Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 793 -
होम ब्लॉग पेज 793

बांग्लादेश में कंटेनर डिपो में भीषण अग्निकांड,43 की मौत

ढाका। बांग्लादेश में चटगांव के सीताकुंडा में एक निजी इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी ) में आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है। मृतकों में पांच दमकलकर्मी भी शामिल हैं।

इस घटना में पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों सहित चार सौ से अधिक लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की संख्या में इजाफा होने की अभी भी आशंका जताई जा रही है। चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सीएमसीएच) के एक सूत्र ने यूनीवार्ता संग इसकी पुष्टि की।

इस दौरान, चटगांव में सभी चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। चटगांव सिविल सर्जन ने निजी अस्पतालों के डॉक्टरों से मुश्किल समय में सीएमसीएच समेत सभी सरकारी अस्पतालों में अपनी ड्यूटी ज्वॉइन करने का आग्रह किया है।

प्रत्यक्षदर्शियों,पुलिस और डिपो के सूत्रों के अनुसार डिपो में 50 हजार कंटेनर थे। माना जा रहा है इन कंटेनरों में किसी ज्वलनशील रसायन की वजह से आग लगी है।

इस संबंध में डिपो के निदेशक मुजीबुर्रहमान ने कहा कि आग लगने के सही कारणों का पता फिलहाल नहीं चल सका है क्योंकि डिपो के प्रबंधन विभाग में शामिल कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

डिपो के निदेशक मुजीबुर्रहमान ने कहा कि घायलों के उपचार का खर्चा डिपो की तरफ से वहन किया जाएगा। साथ ही मृतकों को यथासंभव मुआवजा भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आग के वास्तविक कारणों का पता नहीं लग पाया है क्योंकि इस अग्निकांड में डिपो के कर्मचारी भी झुलस गए हैं।

भाजपा ने नूपुर शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से किया निलंबित

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर की गई विवादास्पद टिप्पणी का मामले पर भाजपा ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय जनता पार्टी ने नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।

गौरतलब है कि भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा बीते कुछ समय से विवादों में घिरी हुई हैं। उनके द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर की गई विवादास्पद टिप्पणी का मामला इतना खिंच गया कि आखिरकार, भाजपा ने उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता वापस ले ली। भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने नूपुर शर्मा के विचारों का हवाला देते हुए विभिन्न मामलों पर पार्टी की स्थिति के विपरीत उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया है।

पार्टी ने दिल्ली मीडिया के प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को भी पार्टी से यह कहते हुए निष्कासित कर दिया कि सोशल मीडिया पर उनके विचार सांप्रदायिक सदभाव को बिगाड़ते हैं और इसकी मौलिक मान्यताओं का उल्लंघन करते हैं। दिल्ली के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के एक पत्र में कहा गया है कि आपकी प्राथमिक सदस्यता तुरंत समाप्त कर दी जाती है और आपको पार्टी से निकाला जाता है।

उल्लेखनीय है कि विवादों को शांत करने की कोशिश करते हुए भाजपा ने रविवार को कहा कि पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी धार्मिक व्यक्ति के अपमान की कड़ी निंदा करती है।

इस बीच भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बीच अपने एक बयान में कहा कि पार्टी किसी भी संप्रदाय या धर्म का अपमान या अपमान करने वाली किसी भी विचारधारा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे लोगों को बढ़ावा नहीं देती है। हालांकि, भाजपा नेता ने अपने बयान में किसी भी घटना या टिप्पणी का कोई सीधा जिक्र नहीं किया।

कुक तरला दलाल का किरदार निभाएगी हुमा कुरैशी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी सिल्वर स्क्रीन पर मशहूर राइटर और कुक तरला दलाल का किरदार निभाती नजर आएंगी।

हुमा कुरैशी ने अपनी नई फिल्म तरला से अपना लुक साझा करते हुए फैंस को बताया है कि वह राइटर और कुक तरला दलाल की भूमिका निभाने वाली हैं। हुमा कुरैशी ने तरला दलाल के जन्मदिन पर पोस्ट शेयर की, जिसमें एक ओर तरला दलाल की यंग एज की ब्लैक एंड वाइट तस्वीर है, तो दूसरी ओर हुमा की है जो उनके किरदार में नजर आ रही हैं।

