Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 785 -
होम ब्लॉग पेज 785

हनुमानगढ़ में प्रेमी युगल ने मंदिर में की आत्महत्या

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में टिब्बी थाना क्षेत्र में एक युवक और एक युवती ने एक मंदिर परिसर में जाकर किसी जहरीली वस्तु का सेवन कर आत्महत्या कर ली।

थाना प्रभारी सीआई सुभाषचंद्र कच्छावा को सुबह घटना की सूचना मिलने पर दलबल सहित मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी के अनुसार मृतकों की पहचान टिब्बी के वार्ड नंबर 12 की निवासी निर्मला (22) और वार्ड नंबर 15 निवासी सुभाष मेघवाल (24) के रूप में हुई।

दोनों मंगलवार-बुधवार की रात को किसी समय अपने अपने घरों से गायब हो गए। बुधवार सुबह श्मशान घाट और सोसाइटी भवन के पीछे भोमिया जी मंदिर परिसर में लोगों ने इन दोनों को मृत पड़े देखा। पास में कीटनाशक दवा की बोतल पड़ी थी।

पुलिस ने बताया कि मौके पर इनके परिवारजन भी आ गए। निर्मला के भाई सचिन द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज की गई। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिए गए।

पूछताछ करने पर पता चला कि निर्मला और सुभाष में लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध चले आ रहे थे। सुभाष शादीशुदा था। दोनों ने प्रेम संबंधों के परवाने चढ़ने की निराशा में खुदकुशी कर ली।

इस्लाम का अपमान करने के आरोप में मॉडल अजमल हकीकी अरेस्ट

काबुल। अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने जानेमाने फैशन मॉडल अजमल हकीकी को इस्लाम और कुरान का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह एक वायरल वीडियो में अपने तीन दोस्तों के साथ कुरान की आयतें पढ़ते वक्त कथित रुप से हंसते नजर आ रहे थे।

तालिबान द्वारा नियुक्त खुफिया महानिदेशालय ने पांच जून को अजमल और उनके तीन साथियों को गिरफ्तार किया। बाद में इसी दिन अजमल का एक और वीडियो जारी किया गया, जिसमें वह अपने किए के लिए माफी मांगते नजर आ रहे हैं।

इधर, अजमल की गिरफ्तारी की ट्विटर पर निंदा की जा रही और उनकी रिहाई की मांग भी की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल ने भी उनकी गिरफ्तारी की निंदा की है।

एमनेस्टी इंटरनेशनल के मुताबिक पिछले हफ्ते अजमल ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें वह अपने तीन साथियों के साथ कथित तौर पर ‘हंसते-हंसाते हुए कुरान की आयतें पढ़ते नजर आ रहे थे। बाद में पांच जून को अजमल ने पिछले वीडियो के लिए माफी मांगते हुए एक और वीडियो पोस्ट किया।

एमनेस्टी इंटरनेशनल की दक्षिण एशिया प्रचारक समीरा हमीदी ने अजमल और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यूट्यूबर अजमल और उनके साथियों को मनमाने ढंग से हिरासत में लेना और उन्हें माफी मांगने के लिए मजबूर करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार पर एक खुला हमला है। तालिबान को तुरंत बिना शर्त उन्हें रिहा करना चाहिए।

कोटा में कोचिंग छात्रा की हत्या के संदेह में नाबालिग हिरासत में

कोटा। राजस्थान में कोटा की एक कोचिंग छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को आज गुजरात से हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया संदिग्ध नाबालिग बताया जाता है।

कोटा के नजदीक रावतभाटा रोड पर कोटा डेम क्षेत्र के जंगल से पुलिस ने बुधवार रात को दो दिन पहले लापता हुई एक कोचिंग छात्रा आलिया खान (17) का शव बरामद किया था।

पुलिस ने उसकी हत्या करने के संदेह के आधार पर इस मामले की जांच शुरू की जिसमें प्रारंभिक स्तर पर यह सामने आया कि छात्रा की सोशल मीडिया के जरिए गुजरात के एक किशोर से दोस्ती हुई थी।

