Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 755 -
होम ब्लॉग पेज 755

उदयपुर हत्याकांड की जांच एनआईए को सौंपी

जयपुर। राजस्थान के गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने आज बताया कि उदयपुर जघन्य हत्याकांड की जांच राष्ट्रीय अनुसंधान एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई हैं।

यादव ने मीडिया से कहा कि यह एक बडी आतंकवादी घटना है और इसमें पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में अब जांच एनआईए को सौंप दी गई हैं और आगे की जांच एनआईए करेगी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार गंभीर है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों में एक आरोपी वर्ष 2014-15 में विदेश गया था। वह इस दौरान पाकिस्तान के कराची में करीब 45 दिन रहा। वह नेपाल भी गया और उसके पास कुछ पाकिस्तानी नम्बर मिले हैं जिन पर वह लगातार बात करता था।

उन्होंने बताया कि इस हमले के पीछे इनका मकसद प्रदेश एवं देश में अस्थिरता एवं आतंक फैलाना एवं वातारण को खराब करना था। ये चाहते थे कि बड़े रुप में दंगे हो, पाकिस्तान का मकसद है कि भारत में किस तरह अस्थिरता हो। इसकी शुरुआत करने की कोशिश की थी लेकिन ये पकड़े गए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसे लोगों के खिलाफ और शक्ति से काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वह राजसमंद के पुलिस अधीक्षक को धन्यवाद देना चाहेंगे कि उन्होंने अपने जिले में ऐसी नाकेबंदी की कि ये दोनों आरोपी पकड़े गए और पुलिसकर्मियों ने भी जान पर खेल कर इनको पकड़ा। इसके बाद इन पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री गैलेंट्री अवार्ड देने की घोषणा की है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संवेदनशील है और उन्होंने शाम को सर्वदलीय बैठक बुलाई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में विपक्ष के लोगों को वातारण बिगाड़ने वाले बयान देने के बजाए सहयोग करना चाहिए और अपील करना चाहिए कि प्रदेश में शांति एवं अमन चैन बना रहे।

उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या के दूसरे दिन अंतिम संस्कार, भारी भीड़ जुटी

उदयपुर में सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू दूसरे दिन भी जारी

एमवीए सरकार गुरुवार को विधानसभा में करेगी फ्लोर टेस्ट का सामना

मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नीत महा विकास आघाड़ी की सरकार को गुरुवार को विधानसभा में शक्ति परक्षण कराने और बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडनवीस के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार की रात राज्यपाल से मुलाकात की और बहुमत प्रदान करने के लिए एमवीए को तत्काल निर्देश देने की मांग की। इसके तुरंत बाद राजभवन द्वारा मंगलवार देर रात विधानसभा सचिव को इस आशय का तीन पन्नों का पत्र जारी किया गया।

राज्यपाल ने पिछले नौ दिनों में देखे गए कानूनी और प्रक्रियात्मक मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर मुख्यमंत्री के खिलाफ विश्वास मत के एकल सूत्री एजेंडे के साथ गुरुवार को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के लिए सहमति व्यक्त की है।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य के संवैधानिक प्रमुख के रूप में, मुझे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सरकार सदन के समर्थन और विश्वास के साथ काम करे। इस प्रकार मैंने मुख्यमंत्री को 30.6.2022 को सदन के पटल पर बहुमत प्रदान करने का आह्वान करते हुए एक पत्र जारी किया है।

विधानसभा का विशेष सत्र सुबह 11 बजे बुलाया जाएगा और शाम पांच बजे खत्म होगा। विधायिका के अंदर और बाहर पर्याप्त सुरक्षा के प्रावधानों के साथ दिन की कार्यवाही की वीडियोग्राफी और लाइव प्रसारण किया जाएगा।

गौरतलब है कि राज्य में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडनवीस ने कल रात राजभवन जाकर कोश्यारी से मुलाकात की तथा सदन में शक्ति परीक्षण कराने की मांग की।