हुमा ने कैप्शन में लिखा कि हैप्पी बर्थडे तरला जी। जैसा कि हम इस खूबसूरत यात्रा में अंत की ओर हैं, उनके जीवन पर फिल्म की शूटिंग खत्म होने का है। मैं आपके शांत स्वभाव, शक्ति, प्रेम भाव, हास्य और सहानुभूति वाले व्यक्तित्व के बारे में लोगों को अनुभव कराने में पूरी तरह कामयाब नहीं हो सकती।

जैसा कि लोग कहते हैं कि जो कलाकार जो किरदार निभाते हैं, वह उनकी आत्मा पर छाप छोड़ देता है, तो निश्चित रूप से आपने भी मुझपर एक गहरी छाप छोड़ी है।

नवीन पटनायक मंत्रिमंडल में फेरबदल, 21 नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल में 21 मंत्रियों को शामिल करके मंत्रालय में बड़ा बदलाव किया है। नए मंत्रिमंडल में 13 कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं जबकि आठ नेताओं को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।

ओडिशा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने राज्य सचिवालय के लोक सेवा भवन के कन्वेंशन हॉल में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। ओडिशा के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका है जब मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के अलावा कहीं और आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने कैबिनेट के सभी मंत्रियों को अपना इस्तीफा सौंपने को कहा था ताकि मुख्यमंत्री के रूप में उनके पांचवें कार्यकाल के तीसरे वर्ष के दौरान एक नए मंत्रिमंडल का गठन किया जा सके।

तदनुसार, सभी कैबिनेट के 20 मंत्रियों ने स्पीकर एस एन पात्र को अपना इस्तीफा सौंप दिया जिन्होंने खुद भी बाद में तबीयत खराब होने का हवाला देकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

राजनीति के जानकारों ने कहा कि साल 2024 में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करने के लिए मंत्रालय में बदलाव किया गया है। नए मंत्रालय में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 11 मंत्रियों को हटा दिया, जबकि नौ मंत्रियों ने अपने पदों पर बरकरार रखा।

इस बार, मुख्यमंत्री पटनायक ने एक और मंत्री को शामिल किया है, जिससे उनकी सरकार में मंत्रिपरिषद की संख्या मुख्यमंत्री सहित 22 हो गई है। उल्लेखनीय है कि रविवार को शपथ लेने वाले 21 मंत्रियों में से पांच महिलाएं थीं, जिनमें से दो पहले से ही पटनायक सरकार के मंत्रिमंडल में अपनी सेवा दे चुकी हैं।

पटनायक के मंत्रालय में इस बार सात नए मंत्रियों को शामिल किया गया है, जिनमें से नौपाड़ा विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक रह चुके राजेंद्र ढोलकिया को पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। बाकी छह नए लोगों को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया है।

ओडिशा मंत्रिमंडल में विभागों का वितरण

कैबिनेट मंत्री

जगन्नाथ सरकार- अनुसूचित जाति व जनजाति विकास, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण, कानून मंत्री।

निरंजन पुजारी- वित्त व संसदीय कार्य मंत्री।

रणेंद्र प्रताप स्वैन- कृषि और किसान सशक्तिकरण, मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास मंत्री।

प्रदीप कुमार आमत- वन एवं पर्यावरण, पंचायती राज और पेयजल, सूचना और जनसंपर्क मंत्री।

प्रमिला मल्लिक- राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री।

उषा देवी- आवास और शहरी विकास मंत्री।

प्रफुल्ल कुमार मलिक- इस्पात-खनन और निर्माण मंत्री।

प्रताप केशरी देव- उद्योग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, ऊर्जा मंत्री।

अतनु सभा सची नायक- खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण, सहकारिता मंत्री।

नवा किशोर दास- स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री।

तुकुनी साहू- जल संसाधन, वाणिज्य और परिवहन मंत्री।

अशोक चंद्र पांडा- विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सार्वजनिक उद्यम, सामाजिक सुरक्षा, और विकलांगों का सशक्तीकरण।

राजेंद्र ढोलकिया- योजना और अभिसरण मंत्री।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

