Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 744 -
होम ब्लॉग पेज 744

अजमेर में सोशल मीडिया पर वकील को गला काटने की धमकी मिली

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिला बार एसोसिएशन के सदस्य एडवोकेट भानू प्रताप सिंह चौहान को सोशल मीडिया के जरिए गला काटने की धमकी मिलने के बाद अजमेर के वकीलों में व्यापक रोष है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ की अगुवाई में वकीलों का शिष्टमंडल पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट की अनुपस्थिति में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागवान से मिला और मामले की गंभीरता समझाते हुए सुरक्षा दिये जाने की मांग की। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए शोएब सैयद नाम के आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।

पीड़ित वकील भानूप्रताप ने मीडिया को बताया कि वह यूट्यूब पर नूपुर शर्मा मामले में डिबेट में भाग ले रहा था। इस दौरान ही मेरे बोलने के बाद कमेंट में शोएब नामक व्यक्ति ने तलवार से गला काटकर अंजाम भुगतने की धमकी दी जिस पर बीते कल ही संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई।

साथ ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भी मामले से अवगत कराया गया तथा बार एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दोषी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।

पंजाब की आप सरकार का विस्तार, पांच नए मंत्री शामिल

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की लगभग तीन माह पुरानी सरकार का आज पहला विस्तार किया गया जिसमें पांच मंत्रियों को शामिल किया गया।

मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों में सुनाम से दूसरी बार विधायक बने अमन अरोड़ा, खरड़ की विधायक अनमोल गगन मान, समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, गुरु हरसहाय से विधायक फौजा सिंह सरारी और अमृतसर-दक्षिण से विधायक डॉ इंदरबीर सिंह निज्जर ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।

इन्हें राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अलावा उनके सभी वर्तमान कैबिनेट मंत्री, आप नेता तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इससे पहले, लगभग तीन माह पूर्व प्रचंड जीत दर्ज कर सत्ता में आई आप की सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई लेकिन इनमें से बाद में स्वास्थ्य मंत्री डॉ विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण मंत्री पद खोना पड़ा था। वर्तमान में सरकार में मुख्यमंत्री समेत 10 कैबिनेट मंत्री हैं तथा नए मंत्रियों को मिला कर इनकी संख्या अब 15 हो गई है। मंत्रिमंडल का आकार 18 मंत्रियों से ज्यादा नहीं हो सकता।

डॉ. निज्जर पेशे से डॉक्टर हैं। वह सिखों के सबसे पुराने धार्मिक और शिक्षण संस्थान चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष भी हैं। वह राज्य विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

अरोड़ा सुनाम से दूसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। उनके पिता बाबू भगवान दास अरोड़ा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार थे और राज्य में कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रहे।

मान प्रसिद्ध पंजाबी गायिका हैं और आप की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। जौडामाजरा गैर राजनीतिक परिवार से हैं। वह आप की पटियाला जिला ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। गत विधानसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व अकाली मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा को बड़े मतों के अंतर से पराजित किया था। वहीं सरारी पूर्व पुलिसकर्मी हैं और सेवानिवृत्ति के बाद आप में शामिल हुए थे और विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की।

उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फैसला गत शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान की दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ हुई बैठक में लिया गया था।

बैठक में पंजाब से पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्डा भी मौजूद थे। लगभग तीन घंटे चली इस बैठक के दौरान नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लग गई थी लेकिन इस फैसले को शपथ ग्रहण समारोह तक गोपनीय रखा गया।

सारण में 16 साल की नाबालिग लडकी से रेप

छपरा। बिहार में सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में 16 वर्षीय किशोरी के साथ बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सूत्रों ने साेमवार को बताया कि मामले में पीड़िता के परिजनों ने इसुआपुर थाना में अपने गांव के ही एक युवक पर बलात्कार की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है।

सूत्रों ने बताया कि नामजद अभियुक्त के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अभियुक्त को प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना जैसे ही मिली तो वह अपना घर छोड़कर फरार हो गया।

NIA निदेशक ने गृह मंत्री को दी उदयपुर घटना की जांच की जानकारी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) के निदेशक दिनकर गुप्ता ने सोमवार को यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें उदयपुर हत्या मामले की जांच में प्रगति से अवगत कराया। गुप्ता अपराह्न चार बजे के करीब शाह से मिलने के लिए गृह मंत्रालय पहुंचे।

बाद में जब मीडिया ने उनसे कुछ सवाल पूछने चाहे तो उन्होंने कहा कि अभी इस मामले की जांच चल रही है और इस तरह के मामलों के बारे में जांच एजेन्सी सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कह सकती।

