Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 768 -
होम ब्लॉग पेज 768

विकास कार्यों को गति प्रदान करें प्रशासन : सुरेश रावत

पुष्कर। पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने मंगलवार को पुष्कर के विकास कार्य के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की एवं उन्हें त्वरित कार्यवाही हेतु दिशा निर्देशित किया।

विधायक रावत ने बताया कि पुष्कर के सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत रहकर पर्यटन विभाग से राशि रुपए 1.40 करोड़ से पुष्कर शहर प्रवेश स्थान पर भव्य ब्रह्म द्वार निर्माण की स्वीकृति जारी कराई गई थी।

इस द्वार निर्माण के स्वरूप को अंतिम रूप देने के लिए उपखंड कार्यालय पुष्कर में आयोजित बैठक में हिस्सा लेकर उपखंड अधिकारी, पर्यटन एवं एडीए के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इसका निर्माण एडीए द्वारा किया जाएगा।

विधायक रावत ने एडीए द्वारा पुष्कर में श्री ब्रह्मा मंदिर समिति के कोष एवं नगर पालिका पुष्कर से लगभग 1 करोड़ रुपए लागत से बनाई जा रही गौशाला का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

गौशाला में गायों के पानी पीने के लिए पर्याप्त संख्या में खेली कोटे आदि का अभाव लगा, कटीली झाड़ियां फैली हुई पाई गई, पत्थर वगैरह अव्यवस्थित रूप से बिखरे हुए पाए गए। अधिकारियों को इन समस्याओं को त्वरित रूप से दूर कर गायों के लिए पेयजल व छाया आदि की पर्याप्त व्यवस्था एवं गौशाला की साफ सफाई कर पौधारोपण आदि करके गौशाला को सौंदर्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए। नगर पालिका चेयरमैन कमल पाठक विधायक रावत के साथ थे।

यशवंत सिन्हा विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

नई दिल्ली। देश में अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों ने मंगलवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

सिन्हा को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार और नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के साथ-साथ गोपाल कृष्ण गांधी द्वारा चुनाव न लड़ने के प्रस्ताव के बाद राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में उनका नाम घोषित किया है। सिन्हा भाजपा के पूर्व नेता रह चुके हैं और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री और विदेश मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

सिन्हा ने 2018 में भाजपा छोड़ दी थी और वर्ष 2021 में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। मंगलवार की सुबह राष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी उम्मीदवार के रूप में उनके नाम की घोषणा से पहले उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

जल शक्ति मंत्री शेखावत को जैसलमेर जिले में NSUI ने दिखाए काले झंडे

जैसलमेर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को जैसलमेर जिले के पोकरण कस्बे के पास नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने आज काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी पर काली स्याही फेंकी।

शेखावत जब जैसलमेर से पोकरण जा रहे थे तब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पोकरण कस्बे के पास सांकड़ा चौराहे पर उन्हें काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी पर स्याही फेंकी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से परेशान करने को लेकर एवं अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पोकरण हाईवे पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे इन लोगों को खदेड़ दिया।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष भोम सिंह ने बताया कि हमने शेखावत के काफिले को काले झंडे दिखाकर और उनकी गाड़ी पर काली स्याही फेंककर विरोध जताया है। उन्होंने बताया कि हम केंद्र सरकार की ओर से जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके राहुल गांधी को परेशान करने और अग्निपथ योजना से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के खिलाफ है।

उल्लेखनीय है कि शेखावत आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जैसलमेर के सम क्षेत्र आए थे और वहां रेतीले टीलों पर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद जैसलमेर से पोकरण जा रहे थे।

अग्निपथ योजना में भर्ती और प्रशिक्षण में कोई बदलाव नहीं : सेना

नई दिल्ली। सशस्त्र सेनाओं ने आज एक बार फिर स्पष्ट किया कि तीनों सेनाओं में जवानों की भर्ती की नई योजना अग्निपथ पूरी तरह पुरानी भर्ती प्रक्रिया के समान होगी और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, साथ ही सेना में रेजिमेंट व्यवस्था भी बरकरार रहेगी।

सशस्त्र सेनाओं की ओर से यह भी कहा गया कि यह पायलट परियोजना नहीं है और इसे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेनाओं का अखिल भारतीय चरित्र बरकरार रहेगा और भर्ती रैली पूरे देश में आयोजित की जाएंगी तथा देश के किसी भी जिले को इससे अछूता नहीं छोड़ा जाएगा।

