Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 753 -
होम ब्लॉग पेज 753

यंग एक्ट्रेस के साथ रोमांस नहीं करना चाहते हैं आर माधवन

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आर माधवन का कहना है कि वह फिल्मों में यंग एक्ट्रेस के साथ रोमांस नहीं करना चाहते हैं।

आर माधवन को फिल्म इंडस्ट्री में आए हुए दो दशक से अधिक का समय हो गया है। आर माधवन ने फिल्मों में यंग एक्ट्रेसेस के साथ रोमांस करने और उम्र के हिसाब से फिल्मों में रोल करने के बारे में बात की है। माधवन ने बताया है कि वह एक्टर नहीं बनना चाहते थे और उन्होंने कभी भी किसी से एक्टिंग की ट्रेनिंग नहीं ली है।

आर माधवन ने कहा कि मैं अपनी उम्र के हिसाब से रोल्स करना चाहता हूं। मैं किसी यंग एक्ट्रेस के साथ रोमांस नहीं करना चाहता हूं। यदि मुझे कोई रोमांटिक फिल्म ऑफर हो रही है तो, वो मेरी उम्र के हिसाब से होनी चाहिए या उसमें ऐसा कंटेंट होना चाहिए जो मेरे लिए सही हो। मैं वहां जाता हूं, जहां मैं इमोशनली कनेक्ट होता हूं।

यदि कोई रोल मुझे अपील करता है, तो ही मैं उसे करता हूं। मैं कभी एक एक्टर नहीं बनना चाहता था और न ही मैंने एक्टर बनने के लिए कभी कोई ट्रेनिंग ली थी। इंडस्ट्री में मेरी फैमिली से कोई नहीं था और न ही मैं किसी को जानता था फिर भी मैं अभी तक यहां टिका हुआ हूं। इसका मतलब है कि मैंने कोई तो सही डिसीजन लिया होगा।

मणिपुर भूस्खलन में 2 जवानों सहित 8 की मौत, 50 लापता

इंफाल। मणिपुर के नोनी जिले में हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में आकर अब तक प्रादेशिक सेना (टीए) के दो जवानों सहित आठ लोगों की मौत हो गयी है और 50 से अधिक लोग लापता हैं। इस बीच मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा भी लिया है।

सिंह ने बुधवार देर रात हुए भूस्खलन के बाद जारी राहत एवं बचाव कार्य का मौके पर पहुंच कर जायजा लिया और उन्होंने इस भीषण प्राकृतिक आपदा में मारे गये लोगों के परिजनों को पांच -पांच लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि दिये जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि मणिपुर सरकार इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए हर संभव मदद देगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और राहत एवं बचाव टीमो से प्रभावित इलाके में ही रहने को कहा है।

उन्होंने कहा कि मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया दल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया दल (एसडीआरएफ) को भेज दिया गया है यह दल सेना और रेलवे के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

सरकार लापता 50 लोगों को ढ़ूढ़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बचाव कार्य जारी है लेकिन भौगोलिक अवस्थिति, कीचड़ भरे पानी और भूस्खलन के खतरे के चलते राहत एवं बचाव कार्य पूरी क्षमता के साथ नहीं चलाया जा पा रहा है।

मणिपुर के राज्यपाल ला़ गणेशन ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से रूक- रूक कर लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण हुए भूस्खलन की दुखद खबर सुनकर बेहद उद्वेलित हूं।

यह दुखद घटना नोनी जिले में तुपुल यार्ड रेलवे निर्माण शिविर पर हुई। भूस्खलन की चपेट में आकर कई लोग मारे गये और कई मलबे में जिंदा दब गए। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ कर्मी राहत एंव बचाव कार्य में सहयोग देने के लिए निकल पड़े हैं।

उन्होंने इस भीषण हादसे में मारे गये लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों के लिए इस बड़े दुख को सहन करने की क्षमता देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के भी जल्द ठीक होने की कामना की है।

सेना के अधिकारी ने बताया कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय भारतीय सेना की प्रादेशिक विंग के 107 जवान जिरीबाम से इंफाल को जोड़ने वाली निर्माणाधीन रेलवे लाइन की सुरक्षा में तैनात थे। सभी घायलों का इलाज नोनी में सेना की मेडिकल यूनिट में किया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल हुए जवानों को हेलीकाप्टरों की मदद से इंफाल लाया गया है।

