Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 788 -
होम ब्लॉग पेज 788

बॉलीवुड अभिनेत्री म़ृणाल ठाकुर ने शेयर किया वर्कआउट वीडियो

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री म़ृणाल ठाकुर ने सोशल मीडिया पर अपना वर्कआउट वीडियो शेयर किया है।

मृणाल ठाकुर फिल्म इंडस्ट्री की फिटनेस फ्रीक अभिनेत्री में शुमार की जाती है। मृणाल ठाकुर ने अपने जिम वर्कआउट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें वह हार्डकोर वर्कआउट करती दिख रही हैं।

वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, काउंटडाउन बिगेन्स। इस कैप्शन को देखने के बाद फैंस यह कयास लगा रहे हैं कि मृणाल अपनी किसी नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाली हैं।

मृणाल ठाकुर आखिरी बार शाहिद कपूर स्टारर जर्सी में नजर आईं थी। इस स्पोर्ट्स-ड्रामा में उन्होंने शाहिद की पत्नी का किरदार निभाया था।

ईरान में ट्रेन के खुदाई मशीन से टकरा जाने से 17 मरे, 50 घायल

तेहरान। ईरान के तबास प्रांत में एक यात्री ट्रेन के खुदाई मशीन से टकरा जाने से 17 लोगों की मौत हो गयी और 50 लोग घायल हो गए। तेहरान टाइम्स के अनुसार यह हादसा स्थानीय समयानुसार साढ़े पांच बजे हुआ।

इरना समाचार एजेंसी ने तबास के गर्वनर अली-अकबर राहिमी के हवाले से बताया कि तड़के हुए इस हादसे के बाद ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना के बाद राहत कर्मी, रेड क्रीसेंट सोसाइटी, आपात सेवा और सहायता इकाई से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण का अभी पता नहीं चल सका है।

जौनपुर में नाबालिग बच्ची से रेप का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र मेे एक नाबालिग बच्ची को हवस का शिकार बनाने वाले एक दरिंदे को पुलिस ने बुधवार को एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद धर दबोचा।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने बताया कि सोमवार रात क्षेत्र के एक गांव में चनेथू थाना सराय ममरेज जिला प्रयागराज से बारात आई थी। रात करीब साढ़े दस बजे बारात में शामिल एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली एक नौ वर्षीया बालिका को नमकीन का प्रलोभन देकर दुष्कर्म किया और भाग निकला।

परिजनों को जानकारी हुई तो युवक की खोजबीन शुरू हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब दो दर्जन से अधिक बाराती और रिश्तेदारो को थाने ले आयी। रात में पीड़िता के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बालिका का इलाज जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार नाबालिग से बलात्कार की घटना के छानबीन के क्रम में अभियुक्त को थाना ले आया गया, अभियुक्त से पूछताछ के क्रम में जब बलात्कार पीडिता के सहपाठी बच्चों से आमना सामना कराया गया तो बच्चो ने उक्त अभियुक्त को पहचान लिया।

अभियुक्त ने जुर्म को कबूल कर लिया और कहा कि घटना के बाद उसने अपने कपड़ो को सरोज विद्याशंकर डिग्री कालेज बहद ग्राम फरीदाबाद के सामने रखा है। पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे अभियुक्त ने छिपाए गए थैले से तमंचा निकाल कर पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त पुलिस की गोली से घायल हो गया जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झारखंड में पूजा सिंघल को नहीं मिली राहत, 22 को अगली पेशी

रांची। झारखंड में निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल की न्यायिक हिरासत अवधि 14 दिन पूरा होने पर आज वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत में उनकी पेशी हुई।

अदालत ने पूजा सिंघल की न्यायिक अवधि को विस्तार देते हुए उन्हें दुबारा 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया। इस तरह अभी पूजा सिंघल जेल में ही रहेगी और 22 जून को अदालत में उनकी अगली पेशी की तिथि निर्धारित की गई है।

ईडी के विशेष न्यायाधीश प्रभात कुमार शर्मा की अदालत में जेल से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पूजा सिंघल की पेशी हुई। इस दौरान ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह और पूजा सिंघल के अधिवक्ता ने पक्षा।

