Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 795 -
होम ब्लॉग पेज 795

मैं ऐसे फाइनल में नहीं पहुंचना चाहता था : राफ़ेल नडाल

पेरिस। लाल बजरी के बेताज बादशाह राफ़ेल नडाल ने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में उनके प्रतिद्वंदी एलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव के रिटायर होने के बाद कहा कि वह इस तरह फ़ाइनल में नहीं पहुंचना चाहते थे।

उल्लेखनीय है कि जर्मनी के ज़्वेरेव टख़ने में चोट लगने के कारण मैच से रिटायर हो गये थे और उन्हें व्हीलचेयर पर कोर्ट से बाहर ले जाया गया था। स्पेन के नडाल 7-6 (10-8), 6-6 से आगे चल रहे थे, जब फोरहैंड शॉट तक पहुंचने की कोशिश में ज़्वेरेव का टख़ना मुड़ गया। ज्वेरेव तुरंत गिर गए और अपने टखने को पकड़ कर दर्द से चिल्लाए।

नडाल ने बीबीसी से कहा कि यदि आप इंसान हैं, तो आपको अपने साथी खिलाड़ी के लिए बहुत खेद होना चाहिए। भले ही मेरे लिए फाइनल में पहुंचना एक सपना हो, लेकिन एक साथी को इस तरह देखना वैसा नहीं है जैसा हम चाहते थे।

उन्होंने कहा कि मैं केवल एक चीज कह सकता हूं, मुझे उम्मीद है कि उनकी स्थिति बहुत बुरी नहीं है। टखना मुड़ना आम बात होती है, और मुझे उम्मीद है कि कुछ टूटा नहीं है। अपना 14वां रौलां गैरो खिताब जीतने और रिकॉर्ड 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का लक्ष्य रखने वाले नडाल का सामना फाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड से होगा।

ओडिशा : नवीन पटनायक सरकार के सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

भुवनेश्वर। ओडिशा में जबरदस्त राजनीतिक उठापटक के तहत नवीन पटनायक सरकार के सभी मंत्रियों ने आश्चर्यजनक रूप से शनिवार को एकसाथ इस्तीफा दे दिया। नए मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह रविवार को होगा।

राजनीतिक विशेषज्ञों ने कहा है कि अपने पांचवें कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार होगा, जब मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सभी मंत्रियों ने अपना इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल के सभी 20 मंत्रियों ने शनिवार को विधानसभा के अध्यक्ष एसएन पात्रों को अपना इस्तीफा सौंपा। माना जा रहा है कि नए मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों की भूमिका महत्पूर्ण होने वाली है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में ओडिशा में विधानसभा चुनाव होने हैं।

सूत्रों ने बताया कि नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर राजभवन में होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल में नए युवा चेहरों के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की यह एक बड़ी कवायद होगी।

147 सीटों वाली ओडिशा विधान सभा में सत्तारूढ़ दल बीजद के अब 114 सदस्य हैं। पिछले 31 मई को हुए उपचुनाव में पार्टी ने अपनी सीट को बरकरार रखते हुए ब्रजराजनगर विधान सभी सीट पर जीत दर्ज की थी।

बीजद के विधायक किशोर मोहंती के निधन के बाद उनकी पत्नी अल्का मोहंती ने बीजद उम्मीदवार के रूप में उप चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार और ओडिशा विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष किशोर चंद्र पटेल को शुक्रवार को रिकॉर्ड 66 हजार मतों के बड़े अंतर से हराया था।

हाई कोर्ट ने सत्येन्द्र जैन से पूछताछ के समय वकील की उपस्थिति पर लगाई रोक

नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने शनिवार को फैसला सुनाया कि जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से पूछताछ की तो वकील की कोई आवश्यकता नहीं थी क्योंकि उनके खिलाफ न तो प्राथमिकी और न ही कोई शिकायत दर्ज थी।

ईडी ने कहा कि वह यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी धन शोधन से जुड़ा है या इसमे शामिल हैं। ईडी ने जैन को 30 मई को धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था।

इससे पहले, विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल ने एक वकील को एक जैन से दूरी बनाकर उपस्थित रहने की अनुमति दी थी, जहां से वह आरोपी को देख सकता है लेकिन उसे सुन नहीं सकता।

