Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 780 -
होम ब्लॉग पेज 780

भारतीय संस्कृति का प्रवाह संस्कृत में निहित : दिनेश कामत

अजमेर। विश्व में संस्कृत के प्रति चाह निरन्तर बढ़ रही है। संस्कृत पोषित भारतीय संस्कृति विश्व में ग्राह्य है। सम्पूर्ण विश्व में संस्कृत की पोषक संस्कृत भारती निरन्तर संस्कृत के प्रचार प्रसार व संस्कृत को जनभाषा बनाने हेतु कृतसंकल्पित है। यह बात संस्कृतभारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कामत ने संस्कृतभारती राजस्थान के तीनों प्रांत चित्तौड़ जयपुर व जोधपुर के सम्मिलित प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर व्यक्त किए।

उन्होंने संस्कृत के महत्व, संस्कृत की प्रतिष्ठा, शोध, अनुसंधान पर बल देते हुए संस्कृत संभाषण पर जोर देते हुए कहा कि संस्कृत भारती भारत के पुनर्जीवनोत्थान के लिए देश विदेश में संस्कृत भाषा के प्रथम सोपान संस्कृत संभाषण का कार्य कर रही है। लगभग 500000 संस्कृत शिक्षक व प्रशिक्षक देश में संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए संस्कृत भारती के माध्यम से निरंतर प्रयासरत हैं।

विश्व के 40 देशों में 254 विश्वविद्यालयों में संस्कृत विभाग कार्य कर रहे हैं जिसमें अमरीका, रूस, जापान आदि प्रमुख हैं साथ ही जर्मनी व फ्रांस में भी संस्कृत को महत्व दिया जा रहा है। विश्व की पहली भाषा संस्कृत में 4300000 पांडुलिपियों भारतीय ग्रंथों के आधार पर मौजूद हैं जिसमें से केवल 45000 प्रकाशित हुए हैं।

क्षेत्र संयोजक डाक्टर तग सिंह राजपुरोहित बताया कि 31 मई से संस्कृतभारती राजस्थान क्षेत्र के तीनों प्रांत के सम्मिलित प्रशिक्षण वर्ग अजमेर के शहीद अविनाश माहेश्वरी आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उद्योगपति सुनील दत्त जैन, विशिष्ठ अतिथि सांसद भागीरथ चौधरी, अध्यक्षता चित्तोड़ प्रान्त अध्यक्ष कृष्ण कुमार गौड़ द्वारा की गई।

गौरतलब है कि कार्यक्रम में 172 शिक्षार्थियों में चित्तोड़ प्रान्त के 12 जिलों से 72 प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थी को शिविर से संस्कृत सम्भाषण सीख कर अपने क्षेत्र में संस्कृत संभाषण चलाने व संस्कृत को जनभाषा बनाने पर बल दिया।

समापन समारोह में संस्कृत भारती के क्षेत्र शिक्षण प्रमुख राजेन्द्र शर्मा, क्षेत्र के संगठन मंत्री हुलास चंद्र, अधिवक्ता परिषद के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राणा, सेवा भारती के मोहनलाल खंडेलवाल समेत कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अजमेर : चारण समारोह 2022 में पुस्तकों का विमोचन

अजमेर। चारण साहित्य शोध संस्थान में शनिवार को आयोजित चारण समारोह-2022 में पुस्तकों का विमोचन किया गया।

चारण साहित्य शोध संस्थान के अध्यक्ष भंवर सिंह चारण ने बताया कि चारण समारोह-2022 के आयोजन में राजस्थानी तथा पींगल साहित्य पर चर्चा के साथ पुस्तकों का विमोचन किया गया। सांवल दान आशिया कृत महाभारत रूपक पुस्तक एक छंद साहित्य है। इसे साहित्य के सात आश्चर्यों में से एक की संज्ञा दी गई।