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वह अमरावती और उदयपुर की घटना के बीच कुछ संबंध देखते हैं तो उन्होंने इस सवाल को यह कहते हुए टाल दिया कि अभी जांच चल रही है।

उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने उदयपुर में एक दर्जी की निर्मम हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए को इसकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। मंत्रालय ने एजेन्सी से इस घटना का संबंध किसी संगठन से या इसका अंतरराष्ट्रीय लिंक होने की जांच करने को भी कहा है।

राजस्थान में बडा प्रशासनिक फेरबदल, 29 IAS और 16 IPS अधिकारियों के तबादले

जयपुर। राजस्थान सरकार ने आज भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के उन्नतीस एवं भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सोलह अधिकारियों के आज स्थानांतरण एवं पदस्थापन्न कर दिया।

कार्मिक विभाग के अनुसार आईएएस डा वीना प्रधान को आयुक्त विभागीय जांच विभाग जयपुर, कैलाश चंद मीणा को संभागीय आयुक्त जोधपुर, डा प्रतिभा सिंह को निदेशक पंचायती राज जयपुर, विजय पाल सिंह को प्रबंध निदेशक राजस्थान पर्यटन विकास निगम, कुमारी रेनू जयपाल को आयुक्त महिला अधिकारिता विभाग जयपुर, रश्मि गुप्ता को निदेशक जल ग्रहण विकास और भू संरक्षण विभाग जयपुर, विश्राम मीणा को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयपुर स्मार्ट सिटी एवं आयुक्त नगर निगम हेरिटेज जयपुर एवं प्रकाश राजपुरोहित को कलेक्टर जयपुर लगाया गया हैं।

इसी तरह आईएएस जितेंद्र कुमार सोनी को कलेक्टर अलवर, विश्व मोहन शर्मा को संयुक्त शासन सचिव राजस्व विभाग, नकाते शिवप्रसाद मदन को प्रबंध निदेशक राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं विनियोजन निगम (रीको) एवं पदेन आयुक्त दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर जयपुर, संदेश नायक को निदेशक स्वच्छ भारत मिशन जयपुर, अनिल अग्रवाल को कलेक्टर धौलपुर, ओम प्रकाश कसेरा को आयुक्त (विनियोजन एं अप्रवासी भारतीय) निवेश संवर्धन ब्यूरो राजस्थान जयपुर, आशीष गुप्ता को आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग एवं प्रबंध निदेाक राजकॉम्प इन्फो सर्विसेज लिमिटेड जयपुर एवं डा प्रदीप के गवांडे को प्रबंध निदेशक राजस्थान राज्य खान एवं खनिज निगम लिमिटेड एवं निदेशक पेट्रोलियम उदयपुर लगाया गया हैं।

इसके अलावा आईएसए डा मनीषा अरोड़ा को अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राजस्थान हथकरघा विकास निगम जयपुर, इंद्रजीत यादव को कलेक्टर डूंगरपुर, टीना डाबी को कलेक्टर जैसलमेर, प्रताप सिंह को प्रबंध निदेशक राजस्थान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम जयपुर, अमित यादव को संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी जयपुर, रविंद्र गोस्वामी को जिला कलेक्टर बूंदी, अर्तिका शुक्ला को मुख्य कार्यकारी अधिकारी

जिला परिषद कम अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक ईजीएस एवं पदेन मुख्य परियोजना अधिकारी (माडा) अलवर, अवधेश मीणा को आयुक्त जोधपुर विकास प्राधिकरण, गौरव सैनी को सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी राजस्थान जयपुर, सुशील कुमार को आयुक्त नगर निगम अजमेर, देवेंद्र कुमार को संयुक्त शासन सचिव कार्मिक (क-1) विभाग, श्रीनिधि बीटी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कम अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक ईजीएस एवं पदेन मुख्य परियोजना अधिकारी (माडा) भरतपुर तथा टी शुभमंगला को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कम अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक ईजीएस एवं पदेन मुख्य परियोजना अधिकारी (माण्डा) सिरोही के पद पर लगाया गया है।

16 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण

राज्य सरकार ने जिन 16 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन्न किया उनमें आईपीएस प्रसन्न कुमार खमेसरा को महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज, गौरव श्रीवास्तव को महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज, स्थानांतरणाधीन विकास कुमार को महानिरीक्षक पुलिस एटीएस जयपुर, कैलाश चंद विश्नोई को अतिरक्त पुलिस आयुक्त तृतीय पुलिस आयुक्तालय जयपुर, श्वेता धनखड़ को पुलिस उपायुक्त जयपुर मैट्रो रेल कॉरपोरेशन जयपुर एवं स्थानांतरणाधीन प्रीति जैन को निदेशक इंटेलिजेंस ट्रेनिंग एकेडमी जयपुर के पद पर लगाया गया है।

