Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 774 -
होम ब्लॉग पेज 774

अफगानिस्तान : मस्जिद में विस्फोट 12 की मौत, 30 घायल

काबुल। अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुंदूज में एक मस्जिद में शुक्रवार को हुए जबरदस्त विस्फोट की चपेट में आकर 12 लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हो गए।

एक सूत्र ने स्पूतनिक को यह जानकारी दी। यह विस्फोट इमाम साहिब डिस्ट्रिक्ट में केंद्रीय मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान स्थानीय समयानुसार दिन के 1:30 बजे हुआ। कुंदूज पुलिस के हवाले से एक अफगान ब्रॉडकास्टर ने भी यह जानकारी दी।

विस्फोट के बाद से राहत एवं बचावकर्मी घटनास्थल पर अपने-अपने काम में लग गये हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि अफगानिस्तान में अगस्त 2021 से सत्ता पर काबिज तालिबान ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।

माना जा रहा है कि अफगानिस्तान में हो रहे बड़े आतंकवादी हमलों और बम धमाकों के पीछे आईएस का ही हाथ है। दूसरी ओर तालिबान का कहना है कि देश में आईएस की मौजूदगी बहुत थोड़े से हिस्से में है और उसको उखाड़ फेंकने का काम लगातार किया जा रहा है।

ब्रिटेन ने जूलियन असांजे के प्रत्यर्पण को दी मंजूरी

लंदन। ब्रिटेन ने जासूसी के आरोप में विकिलीक्स के सह संस्थापक जूलियन असांजे को अमरीका प्रत्यर्पित किये जाने को मंजूरी दे दी है। ब्रिटेन की गृहमंत्री प्रीति पटेल ने शुक्रवार को प्रत्यर्पण की मंजूरी दी।

गार्डियन के अनुसार जैसे ही सुश्री पटेल ने असांजे के प्रत्यर्पण की मंजूरी दी ठीक वैसे ही असांजे का पक्ष रखने वाली कानूनी टीम ने एक क्रॉस अपील दायर की ताकि अदालों मे इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जा सके।

रिपोर्ट के अनुसार पटेल ने प्रत्यर्पण मंजूरी देने से पहले अमरीका के प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध से जुड़ी कानूनी बारीकियों को भी खंगाला जिसमें उसे अमरीका में सजा नहीं दिए जाने की वादा भी शामिल है।

गृहमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि 17 जून को दोनों मजिस्ट्रेट की अदालतों और हाईकोर्ट के द्वारा असांजे को अमरीका प्रत्यर्पित किए जा सकने की व्यवस्था दिए जाने के बाद उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी गयी है हालांकि अभी उसके पास 14 दिन तक इस फैसले के खिलाफ अपील करने का अधिकार है।

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को मिला पैरोल, बरनावा डेरा पहुंचे

सिरसा। साध्वी यौन प्रकरण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में सजा भुगत रहे हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को आज एक माह के पैरोल पर रिहा किया गया। वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद थे।

डेरा सूत्रों के अनुसार पैरोल मिलने के बाद डेरा प्रमुख उत्तर प्रदेश के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा की शाखा में चले गए हैं। पिछले दिनों इन्हें 21 दिन की पैरोल मिली थी, तब वह गुड़गांव शाखा में रहे थे। हरियाणा में 19 जून को होने जा रहे निकाय चुनावों के दृष्टिगत इस पैरोल को अहम माना जा रहा है।

डेरा प्रबंधक मंडल के अनुसार डेरा प्रमुख सुबह करीब साढ़े सात बजे सुनारिया जेल से निकले। इसके बाद वह चचेरे भाई चरणप्रीत सिंह और हनीप्रीत इंसा से मिले और उनको साथ लेकर उत्तर प्रदेश के बरनावा डेरा चले गए।

हरियाणा के जेल मंत्री रणजीत सिंह ने बताया कि 30 दिन का पैरोल डेरा प्रमुख को दिया गया है। उन्होंने बताया कि डेरा प्रमुख की ओर से पैरोल अर्जी आई थी, जिस पर विचार करने के बाद रोहतक कमिश्नर प्रशासन को आगामी कार्यवाही के लिए भेजा गया था, जहां से उन्हें पैरोल मिला है।

जेल मंत्री से पूछा गया कि बार-बार डेरा प्रमुख को पैरोल कैसे मिल रहा है, तो उन्होंने स्पष्ट करना चाहा कि पैरोल कैदी का अधिकार है, उसी के तहत पैरोल दिया गया है।

