्नत सोच की ओर ले जाना है। जिससे सिर्फ डिग्री धारक युवाओं की फौज खड़ी करने से देश को बचाया जा सके।

मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर अखिल भारतीय शिक्षा समागम को संबोधित करते हुए कहा कि आज़ादी के पहले शिक्षा का मकसद शिक्षित लोग नहीं बल्कि सेवक वर्ग तैयार करना था। वो अंग्रेज़ों की शिक्षा पद्धति थी, लेकिन अब ऐसी शिक्षा पद्धति की जरूरत है जो केवल युवाओं को डिग्रीधारक न बनाए बल्कि उनमें नेतृत्व की क्षमता भी पैदा करे।

वाराणसी में हो रहे शिक्षा समागम के महत्व का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये शिक्षा समागम उस पवित्र धरती पर हो रहा है, जिस धरती पर आज़ादी से पहले एक शिक्षा का केंद्र स्थापित हुआ था। देश में आज़ादी का अमृत काल चल रहा है, विद्या ही अमरत्व का मार्ग है, काशी को मोक्ष का स्थान माना गया है और विद्या का बोध केंद्र यहीं स्थापित हुआ।

उन्होंने कहा कि बनारस शिक्षा और ज्ञान का केंद्र था, क्योंकि यहां की शिक्षा और ज्ञान बहुआयामी थी। मोदी ने कहा कि नये भारत के निर्माण के लिए आधुनिक व्यवस्थाओं का समावेश होना जरूरी है। देश को आगे बढ़ने के लिए जितने भी मानव संसाधनों की जरूरत हो, वे सभी शिक्षा व्यवस्था को देश के लिए मिलने का संकल्प लेना चाहिए। इस संकल्प का नेतृत्व शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों को करना है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने दोपहर बाद वाराणसी पहुंचने पर स्थानीय एलटी कॉलेज में अक्षय पात्र मध्यान्ह भोजन रसोई का उद्घाटन किया। इस रसोई में लगभग एक लाख बच्चों के भोजन की आपूर्ति करने की क्षमता है। इससे पहले वाराणसी पहुंचने पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाईअड्डे पर उनकी अगवानी की।

अखिल भारतीय शिक्षा समागम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने ज्ञान के सभी द्वार खोले हैं। इसके लिए देश भर के शिक्षाविदों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि काशी सांस्कृतिक शिक्षा की प्राचीन राजधानी रही है। महामना ने यहीं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। इस शिक्षा समागम में मंथन से जरूर कोई नया मार्ग निकलेगा।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति को स्नातक स्तर पर लागू कर चुका है। इसी क्रम में राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में भी इस नीति को आगे बढ़ाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को नवाचार के माध्यम से जोड़ने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि छात्र छात्राओं को शासन की योजनाओं की भी जानकारी देना आवश्यक होता है। जब छात्र शिक्षा पूरी करके निकले तो उसके सामने भविष्य की पूरी जानकारी हो तभी शिक्षा प्रणाली उसके लिए लाभदायक साबित होगी।

एक्ट्रेस कृ़ति सैनन ने एक्सरसाइज वीडियो शेयर किया

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन ने सोशल मीडिया पर अपना एक्सरसाइज वीडियो शेयर किया है।

कृति सैनन बेहतरीन अभिनेत्री होने के साथ-साथ काफी फिट भी हैं और अपनी फिटनेस का ध्यान रखने के लिए वह अक्सर जिम जाती हैं। कृति का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं।

कृति सैनन ने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है, इस वीडियो में वह बैक को स्ट्रेच करती नजर आ रही हैं। कृति सैनन की आने वाली फिल्मों में आदिपुरुष, गणपत, शहजादा और भेड़िया शामिल है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री पद से देंगे इस्तीफा

लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कैबिनेट से मंत्रियों के इस्तीफा देने के क्रम जारी है और अब गुरुवार को खुद प्रधानमंत्री इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।

