Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 771 -
होम ब्लॉग पेज 771

सबगुरु राशिफल : 19 जून रविवार आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, कृष्ण पक्ष, षष्ठी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2079, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, रात 10.18 बजे बाद सप्तमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि : आपके लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आप खूब मनोरंजन करेंगे। मित्रों के साथ आज का दिन बहुत अच्छी तरह से बीतेगा। वस्त्र, भूषण तथा भोजन का अच्छा सुख प्राप्त होगा। आपकी मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ के भी संयोग हैं। कार्यस्थल पर मित्रों से भरपूर सहयोग मिल सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।

वृषभ राशि : आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है। आज सारे कार्य आपके अनुकूल होंगे। घर का वातावरण आनंदप्रद रहेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थता और मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। नौकरी और व्यावसायिक स्थल पर वातावरण अनुकूल रहेगा। आपका अपेक्षित सहकार मिलेगा। मायके से अच्छे समाचार आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बरतें।

मिथुन राशि : आपके लिए आज का दिन प्रतिकूल रहने के आसार बने हुए हैं। स्वभाव में रहा हठीलापन छोडऩा आपके हित में रहेगा। अधिक भावुकता के कारण मन में अस्वस्थता का अनुभव होगा। सामाजिक रूप से सम्मान का भंग न हो इसका ध्यान रखिएगा। घर और संपत्ति से जुड़े कार्यों में आज संभलकर चलें। माता से लाभ होगा। विद्याप्राप्ति के लिए आज का दिन अनुकूल है। आर्थिक आयोजन भी अच्छी तरह से होंगे।

कर्क राशि : आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है। आज आप आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। सृजनात्मक शक्ति में वृद्धि होगी। विचारों में स्थिरता तथा मन में दृढ़ता रहने से आप अपना कार्य बहुत अच्छी तरह से कर सकेंगे। मित्रों के साथ आयोजन करेंगे। भाई-बंधुओं के साथ संबंधों में निकटता आएगी। सामाजिक रूप से मान-सम्मान में प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि : आपके लिए आज का दिन ठीक नहीं रहेगा, इसलिए संभलकर चलने की आवश्यकता है। आपको आज अपनी वाणी और वर्तन के कारण भ्रांति खड़ी न हो, इसका विशेष ध्यान रखना होगा। आवेश और उग्रता के कारण किसी से तकरार न हो जाए इसका ध्यान रखें। स्वास्थ्य अच्छा नहीं रहेगा। खासकर आंखों की पीड़ा हो सकती है। अकस्मात का योग है। परिवारजनों के साथ कलह होने की संभावना है। आज आय कम और खर्च अधिक होगा। ईश्वर का ध्यान और आध्यात्मिकता से मन शांत होगा।

कन्या राशि : आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। आज आपको अपने निजी विचारों को छोडक़र सगे-संबंधियों के परिचितों की सलाह लेकर काम करने की आवश्यकता है। घर के तथा परिजनों के कार्य करते समय समाधानकारी व्यवहार अपनाना उचित रहेगा। वाणी पर संयम बरतिएगा, नहीं तो किसी से वाद-विवाद या मनमुटाव हो सकता है। समयानुसार, भोजन भी मिलने की संभावना कम है। खर्च पर संयम रखने से निरर्थक खर्च टाल सकेंगे। आर्थिक विषयों में सावधानी बरतिएगा।

तुला राशि : आज का दिन आपके लिए शुभ है। आज आपके कार्यक्षेत्र में आपका प्रभाव आज पड़ेगा। उच्च अधिकारियों के पर आपके कार्य का सकारात्मक असर होने से आप पर प्रसन्न रहेंगे। आप आज अपना कार्य दृढ़ मनोबल और पूर्ण आत्मविश्वास के साथ संपन्न करेंगे। पिता के साथ सम्बंध प्रेमपूर्ण रहेंगे और उनसे लाभ भी होगा। जमीन, वाहन, संपत्ति से जुड़े कार्य करने के लिए आज का दिन अनुकूल है। मित्रों से भरपूर सहयोग मिलेगा।

वृश्चिक राशि : आपके लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहेगा। आज आप आर्थिक जिम्मेदारियों के प्रति ध्यान देंगे तथा उसका आयोजन भी कर सकेंगे। आर्थिक लाभ होने की संभावनाएं बन रही हैं। मन में उत्साह तथा विचारों की स्थिरता के कारण सभी कार्य आप अच्छी तरह से कर सकेंगे। आज मनोरंजन, सौंदर्य-प्रसाधन, आभूषण आदि के पीछे खर्च होगा। परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे।

