Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 791 -
होम ब्लॉग पेज 791

वाराणसी सीरियल ब्लास्ट केस : मुख्य आरोपी वलीउल्ला को सजा ए मौत

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 16 साल पहले हुए सीरियल ब्लास्ट मामले के मुख्य आरोपी कुख्यात आतंकवादी वलीउल्ला को गाजियाबाद की जिला एवं सत्र न्यायालय ने सोमवार को फांसी की सजा सुनाई।

वाराणसी में संकट मोचन मंदिर और कैंट रेलवे स्टेशन पर सात मार्च 2006 को हुए सीरियल ब्लास्ट में दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और सौ से अधिक लोग घायल हुए थे। इस आतंकी हमले के मास्टर माइंड वलीउल्ला को लगभग तीन बजे जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार सिन्हा ने फांसी की सजा सुनाई। इसके अलावा उसे अन्य धाराओं के तहत उम्र कैद और आर्थिक जुर्माने की भी सजा सुनायी गयी है।

खचाखच भरे कोर्ट रूम में जिला जज द्वारा सजा सुनाये जाने के दौरान वलीउल्ला मायूस नजर आया। सुरक्षा के मद्देनजर जिला अदालत परिसर में भारी मात्रा में पुलिस बल के साथ बम निरोधक दस्ते भी तैनात थे। वारदात के दिन धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों से करीब आधा दर्जन बम बरामद किए थे। एजेंसी को दशाश्वमेघ घाट से कुकर बम मिला था।

संकटमोचन मंदिर में धमाके का मामला वाराणसी लंका थाना, दशाश्वमेघ घाट पर बम मिलने का मामला दशाश्वमेघ घाट थाना और कैंट स्टेशन पर धमाके का मामला जीआरपी बनारस थाने में दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पांच आतंकियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई थी। इस टीम ने वलीउल्ला को लखनऊ में गोसाई गंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

इलाहाबाद में फूलपुर के एक गांव के निवासी वलीउल्ला की निशानदेही पर एके 47 राइफल और आरडीएक्स बरामद हुआ था। वलीउल्ला का साथी मौलाना जुबेर, इस ब्लास्ट के एक साल बाद सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया। बाकी के तीनों आतंकियों की पहचान आज तक नही हो पाई है। अदालत ने गत 4 जून को वलीउल्ला को दोषी करार देते हुए 6 जून को सजा सुनाने को कहा था।

उल्लेखनीय है कि वाराणसी में वकीलों ने वलीउल्ला की पैरवी करने से मना कर दिया था। उच्च न्यायालय ने इस मुकदमे को सुनवाई के लिए गाजियाबाद जिला अदालत में स्थानांतरित कर दिया। डासना जेल में बंद वलीउल्ला को भारी सुरक्षा के बीच गाजियाबाद जिला अदालत लाया गया। अदालत ने वलीउल्ला को हत्या, आतंकी गतिविधियों में लिप्त होना, विधि विरुद्ध क्रियाकलाप करने और विस्फोटक अधिनियम के तहत दोषी करार देते हुए फांसी, उम्र कैद व अर्थदंड की सजा सुनाई।

अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता राजेश चंद्र शर्मा ने बताया कि छह में से चार मुकदमों में वलीउल्ला को अदालत ने दोषी ठहराया है। अदालत ने वाराणसी में हुए बम ब्लास्ट को आतंकवादी घटना मानते हुए 47 गवाहों ने वारदात के सबूत पेश किए, जिसके आधार पर अदालत ने यह सजा सुनाई है।

कानपुर हिंसा मामले में 38 अरेस्ट, दंगाइयों के पोस्टर चस्पा

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर के थाना बेकनगंज में गत 03 जून को हिंसा के मामले में पुलिस ने अभी तक 04 मुकदमे दर्ज कर लगभग 38 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

कानपुर के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीणा ने बताया कि शहर के बेकनगंज इलाके में गत सप्ताह शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा की वारदात में शामिल रहे नौ अन्य की गिरफ्तारी सोमवार को होनेे के साथ अब तक गिरफ्तार हुए संदिग्ध अभियुक्तों की कुल संख्या 38 हो गई है।

