Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 786 -
होम ब्लॉग पेज 786

आईडिया ऑफ इंडिया-7: कलेक्टर से माउंट आबू SDM कार्यालय के निर्माण सामग्री घोटाले की शिकायत

शिकायकर्ता द्वारा जिला कलेक्टर को भेजी गई शिकायत में माउंट आबू के ओरिया स्थित एग्रीकल्चर लैंड में किये जा रहे निर्माण की तस्वीर।
शिकायकर्ता द्वारा जिला कलेक्टर को भेजी गई शिकायत में माउंट आबू के ओरिया स्थित एग्रीकल्चर लैंड में किये जा रहे निर्माण की तस्वीर।

सिरोही। माउंट आबू उपखण्ड अधिकरियों के द्वारा नेताओं के पुत्रों को लिमबड़ी कोठी ईको सेंसेटिव जोन के नोटिफिकेशन और जोनल मास्टर प्लान का उल्लंघन करने का आरोप लग रहा था।

लेकिन, एक ताजा शिकायत सामने आई है जो अगर सत्य है तो ये कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि उपखण्ड अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा दिए गए अधिकारों का दुरुपयोग राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए ही नहीं बल्कि व्यक्तिगत हित साधने के लिए भी किया गया है। अब इसमें उपखण्ड अधिकारियों का इन्वॉल्वमेंट है या आयुक्तों का या फिर वहां के कार्मिकों का इन्वॉल्वमेंट है ये जांच से पता चलेगा।

ओरिया की है शिकायत

ओरिया के एक एग्रीकल्चर लैंड के लिए अकूत निर्माण सामग्री जारी करने की शिकायत कलेक्टर को भेजी गई है। इसमें शिकायतकर्ता मुकेश कुमार ने बताया है कि ओरिया के रैबिट फार्म टाइटल की जमीन पर कॉटेज निर्माण किए जा रहे हैं। इसमे शिकायतकर्ता ने बताया कि ये भूमि एग्रीकल्चर है। इसमें निर्माण की अनुमति नहीं है।

इसके बावजूद इस भूमि पर निर्माण के लिए प्रशासन ने मिलीभगत करके इतनी निर्माण सामग्री जारी कर दी है कि इससे यहां पर कई कॉटेज, कमरे आदि बन गए हैं। इसे शिकायतकर्ता ने ईको सेंसेटिव ज़ोन की अधिसूचना का उल्लंघन बताया है। इस भूमि पर निर्माण सामग्री जारी करने वाले कार्मिक पर कार्रवाई की भी मांग की गई है।

इससे पहले एनजीटी में 9 सम्पत्तियों के कृषि भूमि होने पर उन पर निर्माण किए जाने का वाद दायर किया गया था। उसके बाद एसडीएम को करीब एक दर्जन से ज्यादा मामलों में कृषि भूमि पर निर्माण करने की शिकायत की गई थी। इसके बाद जिला कलेक्टर को भेजी ये शिकायत सामने आई है।

टिनेंसी एक्ट में नहीं बदल सकते भूमि की किस्म

राजस्थान टिनेंसी एक्ट के तहत हर वो व्यक्ति जो राजस्थान में कृषि भूमि खरीद रहा है, वो उस भूमि का टीनेंट यानि एक तरह का किरायेदार है। सामान्य भाषा में सारी जमीनों की वास्तविक मालिक राजस्थान सरकार है और किसी भी किस्म की जमीन की वास्तविक मालिक राजस्थान सरकार है।

पट्टे और जमाबंदी के माध्यम से वो हमें सिर्फ इसका यूजर होने का अधिकार देती है। ऐसे में जिस काम के लिए भूमि का उपयोग करने का अधिकार दिया गया है उसकी किस्म में परिवर्तन नहीं किया जा सकता है। यदि ऐसा करते हैं तो राजस्थान टिनेंसी एक्ट की धारा 177 के तहत तहसीलदार उपखण्ड अधिकारी के यहां वाद दायर करके उस भूमि को राजसात कर सकता है।

जैसा कि एक मुहिम के तहत कलेक्टर सन्देश नायक के कार्यकाल के दौरान जिले भर में ऐसी कई भूमियों पर कार्रवाई की गई थी। माउंट आबू में भी करीब आधा दर्जन ऐसी सम्पत्तियां हैं जिन पर उस समय ऐसी कार्रवाई की गई थी। हाल में भावरी के एक विद्यालय की भूमि पर भी ऐसी कार्रवाई की गई थी।