सैन्य मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने वायु सेना, नौसेना और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दो दिन बाद ही मंगलवार को एक बार फिर मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने रविवार को भी अग्निपथ योजना के बारे में मीडिया से विस्तार से बात की थी।

सशस्त्र सेनाओं ने भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू करने का खाका पेश किया और कहा कि जवानों की भर्ती के समय भर्ती मानदंडों में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और हर कसौटी पर सर्वश्रेष्ठ साबित होने वाले उम्मीदवारों को ही चुना जाएगा।

ले़ जनरल पुरी ने कहा कि अग्निपथ योजना गहन विचार मंथन और व्यापक विचार विमर्श के बाद लाई गई है। उन्होंने कहा कि सेनाओं ने इस योजना पर विचार विमर्श के लिए 150 बैठकें की जो 500 घंटे चली, रक्षा मंत्रालय के स्तर पर 60 बैठकें हुई जो 150 घंटे हुई इसके अलावा सरकार में भी इस बारे में 44 बैठकें हुई जो 100 घंटे तक चली।

उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती किए जाने वाले अग्निवीरों की ट्रेनिंग भी मौजूदा जवानों की तर्ज पर ही होगी और इसमें भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। अग्निवीरों के लिए आयोजित परीक्षा के सिलेबस में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह रहेगा।

उन्होंने कहा कि इसे पायलट परियोजना नहीं कहा जा सकता क्योंकि सेना पहले कुछ वर्षों में 40 से 50 हजार और बाद में प्रतिवर्ष 90 हजार तथा उससे भी अधिक अग्निवीरों की भर्ती करेगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम तीनों सेनाओं में चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे सुधारों की प्रक्रिया के तहत उठाया गया है। इन सुधारों के बल पर ही सेनाओं में कमान अधिकारियों की आयु में पिछली व्यवस्था की तुलना में पांच वर्ष की कमी आई है।

इन सुधारों के तहत ही सेनाओं में एकीकरण तथा प्रमुख रक्षा अध्यक्ष के पद का सर्जन किया गया है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना का एकमात्र उद्देश्य सेना को युवा बनाकर जवानों की औसत उम्र 32 से घटकर 24 से 26 उम्र करना है।

तीनों सेनाओं के अधिकारियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया अगले कुछ दिनों में शुरू हो जाएगी तथा इसके तहत भर्ती किए जाने वाले अग्निवीरों का प्रशिक्षण दिसम्बर के अंत में शुरू होकर अगले वर्ष जुलाई तक समाप्त होने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। सेना अग्निवीरों की भर्ती के लिए 80 से भी अधिक रैलियों का आयोजन करेगी।

उन्होंने कहा कि यह राहत की बात है कि देश के कई हिस्सों यह विश्वसनीय जानकारी मिली है कि युवाओं ने भर्ती के लिए तैयारी शुरू कर दी है और वह मैदानों में पसीना बहा रहे हैं।

हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों पर योग दिवस की धूम

अजमेर। आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पंपों पर आज विशेष आयोजन किए गए। सभी ने जीवन को रोगमुक्त और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से दैनिक जीवन में नियमित योगाभ्यास को शामिल करने के संकल्प के साथ मनोयोग से योग किया।

अजमेर के स्वास्तिक मोटर्स पर समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग की विभिन्न मुद्राओं के अभ्यास किए। पंप के पार्टनर राजेश अंबानी ने योग के फायदे बताते हुए कहा कि योग से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है।

ब्यावर में शांति सैनी पेट्रोल पंप के संचालक गजानंद गहलोत ने बताया कि योग दिवस पर समस्त स्टाफ ने योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया। इस मौके पर समस्त ग्राहकों को शुभकामना प्रेषित की गई। इसी तरह समस्त पेट्रोल पंपों पर दिनभर योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजन हुए।

योग दिवस पर एचपीसीएल के एरिया सेल्स मैनेजर नमोनारायण मीणा ने अजमेर व टोंक जिले के पेट्रोल पंपों पर भेजे शुुभकामना संदेश में कहा कि योग को अपने दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करें। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और मन की एकाग्रता बढ़ती है। योग सेे जीवन में सकारात्मकता आएगी।

स्वस्थ रहना जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। योग को महज कसरत ना समझे, बल्कि यह एक ऊर्जा के रूप में काम करता है। आप योग को अपनाकर पूरी उम्र सेहतमंद और बीमारियों से बचे रह सकते हैं। तन-मन से चुस्त-दुरुस्त रहकर हम अपने ग्राहकों को बेहतर तरीके से सेवा दे पाएंगे।