जिले के अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के बाद मलबा ईजेई नदी में जा गिरा है जो नोनी जिले से होकर बहती है। मलबे के कारण नदी का बहाव बाधित होने से बांध की तरह पानी जमा होने लगा है अगर यह टूटता है तो जिले के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी मुसीबत का कारण बन सकता है।

इसी कारण नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी जारी कर दी गई है। सभी हेल्पलाइंस को सक्रिय कर दिया गया है और राहत सामग्री प्रभावित लोगों को पहुंचाई गई है। निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर सिंह के लिए पांच लाख रुपए की घोषणा भी की।

छतरपुर : बोरवेल में गिरे 5 वर्षीय बालक को सुरक्षित निकाला

छतरपुर/भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव में बुधवार को दिन में बोरवेल में गिरे पांच वर्षीय बालक को कई घंटों चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद देर रात सुरक्षित निकाल लिया गया। इस कार्य में सेना, एनडीआरएफ और एसडीईआरएफ के जवानों की मदद भी ली गई।

नारायणपुरा गांव में एक खेत में बोरवेल खुला हुआ था। बुधवार को दिन में पांच वर्षीय बालक दीपेंद्र यादव इस बोरवेल में गिर गया। उसके लगभग 30 से 35 फीट की गहराई में फसे होने की आशंका के चलते बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदा और बोरवेल में कैमरा भेजकर लाइव फुटेज के जरिए बालक की स्थिति पर नजर रखी गई। समानांतर गड्डा खोदे जाने के बाद एक सुरंग भी बनाई गई और उसके जरिए बचाव कार्य में जुटे कर्मचारी बालक तक पहुंचे।

रात्रि में उसे सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया, जिससे उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके। हालाकि वह स्वस्थ दिखाई दिया। बोरवेल से निकालने के बाद बालक को उसकी मां और अन्य परिजनों ने गले से लगा लिया। इसके पहले दिन में बालक के गिरने की सूचना पुलिस और प्रशासन को पहुंची और फिर उसे बचाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास प्रारंभ किए गए।

देर शाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दूरभाष पर बोरवेल में गिरे बालक की मां से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि प्रशासन बालक को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने छतरपुर जिला प्रशासन को भी निर्देश दिए थे कि बालक को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा भोपाल स्थित राज्य मंत्रालय में अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित स्टेट सिचुएशन रूम से राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। चौहान को भी यहीं से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी दी जाती रही।

डॉ राजौरा ने बताया कि बताया कि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीईआरएफ, पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर डटे रहे और आवश्यक उपकरणों के साथ बचाव कार्य युद्धस्तर पर किए गए। इस कार्य में एनडीआरएफ की टीम के दो दर्जन से अधिक जवानों और सेना की एक यूनिट की मदद भी ली गई। हालांकि बीच बीच में बारिश के कारण बचाव कार्य भी प्रभावित रहा।

अभी हाल ही में छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में बोरवेल में एक बालक गिर गया था। लगभग 104 घंटों के सफल बचाव कार्य के बाद उसे सुरक्षित बचा लिया गया। हाल के वर्षों में इस तरह के अनेक मामले प्रकाश में आए हैं, इसके बावजूद बोरवेल खाेदने के बाद उन्हें ढंकने की समझदारी संबंधित नागरिक नहीं दिखा रहे हैं और इसकी कीमत बच्चों और उनके परिजनों को चुकानी पड़ती है।

GST में बदलाव, होटल, अस्पताल के कमरे, बैंक चेक होंगे महंगे

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में वस्तु एवं सेवा-कर (जीएसटी) परिषद ने बुधवार को दरों को युक्तिसंगत करने और उल्टे शुल्क ढांचे की शिकायतें दूर करने के लिए कई वस्तुओं पर कर में बदलाव किया और कुछ वस्तुओं और सेवाओं पर छूट वापस लेने का फैसला किया।

इन निर्णयों से बिना ब्रांड के पैकेज्ड अनाज, खाद्य तेल, दुग्ध उत्पाद, होटल और अस्पतालों के कमरे तथा चाकू, पेंसिल शार्पनर और चम्मच-कांटा आदि महंगा हो जाएगा। सर्वाधिकार सम्पन्न जीएसटी परिषद की बुधवार को चंडीगढ़ में सम्पन्न दो दिवसीय बैठक में संशोधित जीएसटी की दरें अब 18 जुलाई से लागू हो जाएंगी।

