Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 790 -
होम ब्लॉग पेज 790

सुप्रीम कोर्ट परिसर यूको बैंक में आग लगने से अफरा-तफरी

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय परिसर के यूको बैंक में मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के सूत्रों ने बताया कि आग लगने की सूचना पूर्वाहन करीब 9:10 बजे मिली। इस आधार पर तत्काल दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब 9:50 पर आग पर काबू पा लिया।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में पता चला कि आग एसी में लगी थी। इसकी चपेट में आकर और कई चीजें जलकर राख हो गईं।

करैरा थाने के प्रधान आरक्षक को ब्लैकमेल करने के आरोप में एक अरेस्ट

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक प्रधान आरक्षक को ब्लैकमेल कर उससे लगभग पांच लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि युवक अनुराग शर्मा ने करैरा थाने में पदस्थ हवलदार दुर्गाचरण शर्मा से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर उसे अश्लील फोटो और वीडियो भेजे। इसके बाद उसकी किसी महिला से बात कराई और फिर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इससे परेशान होकर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने दोस्ती का गलत फायदा उठाया। इसके बाद ब्लैकमेलिंग कर फरियादी से करीब पांच लाख रुपए ठग लिए। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी अनुराग को गिरफ्तार कर लिया है।

बाड़मेर में बोलेरो और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत

बाड़मेर। राजस्थान में सीमांत बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के बांटा गांव के पास बोलेरो और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार ये सभी लोग जालोर के सेडिया गांव से बाड़मेर के कांधी की ढाणी में एक शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे थे कि सोमवार देर रात रामजी की गोल हाईवे से आगे बांटा गांव के समीप सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बोलेरो टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए जबकि ट्रक पलट गया। हादसे में छह लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सांचोर अस्पताल ले जाया गया जहां दो लोगों ने और दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में पूनमाराम (45), भागीरथ (38) प्रकाश (28) मनीष (12) एवं प्रिंस (5) निवासी खारा जालोर की मौके पर मौत हो गई जबकि मांगीलाल (35)और बुद्धराम (40) ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। एक घायल अस्पताल में भर्ती है।

हादसे की खबर मिलने पर वन मंत्री हेमाराम चौधरी और सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कर्नल मानवेन्द्र सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जताई।

गरुड़ एयरोस्पेस में शेयरधारक और ब्रांड एंबेसेडर बने महेंद्र सिंह धोनी

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को गरुड़ एयरोस्पेस ने अपना ब्रांड एंबेसडर और अंशधारक बनाया है।

पूर्व कप्तान धोनी ने कहा कि मैं गरुड़ एयरोस्पेस का हिस्सा बनकर खुश है और एयरोस्पेस द्वारा पेश किये जाने वाले अद्वितीय ड्रोन समाधानों के साथ उनके विकास की कहानी को देखने के लिए उत्सुक हूं।

गरुड़ एयरोस्पेस के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अग्निश्वर जयप्रकाश ने धोनी के गरूड से जुड़ने पर कहा ​कि गरुड़ एरोस्पेस विकास को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से ही माही भाई का प्रशंसक रहे है और उन्हें गरुड़ एयरोस्पेस परिवार के एक हिस्से के रूप में देखना एक सपने के सच होने जैसा है।

अग्निश्वर ने कहा कि माही भाई समर्पण के प्रतीक हैं और मेरा दृढ़ विश्वास है कि कैप्टन कूल का हमारे से जुड़ना, हमारी टीम को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि गरुड़ एयरोस्पेस भारतीय ड्रोन परिदृश्य में महत्वपूर्ण घटक है और वह मजबूती के साथ से भारत का पहला ड्रोन यूनिकॉर्न स्टार्ट-अप बनने की राह पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि गरुड़ एयरोस्पेस 300 ड्रोन और 500 पायलटों से के साथ 26 शहरों में काम कर रही और हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरुड एरोस्पेस की निर्माण इकाई का उद्घाटन किया था।

रालोपा राज्यसभा चुनाव में सुभाष चन्द्रा को करेगी वोट : हनुमान बेनीवाल

जयपुर। राजस्थान में दस जून को राज्यसभा की चार सीटों पर होने वाले चुनाव के मद्देनजर सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं विपक्ष भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की बाड़ेबंदी के बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चन्द्रा को वोट करने की घोषणा की है।

रालोपा के संयोजक हनुमान बेनीवाल ने सोमवार रात कहा कि रालोपा केे तीनों विधायक राज्यसभा चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस के उम्मीदवार को वोट नहीं देंगे और लोकतंत्र की गरिमा का सम्मान करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार चंद्रा के समर्थन में मतदान करेंगे।

उल्लेखनीय है कि चंद्रा भाजपा के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने अपने महासचिव रणदीप सुरजेवाला, राजस्थान में पार्टी प्रभारी रहे मुकुल वासनिक एवं वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