सिरफिरे प्रेमी ने शादीशुदा गर्लफ्रेंड के हाथ की नस काटी, जहर खाकर दी जान

कोटा। विवाहित गर्लफ्रेंड के प्यार में सिरफिरे बॉयफ्रेंड ने जहर खा लिया। इसके बाद वह गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा। घर में वह अकेली थी क्योंकि पति उदयपुर गया हुआ था। उसकी भी बेटियां अपनी नानी के घर गई हुई थी।

इस बीच बॉयफ्रेंड अपनी गर्लफ्रेंड के हाथ की नस काट डाली। स्थिति बिगड़ती देख गर्लफ्रेंड ने एंबुलेंस बुलाने को कहा पर बॉयफ्रेंड ने इनकार कर दिया। वह तो बस यही कहता रहा कि आज तुम्हें और मुझे साथ ही मरना है। कुछ ही देर बाद वह बेहोश हो गया।

पड़ोसियों की मदद से उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गर्लफ्रेंड का इलाज कोटा के हॉस्पिटल में चल रहा है। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा के हाट चौक बस स्टैंड इलाके में गौरव रहता है।

रावतभाटा के थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि पांच साल पहले 36 वर्षीय महिला से गौरव की मुलाकात हुई थी। दोनों रावतभाटा परमााणु बिजली घर में संविदाकर्मी थे। जान-पहचान के बाद इन दोनों के बीच करीबियां बढ़ीं। गौरव महिला के घर आने-जाने लगा। मंगलवार शाम करीब चार बजे जहर पीकर गौरव महिला के घर आया। वह उल्टियां कर रहा था। गौरव ने मौका देख प्रेमिका के हाथों की नस काट दी, जिसके बाद खून बहने लगा।

पुलिस ने बताया कि महिला ने एम्बुलेंस बुलाने की बात कही तो गौरव बोलने लगा- आज तुम्हें और मुझे साथ ही मरना है। महिला ने अपनी छोटी बच्चियों का भी हवाला दिया। लेकिन वह कमरे से बाहर नहीं जाने दिया। कुछ देर में जैसे ही जहर का असर तेज होने लगा गौरव बेहोश हो गया।

इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसे रावतभाटा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। महिला को भी रावतभाटा के सरकारी हॉस्पिटल में एडमिट किया था। इसके बाद उसे कोटा रेफर कर दिया गया, जहां इलाज चल रहा है।

महिला ने बताया कि गौरव कई दिनों से उसे परेशान भी कर रहा था। महिला की वर्ष 2004 में लव मैरिज हुई थी। पति का जॉब के सिलसिले में उदयपुर आना-जाना था। महिला की दो बेटियां हैं। एक की उम्र 10 और दूसरी की 12 साल है। गौरव रावतभाटा के सरकारी हॉस्पिटल में संविदा पर वार्ड बॉय था। महिला निजी स्कूल में रिसेप्शनिस्ट है।

पुलिस ने बताया कि गौरव के पिता गजेंद्र सिंह ने भी उज्जैन में सुसाइड किया था। परिवार में अब गौरव का बड़ा भाई सुमित और मां हैं। मां बाड़ोलिया ग्राम पंचायत में सहायक कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। रावतभाटा पुलिस ने बुधवार को कोटा से फॉरेंसिक टीम को बुलाया। गौरव की मां ने महिला और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। रावतभाटा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

अमरीका ने दी चीन समर्थित साइबर खतरे की चेतावनी

वाशिंगटन। अमरीका ने इस बात की चेतावनी दी है कि चीनी सरकार से समर्थित साइबर अपराधी देश की कुछ प्रमुख टेलीकम्यूनिकेशंस कंपनियों को निशाना बना रही हैं। साइबर एवं सूचना सुरक्षा प्रभाग (सीआईएसए) ने यह बात कही है।

सीआईएसए ने बुधवार को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि इस संयुक्त साइबर सुरक्षा सलाहकार विभाग द्वारा उन सभी तरीकों का वर्णन किया जाता है, जिसमें चीनी सरकार समर्थित साइबर अपराधी कुछ प्रमुख बुनियादी ढांचों की सुरक्षा में मौजूद खामियों का पता लगाकर इन्हें अपना निशाना बनाते जा रहे हैं। हमारी इस एडवाइरी के तहत प्रमुख टेलीकम्युनिकेशंस कंपनियों और नेटवर्क सेवा प्रदाताओं को इसकी कुछ अहम जानकारियां प्रदान की जा रही हैं।