राहुल गांधी के मूवमेंट में शामिल होने पर भाई से बदला क्यूं : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र की मोदी सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों पर से लोगों का ध्यान हटाने के लिए विभिन्न हरकतें करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके दिल्ली में सक्रिय एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मूवमेंट में शामिल रहने पर इसका बदला उनके भाई से क्यूं लिया जा रहा हैं।

गहलोत ने आज दिल्ली से जयपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में उनके भाई अग्रसेन गहलोत के सीबीआई छापा पड़ने के मामले में यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने तो 13 जून को प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक एवं अन्य से मिलने का समय मांगा, 15 को मुकदमा दर्ज हो गया और 17 को रेड हो गई। यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इससे पहले सरकार के संकट के समय भी इनके यहां जोधपुर में ईडी की रेड हुई थी।

उन्होंने कहा कि 40-45 साल से भाई अपना काम करते हैं, मैं अपना काम करता हूं, मैंने अपने आपको राजनीति में शामिल रखा, घर में कभी शादी ब्याह भी हुआ तो वर्कर की तरह जाता हूं। मैं अगर दिल्ली में एक्टिव हूं, राहुल के मूवमेंट में शामिल रहा तो इसका बदला भाई से क्यूं लिया जाता हैं। जयपुर में जब सरकार पर संकट आया तभी वहां ईडी के छापे पड़ते हैं, समझे के परे हैं। इस तरह के पहले ईडी एवं अब पहुंच गई सीबीआई, यह सब समझ के परे हैं। जनता यह पसंद नहीं करती हैं और धीरे धीरे भाजपा एवं इस सरकार को ही इसका नुकसान होने वाला हैं।

गहलोत ने कहा कि कोई राजनीति में हैं तो उसके परिवार के सदस्यों का क्या कसूर हैं और उसके परिवार पर अटैक हो, उसे उचित नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि आज वह जयपुर आए हैं और रविवार को फिर दिल्ली जाएंगे और सोमवार को फिर वहां भाग लेंगे।

एक सवाल के जवाब में कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं, वह 50 साल से राजनीति में हैं, ये क्या उन्हें डराएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के नाम की सरकारें आ गई और रगड़ाई नहीं हुई और लोग ऊपर से आ गए और पद प्राप्त कर लिया। अगर अनुभव प्राप्त व्यक्ति होता है तो इस तरह की हरकतें नहीं होती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ईडी सहित तीनों एजेंसियों के हैड से मिलने का समय मांगेंगे और ये तीनों ही देश की प्रतिष्ठित संस्थाएं हैं, उनसे वह मुख्यमंत्री के रुप में एवं देश के एक नागरिक के रुप में बताना चाहेंगे कि देश में उनके बारे में क्या ओपिनियन बनी हुई हैं और क्यों बनी हुई हैं। उनको सुनने में क्या तकलीफ हैं। वे ब्यूरोक्रेट हैं उन्हें सुनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुझे टाइम देना चाहिए, टाइम नहीं देना उनके समझ में नहीं आ रहा है। वादा करता हूं कि मैं परिवार एवं खुद के बारे में कोई बात नहीं करुंगा जो प्रक्रिया हैं उसी अनुरुप बात करने वाला हूं। उन्होंने कहा कि एक हद तक दबाव सहन करो, उसके बाद दबाव भी सहन नहीं करना चाहिए। ये तमाम बातें हैं देश हित में नहीं है। लेकिन हम घबराने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि वह बार बार कह रहे हैं कि जब सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी एक रुपया भी अपने लिए नहीं ले सकते है तो मनी लांड्रिंग कैसे हो गया। पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का मुद्दों पर से ध्यान हटाने के लिए राहुल गांधी पर मामला बना दिया, यह आठ साल पुराना मामला है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगार जैसे बड़े मुद्दों पर ध्यान हटाने के लिए यह सब किया जा रहा है।