फडनवीस ने कोश्यारी से मुलाकात के बाद राजभवन के बाहर संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना के 39 विधायक उद्धव ठाकरे नीत महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के साथ नहीं हैं अत: राज्य सरकार अल्पमत में है इसलिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से सदन में बहुमत सिद्ध करने के लिए कहा जाए। फडनवीस ने इस संबंध में कोश्यारी को एक पत्र भी सौंपा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक फडनवीस के साथ राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में भाजपा नेता गिरीश महाजन और महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी थे। दोनों नेता हवाई अड्डे से सीधे फडनवीस को लेकर राज्यपाल से मिलने गए। सूत्रों का कहना है कि आठ निर्दलीय विधायकों ने अपने रजिस्टर्ड ईमेल आईडी से महाराष्ट्र के राज्यपाल को मेल भेजा है और तुरंत ही फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की है।

उदयपुर में सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू दूसरे दिन भी जारी

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में एक हिन्दू दर्जी की हत्या के बाद उत्पन्न तनाव के मध्यनजर लगाए गए सात थाना क्षेत्रों में कार्फ्यू बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस मामले के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जांच शुरू कर दी है।

उदयपुर के धान मंडी, घंटाघर, हाथीपोल, अम्बामाता, सूरजपोल, भूपालपुरा एवं सविना थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी है और इस दौरान कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की रिपोर्ट नहीं है। इस दौरान हालांकि परीक्षार्थियों और जरुरी सेवा देने वाले कर्मियों को कर्फ्यू से छूट दी गई है।

पुलिस महानिरीक्षक(एटीएस) प्रफुल्ल कुमार के अनुसार एसआईटी उदयपुर पहुंच गयी है और उसने जांच शुरू कर दी है। वह बर्बर हत्याकांड से संबंधित सभी पहलुओं की जांच करेगी।

बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी( एनआईए) की टीम भी उदयपुर पहुंच गई है। इस मामले के बाद उदयपुर सहित राज्यस्थान के सभी जिलों में एहतियात के लिए पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है और उदयपुर, जयपुर भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर सहित कई जिलों में इंटर सेवा को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है।

इस मामले से जुड़े दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को राजसमंद जिले के भीम क्षेत्र से गिरफ्तार किया था और उनकी निशानदेही पर राजसमंद से तीन और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ जारी है।

उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने कार्यक्रमों को छोड़कर जयपुर पहुंच गए हैं और कानून-व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक कर रहे हैं।

उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या के दूसरे दिन अंतिम संस्कार, भारी भीड़ जुटी

उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या के दूसरे दिन अंतिम संस्कार, भारी भीड़ जुटी

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल का उनकी हत्या के दूसरे दिन आज अंतिम संस्कार कर दिया गया।

उदयपुर में दर्जी का काम कर रहे कन्हैयालाल की मंगलवार को दो व्यक्तियों ने कपड़े का नाप देने के बहाने घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। इसके बाद उदयपुर तनाव व्याप्त हो गया और सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया था।

घटना के बाद कन्हैया लाल के शव को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। बाद में उनके अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन एवं पुलिस ने प्रयास किया और उनके आश्रितों को राज्य सरकार के 31 लाख का मुआवजा देने एवं संविदा पर नौकरी देने के आश्वासन के बाद आज दोपहर में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में लोगों की भारी भीड़ शामिल हुई और वह आरोपियों को सख्त से सख्त फांसी की सजा देने की मांग कर रही थी।

इससे पहले पोस्टमार्टम के बाद कन्हैयालाल का शव घर ले जाया गया, तो घर में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी जशोदा ने कहा कि हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए, नहीं तो ये लोग कई लोगों को मारेंगे। घटना के विरोध में पूरा शहर बंद है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात हैं।