बैठक की जानकारी देते हुए परिषद की अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि परिषद ने कई वस्तुओं पर जीएसटी (वस्तु और सेवा कर) को संशोधित करने की सिफारिश की है।

बैठक के बाद जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार नए निर्णयों से चाकू, कागज के चाकू, पेंसिल शार्पनर, चम्मच, कांटे, करछुल, स्किमर्स और केक-सर्वर पर जीएसटी की दर 12 से बढ़कर 18 प्रतिशत हो जाएगी।

इसी तरह बीजों, अनाज और दालों की सफाई, छंटाई या ग्रेडिंग की मशीनों, अनाज मिलों में प्रयुक्त मशीनरी, पवन चक्की और वेट ग्राइंडर पर कर की दर पांच प्रतिशत की जगह 18 लागू होगी।

इस निर्णय से होटल के अपेक्षाकृत सस्ते कमरों पर जीएसटी लागू होने से ये कमरे महंगे होंगे। अब 1,000 रुपए प्रतिदिन से कम के किराए वाले होटल कक्ष के लिए 12 प्रतिशत जीएसटी लागू होगा। इसी तरह प्रति मरीज 5,000 रुपए प्रतिदिन से अधिक के अस्पताल के कमरे का किराया (आईसीयू को छोड़कर) पांच प्रतिशत जीएसटी के दायरे में आएगा और इस पर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ नहीं मिलेगा।

जीएसटी परिषद ने बैंक चेक पर कर छूट को वापस लेने और 18 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगाने का भी फैसला किया।मानचित्र और हाइड्रोग्राफिक या सभी प्रकार के समान चार्ट, जिनमें एटलस, वॉल मैप, स्थलाकृतिक योजना वाले मानचित्र और ग्लोब पर जीएसटी की छूट खत्म की जा रही है और इन पर 12 प्रतिशत जीएसटी लागू होगा।

विज्ञप्ति ने स्पष्ट किया कि इलेक्ट्रिक वाहनों पर पांच प्रतिशत की रियायती जीएसटी दर से जीएसटी लगेगी, भले ही बैटरी पैक से सुसज्जित हैं या नहीं। विज्ञप्ति के अनुसार कंपोजीशन करदाताओं को कुछ शर्तों के अधीन ई-कॉमर्स ऑपरेटरों के माध्यम से राज्य के भीतर आपूर्ति करने की अनुमति होगी।

कुछ विशेषज्ञों ने कहा कि दरों में बढ़ोतरी से कुछ हद तक मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ेगा लेकिन यह कदम सही दिशा में था। पीडब्ल्यूसी इंडिया के पार्टनर प्रतीक जैन ने कहा कि अलग-अलग मदों पर दरों में बढ़ोतरी पर हमेशा दो नजरिए होंगे लेकिन जीएसटी परिषद का फैसला सही है क्योंकि यह उल्टे कर ढांचे की शिकायत दूर करता है और इसमें छूट करने का प्रयास करता है।

ईवाई इंडिया के टैक्स पार्टनर बिपिन सपरा ने इन बदलावों का स्वागत योग्य बताया। जीएसटी परिषद की सिफारिशों पर टिप्पणी करते हुए टैक्स कनेक्ट एडवाइजरी के पार्टनर विवेक जालान ने कहा कि सरकार ने पिछले महीने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती की थी और सूरजमुखी तथा सोयाबीन तेल जैसी वस्तुओं पर सीमा शुल्क में छूट दी, जिससे सरकारी खजाने पर वित्त वर्ष 2022-23 में 1.5 लाख करोड़ रुपए का बोझ पड़ने का अनुमान था।

उन्होंने कहा कि जीएसटी में इस फेरबदल से सरकार खजाने पर बोझ कुछ हल्का होगा और जीएसटी संग्रह 1.5 लाख करोड़ रुपए प्रति माह से ऊपर पहुंच जाएगा।

जालान ने कहा कि जीएसटी परिषद के निर्णयों के परिणामस्वरूप बिना ब्रांड के पर पैकेज कर के बेचे जाने वाले अनाज, गेहूं, मक्का और चावल आदि विभिन्न कृषि वस्तुओं के दाम 5 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न संबंधित वस्तुओं और सेवाओं पर जीएसटी दर बढ़ने और जीएसटी नियमों में बदलाव के परिणामस्वरूप पैकेज्ड खाद्य तेलों के साथ-साथ दूध उत्पाद भी महंगे हो सकते हैं।