आज गांव गांव में तनाव हैं, हिन्दू-मुस्लिम में दरार हो गई हैं, पता नहीं कब किसी पर अटैक हो जाए। क्या यह देश हित में क्या हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम, भाईचारा, आपस में मोहब्बत होनी चाहिए, उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री को हाथ जोड़ते हैं कि जो माहौल बन गया हैं उसके कारणों पर मत जाओं लेकिन उन्हें अपील करनी चाहिए कि शांति एवं भाईचारा बना रहे और वह हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश सकते में हैं और घबराया हुआ है। यह बात उन तक पहुंच नहीं रही हैं इसलिए वह बोल नहीं रहे हैं लेकिन एक दिन इस तरह की अपील करनी पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की अग्निपथ योजना पर कहा कि यह देश के युवाओं के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि पहले कोई सोच थी, कोई दिक्कत नहीं हैं जैसे इजराइल की तरह कोई सोच थी, इजराइल की तरह कोई बात समझ में आई तो देशवासियों को विश्वास में तो लेना चाहिए, लाखों लोग नौकरी का इंतजार कर रहे थे कि अग्निपथ योजना थोप दी गई। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना को लेकर देश के नौजवान आक्रोश में हैं।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह आंदोलन करते समय किसी तरह की हिंसा नहीं करे। उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने के लिए आंदोलन करे उनका वेलकम हैं।

अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के फार्म हाउस एवं दुकान पर सीबीआई का छापा

अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के फार्म हाउस एवं दुकान पर सीबीआई का छापा

जोधपुर। राजस्थान में मुख्यमंत्री गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के फार्म हाउस और दुकान पर केन्द्रीय जांच ब्यूरो की टीम ने आज सुबह छापा मारा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीआई की दो टीमें मामले में जांच कर रही हैं और अग्रसेन गहलोत के फार्म हाउस एवं उनकी पावटा स्थित खाद बीज की दुकान (अनुपम कृषि) पर जांच पड़ताल चल रही है।

मामले की जांच पहले प्रवर्तन निदेशालय में चल रही थी और आज इसमें सीबीआई पड़ताल शुरु की है। अभी जांच जारी हैं और जांच के बाद ही इसके बारे में कोई पता चल पाएगा। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह जांच का विषय हैं और सीबीआई जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि अग्रसेन गहलोत पर वर्ष 2007 से 2009 के बीच फर्टिलाइजर बनाने के लिए जरूरी पोटाश किसानों में बांटने के नाम पर सरकार से सब्सिडी पर खरीदकर दूसरी कंपनियों को बेचकर मुनाफा कमाने का आरोप है।

इस मामले में कस्टम विभाग ने अग्रसेन की कंपनी पर करीब 5.46 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया था। इस मामले में अग्रसेन की न्यायालय में याचिका पर उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई थी। डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने वर्ष 2012-13 में इस मामले का खुलासा किया था।

सबगुरु राशिफल : 17 जून शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2079, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 06.41 बजे बाद चतुर्थी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज कारोबार में पिछले कार्यों को निपटाने के लिए समय उत्तम रहेगा। आज संपति खरीदने का प्लान बनेगा। आज साफ्टवेयर कंपनियों में काम करने वालो के लिए अच्छा दिन रहेगा।

वृष राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों को पहचान मिलेगी। आज कारोबारियों को सफलता मिलेगी। आज फाइनेंस से जुड़े मामलों में सावधानी रखनी चाहिए। आज समय उत्तम रहेगा।

मिथुन राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज मेहमानों का आगमन होगा। आज शुभ समाचार मिलेगा। आज आत्मविश्वास बड़ेगा। आज जोखिम उठाने का साहस करेंगे। आज कारोबार में वृद्धि होगी। आज शुभ समय है।

कर्क राशि स्वामी चंद्रमा रत्न मोती

आज किसी समस्या का अंत होगा। आज निवेश शुभ रहेगा। आज व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। आज अप्रत्याशित लाभ होगा। आज आय बड़ेगी। आज लेन-देन में सावधानी रखें।

सिंह राशि स्वामी सूर्य रत्न माणकीय

आज कुसंगति से बचें। आज खर्च अधिक होगा। आज कर्ज लेना पड़ेगा। आज बनते काम बिगड़ेंगे। आज किसी के काम की जवाबदारी न लें। आज समय नेष्ट रहेगा।

कन्या राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेगा। आज लाभ के अवसर हाथ आएंगे। आज कारोबार अच्छा चलेगा। आज शेयर मार्केट शुभ रहेगा। आज आय में वृद्धि होगी।

तुला राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज कार्यप्रणाली में सुधार होगा। आज नई योजना बनेगी। आज व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि होगी। आज शेयर मार्केट अनुकूल रहेगा। आज धन लाभ होगी। आज आय बढेगी।