मथुरा में 13 साल की लडकी से 4 ने किया गैंगरेप, वीडियो वायरल

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के जैत क्षेत्र में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो की तलाश की जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रवीण मलिक ने बुधवार को बताया कि बालिका के पिता की रिपोर्ट पर धारा 376डी आईपीसी, 67 आईटी ऐक्ट एवं 3/4 पाक्सो ऐक्ट के अन्तर्गत जैत थाने में चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले कस्बे के चार युवक एक 13 वर्षीय बालिका को जलाने के लिए लकड़ी दिलाने के बहाने से ले गए तथा एक सुनसान क्षेत्र में उसके साथ मुंह काला किया। बालिका को ब्लैकमेल करने के लिए उन्होंने पूरी घटना की वीडियो भी बना ली।

मलिक ने बताया कि दो दिन पहले आरोपियों ने किशोरी को फिर वहीं बुलाया और जब उसने मना किया तो घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी दे डाली। किशोरी के नहीं मानने पर उन्होंने घटना का वीडियो वायरल कर दिया। इसके बाद ही किशोरी के पिता ने जैत थाने में चारों युवकों के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज करा दी।

सीओ के अनुसार आरोपियों प्रमोद और रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है जब कि शेष दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

मुकेश अंबानी का सुरक्षा विवाद : सुप्रीम कोर्ट ने लगाई त्रिपुरा हाईकोर्ट के फैसले पर रोक

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उनके परिवार को केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही सुरक्षा से संबंधित विवरण मांगने के मामले में त्रिपुरा उच्च न्यायालय के फैसले को अगले आदेश तक बुधवार को रोक लगा दी।

न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला की अवकाशकालीन पीठ ने संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रोक संबंधी यह आदेश पारित किया। पीठ ने सोमवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के ‘विशेष उल्लेख’ पर उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली केंद्र की याचिका पर शीघ्र सुनवाई के लिए सहमति व्यक्त की थी। शीर्ष अदालत ने अंबानी की सुरक्षा पर सवाल उठाने वाली एक जनहित याचिका पर त्रिपुरा उच्च न्यायालय की ओर से जारी एक आदेश के खिलाफ शीघ्र सुनवाई करने की गुहार स्वीकार की थी।

केंद्र सरकार की सिफारिश पर श्री अंबानी और उनके परिवार को दी जा रही सुरक्षा पर सवाल उठाने वाली एक जनहित याचिका में उनके (अंबानी और उनके परिवार को) खतरे की आशंका से संबंधित विवरण मांगने के त्रिपुरा उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ केंद्र ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

सॉलिसिटर जनरल ने सोमवार को विशेष उल्लेख के दौरान शीघ्र सुनवाई की गुहार लगाते हुए तर्क दिया था कि अंबानी को प्रदान की गई सुरक्षा का त्रिपुरा सरकार से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए जनहित याचिका पर विचार करना वहां के उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में नहीं है।

मेहता ने उच्च न्यायालय के उस आदेश की वैधता पर भी सवाल उठाया, जिसमें खतरे की आशंका से संबंधित दस्तावेजों के साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों को 28 जून को पेश होने के लिए कहा गया था।

सॉलिसिटर जनरल ने शीर्ष अदालत के समक्ष यह भी कहा था कि केंद्र ने त्रिपुरा उच्च न्यायालय को यह भी बताया गया था कि बम्बई उच्च न्यायालय ने अंबानी को सुरक्षा प्रदान करने पर इसी तरह की एक याचिका को खारिज कर दी थी। त्रिपुरा उच्च न्यायालय ने अंतरिम आदेश दिया था।

पाकिस्तान के सिंध में नाबालिग हिन्दू लड़के का अपहरण

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध में रानीपुर कस्बे में हिन्दू समुदाय के एक नाबालिग लड़के का उसके घर के बाहर से अपहरण कर लिया गया।

