Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 745 -
होम ब्लॉग पेज 745

शेखावत ने कन्हैयालाल हत्याकांड के लिए राज्य सरकार को ठहराया दोषी

उदयपुर। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कन्हैयालाल हत्याकांड के लिए राज्य सरकार और उसकी पुलिस को दोषी ठहराया है।

शेखावत ने कन्हैयालाल के परिजनों से मिलने के बाद आज मीडिया से कहा कि कन्हैयालाल को रिहा करने के बाद मिली धमकी के पश्चात पुलिस का केवल आश्वासन करना, सुरक्षा प्रदान नहीं करना एवं सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए बाध्य करना और इसके बाद एक व्यक्ति की हत्या कर दी जाती है, जिसने भरोसा दिलाया और उसके पीछे खड़ी राज्य सरकार इसमें दोषी हैं।

उन्होंने कहा कि हत्या चाहे हत्यारों ने की लेकिन राज्य सरकार और प्रदेश की पुलिस, उदयपुर की पुलिस एवं उसके अधिकारी इस दोष से मुक्त नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने जांच शुरू की है। उन्होंने कहा कि इन हत्यारों की जो मानसिकता है वह मोटरसाइकिल नम्बर से लेकर इनके पाकिस्तान की यात्रा के सूत्र मिले हैं और स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि यह एक व्यक्ति के प्रतिक्रिया के स्वरुप की गई घटना नहीं हैं, यह एक सोची समझी साजिश के तहत हुई है।

शेखावत ने कहा कि करौली, भीलवाड़ा, जोधपुर इन सब घटनाओं को जोड़कर देखा जाये और बार बार कहा गया था कि जिस तरह की मानसिकता राजस्थान में पनप रही हैं, इसे कौन पनपा रहा है, इन सबकी पूरी जांच होनी चाहिए जबकि कई मामलों में फोरी कार्रवाई करके छोड़ दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि पोस्ट डालने पर एक व्यक्ति को जेल में डाल दिया और उसके बाद पुलिस के सामने उसे धमकी दी जाती है और उस पर कोई कार्रवाई नहीं करना अपने वोट बैंक के हित को साधने के लिए इन्हें कौन प्रश्रय दे रहा है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक के लिए पुलिस पर दबाव बनाया गया और निर्दोष की हत्या कर दी गई।

शेखावत ने कहा कि वह कन्हैयालाल के परिवार से मिले हैं और उन्हें डर है कि पहले शिकायत के बावजूद सुरक्षा नहीं दी गई और अभी भी उनके परिवार पर खतरा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को उनके परिवार पूरी सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।

इससे पहले शेखावत ने कन्हैयालाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और उनका दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि यह परिवार जिस संताप में है उसकी थाह लेना कठिन है किंतु यह समय उनका साथ देने का है। हम सभी कन्हैयालालजी के परिवार को परोक्ष-अपरोक्ष अपना समर्थन दर्शाएं और शांति के वातावरण को सुनिश्चित करें।

डलास फोर्ट वर्थ में बंदूकधारी ने दो लोगों की हत्या कर की आत्महत्या

0

वाशिंगटन। अमरीका के डलास फोर्ट वर्थ क्षेत्र में घर में आत्महत्या करने से पहले एक बंदूकधारी ने दो लोगों को मार दिया और तीन पुलिस अधिकारियों सहित चार लोगों को घायल कर दिया।

पुलिस ने कहा कि यह घटना हाल्टम शहर के पास हुई तथा घायल लोग खतरे से बाहर है। एक व्यक्ति घर के अंदर मृत मिला जबकि दूसरा बाहर मिला। एक अन्य वृद्ध महिला ने जिसने 911 पर फोन किया जिसकी पहचान नहीं हुई है उस पर भी हमला किया गया।

उन्होंने कहा कि एक पड़ोसी के घर से बनाए गए वीडियो में दिखाया गया है कि तीन अधिकारी वहां आ रहे थे तभी बूंदकधारी ने गोलीबारी कर दी जिससे तीनों अधिकारी घायल हो गए। अधिकारियों ने वापस गोली चलाई तो वह पिछले दरवाजे से भाग गया।