वृश्चिक राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज कोर्ट-कचहरी के कार्य अनुकूल रहेगा। आज व्यापार-व्यवसाय अच्छा चलेगा। आज तंत्र-मंत्र में रुचि जागृत होगी। आज किसी जानकार व्यक्ति का सहयोग मिलेगा।

धनु राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज वाहन का प्रयोग सावधानी से करें। आज चोट व दुर्घटना से हानि होगी। आज जोखिम के कार्य टालें। आज वाणी नियंत्रण रखें। आज विवाद से क्लेश रहेगा। आज धैर्य रखें।

मकर राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज कानूनी अड़चन दूर होगी। आज नौकरी में प्रमोशन मिलेगा। आज व्यापार-व्यवसाय अच्छा चलेगा। आज शेयर मार्केट लाभदायक रहेगा। आज समय अनुकूल रहेगा।

कुंभ राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। आज व्यापार-व्यवसाय अनुकूल रहेगा। आज शेयर मार्केट से लाभ मिलेगा। आज भूमि-भवन संबंधी योजना बनेगी। आज समय उत्तम रहेगा।

मीन राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन मिलेगा। आज लाभ के अवसर हाथ आएंगे। आज यात्रा मनोरंजक रहेगी। आज स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। आज मन प्रसन्न रहेगा।

जीवन दर्पण ज्योतिष सुरेश कुमार आसवानी
संपर्कसूत्र : 9413761512 / 9610160966

अजमेर विधायक अनिता भदेल का कोटा में भव्य स्वागत

0

अजमेर विधायक अनिता भदेल का कोटा में भव्य स्वागत
कोटा। अजमेर की विधायक अनिता भदेल का कोटा आगमन पर अखिल भारतीय कोली समाज राजस्थान की कार्यकारिणी ने उनका सम्मान किया।

प्रदेश महामंत्री निर्मला दहिया ने बताया कि विधायक अनिता भदेल का स्वजातीय टीम, समाज की संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पलक पावड़े बिछाए।

भदेल का नन्ही बालिका निविता महावार ने तिलक लगा कर स्वागत किया। टोंक से पधारे हेमंत महावार ने उनको साफा बांध कर राजस्थानी परंपरा निभाई।

इस मौके पर भदेल ने कहा की समाज का संगठित होना बहुत जरूरी है। मैं भारत के हर क्षेत्र में जाती हूं पर समाज को हर जगह बिखरा हुआ ही देखती हूं। हमे संगठित होकर एकता का परिचय दिखाना होगा।संगठन में ही शक्ति होती है, हमें एक होकर समाज को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कोटा की टीम की सराहना की और धन्यवाद दिया।

भदेल के साथ आईं बीना ने कहा की मैं अनिता जी को बचपन से जानती हूं। ये एक कर्मठ और जुझारू रहीं हैं। सामाजिक क्षेत्र हो या राजनैतिक सदैव अपना दायित्व बखूबी निभाती हैं। अजमेर से लगातार पांच बार जीत कर विधायक बनी है। एक बार महिला बाल विकास मंत्री रह चुकी हैं।

इस मौके पर प्रदेश मंत्री प्रिया जोगनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनैना वर्मा, कोटा जिला अध्यक्ष महिला विंग श्निर्मला वर्मा ने भी उनको कोटा आने का धन्यवाद दिया।

टीम के संरक्षक जीपी वर्मा, कोटा जिला अध्यक्ष मुकुट, प्रदेश कार्यकर्ता मांगीलाल महावार, प्रदेश कार्यकर्ता सागर वर्मा, दिनेश महावार, युवा विंग अध्यक्ष पुरषोत्तम महावार, पुष्पकान्त महावार, पुर्णेश वर्मा, निर्मला राजोरिया, वीनिता महावार, ज्योति महावार आदि कार्यकता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश मंत्री ने सभी का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

सोनिया-राहुल से पूछताछ, ईडी प्रमुख का कार्यकाल बढ़ाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड विवाद मामले में कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से पूछताछ के बीच महिला कांग्रेस की एक सदस्य ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक संजय कुमार मिश्रा का कार्यकाल बढ़ाने का आदेश रद्द करने की गुहार लगाई है।

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की महासचिव जया ठाकुर ने अपनी याचिका में मिश्रा के कार्यकाल और केंद्रीय सतर्कता आयोग (संशोधन) अधिनियम के विस्तार के लिए 17 नवंबर 2021 को पारित आदेश को रद्द करने का निर्देश देने की गुहार लगाई है।

याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ प्रवर्तन एजेंसियों का दुरुपयोग करके लोकतंत्र के बुनियादी ढांचे को नष्ट कर रही है। याचिकाकर्ता का दावा है कि इसी वजह से मिश्रा का कार्यकाल गत वर्ष 17 नवंबर को बढ़ा दिया गया था।

ठाकुर ने अपनी याचिका में कहा है कि मिश्रा की सेवानिवृत्ति नवंबर 2020 में होनी थी, लेकिन उनका कार्यकाल दो बार बढ़ाया गया। याचिका में दावा किया गया है कि कार्यकाल समाप्त होने से मात्र दो दिन पहले नवंबर 2021 में कार्यकाल बढ़ाया गया था।

ठाकुर ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ जांच का हवाला देते अपनी याचिका में कहा है कि केंद्र सरकार विरोधियों की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से पिछले 10 वर्षों से जांच कर रही है।

भारत के विश्व गुरु बनने से ही समाप्त होगी विश्व की अशांति : मोहन भागवत

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत ने कहा है कि संपूर्ण विश्व में फैली अशांति की स्थिति को समाप्त करने के लिये भारत का विश्वगुरु बनाना जरूरी है और इसके लिये प्रत्येक नागरिक की सहभागिता चाहिए।

डॉ भागवत बुधवार को मुजफ्फरनगर से करीब 24 किलोमीटर दूर खतौली के मोहल्ला दुर्गापुरी स्थित श्रीकृष्ण मंदिर के 65वें वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में देश भर से जुटे संतों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जात-पात, ऊंच-नीच को समाप्त करने पर ही देश की सामाजिक उन्नति होगी।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व गुरु बनेगा, इसके लिए प्रत्येक नागरिक सहभागी बने। उन्होंने कहा कि इसमें शक नहीं कि भारत के विश्व गुरु बनने से ही विश्व में फैली अशांति स्थिति की समाप्ति हो सकेगी। उन्होंने कहा कि एक समय था जब मंदिरों में धर्म के अलावा रोजगार, कला और शिक्षा भी संचालित होती थी। लेकिन विदेशियों ने सबसे पहले हमारी इसी शक्ति को खत्म किया।

उन्होंने कहा कि सारा समाज एक साथ रहे, सब मिलकर आगे चलें। धर्म पर संकट आते हैं, दुष्ट और अधर्मी आक्रमण करते हैं। लेकिन ऐसे समय में शक्ति के साथ संयमी बने रहना भी जरूरी है। सर संघचालक ने कहा कि यथा शक्ति के स्थान पर अधिकतम करने की आदत बनाएं। मंदिर जाएं, संतों को सुनें और धर्म आचरण के साथ सुरक्षा करें। उन्होंने कहा कि सेवा धर्म का अंग है और दूसरों की मदद करना सेवा है।

डा भागवत इसके बाद मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे। जहां ‘जल संरक्षण के क्षेत्र में चुनौतियां एवं समाधान’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता परमार्थ निकेतन के संस्थापक स्वामी चिदानंद ने की।

राजस्थान में अगले वर्ष का सूरज भाजपा की प्रचंड बहुमत की जीत के साथ होगा उदय : सतीश पूनियां

कोटा। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कहा है कि राज्य में भाजपा संगठन हम सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से मजबूती से खड़ा हुआ है और उन्हें पूरा विश्वास है वर्ष 2023 का सूरज प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत की जीत के साथ उदय होगा।

डा पूनियां आज यहां प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह यह बात पूरे विश्वास के साथ हाड़ोती की पवित्र धरती पर संकल्प के साथ कह रहे है कि इसी जीत के साथ प्रदेश में भाजपा हमेशा के लिए अजेय बनेगी, जिसे हम सब मिलकर पूरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा केवल नारे लगाने वाला चुनावी संगठन नहीं है, सरोकारों की पार्टी है, राजनीति में उतार-चढ़ाव भी आते हैं और परिस्थितियों की प्रतिकूलता भी आती है, हम उपचुनाव हारे उनकी अनेक वजह थी, भाजपा प्रदेश में सामाजिक सरोकार की मजबूती से शक्ल ले चुका है।

