Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 769 -
होम ब्लॉग पेज 769

सेना ने अग्निपथ भर्ती योजना की अधिसूचना जारी की

नई दिल्ली। तीनों सेनाओं में जवानों की भर्ती से संबंधित अग्निपथ योजना के देशव्यापी विरोध के बीच सेना ने सोमवार को इस योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी।

यह अधिसूचना सोमवार को सेना की वेबसाइट पर जारी की गई है और इसमें अग्निवीरों की भर्ती से संबंधित सेवा शर्तों तथा भर्ती रैलियों के बारे में जानकारी दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, कर्लक, स्टोर कीपर और ट्रेडमेन आदि की भर्ती प्रक्रिया आगामी जुलाई से शुरू हो जाएगी।

सेना की योजना है कि आगामी अगस्त के पहले पखवाड़े में अग्निवीरों की भर्ती के लिए पहली भर्ती रैली का आयोजन किया जाना है। इसके बाद उम्मीदवारों का शारीरिक और चिकित्सा परीक्षण के बाद उनकी लिखित परीक्षा ली जाएगी। सेना में अग्निवीरों की भर्ती दो चरण में की जाएगी।

पहले चरण में आगामी दिसंबर के पहले सप्ताह में 25000 तथा अगले वर्ष 23 फरवरी तक दूसरे चरण में 21000 अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी। नौसेना और वायु सेना की ओर से भी इसी सप्ताह अग्निवीरों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी।

धौलपुर में डीजे पर नाच के दौरान फायरिंग में युवक की मौत

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में सैपऊ थाना क्षेत्र के पुरैनी का पुरा गांव में लगन टीका कार्यक्रम में बज रहे डीजे पर नाच गान के दौरान फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही कार्यक्रम में मौजूद लोग भाग गए। घायल युवक अशोक कुशवाहा को लेकर पुलिस अस्पताल गई लेकिन मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि मृतक अपने फूफा राजकुमार के लड़के के लगन टीके में शामिल होने के लिए पुरैनी का पुरा गांव आया हुआ था। इस दौरान डीजे पर डांस करते वक्त किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी जिसमें गोली युवक के सीने में जा लगी। घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग फरार हो गए।

पुलिस अब कार्यक्रम में मौजूद फोटोग्राफर की तलाश कर रही है। उसके पास से वीडियो रिकॉर्डिंग जुटाकर आरोपी की पहचान की जाएगी।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सैनन ने शेयर किया वर्कआउट वीडियो

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन ने सोशल मीडिया पर अपना वर्कआउट वीडियो शेयर किया है।

कृति सैनन अपनी डेली लाइफ में बेहद व्यस्त रहती है लेकिन वह कभी भी फिटनेस और रूटीन को पूरा करने से पीछे नहीं हटती हैं। कृति ने इंस्टाग्राम पर वर्कआउट का वीडियो शेयर किया है।

कृति सैनन ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा ‘एक्सरसाइज से मै प्यार करती हूं, शायद इसलिए कि मैं उन्हें अच्छी तरह से कर सकती हूं’। इस वीडियो में कृति के साथ उनके पर्सनल ट्रेनर करण साहनी भी नजर आ रहे हैं। कृति ने हाल ही में अपना फिटनेस ब्रांड ‘द ट्राइब’ भी लांच किया है।

पदमपुर में हनी ट्रैप गैंग का खुलासा, दो महिलाओं सहित 4 अरेस्ट

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर कस्बे में पुलिस ने एक हनीट्रैप गिरोह का खुलासा करते हुए सोमवार को दो महिलाओं और दो युवकों को गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी रामकेश मीणा ने बताया कि पदमपुर के निकट चक 6 सीसी निवासी रुपाराम (48) को हनी ट्रैप का शिकार बनाने के आरोप में उसके ही एक दोस्त पलविंदरसिंह उर्फ पिंदू निवासी पदमपुर ने साजिश रची थी।

पलविंदर ने रविवार दोपहर को रुपाराम को फोन किया और कहा कि गर्ल्स स्कूल के पास रेशमा (55) के मकान में मिलने के लिए उसकी कोई जानकार महिला आई हुई है। पुलिस को रुपाराम ने बताया है कि जब दोपहर को रेशमा के घर गया तो वहां रेशमा के अलावा एक और युवती थी।