धनु राशि : आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। किसी के साथ वाद-विवाद या झगड़ा करने से आपको बचना होगा। क्रोध करने से आप आपको बचना होगा और वाणी तथा वर्तन पर संयम बरतना आपके हित में रहेगा। हितशत्रुओं से भी सावधान रहिएगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखिएगा। रहस्यमय विषय तथा गूढ़ विद्या के प्रति आप आकर्षित होंगे और आध्यात्मिक चिंता के द्वारा मानसिक शांति प्राप्त कर सकेंगे।

मकर राशि : आज का दिन आपके लिए लाभकारी है। नौकरी और व्यापार में भी लाभ के संकेत हैं। आकस्मिक धनलाभ होने की संभावना है। मित्रों के साथ आनंदपूर्वक समय बिता सकते हैं। जो लोग अपरिणित है उनके लिए आज विवाह का योग है। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। आर्थिक योजनाएं भी सफलतापूर्वक संपन्न कर सकेंगे। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।

कुंभ राशि : आपका आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहने के संयोग बन रहे हैं, इसलिए किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले योजना बनाएं और जरा संभलकर आगे बढ़ें। मन चिंता से व्यग्र रहेगा। शारीरिक रूप से स्फूर्ति का अभाव रहने से थकान और अशक्ति का अनुभव होगा, जिससे कार्य में मंदता रहेगी। नौकरी या व्यावसायिक स्थल पर सहकर्मचारी और ऊपरी अधिकारियों का व्यवहार नकारात्मक रहेगा। संतानों के स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी और उनके साथ मतभेद भी हो सकता है। प्रतिस्पर्धियों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

मीन राशि : आज के दिन शारीरिक रूप से आप में आलस्य, थकान, अशक्ति रहने के कारण अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। मानसिक रूप से भी आपको चिंता सताएगी। व्यावसायिक क्षेत्र में भाग्य का साथ नहीं मिलेगा। उच्चाधिकारी को आपके कार्य से संतोष नहीं होगा। मन में दुविधा रहने के कारण निर्णय लेने में बाधा आएगी। संतानों का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। खर्च भी अधिक होने की संभावना है। अत सतर्कता से काम लें।

श्रीगंगानगर : दो ट्रकों में टक्कर के बाद लगी आग, ट्रक चालक जिंदा जला

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में राजियासर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 62 पर आज सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे एक ट्रक के चालक की जिंदा जल गया।

पुलिस के मुताबिक मृतक ट्रक चालक की पहचान पंजाब के फरीदकोट शहर की एक कॉलोनी का निवासी चमकौरसिंह उर्फ मानकसिंह (50) के रूप में हुई। मृतक चालक का बुरी तरह से जला हुआ शव राजियासर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस ने बताया कि आज सुबह बीकानेर की ओर से एक ट्रक ग्रीट लेकर सूरतगढ़ की तरफ जा रहा था। प्रेम नगर के पास टायर में खराबी होने के कारण चालक ने उसे साइड में खड़ा कर दिया। यह ट्रक आधा सड़क पर और आधा नीचे खड़ा था। इसी दौरान बीकानेर की ओर से लकड़ी के फट्टे लेकर तेज गति से आ रहा एक ट्रक खड़े ट्रक में टकरा गया।

टक्कर इतनी जोर से हुई थी ग्रीट लदे होने के बावजूद खड़ा ट्रक 10- 12 फुट आगे खिसक गया। इसके चालक ने टायर ठीक करने के लिए मिस्त्री को बुला रखा था। चालक एवं मिस्त्री दूसरे ट्रक को तेज रफ्तार से खड़े ट्रक की तरफ आते हुए देख कर इधर-उधर हो गए और उनकी जान बच गई।

टक्कर होते ही दोनों ट्रकों में आग लग गई। पीछे वाले ट्रक में लकड़ी के फट्टे होने के कारण आग बड़ी तेजी से फैली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सूरतगढ़ और महाजन से दमकल वाहनों को बुलाया गया।

हाईवे से गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों ने भी दमकल कर्मियों की मदद की। लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक पीछे से टकराए ट्रक के चालक की केबिन में ही जल जाने से मौत हो गई।

कोटा : तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही 60 लाख की शराब बरामद

