Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 765 -
होम ब्लॉग पेज 765

आचार्य प्रमोद कृष्ण के बयान से कांग्रेस ने खुद को किया अलग

नई दिल्ली। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन की महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के इस्तीफे की मांग को लेकर दिए गए बयान से खुद को अलग कर दिया है और कहा है कि यह पार्टी का नहीं बल्कि उनका निजी विचार हो सकता है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि ना तो यह कांग्रेस पार्टी के विचार हैं, ना ही आचार्य प्रमोद कृष्णन कांग्रेस के अधिकृत प्रवक्ता हैं।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को नैतिकता के आधार पर पद छोड़ कर बाला साहब ठाकरे की विरासत का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने ट्वीट किया कि सत्ता को ठोकर मारने वाले स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे की विरासत का सम्मान करते हुए उद्धव ठाकरे जी को मराठा गौरव की रक्षा करने हेतु नैतिक मूल्यों का निर्वाहन करते हुए मुख्यमंत्री के पद को त्यागने में एक पल का विलंब भी नहीं करना चाहिए।

बैनर्स में वसुंधरा राजे की फ़ोटो से परहेज वाले गुलाब की माला लेकर साथ फोटो खिंचाते दिखे

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से सिरोही आगमन पर सारणेश्वर मंदिर में राजे से निकटता दिखाने की कोशिश में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गणपत सिंह।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से सिरोही आगमन पर सारणेश्वर मंदिर में राजे से निकटता दिखाने की कोशिश में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गणपत सिंह।

सिरोही। मौका परस्ती ही राजनीति है। जो ये नहीं कर पाया वो संगठन में दरी बिछाने से ज्यादा कुछ नहीं कर पाता है। ऐसे उदाहरण हर पार्टी में मिल जाएंगे। सिरोही में भी मिल गए।

आज से करीब 11 महीने पहले सिरोही के स्वामीनारायण मंदिर में भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन हुआ था। इसमें सिरोही शहर और आयोजन स्थल के मंच के पीछे जो होर्डिंग और बैनर लगे थे उनमें से वसुंधरा राजे का एक भी बैनर में फ़ोटो नहीं था।

पूनियां बनाम राजे शीत युद्ध का असर यहां भी नजर आया। ये आयोजन भाजपा के किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष गणपत सिंह ने करवाया था।

सिरोही में 29 जुलाई 2021 को हुए किसान महासम्मेलन के।मंच के बैनर से नदारद वसुंधरा राजे की तस्वीर।
सिरोही में 29 जुलाई 2021 को हुए किसान महासम्मेलन के।मंच के बैनर से नदारद वसुंधरा राजे की तस्वीर।                 फ़ाइल फोटो

लेकिन, बुधवार के वसुंधरा राजे के सिरोही आगमन पर सारणेश्वर मंदिर में गणपत सिंह हाथ में गुलाब के फूलों की माला लेकर पहुंचे। इतना ही मंदिर की सीढ़ियां चढ़ने तक वो उनके इतने पास रहने कोशिश करते रहे कि किसी भी कैमरे की फ्रेम में से उनकी उपस्थिति राजे से ज्यादा दूर नहीं दिखे। राजे के आने से पहले गणपत सिंह के हाथ में गुलाब की माला देखकर कई लोग चुटकी भी लेते दिखे। लेकिन, झेंप जाए फिर वो नेता कैसा?

हमीरपुर में दो वाहनों की भिड़ंत, 8 की मौत

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में बुधवार शाम एक यात्री वाहन और लोडर की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सवारी वाहन ‘आपे’ चालक राजेश मौदहा से करीब एक दर्जन से अधिक सवारियां भर कर सुमेरपुर जा रहा था कि मकरांव गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे लोडर से उसकी भिड़ंत हो गयी। इस हादसे में छह सवारियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उन्होने बताया कि घटना में राजेश (25) निवासी इगोहटा, रजूलिया (45) निवासी इगोहटा, श्यामबाबू (55) उसकी पत्नी ममता (40), बेटी दीपांजलि (7) निवासी पचखुरा की मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जिमसे पंचा(50) और विजय (26) निवासी इगोहटा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

सूत्रों ने बताया कि गंभीर हालत में प्रियंका निवासी इगोहटा व राजकुमारी को कानपुर रेफर कर दिया गया है वहीं मौदहा सीेएचसी में मानव, सूर्याशं, प्रमोद, कुलदीप वर्मा समेत दस लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

हादसे की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल व जिलाधिकारी सीबी तिवारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यो का निरीक्षण किया।