पलविंदर के साथ एक और व्यक्ति भी था। चारों ने उसे पकड़ लिया और कमरे में ले जाकर नग्न कर वीडियो बना लिया। मोबाइल फोन और पर्स आदि छीन लिया। पर्स में कुछ रुपए थे। डरा धमका कर उससे और रुपयों की मांग की गई। धमकाया कि अगर रुपए नहीं दिए तो उसका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।

किसी तरह रुपाराम इन लोगों की चंगुल से छूटा और सीधा थाने में आ गया। उसकी रिपोर्ट पलविंदर सिंह आदि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थाना अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार की गई रेशमा पर पूर्व में भी हनी ट्रैप मामला दर्ज है। पकड़ी गई दूसरी युवती सीमा (30) पदमपुर की निवासी है। उसके अपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाया जा रहा है।

नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी ने राहुल गांधी से चौथी बार की पूछताछ

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में सोमवार को चौथी बार पूछताछ की। पिछले सप्ताह ईडी ने गांधी से लगातार तीन दिन 30 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

इधर कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष के साथ एकजुटता दिखाते हुए सोमवार को जंतर-मंतर पर फिर से विरोध प्रदर्शन किया। पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए दिल्ली पुलिस ने ईडी कार्यालय और कांग्रेस मुख्यालय की ओर जाने वाले कई रास्तों पर अवरोध लगा दिये और कई अन्य मार्गो पर यातायात परिवर्तित कर दिया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ईडी गैर कानूनी तरीके पार्टी के नेताओं की छवि खराब करने के लिए कुछ चुनिन्दा मीडिया घरानों को पूछताछ की सूचनाएं दे रहा है।

इस बीच कांग्रेस ने यहां जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली की सभी ब्लॉक कांग्रेस समितियों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कार्यालय में दिल्ली पुलिस के जबरन प्रवेश और महिलाओं सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पिटाई के खिलाफ अपने-अपने क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किया।

बयान में कहा गया कि पार्टी के एक नेता को ईडी ने नेशनल हेराल्ड जैसे मामूली मामले में तलब किया और लंबे समय तक पूछताछ की यह सिर्फ उसे परेशान करने और पीड़ा देने के लिए किया गया। पुलिस की कार्रवाई एक राजनीतिक दल को अपनी असहमति व्यक्त करने के लोकतांत्रिक अधिकार का घोर उल्लंघन था। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मंगलवार को अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।

ईडी मीडिया घरानों को चुनिंदा सूचनाएं लीक कर रहा है: कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर आरोप लगाया है कि वह पार्टी नेता की छवि खराब करने के लिए कुछ मीडिया घरानों को चुनिंदा सूचनाएं लीक कर रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ जांच को प्रभावित करने के लिए मोदी सरकार द्वारा कहानी गढ़ी जा रही है।

नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी के चौथी बार ईडी के सामने पेश होने के बाद माकन की यह टिप्पणी आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हमारे नेताओं की छवि खराब करने के लिए झूठी और चुनिंदा खबरें-सूचनाएं लीक कर रही है।

माकन ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला ऐसा मुद्दा है, जिसमें किसी को एक पैसे का लाभ नहीं हुआ है, लेकिन फिर भी लगातार चौथे दिन हमारे नेता को बुलाया गया है, जो पार्टी की छवि करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केन्द्रीय जांच ब्यूरो और ईडी का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

ईडी को भाजपा का चुनाव प्रबंधन विभाग बताते हुए उन्होंने कहा कि ईडी के तहत 5,422 मामले हैं और इनमें से 5,310 मामले मोदी सरकार ने पिछले साल दर्ज किए हैं। उन्होंने प्रतिप्रश्न करते हुए कहा कि इससे क्या यह ऐसा नहीं लगता कि ईडी अब चुनाव प्रबंधन विभाग बन गया है?

अग्निपथ योजना के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार को विपक्ष और अन्य संबद्ध पक्षों के साथ उचित परामर्श के बिना लागू की गई योजना को तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस योजना पर पहले युवाओं से और संसद में चर्चा होनी चाहिए, फिर सरकार को इस पर अंतिम फैसला लेना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने पार्टी मुख्यालय को बैरक में बदल दिया है और सभी नेताओं को कार्यालय में प्रवेश करने की अनुमति देने से पहले कई जगहों पर दलील देने के लिए मजबूर किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी पार्टी के महासचिव को कार्यालय पहुंचने के लिए पुलिस से अनुमति की आवश्यकता होती है, तो इसका मतलब है कि देश में कोई लोकतंत्र नहीं बचा है।