बंदूकधारी की पहचान 28 वर्षीय एडवर्ड फ्रेयमैन के रुप में हुई है जिसने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने कहा कि बंदूकधारी और दोनों मृतक एक दूसरे को जानते थे लेकिन उनके रिश्तों के बारे में अभी पता नहीं चला है।

सच्चे शिवसैनिक हैं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे : देवेंद्र फडणवीस

मुंबई। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि एकनाथ शिंदे एक सच्चे शिवसैनिक हैं और आखिरकार वह राज्य के मुख्यमंत्री बन गए हैं। विधानसभा में एक बहस में हिस्सा लेते हुए उन्होंने कहा कि शिवसेना-भाजपा गठबंधन को लोगों का जनादेश मिला था, लेकिन इसे नहीं स्वीकार किया गया था।

फडणवीस ने कहा कि एकनाथ शिंदे के साथ हमने फिर से शिव सेना के साथ अपनी सरकार का गठन किया है। मैंने एक बार कहा था कि मैं वापस आऊंगा। लेकिन जब मैंने ऐसा कहा था तब कुछ लोगों ने मेरा मजाक बनाया था। आज मैं वापस आ चुका हूं और अपने साथ उन्हें (एकनाथ शिंदे) लेकर आया हूं। जिन्होंने मेरा मजाक उड़ाया है, मैं उनसे बदला कतई नहीं लूंगा। मैं उन्हें माफ कर दूंगा। राजनीति में हर बात को दिल से नहीं लगाया जाता है।

फडणवीस ने कहा कि राजनीति में सभी को विरोधियों की आवाज सुनने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि लोगों को बयानबाजी और सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के लिए जेल जाना पड़ा है। हमें अपने खिलाफ बोलने वाले लोगों के लिए तैयार रहना चाहिए। हमें आलोचना का जवाब देना चाहिए लेकिन उचित तरीके से।

राजद प्रमुख लालू यादव की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

पटना। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद आज तड़के उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

राजद सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि यादव की कल देर रात तबीयत खराब होने के बाद इलाज के लिए उन्हें आज तड़के तत्‍काल एक निजी अस्‍पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार यादव का रक्त शर्करा स्तर (ब्लड शुगर लेवल) बढ़ गया है। इसके कारण ही विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता एवं यादव के छोटे पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।

उल्लेखनीय है कि यादव रविवार की शाम पूर्व मुख्यमंत्री एवं पत्नी राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में सीढ़ियों से गिर गए थे। इसके चलते उनके कंधे की हड्डी टूट गई है। चिकित्सकों ने इलाज कर कच्चा प्लास्टर चढ़ा दिया और एक माह तक आराम करने की सलाह दी थी।

उनकी कमजोर हो गई हडि्डयों को देखते हुए सिर्फ प्लास्टर (कंजरवेटिव ऑपरेशन) करके आराम करने की सलाह दी गई है साथ ही उन्हें व्हील चेयर की सहायता से ही मूवमेंट करने के लिए कहा गया है। वह पहले से ही किडनी, शुगर (मधुमेह) समेत कई तरह की बीमारी से पीड़ित हैं।

मानहानि मामले में सांसद संजय राउत के खिलाफ वारंट

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया की पत्नी मेधा सोमैया द्वारा दायर मानहानि की शिकायत मामले में पेश नहीं होने पर यहां की एक अदालत ने शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ वारंट जारी किया है।

सोमैया ने दावा किया कि राउत ने उन पर और उनके पति पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण तथा रखरखाव में 100 करोड़ रुपए के घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया था।

अदालत ने प्रथम दृष्टया देखा कि राउत ने भाजपा नेता और उनकी पत्नी के खिलाफ मानहानिकारक बयान दिए थे।