पद्मश्री सीपी देवल ने कार्यक्रम में कहा कि पींगल गीत के 186 प्रकार बनाकर व्याख्या करना राजस्थानी भाषा से ही संभव है। इसी भाषा के माध्यम से एहर न खड़े (गति रहित ओष्ठ) गीतों की रचना की जा सकती है। इन छन्दों के गायन में होठों का उपयोग नहीं होता है। इस प्रकार के राजस्थानी छन्द शास्त्र यह सिद्ध करने के लिए पर्याप्त है कि भारत विश्व गुरू रहा है।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार चारण चमत्कार पुस्तक का भी विमोचन हुआ। यह मुंशी देवी प्रसाद गुप्त कृत साहित्य है। इसका सम्पादन पूर्व सांसद एवं राजस्थानी धरोहर संरक्षण व प्रोन्नति प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने किया है।

यह पुस्तक प्राच्य विद्यापीठ से प्राप्त मुंशी देवी प्रसाद गुप्त की हस्तलिखित पाण्डुलिपी की सामग्री को लेकर तैयार की गई थी। इसमें चारण समाज की ऎतिहासिक विभूतियों तथा उनके कार्यों को स्थान दिया गया है। समारोह के दौरान मेरा घर-चारण सहित्य का घर की थीम के अनुसार साहित्य रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता चारण को जानें के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता के लिए गोटीपा उदयपुर के राजेन्द्र सिंह देवल प्रथम, झांकर सिरोही के डॉ. नरेन्द्र सिंह द्वितीय, बासनी दधवाड़िया पाली के कुलदीप देवल तृतीय तथा सोमेसर जोधपुर के नरपतदान बारहठ का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा था।

इसी प्रकार राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित भवानीसिंह को भी सम्मानित किया गया। समारोह में कविराज भंवरदान बीठू मधुकर के चित्र का अनावरण भी किया गया। साथ ही राजस्थानी शब्दकोश को ऑनलाईन करने वाले मनोज मीसण का भी सम्मान हुआ।

समारोह में सीडी देवल ने कहा कि चारण साहित्य विशाल है। इसे नई पीढ़ी को अवगत कराना चाहिए। राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रौन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि यह प्रतिभावान समाज है। समाज में राजनीतिक चेतना आवश्यक है। इस क्षेत्र में सकारात्मक सोच रखने वालों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं को जुड़ना चाहिए। समाज को आगे बढ़ने के लिए दहेज का परित्याग करना चाहिए।

राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के पूर्व अध्यक्ष देव कोठारी ने कहा कि राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने में सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। डिंगल में त्रिकूट बंद छंद एक साथ और एक लय में गाया जाता है। इसका संरक्षण आवश्यक है। वैज्ञानिक पद्धति से साहित्य सुरक्षित रखा जाना चाहिए।

इस अवसर पर राजस्व मण्डल के सदस्य भंवर सिंह पालावत एवं भंवर सिंह सांदू सहित पुष्पदान गढ़वी एवं समाज के गणमान्य नगारिक उपस्थित थे।

पूर्णिया में स्कार्पियो तालाब में गिरी, नौ की डूबकर मौत

पूर्णिया। बिहार में पूर्णिया जिले के अनगढ़ थाना क्षेत्र में स्कार्पियो के तालाब में गिर जाने से नौ लोगों की डूबकर मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि किशनगंज जिले के महीनगांव पंचायत के नुनिया गांव से कुछ लोग अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड के चनकी ताराबाड़ी गए थे।

शुक्रवार की देर रात स्कार्पियो पर सवार लोग लौट रहे थे तभी तीव्र मोड़ के समीप स्कार्पियो अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गया। स्कार्पियो के पीछे बैठे दो लोग किसी तरह शीशा तोड़कर बाहर निकल गए। इस घटना में नौ लोगों की तालाब में डूबकर मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान गंगा प्रसाद यादव, तांडव लाल यादव, करण लाल यादव, अमरचंद यादव, कालीचरण यादव, रामकिशन यादव, गुलाबचंद यादव, माणिक लाल और चालक तनवीर आलम के रूप में की गई है। चालक का शव बाद में बरामद किया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए किशनगंज भेज दिया गया है।

चार-चार लाख रुपए मुआवजे के निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्णिया जिले के कांजिया गांव के पास एक स्काॅर्पियो के तालाब में गिरने से हुई दुर्घटना में नौ लोगों की मौत पर आज गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। कुमार ने कहा कि यह दुर्घटना काफी दुखद है।