स्काई न्यूज ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा कि प्रधानमंत्री जॉनसन ने टोरी 1922 कमेटी के अध्यक्ष ग्राहम ब्रैडी से इस विषय पर चर्चा की है और वह प्रधानमंत्री के पद को छोड़ने के लिए सहमत हुए हैं। अब आने वाले समय में अक्टूबर में समिति द्वारा उनकी जगह पर किसी और नेता की नियुक्ति की जा सकती है।

इससे पहले गुरुवार को मंत्रिमंडल से तीन अन्य मंत्रियों ने इस्तीफा दिया था। यहां सरकार के खिलाफ अविश्वास इस कदर बढ़ गया है कि उच्च शिक्षा मंत्री बनने के 36 घंटे के बाद ही मिशेल डोेेनेलन ने भी इस्तीफा दे दिया।

देश के वित्त मंत्री नदीम जहावी ने जॉनसन से कहा कि पद छोड़ देना ही उनके लिए भलाई है। जबकि रक्षा मंत्री बेन वॉलेस ने भी अपना समर्थन वापस ले लिया। उल्लेखनीय है कि मंगलवार शाम से अब तक 50 से अधिक मंत्रियों ने बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाली सरकार से इस्तीफा दे दिया है, जिसमें पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सनक और पाकिस्तानी मूल के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद भी शामिल हैं।

स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक ऋषि सनक और साजिद जाविद के इस्तीफे के बाद कैबिनेट से मंत्रियों का इस्तीफा देने का सिलसिला तेजी से बढ़ने लगा है। उन्होंने सांसद क्रिस पिंचर के प्रमोशन के विरोध में यह कदम उठाया है, जो नशे में यौन दुराचार और लोगों से दुर्व्यवहार करने के आरोपों का सामना कर रहे हैं।

एलन मस्क को कंपनी की टॉप एग्जिक्यूटिव से दो जुड़वा बच्चे, कोर्ट दस्तावेज में खुलासा

वाशिंगटन। दुनिया के सबसे अमीर शख्सियतों में शुमार टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को उनकी न्यूरोटेक्नोलॉजी कंपनी न्यूरालिंक की टॉप एग्जिक्यूटिव शिवोन जिलिस से पिछले साल नवंबर में दो जुड़वा बच्चे हुए थे। कोर्ट के दस्तावेजों में इसका जिक्र किया गया है।

द बिजनेस इंसाइडर ने इन दस्तावेजों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा है कि एलन और जिलिस ने अप्रैल में एक याचिका दायर की थी जिसमें यह मांग की गई थी कि बच्चों के नाम के आखिर में पिता का नाम और बीच में मां का नाम जोड़ा जाए। गत मई में उनकी यह याचिका मंजूरी कर ली गई। एलन ने इस खुलासे पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

बताया गया है कि जुड़वा बच्चों के पैदा होने से पहले ही मस्क और म्यूजीशियन क्लेयर बाउचर ने दिसंबर में सेरोगेसी के माध्यम से अपने दूसरे बच्चे का दुनिया में स्वागत किया था।

संविधान विरोधी टिप्पणी को लेकर साजी चेरियन के खिलाफ FIR दर्ज

पठानमथिट्टा। केरल की कीझवईपुर पुलिस ने संविधान विरोधी टिप्पणी को लेकर पूर्व मंत्री साजी चेरियन के खिलाफ गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की।

इससे पहले बुधवार को सांस्कृतिक एवं मत्स्य पालन विभाग के मंत्री चेरियन ने संविधान के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर विपक्ष और विभिन्न हलकों के बढ़ते दबाव के बीच अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के सदस्यों ने केरल विधानसभा में चेरियन के इस्तीफे की मांग की थी। कीझवईपुर पुलिस ने गुरुवार को पूर्व मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

तिरुवल्ला की प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट की अदालत ने कीझवईपुर पुलिस थाना के प्रभारी को विवादास्पद टिप्पणी को लेकर चेरियन के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। कोच्चि के रहने वाले अधिवक्ता बैजू नोयल ने एक याचिका दायर करके कोरियन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अदालत से आग्रह किया था।