अलवर जिले के भिवाड़ी में एक्सिस बैंक से करीब 70 लाख की लूट

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित भिवाड़ी रीको चौक पर एक्सिस बैंक से बदमाशों ने आज दिनदहाड़े करीब 70 लाख रुपए लूट लिए।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब सवा नौ बजे मोटरसाइकिलों पर आए छह बदमाशों ने आते ही बैंक के स्ट्रांग रूम की चाबी ले ली और बैंक में मौजूद बीस कर्मचारियों को हथियारों की नोक पर बंधक बना लिया बैंक में रखा सारा कैश एवं सोने चांदी के जैवरात लूट कर फरार हो गए। बैंक ने प्रारंभिक तौर पर माना कि यह लूट सत्तर लाख से अधिक है जिसमें ज्यादातर नगदी है और सोने चांदी के जेवरात भी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक शांतनु कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी कहना जल्दबाजी होगा कि कितने रुपए की लूट हुई है लेकिन लूट की राशि काफी अधिक है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए मुखबिर तंत्र तैनात किए गए हैं और कई पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। भिवाडी सहित पूरे जिले में नाकेबंदी कराई गई है।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने फायर भी किए। पुलिस बैंक सहित आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इस वारदात को अंजाम देने में करीब 20 मिनट लगे जिसके फुटेज सीसीटीवी कैमरे में सामने आ रहे हैं। वारदात के समय कुछ ग्राहक भी मौजूद थे जिनसे भी घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है।

महिला से अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल, 11 आरोपी अरेस्ट

देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के उदय नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ भागने के आरोप में उसके साथ किए गए अमानवीय व्यवहार के मामले में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बोरपड़ाव गांव की रहने वाली महिला के उसके प्रेमी के साथ भागने के आरोप में कल गांव में ही उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया। घटना के बाद इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसमें महिला से मारपीट और उसके कंधे पर उसके पति को बैठाकर गांव में घुमाते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस ने इस मामले में पति मांगीलाल सहित बारह लोगों के खिलाफ नामजद और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद ग्यारह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश अभी जारी है।

पुलिस ने बताया कि महिला गांव के ही एक व्यक्ति के साथ भाग गई थी, जिसके बाद उसके पति ने गांववालों को एकत्रित किया और महिला के साथ यह अमानवीय व्यवहार किया गया। पुलिस इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच पडताल में जुटी हुई है।

उद्धव ठाकरे को फिर झटका, एक और विधायक संतोष बांगर शिंदे खेमे में शामिल

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को सोमवार को एक और झटका लगा जब विधायक संतोष बांगर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खेमे में शामिल हो गये।

मराठवाड़ा में हिंगोली जिले के कलामनुरी निर्वाचन क्षेत्र के विधायक बांगर रविवार तक ठाकरे के साथ थे और उन्होंने शिवसेना अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजन साल्वी के पक्ष में मतदान किया था। पिछले सप्ताह विद्रोही समूह के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाले बांगर को शिंदे के साथ उस समय देखा गया, जब वह विश्वास मत परीक्षण के लिए विधानसभा के लिए रवाना हुए थे।

इससे पहले रविवार की रात ठाकरे समूह के पार्टी के अजय चौधरी की ग्रुप लीडर के रूप में नियुक्ति रद्द कर दी गई। विधायी सचिवालय ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भेजे पत्र में कहा है कि चौधरी की नियुक्ति रद्द कर दी गई है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि मुख्य सचेतक के रूप में सुनील प्रभु की नियुक्ति रद्द कर दी गई है और उनकी जगह भारत गोगावले को यह दायित्व सौंपा गया है। विधानसभा ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री शिंदे ग्रुप लीडर और गोगावले विधायिका के प्रतिनिधि होंगे। इस फैसले ने शिवसेना की कानूनी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में जीता विश्वास मत