इसी तरह आईपीएस प्रदीप मोहन शर्मा को कमांडेंट हाड़ी रानी बटालियन अजमेर, स्थानांतरणाधीन डा राजीव पचार को पुलिस उपायुक्त (पूर्व) पुलिस आयुक्तालय जयपुर, प्रहलाद सिंह किशनियां को पुलिस उपायुक्त (यातायात) पुलिस आयुक्तालय जयपुर, अनिल कुमार को पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़, मृदुल कछावा को पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं, डा अमृता दुहन को पुलिस उपायुक्त जोधपुर शहर (पूर्व) पुलिस आयुक्तायलय जोधपुर एवं स्थानातंरणाधीन वंदिता राणा को पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (पूर्व) पुलिस आयुक्तालय जयपुर लगाया गया है।

इसके अलावा आईपीएस राज कुमार चौधरी को कमांडेंट दसवीं बटालियन आरएसी बीकानेर, स्थानांतरणाधीन संजीव नैन को पुलिस अधीक्षक दौसा एवं योगेश गोयल को पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (दक्षिण) पुलिस आयुक्तालय जयपुर के पद पर लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने चार दिन पहले ही 32 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे और सोमवार को सोलह आईपीएस अधिकारियों के और स्थानांतरण एवं पदस्थापन्न किया गया, जिनमें पांच अधिकारी ऐसे हैं जो स्थानांतरणाधीन हैं और वे गुरुवार देर रात किए गए आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में शामिल थे।

मेरठ में समलैंगिक दोस्तों ने की एलएलबी के छात्र की निर्मम हत्या

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एलएलबी के छात्र की उसके समलैंगिक दोस्तों द्वारा निर्मम हत्या करने के बाद लाश के टुकड़े टुकड़े करके उसे नाले में डाल देना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

इस हत्या को अंजाम देने वालों के दूसरे धर्म का होने के कारण मामले ने सांप्रदायिक रंग ले लिया और हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को इसके विरुद्ध मेरठ कमिशनरी पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि हत्यारों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि जागृति विहार निवासी अनिल रस्तोगी का बेटा यश एलएलबी का छात्र था। गत 26 जून की शाम यश अपनी स्कूटी से घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। उसकी कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने सलमान, शावेज और अलीशान को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सिटी विनीत भटनागर ने कहा कि मृतक यश एक ऑनलाइन समलैंगिक ग्रुप से जुड़ा था, जिसके कुछ सदस्यों को हिरासत में लेने के बाद मामले का खुलासा हुआ। उन्हीं की निशानदेही पर यश की लाश एक नाले से बरामद कर ली गई जो लिसाड़ी गेट स्थित पिलोखड़ी के पुल के पास नाले में फेंकी गई थी।

भटनागर ने कहा कि यश ने आरोपी शाहवेज से 40 हजार रुपए लिए थे और पांच हजार की और मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि शाहवेज ने यश को अपने घर लिसाड़ी गेट में बुलाया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से उसके टुकड़े करके मौत के घाट उतार दिया।

हाईकोर्ट में डेरा प्रमुख राम रहिम सिंह की असली नकली की याचिका खारिज

सिरसा। पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय ने सोमवार को हरियाणा के सिरसा में स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहिम सिंह को नकली बताने वाली याचिका को खारिज करते हुए याचिकाकर्ताओं को फटकार लगाई है।

न्यायाधीश कर्मजीत सिंह ने आज मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि यह कोई फिल्म नहीं चल रही है। उच्च न्यायालय ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि लगता है कि आपने कोई फिक्शनल फिल्म देख ली है। पैरोल पर आया राम रहीम कैसे गायब हो सकता है। उन्होंने याचिकाकर्ता फटकार लगाते हुए याचिका खारिज कर दी।

चंडीगढ़, पंचकूला और अंबाला के कुछ तथाकथित डेरा श्रद्धालुओं ने उच्च न्यायालय में यह याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं याचिका में संदेह जताया है कि उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में पहुंचा गुरमीत राम रहीम बहुरू पिया है, असली नहीं। और उनके हावभाव असली गुरु गुरमीत राम रहीम सिंह जैसे नहीं हैं।