तिरुवल्ला के पुलिस उपाध्यक्ष अलाप्पुझा जिले के चेंगन्नूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चेरियन के खिलाफ इस मामले की जांच करेंगे। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता ने दक्षिणी जिले के मल्लापल्ली में हाल ही में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में संविधान के खिलाफ विवादित बयान दिया था।

महेंद्र सिंह धोनी ने मनाया अपना 41वां जन्मदिन

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने गुरुवार को अपना 41वां जन्मदिन मनाया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने कैप्टन कूल के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उस शख्स को जन्मदिन की बधाई, जिसकी खेल की समझ और चुनौतियों से निपटने के तरीके बेजोड़ हैं। आपके आत्मविश्वास और सामने से नेतृत्व करने के रवैये ने हमें विश्वास दिलाया कि टीम इंडिया कोई भी मैच जीत सकती है। आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों की कामना करता हूं।

धोनी के साथी और प्रिय मित्र सुरेश रैना ने धोनी के साथ पुरानी तस्वीरों के साथ एक वीडियो कोलाज साझा करके कैप्शन लिखा कि मेरे बड़े भाई को जन्मदिन की शुभकामनाएं। जीवन के हर चरण में मेरे सबसे बड़े समर्थक और संरक्षक होने के लिए धन्यवाद, भगवान आपको और आपके परिवार को हमेशा स्वस्थ रखे। आपको ढेर सारा प्यार माही भाई। आने वाले वर्ष के लिए शुभकामनाएं!

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्वीट किया कि आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मेरी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं। आने वाला साल सबसे शानदार हो। भारत के टेस्ट क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि जन्मदिन मुबारक हो धोनी। आपको आने वाले वर्ष के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं! हमेशा चमकते रहो।

मोहम्मद कैफ ने बतौर कप्तान धोनी की विरासत को याद करते हुए कहा कि दादा (सौरव गांगुली) ने हम युवाओं को सिखाया कि कैसे जीतना है और धोनी ने इसे अपनी आदत बना लिया। अलग-अलग युगों के दो महान नेताओं का जन्म एक दिन के अंतराल में हुआ। भारतीय क्रिकेट को आकार देने वाले लोगों को जन्मदिन की शुभकामनाएं।

वीरेंद्र सहवाग ने अपने अंदाज में जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट किया कि जब तक फुल स्टॉप नहीं आता, एक वाक्य पूरा नहीं होता। जब तक धोनी क्रीज पर हैं, मैच पूरा नहीं हुआ होता। सभी टीमों के पास धोनी जैसा व्यक्ति नहीं है। रत्न समान व्यक्ति और खिलाड़ी को जनम्दिन की शुभकामनाएं। ओम हेलीकाप्टर नमः।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान ‘थाला धोनी’ को बधाई देते हुए कहा कि आपकी अद्वितीय उपलब्धियों ने ग्रामीण पृष्ठभूमि के लाखों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की आशा दी है। आपको हमारे अपने चेन्नई में फिर से खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार है।

एमएस धोनी ने डेढ़ दशक के एकदिवसीय करियर में भारत के क्रिकेट प्रेमियों को असंख्य यादें दी हैं। उन्होंने 350 एकदिवसीय मैच खेले और अपने करियर में 50.58 की औसत से 10773 रन बनाए।

उन्होंने भारत को 2011 विश्व कप खिताब और साथ ही 2013 चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जिताया, जो भारत की अब तक की दो सबसे बड़ी जीतों में गिना जाता है।

उन्होंने अपने 90 मैच के टेस्ट करियर में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए, जिसके बाद उन्होंने खेल के सबसे लंबे प्रारूप से संन्यास लेने का फैसला किया।