समीर रंजन दास- स्कूल और जन शिक्षा मंत्री।
अश्विनी कुमार पात्र- पर्यटन, उड़िया भाषा, साहित्य और संस्कृति, उत्पाद शुल्क मंत्री।
प्रीति रंजन घड़ाई- ग्रामीण विकास, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा मंत्री।
श्रीकांत साहू- श्रम और कर्मचारी राज्य बीमा मंत्री।
तुषारकांति बेहरा- इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी, खेल और युवा सेवाएं मंत्री
रोहित पुजारी- उच्च शिक्षा मंत्री।
रीता साहू- हथकरघा, कपड़ा और हस्तशिल्प मंत्री।
बसंती हेम्ब्रम – महिला एवं बाल विकास और मिशन शक्ति मंत्री।

राज्य मंत्री

तुषारकांति बेहरा- गृह मंत्री

भाजपा का खरीद फरोख्त का षड़यंत्र होगा विफल : अशोक गहलोत

उदयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर राज्यसभा चुनाव में विधायकों की खरीद फरोख्त के प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि हम सब एकजुट हैं और भाजपा के खरीद फरोख्त के चल रहे षड़यंत्र विफल हो जाएंगे।

कांग्रेस एवं उसके समर्थित विधायकों को खरीद फरोख्त से बचाने के लिए यहां की जा रही बाड़ेबंदी के तहत उदयपुर पहुंचे गहलोत ने आज मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले भी खरीद फरोख्त का षड़यंत्र किया था और इस समय भी जो षड़यंत्र है वह पूरी तरह विफल रहेगा। दस जून की शाम को सब सामने आ जाएगा और जो षड़यंत्र चल रहे है वे कोई काम नहीं आएंगे।

उन्होंने कहा कि जब कोई उद्योगपति आता है, क्यों आया है, संख्या बल नहीं हैं और भाजपा वोट कहां से लेगी। हमारे साथ जो एकजुट थे, संकट में साथ थे, वो कैसे उनका साथ देंगे। पता नहीं उनका भाजपा के आलाकमान और स्थानीय नेताओं के बीच क्या बात हुई होगी। उन्होंने कहा कि हमारा कुनबा एकजुट हैं और हम तीनों सीटें जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि जब सरकार संकट में थी और उस समय जिन विधायकों ने सरकार का साथ दिया, उनसे उम्मीद क्यों हैं। क्योंकि मीडिया के अंदर माहौल बनाया दिया गया। उन्होंने कहा कि विधायक की कोई समस्या होती है और अगर वह कहने के लिए मुझसे बात करे तो इसमें बुरी बात नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि जब गत विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस की 99 सीटें आई और बहुजन समाज पार्टी के विधायक कांग्रेस में इसलिए शामिल हुए कि सरकार मजबूत बने, इसके लिए उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्थाई एवं मजबूत तब रहेगी जब हम संख्या बल में होंगे।

हो सकता है उस समय बातचीत जो की होगी, हालांकि उस समय कोई शर्त नहीं रखी लेकिन एक व्यवहार एवं उम्मीद होती है कि क्षेत्र में विकास एवं काम होंगे और उसमें कोई कमीबेसी रही होगी और छोटी मोटी नाराजगी थी, आज सब साथ हैं और किसी को कोई शिकायत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मिलकर तीनों सीटे जीतेेंगे।

गहलोत बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों के साथ पहुंचे उदयपुर

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी बहुजन समाज पार्टी से कांग्रेस में आए विधायकों के साथ आज दोपहर विशेष विमान से जयपुर से रवाना होकर दोपहर एक बजे बाद उदयपुर पहुंचे। उनके साथ बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए विधायक एवं मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा, विधायक संदीप कुमार, वाजिब अली एवं खिलाड़ी लाल बैरवा तथा कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा उनके साथ आए।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस एवं उसके समर्थित विधायकों की खरीद फरोख्त से बचाने के लिए यहां ताज अरावली होटल में की गई बाड़ेबंदी में कांग्रेस एवं इसके समर्थित 100 से अधिक विधायक पहुंच चुके हैं। इससे पहले जयपुर से रवाना होने से पहले गुढ़ा ने कहा कि हमने सारी बातें मुख्यमंत्री के ध्यान में लाई हैं। कुछ बातें मुख्यमंत्री को पता ही नहीं थी। अब मुख्यमंत्री सब ठीक कर देंगे। नाराजगी की कोई बात नहीं है। बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए विधायक जोगिन्दर अवाना एवं दीपचंद खेरिया पहले ही उदयपुर पहुंच चुके थे।