हनुमान बेनीवाल ने भाजपा से गठजोड़ करके गत लोकसभा चुनाव जीता था और बाद में किसान आंदोलन के समय बेनीवाल ने भाजपा से नाता तोड़ लिया था।

नाइजीरिया : चर्च में गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढकर 21

अबुजा। नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिमी राज्य ओंडो में सेंट फ्रांसिस कैथोलिक चर्च पर सशस्त्र हमले में 21 लोग मारे गए। ओंडो राज्य के गवर्नर के प्रवक्ता रिचर्ड ओलाबोड ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अब तक हमारे पास 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उनमें कई बच्चे और महिलाएं हैं, लेकिन यह एक संवेदनशील और भावनात्मक मामला है। कई लोगों का इलाज चल रहा है, लेकिन मेरे पास घायलों की सही संख्या नहीं है।

ओलाबोड ने कहा कि फिलहाल, किसी भी सशस्त्र समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हमलावरों के एक समूह ने रविवार की ओवो शहर में सेंट फ्रांसिस कैथोलिक चर्च में तोड़-फोड़ की और पैरिशियन पर गोलियां चला दीं।

नाइजीरियन ट्रिब्यून के अनुसार हमलावरों ने चर्च के मैदान में कई विस्फो भी किए, हालांकि अधिकांश लोगों की मौत बंदूक की गोली से हुई थी। स्थानीय मीडिया ने हमले में लगभग 50 लोगों के मारे जाने और कई के घायल होने की सूचना दी।

भाजपा के मंसूबों को नहीं होने देना हैं पूरा : अशोक गहलोत

उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस एवं उसके समर्थित विधायकों की बैठक ली और कहा कि भारतीय जनता पार्टी के मंसूबों को पूरा नहीं होने देना हैं।

गहलोत ने राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस एवं उसके समर्थित विधायकों की बाड़ेबंदी में मंत्रियों, विधायकों एवं पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशियों से राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि आप सबको मिलकर भाजपा के मंसबूों को पूरा नहीं होने देने देना है, यह चुनाव आपके राजनीतिक जीवन के महत्वपूर्ण चुनाव है। हमारी पार्टी ने देश के प्रमुख राजनेताओं को यहां से उम्मीदवार बनाया है तीनों की उम्मीदवारों की जीत से कांग्रेस मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि हम सब को एकजुट रहकर देशव्यापी संदेश देना है। उन्होंने कहा कि हम तीनों सीटें जीतने में कामयाब रहेंगे, हमे फिर से विधानसभा चुनाव जीतने में यह राज्यसभा चुनाव अहम साबित होंगे। आप सब फिर विधायक बनेंगे और कांग्रस की सरकार बनेगी।

इस मौके राज्यसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक एवं प्रमोद तिवारी भी मौजूद थे। तीनों प्रत्याशियों ने कहा कि वह राज्यसभा पहुंचकर प्रदेश के हित में हरसंभव प्रयास करेंगे।

बैठक के बाद खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने प्रेस कांफ्रेंस में दावा करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में हमारे पास पूर्ण संख्या बल हैं जबकि भाजपा के पास बहुमत नहीं हैं और वह इस चुनाव में चारों खाने चित है।

नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया के बयान के सवाल पर खाचरियावास ने कहा कि अब कटारिया जैसे नेता भी झूठ बोलने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थिति कमजोर हैं और वह झेप मिटाने के लिए बयानबाजी कर रही है जबकि वह चुनाव हार चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद इस चुनाव को देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य सरकार के कार्य एवं उसके द्वारा विकास के लिए दिए गए बजट के कारण डरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इतनी शानदार योजनाएं हैं जिसमें लोगों को बिजली फ्री कर दी गई हैं और इस कारण 26 लाख उपभोक्ताओं का बिल फ्री हो गया। इसी तरह 15 लाख किसानों का बिल फ्री हो गया।

उन्होंने कहा कि राज्य की प्रसिद्ध चिरंजीवी योजना के तहत दस लाख रुपए तक मरीज का फ्री इलाज होता है। इस प्रकार हर काम में आगे खड़े हैं और इस कारण इस बार भाजपा को कुछ नहीं मिलेगा और उसकी साख खराब होगी।

सचिन पायलट के श्रीगंगानगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

श्रीगंगानगर। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के सोमवार को श्रीगंगानगर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिर-परिचत भारी भीड के साथ उनका स्वागत किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता स्वागत के लिए सूत और फूलों की मालाएं तथा फूल गुलदस्ते लेकर रेलवे स्टेशन पर आए। पायलट प्लेटफार्म पर सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही पहुंची और बी-वन बोगी से सचिन पायलट बाहर आए तो कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पुलिस सचिन पायलट को रेलवे स्टेशन के बाहर उनकी गाड़ी तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए जूझती रही। उनको गाड़ी तक पहुंचने में करीब 15 मिनट लगे धक्का-मुक्की, रेलम पेल और धकियाते हुए भीड पायलट को स्टेशन से बाहर ले आई।

