Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 752 -
होम ब्लॉग पेज 752

बागी विधायकों ने उद्धव ठाकरे की पीठ में छुरा घोंपा : संजय राउत

मुंबई। शिवसेना प्रवक्ता एवं राज्य सभा सदस्य संजय राउत ने गुरुवार को ट्वीट किया कि उद्धव ठाकरे की पीठ में खंजर से वार किया गया है।

राउत ने बाद में मीडियाकर्मियों से कहा कि शिवसेना के बागी विधायकों ने पार्टी नेता उद्धव ठाकरे को धोखा दिया। ठाकरे ने सदन में बहुमत साबित करने से एक दिन पहले ही कल रात मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि वह सत्ता के लालची नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार शिवसेना के विधायकों के विद्रोह के लिए जिम्मेदार नहीं हैं। उन्होंने एकनाथ शिंदे गठबंधन से झूठी सूचनाएं न फैलाने की अपील की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बागी गुट को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाडी सरकार को सत्ता से हटाने का ठेका मिला था और जिसमें वे सफल रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिवसेना पार्टी को कोई भी समाप्त नहीं कर सकता।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से नोटिस मिलने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को ईडी के सामने पेश होंगे और अगर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है तो वह इसका सामना करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाली नई राज्य सरकार को हमारी शुभकामनाएं हैं और हम उम्मीद करते हैं कि वे लोगों के कल्याण के लिए काम करेंगे और हम राज्य विधानसभा में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री

मुंबई। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े उलटफेर के बाद देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे इस बात का ऐलान कर दिया है।

फडणवीस ने जानकारी दी है कि आज सिर्फ एकनाथ शिंदे ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। बाकी नेताओं का शपथ ग्रहण दूसरी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद होगा। एकनाथ शिंदे शाम साढ़े सात बजे महाराष्ट्र के सीएम रूप में शपथ लेंगे। पहले कयास लग रहे थे कि फडणवीस ही मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन अब शिंदे की ताजपोशी होने जा रही है।

देवेंद्र फडणवीस ने इशारों में महा विकास अघाडी के एक मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका दाऊद से कनेक्शन सामने आया था, लेकिन फिर भी उद्धव ठाकरे ने उन्हें पद से हटाना ठीक नहीं समझा। बाला साहेब तो हमेशा से ही दाऊद के खिलाफ थे।

बाला साहेब ठाकरे हमेशा से ही एनसीपी और कांग्रेस के खिलाफ रहे थे। वे कभी भी उनके साथ सरकार नहीं बनाते, लेकिन उद्धव ठाकरे ने शिवसेना की विचारधारा के खिलाफ जाकर उन दोनों दलों से हाथ मिलाया और सरकार बनाई।

विधानसभा के चुनाव के बाद बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी थी। तब शिवसेना ने बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन जब शिवसेना ने एनसीपी-कांग्रेस से हाथ मिलाया, ये जनादेश का अपमान था।

फडनवीस ने स्पष्ट कहा कि मैं सरकार में शामिल नहीं होउंगा। यह सत्ता की लड़ाई नहीं है, यह विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने शिंदे को शाम साढ़े सात बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया है। शिंदे आज ही शपथ लेंगे। शिंदे को भाजपा के समर्थन का पत्र राज्यपाल को दे दिया गया है।

शिंदे ने कहा कि उन्हें समर्थन देने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और फडनवीस को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि महा विकास अघाडी सरकार में उन्हें काम करने का मौका नहीं मिल रहा था।

उन्होंने कहा कि शिवसेना महा विकास अघाडी सरकार में रहती तो उनकी पार्टी चुनाव हार जाती। शिवसेना के संस्थापक बाला साहब ठाकरे के विचारों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होेंने दावा किया कि उनके साथ शिवसेना के 40 विधायकों के साथ उन्हें 10 निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है।