कोटा। राजस्थान में कोटा के रामगंजमंडी क्षेत्र में आबकारी विभाग ने आज बड़ी कार्यवाही करते हुए 60 लाख रुपए मूल्य की अवैध रूप से परिवहन कर ले जाए जाई जा रही अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की।

आबकारी विभाग के सूत्रों ने बताया कि कोटा-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगंज मंडी आबकारी चौकी क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो उससे अवैध रूप से परिवहन कर ले जाए जा रही 736 कार्टन में रखी 8832 अंग्रेजी शराब की बोतलें, 200 कार्टन में रखे 5016 बीयर के बरामद किए गए।

सूत्रों ने बताया कि इस मामले में आबकारी विभाग की गश्ती टोली ने कंटेनर के चालक भंवरलाल को गिरफ्तार किया है जिसने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि शराब अवैध रूप से परिवहन करके दिल्ली से गुजरात ले जाई जा रही थी। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उससे शराब के कारोबारी तस्कर के बारे में पूछताछ की जा रही है।

5 वर्ष से फरार 2000 रुपए का इनामी अरेस्ट

कोटा जिले के सुकेत थाना क्षेत्र में गौ तस्करी के मामले में गत पांच वर्षो से फरार दो हजार रूपए का इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार स्थाई वारंटी इंद्र सिंह बंजारा (70) निवासी टाडा बंजारान ढाबादेह थाना मोड़क को मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से गिरफ्तार किया है। जहां आरोपी नाम बदल कर मान सिंह नाम से जंगल में गाय चरा रहा था।

उसके साथ थाना सिमलीया का स्थाई वारंटी उसी के गांव का दुर्गा बंजारा था। जिसे भी दस्तयाब कर थाना पुलिस को सौंप दिया। आरोपी इंद्र उर्फ मान सिंह को शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवाया गया।

युवा शांतिपूर्ण तरीके से करें ‘अग्निपथ योजना’ का विरोध, कांग्रेस देगी साथ

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी सेना में भर्ती की नई अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवाओं के समर्थन में शनिवार को खुलकर आ गई लेकिन पार्टी ने युवाओं से अपना पक्ष शांतिपूर्ण ढंग से सरकार के समक्ष रखने की भी अपील की है।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज हिन्दी में लिखे एक पत्र के माध्यम से अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवाओं से आंदोलन को शांतिपूर्ण और अहिंसक रखने की अपील करते हुए कहा कि इस योजना को वापस कराने के संघर्ष में कांग्रेस उनके साथ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और इस योजना को वापस करवाने के लिए संघर्ष करने और आपके हितों की रक्षा करने का वादा करती है। हम एक सच्चे देशभक्त की तरह सत्य, अहिंसा, संयम और शांति के मार्ग पर चलकर सरकार के सामने आवाज उठाएंगे।

सोनिया गांधी का यह संदेश पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने जारी किया।कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं के नाम संदेश में कहा कि आप भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का महत्वपूर्ण कार्य करने की अभिलाषा रखते हैं। सेना में लाखों खाली पद होने के बावजूद पिछले तीन साल से भर्ती न होने का दर्द मैं समझ सकती हूँ। एयरफोर्स में भर्ती की परीक्षा देकर रिजल्ट और नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं के साथ भी मेरी पूरी सहानुभूति है।

उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि सरकार ने आपकी आवाज को दरकिनार करते हुए नई सेना भर्ती योजना की घोषणा की है, जो कि पूरी तरह से ‘दिशाहीन’ है। आपके साथ-साथ कई पूर्व सैनिक और रक्षा विशेषज्ञों ने भी इस योजना पर सवालिया निशान उठाए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं आपसे भी अनुरोध करती हूं कि अपनी जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण और अहिंसक ढंग से आंदोलन करें। कांग्रेस आपके साथ है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर केंद्र में सत्ता में आने के बाद से ‘जय जवान जय किसान’ के मूल्यों का अपमान करने का आरोप लगाया। गांधी ने एक ट्वीट में कहा कि पहले मैंने कहा था कि प्रधानमंत्री को ‘ब्लैक फार्म लॉ’ वापस लेना होगा। इसी तरह उन्हें ‘अग्निपथ’ योजना वापस लेनी होगी।