योग शिक्षिका मोनिका कुमावत का नाम गिनिज बुक में दर्ज

महाराष्ट्र : संकट में उद्धव ठाकरे सरकार, 11 मंत्री ‘लापता’

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी के नेता एवं राज्य के शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे और 10 से अधिक विधायकों से सोमवार को विधान परिषद चुनावों के बाद से संपर्क नहीं होने के बाद मंगलवार को आवश्यक बैठक बुलाई है।

विधान परिषद चुनाव में शिवसेना के कुछ विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। शिव सेना विधायकों के मुंबई से अचानक गायब होने कारण भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में विधानसभा में क्रॉस वोटिंग को लेकर महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल माना जा रहा है।

माना जाता है कि शिवसेना के ‘लापता’ विधायक शिंदे के साथ गुजरात के सूरत में हैं, जो भाजपा शासित राज्य है। सूत्रों ने बताया कि शिंदे के सूरत में आज अपराह्न करीब दो बजे मीडिया को संबोधित करने की संभावना है।

भाजपा ने एमएलसी चुनाव में पांच सीटें जीतीं, जिसमें शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को दो-दो सीटें मिलीं। वहीं संख्या कम होने के बावजूद भाजपा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने में सफल रही।

महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के 106 विधायक हैं, जबकि उनके उम्मीदवारों के लिए शेष वोट या तो निर्दलीय विधायकों से आए हैं, या छोटे दलों या अन्य दलों के हैं। ठाकरे ने आज दोपहर पार्टी के सभी विधायकों की आवश्यक बैठक बुलाई है।

माली में आतंकवादी हमलों में 130 से अधिक नागरिकों की मौत

बमाको। माली में सप्ताहांत में ‘कायरतापूर्ण और बर्बर’ आतंकवादी हमलों में 130 से अधिक नागरिक मारे गए।

सरकारी बयान के अनुसार कातिबात मैकीना जिहादी सशस्त्र समूह (अल-कायदा आतंकवादी समूह से संबद्ध) के आतंकवादियों ने मोप्ती क्षेत्र के डायलासगौ शहर में शांतिपूर्ण आबादी को निशाना बनाया। साथ ही डियानवेली और डेग्यूसेगौ के पास के समुदाय को भी निशाना बनाया।

सरकार ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान में कहा कि अमादौ कोफ़ा के कातिबत मैकिना के लड़ाकों द्वारा मारे गए नागरिकों की कुल संख्या 132 है और कई अपराधियों की औपचारिक रूप से पहचान कर ली गई है।

वर्ष 2012 में माली में सरकारी बलों और अलगाववादी आंदोलनों के आतंकवादियों के बीच एक सशस्त्र संघर्ष शुरू हुआ। फ्रांस ने पश्चिमी अफ्रीकी देश में 2013 में उत्तरी माली और साहेल में जिहादियों को हराने के घोषित लक्ष्य के साथ सेना भेजी। अपने पूर्व उपनिवेश के साथ फ्रांस के संबंधों में खटास आने के बाद इस फरवरी में ऑपरेशन समाप्त हो गया।

नवाब मलिक, देशमुख को एमएलसी चुनाव में वोट डालने से सुप्रीम कोर्ट की रोक

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अलग-अलग मामलों में जेल में बंद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेताओं नवाब मलिक और अनिल देशमुख को महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में वोट डालने के लिए अस्थायी रिहाई की मांग संबंधी याचिका सोमवार को मतदान से कुछ समय पहले खारिज कर दी।

शीर्ष अदालत ने हालांकि कहा कि वह जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 62(5) की व्याख्या पर विचार करेगी कि गिरफ्तार सांसदों और विधायकों को राज्यसभा और विधान परिषदों के चुनाव में मतदान करने की अनुमति दी जा सकती है या नहीं।

न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की अवकाशकालीन पीठ ने संबंधित पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया।

बाॅम्बे उच्च न्यायालय के 17 जून को वोट डालने के लिए याचिकाकर्ताओं अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। याचिकाकर्ताओं ने इस आदेश को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। इस प्रकार जनप्रतिनिधित्व (आरपी) अधिनियम की धारा 62(5) ने कैदी को मतदान करने से रोक दिया।

शीर्ष अदालत ने महाराष्ट्र सरकार और केंद्र को नोटिस जारी करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 62(5) की व्याख्या पर विचार किया जाएगा ताकि यह तय किया जा सके कि गिरफ्तार सांसदों और विधायकों को राज्यसभा और विधान परिषदों के चुनाव में मतदान करने की अनुमति दी जा सकती है या नहीं।