उन्होंने प्रत्येक मृतक के शोक संतप्त परिवार को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश आपदा प्रबंधन विभाग को दिया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

बाड़मेर में रोडवेज बस और कार की भिडन्त में दो चचेरे भाईयों की मौत

बाड़मेर। राजस्थान में बाडमेर जिले के नागाणा थानान्तर्गत जिप्सम हॉल्ट के पास रोडवेज बस स्विफ्ट कार पर चढ़ गई जिससे कार सवार दो चचेरे भाईयों की मौत हो गई तथा बस में सवार दो महिलाएं सहित चार यात्री घायल हो गए।

कार से करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं, पुलिस ने हाईवे से वाहनों को क्रेन से हटवाया। वहीं मृतकों के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने अनुसार बाड़मेर से बायतु की तरफ जा रही कार ओवरटेक करने के दौरान जिप्सम हॉल्ट के पास अनियंत्रित हो गई। कार वापस घूमकर बाड़मेर की तरफ हो गई। सामने जोधपुर से रही बस कार के पीछे से अंदर घुस गई।

आसपास के लोगों ने कार सवार दो युवकों एवं रोडवेज बस पैसेंजर घायलों को जिला अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सको ने बाटाडू निवासी जसराज सोनी (32), केवलाराम (30) को मृत मृत घोषित कर दिया।

बस सवार दो महिला पूजा पत्नी कालूराम निवासी कवास, मंजू पत्नी भंवरलााल कवास सहित दो अन्य पैंसेजर घायल हो गए। महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

RJD कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया लालू यादव का 75वां जन्मदिन

पटना। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का 75वां जन्मदिन आज बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़े ही उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया।

राजद अध्यक्ष यादव की लंबे समय के बाद उनकी मौजूदगी में यहां के वीरचंद पटेल पथ स्थित पार्टी मुख्यालय में बड़ी धूमधाम से उनका जन्मदिन मनाया गया। पार्टी सुप्रीमो यादव के जन्मदिन को लेकर प्रदेश में राजद कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा गया।

वैसे तो प्रदेश के सभी जिलों में राजद कार्यकर्ताओं ने यादव के जन्मदिन को विशेष बनाने के लिए अपनी ओर से पूरी तैयारी की थी। बावजूद इसके बड़ी संख्या में राजद के नेता और कार्यकर्ता दूसरे जिलों से भी आकर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में दिन भर जमे रहे।

राजद के यहां प्रदेश मुख्यालय में यादव ने अपने जन्मदिन के मौके पर विशेष रूप से तैयार किए गए 75 किलोग्राम के लड्डू को केक के रूप में स्वयं काटा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में यादव के लड्डू को केक के रूप में काटते ही तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और उनके छोटे पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव और बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव के साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह समेत सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

यादव ने अपने जन्मदिन के मौके पर कहा कि मुझे आज खुशी हो रही है कि ऐसे अवसर पर महान समाजवादी राममनोहर लोहिया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के सम्मान में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पुस्तकालय की स्थापना की गई है। लोहिया और कर्पूरी जी देश के सम्मानित पुरखे थे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अब इस पुस्तकालय में पढ़कर ज्ञान अर्जित कर सकेंगे।

राजद अध्यक्ष ने इस अवसर पर पार्टी नेताओं को शुभकामना देते हुए बिहार को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देने की भी अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजद के लाखों करोड़ों कार्यकर्ता और नेता की मेहनत का फल है कि आज पार्टी राष्ट्रीय मानचित्र पर है।

इससे पूर्व राजद अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पत्नी राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर परिवार के लोगों के साथ मिलकर जन्मदिन मनाया।

उल्लेखनीय है कि यादव के 75वें जन्मदिन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजधानी पटना के सभी प्रमुख चौक चौराहों को पोस्टर से पाट दिया था। इसमें से एक विशेष पोस्टर चर्चा में रही। इस पोस्टर में यादव के विभिन्न रूपों को दर्शाया गया है। इस पोस्टर में यादव के लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक का सफर दिखाया गया है। इसके साथ ही पोस्टर में उनकी जेल यात्रा को भी दिखाया गया है।