वहीं डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन ने इसे श्रद्धालुओं को गुमराह करने की साजिश करार दिया है। डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि याचिका दायर करने वाले डेरा के अनुयायी नहीं हैं। डेरे के अनुयायियों को तो गुरू जी पर पूरा भरोसा हैं। यह सब शरारती तत्वों की ओर से की गहरी साजिश है। प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के नकली होने के आरोप निराधार हैं। वह उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में हैं। उन्होंने बताया कि करीब आठ माह पहले भी इन्हीं लोगों ने डेरा प्रमुख की जान को खतरा बताते हुए याचिका दायर की थी।

नसीराबाद में फैक्ट्री की दीवार गिरने से महिला मजदूर की मौत

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के नसीराबाद में आज एक फैक्ट्री की दीवार गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई तथा एक अन्य महिला गम्भीररूप से घायल हो गई।

पुष्ट जानकारी के मुताबिक नसीराबाद सदर थानाक्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में बेवंजा रिको इण्डस्ट्रीज एरिया में काम के दौरान फैक्ट्री की दीवार गिर गई, जहां महिला मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। मृतका नजदीकी सनोद गांव निवासी गीता बताई जा रही है जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को नसीराबाद में प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन अस्पताल रैफर किया गया है।

हादसे की शिकार मृतका के परिजनों एवं ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार करते हुए मुआवजे की मांग की है। मौके पर सदर थानापुलिस मौजूद है।

उज्बेकिस्तान में हिंसा में 18 लोगों की मौत, 243 घायल

ताशकंद। उज्बेकिस्तान में काराकल्पकस्तान क्षेत्र की राजधानी नुकस में गत एक जुलाई को हुई हिंसा में अब तक 18 लोगों की मौत हो गई और अन्य 243 घायल हो गए। मीडिया रिपोर्टों ने सोमवार को जानकारी दी।

उज़्बेक अभियोजक जनरल के कार्यालय के अभियोजक अब्रोर ममातोव ने कहा कि नुकस में हिंसा में घायलों में से 18 लोगों की मौत हो गई।

उज़्बेकिस्तान राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रवक्ता डावरोन जुमानियाज़ोव ने कहा कि घायलों में से 94 का अभी भी अस्पतालों में उपचार किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में 516 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि एक जुलाई को नुकस के बाहरी बाजार क्षेत्र में स्थानीय ब्लॉगर की रिहाई की मांग करने के लिए लोगों ने संविधान संशोधनों के खिलाफ विरोध का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारियों का मानना था कि यदि संशोधनों को अपनाया गया तो कराकल्पकस्तान उज्बेकिस्तान से अलग होने का अपना अधिकार खो सकता है।

उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने आगामी दो अगस्त तक आपातकाल की घोषणा कर दी है और अशांति के बाद कर्फ्यू लगा दिया है।

उदयपुर में जन-जीवन पटरी पर लौटा, नेट बहाली और कर्फ्यू में ढील से राहत

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर शहर में कर्फ्यू में आज बारह घंटे की ढ़ील देने एवं इंटरनेट सेवा बहाल कर देने से जनजीवन फिर पटरी पर लौट आया है।

कर्फ्यू में सुबह आठ से रात आठ बजे तक 12 घंटे ढील मिलने और इंटरनेट बहाली होने से आमजन को राहत मिली है। कर्फ्यू में आज सातवें दिन शहर में पूरे दिन की ढील देने से दिन भर बाजार खुल रहे और इस दौरान काफी चहल-पहल रही। इस दौरान जगह जगह पुलिस बल का जाप्ता लगा रहा और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाये रखी। ढ़ील के दौरान शांति नजर आई और कहीं से कोई अप्रिय खबर प्राप्त नहीं हुई हैं।

इस बीच कलक्टर ताराचंद मीणा और नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने आमजन से शांति बनाये रखने की अपील की है। मीणा ने कहा कि उदयपुर में हमेशा से शांति और सौहार्द की परंपरा रही है, आमजन इसे कायम रखें। गत दिनों हुई घटना के बाद आमजन ने संयम और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग किया है, जिसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि आने वाले समय में भी प्रशासन को इसी तरह स्थानीय निवासियों का सहयोग मिलेगा।

गौरतलब है कि गत 28 जून को उदयपुर शहर के धानमण्डी थाना क्षेत्र में कन्हैयालाल की जघन्य हत्या कर देने के बाद उत्पन्न हालात के मद्देनजर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया और इंटरनेट सेवा को अस्थाई रुप से बंद कर दिया गया था।