सेवा भारती महिला मंडल की ओर से फिटनेस कार्यक्रम

जयपुर। सेवा भारती की ओर से किशोरी विकास के लिए हरमाडा में फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया।

क्षेत्रीय महिला मंडल प्रमुख अनिल शुक्ला के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम बडी संख्या में किशोरियों व माता बहनों ने भाग लिया। दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

कुसुम शर्मा महानगर संयोजिका ने शारीरिक स्वास्थ्य, महिलाओं से संबंधित समस्याओं, मानसिक शक्ति, बौद्धिक विकास, तनाव एक्यूप्रेशर से कैसे कम करें आदि जानकारियां दी।

मौके पर ही 55 किशोरियों को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए, इसके अलावा सामाजिक समरसता एवं स्वास्थ्य संबंधी हेतु यज्ञ किया गया। सुनीा मेहरा, शारदा शर्मा, शीला मराठा, मनभरी देवी का विशेष सहयोग रहा।

ERCP पर राजस्थान सरकार संशोधित प्रस्ताव आज भेज दे तो दो महीने में लागू करा दूंगा : शेखावत

भाजपा की जन आक्रोश रैली में गहलोत सरकार पर बरसे केंद्रीय जलशक्ति मंत्री
बोले, अगर यह दो महीने में नहीं भेजेंगे तो आप वर्ष 2023 में इन्हें भेज देना
राजस्थान के प्रस्ताव पर पहली आपत्ति तो मप्र की कांग्रेस सरकार ने दर्ज कराई थी

जयपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) को लेकर गहलोत सरकार पर जोरदार हमला बोला। सोमवार रात चौमूं में भाजपा की जनआक्रोश रैली में शेखावत ने कहा कि राजस्थान सरकार ईआरसीपी के प्रस्ताव को संशोधित कर भारत सरकार को आज भेज दे तो दो महीने में इसे लागू करवा दूंगा। अगर यह दो महीने में नहीं भेजेंगे तो आप वर्ष 2023 में इन्हें भेज देना। उसके बाद अपनी सरकार आएगी और हम इसे लागू करेंगे।

विशाल जनसमूह के समक्ष केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गहलोत साहब जब मुख्यमंत्री बने और ईआरसीपी पर चर्चा की तो सबसे पहली आपत्ति मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुखिया कमलनाथ ने की थी। उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई कि यह योजना आपने जिन नियमों से बनाई है, वह भारत सरकार और देश के नियमों के अनुरूप नहीं हैं। इसमें सुधार करने की आवश्यकता है। इस योजना पर मध्य प्रदेश सरकार को आपत्ति है। हम इसको पारित नहीं होने देंगे।

शेखावत ने कहा कि वर्ष 2019 में जब मैं जलशक्ति मंत्री बना तो मैंने एक बैठक बुलाई। राजस्थान और मध्य प्रदेश के मंत्रियों-अफसरों को बुलाया। अधिकारी तो आए, लेकिन राजस्थान के मंत्रियों को शायद मेरे ऑफिस में आने से डर लगता है, क्योंकि गहलोत साहब के बेटे को जोधपुर की जनता ने हरा दिया था। मैंने 7 बार मीटिंग की और सातों बार मंत्री नहीं आए। शेखावत ने कहा कि अधिकारियों के साथ चर्चा की कि इसका मार्ग निकलना चाहिए। मध्य प्रदेश को सहमत किया। राजस्थान सरकार को चिट्ठी लिख करके भेजी, आप 75% डिपेंडेबिलिटी पर इस योजना को बना करके भेजिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गहलोत साहब रोज झूठ बोलते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ईआरसीपी को लेकर वादा किया था, लेकिन सच्चाई यह है कि यह योजना वर्ष 2018 में भारत सरकार के पास पहुंची-पहुंची थी। योजना के किसी भी पक्ष से चर्चा या समीक्षा उस समय तक नहीं हो पाई थी।

प्रधानमंत्री जी ने जयपुर में केवल यह कहा था कि यह योजना मेरे पास में भेजी गई है। वसुंधरा जी ने भेजी है। बहुत सारे विधायक भी मुझसे मिले हैं। सारे पक्षों से बातचीत कर हम इस पर संवेदनशीलता से विचार करेंगे। प्रधानमंत्री जी ने अजमेर में फिर कहा था कि इस योजना पर विचार चल रहा है। हम सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रहे हैं।