राजेश टंडन ने पुलिस अधीक्षक के व्यवहार की गहलोत से की शिकायत

अजमेर। राजस्थान राज्य वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश टंडन ने अजमेर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर पुलिस अधीक्षक के व्यवहार की शिकायत करते हुए संवेदनशील व्यवहार हेत निर्देशित करने का आग्रह किया है।

टंडन ने मुख्यमंत्री को अजमेर के पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा के पुलिस रवैये से अवगत कराते हुए कहा है कि आपने मुझे वरिष्ठ नागरिकों को राहत दिलाकर कल्याण की जिम्मेदारी दी है।

वरिष्ठ पीड़ित नागरिक अथवा मैं उन तक जाते हैं तो वे संवेदन शून्यता का परिचय देते हैं। पीडित से उसे राहत देने के बजाय पुलिस अंदाज में सवाल करते हैं, जबकि पीड़ित राहत की उम्मीद से उनके पास जाता है। उनके व्यवहार से पुलिस की छवि पर उल्टा प्रभाव पड़ता है।

टंडन ने मुख्यमंत्री से पत्र में पुलिस अधीक्षक को उचित व्यवहार के लिए निर्देशित करने को कहा है। उल्लेखनीय है टंडन अजमेर के वरिष्ठ वकील होने के साथ साथ प्रदेश कांग्रेस के सचिव भी रह चुके हैं।

कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता मेरी ताकत : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ के दौरान 50 घंटे तक वह निडर होकर सवालों का जवाब देते रहे और इस दौरान वह अकेले नहीं बल्कि हज़ारों पार्टी कार्यकर्ता और नेता उनकी ताकत बने हुए थे।

गांधी ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में उदयपुर घोषणा पत्र के तहत पार्टी के ‘भारत जोड़ो’ अभियान की श्रृंखला में कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ईडी के अधिकारी भी उनके निडर और धैर्य के साथ दिए गए सवालों का जवाब देखकर हैरान थे। उनका कहना था कि उसके धैर्य एवं निडरता की बुनियाद में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं की ताकत उनके साथ थी।

उन्होंने कहा कि अपने निडर कार्यकर्ताओं और नेताओं पर मुझे बहुत गर्व है। आप सब ने बीते दिनों जिस जोश और जुनून से संघर्ष किया और अभी भी कर रहे हैं मैं उससे अभिभूत हूं। उन पांचों दिन मैं अकेला नहीं बैठा था आप सब मेरे साथ बैठे थे। आप सब से मुझे धैर्य मिला, शक्ति मिली। मैं आप सभी को दिल से धन्यवाद देता हूं, परिस्थिति चाहे जो भी हो हम सब साथ मिल कर तानाशाह का मुकाबला करेंगे।

गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने रोजगार को खत्म कर दिया है। सेना के लिए जो योजना बनाई है, उसको लेकर वह गारंटी के साथ कह सकते हैं कि सेना से वापस आने के बाद युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा। यह देश के युवाओं के साथ धोखा है और इसे सरकार को रद्द करना चाहिए।

उन्होंने कहा की सरकार के इस कदम का खामियाजा युद्ध के समय देश को भुगतना पड़ेगा। हिंदुस्तान की जमीन पर चीन कब्जा कर चुका है और मोदी सरकार चुप बैठी है। सेना की ताकत को जिस तरह से खत्म किया जा रहा है वह देश के लिए खतरनाक है।

कांग्रेस मुक्त भारत का सपना पूरा करने में गहलोत की होगी महत्वपूर्ण भूमिका : पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कांग्रेस को देश से पूरी तरह मुक्त होने के कगार पर बताते हुए कहा है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में दो राज्य भी कांग्रेस मुक्त हो जाएंगे और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान सहित पूरे देश में कांग्रेस मुक्त भारत में महत्वपूर्ण कारक बनेंगे।

डा पूनियां ने गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए अपने बयान में आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश से पूरी तरह मुक्त होने के कगार पर है, दो राज्यों में ही इनकी सरकारें हैं, जो आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में केन्द्र सरकार की संवैधानिक संस्था जांच कर रही है तो इससे अशोक गहलोत और कांग्रेस के नेताओं को दिक्कत क्या है। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता फैलाने के बजाय कांग्रेस नेताओं को लोकतंत्र में विश्वास रखना चाहिए, जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि गांधी खानदान की भक्ति में अशोक गहलोत क्यों भूल जाते हैं कि देश पर आपातकाल कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने थोपी थी और देश में भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस है।

उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत स्वयं भी प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में अव्वल हैं, इनकी मौजूदगी में एक कार्यक्रम में शिक्षकों ने स्वीकार किया था कि शिक्षा विभाग में पैसे लेकर तबादले होते हैं और इससे भी आगे बढ़कर रीट पेपर लीक महाघोटाला कांग्रेस सरकार के ही संरक्षण में हुआ है, कांग्रेस से जुड़ी हुई संस्था राजीव गांधी स्टडी सर्किल के लोगों का हाथ इस महाघोटाले में है, जिन्हें बचाने का काम मुख्यमंत्री कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सड़क से लेकर सदन तक रीट पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रही है, इस मामले के तार कांग्रेस सरकार में बैठे बडे लोगों से जुडे हुए हैं, अशोक गहलोत में नैतिकता बची है तो इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने का साहस दिखाएं, जिससे सभी सरगनाओं के चेहरों से नकाब उतर जाएगा और प्रदेश के युवाओं को न्याय मिल सकेगा।

रीट सहित कई परीक्षाओं के पेपर लीक, किसान कर्जमाफी, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी भत्ता, बिगड़ी कानून व्यवस्था, बिजली कटौती, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, सरकारी अस्पतालों में दवाओं की किल्लत, पेट्रोल-डीजल पर सर्वाधिक वैट आदि गहलोत सरकार की बडी विफलताएं हैं, जिनसे ध्यान भटकाने के लिए वह भाजपा एवं संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में पंथ और मजहब की राजनीति हो रही है, रामनवमी के जुलूसों पर प्रतिबंध लगाया गया, लगभग 17 जिलों में धारा 144 लगाई गई, यह कांग्रेस का असली चेहरा है।

सतीश पूनियां ने फालना में पत्रक बांटकर आमजन से किया संवाद

पाली। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पाली जिले के फालना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की आठ वर्ष की ऐतिहासिक उपलब्धियों को लेकर पत्रक बांटकर जन-कल्याणकारी योजनाओं से आज आमजन को अवगत कराया।

डॉ. पूनियां ने फालना में बूथ संख्या 127 पर जनसंपर्क किया। पार्टी के प्रदेश स्तरीय बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत डा पूनियां और केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने अपना बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम में फालना में वार्ड न. 24 की बूथ संख्या 127 की बूथ समिति के साथ बूथ अध्यक्ष जगदीश सोनी के नेतृत्व में संवाद किया।

बूथ समिति की इस बैठक में जिला अध्यक्ष मंसाराम परमार, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जयश्री गर्ग एवं मंडल अध्यक्ष जगदीश चौधरी आदि मौजूद थे।

इसके बाद डॉ. पूनियां सिरोही जिले में श्रीगणेश आश्रम वाण पहुंचकर शिव पंचायतान महायज्ञ महोत्सव में शामिल हुए और पूज्य संत चेनजी महाराज, ब्रह्मसावित्री पीठाधीश्वर ब्रह्मधाम आसोतरा के गादीपति संत तुलछाराम महाराज एवं संत राजुगिरीजी महाराज सहित उपस्थित संतों का आशीर्वाद लिया।

इंडियन ऑयल ने पेश किया इन्डाेर सोलर कुकिंग सिस्टम

नई दिल्ली। इंडियन आयल ने बुधवार को यहां सौर ऊर्जा से संचालित होने वाले ‘सूर्य नूतन’ इन्डोर सोलर कुकिंग सिस्टम का प्रदर्शन किया जिसके तहत बिना किसी खर्च के चार सदस्यों वाले परिवार के लिए नाश्ता, दोपहर और रात्रि का सम्पूर्ण भोजन आसानी से पकाया जा सकता है।

इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के अध्यक्ष माधव वैद्य ने केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं गैस मंत्री हरदीप पुरी और ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह की मौजूदगी में ‘सूर्य नूतन’ इन्डोर सोलर कुकिंग सिस्टम काे प्रदर्शित किया।

उन्होंने कहा कि इस सिस्टम में भोजन पकाने का उपकरण रसोई घर में स्थापित कर दिया जाएगा और सोलर पैनल खुली जगह रखा जाएगा। सूर्य निकलने के दौरान सोलर पैनल सौर ऊर्जा सोखकर सिस्टम में संरक्षित कर लेगा, उसका भोजन पकाने के दौरान उपयोग किया जाएगा।

वैद्य ने कहा कि सूर्य नूतन के तीन तरह के मॉडल होंगे। सूर्य नूतन एल जब सूर्य चमक रहा होगा तब काम करेगा, सूर्य नूतन एल डी से दोपहर और रात का भोजन पकाया जा सकेगा और सूर्य नूतन एलडीबी से नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन तैयार किया जा सकेगा।