उन्होंने बताया कि हिंसा भड़काने की घटना में 36 लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किए जाने के साथ 1000 हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ कुल 4 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने इस वारदात के मास्टर माइंड हयात जफर हाशमी सहित 29 लोगों को रविवार तक पकड़ लिया था। इन सभी को जेल भेजा जा चुका है।

मीणा ने बताया कि सीसीटीवी से चिहिन्त हो रहे उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित पत्थरबाजों के पोस्टर शहर के सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर स्थानीय लोगों से इनकी पहचान कर इनकी गिरफ्तारी कराने में मदद करने की अपील की है।

पुलिस ने इलाके के उस पेट्रोल पंप का भी छह दिन के लिए लाइसेंस निलंबित कर दिया है जिससे हिंसा की वारदात से पहले उपद्रवियों को बोतल में पेट्रोल देने की बात सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर हिंसा मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डिप्टी पड़ाव पेट्रोल पंप को हिंसा में प्रयुक्त पेट्रोल बम के इस्तेमाल के लिए उपद्रवियों को बोतल में पेट्रोल देने के लिए चिन्हित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कानपुर हिंसा मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस की 04 एसआईटी टीमें गठित हुई हैं। चारों टीमों को वारदात के अलग अलग पहलुओं की जांच करने को कहा गया है।

इस बीच पुलिस प्रशासन ने घटना वाले क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर साझा की गयी जानकारियों को खंगाल कर दंगाइयों की पहचान करके सार्वजनिक स्थलों पर उनके पोस्टर भी चस्पा कराए दिए हैं।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से पोस्टरों में दर्शाए गए संदिग्धों की सूचना बेकनगंज इंस्पेक्टर के मोबाइल फोन नंबर (9454403715) पर देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखने का ऐलान किया है।

इस बीच कानपुर के संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी और वारदात के बाद कानपुर तैनात किए गए पुलिस अधिकारी अजयपाल शर्मा, लगातार इलाके में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए भारी पुलिस बल व आरएएफ जवानों के साथ पैदल मार्च कर रहे हैं। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए बेकनगंज, चमनगंज, बजरिया, अनवरगंज, कर्नलगंज इलाकों में सतत निगरानी रखी जा रही है।

पन्ना में जीप और कार की भिडंत में 6 लोगों की मौत

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ीखेरा-मझगवां मार्ग पर सोमवार दोपहर जीप और कार की सीधी भिडंत में छह लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बृजपुर थाना अंतर्गत हरद्वारी गांव के निकट पहाड़ीखेरा-मझगवां मार्ग पर दोपहर हुयी इस घटना में पांच लोगों की घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि एक को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

बताया गया है कि जीप तेज रफ्तार से मझगवां चित्रकूट की तरफ से आ रही थी, जिसमें 2 लोग सवार थे। जीप ने सबसे पहले एक साइकिल सवार युवक अमित गोंड़ (22) निवासी नैगवा को रौंदा, जिससे उसकी मौत हो गई।

उसी समय कार जो मझगंवा की तरफ जा रही थी, उसे टक्कर मारी। इस भीषण टक्कर में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जिसमें एक महिला भी शामिल है, जबकि कार के चालक की जिला अस्पताल में मौत हुई है।

माउंट आबू के सनराईज पैलेस होटल अनैतिक देह व्यापार, 5 अरेस्ट

माउंट आबू। राजस्थान में पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में पुलिस ने एक होटल में दबिश देकर तीन युवतियों एवं दो युवकों को अनैतिक देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार किया।

थाना अधिकारी किशोर सिंह भाटी के अनुसार पुलिस को सनराईज पैलेस होटल में अनैतिक देह व्यापार करने सूचना मिली। पुलिस ने सूचना के तहत सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर होटल से संपर्क किया। जानकारी सही होने पर पुलिस उपाधीक्षक योगेश शर्मा ने पुलिस जाफ्ते का गठन कर मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर माउंट आबू निवासी दलपत सिंह, जालोर निवासी कृष्ण कुमार एवं तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया। दलाल मुकेश और चंदन मौके से फरार हो गए।

युवतियां कुछ दिनों से माउंट आबू में ही रूकी हुई थी। इस मामले में दलालों की एक कार भी जब्त की गई है। बोगस ग्राहक बनकर पुलिस टीम ने दलाल मुकेश और चंदन से संपर्क किया तो उन्होंने होटल बुला लिया। सौदा तय होने पर युवतियों को बुला लिया गया। इस बीच इशारा पाते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी।