शेखावत ने कहा कि इन 13 जिलों में 30 से अधिक बांध हैं, जिनमें पानी भरने का काम अगले 5 साल में पूरा करके दूंगा और भारत सरकार उस योजना को पूरा करेगी, लेकिन दुर्भाग्य राजस्थान की वर्तमान सरकार लोगों को पानी नहीं पिलाना चाहती। केवल पानी के नाम पर, सूखे और प्यासे कंठों के नाम पर राजनीति करके वापस सत्ता की कुर्सी को ललचाई दृष्टि से देखना चाहती है।

जल जीवन मिशन की चर्चा करते हुए शेखावत ने कहा कि राजस्थान को सबसे ज्यादा 27,000 करोड रुपए आवंटित किए गए हैं, लेकिन गहलोत सरकार काम की गति को नहीं बढ़ा रही। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, चाहे कितना भी रोक ले, मैं वादा करता हूं कि राजस्थान में वर्ष 2024 के अंत तक यह योजना पूरी होगी और एक भी माता-बहन को सिर पर घड़ा रखकर पानी लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

केवल भड़काने का काम कर रहा विपक्ष

अग्निपथ योजना का जिक्र करते हुए शेखावत ने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने पहले कृषि कानून के नाम पर किसानों को भड़काने की कोशिश की। अब सेना भर्ती के नाम पर पूरे देश में आग लगा युवाओं को भड़काने का षड्यंत्र कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री जी और रक्षा मंत्री जी ने स्पष्ट कहा है कि सेना में जो युवा भर्ती होते थे, उसकी संख्या में कोई कमी नहीं होने वाली है।

सबगुरु राशिफल : 21 जून मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, कृष्ण पक्ष, अष्टमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 08.31 बजे बाद नवमी तिथि प्रारम्भ, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस।

मेष :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रह सकती है। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएं और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे। रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। दूसरों को खुशियाँ देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्धि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। परिवार में धार्मिक यात्रा की योजना बन सकती है। समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको लगेगा कि आपको किसी सलाहकार, खास तौर से किसी वरिष्ट व्यक्ति को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। रिश्तेदारों के चलते जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। मुमकिन है कि आप अपने प्रिय के साथ आनंद उठाए।

मीन :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलाएगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन में फँसने से सावधान रहें।

भूपेश बघेल ने पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति के लिए पुरी को लिखा पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर राज्य के किसानों और नागरिकों को पेट्रोल-डीजल की कमी से हो रही समस्याओं से अवगत कराते हुए सभी पेट्रोलियम कंपनियों के डिपो में पेट्रोल-डीजल की नियमित सप्लाई करने का आग्रह किया है।

बघेल ने केन्द्रीय मंत्री को आज लिखे पत्र में कहा है कि गत एक-दो महीने से राज्य में पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति कम हो गई है, जिससे कई जिलों के पेट्रोल पम्प ड्राई हो जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा भी अवगत कराया गया है कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन के छत्तीसगढ़ में 750 रिटेल आउटलेट हैं, जिसमें पेट्रोल, डीजल की नियमित सप्लाई नहीं होने से कई दिन बंद की स्थिति रहती है।

पेट्रोलियम कम्पनियों की समीक्षा में पाया गया कि पूर्व में बफर स्टॉक चार-पांच दिन के लिए रहता था, गत एक-दो माह से बफर स्टॉक केवल एक दिन के लिए बच रहा है, जो कि कई बार खत्म हो जा रहा है और डिपो भी ड्राई हो जाता है।

उन्होंने मंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है, मानसून के आने से कृषि कार्य प्रगति पर है, किसानों को डीजल नहीं मिल पाने से खेती के कार्यों में दिक्कत हो रही है। साथ ही ग्रामीण अचलों में डीजल नहीं मिल पाने से अति आवश्यक सेवा एम्बुलेंस परिवहन एवं आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

डीजल एवं पेट्रोल नियमित रूप से नहीं मिलने से कृषि कार्य पिछड़ जाएगी, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। ग्रामीण अंचलों के रिटेल आउटलेट को एडवांस भुगतान के बाद भी डीजल पेट्रोल की सप्लाई नहीं की जा रही है।

बघेल ने केन्द्रीय मंत्री पुरी से आग्रह किया है कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम एवं इण्डियन ऑयल कार्पोरेशन के छत्तीसगढ़ में स्थित डिपो में पेट्रोल और डीजल की नियमित सप्लाई कराने का कष्ट करें ताकि कृषकों एवं आम जनता को कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। इस समस्या का सहृदयतापूर्वक विचार कर उचित समाधान करेंगे।