2019 विश्व कप सेमीफाइनल में भारत की हार के बाद, धोनी को फिर कभी भारत की जर्सी में नहीं देखा गया; हालांकि वह आईपीएल में चेन्नई का नेतृत्व करते रहे। उन्होंने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। 2004 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले धोनी ने भारत के लिए बतौर कप्तान सभी आईसीसी ट्रॉफियां जीती हैं।

नूपुर शर्मा को धमकी देने वाले खादिम सलमान चिश्ती का मोबाइल बरामद

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की दरगाह थाना पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार खादिम सलमान चिश्ती का पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने विवादित एवं भड़काऊ बोल की तह तक जाने के लिए मोबाइल जब्त किया है। इसी मोबाइल में नूपुर शर्मा का सिर काटने वाले को अपना घर गिफ्ट में देने की बात आरोपी सलमान चिश्ती ने कही थी।

पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ में जुटी है। इसी के तहत मोबाइल बरामद किया जा सका है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भड़काऊ वीडियो के और कौन कौन लोग सहभागी है और सलमान इस दौरान किनके सम्पर्क में रहा। उल्लेखनीय है कि सलमान चिश्ती दो दिन के पुलिस रिमांड पर है।

खादिम के बिगडे बोल, जो भी नुपुर शर्मा की गर्दन लाएगा, मैं उसे अपना घर दे दूंगा

हिस्ट्रीशीटर से हमदर्दी दिखाना पडा भारी, निपट गए डीएसपी संदीप सारस्वत

अजमेर। नूपुर शर्मा को मारने का ऐलान करने वाले दरगाह थाने के हिस्ट्रीशीटर सलमान चिश्ती को गिरफ्तार कर लाते समय हमदर्दी दिखाना अजमेर पुलिस के दरगाह डीएसपी संदीप सारस्वत को भारी पड़ गया।

पुलिस महानिदेशक के आदेश पर दरगाह सर्किल पुलिस अधिकारी सारस्वत को एपीओ कर जयपुर पुलिस मुख्यालय लगा दिया गया। यह कार्रवाई वीडियो सामने आने के बाद देर रात की गई। सोशल मीडिया पर हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी के वक्त का वीडियो वायरल होने को पुलिस के आला अधिकारियों ने गम्भीरता से लिया। प्रकरण की जांच विजिलेंस शाखा को सौंपी गई है।

इस दौरान पुलिस टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी की आवाज आ रही है कि ऐसा कौनसा नशा कर रखा था, वीडियो बनाते समय। वहीं, सलमान चिश्ती के पीछे चल रहे डिप्टी संदीप सारस्वत ने कंधे पर हाथ रखकर बोला कि- ऐसे बोलना कि नशे में था। ताकि बच जाए।

इस सम्बन्ध में पुलिस ने भी अपनी सफाई दी। पुलिस उपअधीक्षक संदीप सारस्वत ने कहा कि आरोपी नशे का आदी है। जब पकड़ा तो जोर जोर से रोने लगा। मरने की धमकी देने लगा। ऐसे में उसे समझा बुझाकर लाना पुलिस की जिम्मेदारी थी। थाने तक लाने के लिए उसे दिलासा देने के लिए ऐसा बोला गया।

कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने आज बताया कि प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध पुख्ता साक्ष्य जुटाकर अभियोजन की सशक्त कार्यवाही की जाएगी। वायरल हुए वीडियो के बारे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर विकास सांगवान ने बताया कि आरोपी नशा करने का आदी है।

आरोपी पहले भी गिरफ्तारी के समय खुद को नुकसान पंहुचाने का प्रयास कर चुका है। इसके मद्देनजर उसको समझा-बुझाकर कस्टडी में लिया जा रहा था ताकि मौके पर परिस्थिति बिगड़ ना जाए। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

खादिम के बिगडे बोल, जो भी नुपुर शर्मा की गर्दन लाएगा, मैं उसे अपना घर दे दूंगा

सबगुरु राशिफल : 7 जुलाई गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष, अष्टमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 07.28 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ। आज आपका दिन कैसा रहेगा जानने के लिए पढें राशिफल।