सीतारमण ने बताया कि जीएसटी परिषद ने कैसीनो, रेस कोर्स और ऑनलाइन गेमिंग पर मंत्रियों के समूह (जीओएम) की रिपोर्ट पर गोवा और अन्य राज्यों की ओर से आए सुझावों के आधार पर अपनी सिफारिशों की फिर से जांच करने और अगले महीने के मध्य तक अपनी रिपोर्ट देने को कहा है।

परिषद ने जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण और सीजीएसटी अधिनियम में संशोधन पर राज्यों द्वारा उठाई गई विभिन्न चिंताओं को दूर करने के लिए एक जीओएम का गठन करने का निर्णय लिया। परिषद ने राज्यों को क्षतिपूरक उपकर बढ़ाने पर निर्णय नहीं लिया।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पत्रकारों से कहा कि क्षतिपूरक उपकर के मुद्दे पर लगभग 16 राज्य ऐसे थे जिन्होंने मुआवजा उपकर के बारे में बात की थी, लेकिन ऐसा नहीं है कि सभी ने इस उपकर की अवधि को बढ़ाने को कहा हो। वित्त मंत्री ने कहा कि इनमें तीन-चार ऐसे भी राज्य हैं जिन्होंने कहा कि यह व्यवस्था कब तक चलाई जा सकती है। कुछ ऐसे प्रयास होने चाहिए कि राज्यों को इसकी बैसाखी की जरूरत न हो। सीतारमण ने बताया कि जीएसटी परिषद की अगली बैठक अगस्त के पहले सप्ताह में होगी।

शिवसेना के बागी विधायक असम से फिर पहुंचे गोवा

पणजी। महाराष्ट्र में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शिवसेना के बागी विधायक बुधवार रात गोवा पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार विशेष विमान से बागी विधायक रात करीब 9:45 बजे दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर पहुंचे और शहर के पास डोना पाउला में ताज कन्वेंशन सेंटर गए जहां इनके रातभर रुकने की संभावना है।

विधायकों के गोवा पहुंचने से पहले हवाईअड्डे की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। ताज कन्वेंशन सेंटर को उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में बदल दिया गया है। पुलिस के उच्च अधिकारियों ने होटल पहुंचकर सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया। मीडिया का होटल के अंदर जाने पर प्रतिबंध है।

इससे पहले गोवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर ने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से कहा था कि वह विधायकों के मामले पर ध्यान ना दे क्योंकि राज्य इसके अलावा भी बहुत से महत्वपूर्ण मामले हैं।

उन्होंने कहा कि गोवा सरकार उनपर ध्यान ना दें। वे पर्यटक के रूप में आ रहे हैं। पाटकर ने कहा कि वह महाराष्ट्र के बागी विधायकों से मिलने का प्रयास करेंगे और इसके पीछे का कारण जानेंगे।

उद्धव ठाकरे सरकार ने औरंगाबाद, उस्मानाबाद के नाम बदले

अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ के मंदिर हुई नेत्रोत्सव विधि

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील पुराने शहर स्थित भगवान जगन्नाथ के मंदिर में बुधवार को भगवान की नेत्रोत्सव विधि आयोजित की गई। इस दौरान मंदिर के शिखर पर ध्वज बदलने की रस्म यानी ध्वाजारोहण का भी आयोजन किया गया।

नेत्रोत्सव समारोह में आज भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया। उसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार करके भगवान की आंखों पर पट्टी बांधी गई, ध्वाजारोहण, विशेष पूजा और आरती की गयी। इस दौरान गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल और गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी सहित साधु-संत और श्रद्धालु दर्शनार्थी भगवान जगन्नाथ मंदिर में उपस्थित रहे।

भगवान अहमदाबाद के सरसपुर स्थित अपने ननिहाल में होने के कारण जमालपुर स्थित मंदिर में पिछले 15 दिनों से उनके दर्शन बंद थे। ननिहाल से आज सुबह जमालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर भगवान के निज मंदिर आते ही उनके दर्शनों के लिए भक्तों की सुबह से ही भीड़ देखने को मिली।

भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम अपने मामा के घर से आज अपने निज मंदिर लौटने पर मंदिर में नेत्रोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। ननिहाल में ज्यादा आम और जामुन खाने के कारण भगवान की आंखों में जलन (आंख आने के कारण) मामा के घर से लौटने पर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलदेव को गर्भगृह में प्रवेश करा कर उनके नेत्रों पर पट्टियां बांधी गयीं जिसे नेत्रोत्सव विधि कहते हैं।

उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 145वीं रथयात्रा कोरोना काल के दो वर्षों के बाद एक जुलाई शुक्रवार अषाढ़ी बीज (दूज) के दिन ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर से निकलेगी। भक्तों को दर्शन देने भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम के साथ खुद इस दिन नगर यात्रा पर निकलते हैं।

फ्रांस में सलाह अब्दुस्सलाम आतंकवाद और हत्या का दोषी करार

पुणे। पेरिस आतंकी हमले के मुख्य संदिग्ध सलाह अब्दुस्सलाम को यहां की एक अदालत ने आतंकवाद और हत्या के आरोपों का दोषी पाया है।

साल 2015 के नवंबर में हुए इस आतंकवादी हमले में अब्दुस्सलाम की अहम भूमिका को देखते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। इस हमले में 130 लोगों की मौत हुई थी।

अदालत ने हमले में शामिल 19 अन्य लोगों को भी दोषी ठहराया, जिनमें से छह के मारे जाने की आशंका है। अदालत में मामले की सुनवाई पिछले साल सितंबर से शुरू हुई थी।

13 नवंबर 2015 को किए गए इस हमले में बार, रेस्तरां, फुटबॉल स्टेडियम और बाटाक्लान थिएटर को निशाना बनाया गया था। इसमें लोगों के मरने के साथ बड़ी संख्या में कई घायल भी हुए थे।

मुकदमे की शुरुआत में अब्दुस्सलाम ने खुद को आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट का सदस्य बताया था। हालांकि, बाद में उसने अदालत से माफी मांग ली थी और कहा था कि वह कोई हत्यारा नहीं है और उसे हत्या के मामलों का दोषी ठहराया जाना गलत है।

अब्दुस्सलाम को दिए गए उम्रकैद की सजा का तात्पर्य यह है कि 30 साल बाद उसे पैरोल पर रिहा किया जा सकता है। फ्रांस में उम्रकैद की सजा बेहद दुर्लभ है और आमतौर पर बहुत कम मामलों में ही किसी अपराधी के लिए इसकी सजा सुनाई जाती है।

पॉप गायक आर केली को यौन अपराधों के लिए 30 साल की सजा

वाशिंगटन। अमरीकी पॉप गायक आर केली को महिलाओं और बच्चों के यौन शोषण के मामले दोषी ठहराए जाने के बाद 30 साल कैद की सजा सुनाई गई है।

आर एंड डी संगीत शैली के कलाकार 55 वर्षीय कलाकार को पिछले साल सितंबर में न्यूयॉर्क में यौन तस्करी से संबंधित अपराधों के लिए दोषी पाया गया था।

आर केली के वकील ने कहा था कि एक बार सजा सुनाए जाने के बाद वह आगे अपील करेंगे। बताया जा रहा है कि फैसला सुनाए जाते वक्त केली जेल के पोशाक व काले चश्मों में नजर आए। उन्होंने इस दौरान कुछ भी कहने से मना कर दिया, कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और सिर झुकाकर रखा।

अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के न्यायाधीश एन डोनेली ने फैसला सुनाते वक्त कहा कि आर केली ने सेक्स का उपयोग अपने एक हथियार के रूप में किया, उन्होंने पीड़ितों के साथ ऐसा बर्ताव किया जो कहने योग्य नहीं है और ये पीड़ित बाद में यौन संबंधित संक्रमित बीमारियों की चपेट में भी आए।

अदालत में इस बात का भी खुलासा हुआ कि कैली ने गायिका आलिया से 1994 में उस समय शादी की थी, जब वह मात्र 15 साल की थीं। हालांकि, तब प्रमाण पत्र में उन्हें 18 साल की दिखाया गया था। बाद में उनकी शादी को रद्द कर दिया गया और इसके नौ साल बाद ही विमान दुर्घटना में आलिया की मौत हो गई थी।