पुलिस और परिवार के सदस्यों के अनुसार घटना सोमवार को सुबह की है जब आदेश कुमार अपने दो पड़ोसी मित्रों के साथ घर के सामने खेल रहा था। रिपोर्ट के अनुसार दो संदिग्ध होंडा मोटरसाइकिल पर आए और उसे अपहृत कर लिया।

लड़के के चाचा सावन राज ने मीडिया वेबसाइट से कहा कि अपहरणकर्ता दो बच्चों का अपहरण करना चाहते थे लेकिन एक लड़का भाग गया। इसलिए वे आदेश को क्षेत्र के लोगों के सामने ले गए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने संदिग्धों को पचास किलोमीटर तक पीछा किया लेकिन वे भाग गए।

शहर के शाहबाज कॉलोनी इलाके में एक किराने की दुकान चलाने वाले आदेश के पिता हीरो मल ने कहा कि वह निम्न मध्यम वर्ग से ताल्लुक रखते हैं और अपने बेटे को वापस पाने के लिए फिरौती नहीं दे सकते।

कुएं में जहरीली गैस रिसाव से 5 की मौत

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रावलपिंडी शहर के पास रावत इलाके में एक कुएं के अंदर जहरीली गैस के रिसाव से कुल पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी। मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति कुएं के अंदर सफाई करने गया लेकिन जहरीली गैस जमा होने से वह बेहोश हो गया।

पुलिस ने मीडिया को बताया कि बेहोश व्यक्ति को निकालने के लिए सात लोग तुरंत कुएं के अंदर गए लेकिन वे भी बेहोश हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचावकर्मी मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया।

एक समाचार एजेंसी के मुताबिक दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को जिंदा बचा लिया गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाजपा नेता फडनवीस ने कोश्यारी से की मुलाकात, फ्लोर टेस्ट की मांग

मुंबई/नई दिल्ली। महाराष्ट्र में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडनवीस ने मंगलवार की रात राजभवन जाकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की तथा सदन में शक्ति परीक्षण कराने की मांग की।

विधानसभा में विपक्ष के नेता फडनवीस ने कोश्यारी से मुलाकात के बाद राजभवन के बाहर संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना के 39 विधायक उद्धव ठाकरे नीत महा विकास अघारी सरकार के साथ नहीं हैं अत: राज्य सरकार अल्पमत में है इसलिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से सदन में बहुमत सिद्ध करने के लिए कहा जाए। फडनवीस ने इस संबंध में कोश्यारी को एक पत्र भी सौंपा। साथ उन्होंने इस संबंध में कोश्यारी को एक ईमेल भी भेजा था।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक फडनवीस के साथ राज्यपाल कोश्यारी से मुलाकात करने वालों में भाजपा नेता गिरीश महाजन और महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी थे। दोनों नेता एयरपोर्ट से सीधे फडनवीस को लेकर राज्यपाल से मिलने गए। सूत्रों का कहना है कि वहीं आठ निर्दलीय विधायकों ने अपने रजिस्टर्ड ईमेल आईडी से महाराष्ट्र के राज्यपाल को मेल भेजा है और तुरंत ही फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की है।

फडनवीस की मुलाकात राज्यपाल से ऐसे वक्त हो रही है, जब बागी विधायकों के नेता एकनाथ शिंदे वापस मुंबई लौटने की तैयारी में हैं। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बागियों से मुंबई लौटने और बातचीत करने की अपील की है।

इस बीच ये खबर भी आ रही है कि बागी विधायक गुरुवार को मुंबई लौट सकते हैं। बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को ही संकेत दिया था कि वो मुंबई लौट सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र भाजपा के नेताओं ने राज्यपाल को बताया है कि उद्धव ठाकरे सरकार ने बहुमत खो दिया है।

इससे पहले आज ही देवेन्द्र फडनवीस दिल्ली गए थे जहां उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।

गौरतलब है कि राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए बीते दिन ही भाजपा की महाराष्ट्र इकाई की कोर कमेटी की बैठक हुई थी जिसके बाद फडनवीस दिल्ली गए थे। दिल्ली में उन्होंने पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