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन आपकी कल्पना को साकार रूप देने में सहायक रहेगा। प्रातः काल मन में किसी कार्य को लेकर दुविधा रहेगी परन्तु धीरे-धीरे स्थिति स्पष्ट होने लगेगी एक बार सफलता मिलने पर हर काम को आत्मविश्वास से पूर्ण कर लेंगे। कार्य क्षेत्र पर आज प्रतिस्पर्धा कम ही रहेगी लेकिन इसका आपके व्यवसाय पर ज्यादा प्रभाव नही पड़ेगा। नौकरी करने वालो से सहयोगी आज अपना काम निकालने के लिए मीठा व्यवहार करेंगे। विदेश संबंधित वस्तुओं के व्यवसाय में आज हानि हो सकती है। इसमें निवेश से बचें। परिजनों का व्यवहार अपेक्षित रहेगा महिलाएं थोड़ी चंचल रहेंगी। सेहत भी सामान्य बनी रहेगी। संतान से सुख मिलेगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज आपका दिन व्यस्तता से भरा रहेगा। दिन का आरंभिक भाग सुस्ती भरा रहेगा इसके बाद कार्यो के प्रति गंभीर हो जाएंगे। कार्य व्यवसाय के साथ ही अधूरे घरेलू कार्य भी करने पड़ेंगे। आज आप अपने कार्य में किसी का दखल देना पसंद नहीं करेंगे ना ही आज परेशान करने वालो को माफ करेंगे। व्यवसाय की स्थिति मध्यान तक धीमी रहेगी इसके बाद बिक्री बढ़ने से धन की आमद होने लगेगी जो रुक रुक कर अंत तक होती रहेगी। सरकारी कार्य अधिकारियों के नरम रवैये से पूर्ण कर लेंगे परन्तु इसमे खर्च ज्यादा होगा। पैतृक संबंधित कार्य भी आज करना बेहतर रहेगा विघ्न-विरोध कम आएंगे। सेहत को लेकर आज निश्चिन्त रहेंगे।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज के दिन आपके अंदर अहम की भावना रहेगी, इस कारण कार्य क्षेत्र अथवा घर में टकराव की स्थिति बनेगी। कार्य क्षेत्र पर अपनी मनमानी करेंगे जिससे साथ काम करने वालो को असुविधा होगी। प्रत्येक क्षेत्र में अपने को बड़ा दिखाने की मानसिकता के कारण व्यवहारिक सम्बंधो में दूरी आएगी। व्यवसायी वर्ग बड़ी-बड़ी योजना बनाएंगे लेकिन किसी ना किसी अभाव के कारण अमल में नही ला सकेंगे। नौकरी करने वालो को ज्यादा दौड़-धूप करनी पड़ेगी अधिकांश कार्य आपके ऊपर जबरदस्ती थोपे जाएंगे जिन्हें उत्साहहीनता के साथ करना पड़ेगा। आज धन लाभ पाना चाहते है तो व्यवहार में नरमी रखे। पारिवार के बुजुर्ग किसी बात को लेकर नाराज रहेंगे।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज के दिन आपकी आलसी प्रवृति प्रत्येक कार्य की गति मंद रखेगी। घर अथवा कार्य क्षेत्र पर इस वजह से फटकार भी लग सकती है। कार्य व्यवसाय में दिन भर की मेहनत का फल संध्या के आस-पास मिलेगा धन लाभ तो होगा लेकिन आशाजनक नहीं होने से निराश होंगे। आज आपका मनोरंजन करने के लिए कोई ना कोई उपस्थित रहेगा जिससे अन्य परेशानियां महसूस नहीं होंगी। आपकी पीठ पीछे बुराई करने वालो कि संख्या में वृद्धि होगी फिर भी आज आप इन सबसे बेपरवाह होकर मनमौजी जीवन जीना पसंद करेंगे। किसी के उद्दंड व्यवहार अथवा नुकसान करने पर भी रोकने की जगह शांति से देखते रहेंगे। हाथ पैरों में शिथिलता अनुभव होगी।