सबगुरु राशिफल : 30 जून गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2079, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.49 बजे बाद द्वितीया तिथि प्रारंभ। आज आपका दिन कैसा रहेगा जानने के लिए पढें राशिफल।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी भी आपको मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आएंगे और सजने संवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करे। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते है।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाये रखें। नई योजनायों का आरम्भ करके और नाम कमायेंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च की संभावना है।

मीन :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है।सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

उद्धव ठाकरे का ‘शक्ति परीक्षण’ से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण से पहले ही बुधवार रात इस्तीफा दे दिया।

ठाकरे ने उच्चतम न्यायालय के गुरुवार को होने वाले शक्ति परीक्षण पर रोक लगाने से इन्कार कर देने के बाद इस्तीफा दिया। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव सरकार को गुरुवार पूर्वान्ह 11 बजे सदन में बहुमत सिद्ध करने का निर्देश दिया था।

ठाकरे ने आज शाम को हुई कैबिनेट बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस को उनकी सरकार को समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने महाराष्ट्र के वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी के लोगों ने ही उन्हें धोखा दिया है। ठाकरे ने राज्य विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।

मुख्यमंत्री ने फेसबुक लाइव के दौरान इस्तीफे की घोषणा की। ठाकरे ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफे की भी घोषणा की है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपना इस्तीफा सौंपने के लिए राजभवन रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने भावुक शब्दों में कहा कि जो आज मुझे छोड़कर चले गए, उन्हें मैंने सब कुछ दे दिया, लेकिन जिनके लिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कर पाया, वे हमारे साथ हैं।

उन्होंने कहा कि किस बात से बागी नाराज हो गए हैं। मुझे मुख्यमंत्री पद छोड़ने का कोई गम नहीं है। मैं मुंबई में भारी बारिश के बावजूद पिछले बुधवार को ही ‘मातोश्री’ आ गया था। मैं आज मुख्यमंत्री का पद इसलिए छोड़ रहा हूं क्योंकि मेरे ही लोगों ने मेरे साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि कल शिवसैनिकों का खून बहे और वे सड़कों पर उतरें। इसलिए वह कुर्सी को त्याग रहे हैं।

उच्चतम न्यायालय द्वारा ‘शक्ति परीक्षण’ के राज्यपाल कोश्यारी के निर्देश पर रोक लगाने से इनकार करने के बाद आज शाम ‘उद्धव युग’ का अंत हो गया। इसके बाद ठाकरे ने न केवल मुख्यमंत्री पद बल्कि विधान परिषद सदस्य के रूप में भी इस्तीफा देने का फैसला किया।

उच्चतम न्यायालय ने बुधवार रात को गुरुवार को ‘शक्ति परीक्षण’ पर रोक लगाने से इनकार कर उद्धव सरकार को झटका दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ठाकरे फेसबुक पर लाइव आए और अपने इस्तीफे की घोषणा की।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता जयंत पाटिल ने कहा कि उनके पार्टी प्रमुख शरद पवार द्वारा एमवीए सरकार को बचाने के प्रयास विफल रहे हैं। इसी बीच, महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने से पहले अपनी जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

इस बीच उद्धव ठाकरे के इस्तीफे की घोषणा के तुरंत बाद भाजपा विधायकों ने उस होटल में ही जश्न मनाना शुरु कर दिया जहां वह ठहरे हुए हैं। पार्टी के निर्देशानुसार सभी भाजपा विधायक कल फ्लोर टेस्ट से पहले एक होटल में रुके हुए हैं।

ठाकरे ने हालांकि, अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए भाजपा विधायकों ने विश्वास व्यक्त किया कि देवेंद्र फडनवीस के नेतृत्व वाली सरकार राज्य को सुशासन प्रदान करेगी।

एक विधायक ने कहा कि फडनवीस के पास विकास की दृष्टि है और उम्मीद है कि एक बार फिर वह समग्र विकास के लिए राज्य की बागडोर संभालेंगे।इस बीच शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के साथ मौजूद विधायकों और निर्दलीय विधायकों में भी शीर्ष न्यायालय के फैसले को लेकर खुशी का माहौल है।

महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पर रोक से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, मलिक, देशमुख को वोटिंग की इजाजत

उद्धव ठाकरे सरकार ने औरंगाबाद, उस्मानाबाद के नाम बदले