ईडी ने इसके खिलाफ दलील देते हुए कहा कि जैन और वकील एक दूसरे को संकेत कर सकते हैं और एक दूसरे को जानकारी साझा कर सकते हैं।

न्यायमूर्ति योगेश खन्ना ने कहा कि जैन के खिलाफ न तो कोई प्राथमिकी है और न ही कोई शिकायत है, वह अपना बयान दर्ज कराते समय किसी वकील के रहने की मांग पर जोर नहीं दे सकते हैं।

हापुड़ में कैमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटा, 8 मजदूर जिन्दा जले

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से 8 मजदूरों की जिन्दा जल जाने से मौत हो गई जबकि 15 से ज्यादा बुरी तरह झुलस गए। घायलों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार हापुड़ जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर धौलाना क्षेत्र में यूपीआईडी की रूही केमिकल फैक्टरी में यह हादसा शनिवार तीसरे पहर करीब सवा तीन बजे हुआ जब फैक्टरी का बॉयलर तेज विस्फोट के साथ फट गया और चारों ओर आग फैल गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी में काम करने वाले करीब दो दर्जन मजदूर फंस गए।

जब तक आग बुझाने का काम शुरू होता, अन्दर फंसे 8 मजदूरों की जिन्दा जल जाने से मौत हो गई जबकि एक दर्जन से ज्यादा बुरी तरह झुलस गए। ज्वलनशील केमिकल के आग पकड़ने के वजह से आग काफी बेकाबू हो गई। आसपास के जिलों से कई दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा। अभी तक आधिकारिक तौर मृतकों व घायलों की संख्या के आंकड़े की पुष्टि नहीं की गई है।

मौके पर मौजूद पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना औद्योगिक क्षेत्र की रुहि इंडस्ट्रीज में हुई। धमाके में अब तक 10-12 लोगों की मिली डेड बॉडी, 15 लोगों के घायल होने की सूचना, लगभग 35 से 40 लोग कर रहे थे। इस फैक्ट्री को वसीम नामक युवक चला रहा था। लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में आतिशबाजी और पटाखे बनने का काम किया जाता था।

कोविड टीके ‘कोर्बेवैक्स’ को बूस्टर डोज के रूप में मंजूरी

नई दिल्ली। पूरी तरह से स्वदेश में निर्मित कोविड टीके ‘कोर्बेवैक्स’ को कोविड-19 के तीसरे टीके-अतिरिक्त टीके के रूप में वयस्कों को लगाने की मंजूरी दे दी गई है।

कोर्बेवैक्स की निर्माता कंपनी बायोलॉजिकल ई लिमिटेड ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने कोर्बेवैक्स को कोवैक्सीन और कोविशील्ड’ टीके के तीसरी टीके – बूस्टर डोज के रूप में लगाने की अनुमति दे दी है। कोर्बेवैक्स कोविड टीका 18 वर्ष और इससे अधिक आयु के व्यक्ति को तीसरे टीके के रूप में दिया जा सकता है। यह टीका दूसरा टीका लेने के छह महीने बाद लिया जा सकता है।

कंपनी ने प्रबंध निदेशक महिमा डाटला ने कहा कि कोर्बेवैक्स टीका विश्व मानकों पर तैयार किया गया है और सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि तीसरे टीके के रूप में कोर्बेवैक्स टीके का परीक्षण 18 से 80 साल के आयु वर्ग में किया गया है।

खरीद फरोख्त भाजपा का मूल एजेंडा : गोविंद सिंह डोटासरा

उदयपुर। राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी एवं केन्द्र की मोदी सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाते हुए कहा है कि खरीद फरोख्त उनका एक तरह से मूल एजेंडा हो गया है।

कांग्रेस बाड़ेबंदी में उदयपुर पहुंचे डोटासरा ने मीडिया से बातचीत में आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पास दूसरे उम्मीदवार के लिए बहुमत ही नहीं है, इसके बावजूद उसने दूसरा प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा हैं।