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज भी दिन आपके लिए कुछ खास नहीं रहेगा फिर भी बीते कल की अपेक्षा आज थोड़ी राहत मिलेगी। परन्तु जो बात बीत चुकी है उसे दोबारा हवा ना दे अन्यथा आज का दिन भी व्यर्थ के वाद विवाद में खराब होगा कार्य क्षेत्र पर भी आपका व्यवहार तीखा रहेगा, लोग आपसे दूरी बना कर रहेंगे। पीठ पीछे हंसी भी उड़ाएंगे। शांत रहकर धैर्य के साथ दिन व्यतीत करें। आज के दिन आप आध्यात्म का सहारा भी ले सकते है मानसिक शान्ति मिलेगी। धन लाभ के लिए किसी सहारे की आवश्यकता पड़ेगी। पारिवारिक वातावरण में आज स्वार्थ भरा रहेगा कामना पूरी होने पर ही शांति मिलेगी। संध्या बाद से स्थिति में सुधार आने लगेगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज का दिन आपको नए अवसर प्रदान करेगा लेकिन महत्त्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले अनुभवियों की सलाह अवश्य लें। काम-धंधा आज मंदा रहेगा लेकिन पुराने कार्यो से धन की आमद होने से आर्थिक समस्या नही बनेगी। आज किसी की बेमन से उधार देना पड़ेगा इसकी वापसी में परेशानी आएगी। शेयर सट्टे आदि में धन का निवेश शीघ्र लाभ देगा। नौकरी वाले जातक आज अतिरिक्त कार्यभार से परेशान रहेंगे आज अतिरिक्त आय बनाने के चक्कर मे ना पड़े समस्या खड़ी होगी। पारिवारिक वातावरण आज भी खुशहाल बना रहेगा। एक दूसरे की भावनाओं को समझेंगे संताने बुजुर्गो की आड़ में मनमानी करेंगी शीत प्रदार्थो के सेवन ना करें।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज के दिन आपको कुछ ना कुछ परेशानी में डालेगा। दिनचार्य व्यवस्थित रहेगी सभी कार्यो की योजना पूर्व में बना लेंगे फिर भी अन्य लोगों के कारण असुविधा होगी। दिन के आरंभ में जो भी योजना बनाएंगे निकट भविष्य में उसका फल धन लाभ के रूप में मिलेगा। कार्य क्षेत्र पर सहकर्मियों की कार्य शैली से असंतुष्ट रहेंगे फिर भी धन लाभ लेदेकर खर्च चलाने लायक हो जाएगा। नौकरी वाले जातक अधिकारी वर्ग से सतर्क रहें किसी अन्य की गलती पर आपको सुन्नी पड़ेगी। मित्र परिचितों से मेलजोल व्यवहारिकता मात्र रहेगी। आज आप केवल लाभ देने वाले प्रसंगों में ही अपना ध्यान केंद्रित रखेंगे अन्य लोगों की अनदेखी करेंगे। स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार आएगा।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपको सलाह है अपने आवश्यक कार्यो को लापरवाही छोड़ संध्या से पहले पूर्ण कर लें अन्यथा इसके बाद परिस्थिति बदलने पर केवल हानि ही हाथ लगेगी। आज आपका प्रातःकाल से ही टालमटोल वाला स्वभाव रहेगा किसी भी कार्य को एक बार में प्रसन्न होकर नहीं करेंगे महिलाओं का भी यही हाल रहेगा। कार्य व्यवसाय से जुड़ी महिलाएं आज पुरुषों की तुलना में ज्यादा लाभ कमाने वाली रहेंगी। कारोबार एवं सार्वजनिक क्षेत्र से आज धन की की अपेक्षा सम्मान ज्यादा मिलेगा। लेकिन आज अधीनस्थों को ज्यादा छूट देना भारी पड़ सकता है इसका ध्यान रखें। संध्या बाद कोई अशुभ समाचार मिलेगा। सेहत अचानक खराब होगी