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में जीता विश्वास मत

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव जीत लिया। शिंदे ने 164 मत हासिल किए, जो बहुमत से 20 अधिक है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने सदन के समक्ष विश्वास प्रस्ताव रखा जिसे भरत गोगावाले ने समर्थन दिया। ध्वनि मत प्रक्रिया के बाद विपक्ष ने मतों के विभाजन की मांग की, जिसके लिये मतदान कराया गया। मतदान में 164 विधायकों ने शिंदे सरकार के पक्ष में मतदान किया, जबकि 99 मत सरकार के खिलाफ गए।

अबू आजमी और एआईएमआईएम के इकलौते विधायक समेत समाजवादी पार्टी के दो विधायक सदन में मौजूद रहे, जबकि पूर्व मंत्री अशोक चव्हाण, विजय वडेट्टीवार सहित कांग्रेस के पांच विधायक मतदान के समय सदन से अनुपस्थित रहे।

मनुष्य जैसा कर्म करता है,उसे वैसा ही फल मिलता है : मोहन भागवत

चूरू। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत ने रविवार रतनगढ़ में आयोजित आचार्य महाश्रमण के कार्यक्रम स्थल पहुंचकर उनसे मुलाकात की। शहर के गोलछा ज्ञान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने धर्म प्रवचन भी दिया।

उन्होंने आचार्य महाश्रमण द्वारा दिए गए प्रवचन पर अमल करने एवं जीवन में उतारने की बात कही और कहा कि आचार्य महाश्रमण द्वारा दिए गए धर्म प्रवचन संपूर्ण विश्व के लिए सत्य और सन्देश है, जिनको हमें जीवन में उतारने की आवश्यकता है।

आचार्य महाश्रमण द्वारा कही गई बात का विश्लेषण करते हुए उन्होंने कहा कि महाराज श्री ने जो कहा है उसके अनुसार सुख जो है वह बाहरी जीवन में नहीं है और सुख हमारे भीतर ही है। हमें सुख के लिए बाहरी दुनिया के पीछे भाग दौड़ नहीं करनी चाहिए। उसे अंदर ही खोजना चाहिए, जिससे कभी समाप्त नहीं होने वाले सुख की प्राप्ति होती है।

डॉ. भागवत ने कहा कि मनुष्य जैसा कर्म करता है, उसे वैसा ही फल मिलता है। इस दौरान भागवत का आयोजन समिति द्वारा स्वागत किया गया। डॉ. मोहन भागवत ने कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यक्रम स्थल पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे तक रुक कर गोलछा ज्ञान मंदिर मे आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम में रतनगढ़ विधायक अभिनेश महर्षि, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, कांग्रेस निवर्तमान जिलाध्यक्ष भंवरलाल पुजारी सहित सैकड़ों महिला व पुरुष मौजूद थे।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत रविवार रात झुंझुनूं पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत खेमी शक्ति मंदिर परिसर में प्रवास करेंगे। यहां पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। मंदिर की कई श्रेणियों में सुरक्षा व्यवस्था तय की गई है।

परिसर में बिना अनुमति किसी को भी जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। पूरे प्रोग्राम से मीडिया को भी दूर रखा गया है। आरएसएस के सर संघ संचालक मोहन भागवत रविवार रात करीब 8:00 बजे झुंझुनू पहुंचे। वे सीधे खेमी शक्ति मंदिर परिसर चले गए। हालांकि प्रोग्राम से जुड़े लोगों ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

सरसंघ चालक यहां संघ की राष्ट्रीय स्तरीय बैठक में शामिल होंगे। सरसंघ चालक 9 जुलाई तक झुंझुनूं में ही प्रवास करेंगे। बैठक 7 से 9 जुलाई तक होगी। झुंझुनूं की खेमी शक्ति मंदिर परिसर में बैठक की पूरी तैयारी कर ली गई है। बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। आरएसएस की राष्ट्रीय स्तरीय बैठक खेमी शक्ति में ही आयोजित होगी।

बैठक में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल, मनमोहन वैद्य, सीआर मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त , रामदत्त सहित संघ के राष्ट्रीय स्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे। मीटिंग स्थल खेमी शक्ति मंदिर परिसर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।