स्वागत के बाद पायलट तुरंत ही मानसा (पंजाब) के लिए रवाना हो गए। पंजाब में पिछले दिनों बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े गोली मारकर मौत के घाट उतार दिए गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के यहां पायलट शोक व्यक्त करने के लिए गए हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में यहां से कांग्रेसी गाड़ियों के काफिले में रवाना हुए।

बूंदी में डोबरा महादेव मंदिर में पुजारी की हत्या कर मूर्ति चुराई

बूंदी। राजस्थान में बूंदी के पास ड़ोबरा महादेव मंदिर में आज तड़के अज्ञात चोरों ने मंदिर के पुजारी की हत्या वहां रखी काली पत्थर की भगवान महादेव की मूर्ति को चुरा ले गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस वारदात का उस समय पता चला जब कुछ चरवाहे मंदिर के आसपास बकरी चराने गए थे। उनमें से एक चरवाहा जब पानी पीने के लिए मंदिर गया तो वहां उसे मंदिर के पुजारी विवेकानंद शर्मा का शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों सहित आसपास के लोगों को सूचना दी जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव और अन्य अधिकारी एफ़एसएल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरु की।

आईडिया ऑफ इण्डिया-6: उपखण्ड अधिकारियों, आयुक्तों ने बदला लिमबड़ी कोठी का नक्शा,सुप्रीम कोर्ट की अवमानना!

माउंट आबू में निर्माणाधीन लिमबड़ी कोठी में मरम्मत के नाम पर बढ़ा दी गई भवन के तल।
माउंट आबू में निर्माणाधीन लिमबड़ी कोठी में मरम्मत के नाम पर बढ़ा दी गई भवन के तल।

सिरोही। सिरोही जिले के पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू के उपखण्ड अधिकारियों और आयुक्तों ने नेता पुत्रों की मेहरबानी पाने को अवैधानिक रूप से लिमबड़ी कोठी का नक्शा तक बदल डाला। यहां पहले गुरुशिखर स्कूल की प्राथमिक शाखा चला करती थी। तो यहां पर समुदायिक शौचालय ही थे।

कक्षा कक्ष होने के कारण हर कमरों में शौचालय नहीं था। लेकिन, माउंट आबू के उपखण्ड अधिकारियों और आयुक्तों ने इसका नक्शा बदलवा दिया, जिसका कि अधिकार सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार निकाले गए जून 2009 के ईको सेंसेटिव ज़ोन के नोटिफिकेशन के अनुसार मॉनिटरिंग कमेटी और जोनल मास्टर प्लान लागू होने पर बिल्डिंग बायलॉज पास होने के बाद नगर परिषद की भवन निर्माण समिति के पास था।

माउंट आबू में जी प्लस 2 माले की लिमबड़ी कोठी और उसकी स्लेंटेड रूफ की 2008 की तस्वीर।
माउंट आबू में जी प्लस 2 माले की लिमबड़ी कोठी और उसकी स्लेंटेड रूफ की 2008 की तस्वीर।

बिल्डिंग बायलॉज को गौरव सैनी से लेकर कनिष्क कटारिया तक के उपखण्ड अधिकारियों ने आयुक्त के पद पर रहते हुए अड़ंगे डालते रहे। गहलोत सरकार में मॉनिटरिंग कमेटी पुनर्गठित नहीं की गई। ऐसे में उपखण्ड अधिकारी या आयुक्त अकेले किसी भवन का नक्शा बदलने को अधिकृत नहीं हैं। इसके बावजूद भी उपखंड अधिकारियों व आयुक्तों ने नक्शे के विपरीत बेतहाशा निर्माण सामग्री लिमबड़ी कोठी को जारी कर दी।

फ्लोर भी बढ़ा दिए

माउंट आबू में राज्य सरकार ने उपखण्ड अधिकरी को बिल्डिंग मटेरियल जारी करने के लिए अधिकृत किया है। इसके लिए वैध निर्माण और मरम्मत के लिए पात्र व्यक्ति को नगर पालिका में आवेदन करना होता है। यहां से आवेदक की पत्रावली नगर पालिका की भूमि शाखा में जाती है। यहां सम्बंधित सम्पत्ति की जमीन का टाइटल और निर्मित भवन की वैधता की जांच की जाती है।

सबकुछ सही होता है तो पत्रावली निर्माण शाखा में जाती है। यहां से तकनीकी अधिकारी मौका मुआयना करके मरम्मत के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री की मात्रा तय करता था। इसके बाद पूरी पत्रावली उपखण्ड अधिकारी कार्यालय चली जाती थी। वहां से निर्माण सामग्री का टोकन जारी होता है जिसके लिए उपखण्ड अधिकारी को राज्य सरकार ने अधिकृत कर रखा था।