पीठ ने कहा कि यह कहन विचार करने की आवश्यकता होगी कि क्यों कोई व्यक्ति निर्वाचित होने के बाद भी मतदान नहीं कर सकता। याचिकाकर्ताओं का पक्ष रख रहीं वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा ने सोमवार को ही मतदान होने का तथ्य हवाला देते हुए अंतरिम राहत की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि चुनाव में वोट डालने के लिए सांसदों को ‘एस्कॉर्ट’ में अस्थायी तौर पर रिहा किया जा सकता है।

शीर्ष अदालत की पीठ ने कहा कि मतदान एक संवैधानिक और वैधानिक अधिकार है और सवाल यह था कि क्या जेल में बंद व्यक्ति वोट डालने का हकदार था या नहीं। पीठ ने याचिकाकर्ताओं के वकील से कहा कि यदि आप हिरासत में हैं तो निवारक निरोध के संबंध में कोई रोक नहीं है, लेकिन यदि यह धन शोधन के अंतर्गत आता है तो प्रथम दृष्टया धारा 62(5) लागू होती है।

अदालत के समक्ष याचिकाकर्ताओं की वकील अरोड़ा ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किलों को वोट देने से रोक कर उनके निर्वाचन क्षेत्रों को परिषद में अपना वोट डालने से वंचित किया जा रहा है।

इस पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि शीर्ष अदालत ने पहले आरपी अधिनियम की धारा 62 (5) की वैधता को बरकरार रखा था। उन्होंने कहा कि कुछ प्रतिबंधों की कसौटी पर मौलिक अधिकारों को भी कम किया जा सकता है।

योग शिक्षिका मोनिका कुमावत का नाम गिनिज बुक में दर्ज

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले की मार्बल नगरी किशनगढ़ की योग शिक्षिका मोनिका कुमावत ने अपना नाम गिनिज बुक में दर्ज कराया है।

अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर आए समाचारों में मोनिका को गरूड़ासन में लम्बे समय तक खड़े रहने के लिए गिनिज वर्ल्ड आफ रेकार्ड में दर्ज कर सम्मानित किया गया है। उन्होंने 33 मिनट 12 सैकण्ड एक पैर पर खड़े रहकर अपना नाम दर्ज कराने में सफलता प्राप्त की है।

मोनिका की इस सफलता से परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। मोनिका कृष्णम योगस्थली की संस्थापिका है और इसे पहले 108 बार सूर्य नमस्कार का भी रेकॉर्ड बना चुकी है।

दो भाईयों के परिवार के 9 सदस्यों ने की सामूहिक आत्महत्या

सांगली। महाराष्ट्र के सांगली जिले में मिराज तहसील के म्हैशल गांव में दो भाइयों के परिवार के नौ सदस्यों ने सोमवार सुबह जहरीली दवा पीकर घर में सामूहिक आत्महत्या कर ली।

मिराज ग्रामीण पुलिस के अनुसार मृतक माणिक यल्लप्पा वनमोरे म्हैशल गांव के पशु चिकित्सक थे लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे तो उनके अस्पताल के कर्मचारी और पड़ोसी गांव के लोग उनके परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की।

उनके परिवार वालों से भी जब संपर्क नहीं हुआ तो अस्पताल के कर्मचारी और अन्य लोग अंबिका नगर इलाके में उनके घर गए, जहां डॉक्टर वनमोरे और उनके भाई पोपट वनमोर (शिक्षक) के परिवार के सभी सदस्य मृत पाए गए। सभी ने जहरीली दवा पीकर सामूहिक आत्महत्या कर ली थी।

सूचना मिलने के बाद, मिराज ग्रामीण पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी लेकिन पुलिस को इस तरह की सामूहिक आत्महत्या की घटना के पीछे का कारण नहीं मिला।

पुलिस ने मृतक की पहचान डॉक्टर माणिक यालप्पा वनमोरे 49, उनकी मां अक्काताई 72, रेखा 45 (पत्नी), अस्मिता 28 (बेटी), आदित्य 15 (पुत्र) तथा डॉक्टर माणिक के भाई पोपट यल्लप्पा वनमोरे 52, अर्चना 30(बेटी), संगीता 48 (पत्नी), शुभम 28 (पुत्र) के रूप में की है।

सामूहिक आत्महत्या की खबर फैलाने के बाद, गांव और आसपास के क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में डॉक्टर वनमोरे और उनके भाई के घर के सामने जमा हो गए।