बाद में ईडी के अधिवक्ता बीएमपी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि ईडी द्वारा पूछताछ के बाद निलंबित आईएएस पूजा सिंघल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था, जिसकी अवधि आज समाप्त हुई थी, इस कारण न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद पूजा सिंघल की अदालत के समक्ष वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पेशी की गई।

उन्होंने बताया कि ईडी की ओर से अभी पूजा सिंघल या सुमन कुमार को दोबारा रिमांड पर लेने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया है, जरूरत पड़ने पर रिमांड की मांग की जा सकती है या अदालत की अनुमति से जेल में जाकर पूछताछ हो सकती है।

पेशी के दौरान अदालत द्वारा पूछे गये सवालों पर पूजा सिंघल ने बताया कि उन्हें जेल में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने ईडी पूछताछ के दौरान मेडिकल जांच से संबंधित प्रिस्क्रिप्शन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि 25 मई से न्यायिक हिरासत में निलंबित आईएएस पूजा सिंघल को 11 मई को गिरफ्तार किया गया था और 14 दिनों तक रिमांड में पूछताछ के बाद 25 मई से वह जेल में बंद है, जबकि इस मामले में सीए सुमन कुमार भी 20 मई से जूल में बंद है।

रायसेन में डंपर की टक्कर से कार सवार एक ही परिवार के 4 मौत, 4 अन्य घायल

रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के देवनगर थाना क्षेत्र के सागर रोड पर आज सुबह एक डंपर की टक्कर से कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा ने बताया कि जिले के किशनपुर-आमखेड़ा गांव के पास कार और डंपर में हुए भीषण एक्सीडेंट में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायल हैं।

सभी एक ही परिवार के लोग हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। यह सभी लोग अपने रिश्तेदार से मिलने सीहोर जिले के सलकनपुर जा रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है। मृतकों की पहचान की जा रही है।

शिवराज ने रायसेन सड़क हादसे में शोक जताया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों के असमय निधन पर शोक जताया है।

चौहान ने अपने ट्वीट के माध्यम से कहा कि रायसेन के आमखेड़ा में सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के लोगों के आकस्मिक निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ।

ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करते हैं।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 6 हजार रुपए जुर्माना भरने के बाद बरी

रांची। झारखंड में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आज दोष स्वीकार किया लेकिन 6 हजार रुपए जुर्माना भरने के बाद उन्हें मामले से बरी कर दिया गया।

मेदिनीनगर,पलामू जिला व्यवहार न्यायालय के एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट के मजिस्ट्रेट सतीश कुमार मुंडा की अदालत ने आज राजद सुप्रीमो व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को जी आर केस नंबर 2676 / 2021 के मामले में डेढ़ माह की सजा व छह हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है।

यादव यह सजा पहले ही काट चुके हैं इसलिए आज उन्हें जुर्माना भरने के बाद रिहा कर दिया गया। इस मामले में गढ़वा के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी सुभाष सिंह ने लालू प्रसाद यादव व हेलीकॉप्टर के चालक के विरुद्ध गढ़वा थाना में नामजद प्राथमिकी गढ़वा थाना कांड संख्या 101/2009 तिथि 7 अप्रैल 2009 को दर्ज कराया था।

यादव पर आरोप था कि दिनांक 7 अप्रैल 2009 को 12:53 बजे दिन में गढ़वा गोविंद हाई स्कूल के मैदान में वे बिना अनुमति के राष्ट्रीय जनता दल के आम सभा में हेलीकॉप्टर उतारे थे तथा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किए थे। इस मामले में लालू प्रसाद यादव ने आज अदालत में अपना दोष स्वीकार किया। अदालत ने लालू प्रसाद यादव को डेढ़ माह की सजा वह 6 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

विदित हो कि लालू प्रसाद यादव डेढ़ माह की सजा इस मामले में पूर्व में ही काट चुके हैं। आज उन्होंने न्यायालय में जुर्माना की राशि 6 हजार रुपए जमा की। इसके बाद उन्हें इस केस से मुक्त किया गया। लालू प्रसाद यादव इस मामले में मार्च 2018 से मई 2018 तक सजा पूर्व में ही काट चुके हैं।