अब गौरव सैनी, आशुतोष आचार्य, जितेंद व्यास, रामकिशोर और कनिष्क कटारिया के आयुक्त रहते हुए नगर पालिका में लिमबड़ी कोठी की मरम्मत की पत्रावली जमा करने से लेकर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय से निर्माण सामग्री निकलने तक इन अधिकारियों ने जमकर लिमबड़ी कोठी पर या तो मेहरबानी बरसाई या फिर बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माण करने की अनदेखी की।

एकमात्र अभिषेक सुराणा थे जिनके पास आयुक्त का चार्ज नहीं था। लेकिन इनके कार्यकाल में भी लिमबड़ी कोठी में प्रति अनदेखी जारी रही। इन अधिकारियों के कार्यकाल में ग्राउंड प्लस दो फ्लोर की लिमबड़ी कोठी को ग्राउंड प्लस थ्री बना दिया गया। लेकिन, इन प्रशासन ने हथौड़ा उन मकान पर चलवाया जो जी प्लस थ्री फ्लोर और 13 मीटर की ऊंचाई के लिए अधिकृत क्षेत्र में होने के बावजूद सिर्फ ग्राउंड फ्लोर बना रहे थे और थोड़ी ऊंचाई बढाई थी। लिमबड़ी कोठी पर नहीं।

आश्चर्य की बात और मैच फिक्सिंग ऐसी कि लिमबड़ी कोठी के जिस मामले में कई अधिकारी फंसने के चांस थे उस प्रकरण को कथित रूप से माउंट आबू के आधा दर्जन लोगों की शह पर एनजीटी में लगे ताजा मामले में शामिल ही नहीं किया गया।

रखनी थी स्लेंटेड रूफ

अगर कोई जागा तो देर सवेर लिमबड़ी कोठी के निर्माण में जिन जिन अधिकारियों ने भूमिका निभाई है उसे उच्चतम न्यायालय या एनजीटी में तलब किया जाना ही है। इसके पीछे की वजह वो दस्तावेज है जो जिसे कि ईएसजेड का संविधान कहा जाता है। जोनल मास्टर प्लान में अव्वल तो इस क्षेत्र को नो कंस्ट्रक्शन जोन में शामिल किया हुआ है।

वैसे उदयपुर के वर्धा ग्रुप बनाम राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार नो कंस्ट्रक्शन जोन में एक्जिस्टिंग बिल्डिंग को राहत दी जा सकती है, लेकिन बायलॉज के तहत। जिसे गौरव सैनी और कनिष्क कटारिया ने कार्यवाहक आयुक्त रहते हुए अटकाया। जोनल मास्टर प्लान के अनुसार सिर्फ और सिर्फ सदर बाजार में ही जी प्लस थ्री विथ स्लेंटेड रूफ भवन की अनुमति है।

लेकिन, सदर बाजार में नहीं होते हुए भी माउंट आबू के उपखंड अधिकारियों और आयुक्तों ने सुप्रीम कोर्ट की अवमानना करते हुए लिमबड़ी कोठी को अनधिकृत रूप से दूसरे माले पर स्लेंटेड रूफ की जगह आरसीसी से फ्लेट रूफ डलवा दी और लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए तीसरे माले को पतरे से स्लेंटेड करवाकर भवन को जी प्लस थ्री में परिवर्तित करवा दिया।

ऐसे में राहुल गांधी के सबको समान अवसर देने और समान व्यवहार करने के कांग्रेस के आईडिया ऑफ इंडिया के दावे के तहत माउंट आबू के उपखंड अधिकारी को लिमबड़ी कोठी के ऊपरी माले और हर कमरे में अटैच करके बनाए गए टॉयलेट को तुड़वाना चाहिए या फिर माउंट आबू के आम आदमी को सत्त्ता धारी दल के दो नेताओं के पुत्रों की मेंटरशिप में बनने वाली लिमबड़ी कोठी की तरह न सही, लेकिन जोनल मास्टर प्लान के तहत दिए गए अधिकारों के तहत उनके रहवासी और व्यवसायिक निर्माणों की मरम्मत, रिनोवेेेशन और पुनर्निर्माण की अनुमति देनी चाहिए।

अन्यथा जिस सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी का छद्म डर से सरकार और उपखण्ड अधिकारी माउंट आबू के आम लोगों को हक़ से वंचित कर रही है, उससे क्षुब्ध लोग लिमबड़ी कोठी में अवैध निर्माण करवाने वाले इन अधिकारियों को भी उन्हीं न्यायालयों में चुनौती दे सकते हैं जिसके डर से उन्हें हक से वंचित किया जा रहा है।