एडवाइजरी में कहा गया कि साइबर हमले की इन गतिविधियों की शुरुआत साल 2020 में हुई। एडवाइजरी के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी, सीआईएसए और एफबीआई अमरीका और संबद्ध सरकारों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों और कुछ प्रमुख कंपनियों से चीन समर्थित हैकरों के संभावित हमलों के खिलाफ अपने नेटवर्क की सुरक्षा को मजबूती देने का आग्रह करते हैं।

सबगुरु राशिफल : 9 जून गुरुवार आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, शुक्ल पक्ष, नवमी तिथि, महेश जयंती, वार गुरुवार, सम्वत 2079, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 08.21 बजे बाद दशमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज रोग आपके तनाव का कारण रहेगा। आज आपका प्रयास फलीभूत होगा। आज आप पुस्तकों का संकलन करेंगे। आज आप अपने काम के साथ लापरवाही न करें।

वृष राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज आपको जल सम्बन्धित काम में सफलता मिलेंगी। आज का दिन वितीय संस्थाओं के काम से लाभ मिलेगा। आज पति-पत्नी का आपसी तालमेल बना रहेगा।

मिथुन राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज आपको पेट दर्द की समस्या रह सकती है। आज आपकी धन सम्बन्धी बाधा दूर होगी। आज डॉक्टरों के लिए काम अधिक रहेगा। आज आप सभी तरह के आनन्द को प्राप्त करेंगे।

कर्क राशि स्वामी चंदमा रत्न मोती

आज आपको पुस्तक के लेखन के लिए प्रोत्साहन धन राशि मिलेगी। आज आपके स्वभाव में सौम्यता रहेगी। आज आप पारिवारिक जिम्दारियों को पूरी तरह निभाने में सक्षम रहेंगे।

सिंह राशि स्वामी सूर्य रत्न माणकीय

आज आपकी व्यवसायिक गतिविधियों से लाभ मिलेगा। आज आप अपने करियर के साथ किसी भी परिस्थिति में समझौता न करें। आज आप अपने मित्रों के साथ पिकनिक पर जाएंगे।

कन्या राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज का दिन व्यापारिक दृष्टि से उत्तम रहेंगा। आज आपको शेयर मार्केट से लाभ मिलेगा। आज आपके धन में वृद्धि होगी। आज आपकी आय बढेगी। आज आपका मन प्रसन्न रहेगा।

तुला राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज आपको किसी कानूनी दांवपेंच से बचना चाहिए। आज आपको अपनी जिम्मेदारी निष्ठा के साथ निभानी चाहिए। आज आपके मन में बच्चों के प्रति स्नेह रहेगा। आज समय शुभ रहेगा।

वृश्चिक राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज शासन सत्ता का सहयोग रहेगा। आज आप कारोबार को नई दिशा दोगे। आज आपको धन लाभ होगा। आज आपके भाई आपके साथ खड़े रहेंगे। आज आपका विदेश यात्रा का योग बनेगा।

धनु राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज आप अपनी भावुकता में नियंत्रण रखें। आज आपकी जीवनसाथी के साथ दूरी बढ़ सकती है। आज आपके लवरिलेशन में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। आज आपको कारोबार से नुकसान होगा। आज आप धैर्य रखें।

मकर राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज आपके व्यावसायिक मामलों में प्रगति होगी। आज व्यवसायिक कार्य के संपन्न होने से प्रभाव में वृद्धि होगी। आज आपको अपनी काम के प्रति निष्ठा रखनी पड़ेगी। आज आपके प्रेमी के प्रति व्यवहार में बदलाव आएगा।

कुंभ राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज आपको शिक्षा प्रतियोगिता के क्षेत्र में सफलता मिलेगी। आज आप जीवनसाथी के साथ रोमांटिक फिल्म देखने का मूड बनाएंगे। आज आपको ऑफिस में सम्मान मिलेगा। आज आपका समय अनुकूल रहेगा।

मीन राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज आपके उच्च अधिकारियों के साथ संबंध मधुर होंगे। आज आपकी व्यापारिक यात्रा संभव है जो कि लाभकारी रहेगी। आज आपको स्थान परिवर्तन के कारण नौकरी करने में कुछ कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।

जीवन दर्पण ज्योतिष सुरेश कुमार आसवानी
संपर्कसूत्र : 9413761512 / 9610160966

सिद्धू मूसे वाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड लॉरेंस बिश्नोई : दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को अपने दिए एक बयान में पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसे वाला की हत्या का मास्टरमाइंड लॉरेंस बिश्नोई को बताया है।

दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त हरगोबिंदर सिंह धालीवाल के अनुसार मूसे वाला पर गोली चलाने वाले में से एक के करीबी सहयोगी सिद्धेश हीरामन कांबले उर्फ महाकाल को पुणे से गिरफ्तार कर महाराष्ट्र पुलिस के 14 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार महाकाल सिद्धू मूस वाला पर गोली चलाने वालों में से एक का करीबी सहयोगी है, लेकिन वह हत्या में शामिल नहीं था। दिल्ली पुलिस को शक है कि महाकाल दो शूटरों के संपर्क में था। धालीवाल ने कहा कि मामले के संबंध में पांच अन्य लोगों की भी पहचान की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि बिश्नोई हत्या का मास्टरमाइंड है, जिसे कथित रूप से सचिन बिश्नोई ने अंजाम दिया था। इस मामले में स्पेशल सेल की कई टीमें काम कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि 29 मई को पंजाब के मनसा में कुछ अज्ञात हमलावरों ने पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसे वाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पंजाब में हत्यारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302, 302 और 341 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कानपुर हिंसा : PFI के 3 सदस्य समेत 54 आरोपी अरेस्ट

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पिछले सप्ताह शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़काने के मामले में पुलिस ने कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

कानपुर केे संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बुधवार को बताया कि पीएफआई के तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस इस मामले में अब तक 54 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि कानुपर हिंसा मामले की शुरुआती जांच में यह बात साफ हो गई है कि हिंसा फैलाने के पीछे पीएफआई ने बड़ी साजिश रची थी। अब तक जिन 54 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें पीएफआई के तीन सदस्य सैफउल्लाह, मो नसीम और मोहम्मद उमर शामिल हैं।

पुलिस का दावा है कि हिंसा भड़काने को लेकर अब तक पकड़े गए लोगों के खिलाफ प्रारंभिक जांच में साक्ष्य मिले हैं। उन्होंने कहा कि बेकनगंज स्थित नई सड़क पर तीन जून को हिंसा भड़काने के मामले में आरोपियों की धरपकड़ को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है। उपद्रवियों और पत्थरबाजों की सीसीटीवी से मिली फुटेज से पहचान कर पोस्टर जारी किए गए थे।

केएल राहुल और कुलदीप यादव बाहर, ऋषभ पंत संभालेंगे कप्तानी

नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल दायीं ग्रोइन की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी 20 सीरीज से बाहर हो गए हैं जबकि कुलदीप यादव कल शाम नेट अभ्यास में बल्लेबाजी करते हुए दाएं हाथ में चोट लगने के कारण यह सीरीज नहीं खेल पाएंगे। राहुल के चोटिल हो जाने के बाद युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत भारत की कप्तानी संभालेंगे।

अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने ऋषभ पंत का कप्तान और आईपीएल विजेता हार्दिक पांड्या को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए उप कप्तान बनाया है। चयन समिति ने राहुल और कुलदीप की जगह लेने के लिए खिलाड़ियों के नामों की घोषणा नहीं की है। दोनों क्रिकेटर अब एनसीए को रिपोर्ट करेंगे जहां मेडिकल टीम उनकी आगे जांच करेगी और आगे के इलाज की कार्रवाई तय करेगी।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) ने नौ जून को होने वाले मैच की पूर्वसंध्या पर यह जानकारी देते हुए बताया कि टीम के कप्तान केएल राहुल और स्पिनर कुलदीप यादव चोट के चलते पूरी सीरीज़ से बाहर हो गए हैं।

राहुल की ग़ैरमौजूदगी में उपकप्तान ऋषभ पंत अब टीम की कमान संभालेंगे। साथ ही हाल ही में गुजरात टाइंटस को अपना पहला ख़िताब दिलाने वाले हार्दिक पांड्या को टीम का उपकप्तान चुना गया है।

बीसीसीआई ने बताया कि चोटिल खिलाड़ियों के लिए रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों का चयन नहीं किया गया है। राहुल और कुलदीप अब चोट से उबरने के लिए बेंगलूरु में स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) जाएंगे।

नियमित कप्तान रोहित शर्मा को आराम दिए जाने के बाद राहुल को इस सीरीज़ के लिए टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। विराट कोहली को भी आराम दिए जाने के बाद अब भारत अपने नियमित शीर्ष क्रम के बिना ही इस सीरीज़ में उतरेगा। इशान किशन, वेंकटेश अय्यर और ऋतुराज गायकवाड़ ओपनिंग की ज़िम्मेदारी निभा सकते हैं जबकि मध्य क्रम में दीपक हुड्डा और श्रेयस अय्यर मौजूद हैं।