उन्होंने कहा कि वो नाम निर्दलीय का ले रहे हैं लेकिन वह है भाजपा का उम्मीदवार हैं। उनके नामांकन में दस-दस भाजपा विधायक समर्थक बने हैं। एक भी निर्दलीय उनके साथ नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सभी निर्दलीय, भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी का समर्थन है और कांग्रेस के तीनों उम्मीदवार चुनाव में विजयी होंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार की हमेशा से लोकतंत्र का गला घोंटने और लोकतंत्र में विश्चास नहीं करने की आदत बनी हुई है। खरीद फरोख्त उनका एक तरह से मूल एजेंडा हो गया है।

विधायकों की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई नाराज नहीं है। हम सब साथ हैं और पार्टी के तीनों प्रत्याशी राज्यसभा चुनाव जीतेंगे।

लोकतांत्रिक देश में दबाव की राजनीति अच्छी बात नहीं : नरेंद्र सिंह तोमर

जयपुर। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के प्रभारी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि लोकतांत्रिक देश में दबाव एवं प्रभाव की राजनीति अच्छी बात नहीं हैं। तोमर के आज जयपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे पर कांग्रेस की बाड़ेबंदी के सवाल पर मीडिया से यह बात कही।

उन्होंने भाजपा की बाड़ेबंदी के सवाल पर कहा कि भाजपा को बाड़ेबंदी की जरुरत नहीं है, वैसे हमारा प्रशिक्षण शिविर होने वाला है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के छह विधायकों को व्हिप जारी करने के सवाल पर कहा कि व्हिप के साथ हर दल एवं कार्यकर्ताओं को रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी रणनीति बना रही है और जो लक्ष्य हमने निर्धारित किया है उस तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाएगा। उनके हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां तथा अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद श्री तोमर ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एक बैठक में अरुण सिंह और डा पूनियां आदि नेताओं के साथ राज्यसभा चुनाव को लेकर विचार विमर्श किया।

उल्लेखनीय प्रदेश में दस जून को राज्यसभा की चार सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी को चुनाव मैदान में उतारा है वहीं निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चन्द्रा को अपना समर्थन दिया है। संख्या बल के आधार पर भाजपा की एक सीट पर जीत पक्की मानी जा रही है।

पंजाब कांग्रेस के चार पूर्व मंत्री भाजपा में शामिल

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए उसके चार पूर्व मंत्री आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

शहर में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आए हुए हैं। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पार्टी प्रभारी एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र शेखावत और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में इन नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। इनमें बलबीर सिद्धू ,सुंदर श्याम अरोड़ा, गुरप्रीत कांगड, राजकुुमार वेरका शामिल हैं। कांग्रेस से निष्कासित केवल ढिल्लों भी भाजपा में शामिल हुए।

इससे पहले कांग्रेस के बड़े नेता सुनील जाखड़ ने हाल में कांग्रेस को अलविदा कह भाजपा का दामन थामा था। उसके बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि कुछ वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी कांग्रेस को छोड़ सकते हैं।

आज दोपहर जाखड़ के घर पर बलबीर सिद्धू, राजकुमार वेरका, सुंदर श्याम अरोड़ा (तीनों अमरिंदर सरकार में मंत्री रहे) की बैठक हुई। बैठक में भाजपा नेता मनिंदर सिंह सिरसा मौजूद थे। उसके बाद ये भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां इन्हें विधिवत रूप सेे भाजपा में शामिल कराया गया।

इनके अलावा चुनाव से पहले कांग्रेस से निष्कासित केवल ढिल्लों (कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी), अकाली नेता सरूप चंद सिंगला और कांग्रेस से बगावत करके निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले अमरीक सिंह ढिल्लों भाजपा में शामिल हुए। कांग्रेस के पूर्व मंत्री सहित ये नेता के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं।

हैदराबाद में नाबालिग लडकी से गैंगरेप मामले में दो किशोर अरेस्ट

हैदराबाद। तेलंगाना में हैदराबाद पुलिस ने 28 मई को जुबली पहाड़ी इलाके में एक किशोरी के साथ गैंगरेप के मामले में शनिवार को दो किशोर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार को सदुद्दीन मलिक को गिरफ्तार किया था।