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज के दिन आपकी सोची हुई योजनाए पूर्ण होने से उत्साह से भरे रहेंगे। कार्य व्यवसाय एवं पारिवारिक वातावरण दोनो ही आपके अनुकूल रहेगा। आज किसी बहुप्रतीक्षित मनोकामना के पूर्ण होने की संभावना है। धन लाभ भी आज आशा से बढ़कर होगा। नौकरी पेशा लोग अपनी कार्य कुशलता से अधिकारियों के खास बनेंगे। व्यवसायी वर्ग दिन के आरंभ में जिस कार्य को करने से डरेंगे मध्यान पश्चात उसी से लाभ होगा। महिलाएं आज आदतानुसार अधिक बोलने की समस्या से ग्रस्त रहेंगी। घरेलू कार्य इस कारण अस्त-व्यस्त भी रहेंगे। स्त्री संतान की उपेक्षा के बाद भी आज इनसे पूर्ण सुख मिलेगा।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहेगा। दिन का आरंभ आध्यात्मिक गतिविधियों में व्यस्तता से होगा लघु धार्मिक यात्रा होगी तबियत में सुधार रहने से आज प्रत्येक कार्य को उत्साह से गंभीर होकर करेंगे। नौकरी वाले लोगो के मन मे भी धार्मिक भावनाये बढ़ी रहेंगी परन्तु समायावभाव के कारण समय नहीं दे पाएंगे। व्यवसायी वर्ग आज किसी ना किसी कारण से निराश रहेंगे गलत निर्णय के कारण हानि होने की संभावना है। सहकर्मियों का व्यवहार कुछ समय के लिये मानसिक अशांति करेगा परन्तु आज आपके आत्मनिर्भर रह के के कारण स्थिति स्वतः ही सामान्य हो जाएगी। धन लाभ आवश्यकता अनुसार हो जाएगा परन्तु इंतजार के बाद ही।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज का दिन भी आपके लिए प्रतिकूल फलदायी है प्रातः काल से ही मन किसी अरिष्ट की आशंका से व्याकुल रहेगा। जहां से थोड़ी भी लाभ की उम्मीद दिखेगी वहां से निराशा ही मिलेगी। आज लोग आपको सांत्वना तो देंगे परन्तु सहायता के समय हाथ पीछे खींच लेंगे अथवा टालमटोल करेंगे। आर्थिक स्थिति भी दयनीय रहेगी कुछ भी करने का प्रयास करेंगे उसमे धन की कमी बाधा डालेगी। कार्य व्यवसाय में आज किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती का प्रयास ना करें हानि ही होगी। परिजन भी आपके असंतुष्ट रहेंगे परन्तु आपकी मनोदशा देखते हुए कुछ कहेंगे नहीं फिर भी घर के बुजुर्गो से विवाद हो सकता है।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज के दिन परिस्थितियां आपके अनुकूल बन रही है इसका लाभ उठाएं अन्यथा आज जैसी सुविधा कल नहीं मिल सकेगी। कार्य व्यवसाय में आप आज जो भी कदम उठाएंगे उसमे हानि नजर आने के बाद भी आखरी समय पर स्थिति आपके पक्ष में हो जाएगी। नियमित के अलावा अतिरिक्त आय बनाने के साधन मिलेंगे नौकरी वाले लोग भी मेहनत का संतोषजनक फल मिलने से प्रसन्न रहेंगे लेकिन आज कोई वर्जित कार्य ना करें अन्यथा स्वयं के साथ परिजनों को भी परेशानी में डाल देंगे। आज आपका व्यवहार अन्य लोगों के समझ मे कम ही आएगा आपकी छवि स्वार्थी इंसानो वाली बनेगी फिर भी आज आपके हिस्से के धन लाभ को कोई नहीं रोक सकेगा।