दक्षिण अफ़्रीका सीरीज़ के लिए भारतीय टी20 टीम : ऋषभ पंत (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), इशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, युज़वेंद्र चहल, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, आवेश ख़ान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक।

महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने क्रिकेट को कहा अलविदा

कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल से 70 लाख की मांगी फिरौती

जयपुर। राजस्थान के आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्री गोविंदराम मेघवाल के परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 70 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम मेघवाल को वॉट्सऐप पर सत्तर लाख रुपए नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। यह कॉल मलेशियाई नम्बर से आया है।

इसके बाद से पुलिस की साइबर टीम जांच कर रही है। धमकी देने वाले ने स्वयं को लॉरेंस गैंग के संगठन स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) का सदस्य बताया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

इस मामले पर मेघवाल का कहना है कि वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि मेघवाल राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस एवं उसके समर्थित विधायकों की उदयपुर में चल रही बाड़ेबंदी में थे और आज वह मुख्यमंत्री के साथ जयपुर आए हैं।

हरियाणा के विधायक कुलदीप बिश्नोई को धमकी देने वाला राजस्थान से अरेस्ट

बाडमेर। राजस्थान के बाड़मेर में हरियाणा के हिसार जिले की आदमपुर सीट से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई को धमकी देने वाले आरोपी कंवराराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

कुलदीप को तीन अलग अलग मैसेज कर चेतावनी दी गई थी कि या तो सुधर जाओ, नहीं तो तुम्हारा हाल भी मूसेवाला जैसा होगा। आदमपुर पुलिस मामला दर्ज कर तभी से फोन नंबर के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की तलाश में थी। इसको लेकर राजस्थान पुलिस से भी सहयोग मांगा गया था।

अब हिसार पुलिस को सूचना मिली है कि धमकी देने वाले को सीआईए पुलिस ने राजस्थान के गुड़ामालानी के कंवराराम को गोलिया गर्वा से गिरफ्तार कर लिया है। कुलदीप ने धमकी देने वाले की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और हरियाणा एवं राजस्थान पुलिस का आभार जताया है।

गौरतलब है कि कांग्रेसी विधायक कुलदीप बिश्नोई को मंगलवार को व्हाट्सएप पर 14 मिनट में तीन बार संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मंगलवार दोपहर बाद करीब 3.10 बजे, 3.11 बजे और 3.24 बजे संदेश भेजे गए।

कुलदीप को जिस नंबर से धमकी भरे संदेश मिले, उस नंबर पर कॉल किया तो फोन उठाने वाले ने खुद का नाम कंवराराम कड़वा बताया था। उसने कहा कि उसने कोई संदेश नहीं भेजे, न ही कोई धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने कांग्रेस विधायक को धमकी देने वाले व्यक्ति को गुड़ामालानी से गिरफ्तार कर लिया है।

ममता बनर्जी ने आदिवासी विवाह समारोह में किया पारंपरिक नृत्य

अलीपुरद्वार(पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को अलीपुरद्वार जिले के सुभाषिनी चाय बगान मैदान में 510 आदिवासी जोड़ों के समूहिक विवाह समारोह में शामिल हुईं और इस दौरान महिलाओं के साथ पारंपरिक नृत्य भी किया।

बनर्जी ने इस अवसर पर नए विवाहित जोडों को उनके जीवन का नए अध्याय शुरू करने के लिए कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू समान सौपें। गौरतलब है कि पुलिस ने इस सामूहिक विवाह का आयोजन किया था।

बनर्जी ने कालचीनी प्रखंड के हासीमारा कस्बे में आयोजित इस समारोह में अपने सरकार के कई कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को जमीन के दस्तावेज और अनुदान भी वितरित किए। इस दौरान पारंपरिक संगीत पर आदिवासी महिलाओं के साथ मुख्यमंत्री को थिरकते देखा गया।

मुख्यमंत्री ने विवाह समारोह में शामिल होने के बाद कहा कि मैं सदैव आप सभी के साथ हूं, मैं आप सभी के लिए मंगलकामना करती हूं। राज्य सरकार सभी प्रकार से आपकी सहायता करेगा।

बनर्जी ने इस दौरान सड़क, पुलिस निवास, पाइप जल योजना, पुल, स्कूल, कॉलेज भवन, अस्पताल और मधुमक्खी पालन केंद्रों सहित बड़ी संख्या में परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।