अजमेर : निर्जला ग्यारस के महापुण्य पर्व पर विष्णुसहस्त्रनाम पाठ

अजमेर। महापुण्य पर्व निर्जला ग्यारस पर राजस्थान ब्राह्मण महासंघ अजमेर की ओर से नसीराबाद रोड स्थित शिव शक्ति मन्दिर में विष्णुसहस्त्रनाम के सामूहिक पाठ का आयोजन किया गया।

श्री हरि भगवान की महाआरती के बाद उपस्थित समाज बन्धुओं ने भक्तजनों, आमजन व राहगीरों को प्रसाद, फल व मिल्क रोज का वितरण साथ ही पक्षियों के लिए पेडों पर परिंडे बांधे गए।

राजस्थान ब्राह्मण महासंघ अजमेर की जिलाध्यक्ष पदमा शर्मा ने बताया कि पंडित कुणाल शर्मा ने विष्णुसहस्त्रनाम के पाठ का महत्व व विधि के बारे में बताया।

कार्यक्रम के दौरान जिला व प्रदेश कार्यकारणी के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहीं। प्रदेश अध्यक्ष निर्मला शर्मा, प्रदेश सचिव सन्ध्या शर्मा, जिला अध्यक्ष पदमा शर्मा, मिथलेश शर्मा, रोशन शर्मा, रामबाबू, डॉ.अनीष शर्मा, हितेश, गौरव, योगेंद्र, विक्रम, श्रुति, अंजलि, रिम्पी शर्मा, उषा, कविता, ब्रजलता शर्मा, सपना, सीमा, कीर्ति शर्मा तथा शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने इस मौके पर सहभागी बन पुण्य अर्जित किया।

नागपुर में आवारा कुत्तों ने ली पांच साल के बच्चे की जान

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले में आवारा कुत्तों के एक झंडु ने पांच साल के एक बच्चे पर हमला कर उसकी जान ले ली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को जानकारी दी कि आवारा कुत्तों के हमले में विराज राजू जयवार (पांच) की मृत्यु हो गई।

विराज अपनी बड़ी बहन के साथ आज सुबह करीब 6.30 बजे सुबह की सैर के लिए निकला था, जब नागपुर जिले के कटोल तहसील के धंतोली इलाके में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे पास के एक निर्माणाधीन स्थल क्षेत्र में खींच लिया और उसे मार डाला।

उसकी बहन ने कुत्तों को भगाने की कोशिश की और शोर मचाने का भी प्रयास किया लेकिन सब व्यर्थ रहा। बच्चे के पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्रास वोटिंग : हरियाणा विधायक कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस से निलंबित

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के विधायक कुलदीप बिश्नोई को राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में क्रास वोटिंग के मामले में कांग्रेस आलाकमान ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है।

गौरतलब है कि कल के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से कृष्ण लाल पंवार और निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा (पूर्व केन्द्रीय मंत्री विनोद शर्मा के बेटे) ने जीत हासिल की। भितरघात के कारण कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन को हार का मुंह देखना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक बिश्नोई की नाराजगी को लेकर पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि वो माकन को वोट करने की कम संभावना है। इस बारे में बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान ने भी माकन को वोट देने के लिए बिश्नोई से बात की थी।

बताया जाता है कि बिश्नोई प्रदेश कांग्रेेस अध्यक्ष पद के लिए आशावान थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा की चलने के कारण उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने से नाराज थे। वह इस बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।

उससे वो नाराज हो गए और कांग्रेस के खिलाफ वोट देकर अपनी भड़ास निकाली। इस कारण उन्हें पार्टी वर्किंग कमेटी के सदस्यता से भी हाथ धोना पड़ा। बिश्नोई पहले ही कह चुके थे कि वह चुनाव में अंतरआत्मा की आवाज पर वोट करेंगे।

इस पर प्रतिक्रिया जताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बिश्नोई ने अपनी अंतरआत्मा की आवाज पर वोट किया है। ऐसा लगता है कि बिश्नोई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित हैं। उल्लेखनीय है कि नब्बे सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भाजपा के 40, जजपा के 10, कांग्रेस के 31 और अन्य निर्दलीय हैं।

ऊपर वाला ही जाने कि सपा की सरकार क्यों नहीं बनी : आजम खान

रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर विधायक एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार पर हैरानी जताते हुए कहा कि हार पर मायूस होने के बजाय ऊपर वाले के फैसले पर यकीन करना होगा।