कांग्रेस ने इसे तुरंत वापस लेने की अपनी मांग दोहराई और सरकार को देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं करने की चेतावनी दी। कांग्रेस ने युवाओं से अपने लोकतांत्रिक अधिकार को व्यक्त करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताने का आह्वान किया।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आप हमारे सैन्य बलों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की घुसपैठ करना चाहते हैं। आपका इरादा क्या है? देश भर में मौजूदा स्थिति चिंता का विषय है। सरकार को देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना बंद करना चाहिए और इस योजना को तुरंत वापस लेना चाहिए।

खेड़ा ने कहा कि नोटबंदी के दौरान सरकार ने 50 दिनों के भीतर 60 बार नियम बदले। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), कृषि कानूनों और सीएए के साथ भी ऐसा ही हुआ। हाल में अग्निपथ योजना की घोषणा के बाद ही सरकार ने कई बदलाव किए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के नेता कहते हैं कि वह देश सेवा में जुटे हैं लेकिन देश सेवा के लिए सर्वाधिक उपयुक्त 22-23 वर्ष के युवा को इस योजना के माध्यम से सेवानिवृत्त करके उसे ‘रिटायर’ कहलाने के लिए छोड़ दिया जाएगा।

उन्होंने अग्निपथ योजना को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह योजना कुछ उद्योगपतियों के लिए मामूली वेतन और सुविधाओं पर नौकरी के लिए बेरोजगार युवाओं की भीड़ तैयार करने का जुगत मात्र है।

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने सरकार पर अग्निपथ योजना को लेकर ‘मार्केटिंग’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग अग्निपथ के फायदे गिना रहे हैं, वे कुछ बेचने की कोशिश कर रहे हैं। उनके शब्द ‘सेल्समैन’ जैसे हैं। देश को इस योजना की क्या आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ युवाओं को आग में झोंकने की योजना है और सरकार को इसे तुरंत वापस लेना चाहिए।

अजमेर में 21 जून को भाजपा के 75 स्थानों पर होंगे योग के कार्यक्रम

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में भारतीय जनता पार्टी अजमेर देहात देश की आजादी के 75वर्ष के अमृत महोत्सव के तहत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को 75 स्थानों पर योग के कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को योग से जोड़ेगी।

देहात जिला कार्य समिति की बैठक में उक्त आशय का निर्णय लेने के साथ ही राजस्थान में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते हुए मोदी सरकार के आठ वर्षीय कार्यकाल की भूरी भूरी प्रशंसा की गई।

सांसद भागीरथ चौधरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आमजन तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के हर संभव प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने दायित्व को बखूबी निभाया है।

जिला प्रभारी एवं मालपुरा विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने मोदी सरकार के शासन में गांव, गरीब, किसान, मजदूर एवं मातृशक्ति के लिए कल्याणकारी योजनाएं लाकर उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। साथ ही देश को भी तीव्र गति से विश्व में उच्च शिखर पर पहुंचाया है।

अजमेर देहात अध्यक्ष पूर्व विधायक देवीशंकर भूतड़ा ने कहा कि अग्निपथ योजना देश के बेरोजगारों के लिए वरदान साबित होगी। इस योजना से युवा राष्ट्र भक्ति से ओत प्रोत होने के साथ साथ स्वावलंबी भी बनेंगे।

पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने राजनीतिक प्रस्ताव रखते हुए आरोप लगाया कि गहलोत सरकार ने राज्य की जनता से वादे पूरे नहीं किए। नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री वंदना नोगिया भी उपस्थित रहीं।

राजस्थान में केबिनेट ने ‘केन्द्र सरकार अग्निपथ योजना को वापस ले’ का प्रस्ताव पारित किया

जयपुर। राजस्थान में राज्य मंत्रिपरिषद ने आज केन्द्र सरकार अग्निपथ योजना को वापस ले का प्रस्ताव पारित किया हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में सर्वसम्मति से आज यह प्रस्ताव पारित किया।

बैठक में राज्य मंत्रिपरिषद् ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया कि व्यापक जनहित एवं युवाओं की भावना को ध्यान में रखते हुए अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए। बैठक में देशभर के युवाओं द्वारा केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध प्रदर्शन पर चिंता जाहिर की गई।

बैठक में चर्चा की गई कि भारतीय सेना दुनिया की सबसे बहादुर सेना है, जो अपने अदम्य साहस के लिए जानी जाती है। हमारी सेना का इतिहास गौरवशाली रहा है, जिस पर पूरे देश को गर्व है। सेना का आत्म-विश्वास और उसकी प्रतिष्ठा बनी रहे, इसके लिए सेना में कुशलता, अनुभव एवं स्थायित्व होना आवश्यक है।