अशोक गहलोत ने कन्हैयालाल के परिजनों से मिलकर बंधाया ढाढस

उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशेाक गहलोत ने कन्हैयालाल के परिजनों को आश्वस्त एवं भरोसा दिलाया है कि इस जघन्य घटना में हम लोग पूरा सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिले एवं अपराधियों को सख्त सजा मिले और सरकार कोई कमी नहीं रखेगी।

गहलोत ने आज यहां कन्हैया लाल के निवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं शोकाकुल परिजनों से मिलकर इस अत्यंत दुःखद समय में उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि सरकार इस दुःख की घड़ी में पूरी तरह उनके साथ है।

इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कन्हैयालाल हत्याकांड को जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि हम यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का अनुरोध करेंगे और अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि एनआईए ने यह मामला अपने हाथ में ले लिया है और वह इसके तमाम पहलूओं पर जांच करेगी, हम जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पुलिस ने बेहतर काम किया है अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया हैं। इस अवसर गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे।

इसके बाद गहलोत महाराणा भूपाल अस्पताल पहुंचे जहां कन्हैयालाल पर हमले के समय घायल हुए ईश्वर सिंह से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने ईश्वर सिंह की सुरक्षा बढाने के निर्देश भी दिए।

इससे पहले गहलोत ने जयपुर में मीडिया से कहा कि उदयपुर की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया जिस तरीके से हत्या की गई वो जघन्य अपराध है। हमने तत्काल, त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया, एसओजी एवं एटीएस को केस दे दिया और रातभर में ही पता लगा लिया अंतरराष्ट्रीय संगठनों से संबंधित है ये घटना, मायने हैं आतंकवाद से संबंधित घटना है।

उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि एनआईए त्वरित कार्रवाई करके जितनी हो उतनी जल्दी सजा दिलवाए इनको, ये अपेक्षा पूरे प्रदेशवासियों की और मैं समझता हूं पूरे देशवासी चाहते हैं। इस घटना को लेकर जो आक्रोश दिलों में पैदा हुआ है हर नागरिक चाहता है त्वरित न्याय मिले,त्वरित कार्रवाई हो और जल्द से जल्द सजा मिले।

उहोंने कहा कि यूएपीए के तहत यह मामला दर्ज किया गया हैं, आतंकवाद के नाम पर, उसके बाद में एनआईए ने मामला ले लिया है अब एसओजी उनको पूरा सहयोग करेगी। एनआईए का दायरा बड़ा होता है, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय जब कोई ऐसी घटना होती है आतंकवाद की उसी रूप में वो तमाम तरीके से प्रयास करती है कि कैसे हम तह तक पहुंचें।

कन्हैयालाल हत्याकांड : उदयपुर में कर्फ्यू तीसरे दिन भी जारी

भारतीय बल्लेबाज़ केएल राहुल की स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी सफल

बेंगलूरु। भारतीय बल्लेबाज़ केएल राहुल की स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी सफलतापूर्वक हो चुकी है। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी और कहा कि वह जल्द ही पूरी तरह से ठीक होकर मैदान पर वापसी करेंगे।

अमूमन इस सर्जरी के बाद पूरी तरह से ठीक होने में 6 से 12 हफ़्ते लगते हैं। वह यह समय संभवतः नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए), बेंगलूरु में गुजारेंगे।

राहुल की अगुवाई में नई फ़्रेंचाइज़ी लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ़ में पहुंची थी, वहीं वह प्रतियोगिता में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे। लेकिन आईपीएल के बाद हुई दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ घरेलू सीरीज़ में वह जांघ की चोट के कारण बाहर हो गए। इसके बाद 8 जून को उन्हें एनसीए में रिपोर्ट करने को कहा गया था।

राहुल को दक्षिण अफ़्रीका सीरीज़ के लिए कप्तान बनाया गया था, लेकिन चोट की वज़ह से बाहर होने के कारण ऋषभ पंत को कप्तान बनाया गया। यह सीरीज़ 2-2 से बराबरी पर छूटी थी।