चित्तौड़गढ़ : कुल्हाड़ी का वार कर पति ने की पत्नी की हत्या

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में मामूली बात पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी का वार कर बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र के ग्राम गढ़ पाछली नेतावल निवासी प्यारा भील नामक व्यक्ति ने गत रात्रि कुल्हाड़ी का वार कर अपनी पत्नी खेमीबाई (50) हत्या कर दी। मृतका के अंतिम संस्कार के समय पीहर पक्ष को पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में करने के साथ ही उसके पति को भी हिरासत में ले लिया है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है।

परिजनों एवं पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों में प्रारम्भिक तौर पर सामने आया है कि मृतका के पति ने कल दोपहर पत्नी को खेत पर जाकर बकरियों के लिए चारा लाने की कहा था और घर से निकल गया पत्नी चारा लाने की बजाय बकरियों को ही खेत पर ले गई और शाम को चराकर वापस ले आईं।

रात करीब दस बजे प्यारा शराब पीकर घर आया और पत्नी से चारा नहीं लाने की बात पर झगड़ा करते हुए कुल्हाड़ी से उसके पैरों एवं सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रात को ही आरोपी ने खून साफ करने के साथ मृतका के कपड़े भी बदल दिए और समीप ही स्थित मृतका के पीहर भी उसके मरने की सूचना दे दी। सभी सोमवार सुबह जब अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे तब हत्या का पता चला जिसके बाद पुलिस को पीहर पक्ष ने सूचना दी। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

राजस्थान राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने भी अपने विधायकों की बाड़ेबंदी की

जयपुर। राजस्थान में दस जून को राज्यसभा की चार सीटों पर होने वाले चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के बाद सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने विधायकों की जयपुर में बाड़ेबंदी कर दी।

दोपहर बाद भाजपा मुख्यालय पर भाजपा के विधायक जुटने लगे और उन्हें दो बसों में भरकर जामडोली के आगे होटल देवीरत्न ले जाया गया। हालांकि भाजपा इसे विधायकों का प्रशिक्षण नाम दे रही हैं और इसके तहत भाजपा के विधायक चार दिन तक इस होटल में रहेंगे।

इस दौरान भाजपा के राज्यसभा चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनयां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चन्द कटारिया आदि इन विधायकों से होटल में राज्यसभा चुनाव को लेकर विचार विमर्श करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दिन में भाजपा के ये वरिष्ठ नेता अलग-अलग सत्राें में राज्यसभा चुनाव को लेकर विधायकों को प्रशिक्षण देंगे। होटल के लिए रवाना होने से पहले नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने मीडिया से कहा कि हमने पहले ही बता दिया था कि प्रशिक्षण के लिए विधायकों को साथ रहना है, इसे बाड़ेबंदी नहीं कह सकते। कटारिया ने कहा कि हम एक प्रशिक्षण देते है, वह देंगे और सामूहिक रहकर पार्टी के विस्तार की बात करेंगे।

उन्होने एक सवाल पर कहा कि जब कांग्रेस को पूरा भरोसा एवं पूरा बहुमत है तो फिर उदयपुर जाने की क्या जरुरत पड़ी, डर तो कांग्रेस को है हमे कोई डर नहीं, छोटी बच्चियों के साथ रोजाना एक के बाद एक घटनाएं हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में दूसरे उम्मीवार के जीतने की हमे पूरी उम्मीद है क्योंकि उनमें भारी असंतोष की चिंगारी है, अंदर ही अंदर आग सुलगेगी पता नहीं चलेगा।

सरकारी मुख्य सचेतक के खरीद फरोख्त की संभावनाओं को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में परिवाद दर्ज कराने के सवाल पर कटारिया ने कहा कि उन्होंने अपने विधायकों को डराने के लिए ही यह इस तरह का कदम उठाया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाडी को चुनाव मैदान में उतारा है और निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्रा को अपना समर्थन दिया है जबकि कांग्रेस ने इस चुनाव में महासचिव रणदीप सुरजेवाला, राजस्थान में पार्टी प्रभारी रहे मुकुल वासनिक एवं वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के आधार पर दो सीट पर कांग्रेस एवं एक सीट पर भाजपा की जीत पक्की मानी जा रही है जबकि चौथी सीट के लिए रोचक मुकाबला होने की संभावना है। चौथी सीट के लिए दोनों पार्टियों ने अपने विधायकों को एकजुट रखने एवं सेंधमारी से बचाने के लिए बाड़ेबंदी की गई हैं।