छात्रा का शव मिलने से दो दिन पहले यह किशोर छात्रा से मिलने कोटा आया था और अंतिम बार उसे ही एक दुपहिया वाहन से छात्रा के साथ कोटा डेम की ओर जाते हुए देखा गया था। बाद में छात्रा का शव बरामद हुआ।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी यह छात्रा कोटा में न्यू जवाहर नगर के एक हॉस्टल में रहकर कोचिंग कर रही थी। सूत्रों ने बताया कि छात्रा के गुजरात निवासी इस नाबालिग युवक से संपर्क होने की पुष्टि होने के बाद कल कोटा से एक पुलिस टीम गुजरात भेजी गई थी, जिसने आज संदिग्ध नाबालिग को हिरासत में ले लिया, जिसे पुलिस कोटा ला रही है।

RCDF MD सुषमा अरोड़ा ने किया अजमेर डेयरी प्लांट का अवलोकन

अजमेर। अजमेर डेयरी के नवीन प्लांट का आरसीडीएफ की प्रबंध संचालक सुषमा अरोड़ा ने गुरूवार को अवलोकन किया।

अवलोकन के बाद प्रेस वार्ता के दौरान अरोडा ने कहा कि सहकारिता एक आन्दोलन है। इसमें बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप बदलाव की आवश्यकता है। ग्राहक की वैयक्तिकता तथा आवश्यकता के आधार पर नए उत्पाद बाजार में उतारे जाएंगे। बाजार में उत्पादों के मध्य प्रतिस्पर्धा है। इस दौरे में भी सहकारिता संस्थाओं द्वारा उक्त गुणवतायुक्त उत्पाद प्रदान किए जा रहे है। अजमेर डेयरी का गुणवत्ता पर पूरा फोकस है। उपभोक्ताओं को मिलावट रहित सामग्री मिलनी चाहिए। यह उनका अधिकार है। उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए दूध के मूल्य में बढ़ोतरी नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि अजमर डेयरी के नवीन प्लांट में आधुनिक तकनीक तथा मशीनों का उपयोग किया गया है। इससे सहकारिता आन्दोलन सुदृढ़ होगा साथ ही पशुपालक भी आर्थिक रूप से आत्म निर्भर होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि के पश्चात पशुपालन ही आजीविका का प्रमुख साधन है। राजीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को पशुपालन के साथ जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ-साथ पशुपालन तथा दुग्ध उत्पादों के प्रति जागरूकता पैदा करने में आंगनबाड़ी कार्मिकों का सहयोग लिया जाएगा। पशुपालकों से खरीदे जाने वाले दूध में समय-समय पर वृद्धि की गई है।

उन्होंने कहा कि दूध का संकलन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए नए मिल्क रूट बनाए जाएंगे। नए प्लांट से सम्पूर्ण दूध की प्रोसेसिंग संभव है। सरस के उत्पाद उच्च गुणवत्ता वाले होते हैं। भारतीय सेना के कड़े मानकों पर उत्पाद खरे उतरे हैं। इसलिए उन्हें दुग्ध उत्पाद सप्लाई किए जा रहे है। राज्य की कमजोर डेयरियों का सुद्धढ़ीकरण करने का कार्य किया जाएगा। एनबीडीडी के माध्यम से आरंभ होने वाली 167 करोड़ की परियोजनाएं इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इन परियोजनाओं की सैद्धान्तिक स्वीकृति दी गई है।

अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी ने कहा कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 2.55 लाख लीटर दुध का संग्रह प्रतिदिन किया जा रहा है। इसमें से 2.35 लाख लीटर दूध का नियमित विपणन होता है। शेष दूध से दुग्ध उत्पाद बनाए जा रहे है।

अजमेर डेयरी के प्रबन्ध निदेशक मदन लाल ने कहा कि नवीन डेयरी प्लांट के अवलोकन के समय अरोड़ा का ग्रामस्तरीय दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। सदस्यों के डेयरी एवं पशुपालक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