सूत्रों से पता चला है कि दोनों नेताओं के बीच सरकार गठन को लेकर बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में महाराष्ट्र में सरकार के गठन के बाद भाजपा कोटे के मंत्रियों को लेकर भी चर्चा की गई है।

शिवसेना के 16 बागी विधायकों को विधान सभा की सदस्यता से अयोग्य करने के उपाध्यक्ष के नोटिस पर आगे की कार्रवाई 11 जुलाई तक रोकने के न्यायालय के निर्देश के बाद शिवसेना के बागी विधायकों का मनोबल ऊंचा हो गया है।

इन विधायकों को उपाध्यक्ष ने मंगलवार शाम तक नोटिस का जवाब देने का समय दिया था। न्यायालय से मोहलत मिलने के बाद अटकलें हैं कि उद्धव सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस शीघ्र आ सकता है अथवा बागी विधायकों के साथ मिल कर विपक्ष अपने बहुमत का दावा कर सकता है।

फडनवीस ने न्यायालय के सोमवार के निर्णय के बाद मुंबई में महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। भाजपा खेमे का दबाव है कि कुल 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधान सभा में उसके साथ कुल 170 विधायक हैं। भाजपा के स्वयं के 106 सदस्य हैं तथा पार्टी समर्थित निर्दलियों समेत उसके 113 सदस्य हैं।

गुवाहाटी के एक होटल में जमे बागीगुट के साथ एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनके साथ 50 विधायक हैं। उन्होंने कहा कि वह मुंबई लौटने वाले हैं। इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बागी विधायकों से मुंबई लौट कर बातचीत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सीधे बातचीत करने से कोई रास्ता निकल सकता है।

भारत ने आयरलैंड पर रोमांचक जीत से सीरीज 2-0 से जीती

डबलिन। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज दीपक हुड्डा (104) के तूफानी शतक से भारत ने आयरलैंड को दूसरे टी 20 मैच में मंगलवार को आखिरी गेंद तक खिंचे बेहद रोमांचक मुकाबले में चार रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से जीत ली।

भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर बनाया और आयरलैंड की कड़ी चुनौती को पांच विकेट पर 221 रन पर थाम लिया।

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड के बल्लेबाजों ने अपने जीवट भरे प्रदर्शन से भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या के माथे पर पसीना ला दिया। आखिरी गेंद पर एक रन बनने के साथ ही हार्दिक और अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने राहत की सांस ली। आयरलैंड ने भारत के हाथों से जीत लगभग छीन ही ली थी।

सलामी बल्लेबाजों पॉल स्टर्लिंग ने 18 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाये जबकि कप्तान ऐंडी बैलबर्नी ने 37 गेंदों में तीन चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 60 रन ठोके।

हैरी टेक्टर ने 28 गेंदों में 39 रन, जार्ज डॉकरेल ने 16 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 34 रन और मार्क ऐडेर ने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए।

आयरलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रन चाहिए थे लेकिन उमरान मलिक ने दूसरी और तीसरी गेंद पर चौका खाने के बावजूद संयम कायम रखा और जीत भारत की झोली में डाल दी।

जब भारतीय टीम ने पहली पारी में 225 रन का स्कोर खड़ा किया था तो किसी ने भी यह सोचा नहीं था कि आयरलैंड जीत से बस एक शॉट दूर रह जाएगी। लेकिन आयरिश बल्लेबाज़ों ने भारतीय गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ बेहतरीन बल्लेबाज़ी की और मैच को आख़िरी गेंद तक ले गए।

मैच आयरलैंड की तरफ़ जाता हुआ दिख रहा था लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने सही समय पर अपना अनुभव दिखाया और 18वें ओवर में बेहतरीन गेंदबाज़ी कर भारत को मैच में वापस लाए।