राज्य की दो सौ सीट वाली विधानसभा में कांग्रेस के 108, भाजपा के 71, निर्दलीय 13, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के तीन, भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो-दो तथा एक राष्ट्रीय लोकदल का विधायक हैं।

इनमें कांग्रेस अपने 108 विधायकों के साथ तेरह निर्दलीय, दो बीटीपी एवं दो माकपा के विधायकों के समर्थन के साथ अपने तीनों प्रत्याशियों की जीत का दावा कर रही हैं जबकि भाजपा प्रथम वरियता के आधार पर अपने उम्मीदवार को जिताने के बाद बचे वोटों के साथ कुछ विधायकों का साथ मिलने की उम्मीद कर रही है।

महात्मा गांधी के चित्र वाले नोट नहीं हटेंगे: आरबीआई

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार को कहा कि महात्मा गांधी के चित्र वाले वर्तमान मुद्रा और बैंक-नोट को दूसरों के चित्र वाले नोट के साथ बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

इसने उन रिपोर्टों का खंडन किया जिसमें दावा किया गया था कि आरबीआई मौजूदा मुद्रा और बैंक नोटों में बदलाव पर विचार कर रहा था।

केंद्रीय बैंक ने एक बयान में इस तरह की चर्चाओं के बारे में एक बयान में स्पष्ट किया कि मीडिया में कुछ जगह ऐसी खबरें दिखी हैं कि भारतीय रिजर्व बैंक महात्मा गांधी के चित्र वाली वर्तमान मुद्राओं और बैंक नोटों को बदल कर उसकी जगह अन्य लोगों के चित्रवाले नोट और मुद्रा लाने का विचार कर रहा है। यह ध्यान दिया जाए कि रिजर्व बैंक का ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।

अजूबा नहीं सच है! दो सांपों के बीच लड़ाई का ख़ौफ़नाक नजारा


अजमेर।
पुष्कर के समीप पीसांगन उपखंड के फतेहपुरा में दो सांपों के बीच हुई लड़ाई का नजारा खासी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। फतेहपुरा गांव में दो सांपों के बीच हुई लड़ाई को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। करीब एक घंटे तक सांपों के बीच लड़ाई के दौरान दांव पेंच के जीवंत नजारे को लोगों ने बिना पलक झपकाए देखा।

ग्रामीणों के मुताबिक रामपुरा डाबला सरपंच सीमा चौधरी के फतेहपुरा स्थित मवेशियों के बाड़े की सुरक्षा के लिए लगी कांटों की बाड़ में करीब 7-8 फिट लंबाई के दो सांप बाहर निकले ओर गुथम गुत्था हो गए। देखते ही देखते सांपों की लड़ाई की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची सरपंच सीमा चौधरी ने भी बाड़े में खूंटे से बंधे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

अच्छे जमाने के संकेत

सरपंच सीमा चौधरी ने बताया कि अमूमन सांपों का लड़ना बरसात के लिहाज से अच्छा व शुभ संकेत है। जब-जब सांपों में ऐसी लड़ाई हुई है। सप्ताह की समयावधि में अच्छी व बेहतर बरसात के साथ उस वर्ष अच्छा जमाना हुआ व खेतो में भरपूर फसल पैदा हुई।

सबगुरु राशिफल : 7 जून मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। ज्येष्ठ मास, शुक्ल पक्ष, सप्तमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2079, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 07.55 बजे बाद अष्टमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज मेहमानों का आगमन होगा। आज शुभ समाचार मिलेगा। आज आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज भाइयों का सहयोग मिलेगा। आज जोखिम उठाने का साहस करेंगे।

वृष राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज तीर्थयात्रा की योजना बनेगी। आज विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। आज पठन-पाठन में रुझान बढेगा। आज कारोबार में वृद्धि के योग है। आज धन प्राप्ति सुगम होगी।