सेना में दक्षता बढ़ाने के लिए जरूरी है कि अल्पकाल के स्थान पर स्थायी रूप से भर्तियां हों, ताकि उनके अनुभव का लाभ देश को मिल सके। सेना सभी संसाधनों से युक्त हो और उसे निरंतर मजबूत किया जाए।

बैठक में चर्चा हुई कि केंद्र सरकार ने हाल ही सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना लागू की है। सेना में भर्ती के लिए इस योजना में किए गए प्रावधानों को लेकर देशभर में भारी विरोध सामने आया है। इस योजना से युवाओं में भविष्य को लेकर कई आशंकाएं पैदा हो गई है। इसके चलते देश के विभिन्न इलाकों में युवा सड़क और पटरियों पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सार्वजनिक सम्पत्ति के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं।

बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, झारखण्ड, जम्मू-कश्मीर, असम सहित विभिन्न राज्यों में प्रदर्शन हो रहे हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना आदि राज्यों में तो युवाओं ने ट्रेन की बोगियों में आग लगा दी।

मंत्रिपरिषद की बैठक में चर्चा की गई कि कई सैन्य विशेषज्ञों का भी मत है कि अग्निपथ योजना से न तो युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा, ना ही देश की सेना पूर्ण आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना कर सकेगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि देश की सेना में नियमित भर्तियां हों, सैनिकों को बेहतर प्रशिक्षण मिलने के साथ ही उन्हें वे समस्त परिलाभ मिलें, जिससे उनका और उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके। अतः राज्य सरकार का यह मानना है कि केन्द्र सरकार को ऎसी कोई भी योजना लाने से पहले सभी हितधारकों के साथ व्यापक चर्चा करनी चाहिए थी।

गोरखपुर में 393 बेटियों की भरी मांग, 11 का हुआ निकाह

गोरखपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गाेरखपुर में आयोजित भव्य समारोह में 404 बेटियों ने एक साथ गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया।

सामूहिक विवाह के अंतर्गत स्थानीय ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति पार्क में आयोजित विवाह समारोह में 393 बेटियों का कन्यादान अग्नि के समक्ष सप्तपदी एवं सिंदूरदान आयोजित कर विवाह संपन्न हुआ। वहीं, 11 बेटियों का निकाह मुस्लिम समाज की परम्पराओं के मुताबिक मौलाना ने कराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार सामूहिक विवाह समारोह में आशीर्वाद देने के लिए जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजबान की भूमिका में उपस्थित रहे। वर वधू के साथ दोनों पक्ष से आमंत्रित लोगों का सहभोज भी आयोजित हुआ।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महराजगंज से आए छह पुरोहितों ने सामूहिक रूप से सनातन धर्म के मुताबिक वैवाहिक अनुष्ठान पूर्ण कराया। इस मांगलिक आयोजन में सामान्य वर्ग की चार बेटियां, पिछड़ी जाति की 113, अनुसूचित जाति की 276 और अल्पसंख्यक मुस्लिम वर्ग की 11 बेटियों का विवाह सम्पन्न हुआ। कुछ परिवार यहां वैवाहिक गीत गाते हुए कार्यक्रम स्थल पर आए तो कुछ कार्यक्रम स्थल से ही अपनी बहू को विदा कर गांव ले गए।

नवयुगलों को आशीर्वाद देने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निकाह की प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए मौलाना रियाजुद्दीन, मुफ्ती अजहर शम्सी, मुफ्ती मेराज अहमद मौजूद रहे। उन्होंने सभी का निकाह सम्पन्न कराने के बाद निकाहनामा भी तत्काल तैयार किया।

लोक गायक प्रमोद कुमार यादव एवं उनकी संस्था दर्पण एण्ड पार्टी के कलाकारों ने बिरहा और पारम्परिक लोक गायन से सामूहिक विवाह समारोह के माहौल को उल्लास एवं उत्साह से भर दिया। घराती एवं बारातियों ने लोक गायन का आनंद उठाया।

उधर, वैवाहिक समारोह की ड्रोन कैमरों से फोटोग्राफी भी कराई गई। वर और वधू पक्ष के लोगों ने भी कार्यक्रम के फोटोग्राफ लिए एवं सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर इस आयोजन को यादों में संजो लिया।