इसके बाद उमरान मलिक ने भी अंतिम ओवर में अच्छा टेंपरामेंट दिखाया और दबाव में अपना नियंत्रण नहीं खोया। ख़ैर, पहले यह मैच दीपक हुड्डा के लिए याद किया जाना था लेकिन अब उसके साथ-साथ इसे आयरलैंड के बेहतरीन संघर्ष के लिए जाना जाएगा।

इससे पहले दीपक ने मात्र 57 गेंदों में नौ चौकों और छह छक्कों की मदद से 104 रन की बेहतरीन पारी खेली। ईशान किशन (3) का विकेट मात्र 13 के स्कोर पर गिरने के बाद दीपक ने संजू सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 176 रन की बड़ी साझेदारी की।

सैमसन ने 42 गेंदों में नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 77 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव पांच गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। सूर्य ने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया।

दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल खाता खोले बिना 19वें ओवर में पवेलियन लौट गए। उन्हें अपना 50वां मैच खेल रहे क्रैग यंग ने आउट किया। हर्षल पटेल का भी खाता नहीं खुला और वह आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने नौ गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए।

भारतीय टीम में इस मैच के लिए तीन बदलाव हुए। चोटिल ऋतुराज गायकवाड़ की जगह पर संजू सैमसन, आवेश ख़ान की जगह पर हर्षल पटेल और युज़वेंद्र चहल की जगह पर रवि बिश्नोई टीम में आए। राहुल त्रिपाठी को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए अभी थोड़ा और इंतज़ार करना होगा। वहीं आयरिश टीम में कोई बदलाव नहीं है। यह क्रेग यंग का 50वां टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच था।

सेक्स रैकेट : ब्रिटिश सोशलाइट घिसलीन मैक्सवेस को 20 साल की सजा

वाशिंगटन। अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की मशहूर फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन के साथ सेक्स रैकेट चलाने, युवा लड़कियों को इसमें भर्ती करने, उन्हें तैयार करने और उनकी यौन तस्करी करने के अपराध के लिए ब्रिटिश सोशलाइट घिसलीन मैक्सवेल को अमेरिका की जेल में 20 साल कैद की सजा सुनाई गई है। बीबीसी ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

एपस्टीन की पूर्व प्रेमिका 60 साल की मैक्सवेल को पिछले साल दिसंबर में दोषी ठहराया गया था। उन पर आरोप लगाने वालों में से एक ने न्यूयॉर्क में अदालत के बाहर कहा कि उन्हें अपनी बची-खुची जिंदगी जेल में ही रहना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि एपस्टीन ने साल 2019 में उन पर मुकदमा चलने के दौरान मैनहट्टन जेल की कोठरी में आत्महत्या कर ली थी। घिसलीन मैक्सवेल ने इन जघन्य अपराधों को साल 1994 से 2004 के बीच में अंजाम दिया। उन्हें सजा सुनाते हुए न्यायाधीश एलिसन जे नाथन ने कहा कि मैक्सवेल का आचरण जघन्य और हिंसक रहा है।

पूर्व न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के लिए अमेरिका के जिला न्यायालय की न्यायाधीश सुश्री नाथन ने कहा कि मैक्सवेल ने एपस्टीन के साथ मिलकर लड़कियों को सेक्स रैकेट में भर्ती के लिए चुना और उनके यौन शोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि इस मामले के संदर्भ में अपराधी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे समाज के लोगों को एक संदेश पहुंचे और आने वाले समय में कोई भी इस तरह के जघन्य अपराध को करने से पहले एक बार सोचे।

कोर्ट ने कैद के साथ-साथ उन पर 750,000 डॉलर का जुर्माना भी लगाया है। मैक्सवेल साल 2020 से पुलिस की हिरासत में है। उनका नाम अक्तूबर 2017 में अमरीका में मीटू आंदोलन की शुरुआत के दौरान उभरकर सामने आया था।