IIFA 2022 : विक्की कौशल को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड, कृति सेनन बनीं बेस्ट एक्ट्रेस

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल को इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकेडमी (आईफा) अवार्ड्स 2022 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और कृति सेनन को बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड दिया गया है।

आइफा अवार्ड्स 2022 ने धमाके के साथ वापसी की। इस बार 22वें संस्करण का आयोजन अबू धाबी में किया गया है। इस समारोह में सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​और कियारा आडवाणी स्टारर ‘शेरशाह’ की धूम रही। इसे बेस्ट फिल्म चुना गया।

‘सरदार उधम’ के लिए विक्की कौशल को बेस्ट एक्टर और ‘मिमी’ के लिए कृति सेनन को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। शेरशाह के लिए विष्णु वर्धन को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड दिया गया। ‘बंटी और बबली 2’ के लिए शरवरी वाघ को बेस्ट फीमेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला। वहीं सई तमहांकर ने ‘मिमी’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर फीमेल का अवॉर्ड जीता।

‘लूडो’ के लिए पंकज त्रिपाठी को बेस्ट एक्टर सपोर्टिंग मेल अवॉर्ड मिला।अहान शेट्टी को फिल्म ‘तड़प’ के लिए बेस्ट मेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला। अनुराग बसु को फिल्म ‘लूडो’ के लिए बेस्ट ऑरिजनल स्टोरी का अवॉर्ड मिला।’83’ फिल्म के लिए कबीर खान, संजय पूरन सिंह चौहान को बेस्ट स्टोरी अडॉप्टेड का अवॉर्ड मिला।

बेस्ट प्लेबैक सिंगर (मेल) जुबिन नौटियाल, फिल्म शेरशाह के गाना रातां लम्बियां के लिये दिया गया। वहीं बेस्ट प्लेबैक सिंगर (फीमेल) असीस कौर, रातां म्बियां, शेरशाह, बेस्ट लिरिक्स कौसर मुनीर को फिल्म 83 के गाने लहरा दो के लिए दिया गया। बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर अवॉर्ड ‘अतरंगी रे’ के लिए ए आर रहमान और ‘शेरशाह’ के लिए तनिष्क बागची, जसलीन रॉयल, जावेद-मोहसिन, बी प्राक, जानी को मिला।

पेट्रोल में 10 फीसदी इथेनाल मिश्रण का लक्ष्य पूरा : मोदी

नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज घोषणा की कि देश ने पेट्रोल में 10 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य को तय समय से पांच माह पहले ही हासिल कर लिया है, जिससे देश को 41 हजार करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा की बचत और किसानों को 40 हजार करोड़ रुपए की आय हुई है।

मोदी ने रविवार को विज्ञान भवन में सद्गुरु जग्गी वासुदेव द्वारा चलाए गए मिट्टी बचाओ अभियान के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। मोदी ने कहा कि आज भारत ने पेट्रोल में 10 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। आपको ये जानकर भी गर्व की अनुभूति होगी कि भारत इस लक्ष्य पर तय समय से 5 महीने पहले पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि इससे भारत को 41 हजार करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है तथा किसानों को 40 हजार करोड़ रुपए की आय हुई है। इसके लिए किसान और तेल कंपनियां बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत ने अपनी स्थापित ऊर्जा उत्पादन क्षमता का 40 प्रतिशत गैर जैविक ईंधन आधारित स्रोतों से हासिल करने का लक्ष्य तय किया था। ये लक्ष्य भारत ने तय समय से 9 साल पहले ही हासिल कर लिया है। आज हमारी सौर ऊर्जा क्षमता करीब 18 गुना बढ़ चुकी है। हाइड्रोजन मिशन हो या फिर सर्कुलर इकोनॉमी पॉलिसी का विषय हो, ये पर्यावरण रक्षा की हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि भारत 2030 तक दो करोड़ 60 लाख हेक्टेयर बंजर जमीन को फिर से उपजाऊ बनाने पर भी काम कर रहा है। पर्यावरण की रक्षा के लिए आज भारत नए नवान्वेषणों और पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकी पर लगातार जोर दे रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यावरण रक्षा के भारत के प्रयास बहुआयामी रहे हैं। भारत ये प्रयास तब कर रहा है, जब जलवायु परिवर्तन में भारत की भूमिका न के बराबर है। विश्व के बड़े आधुनिक देश न केवल धरती के ज्यादा से ज्यादा संसाधनों का दोहन कर रहे हैं बल्कि सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन उन्हीं के खाते में जाता है।

मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत ने सीडीआरआई और इंटरनेशनल सोलर अलायंस के निर्माण का नेतृत्व किया है। पिछले वर्ष भारत ने ये भी संकल्प लिया है कि भारत 2070 तक नेट जीरो यानी कार्बन उत्सर्जन रहित अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल करेगा।

उन्होंने कहा कि भारत ये प्रयास तब कर रहा है जब जलवायु परिवर्तन में भारत की भूमिका न के बराबर है। विश्व के बड़े आधुनिक देश न केवल धरती के ज्यादा से ज्यादा संसाधनों का दोहन कर रहे हैं बल्कि सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन उन्हीं के खाते में जाता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मिट्टी को बचाने के लिए पांच प्रमुख बातों पर फोकस किया है। पहला- मिट्टी को केमिकल मुक्त कैसे बनाएं। दूसरा- मिट्टी में जो जीव रहते हैं, जिन्हें तकनीकी भाषा में आप लोग मृदा आर्गेनिक मैटर कहते हैं, उन्हें कैसे बचाएं। तीसरा- मिट्टी की नमी को कैसे बनाए रखें, उस तक जल की उपलब्धता कैसे बढ़ाएं। चौथा- भूजल कम होने की वजह से मिट्टी को जो नुकसान हो रहा है, उसे कैसे दूर करें। तथा पांचवा, वनों का दायरा कम होने से मिट्टी का जो लगातार क्षरण हो रहा है, उसे कैसे रोकें।

मोदी ने कहा कि इन उपायों से किसानों को लागत में 8 से 10 प्रतिशत की बचत हुई है और उपज में 5 से 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। मिट्टी को लाभ पहुंचाने में यूरिया की शत प्रतिशत नीम कोटिंग ने भी बहुत लाभ पहुंचाया है। माइक्रो इरीगेशन और अटल भू-योजना की वजह से देश के अनेक राज्यों में मिट्टी की सेहत भी संभल रही है।

उन्होंने कहा कि हम वर्षा जल संग्रहण जैसे अभियानों के माध्यम से जल संरक्षण से देश के जन-जन को जोड़ रहे हैं। इस साल मार्च में ही देश में 13 बड़ी नदियों के संरक्षण का अभियान भी शुरू हुआ है। इसमें पानी में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ नदियों के किनारे वन लगाने का भी काम किया जा रहा है। अनुमान है कि इससे भारत के वन क्षेत्र में 7,400 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा की बढ़ोतरी होगी। बीते 8 वर्षों में भारत ने अपना जो वन क्षेत्र 20 हजार वर्ग किलोमीटर से ज्यादा बढ़ाया है, उसमें ये और मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में 22 करोड़ से ज्यादा मृदा स्वास्थ्य कार्ड किसानों को इसके साथ साथ देश में मृदा परीक्षण से जुड़ा एक बड़ा नेटवर्क भी तैयार हुआ है। आज देश के करोड़ो किसान मृदा स्वास्थ्य कार्ड से मिली जानकारी के आधार पर फर्टीलाइजर और माइक्रो न्यूट्रिशन का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जब देश अपनी आजादी के 75वे वर्ष का पर्व मना रहा है, इस अमृतकाल में नए संकल्प ले रहा है। तो इस तरह के जनअभियान बहुत अहम हो जाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज जैव विविधता और वन्य जीवन से जुड़ी जिन नीतियों पर चल रहा है, उसने वन्य-जीवों की संख्या में भी रिकॉर्ड वृद्धि की है। आज चाहे बाघ हो, सिंह हो, तेंदुआ हो या फिर हाथी, सभी की संख्या देश में बढ़ रही है।

इस साल के बजट में हमने तय किया है कि गंगा के किनारे बसे गांवों में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करेंगे, प्राकृतिक खेती का एक विशाल कॉरिडोर बनाएंगे। इससे हमारे खेत तो कैमिकल मुक्त होंगे ही, नमामि गंगे अभियान को भी नया बल मिलेगा।