बिल क्लिंटन ने एलियंस की खोज में एजेंटों का भेजा जाना स्वीकारा

वाशिंगटन। अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने माना है कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नेवादा के एरिया 51 में कुछ एजेंटों को यह पता लगाने के लिए भेजा था कि वहां एलियन तो नहीं हैं।

न्यूयार्क पोस्ट की रिपोर्ट में बताया गया कि क्लिंटन ने एक टीवी शो में साक्षात्कार के दौरान यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रहस्मयमयी नेवादा वायुसेना अड्डे पर पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्व़ सैंडी बर्जर को भेजा था।

क्लिंटन ने कहा कि मैंने कहा हम जानना चाहते हैं कि ऐसी चीजों से कैसे निपटा जाएं और इसके लिए हमने तकनीकी की मदद से कई अदृश्य अनुसंधान किए जैसे कि इस तरह की उड़ने वाले जहाज बनाना जिसे रडार न पकड़ सके आदि आदि। इसी कारण से यह काम बेहद गुप्त रखे जाते हैं लेकिन मैं अभी तक किसी एलियन को नहीं जान पाया।

कुछ वर्षों दुनिया के जाने माने खगोलविदों ने क्लिंटन को बताया कि इस बात की 95 प्रतिशत संभावना है कि हम ब्रहमाण्ड में अकेले नहीं हैं। क्लिंटन ने कहा कि मुझे लगता है कि यह कहना सही नहीं होगा कि धरती से अलग कहीं कोई जीवन नहीं हैं।

ऐसे भी कई लोग हैं जिन्होंने अपना पूरा जीवन ही इस रहस्य को पता लगाने में झोंक दिया। उन्होंने कहा कि इस ब्रहमाण्ड में अरबों गृह हैं न केवल गृह बल्कि अरबों सौर मंडल हैं तो ऐसे में यह कहा कि कहीं और जीवन नहीं है मुझे नहीं लगता कि यह सही है।

अग्निवीरों के लिए रक्षा मंत्रालय में 10 प्रतिशत पद होंगे आरक्षित : राजनाथ

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा केंद्रीय पुलिस बलों और असम राइफल में अग्निवीरों के लिए आरक्षण की घोषणा के बाद रक्षा मंत्रालय ने भी अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत पद आरक्षित करने का एलान किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को मंत्रालय के इस आशय से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। अग्निवीरों को यह 10 प्रतिशत आरक्षण तटरक्षक बल, रक्षा क्षेत्र के 16 सार्वजनिक उपक्रमों और डिफेंस सिविल विभागों में दिया जाएगा।

रक्षा मंत्री के कार्यालय ने आज सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आवश्यक योग्यता मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को रक्षा मंत्रालय के पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

ट्वीट में कहा गया है कि यह 10 प्रतिशत आरक्षण तटरक्षक बल, डिफेंस सिविल पदों और रक्षा क्षेत्र के सभी 16 सार्वजनिक उपक्रमों में दिया जाएगा। यह भूतपूर्व सैनिकों को दिए जाने वाले आरक्षण से अतिरिक्त होगा। इस निर्णय को लागू करने के लिए संबंधित भर्ती नियमों में जरूरी संशोधन किए जाएंगे।

रक्षा मंत्री के कार्यालय ने कहा है कि रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों को भी भर्ती नियमों में संशोधन करने की सलाह दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर अधिकतम आयु सीमा में छूट का प्रावधान भी किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी आज सुबह यह घोषणा की थी कि अग्निवीरों को केंद्रीय पुलिस बलों और असम राइफल्स में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

ज्ञात हो कि सरकार ने तीनों सेनाओं में जवानों की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की शुरुआत की है जिसमें अग्निवीरों का कार्यकाल केवल चार वर्ष रखा गया है।

देश के युवा इसके विरोध में जगह जगह आंदोलन और आगजनी कर रहे हैं। सरकार युवाओं को भरोसे में लेने और उन्हें अग्निपथ योजना में शामिल होने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न तरह की छूट की घोषणा कर रही है।

यूपी बोर्ड की बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में लड़कियों ने फिर बाजी मारी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की इस साल हाईस्कूल परीक्षा के शनिवार को घोषित परिणाम में छात्राें की तुलना में छात्राएं एक बार फिर अव्वल रही हैं।