इसके बाद भारतीय टीम आयरलैंड गई, जहां हार्दिक पंड्या कप्तान थे। यह सीरीज़ भारत ने 2-0 से जीती थी। भारत को अब इंग्लैंड में एक टेस्ट और फिर सीमित ओवर का सीरीज़ खेलना है, जहां फिर से राहुल अनुपस्थित रहेंगे।

बजाज ऑटो ने उत्तर प्रदेश में लॉन्च की पल्सर एन 160

लखनऊ। आटो मोबाइल के क्षेत्र में देश की जानी मानी कंपनी बजाज आटो ने पल्सर रेंज में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नई मोटरसाइकिल पल्सर एन 160 उत्तर प्रदेश में लॉन्च कर दी है।

पल्सर एन160 में पहली बार डुअल-चैनल एबीएस और सभी अपग्रेड फीचर्स जैसे प्रोजेक्टर एलईडी हेडलैंप, स्पोर्टी अंडर बेली एग्जॉस्ट, गियर इंडिकेटर और मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं है। लखनऊ में इसकी एक्स-शो रूम कीमत एक लाख 25 हजार 984 रखी गई है।

बजाज आटो के मोटरसाइकिल डिवीजन के अध्यक्ष सारंगकानडे ने कहा कि पल्सर को भारत की स्पोर्ट्स-मोटरसाइक्लिंग क्रांति में अग्रणी के लिए जाना जाता है और हम इसे160सीसी सेगमेंट में विस्तारित करके खुश हैं।

पल्सर के लिए लखनऊ भारत में हमारे प्रमुख बाजारों में से एक है और हम शहर में नई पल्सर एन 160 लाने के लिए उत्साहित हैं। हमें उम्मीद है कि बाइकर्स इस बिल्कुल नए मॉडल के साथ बेहतरीन स्ट्रीट राइडिंग का अनुभव करेंगे।

पल्सर एन160 एंट्री स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल सेगमेंट में परफॉरमेंस और नियंत्रण के लिए एक बेंचमार्क बनने के लिए तैयार है जो आज के युवा राइडर की जरूरतों को आसानी से पूरा करेगा।

पल्सर एन 160 में165सीसी बीएस6 इंजन लगा है जो जो बेहतर शक्ति और तत्काल थ्रॉटल प्रतिक्रिया देता है। यह बेजोड़ पिक-अप और सिग्नेचर पल्सर रश के लिए पूरे रेवबैंड में उपलब्ध 85 प्रतिशत पीकटॉर्क के साथ 16 पीएस की पावर और 14.65 एनएम का टार्क देता है।

महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन पर बैठकों का दौर जारी

मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी सरकार के पतन के बाद नयी सरकार के गठन के लिए भाजपा की राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। इस काम में शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे की अगुवाई में उनके गुट के विधायक भी जुटे हुए हैं।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की ओर से राज्य में एकमात्र सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को नई सरकार के गठन के लिए आमंत्रण भेजा जा सकता है। साथ ही, नई सरकार में मंत्रालयों के बंटवारे पर शिंदे समूह संग कुछ निर्दलीय विधायकों के साथ भी चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि स्थिति का जायजा लेने के लिए मुंबई पहुंचे हैं, जबकि शिंदे और बच्चू कडू के भी गोवा से मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।

इसके अलावा, देवेंद्र फडणवीस के आवास ‘सागर’ में चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन, सुधीर मुंगट्टीवार, आशीष शेलार, प्रवीण दारेकर सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच बैठकों का दौर लगातार जारी है।

उदयपुर घटना के विरोध में जयपुर बंद, परकोटे में पसरा सन्नाटा

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में उदयपुर की घटना के विरोध में आज बाजार बंद हैं। संयुक्त व्यापार महासंघ के आह्वान पर बंद के दौरान शहर के परकोटे सहित कई बाजार बंद हैं। हालांकि इस दौरान जरुरी सेवाओं वाली दवाइयों की दुकानें आदि खुली हुई हैं।