आमतौर पर सत्ता के साथ पंचायतीराज और निकायों के चुनावों का फैसला होता है लेकिन उन्हें यह कहते हुए प्रसन्नता है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पांच करोड़ मतदाताओं के उस चुनाव में कांग्रेस पार्टी की सरकार के सत्ता के तिकड़म के बावजूद हमें पंचायतीराज चुनाव में 18 जिला परिषदों में बोर्ड बनाने का अवसर मिला, कांग्रेस 15 जिला परिषदों में ही सिमट गई, पंचायतीराज चुनाव के इतिहास में विपक्ष के रूप में सत्ता पक्ष के खिलाफ भाजपा की यह सबसे बड़ी जीत है।

डा पूनियां ने कहा कि इस ऐतिहासिक प्रदेश कार्यसमिति में उनसे पत्रकारों ने पूछा कि कोटा को ही क्यों चुना, हम जब सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी काम की उदात्त भावना से करते हैं तो भूगोल और समाज को साथ लेकर चलते है और इसलिए गतिविधियों की निरंतरता यह भाजपा का एक गुण है, जो दूसरी पार्टियों से अलग करता है।

उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि मोदी युग में काम कर रहे हैं। आजादी के 75 वर्ष जिसका अमृत महोत्सव हम मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कालांतर में जो परिस्थितियां बनी, देश में जनसामान्य में धारणा पैदा कर दी गई कि देश में कोई शासन कर सकता है तो कांग्रेस पार्टी कर सकती है, देश पर शासन कर सकता है तो नेहरू खानदान कर सकता है, और इसलिए लगभग 75 वर्षो की आजादी के समय में भारत की भोलीभाली जनता को जाति, पंत एवं मजहब के नाम पर तुष्टीकरण के नाम पर वोटबैंक के नाम पर केवल चंद वर्ष नहीं 55 वर्षो तक शासन करने का अवसर मिला पर विरासत में क्या दिया सबके सामने है, हम सब सौभाग्यशाली है कि जब पहली बार सत्ता का परिर्वतन हुआ।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के दूसरे बड़े आंदोलन का सबसे बड़ा साहसी, कारक कोई था वह भारतीय जनसंघ था कि जिसमें उस सम्रग क्रांति के आंदोलन को जिसने जयप्रकाश नारायण के साथ उचांइयां दी, सत्ता बदली उस सत्ता में जनसंघ की हिस्सेदारी थी और जनसंघ ही प्रतिबद्ध था इस बात के लिए कि देश परमाणु शक्ति संपन्न बने, पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष की विचारधारा थी कि हर हाथ को काम, हर खेत को पानी, हर पेट को रोटी, और इसलिए आंदोलन की भावना और विकसित की वाणी और कलम से अनेक सरकारों की पुष्टि और लोक-कल्याणकारी काम शुरू हुए।

उन्होंने कहा कि हम सबकी इस बात की इच्छा थी कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म हो, श्रीराम जन्मभूमि के मंदिर का निर्माण हो और इसलिए प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जब बदलाव की शुरूआत की, उस गठबंधन की राजनीति को देश के लोकतंत्र की अक्षुणता के लिए और यह गठबंधन की सरकार चलाई और गठबंधन की सरकार ने भी जनसंघ के ऐजेण्डे को बडी सुदृढ़ता से लागू किया। यही कारण है कि दुनिया के प्रतिबंधों की चेतावनी के बाद भी इसी राजस्थान की पोकरण धरती पर परमाणु विस्फोट करके भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाया गया।

उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसलों की बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना श्री वाजपेयी की देन है। फिर दूसरा बड़ा बदलाव आया श्रीराम जन्मभूमि का आंदोलन हुआ जब आपातकाल के आंदोलन के बाद तीसरा बड़ा आंदोलन था और श्रीराम जन्मभूमि के आंदोलन के बाद अटलजी की सरकार बनी, लेकिन वापस जब सरकार बदली तो 10 वर्षो में इतिहास का 2009 से लेकर 2014 वो ऐसा था जिसमें दुनिया में भारत की साख कम हुई लेकिन निरंकुश, अहंकारी, भ्रष्टाचार, अराजकता, जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद इन सबको हटाकर वर्ष 2014 में भारत की जनता ने एक बदलाव खडा किया और देश में भाजपा की प्रचण्ड बहुमत के साथ सरकार बनी और प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी हमारे बीच में कुशल एवं मजबूत नेतृत्व के साथ आये।

बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, सह-प्रभारी एवं सांसद भारती बेन, संगठन महामंत्री चंन्द्रशेखर, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल एवं कैलाश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, सांसद राजेन्द्र गहलोत, किरोड़ी मीणा एवं सीपी जोशी तथा अन्य कई पार्टी नेता बैठक में शामिल हुए।