पाकिस्तान के कराची में श्री मारी माता मंदिर में तोड़फोड़

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में मंदिर में तोड़फोड़ की एक और घटना सामने आई है। कराची स्थित श्री मारी माता मंदिर में बुधवार को देवी-देवताओं की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया गया।

कराची में कोरंगी थानान्तर्गत आने वाले जे क्षेत्र में स्थित श्री मारी माता मंदिर पर हुए हमले से कराची में रहने वाले हिंदू अल्पसंख्यक सकते में आ गए हैं।

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने इलाके में रहने वाले संजय के दिए बयान के हवाले से कहा कि छह- सात लोग मोटरसाइकिल से आये और मंदिर में तोड़फोड़ की। उसने कहा कि ये कौन लोग थे और उन्होंने ऐसा क्यों किया ये हमें नहीं मालूम।

घटना की पुष्टि करते हुए कोरंगी के थाना प्रभारी फारूक संजरानी ने कहा कि पांच से छह अज्ञात लोग मंदिर में घुसे, तोड़फोड़ की और फरार हो गए। संजरानी ने कहा कि अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पाकिस्तान में मंदिर अक्सर भीड़ हिंसा के निशारे पर रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर में, कोटरी में सिंधु नदी के तट पर बने एक मंदिर में कुछ अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की थी।

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने अपनी रिपोर्ट में कहा, अगस्त में भोंग शहर में स्थित श्री गणेश हिंदू मंदिर में कुछ लोगों ने हमला किया था और साथ ही, भीड़ ने सुक्कुर-मुल्तान मोटरवे (एम-5) को भी अवरुद्ध कर दिया था। यह घटना तब घटी, जब एक स्थानीय मदरसा में कथित तौर पर पेशाब करने वाले नौ साल के एक हिंदू लड़के को जमानत दे दी गई थी।

एंटी-डोपिंग नियम के तहत तारा मूर अस्थायी रूप से निलंबित

लंदन। ब्रिटेन की टेनिस खिलाड़ी तारा मूर को एंटी-डोपिंग कार्यक्रम के तहत प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉज़िटिव पाए जाने पर अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।डब्ल्यूटीए युगल की 83 नंबर की खिलाड़ी मूर ने अप्रैल 2022 में कोलंबिया के बोगोटा में आयोजित डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट के दौरान अपने सैंपल दिए थे।

अंतरराष्ट्रीय टेनिस अखंडता एजेंसी ने बुधवार को कहा कि सैंपल को ए और बी में विभाजित किया गया और जांच में पाया गया कि ए सैंपल में नैंड्रोलोन मेटाबोलाइट्स और बोल्डेनोन और उसके मेटाबोलाइट मौजूद हैं, जो 2022 विश्व एंटी-डोपिंग एजेंसी की प्रतिबंधित सूची में नामित पदार्थ हैं।

एजेंसी ने कहा कि अब खिलाड़ी के पास अवसर है कि वह सैंपल बी की जांच के लिए निवेदन करें ताकि यह देखा जा सके कि वह सैंपल ए से मिलता है या नहीं। इस दौरान, 29 वर्षीय मूर किसी भी स्वीकृत टेनिस आयोजन में भाग नहीं ले सकेंगी।

अपने अस्थायी निलंबन के बारे में मूर ने ट्वीट किया कि अपने करियर में कभी भी जानकर कोई प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया। मैं जांच कर रही हूं कि मेरे सैंपल में यह पदार्थ कैसे आये और मैं यह साबित करूंगी कि मैं निर्दोष हूं। उन्होंने कहा कि मैं अस्थायी निलंबन से बेहद दुखी हूं और उम्मीद करती हूं कि जल्द ही कोर्ट पर वापसी करूंगी।

महल कलां की पूर्व विधायक हरचंद कौर कांग्रेस से निष्कासित

चंडीगढ़। पंजाब में बरनाला जिले के महल कलां से विधायक रह चुकीं हरचंद कौर को कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने की वजह से निष्कासित कर दिया गया है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने यह कार्रवाई की और कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा एवं अनुशासन के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार 23 जून को होने जा रहे संगरूर लोकसभा उपचुनाव में वह गुपचुप तरीके से अपने क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी दलबीर गोल्डी के खिलाफ प्रचार कर रही थीं।