इस अवसर पर सद्गुरु ने कहा कि उनका अभियान किसी व्यक्ति, संगठन, सरकार या कंपनी या उद्योग के विरुद्ध नहीं है। मिट्टी सभी के लिए पूजनीय है। इसलिए इसे बचाने के लिए सभी को साथ आना चाहिए।

कार्यक्रम में अनेक केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, विदेशी राजनयिक और जल संरक्षण के लिए काम करने वाले संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की महिला पार्षद दीप्ती ने की आत्महत्या

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ नगर परिषद् की एक महिला पार्षद ने जहर सेवन कर आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार शहर के सदर थाना क्षेत्र में वार्ड संख्या 28 की कांग्रेस पार्षद दीप्ती ने शनिवार दोपहर अपने मधुवन स्थित आवास पर सल्फास की गोलियां खा ली जिसे अचेतावस्था में जिला अस्पताल लाया गया जंहा देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

राज्य धरोहर संरक्षण प्रोन्नति प्राधिकरण अध्यक्ष सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत, नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा सहित अतिरिक्त कलेक्टर गीतेश मालवीय तथा पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पंहुचे लेकिन पार्षद के अचेतावस्था में होने के कारन बयान नहीं हो सके और बाद में उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि पीहर पक्ष ने कोई रिपोर्ट देने से इनकार करने के बाद अकाल मौत का मामला दर्ज़ कर शव पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौप दिया गया।

समस्तीपुर मे एक ही परिवार के पांच लोगों ने की आत्महत्या

समस्तीपुर। बिहार मे समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मऊ धनेशपुर गांव स्थित एक घर से पांच लोगों का शव बरामद किया है। मृतकों की पहचान मनोज झा (42), उसकी पत्नी सुंदर मणि देवी (38), मां सीता देवी (65) पुत्र सत्यम (10) एवं शिवम (7) के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिनेश कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

जौनपुर में फरमाइशी डांस न करने पर दबंगों ने धुना, एक मरा, 6 घायल

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के एक गांव में चल रही आर्केस्ट्रा में फरमाइशी गाने पर डांस न करने से नाराज दबंगों ने आयोजकों की इस कदर धुनाई कर दी कि एक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार शनिवार की देर रात सिकरारा थाना इलाके के बभनौली डिहवा गांव में आर्केस्ट्रा पर नाच गाने का प्रोग्राम चल रहा था। तभी कुछ दबंगों ने मनपसंद गाने पर डांस नहीं हाेने से नाराज होकर मारपीट शुरु कर दी, जिससे गंभीर रूप से घायल हुए आयोजक की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 6 अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सिकरारा थाना इलाके के बभनौली डिहवा गांव निवासी अवकाश प्राप्त होमगार्ड इंद्रजीत बिंद (63) की पौत्री की शादी की शनिवार को सालगिरह की पार्टी में आर्केस्ट्रा पर नाच गाना चल रहा था।

आधी रात के बाद लगभग साढ़े तीन बजे गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग मनपसंद गीत पर कलाकारों से डांस करने की फरमाइश करने लगे। आरोप है कि वो अश्लील गीत की फरमाइश कर रहे थे। जिस पर आयोजक इंद्रजीत ने आर्केस्ट्रा बंद करा दी। इसको लेकर उनका और उनके परिजनों व रिश्तेदारों का आरोपियों से विवाद हो गया।

आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और तलवार लेकर हमला बोल दिया। दबंगों ने घर में घुसकर परिजनों और रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में इंद्रजीत और उनकी पत्नी कलावती (58), उनका दामाद संतोष बिंद (35), राहुल बिंद (30), अजीत बिंद (18), शैलेन्द्र बिंद (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर सिकरारा थानाध्यक्ष विवेक तिवारी के साथ पहुंचे पुलिस दस्ते ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने घायल इंद्रजीत को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि दबंगों ने दर्जनभर वाहनों और टेंटहाउस की कुर्सियों को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

वहीं रविवार सुबह से ही मौके पर सीओ सदर रणविजय सिंह और थानाध्यक्ष विवेक तिवारी भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ तैनात हैं। उन्होंने कहा कि नामजद 8 आरोपियों में से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है।