लालू प्रसाद यादव के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 188, 279 ,290 ,291 / 34,व 127 (3)आरपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। लालू प्रसाद यादव की ओर से अधिवक्ता धीरेंद्र प्रसाद सिंह ने पैरवी की। वहीं सरकार की ओर से एपीपी अविनाश शुक्ला सरकार की ओर से पक्ष रखा। इधर न्यायालय के बाहर लालू प्रसाद यादव के समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। लालू प्रसाद यादव को दीदार करने के लिए लोगों की निगाहें टिकी रही।

पैगम्बर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर अलकायदा ने भारत को दी हमले की धमकी

नई दिल्ली। पैगम्बर मोहम्मद पर भारतीय जनता पार्टी की नेता नुपूर शर्मा की विवादित टिप्पणी को लेकर आतंकवादी संगठन अलकायदा ने मंगलवार को देश के कुछ प्रमुख शहरों पर हमले की धमकी दी है।

प्रतिबंधित संगठन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार कुछ दिनों पहले हिंदुत्व के प्रचारक और ध्वजवाहक ने एक भारतीय टेलीविजन चैनल पर पैगम्बर मोहम्मद और उनकी पत्नी सैयदा आयशा बिन्त अबू बक्र का काफी बुरे तरीके से अपमान किया। इस अपमान से दुनिया भर के सभी मुसलमानों के मन में बदले की भावना पैदा हुई है।

बयान में आगे कहा गया कि दुनिया में ऐसा दुस्साहस करने वाले हर उस शख्स, खासकर भारत में कब्जा जमाने वाले हिंदुत्व आतंकवादियों, से हम कहना चाहते हैं कि हम अपने मुसलमान भाइयों से अपने पैगम्बर के सम्मान के लिए लड़ने और जान देने का आग्रह करेंगे और उन लोगों को भी मार देंगे जो हमारे पैगम्बर का अपमान करेंगे। हम अपने शरीर में विस्फोटक बांधकर उन्हें उड़ा देंगे, जो हमारे पैगम्बर का असम्मान करेंगे।

बयान में यह भी कहा गया कि पैगम्बर का अपमान करने वालों के लिए कोई माफी नहीं। इन्हें कोई नहीं बचा पाएगा। इन भगवा आतंकवादियों को अब दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश और गुजरात में अपने अंत का इंतजार करना है। उन्हें न घर में, न सेना की छावनी में छिपने से मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता नुपूर शर्मा द्वारा पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणी के मामले पर भाजपा ने बड़ा कदम उठाते हुए नुपूर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निकाल दिया है। लेकिन बावजूद इसके मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

ज्ञानवापी परिसर का सर्वे कराने वाले जज रवि कुमार दिवाकर को मिला धमकी भरा पत्र

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी ज्ञानवापी मामले की प्रारंभिक सुनवाई करने वाले न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर को अब तक अनजान एक मुस्लिम संगठन की ओर से मंगलवार को धमकी भरा पत्र मिला है।

वाराणसी के सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रवि कुमार दिवाकर ने इस पत्र के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (गृह) को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। दिवाकर ने ज्ञानवापी परिसर में स्थित श्रृंगार गौरी सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन पूजन करने की अनुमति संबंधी हिंदू पक्ष की ओर से दाखिल अर्जी पर प्रारंभिक सुनवाई के दौरान ज्ञानवापी मस्जिद का वीडियोग्राफी सर्वे कराने का आदेश दिया था। सर्वे के बाद उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर यह मामला वाराणसी जिला जज को हस्तांतरित कर दिया गया था।

दिवाकर ने अपर मुख्य सचिव (गृह) को बताया कि ज्ञानवापी मामले से जुड़े मुकदमे, राखी सिंह आदि बनाम उप्र सरकार आदि की सुनवायी उन्हाेंने की है, अत: उन्हें धमकी भरा पत्र मिलने के संबंध में उचित कार्रवाई करने का कष्ट करें। इस बीच वाराणसी के पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि दिवाकर की सुरक्षा के लिये नौ पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही, ज्ञानवापी प्रकरण की आगे सुनवाई करने वाले जिला जज अजय कृष्ण विश्वेश की सुरक्षा के लिए 10 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि दिवाकर को मिले धमकी भरे पत्र के मामले की जांच उप पुलिस आयुक्त (वरुणा क्षेत्र) आदित्य लांग्हे जांच कर रहे हैं। इस बीच लखनऊ से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश की राजधानी में रह रहीं दिवाकर की मां के आवास पर भी सुरक्षकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।