परीक्षा परिणाम के मुताबिक दसवीं कक्षा की परीक्षा में इस साल 91.69 प्रतिशत छात्राएं और 85.25 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, वहीं कानपुर स्थित अनुभव इंटर कालेज के छात्र प्रिंस पटेल ने इस साल पहला स्थान अर्जित किया है।

यूपी बोर्ड की निदेशक डा सरिता तिवारी ने हाईस्कूल का परिणाम घोषित करते हुए संवाददाताओं को बताया कि शैक्षिक सत्र 2021-22 की हाईस्कूल परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत, छात्रों की तुलना में 6.44 प्रतिशत अधिक रहा है।

उन्होंने बताया कि सफल परीक्षार्थियों में शीर्ष दस स्थानों में सात पर छात्राओं ने ही बाजी मारी। टॉप टेन छात्रों में सर्वाधिक विद्यार्थी कानपुर नगर के हैं।

मेरिट लिस्ट में अनुभव इंटर कालेज कानपुर के प्रिंस पटेल ने पहला स्थान अर्जित किया है। प्रिंस ने 600 में से 586 अंक अर्जित कर परीक्षा में टॉप किया है। वहीं दूसरे स्थान पर दो छात्राओं ने बाजी मारी। इनमें मुरादाबाद स्थित एसवीएमआईसी इंटर कालेज की संस्कृति ठाकुर और कानुपर के शिवाजी इंटर कालेज की किरण कुशवाहा ने 585 अंक (97.50 प्रतिशत) अर्जित कर दूसरे सथान पर रहीं। कन्नौज में सरस्वती विद्या मंदिर के अनिकेत शर्मा 583 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।

इस साल के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम की मेरिट लिस्ट में शीर्ष दस स्थानों पर कुल 27 छात्रों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। इनमें दो छात्र समान अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहे। कानपुर में शिवाजी इंटर कालेज की पलक अवस्थी और प्रयागराज में बीपी सिंह बालिका हायर सेकेंडरी की आस्था सिंह 583 अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहीं।

वहीं पांचवें स्थान पर इस साल चार छात्र रहे। इनमें सीतापुर की एकता वर्मा, रायबरेली के न्यू आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कालेज की अथर्व श्रीवास्तव, कानपुर के शिवाजी इंटर कालेज की नैनसी वर्मा और दसवें नंबर पर कानपुर नगर के शिवाजी इंटर कालेज की प्रांशी द्विवेदी ने 582 अंक अर्जित कर पांचवां स्थान हासिल किया है।

इनके अलावा मेरिट लिस्ट में छठे स्थान पर रहीं सीतापुर के सरदार सिंह कॉन्वेंट स्कूल की शीतल वर्मा ने 581 अंक हासिल किए। सीतापुर की इशिता वर्मा, राबरेली की कशिश यादव और मऊ की हर्षिता शर्मा 579 अंक अर्जित कर सातवें स्थान पर रहीं।

रायबरेली के अजय प्रताप सिंह, कानपुर के राज यादव, ललितपुर के ओमशी सिंह, मऊ की अंजली चौहान और वाराणसी के आशुतोष कुमार 578 अंक हासिल कर आठवें स्थान पर रहे।

कानपुर के शिवा, ललितपुर की अनुप्रिया जैन और फतेहपुर रोशनी निषाद ने 577 अंक प्राप्त कर नौवें स्थान पर आए। वहीं दसवें स्थान पर 576 अंक प्राप्त कर हरदोई के अभय पटेल, चित्रकूट की हर्षिता सिंह, प्रयागराज की आस्था तिवारी, अयोध्या की निष्ठा यादव और देवरिया की अंशु यादव आए।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल के सम्पूर्ण परिक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.18 रहा है। डा तिवारी ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में कुल 27 लाख 64 हजार 443 संस्थागत और 17,202 व्यक्तिगत छात्रों को मिलाकर कुल 27 लाख 81 हजार 645 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें से 25 लाख 20 हजार 634 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।

उन्होने बताया कि संस्थागत परिक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.28 जबकि व्यक्तिगत परिक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 70.85 रहा।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में शामिल हुए 25,20,634 परीक्षार्थियों में से 13,71,862 छात्र हैं तथा 11,48,772 छात्राएं हैं। कुल उत्तीर्ण 22,22,745 परिक्षार्थियों में से 11,69,488 छात्र तथा 10,53,257 छात्राएं हैं।