इस अपराध में शामिल अब तक कुल पांच लोगों की पहचान की गई है, इसमें सभी विद्यार्थी हैं। फरार एक किशोर समेत बाकी दो की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने यहां एक विज्ञप्ति में कहा कि युवक सदुद्दीन मलिक की कल की गिरफ्तारी के क्रम में जुबली हिल्स पुलिस ने आज दो किशोर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने पुलिस सुरक्षित हिरासत में लेने के लिए किशोर न्यायालय में पेश किया गया।

किशोरी गत शनिवार शाम को पब में पार्टी के लिए गई थी और वहां उसने कथित तौर पर एक लड़के से दोस्ती की। लड़कों ने उसे घर पर छोड़ने के लिए वादा किया। कार में सवार सभी पांचों ने कथित तौर पर जुबली हिल्स के पास खड़ा किया और बारी-बारी से लड़की से साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता के पिता ने उसके गर्दन में चोट के निशान देखे और उसके बारे में पूछा। पीड़िता ने बताया कि कुछ लड़कों ने पब में पार्टी के बाद उसपर हमला कर दिया। उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआत में छेड़खानी का मामला दर्ज किया। बाद में, लड़की के विस्तृत बयान पर पोस्को सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया।

ज्ञानवापी मस्जिद के अतिक्रमण से मुक्त होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा : रमेश शिंदे

कोल्हापुर। हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता रमेश शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने हाल ही में ज्ञानवापी मस्जिद पर जो विचार प्रकट किए थे यह उनका निजी विचार था, लेकिन ज्ञानवापी मस्जिद के अतिक्रमण से मुक्त होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

शिंदे ने यहां एक विज्ञप्ति में कहा कि वह मोहन को बहुत सम्मान देते हैं, लेकिन हमें लगता है कि इस मुद्दे पर यह उनका निजी विचार था। अनादि काल से काशी (वाराणसी) को मोक्षनगरी माना जाता रहा है। हिंदू शास्त्रों में भी इसका वर्णन किया गया है। इसके बिना हिन्दू चरित्र अधूरा है। इस पवित्र भूमि पर क्रूर और बर्बर औरंगजेब की बर्बर हरकतों को देखते हुए, अब हिंदू मंदिरों को मुक्त करना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि हिंदुओं का मानना ​​​​है कि ज्ञानवापी परिसर के भीतर अपने अविमुक्तेश्वर को मुक्त करना उनका प्राथमिक कर्तव्य है, और समिति भी ऐसा मानती है। हिंदू समाज ने बड़े संयम और धैर्य के साथ अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि वापस पा ली है। ज्ञानवापी को मुक्त कराने के न्यायिक उपाय चल रहे हैं, इस आधार पर ज्ञानवापी के अतिक्रमण मुक्त होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

शिंदे ने कहा कि कई विषयों पर नेताओं और संगठनों की अलग-अलग राय हो सकती है। विचारों के अंतर का सम्मान करना हमारी संस्कृति है। इसलिए, इस तरह के मतभेदों को तर्क या गुट के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी संगठन के सदस्यों के बीच मतभेद हो सकते हैं, जैसे 100 करोड़ हिंदुओं के बीच मतभेद हो सकते हैं।

ज्ञानवापी मस्जिद के बारे में सभी तथ्य अदालत में है, जो यह साबित करने के लिए पर्याप्त है कि ज्ञानवापी वास्तव में एक हिंदू मंदिर था। न केवल प्राचीन काल में, बल्कि हाल ही में अफगानिस्तान में ‘बामियान बुद्ध’ और तुर्की के ‘हागिया सोफिया चर्च’ के विनाश में मुसलमानों की क्रूरता और बर्बर मानसिकता देखी जा सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए,इसकी बहुत कम संभावना है कि मुसलमान सद्भाव और मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए हिंदू मंदिर की भूमि हिंदुओं को सौंपेंगे।

मोहन भागवत ने अपने बयान में कहा था कि हमें हर मस्जिद में ‘शिवलिंग’ खोजने से बचना चाहिए, जबकि सबको न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए और नए मुद्दे को खोदने से बचना चाहिए।