पुरी ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रोत्साहन से इंडियन ऑयल कार्पोरेशन ने इस क्रांतिकारी उपकरण को विकसित किया है। इससे न केवल जैविक ईंधन बचाया जा सकेगा बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी काफी कमी लायी जा सकेगी।

मोदी सरकार की ‘उज्जवला योजना’ के बाद यह सरकार का एक और क्रांतिकारी कदम होगा जिससे लोगों को भोजन पकाने में सहूलियत होगी। इससे धन की बचत भी होगी।

उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर इसके उत्पादन से इसके मूल्य में काफी कमी लायी जा सकेगी और यह आम लोगों की पहुंच में आ जाएगा। इसके उत्पादन में निजी क्षेत्र के भी रुचि दिखाने की उम्मीद है। उन्होंने आशा जताई कि देश में इसका व्यापक पैमाने पर उपयोग शुरू हो जाने के बाद इसकी विदेशों से भी मांग आएगी।

अभिनेता विजय बाबू को एक्ट्रेस से रेप के मामले में अग्रिम जमानत

कोच्चि। केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को फिल्म निर्माता एवं अभिनेता विजय बाबू को एक अभिनेत्री के यौन शोषण से जुड़े मामले में अग्रिम जमानत दी।

गिरफ्तारी से पूर्व जमानत याचिका को शर्तों के साथ स्वीकार करते हुए न्यायाधीश बेचू कुरियन थॉमस ने कहा कि अभिनेता से अगले सात दिनों के लिए 27 जून से तीन जुलाई तक सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक पूछताछ की जा सकती है।

इसके साथ ही अदालत ने निर्देश दिया कि अभिनेता किसी भी परिस्थिति में गवाहों को ना तो प्रभावित करने और ना ही उनसे संपर्क करने की कोशिश करें। अभिनेता पीड़ित पर सोशल मीडिया के जरिए भी किसी प्रकार का हमला नहीं कर सकते। अदालत ने बिना इजाजत राज्य न छोड़ने का भी निर्देश दिया है।

अभिनेता ने यौन उत्पीड़न के तर्क को खारिज करते हुए कहा कि यह कार्य सहमति के साथ हुआ था। उनपर दुष्कर्म का आरोप फिल्मों में अधिक रोल ना देने के लिए लगाया गया है और उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। इससे पहले दक्षिण एर्नाकुलम पुलिस ने अभिनेत्री की शिकायत के बाद अभिनेता के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

अभिनेत्री ने ‘वुमेन अगेंस्ट सेक्सुअल हैरेसमेंट’ फेसबुक अकाउंट में अपनी पोस्ट में आरोप लगाया था कि विजय बाबू ने 13 मार्च 2022 से 14 अप्रैल 2022 तक उनका यौन शोषण किया था।

सोनिया गांधी ने पूछताछ टालने के लिए प्रवर्तन निदेशालय को लिखा पत्र

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी खराब तबीयत का हवाला देते हुए प्रवर्तन निदेशालय को बुधवार को पत्र लिखकर नेशनल हेराल्ड मामले में उनसे की जाने वाली पूछताछ को कुछ सप्ताह टालने का अनुरोध किया।

ईडी को नेशनल हेराल्ड धन शोधन मामले में सोनिया गांधी से 23 जून यानी गुरुवार को पूछताछ करनी है। गांधी ने इससे एक दिन पहले आज ईडी को पत्र लिखकर पूछताछ के दिन को आगे टालने का अनुरोध किया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आज ट्वीट करके कहा कि कोविड और फेफड़े के संक्रमण के कारण सोनिया गांधी को घर में पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी गई है। इसे ध्यान में रखते हुए गांधी ने आज प्रवर्तन निदेशालय को पत्र लिखकर उनसे की जाने वाली पूछताछ को कुछ सप्ताह तक टालने के का अनुरोध किया है जिससे कि वह पूरी तरह ठीक हो सके।

उल्लेखनीय है कि ईडी ने इससे पहले सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए आठ जून को उसके समक्ष पेश होने को कहा था लेकिन गांधी ने उन्हें कोरोना संक्रमण होने का हवाला देते हुए पूछताछ टालने का अनुरोध किया था। इसके बाद ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए 23 जून को उसके समक्ष पेश होने को कहा था। ईडी इसी मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से चार-पांच दिनों तक लंबी पूछताछ कर चुका है।

नेशनल हेराल्ड केस : ईडी ने 5वें दिन राहुल गांधी से की पूछताछ