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की करीबी माने जाने वाली हरचंद कौर इस बार हुए विधानसभा चुनाव में भी महल कलां से कांग्रेस प्रत्याशी थीं और तीसरे नंबर पर रही थीं।

राजनीतिक हलकों में ऐसी भी चर्चा है कि वह भाजपा में शामिल हो सकती हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उनका फोन बंद मिल रहा था।

फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और फिर हाल में बलबीर सिंह सिद्धू, गुरप्रीत सिंह कांगड़, राजकुमार वेरका, सुंदरशाम अरोड़ा और केवल सिंह ढिल्लों जैसे बड़े नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। ढिल्लों को पार्टी ने संगरूर उपचुनाव में अपना प्रत्याशी भी बनाया है।

बीकानेर‌ में कार-ट्रक की टक्कर में महिला सहित 4 की मौत

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर‌ जिले के श्रीडूंगगरढ़ थाना क्षेत्र में कार एवं ट्रक के टकराने पर एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।

थाना प्रभारी वेदपाल श्योराण ने बताया कि बुधवार देर रात श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कार और ट्रक आमने-सामने टकरा गए। इससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हादसे में चालक और उसके साथ आगे की सीट पर बैठे दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घायलों को कार के बाहर निकाला।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां एक घायल ने और दम तोड़ दिया। श्योराण ने बताया कि सभी मृतक चूरु जिले में सरदारशहर के रहने वाले थे। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

पेरू के खनिज श्रमिकों की आपसी झड़प में 14 की मौत

लीमा। दक्षिणी पेरू के अरेक्विपा विभाग में सोने की खदान में काम करने वाले श्रमिकों की आपसी झड़प में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई।

अरेक्विपा अभियोजक मारिया डेल रोसारियो लोज़ादा ने बुधवार को पेरू के रेडियो समाचार चैनल को बताया कि शनिवार और मंगलवार को सात-सात शव बरामद किये गये। इन शवों पर गोलियों के निशान पाए गए। उन्होंने बताया कि कुछ और शवों की बरामदगी हो सकती है क्योंकि अभी भी कई लोग लापता हैं।

स्थानीय समाचार पत्र एल कॉमेर्सियो के अनुसार दो जून को कारवेली प्रांत के एटिको जिले में हुआनाक्विटा नामक एक विवादित क्षेत्र में हिंसा भड़क उठी थी। लोज़ादा ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में 31 लाेगों को गिरफ्तार किया गया है।

इन लोगों से बरामद बन्दूकों आदि हथियारों की जांच कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना में इनका प्रयोग हुआ अथवा नहीं। इसी के साथ अभियोजन वहां से जुटाए गए वीडियो और ओडियो की जांच भी कर रहा है ताकि घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान की सके।

अरेक्विपा थानाधिकारी लुइस पचेको ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने साउथपैन अमरीका राजमार्ग पर जाम लगा दिया जिसकी वजह से इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।

दक्षिण कोरिया : दफ्तर में आग लगने से 7 की मौत, 46 झुलसे

सोल। दक्षिण कोरिया में डेगू के दक्षिण-पूर्वी शहर में गुरुवार को एक दफ्तर में लगी भीषण आग में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य 46 लोग झुलस गए। समाचार एजेंसी योनहाप ने अधिकारियों के हवाले से यह खबर दी।

दमकलकर्मियों के मुताबिक आग सियोल से दक्षिण में 302 किलोमीटर दूर सात मंजिला इमारत में तकरीबन पूर्वाह्न 10:55 बजे लगी थी, जिस पर 20 मिनट में ही पूरी तरह से काबू पा लिया गया।

दुर्घटना में सात लोग मारे गए और 46 लोग झुलस गए। इमारत में फंसे दर्जन भर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग बुझाने में करीब 50 दमकल गाड़ी और 160 दमकलकर्मी जुटे। पुलिस ने कहा कि विभाग आगजनी की आशंका सहित आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहा है।