ज्ञात हो कि दिवाकर की अदालत में हुई प्रारंभिक सुनवाई के दौरान ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर वजूखाने में एक कथित शिवलिंग मिलने का दावा किया गया था जिसे इंतजामिया मस्जिद कमेटी ने नकारते हुए कहा था कि यह फव्वारा है।

दिवाकर ने पत्र लिखकर राज्य सरकार को बताया कि उन्हें 7 जून काे ‘इस्लामिक आगाज मूवमेंट’ नामक संगठन की ओर से धमकी भरा पत्र मिला है। दिवाकर ने इसे शासन के संज्ञान में लाते हुए इस पर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

दिवाकर ने पत्र में बताया कि उक्त संगठन का खुद को अध्यक्ष बताते हुए काशिफ अहमद सिद्दिकी नामक व्यक्ति ने संगठन के लेटर पेड पर हाथ से लिखा पत्र भेजा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के पते से चार जून को भेजे गये इस पत्र में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान विभाजित भारत की घृणा भरी राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक वातावरण में अब न्यायाधीश भी केसरिया भगवा रंग में सराबोर हो चुके हैं। फैसला उग्रवादी हिंदुआें और उनके तमाम संगठनों को प्रसन्न करने के लिये सुनाते हैं और ठीकरा विभाजित भारत के मुसलमानों पर फोड़ते हैं।

दिवाकर ने पत्र में कहा कि उक्त व्यक्ति ने उन्हें काफिर बुतपरस्त (मूर्तिपूजक) हिंदू न्यायाधीश करार देते हुए लिखा है कि कोई भी काफिर मूर्तिपूजक हिंदू जज से मुसलमान सही फैसले की आशा नहीं कर सकते हैं। पत्र लिखने वाले ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को भी उग्रवादी हिंदू संगठन बताते हुए आरोप लगाया है कि आरएसएस और उसके आनुषंगिक संगठन गुजरात की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में दंगा कराने की साजिश रच रहे हैं।

सत्येंद्र जैन के ठिकानों से भारी नकदी-सोना बरामद होने की खबर को आप ने झुठलाया

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से 2.85 करोड़ रुपए नगद, 1.80 किलोग्राम वजन के सोने के कुल 133 सिक्के और दस्तावेज तथा डिजिटल रिकॉर्ड बरामद होने की खबर को भ्रामक और निराधार करार दिया है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर जैन के घर से बड़ी मात्रा में नकदी और सोने की बरामदगी पर प्रसारित खबरें पूरी तरह से झूठी हैं।

एक दस्तावेज जारी करते हुए भारद्वाज ने दावा किया कि तलाशी के दौरान केवल 2,79,200 रुपए नकद, एक डिजिटल डिवाइस और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए है, हालांकि, केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा इन्हें जब्त नहीं किया गया है।

ग्रेटर कैलाश निर्वाचन क्षेत्र के विधायक ने कहा कि ईडी की छापेमारी का जब्ती ज्ञापन सत्येंद्र जैन की पत्नी और पुत्री को सौंपा गया। ज्ञापन में इस बात का जिक्र है कि तलाशी के दौरान विभिन्न दस्तावेज, एक डिजिटल उपकरण और 2,79,200 रुपए की बरामदगी हुई है। इन्हें हालांकि, जब्त नहीं किया गया है।

आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने भी जैन के घर से भारी नकद और सोने की बरामदगी की खबर को झूठा बताया।

संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह में झलकी स्वयंसेवकों की दक्षता

चितौडगढ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चित्तौड़ प्रान्त के 19 मई से प्रारंभ हुए संघ शिक्षा वर्ग (प्रथम वर्ष) का 7 जून को विधिवत समापन हुआ। वर्ग में चितौड़ प्रान्त के 12 प्रशासनिक एवं संघ दृष्टि से 27 जिलों के 225 स्थानों से 338 शिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनको प्रशिक्षण देने के लिए 27 निपुण शिक्षक तथा इनकी सभी सामान्य आवश्यकताओं की व्यवस्थाओं के लिए 52 प्रबन्धक दिन-रात लगे रहे। जिसका प्रकट समारोह शिविर स्थल विद्या निकेतन स्कूल गांधी नगर चितौडगढ में हुआ। जिसमें नगर के एवं आस-पास क्षेत्र के समाज जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहें।