बंद को विश्व हिन्दु परिषद, बजरंग दल सहित कई संगठनों का समर्थन प्राप्त हैं और कई टीमें बनाकर बंद को शांतिपूर्ण सफल बनाने के लिए बाजार में इसके लिए आग्रह भी किया जा रहा है। भाजपा शहर पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं ने भी बाजार में घूमकर दुकानें बंद करवाई, वहीं चांदपोल बाजार में भाजपा शहर अध्यक्ष राघव शर्मा ने पैदल मार्च निकालकर घटना के विरोध में नारेबाजी की।

बंद के कारण दुकानें बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा हैं लेकिन इस दौरान कहीं से कोई अप्रिय खबर प्राप्त नहीं हुई हैं। बंद के दौरान लोग अपने कामकाज पर रोजमर्रा की तरह ही जाते दिखे लेकिन बाजार में दुकानें बंद नजर आई।

जयपुर व्यापार महासंघ अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि उदयपुर की घटना के विरोध में जयपुर के बाजार पूरी तरह बंद है, व्यापारियों ने बंद को स्वैच्छिक समर्थन दिया है। परकोटे के चांदपोल बाजार, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, किशनपेाल बाजार, चौड़ा रास्ता सहित अन्य बाजारों में भी बंद का असर नजर आया। जयपुर व्यापार महासंघ ने उदयपुर घटना की निंदा करते हुए एक दिन पहले ही जयपुर बंद को समर्थन देने की घोषणा की थी।

बंद के दौरान लॉ फ्लोर बसें एवं अन्य यातायात के साधनों पर कोई असर नहीं पड़ा और रोजमर्रा की तरह ही नजर आए। इस दौरान पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ) धर्मेंद्र सागर ने बताया कि जयपुर बंद को लेकर व्यापारियों से बातचीत की है। व्यापारियों ने सहमति से जयपुर बंद का आहृान किया गया है। गुरुवार को जयपुर शहर के बाजार सहित सभी दुकानें बंद रखी गई।

एहतियात के तौर पर करीब 1 हजार जवानों का पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। बाजार बंद को लेकर सिर्फ जयपुर शहर के सोडाला में कुछ व्यापारियों में झड़प हुई, लेकिन उसके बाद सहमति से दुकानें बंद की गई।

काबुल से अफगान सिख का एक दल भारत रवाना

नई दिल्ली। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के कर्ता परवान गुरुद्वारे में हुए आतंकवादी हमले के कुछ दिनों बाद गुरुवार को 11 अफगानी सिखों का एक दल भारत पहुंच रहा है। इस हमले में एक अफगानी सिख और एक अफगानी सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई थी।

ये लोग अपने साथ 18 जून को गुरुद्वारा हमले में मारे गए अफगान सिख स्विंदर सिंह की अस्थियां लायेंगे। हमले में घायल लोगों में से एक रकबीर सिंह भी इस दल में शामिल हैं। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट की खुरासान इकाई ने गुरुद्वारे में हमले को अंजाम था।

अमृतसर के शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के द्वारा भारतीय विश्व मंच और भारत सरकार के समन्वय से अफगान हिंदुओं और सिखों को अफगानिस्तान से भारत में ले आने का इंतजाम किया जा रहा है।

इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंडोक ने कहा कि अमृतसर के शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हवाई यात्रा के किराए के रूप में मानवीय सहायता प्रदान कर रही है और इसके साथ ही भारत में पुनर्वास चाहने वालों को भी इनके द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

कमेटी के अधिकारी, अफगानी हिंदू और सिख समुदाय के नेता काफिले का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। उनके आगमन के बाद पूरा दल तिलक नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु अर्जन देव के लिए रवाना होगा।

कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह और इंडियन वर्ल्ड फोरम ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इन अफगान सिखों को हर संभव सुविधा मुहैया कराने की पुरजोर कोशिश करें। उल्लेखनीय है कि गुरुद्वारे पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 111 सिखों को वीजा दिया है।

कन्हैयालाल हत्याकांड : उदयपुर में कर्फ्यू तीसरे दिन भी जारी

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड के बाद उत्पन्न तनाव के बाद लगाए गए सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू आज तीसरे दिन भी जारी रहा।

कर्फ्यू के दौरान शांति बनी हुई हैं और कहीं से कोई अप्रिय खबर नहीं हैं। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात हैं। कर्फ्यू के दौरान आपातकालीन सेवाओं एवं परीक्षार्थियों को छूट प्रदान की गई हैं। उदयपुर में आज तीसरे दिन भी इंटरनेट सेवाएं बंद रही हैं।

उधर, इस हत्याकांड के विरोध में आज हिन्दू समाज के संगठनों ने मौन जुलूस निकाला जा रहा है और यह जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन देंगे। कर्फ्यू के चलते किसी तरह का अन्य प्रदर्शन नहीं होगा केवल मौन जुलूस निकाला जाएगा।

इस अवसर पर मौजूद विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि इस मामले के ऐसे अपराधियों को सरेआम फांसी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उदयपुर जैसे शांति क्षेत्र में यह आतंकवादी हमला हैं जिसने पूरे शांत वातावरण को दूषित कर दिया हैं।

टाउन हाल पर जुलूस के लिए एकत्रित हुए लोगों का कहना है कि वे मौन जुलूस निकालकर मांग करेंगे कि इस मामले में जो तार जुड़े हुए हैं और यह विदेशी साजिश हैं जिसकी संपूर्ण जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आने वाले समय लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

अपराधी चाहे कितना ही बड़ा हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेशवासियों से शांति एवं सदभाव बनाये रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया है कि अपराधी चाहे कितना ही बड़ा हो और किसी धर्म या सम्प्रदाय का हो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा।

गहलोत ने आज सुबह सोशल मीडिया पर प्रदेशवासियों से अपील करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में शांति, साम्प्रदायिक सदभाव और भाईचारा कामय रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सामप्रदायिक सौहार्द एवं सदभाव के लिए जाना जाता है, यहां का भाईचारा एवं अपनायत की मिसाल पूरे देश में दी जाती है। उदयपुर में गत 28 जून को एक युवक की जघन्य हत्या की गई है जो बहुत ही दुभार्ग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी मुस्तेदी के साथ कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य कर रही है। स्थानीय पुलिस द्वारा इस मामले में विधि विरुद्ध क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम 1967 (यूएपीए) की धारा 16, 18 एवं 20 तथ दण्ड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 153 ए, 153 बी, 295 ए, 452 एवं 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

साथ ही घटना की विस्तृत जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस की तत्परता से दोनों मुख्य आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की गई है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपियों का संबंध विदेशी संगठनों से है अत: इस घटना की जांच एनआईए द्वारा की जा रही है। प्रदेश की एटीएस एवं एसओजी को एनआईए द्वारा की जा रही जांच में पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी धर्मगुरुओं जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों से आग्रह किया कि वे सामाजिक सौहार्द की अपील करे ताकि प्रदेश में शांति का वातावरण बना रहे। प्रदेशवासी अशांति फैलाने एवं माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के बहकावे में नहीं आए। समाज में भय एवं अशांति का माहौल नहीं हो इसके लिए ऐसी कोई भी सामग्री एवं वीडियो को सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेटफार्म पर प्रसारित नहीं करे।

गहलोत ने कहा कि मैं प्रदेशवासियों से विनम्र अपील करता हूं कि कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं एवं शांति और सदभाव बिगाड़ने की कोई सूचना या जानकारी आपके पास है तो उसे 100 एवं 101 नंबर पर फोन कर अवश्य सूचित करे।