मिथुन राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज शोक समाचार मिलेगा। आज भागदौड़ रहेगी। आज किसी महत्पूर्ण निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें। आज बोलचाल में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। आज विवाद को टालें।

कर्क राशि स्वामी चंदमा रत्न मोती

आज कोर्ट-कचहरी के कार्यों में अनुकूलता रहेगी। आज नए संपर्क बनेंगे। आज कारोबार में उन्नति होगी। आज निवेश शुभ रहेगा। आज लाभ में वृद्धि होगी। आज प्रसन्नता रहेगी।

सिंह राशि स्वामी सूर्य रत्न माणकीय

आज भूमि-भवन संबंधी बाधा दूर होगी। आज रोजगार प्राप्ति के योग है। आज कारोबार अच्छा चलेगा। आज आय में वृद्धि होगी। आज मित्रों के साथ बाहर जाने की योजना बनेगी।

कन्या राशि स्वामी बुध रत्न पन्ना

आज रुके हुए काम पूरे होंगे। आज कारोबार लाभकारी रहेगा। आज पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। आज लोगों की सहायता करने का अवसर मिलेगा। आज प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

तुला राशि स्वामी शुक्र रत्न हीरा

आज अपेक्षित कार्यों में विलंब होगा। आज चिंता तथा तनाव रहेंगा। आज पुराना रोग बाधा का कारण बनेगा। आज अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। आज कर्ज लेने की स्थिति बनेगी।

वृश्चिक राशि स्वामी मंगल रत्न मुंगा

आज या‍त्रा लाभदायक रहेगी। आज काफी समय से रुका हुआ धन मिलेगा। आज आय के नए स्रोत मिलेंगे। आज नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। आज समय अनुकूल रहेगा।

धनु राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। आज व्यापार-व्यवसाय में वृद्धि से संतुष्टि रहेगी। आज उत्साह से कम करेंगे। आज नौकरी में जवाबदारी बढेगी। आज पारिवारिक सहयोग मिलेगा।

मकर राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज कार्य की गति धीमी रहेगी। आज नौकरी में सहकर्मियों से अनबन होगी। आज निवेश करने का समय सही नही है। आज परिवार की आवश्यकताओं के लिए भागदौड़ करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि स्वामी शनि रत्न नीलम

आज नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। आज व्यापार-व्यवसाय अनुकूल रहेगा। आज शेयर मार्केट से लाभ मिलेगा। आज आय बढेगी। आज सुख के साधन उपलब्ध होंगे।

मीन राशि स्वामी गुरु रत्न पुखराज

आज थोड़े प्रयास से ही काम सफल होंगे। आज किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन मिलेगा। आज नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता मिलेगी। आज जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

जीवन दर्पण ज्योतिष सुरेश कुमार आसवानी
संपर्कसूत्र : 9413761512 / 9610160966

राजस्थान बोर्ड सीनियर सेकेंडरी कला वर्ग का परिणाम 96.33 प्रतिशत

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कला वर्ग के साथ वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिए।

अजमेर मुख्यालय पर बोर्ड प्रशासक लक्ष्मीनारायण मंत्री ने कांफ़्रेस हाल में ठीक 12.15 बजे परिणाम जारी किए। सीनियर सेकेंडरी कला वर्ग का परिणाम 96.33 प्रतिशत रहा। जोकि गत वर्षों की तुलना में बेहतर रहा।

उन्होंने बताया कि छह लाख 16 हजार से ज्यादा सफल परीक्षार्थियों में 97.21 प्रतिशत छात्राएं तथा 95.44 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण रहे। इस तरह यहां छात्राओं का परीक्षा परिणाम छात्रों की अपेक्षा बेहतर रहा। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा परिणाम 94.99 प्रतिशत रहा।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए 4058 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए थे लेकिन 3994 ही प्रविष्ट हुए। परिणाम बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए है।

बोर्ड प्रशासक मंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए सैकेंडरी परीक्षा परिणाम भी शीघ्र घोषित किए जाने की बात कही। इस दौरान बोर्ड सचिव मेघना चौधरी भी उपस्थित रहीं। उल्लेखनीय है कि बोर्ड गत हफ्ते सीनियर सेकेंडरी विज्ञान एवं वाणिज्य के परिणाम घोषित कर चुका है। परिणाम की मैरिट सूची नहीँ बनाई जा रही।