समापन समारोह कार्यक्रम में समस्त शिक्षार्थी स्वयंसेवकों ने एक साथ घोष की थाप पर सांगिक रूप से योग व्यायाम, नियुद्ध एवं दण्ड का प्रर्दशन किया। जो अत्यन्त ही मनमोहक एवं अदभुत था।

वर्गकार्यवाह नारायण लाल ने वर्ग का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें बताया की प्रतिदिन प्रातःकाल जागरण 4 बजे देशभक्ति गीतों की सुमधुर धुन पर होता था। अपने देश, धर्म, संस्कृति, पावन नदियों, पर्वत महापुरूषों, वैज्ञानिकों, देवताओं और मनिषियों का पुण्य स्मरण एकात्मता स्तोत्र के माध्यम से करते थे तथा संघ स्थान पर शारीरिक कार्यक्रम दण्ड, नियुद्ध, पदविन्यास, खेल योग व्यायाम के प्रशिक्षण के बाद समूह चर्चा, संवाद सत्र में प्रचार, सेवा, सम्पर्क, बड़ी कहानियों के माध्यम से वार्तालाप होता था। दो घंटे की विश्रान्ति के पश्चात बौद्धिक वर्ग के माध्यम से संघ स्थापना की पृष्ठभूमि संघ की विकास यात्रा आदि का परिचय भी शिक्षार्थियों को करवाया जाता था।

इस वर्ग में प्रान्त क्षेत्र एवं अखिल भारतीय अधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ जिसके तहत सह सरकार्यवाह अरूण कुमार तीन दिन तक वर्ग में पूर्ण समय रहकर मार्गदर्शन प्रदान किया। हिन्दवा सूरज वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयन्ति पर नगर के मुख्य मार्गो पर पंथ संचलन निकाला गया तथा ‘बड़ा खेल‘ जिसे सिहं गढ विजय नाम दिया गया, जिसे चितौडगढ के ऐतिहासिक दुर्ग पर खेला गया।

इन शिक्षार्थियों की इस साधना का साक्षी बनने का अवसर चितौड नगर के ख्यात नाम चिकित्सकों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग पतियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, आदि दस श्रेणियों के प्रबुद्ध वर्ग ने स्वयं उपस्थित होकर शिक्षार्थियों की साधना को प्रोत्साहन दिया। समारोप की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्र संघचालक रमेश अग्रवाल ने अपने
उद्बोधन में कहा की दुनिया के तीन बड़े संकट है।

प्रथम वैश्विक आतंकवाद जिसके तहत एक पूजा, एक मजहब, एक पुस्तक जिसे तलवार के जोर पर स्थापित करना है। दूसरा ग्लोबल वार्मिंग इसका मुख्य कारण अपने स्वार्थो के लिए अधिकाधिक प्रकृति का दोहन करना। तीसरा पारिवारिक विखण्डन एकांकी परिवार जिसके तहत यूरोप के देशों में वृद्धाश्रम बढे हैं। सरकार का खर्च बढा है। इन सबका एकमात्र समाधान हिन्दुत्व विचार है।

जिसमें सर्वधर्म, समभाव, वसुधैव कुटुम्बकम् एवं एकम् सत्विप्रा बहुदा वदन्ति के मौलिक सिद्धान्त पर कार्यरत है। इसलिए विश्व में नेतृत्व करने वाले लोग हिन्दुत्व को खोज रहे है। देश अपनी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। संघ स्वराज 75 के रूप में महान क्रान्तिकारियों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

मुख्य अतिथि केप्टन डाॅ सुरेश ईनाणी ने कहा की प्रशिक्षण का सम्पूर्ण व्यय स्वयंसेवकों ने स्वयं वहन किया यह उनका समाज देश के प्रति समर्पण दिखाता है। विभिन्न स्थानों व वर्गो से इस प्रतिकूल मौसम में स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण करना इनका समाज व देश के प्रति समर्पण प्रदर्शित होता है। यहां से सीखे संस्कारों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अनेक श्रेष्ठ विभूतियां देश को प्रदान की है। जिन्होंने अपने श्रेष्ठ कार्यो से देश को गौरवान्वित किया है। इसके लिए देश संघ का ऋणी है।