शुक्रवार देर रात कार्यकर्ताओं के साथ एक संक्षिप्त बैठक में खान ने कहाकि पूरा मुल्क हैरान है और हैरतजदा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी की सरकार क्यों नहीं बनी। यह बात समझ में ही नहीं आती क्यों नहीं बनी। हमारा हिसाब फेल, सरकार बनाने वालों का गणित फेल, हर कोई हैरान है, क्या हुआ है, हारने वालों को हारने का भरोसा नहीं, जीतने वालों को जीतने का यकीन नहीं। क्या हुआ है, यह तो ऊपर वाला ही जानता है। हमें कुदरत के फैसले के आगे सर झुका देना चाहिए।

उन्होने कहा कि एक ऐसे शख्स का साथ दें जिसके दामन पर कोई दाग नहीं, जिसकी पेशानी साफ है। हमारा दामन तो इतना दागदार कर दिया है कि हमें अपने दामन पर अफसोस होता है। जिसका जो जी चाहता है वह हम पर इल्जाम लगा देता है। बकरी चोर, भैंस चोर, किताब चोर, हमने शराब की दुकान लूटी है, बल्कि हमने इन चीजों की डकैती की है।

पार्टी कार्यालय दारुल उलूम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आजम ने कहा कि मैं सिर्फ शपथ के लिए थोड़ी सी देर के लिए विधानसभा गया था, तो भाजपा के वजीर, एमएलए के सर नहीं उठे। मुझे मालूम था, वह मुझसे आंख नहीं मिला सकेंगे और नहीं मिला सके, बस एक ही जुल्म बाकी रह गया था, बची हुई जान भी निकाल ली जाए।

उन्होने कहा कि जब मैंने कहा था कि मैं रामपुर को दुनिया के नक्शे पर ला दूंगा, तो लोग मेरा मजाक उड़ाते थे, लोग कहते थे दीवाना हो गया, लेकिन अब ना सिर्फ यह कि रामपुर को दुनिया के नक्शे पर ले गए हैं, बल्कि पूरी दुनिया यह जानती है कि रामपुर के साथ बहुत जुल्म हुआ है।

रांची में हुई फायरिंग में दो की मौत, 11 से अधिक घायल

रांची। पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने वाली भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता रहीं नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई और 11 से अधिक लोग घायल हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि फायरिंग में घायल 24 वर्षीय मोहम्मद शाहिद और 22 वर्षीय कैफ़ी उर्फ तौसीफ की कल देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। सुश्री शर्मा के विवादित टिप्पणी के खिलाफ और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कल जुमे के नमाज के बाद एक धर्म विशेष के लोगों ने हाथ में काला झंडा और धार्मिक झंडा के साथ जुलूस निकाला और लोगों से अपनी दुकान बंद रखने की अपील की।

इस दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और पुलिस पर पथराव करने लगी। उग्र भीड़ की ओर से पथराव और रोड़ेबाजी के कारण डेली मार्केट थाना के थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग की गई थी।

इस बीच सरकार ने एहतियात के तौर पर राजधानी रांची में शुक्रवार रात से ही इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी है। कल रांची के फिरायालाल से सुजाता सिनेमा चौक तक धारा 144 लागू कर उसे सील कर दिया गया। राजधानी के 12 थाना क्षेत्र में 144 लागू दी गई है। सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है।

घटना को लेकर पुलिस ने डोरंडा, डेली मार्केट और हिंदपीड़ी थाना में उपद्रव करने वाले ज्ञात और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। साथ ही उपद्रव करने वालों को सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।

उपायुक्त छवि रंजन ने लोगों से किसी भी अफवाह से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी दुकान को बंद नहीं किया गया लेकिन लोगों से कोविड महामारी दिशानिर्देश का पालन कराया जा रहा है। एहतियात के दौर पर हनुमान मंदिर के पास आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की तैनाती की गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।

वहीं, श्री महावीर मंडल और रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति ने आज बंद का आह्वान किया था। राजधानी की सभी दुकानें बंद हैं और आवागमन भी बाधित है।